BharatKosha
Back to the archive

ऐतरेय ब्राह्मण (ऋग्वेद - हिन्दी अनुवाद सहित)

Rigvediya Aitareya Brahmana with Hindi Translation

by महिदास ऐतरेय / पं. गंगाप्रसाद उपाध्याय

Source: हिन्दी साहित्य सम्मेलन प्रयाग · हिन्दी साहित्य सम्मेलन प्रयाग · 1950 (origin)

DevanagariSanskritpublished592 pages
Page 130Permalink

११६ [ दूसरी पञ्चिका ये सब आहुतियाँ अशरीरी अर्थात् शरीर रहित हैं। इन्हीं अशरीरी आहुतियों द्वारा यजमान अमृतत्व को प्राप्त करता है। यह जो 'वपा' है वह वीर्य के सदृश है। जैसे वीर्य (गर्भा- शय में) छिप जाता है उसी प्रकार वपा (अग्नि में) छिप जाती है। जैसे वीर्य सफेद होता है उसी प्रकार वपा। जैसे वीर्य अशरीरी होता है वैसे ही वपा। यह जो रुधिर और मांस है यही शरीर हैं। इसलिये (होता अध्वर्य से) कहे, "जितना रुधिर-शून्य है उसे काट डालो"। (वपा-आहुति में) पाँच भाग होते हैं। चाहे यजमान के पास चार ही भाग क्यों न हों (अर्थात् वपा-आहुति का एक भाग सोने की तश्तरी भी है। यदि यजमान के पास सोने की तश्तरी न हो तो चार ही भाग रह जाते हैं फिर भी इन चार के ही पाँच कर लिये जाते हैं) (१) चमचे से घी डालना अर्थात् उपस्तरण क्रिया, ।(२) सोने की तश्तरी, (३) वपा, (४) सोने की तश्तरी का घी, (५) घी की बूँदें टपकाना। यहाँ प्रश्न होता है कि यदि सोना न हो तो क्या करे। (इसका उत्तर यह है) कि पहले दो बार घी को चमचे में डाले अर्थात् दो बार उपस्तरण क्रिया करे, फिर वपा रक्खे, फिर उस पर दो बार गर्म घी टपकावे। घी अमृत है। सोना भी अमृत है। इससे घी टपकाने से यजमान का अभिप्राय पूरा हो जाता है। दो बार के घृत लेने और सोने के सहित वपा-आहुति के पाँच भाग हो जाते हैं। पुरुष में भी पाँच भाग होते हैं, लोम, त्वचा, मांस, अस्थि, मज्जा। होता वपा-आहुति द्वारा यजमान को पाँच भाग वाला बना कर अग्नि में आहुति देता है जो देवों की योनि है। अग्नि देवों की योनि है। आहुतियों द्वारा अग्नि की योनि में उत्पन्न होकर सोने के शरीर के साथ स्वर्गलोक को प्राप्त होता है। (४)

Page 131Permalink

दूसरा अध्याय ] ११७ १५—अध्वर्यु कहता है, "होता ! प्रातःकाल वाले देवों के लिये अनुवाक्य बोलो।" प्रातःकाल आने वाले देव हैं उषा, अग्नि और दो अश्विन। यह देव सात सात छन्दों द्वारा आ जाते हैं और उसके बुलाने से आ जाते हैं जो इस रहस्य को समझता है। प्रजापति होता के प्रातःकाल के अनुवाक्य बोलने पर देव और असुर यज्ञ में आ पहुँचे और कहने लगे, "यह हमारे लिये कहेगा। यह हमारे लिये कहेगा।" उसने केवल देवों के लिये कहा। इस प्रकार देव असुरों से जीत गये। जो इस रहस्य को समझता है वह अपने शत्रु, अहितकारी के ऊपर विजय पा लेता है। इसको "प्रातरनुवाक्य" कहते हैं। क्योंकि प्रजापति ने प्रातःकाल इसका उच्चारण किया था। बड़ी रात से ही इसका पाठ करना चाहिये। जो पूर्ण वाणी और पूर्ण ब्रह्म का गृहीता होता है और जो श्रेष्ठ होता है उसी की बात लोग मानते हैं। इसलिये बहुत रात से ही उठ कर सबके बोलने से पहले ही पाठ करे (अर्थात् प्रातःकाल सब से पहले उसी की वाणी सुनाई दे)। यदि वह देर से उठकर पाठ करेगा तो उसका पाठ 'पहले कहा हुआ' न होकर दूसरों का 'अनुवाद' स्वरूप हो जायगा। इसलिये बड़ी रात से उठकर पाठ करना चाहिये। मुर्गा से भी पहले बोलना चाहिये। यह जो पक्षी हैं, मुर्गा सहित सब निर्ऋति (मृत्यु?) के मुख हैं। मुर्गा बोलने से पहले 'प्रातरनुवाक्य' बोलने का तात्पर्य यह है कि यदि अन्य (मनुष्य या पशु) अपनी बोली सुना चुकेंगे तो यज्ञ सम्बन्धी वाणी नहीं सुनाई जा सकेगी। इसलिये बड़ी रात से ही अनुवाक का पाठ होना चाहिये। जब अध्वर्यु उपाकर्म (कृत्य) करे तभी होता "प्रातरनुवाक" बोले। जब अध्वर्यु उपाक्रम करता है तो वाणी से ही प्रारंभ

Page 132Permalink

११८ [ दूसरी पञ्चिका करता है। और होता भी वाणी से ही पाठ करता है। वाणी ही ब्रह्म है इसलिये वाणी या ब्रह्म से जो कामना सिद्ध हो सकती है वह सब सिद्ध हो जाती है । (५) १६—जब प्रजापति स्वयं होता था और वह प्रातरनुवाक बोलने को था तो सब देवता उत्सुक थे कि “वह सबसे पहले मेरा नाम लेगा। मेरा नाम लेगा।” उसने इधर-उधर देखकर सोचा कि यदि एक ही देवता को लक्ष्य करके पढ़ता हूँ तो अन्य देवता किस प्रकार तृप्त हो सकेंगे । तब उसने नीचे की ऋचा को देखा :— आपो रेवतीः क्षयथा हि वस्वः क्रतुं च भद्रं बिभृथामृतं च । रायश्च स्थ स्वपत्यस्य पत्नीः सरस्वती तद् गृणते वयो धात् ॥ ( ऋ० १०।३०।१२ ) ( हे धनयुक्त “आपः” तुम सब कोशों के ऊपर शासन करते हो । यज्ञ, कल्याण और अमृत को देने वाले हो । तुम स्वतंत्र धनों की पत्नी (स्वामिनी) हो । सरस्वती देवी गान करने वाले को चिरायु करे । ) “आप” सब देवता हैं। और “रेवती” भी सब देवता हैं। इस प्रकार उसने ऐसे मंत्र से अनुवाक पढ़ा कि सब देवता सन्तुष्ट हो गये । सबने सोचा, “यह मेरे लिये कहता है। यह मेरे लिये कहता है।” जब वह अनुवाक पढ़ रहा था तो सब प्रसन्न हुये । जो इस रहस्य को समझकर इस मंत्र से अपना अनुवाक पढ़ता है वह सब देवताओं को लक्ष्य में रखकर पढ़ता है और सब देवता उससे प्रसन्न होते हैं । देवों को भय हुआ कि इस प्रातर्यज्ञ को असुर ले लेंगे क्यों- कि वह बड़े हैं, बलिष्ठ हैं। परन्तु इन्द्र ने उनसे कहा, “मत डरो । मैं अपने प्रातःकाल के वज्र की तीन गुनी शक्ति से उनको मार दूंगा ।” तब उसने ऊपर की ऋचा पढ़ी । यह ऋचा वज्र है

Page 133Permalink

दूसरा अध्याय ] ११६ क्योंकि 'अपोनप्त्रीय' इसका देवता है। यह ऋचा वज्र है क्योंकि त्रिष्टुप् छन्द में है। यह ऋचा वज्र है क्योंकि यह 'वाणी' है। उस वज्र को इन्हीं तीनों के द्वारा फेंका और इस वज्र से असुरों को मारा। इस प्रकार देव जीत गये और असुर परास्त हो गये। जो इस रहस्य को समझता है वह अपने अहित-चिंतक शत्रु के ऊपर आधिपत्य कर लेता है। इस पर कहते हैं कि उसी को होता बनना चाहिये जो इस ऋचा में सब छन्द उत्पन्न कर दे। यदि यह तीन बार बोली जाय तो इसमें सब छन्द उत्पन्न हो जाते हैं। (६) १७—दीर्घ आयु की कामना वाला सौ मंत्र पढ़े। मनुष्य की आयु सौ वर्ष की है। उसमें सौ पराक्रम और सौ इन्द्रियाँ होती हैं। जो सौ मंत्र पढ़ता है वह यजमान के लिये इतनी आयु, इतना पराक्रम और इतनी इन्द्रियों को धारण करता है। जिसको यज्ञ की कामना हो वह ३६० मंत्र पढ़े। क्योंकि संवत्सर में ३६० दिन होते हैं। संवत्सर इतना ही होता है। संवत्सर प्रजापति है। प्रजापति यज्ञ है। जो होता यह समझकर ३६० मंत्र पढ़ता है वह यज्ञ को यजमान की ओर झुकाता है। प्रजा और पशु की कामना वाला ७२० मंत्र पढ़े। सम्वत्सर में ७२० दिन रात होते हैं। सम्वत्सर इतना ही होता हैं। संवत्सर प्रजापति है। क्योंकि इसी के उत्पन्न होने पर सब प्रजा उत्पन्न होती है। जो इस रहस्य को समझता है वह प्रजापति संवत्सर के पीछे उत्पन्न होकर प्रजा और पशु को पाता है। प्रजावाला और पशु वाला होता है। यदि कोई ब्राह्मणेतर या ऐसा पुरुष यज्ञ करे जिस पर अपराधों का धब्बा हो तो ८०० मंत्र पढ़ने चाहिये। गायत्री में आठ अक्षर होते हैं। देवता भी गायत्री की ही प्रकृति के हैं। इस लिये उन्होंने पाप के अनिष्ट फलों का निवारण कर दिया। जो

Page 134Permalink

१२० . [ दूसरी पञ्चिका इस बात को समझता है वह गायत्री के द्वारा अपने को पाप और दोष के बुरे परिणाम से बचा लेता है । जिसको स्वर्ग की कामना हो वह हजार मंत्र पढ़े । स्वर्ग यहाँ से घोड़े की एक हजार दिन की यात्रा के बराबर दूर है । स्वर्ग लोक की प्राप्ति के लिये ( ऐसा किया जाता है ) । सम्पत्ति और देव-संगम के लिये अपरिमित मंत्र बोले । प्रजापति अपरिमित है । यह जो प्रातरनुवाक है वह प्रजापति का है । उसमें सब कामनायें शामिल हैं । यह जो अपरिमित संख्या में मंत्र बोले जाते हैं वह सब कामनाओं की सिद्धि के लिए बोले जाते हैं । जो इस रहस्य को समझता है उसकी सब कामनायें सिद्ध हो जाती हैं । इसलिये अपरिमित मंत्र बोलने चाहिये । वह अग्नि के लिए सात छन्दों में मंत्र बोलता है । क्योंकि देव- लोक सात हैं । जो इस रहस्य को जानता है वह सब लोकों में सुख पाता है । उषा के लिये सात छन्दों का मंत्र बोलता है । गाँव के पशु सात* होते हैं । जो इस रहस्य को समझता है वह गाँव के सात पशुओं को प्राप्त होता है । दोनों अश्विनों के लिये सात प्रकार के छन्द बोले जाते हैं । क्योंकि वाणी ने सात प्रकार से बोला । सात प्रकार से वाणी ने बोला । पूर्ण वाणी और पूर्ण ब्रह्म में (यही सात छन्द हैं) । तीन देवताओं के लिये मन्त्र बोलता है । क्योंकि यह तीन लोक तिहरे तिहरे हैं । यह मन्त्र तीनों लोकों की विजय के लिए पढ़े जाते हैं । ( ७ ) १८—इस पर प्रश्न होता है कि प्रातरनुवाक कैसे बोलने चाहिये ? छन्दों के अनुसार बोलने चाहिये । यह जो छन्द हैं वह प्रजापति के अंग हैं । जो यज्ञ करता है वह प्रजापति है । *बकरी, भेड़, गाय, घोड़े, गधे, ऊँट और मनुष्य ।

Page 135Permalink

दूसरा अध्याय ] १२१ यजमान के हित के लिये प्रातरनुवाक पाद पाद करके बोलने चाहिये । पशुओं के चार पाद होते हैं। ( ऐसा करने से ) पशुओं को पाता है। ऋचायें आधी आधी करके बोलनी चाहियें । यह जो इस प्रकार बोलता है प्रतिष्ठा के लिए बोलता है। मनुष्य के दो पाद होते हैं पशु के चार पाद । इस प्रकार वह दो पैर वाले यजमान को चार पैर वाले पशुओं में स्थापना करता है। इसलिए प्रातरनुवाक को आधी आधी ऋचा करके बोलना चाहिये । यहाँ यह प्रश्न होता है कि प्रातरनुवाक तो व्यूह हैं, फिर यह अव्यूह कैसे हो गये ? इसका उत्तर यह है कि *"यदि इसके मध्य से बृहती छन्द चला न जाय”। कुछ देवता आहुतियों में भाग लेते हैं, कुछ स्तोमों ( साम- वेदीय प्रार्थना ) में। कुछ छन्दों में। आहुतियों से उन देवों को प्रसन्न किया जाता है जो आहुतियों में भाग लेने वाले हैं। स्तुति और प्रशंसा से उनको जो स्तोम और छन्दों में भाग लेने वाले हैं। जो इस रहस्य को समझता है उससे दोनों प्रकार के देव सन्तुष्ट रहते हैं।

*छन्दों का साधारण क्रम यह है—गायत्री, उष्णिक्, अनुष्टुप्, बृहती, पंक्ति, त्रिष्टुप् और जगती। गायत्री में २४ अक्षर होते हैं। उष्णिक् में २८, अनुष्टुप में ३२, बृहती में ३६, पंक्ति में ४०, त्रिष्टुप् में ४४ और जगती में ४८। इस प्रकार हर दूसरे में ४ अक्षर बढ़ जाते हैं। इस क्रमशः बढ़ने को व्यूह्ल कहते हैं। प्रातरनुवाक में छन्दों का क्रम टूट जाता है अर्थात् गायत्री, अनुष्टुप, त्रिष्टुप्, बृहती, उष्णिक्, जगती, पंक्ति। इस प्रकार यह अव्यूह्ल हो गये। इसका उत्तर यह दिया गया है कि 'बृहती' छन्द बीच से उठाया नहीं गया इस लिये व्यूह्ल का अव्यूह्ल हो गया।

Page 136Permalink

१२२ [ दूसरी पञ्चिका तैंतीस देवता सोमपा हैं। ३३ असोमपा । सोमपा यह हैं। आठ वसु, ११ रुद्र, बारह आदित्य, प्रजा- पति, और वषट्कार । असोमपा यह हैं, ११ प्रयाज, ११ अनुयाज, ११ उपयाज ॥ यह पशु में भाग रखते हैं। सोम से सोमपा देवताओं को संतुष्ट करता है और पशु से असोमपा देवताओं को । इस प्रकार जो इस रहस्य को समझता है वह दोनों प्रकार के देवों को सन्तुष्ट कर देता है। वह इस मंत्र से समाप्त करता है :- अभूदुषा रुशत् पशुरग्निरधाय्यृत्वियः। अयोजि वां वृषण्वसू रथो दस्रावमर्त्यो माध्वी मम श्रुतं हवम् ॥ ( ऋ० ५।७५।६ ) ( श्वेत पशु वाली उषा आ गई । ऋतु के अनुकूल अग्नि रख दी गई। हे विचित्र वीरो ( दोनों अश्विनो ) तुम्हारा न मरने वाला रथ जोता जा चुका । हे मधु को प्रिय रखने वाले, तुम दोनों हमारे बुलाने को सुनो ) । इस पर प्रश्न होता है कि यदि अग्नि के, उषा के और अश्विन की तीन ऋचाओं को बोलता है तो यह एक ऋचा बोलने का क्या प्रयोजन है ? इसका उत्तर यह है कि इस ऋचा में तीनों देवों का वर्णन है। "अभूदुषा रुशत् पशुः" यह 'उषा' के लिये । "अग्निरधाय्यृत्वियः" यह अग्नि के लिए । "अयोजि वां वृषण्वसू रथो दस्रावमर्त्यो माध्वी मम श्रुतं हवम् ।” दोनों अश्विनों के लिये । इस प्रकार एक ऋचा से समाप्त करने से तीनों देवों की स्तुति शामिल हो जाती है। (८)

Page 137Permalink

तीसरा अध्याय १९-ऋषियों ने सरस्वती के किनारे सत्र करते हुये कवष को जो इलूषा का पुत्र था यह कह कर सोम यज्ञ से निकाल दिया, "यह दासीपुत्र, ज्वारी, अब्राह्मण हमारे मध्य में दीक्षा को कैसे प्राप्त करेगा।" उन्होंने उसको रेगिस्तान में निकाल दिया कि वह प्यासा मर जाय और सरस्वती का पानी न पी सके। उसने रेगिस्तान में जाकर प्यास से तंग आकर अपोनप्त्रीय मंत्रों को देखा :- "प्रदेवत्रा ब्रह्मणे गातुरेतु... इति" ( ऋ० १०।३० ) ꕤ इस "अपां न पात्" सूक्त में १५ मंत्र हैं जो नीचे दिये जाते हैं - प्र देवत्रा ब्रह्मणे गातुरेत्वपो अच्छा मनसो न प्रयुक्ति । महीं मित्रस्य वरुणस्य धासिं पृथुज्रयसे रीरधा सुवृक्तिम् ॥१॥ अध्वर्यवो हविष्मन्तो हिभूताऽच्छाप इतो शतीरुशन्तः। अव याश्चष्टे अरुणः सुपर्णस्तमास्यध्वमूर्भिमद्या सुहस्ताः ॥२॥ अध्वर्यवोडप इता समुद्र मपां नपातं हविषा यजध्वम् । स वो दददूर्भिमद्या सुपूतं तस्मै सोमं मधुमन्तं सुनोत ॥३॥ ( १२३ )

Page 138Permalink

१२४ [ दूसरी पञ्चिका “ब्राह्मण के लिये देवों तक पहुँचने के लिये रास्ता हो ।” इस प्रकार वह् जलों के ( अपाम् ) प्रियधाम को प्राप्त हो यो अनिध्मो दीदय दप्स्वन्त्यँ विप्रास ईलते अध्वरेषु । अपां नपान्मधुमती रपो दा याभिरिन्द्रो वावृधे वीर्याय ॥४॥ याभिः सोमो मोदते हर्षते च कल्याणीभिर्युवतिभिर्न मर्यः । ता अध्वर्यो अपो अच्छा परेहि यदासिक्ता ओषधीभिः पुनीतात् ॥५॥ एवेचने युवतयो नमन्त यदीनुशन्नुशतीरेत्यच्छ । सं जानते मनसा संचिकित्रऽध्वर्यवो धिषणापश्च देवीः ॥६॥ यो वो वृताभ्यो अकृणोदु लोकं यो वो मह्या अभिशस्तेरमुञ्चत् । तस्मा इन्द्राय मधुमन्तर्मूर्मिं देवमादनं प्र हिणोतनापः ॥७॥ प्रास्मै हिनोत मधुमन्तमूर्मिं गर्भो यो वः सिन्धवो मध्व उत्सः । घृतपृष्ठमीड्यमध्वरेष्वाऽऽपो रेवतीः शृणुता हवं मे ॥८॥ तं सिन्धवो मत्सरमिद्रपानमूर्म्मिं प्र हेत य उभे इयर्त्ति । मदच्युत मौशानं नभोजां परि त्रितन्तुं विचरन्तमुत्सम् ॥९॥ आवर्त्ततीरध नु द्विधारा गोषुयुधो न नियवं चरन्तीः । ऋषे जनित्रीर्भुवनस्य पत्नीरपो वन्दस्व सवृधः सयोनीः ॥१०॥ हिनोता नो अध्वरं देवयज्या हिनोत ब्रह्म सनये धनानाम् । ऋतस्य योगे विष्यध्वमूहः श्रुष्टीवरीर्भूत नास्मभ्यमापः ॥११॥ आपो रेवतीः क्षयथा हि वस्वः क्रतुं च भद्रं बिभृथामृतं च । रायश्च स्थ स्वपत्यस्य पत्नीः सरस्वती तद्गृणते वयो धात् ॥१२॥ प्रति यदापो अदृशमायतीर्घृतं पयांसि बिभ्रतीर्मधूनि । अध्वर्युभिर्मनसा संविदाना इन्द्राय सोमं सुषुतं भरन्तीः ॥१३॥ एमा अगमन् रेवतीर्जीवधन्या अध्वर्यवः सादयता सखायः । नि बर्हिषि धत्तन सोम्यासोऽपां नप्त्रा संविदानास एनाः ॥१४॥ आगमन्नाप उशतीर्बर्हिरेदं न्यध्वरे असदन् देवयन्तीः । अध्वर्य्यवः सुनुतेन्द्राय सोमयभूदु वः सुशका देवयज्या ॥१५॥ ( ऋ० १०।३० )

Page 139Permalink

तीसरा अध्याय ] १२५ गया । वे उसको मिलने गये। सरस्वती ने उसे चारों ओर से घेर लिया। इसलिये इस स्थान को परिसारक कहते हैं। क्योंकि सरस्वती ने इसको घेर लिया (परि ससार) इसलिये ऋषि कहने लगे कि देवता इसको जानते हैं, लाओ इसे बुला लें । उनको बुलाने के पश्चात् उन्होंने "अपो नप्त्रीयम्" बनाया । अर्थात् "प्र देवत्रा ब्रह्मणे गातुरेतु" इत्यादि । इसके द्वारा उन्होंने जलों के परम धाम को पाया और देवों के परम धाम को भी । जो कोई इस रहस्य को समझता है और जो इस रहस्य को समझ कर 'अपोनप्त्रीय' को करता है वह जलों और देवों के प्रिय धाम को प्राप्त होता है और परम लोक पर विजय पाता है। उसको इसका पाठ निरन्तर करना चाहिये । ऐसा करने से सन्तान के लिये निरन्तर वर्षा होगी । यदि ठहर ठहर कर पढ़ेगा तो सन्तान के लिये बादल भी रुक कर बरसेगा । इसलिए निरन्तर पढ़ना चाहिये । यदि पहली ऋचा को बिना रुके हुये तीन बार बोले तो सभी सूक्त निरन्तर बोला हुआ माना जा सकता है। (१) २०—पहली नौ ऋचायें (१०।३० की) क्रमशः बोलकर ग्यारहवीं ऋचा को दसवीं के स्थान में अर्थात् "हिनोतानोऽअध्वरं देव यज्य" और दसवीं को ग्यारहवीं के स्थान में अर्थात् "आव- वृततीरधु नु द्विधारा" इत्यादि बोले। यह उस समय बोलना चाहिये जब "एकधना" नामक जलों को नदी से लावें । जब होता इन जलों को आता देखे तो कहे :— प्रति यदापो अदृशमायती घृ॒तं पयांसि बिभ्रतीर्मधूनि । अध्वर्यु- भिर्मनसा संविदाना इन्द्राय सोमं सुषुतं भरन्तीः ॥ (ऋ० १०।३०।१३) जब जल आ जावें तो नीचे का मंत्र पढ़े :— आ धेनवः पयसा तूर्यर्था अमर्धन्तीरुप नो यन्तु मध्वा । महो राये बृहतीः सप्तविप्रो मयोभुवो जरिता जोहवीति ॥ (ऋ० ५।४३।१)

Page 140Permalink

१२६ [ दूसरी पञ्चिका जब (वसतीवरि और एकधना जल) मिलाये जायं तो होता यह मंत्र पढ़े :- समन्या यन्त्युप यन्त्यन्याः समानमूर्वं नद्यः पृणन्ति। तन् शूचिं शुचयो दीदिवांसमपां नपातं परि तस्थुरापः ॥ (ऋ० २।३५।३) जो जल पहले दिन लाये जाते हैं उनको "वसतीवरि" और जो उसी दिन प्रातःकाल लाये जाते हैं उनको "एकधन" कहते हैं। ये दोनों जल इस बात पर झगड़ पड़े कि "हम यज्ञ को पहले ले जावें", "हम यज्ञ को पहले ले जावें।" भृगु ने इनको देखा कि झगड़ रहे हैं। उसने इनको ऊपर की ऋचा (ऋ० २।३५।३) से शान्त किया। इससे वह शान्त हो गये। जो इस रहस्य को समझ कर इस प्रकार जलों को शान्त करता है वह इसी प्रकार यज्ञ को पहले ले जायेगा। होता के चमसे में 'वसतीवरी और एकधना जलों के डालने पर यह मन्त्र पढ़ता है :- आपो न देवीरुप यन्ति होत्रियमवः पश्यन्ति विततं यथा रजः । प्राचैर्देवासः प्रणयन्ति देवयुं ब्रह्मप्रियं जोषयन्ते वरा इव । (ऋ० १०।८३।२) अब होता अध्वर्यु से पूछता है, "क्या तुमको जल मिल गये ?" जल ही यज्ञ है। इस प्रश्न से तात्पर्य यह है कि "क्या यज्ञ मिल गया ?" इस पर अध्वर्यु उत्तर देता है, "मिल गये। देख लो।" (अब होता अध्वर्यु से कहता है :-) "हे अध्वर्यु इन जलों से तुम इन्द्र के लिये मधु-सहित सोम को जो वर्षा लाने वाला और तीव्रान्त अर्थात् शुभ परिणाम वाला है। बीच में अन्य कृत्य करके निचोड़ो। वह इन्द्र कैसा है ? वसु वाला, रुद्र वाला, आदित्य वाला, ऋभु वाला, विभु वाला, अन्न वाला, बृहस्पति वाला, और विश्व-देव वाला, यह (आठ

Page 141Permalink

तीसरा अध्याय ] १२७ इन्द्र के विशेषण हैं )। जिस ( सोम ) को पीकर इन्द्र ने वृत्रों को मारा और शत्रुओं को पराजित किया । ओ३म् ।” यह कह कर होता अपनी जगह से उठता है । उठकर जलों का सम्मान करता है जैसे जब कोई प्रतिष्ठित पुरुष निकट आता है तो उठ कर सम्मान करते हैं । इसलिये उठ कर और सामने मुँह करके जलों का सम्मान किया जाता है । इसी प्रकार प्रतिष्ठित पुरुष का सम्मान करते हैं । इसलिये होता को सम्मानार्थ जलों के पीछे जाना चाहिये । यदि दूसरा कोई भी यज्ञ करे तो भी होता यश प्राप्ति के समर्थ है । इसलिये मंत्र पढ़ने वाले को जलों के पीछे जाना चाहिये । उनके पीछे जाते हुये उसे यह मंत्र बोलना चाहिये :- अम्बयो यन्त्यध्वभिर्जामयो अध्वरीयताम् । पृञ्चतीर्मधुना पयः ॥ ( ऋ० १।२३।१६ ) जो यश की कामना करे वह यह मंत्र पढ़े । जो तेज या ब्रह्मवर्चस् की कामना करे वह यह मंत्र पढ़े :- अमूर्या उपसूर्ये याभिर्वा सूर्यः सह । ता नो हिन्वन्त्वध्वरम् ॥ ( ऋ० १।२३।१७ ) जो पशु की कामना हो तो यह मंत्र पढ़े :- अपो देवीरुप ह्वये यत्र गावः पिबन्ति नः । सिन्धुभ्यः कर्त्वं हविः ॥ ( ऋ० १।२३।१८ ) जो इनको पढ़ता हुआ जलों के पीछे जायगा वह अवश्य ही इन कामनाओं की पूर्ति करेगा । जो इस रहस्य को समझता है वह इसे इन कामनाओं को पा लेता है । जब वसतीवरी और एकधना जल वेदी पर रखे जा रहे हैं तब वह यह मंत्र पढ़ता है :-

Page 142Permalink

१२८ [ दूसरी पञ्चिका एमा अग्मन् रेवतीर्जीवधन्या अध्वर्यवः सादयता सखायः । नि बर्हिषि धत्तन सोम्यासोऽपां नप्त्रा संविदानास एनाः ॥ ( ऋ० १०।३०।१४ ) और जब जलों को वेदी में रख चुकता है तो नीचे के मंत्र पढ़ता है :— आगमन्नाप उशतीर्बर्हिरेदं न्यध्वरे असदन् देवयन्तीः । अध्वर्यवः सुनुतेन्द्राय सोममभूदुवः सुशका देवयज्या ॥ ( २ ) (ऋ० १०।३०।१५) २१—प्रातरनुवाक यज्ञ का शिर है। उपांशु और अंतर्याम प्राण और अपान है। ( उपांशु और अंतर्याम दो घड़े होते हैं जिनमें सोम रस रक्खा जाता है। घड़ों को उपांशु पात्र और अंतर्याम पात्र कहते हैं। और घड़ों के ऊपर जो छोटे प्याले से होते हैं उनको उपांशु ग्रह और अंतर्याम ग्रह कहते हैं )। वाणी वज्र है। जब उपांशु और अंतर्याम से आहुतियां दी जाती हों तो होता शब्द न बोले। यदि वह बोलेगा तो इस वाणी रूपी वज्र के द्वारा यजमान के प्राण ले लेगा। यदि बोल पड़े तो किसी अन्य को चाहिये कि होता से कहदे कि तुमने वाणी बोलकर वाणी रूपी वज्र से होता के प्राण ले लिये अब तुम्हारे प्राण भी चले जायँगे। सदा ऐसा ही होता है। इस लिये जब उपांशु और अंतर्याम से आहुतियां दी जायं तो होता वाणी को न निकाले। जब उपांशु से आहुति दी जा चुके तो वह यह बोले :— “प्राणं यच्छ स्वाहा त्वा सुह्व सूर्याय ।” अर्थात् “प्राण को ले । स्वाहा । हे अच्छी प्रकार बुलाने वाली वाणी, तुझको सूर्य के लिये छोड़ता हूँ ।” अब वह प्राण को खींचे और कहे, “हे प्राण, मुझ में प्राण धारण करा ।” जब अंतर्याम ग्रह से आहुति दी जा चुके तो वह बोले :— “अपानं यच्छ स्वाहा त्वा सुह्व सूर्याय ।”

Page 143Permalink

तीसरा अध्याय ] १२९ और अपान को बाहर निकाल कर कहे, "हे अपान, मुझ में अपान धारण करा।" फिर जिस पत्थर पर उपांशु का सोम पीसा गया उसको यह कह कर छूता है "व्यानाय त्वा" और वाणी को छोड़ता है। यह उपांश सवन आत्मा है। होता इस प्रकार आत्मा में प्राण धारण करा के वाणी को छोड़ता है, और पूरी आयु को प्राप्त होता है। इसी प्रकार वह भी जो इस रहस्य को समझता है। (३) २२—यहाँ कुछ लोग प्रश्न करते हैं कि होता उन सब के साथ चले या न चले। कुछ लोग कहते हैं कि चले, क्योंकि बहिष्पवमान का स्तोत्र मनुष्यों और देवों दोनों के लिए है। इस लिये यह भी उसमें शामिल हो सकता है। परन्तु यह विचार ठीक नहीं। यदि वह चलेगा तो ऋक् को साम के पीछे डाल देगा। यदि कोई उसे ऐसा करते भी देखे तो उससे कह दे—"यह होता साम गाने वालों के पीछे हो लिया और हमने अपना यश उद्गाता को दे दिया। अपने स्थान से गिर गया और गिरता रहेगा"। ऐसा सदा होता है। इस लिये जहाँ बैठा है वहीं बैठा रहे और यह अनुमंत्र पढ़ता रहे, "यो देवानामिहसोम पीथोयज्ञे बर्हिषिवेद्यां । तस्यापि भक्षयामसि" । अर्थात् "इस बर्हि यज्ञ में देवों के लिए सोम निकाला गया, उसे हम खावें।" इस प्रकार होता उस सोम से वंचित नहीं रहता। अब उसको कहना चाहिये:— "मुखमसि मुखं भूयासम्" "तू मुख है, मैं भी मुख अर्थात् मुख्य हो जाऊँ।" ९

Page 144Permalink

१३० [ दूसरी पञ्चिका बहिष्पवमान यज्ञ का मुख (मुख्य भाग) है। जो इस रहस्य को समझता है वह अपने लोगों में मुख्य होता है। श्रेष्ठ होता है। दीर्घजिह्वी (लम्बी ज़बान वाली) नाम की एक आसुरी स्त्री थी। उसने देवताओं के प्रातःसवन को चाट लिया। उसमें नशा नहीं रहा। देवों ने इसका उपचार करना चाहा। उन्होंने मित्र और वरुण से कहा, "तुम दोनों इसका उपचार कर दो"। उन्होंने कहा, "अच्छा, पहले हम तुमसे वर माँग लें।" देवों ने कहा, "माँग लो"। उन्होंने प्रातःसवन में से पयस्या (मट्ठे) को माँग लिया। यह उनका सदा का वर है। यह जो पहले उस आसुरी ने बिना नशे के कर दिया था वह पयस्या मट्ठे के द्वारा ठीक हो गया। क्योंकि (मित्र और वरुण) दोनों ने पयस्या के द्वारा (सोम रस को) ठीक कर दिया। (४) २३—देवों के सवन साथ जुड़े नहीं रहते थे (गिरे पड़ते थे) उन्होंने पुरोडाशों को देखा। उन्होंने उनमें से हर एक सवन का भाग अलग कर दिया। जिससे वह सब सवन जुड़े रहें। इस लिये जब सवनों के लिये पुरोडाश के भाग किये जाते हैं तो वे सवन जुड़े रहते हैं। इसी प्रकार उन्होंने उनको जोड़े रक्खा। देवों ने इनको (सोमरस से) पहले काटा। इस लिये इनका नाम पुरोडाश हुआ। यही पुरोडाशों का पुरोडाशत्व है। इस पर कुछ लोग कहते हैं कि हर एक सवन के लिये इस प्रकार पुरोडाश को विभाजित करे—प्रातः सवन के लिये आठ कपालों का, दोपहर के सवन के लिए ११ कपालों का और १२ कपालों का तीसरे सवन के लिए। क्योंकि सवनों का रूप छन्दों के रूपों के अनुसार है। लेकिन यह बात माननीय नहीं। जितने पुरोडाश सवनों के लिए काटे जाते हैं वे सब इन्द्र के हैं। इस लिये उनको ११ कपालों पर ही रखना चाहिये।

Page 145Permalink

तीसरा अध्याय ] १३१ कुछ का कथन है कि पुरोडाश का जितना भाग बिना घी लगा हुआ हो उतना ही खाले, सोम पान की रक्षा के लिए। क्योंकि घृतरूपी वज्र से ही इन्द्र ने वृत्र को मारा। परन्तु यह माननीय नहीं। क्योंकि जो हवि है वह भी अग्नि में डाली जाती है और जो सोम-पान है वह भी अग्नि में छोड़ा जाता है। इस लिये पुरोडाश का जो भाग चाहे खाले। ये जो हवियां, आज्य, धान, करंभ, परिवाप, पुरोडाश, पयस्या आदि हैं वे यजमान के पास चारों ओर से आ जाते हैं, इसी प्रकार जो इस रहस्य को समझता है उसके पास यह चारों ओर से आ जाते हैं। (५) २४—जो हवियों के पंचक को समझता है वह इन पंचकों द्वारा समृद्धि को पाता है। यज्ञ की हवियों का पंचक यह है :— धान, करंभ, परिवाप, पुरोडाश, पयस्या। जो इस रहस्य को समझता है वह इन हवियों के पंचक द्वारा समृद्धि को पाता है। जो यज्ञ के अक्षरों के पंचक को समझता है वह अक्षरों के पंचक द्वारा यज्ञ से समृद्धि का लाभ करता है। यह अक्षर-पंचक यह है :—सु, मत्, पद्, वग्, दे। जो इस रहस्य को समझता है वह अक्षरों के पंचक द्वारा समृद्धि को लाभ करता है। जो यज्ञ के नराशंसपंचक को समझता है वह इसके द्वारा समृद्धि को पाता है। प्रातःसवन के दो नराशंस हैं। दोपहर के सवन के दो और तीसरे सवन का एक। यह नराशंस पंचक है। जो इस रहस्य को समझता है वह इसके द्वारा समृद्धि को लाभ करता है। जो यज्ञ के सवन पंचक को जानता है वह इसके द्वारा समृद्धि को प्राप्त करता है। यह सवन पंचक यह है :—सोम के पहले दिन का पशु-उपवसथ, तीन सवन, पशुरनुबंध्य। यह यज्ञ का सवन-पंचक है। जो इस रहस्य को समझता है वह सवन-पंचक द्वारा समृद्धि को लाभ करता है।

अध्याय समाप्त

Page 146Permalink

१३२ [ दूसरी पञ्चिका हविष्पंचक का याज्य मंत्र यह है :— हरि वाँ इन्द्रो धाना प्रत्तु पूषण्वान् करंभं सरस्वतीवान् भारतीवान् परिवाप इन्द्रस्यापूप” । “घोड़ों वाला इन्द्र धान खावे, पूषावाला करंभ, सरस्वती- वाला और भारतीवाला इन्द्र परिवाप खावे । इन्द्र का पुरोडाश या अपूप है ।” इन्द्र के दो घोड़े हैं ऋक् और साम । पशु पूषन हैं । करंभ अन्न है । सरस्वतीवान् और भारतीवान् कहा, इसमें सरस्वती का अर्थ है वाणी । प्राण भरत है । “परिवाप इन्द्रस्य अपूप” में परिवाप अन्न है और अपूप इन्द्रिय है । इस प्रकार यज्ञ करके होता यजमान को देवताओं का सायुज्य, सरूपता और सालो- क्यता प्राप्त करा देता है और स्वयं भी श्रेय, सायुज्य और श्रेष्ठता का लाभ करता है जो इस रहस्य को समझता है । पुरोडाश की हर सवन की स्विष्टकृत आहुति यह है “हविरग्नेवीहि”—“अग्नि हवि खा !” इस प्रकार अवत्सार ऋषि अग्नि के प्रिय धाम को पा गया और परम लोक को पहुँच गया । जो इस रहस्य को समझता है और समझकर हवि-पंचक की आहुति देता है और याज्य मंत्र बोलता है वह भी यही लाभ प्राप्त करता है । (६) ऐतरेय ब्राह्मण की दूसरी पञ्चिका का तीसरा अध्याय समाप्त

Page 147Permalink

चौथा अध्याय २५-सोम राजा का पहले पान करने के लिये देव झगड़ पड़े। उन्होंने चाहा कि "मैं पहले पिऊँ", "मैं पहले पिऊँ।" अब वे इस बात पर राजी हुये कि बाजी लगाकर दौड़ें। जो जीत जाय वही पहले पीले। ऐसा कह कर वह दौड़े। जितने दौड़े थे उनमें वायु पहले नियत स्थान पर पहुँचा, फिर इन्द्र, फिर मित्र और वरुण, फिर दोनों अश्विन। इन्द्र यह सोच कर कि मैं वायु से आगे पहुँचूँ, (ऐसा दौड़ा कि) वायु के पास ही गिर पड़ा। तब उसने कहा, "हम दोनों साथ आये हैं इसलिये दोनों जीते हैं"। उस (वायु) ने कहा, "नहीं मैं ही जीता हूँ"। इन्द्र ने कहा, "तीसरा भाग मुझे मिले, हम दोनों जीते हैं"। उस (वायु) ने कहा, "नहीं, मैं ही जीता हूँ।" तब इन्द्र ने कहा, "चौथाई मुझे मिले, हम दोनों जीते हैं"। वायु मान गया और चौथाई भाग इन्द्र को मिला। तभी से इन्द्र को चौथाई भाग मिलता है और वायु को तीन भाग। इस प्रकार इन्द्र और वायु दोनों जीते। फिर मित्र और वरुण। फिर दोनों अश्विन। वह जिस जिस क्रम से जीते उसी क्रम से ( १३३ )

Page 148Permalink

१३४ [ दूसरी पञ्चिका उनको सोम पीने का अधिकार मिला, इन्द्र और वायु पहले, फिर मित्र और वरुण, फिर अश्विन। ऐन्द्र-वायव ग्रह (वह घड़ा जो इन्द्र-वायु का है) वह है जिसमें इन्द्र का चौथाई भाग है। इस बात को एक ऋषि ने देखा था। उसने यह मन्त्र पढ़ा:— "नियुत्वाँ इन्द्रसारथिः" ❄ (ऋ० ४।४६।२) "वायु और उसका सारथि इन्द्र।" इस लिये आजकल जब भरत अर्थात् वीर पुरुष शत्रुओं को जीत कर युद्ध में लूट का माल लेते हैं, तब सारथि लोग कहते हैं, कि इसमें चौथाई भाग हमारा है क्योंकि इन्द्र ने वायु का सारथि बनकर विजय पाई थी। (१) २६—यह जो दो देवतों के सोमग्रह या घड़े हैं वे प्राण हैं। इन्द्र और वायु के वाणी और प्राण। मित्र और वरुण के चक्षु और मन। और अश्विन के श्रोत्र और आत्मा। कुछ लोग ऐन्द्रवायु वाले घड़े में से आहुति देते समय दो अनुष्टुभ् छन्दों में पुरोनुवाक्य और दो गायत्री छन्दों में याज्य पढ़ते हैं। चूँकि ऐन्द्रवायव्य ग्रह वाणी और प्राण का है इस लिये ठीक- ठीक छन्द हो गये (अर्थात् अनुष्टुभ् वाणी का और गायत्री प्राण का)। परन्तु यह बात माननीय नहीं। क्योंकि जब पुरोनुवाक्य मंत्र याज्य मंत्र से बढ़ गया तो यज्ञ सफल नहीं होता। जब याज्य पुरोनुवाक्य से बढ़ जाता है तब सफलता होती है। इसी प्रकार जब दोनों बराबर हों (तब भी सफलता नहीं होती)। प्राण और वाणी की सफलता के लिये ऐसा (कि दो अनुष्टुभ् छन्दों में अनुवाक्य पढ़े और दो गायत्री ❄ पूरामंत्र शेतना नो० (ऋ० ४।४६।२) २६ वें खंड में देखो।

Page 149Permalink

चौथा अध्याय ] १३५ छन्दों में याज्य )। इससे कामना पूरी होगी। पहला पुरोनु- वाक्य वायु का है :- वायवा याहि दर्शतेमे सोमा अरंकृताः । तेषां पाहि श्रुधी हवम् ॥ ( ऋ० १।२।१ ) दूसरा इन्द्र और वायु का :- इन्द्रवायू इमे सुता उप प्रयोभिरागतम् । इन्दवो वामुशन्ति हि ॥ ( ऋ० १।२।४ ) इसी प्रकार दो याज्यों में जो पहला याज्य मंत्र वायु का है अर्थात् :- अग्रं पिवा मधूनां सुतं वायो दिविष्टिषु । त्वं हि पूर्वपा असि ॥ ( ऋ० ४।४६।१ ) उससे यजमान में प्राण धारण कराता है। क्योंकि वायु प्राण है। और जो इन्द्र वायु का याज्य है अर्थात् :- शतेना नो अभिष्टिभिर्नियुत्वाँ इन्द्र सारथिः । वायो सुतस्य तृम्पतम् ॥ ( ऋ० ४।४६।२ ) इसमें जो इन्द्र का पद है उससे वाणी को धारण कराता है। क्योंकि वाणी इन्द्र की है। इस प्रकार प्राण और वाणी की जो जो कामना है उसको बिना यज्ञ को विषम किये हुये पूरी कर देता है। (२) २७-दो देवतों का जो सोम है वह प्राण है। उसे एक ही पात्र से ग्रहण करते हैं। क्योंकि सब प्राण एक ही हैं। दो पात्रों से आहुति देते हैं क्योंकि प्राण दो हैं। इसके पश्चात् जिस यजु मंत्र से अध्वर्यु सोम के प्याले को देता है, उसी मन्त्र से होता ग्रहण करता है :- “एष वसुः पुरूवसुरहिवसुः पुरूवसुर्मयि वसुः पुरूवसुर्वाक्पा वाचं मे पाहि”