महाभारत (खंड २) - वन पर्व
Mahabharata (Vol 2) - Vana Parva
महर्षि कृष्णद्वैपायन वेदव्यास द्वारा
पृष्ठ 2178, कुल 2580 में से
संदर्भ में पढ़ेंप्रसक्तास्त्वां निरीक्षन्ते पुमांसं कं न मोहयेः ॥ २३ ॥ इस राजकुलमें जितनी स्त्रियाँ हैं तथा मेरे महलमें भी जो ये सुन्दरियाँ हैं, वे सब एकटक तुम्हारी ओर निहार रही हैं; फिर पुरुष कौन ऐसा होगा, जिसे तुम मोहित न कर सको? ॥ २३ ॥
वृक्षांश्चावस्थितान् पश्य य इमे मम वेश्मनि । तेऽपि त्वां संनमन्तीव पुमांसं कं न मोहयेः ॥ २४ ॥ देखो, मेरे भवनमें ये जो वृक्ष खड़े हैं, वे भी तुम्हें देखनेके लिये मानो झुके-से पड़ते हैं। फिर पुरुष कौन ऐसा होगा, जिसे तुम मोहित न कर लो? ॥ २४ ॥
राजा विराटः सुश्रोणि दृष्ट्वा वपुरमानुषम् । विहाय मां वरारोहे गच्छेत् सर्वेण चेतसा ॥ २५ ॥ सुन्दर नितम्बोंवाली सुन्दरी! तुम्हारे सम्पूर्ण अंग सुन्दर हैं। राजा विराट तुम्हारा यह दिव्य रूप देखते ही मुझे छोड़कर सम्पूर्ण चित्तसे तुम्हींमें आसक्त हो जायँगे ॥ २५ ॥
यं हि त्वमनवद्याङ्गि तरलायतलोचने । प्रसक्तमभिवीक्षेथाः स कामवशगो भवेत् ॥ २६ ॥ निर्दोष अंगों तथा चंचल एवं विशाल नेत्रोंवाली सैरन्ध्री! जिस पुरुषकी ओर तुम ध्यानसे देख लोगी, वही कामके अधीन हो जायगा ॥ २६ ॥
यश्च त्वां सततं पश्येत् पुरुषश्चारुहासिनि । एवं सर्वानवद्याङ्गि स चानङ्गवशो भवेत् ॥ २७ ॥ शुभांगि! चारुहासिनि! इसी प्रकार जो पुरुष प्रतिदिन तुम्हें देखेगा, वह भी कामदेवके वशीभूत हो जायगा ॥ २७ ॥
अध्यारोहेद् यथा वृक्षान् वधायैवात्मनो नरः । राजवेश्मनि ते सुभ्रु गृहे तु स्यात् तथा मम ॥ २८ ॥ सुभ्रु! जैसे कोई मूर्ख मनुष्य आत्महत्याके लिये (गिरनेके उद्देश्यसे) वृक्षोंपर चढ़े, उसी प्रकार राजमहलमें या अपने घरमें तुम्हें रखना मेरे लिये अनिष्टकारी हो सकता है ॥ २८ ॥
यथा च कर्कटी गर्भमाधत्ते मृत्युमात्मनः । तथाविधमहं मन्ये वासं तव शुचिस्मिते ॥ २९ ॥ शुचिस्मिते! जैसे केंकड़ेकी मादा अपने मृत्युके लिये ही गर्भ धारण करती है, उसी प्रकार तुम्हें इस घरमें ठहराना मैं अपने लिये मरणके तुल्य मानती हूँ ॥ २९ ॥
द्रौपद्युवाच
नास्मि लभ्या विराटेन न चान्येन कदाचन । गन्धर्वाः पतयो मह्यं युवानः पञ्च भामिनि ॥ ३० ॥