अनुगीता (महाभारत आश्वमेधिक पर्व - श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद सटीक)
Anugita from Mahabharata Ashvamedhika Parva with Commentary
भगवान् श्रीकृष्ण / महर्षि वेदव्यास द्वारा
पृष्ठ 146, कुल 421 में से
संदर्भ में पढ़ेंसंस्कारैः संस्कृतः पूर्वं यथावच्चरितव्रतः । जातौ गुणविशिष्टायां समावर्तेत तत्त्ववित् ॥ १५ ॥ पहले सब प्रकारके संस्कारोंसे सम्पन्न होकर वेदोक्त विधिसे अध्ययन करते हुए ब्रह्मचर्य-व्रतका पालन करना चाहिये। तत्पश्चात् तत्त्ववेत्ताको उचित है कि वह समावर्तन- संस्कार करके उत्तम गुणोंसे युक्त कुलमें विवाह करे ॥ १५ ॥ स्वदारनिरतो नित्यं शिष्टाचारो जितेन्द्रियः । पञ्चभिश्च महायज्ञैः श्रद्दधानो यजेदिह ॥ १६ ॥ अपनी ही स्त्रीपर प्रेम रखना, सदा सत्पुरुषोंके आचारका पालन करना और जितेन्द्रिय होना गृहस्थके लिये परम आवश्यक है। इस आश्रममें उसे श्रद्धापूर्वक पञ्चमहायज्ञोंके द्वारा देवता आदिका यजन करना चाहिये ॥ १६ ॥ देवतातिथिशिष्टाशी निरतो वेदकर्मसु । इज्याप्रदानयुक्तश्च यथाशक्ति यथासुखम् ॥ १७ ॥ गृहस्थको उचित है कि वह देवता और अतिथियोंको भोजन करानेके बाद बचे हुए अन्नका स्वयं आहार करे। वेदोक्त कर्मोंके अनुष्ठानमें संलग्न रहे। अपनी शक्तिके अनुसार प्रसन्नतापूर्वक यज्ञ करे और दान दे ॥ १७ ॥ न पाणिपादचपलो न नेत्रचपलो मुनिः । न च वागङ्गचपल इति शिष्टस्य गोचरः ॥ १८ ॥ मननशील गृहस्थको चाहिये कि हाथ, पैर, नेत्र, वाणी तथा शरीरके द्वारा होनेवाली चपलताका परित्याग करे अर्थात् इनके द्वारा कोई अनुचित कार्य न होने दे। यही सत्पुरुषोंका बर्ताव (शिष्टाचार) है ॥ १८ ॥ नित्यं यज्ञोपवीती स्याच्छुक्लवासाः शुचिव्रतः । नियतो यमदानाभ्यां सदा शिष्टैश्च संविशेत् ॥ १९ ॥ सदा यज्ञोपवीत धारण किये रहे, स्वच्छ वस्त्र पहने, उत्तम व्रतका पालन करे, शौच- संतोष आदि नियमों और सत्य-अहिंसा आदि यमोंके पालनपूर्वक यथाशक्ति दान करता रहे तथा सदा शिष्ट पुरुषोंके साथ निवास करे ॥ १९ ॥ जितशिश्नोदरो मैत्रः शिष्टाचारसमन्वितः । वैणवीं धारयेद् यष्टिं सोदकं च कमण्डलुम् ॥ २० ॥ शिष्टाचारका पालन करते हुए जिह्वा और उपस्थको काबूमें रखे। सबके साथ मित्रताका बर्ताव करे। बाँसकी छड़ी और जलसे भरा हुआ कमण्डलु सदा साथ रखे ॥ २० ॥ (त्रीणि धारयते नित्यं कमण्डलुमतन्द्रितः । एकमाचमनार्थाय एकं वै पादधावनम् । एकं शौचविधानार्थमित्येतत् त्रितयं तथा ॥)