आनन्दमठ (वन्दे मातरम् एवं संन्यासी विद्रोह इतिहास)
Anandamath with Vande Mataram - Bankim Chandra
बंकिमचन्द्र चट्टोपाध्याय द्वारा
पृष्ठ 43, कुल 78 में से
संदर्भ में पढ़ेंसत्यानंद- “जीवानन्द, भवानंद और ज्ञानानन्द।' शांति ने धनुष और तार लिया; एक झटके मे उस पर प्रत्यंचा चढ़ाकर उसने धनुष सत्यानंद के पैरों पर फेक दिया। सत्यानंद विस्मित और स्तंभित हुए खड़े रह गये। कुछ देर बाद बोले- “यह क्या! तुम देवी हो या दानवी।“ शांति ने हाथ जोड़कर कहा- “मैं सामान्य मानवी हूं, लेकिन ब्रह्मचारिणी हूं।“ सत्यानंद- “इससे क्या हुआ! तुम क्या बाल विधवा हो? नही, लेकिन बाल- विधवा मे भी इतना बल नही होता, वह तो एकाहारी होती है।“ शांति- “मै सधवा हूं।“ सत्यानन्द- “तो क्या तुम्हारे स्वामी का पता नही है- निरुद्दिष्ट है?” शांति- “नही, उनका पता है; उन्ही के उद्देश्य से मैं यहां आयी हूं।“ मेघ हटकर सहसा निकल आनेवाली धूप की तरह सत्यानंद की स्मृति जाग पड़ी है। उन्होने कहा- “याद आ गया। जीवानंद की पत्नी का नाम शांति है। तुम क्या जीवानन्द की ब्राह्मणी हो? अब शांति शरमा गयी। उसने अपनी जटा से मुंह ढांक लिया मानो कितने ही हाथियो के झुण्ड पद्म पर घिर गये हो। सत्यानन्द ने पूछा - “क्यो तुम यह पापाचार करने आयी? सहसा शान्ति ने चेहरे पर से जटाएं हटाते हुए कहा- “इसमे पापाचरण क्या है,प्रभु? पत्नी यदि पति का अनुसरण करे, तो यह पापाचरण कैसे है। संतान धर्मशास्त्र मे यदि इसे पापाचार कहते है तो सन्तान धर्म अधर्म है। मै उनकी सहधर्मिणी हूं। वे धर्माचरण मे प्रवृत्त है, मैं भी उनके साथ धर्माचरण मे सहयोग देने के लिए ही आयी हूं। शान्ति की तेजस्विनी वाणी सुनकर,उन्नत ग्रीव स्फीतवक्ष, कम्पित अधर तथा उज्ज्वल फिर भी आंसू भरी आंखें देखकर सत्यानन्द बहुत प्रसन्न हुए; बोले-“तुम साध्वी हो; लेकिन देखो बेटी- पत्नी केवल गृहधर्म मे ही सहधर्मिणी होती है- वीर-धर्म मे रमणी क्या सहयोग करेगी?” शान्ति- “कौन अपत्नीक होकर आज तक महावीर हो सका है? सीता के न रहते क्या रामवीर हो सकते? अर्जुन के कितने विवाह हुए थे, जरा गिनिये तो? भीम को जितना बल था, उतनी ही क्या उनकी पत्नियां नही थी? कितना गिनाऊँ? फिर क्या आपको बताने की जरूरत है?” सत्यानन्द-“बात ठीक है, लेकिन रणक्षेत्र मे कौन वीर अपनी पत्नी को संग लेते है?” शान्ति- “अर्जुन ने जब दानवी सेना के साथ अन्तरिक्ष मे युद्ध किया था, तो उनके रथ को कौन चला रहा था? द्रौपदी के संग न रहते क्या पाण्डव कभी कुरुक्षेत्र मे जूझ सकते थे?” सत्यानन्द-“वह हो सकता हे, लेकिन सामान्य मनुष्यो का हृदय स्त्रियो मे आसक्त रहता है और वही उन्हे कार्य से विरत करता है। इसीलिए सन्तानो का यह व्रत हैं कि वे कभी स्त्री के साथ एकासन पर न बैठेंगे। जीवानन्द मेरा दाहिना हाथ है। क्या तुम मेरा दाहिना हाथ काट देने के लिए आयी हो? शान्ति- “मै आपके हाथ मे बल बढ़ाने के लिए आयी हूं। मैं ब्रह्मचारिणी हूं, और प्रभु के समीप ब्रह्मचारिणी ही रहूंगी। मैं केवल धर्माचरण के लिए आयी हूं, स्वामी-दर्शन के लिए नही- विरह यंत्रणा से मैं कातर नही हूं। पतिदेव ने जो धर्म ग्रहण किया है, मैं उसकी भागिनी क्यो न बनूं? इसीलिये आयी हूं।“ सत्यानन्द- “अच्छा तो कुछ दिन तुम्हारी परीक्षा करके देखूंगा।“ शान्ति बोली- “क्या मैं आनन्द मठ मे रह सकूंगी?” सत्यानन्द-“आज और कहां जाओगी?” शान्ति- “इसके बाद?”