महाभारत (खंड ३) - विराट, उद्योग व भीष्म पर्व
Mahabharata (Vol 3) - Virata, Udyoga and Bhishma Parva
महर्षि कृष्णद्वैपायन वेदव्यास द्वारा
पृष्ठ 881, कुल 2343 में से
संदर्भ में पढ़ेंसंजय! इस लोकमें युद्ध एवं विजयके लिये ही विधाताने क्षत्रियकी सृष्टि की है। वह विजय प्राप्त करे या युद्धमें मारा जाय, सभी दशाओंमें उसे इन्द्रलोककी प्राप्ति होती है। पुण्यमय स्वर्गलोकके इन्द्रभवनमें भी वह सुख नहीं मिलता, जिसे क्षत्रिय वीर शत्रुओंको वशमें करके सानन्द अनुभव करता है ।। १३-१४ ।। मन्युना दह्यमानेन पुरुषेण मनस्विना । निकृतेनेह बहुशः शत्रून् प्रतिजिगीषया ।। १५ ।। आत्मानं वा परित्यज्य शत्रुं वा विनिपात्य च । अतोऽन्येन प्रकारेण शान्तिरस्य कुतो भवेत् ।। १६ ।। अतएव जो मनस्वी क्षत्रिय अनेक बार पराजित हो क्रोधसे दग्ध हो रहा हो, वह अवश्य ही विजयकी इच्छासे शत्रुओंपर आक्रमण करे। फिर तो वह अपने शरीरका परित्याग करके अथवा शत्रुको मार गिराकर ही शान्ति लाभ करता है। इसके सिवा दूसरे किसी प्रकारसे उसे कैसे शान्ति प्राप्त हो सकती है? ।। १५-१६ ।। इह प्राज्ञो हि पुरुषः स्वल्पमप्रियमिच्छति । यस्य स्वल्पं प्रियं लोके ध्रुवं तस्याल्पमप्रियम् ।। १७ ।। बुद्धिमान् पुरुष इस जगत्में अत्यन्त अल्पमात्रामें अप्रियकी इच्छा करता है। लोकमें जिसका प्रिय अल्प होता है, उसका अप्रिय भी निश्चय ही अल्प होगा ।। प्रियाभावाच्च पुरुषो नैव प्राप्नोति शोभनम् । ध्रुवं चाभावमभ्येति गत्वा गङ्गेव सागरम् ।। १८ ।। प्रियके अभावमें मनुष्यकी शोभा नहीं होती है। जैसे गंगा समुद्रमें जाकर विलुप्त हो जाती है, उसी प्रकार वह अभावग्रस्त पुरुष भी निश्चय ही लुप्त हो जाता है ।।
पुत्र उवाच
नेयं मतिस्त्वया वाच्या मातः पुत्रे विशेषतः । कारुण्यमेवात्र पश्य भूत्वेह जडमूकवत् ।। १९ ।। **पुत्रने कहा—**माँ! तुझे अपने मुखसे ऐसा विचार नहीं व्यक्त करना चाहिये, अतः तुम जड और मूककी भाँति होकर मुझ अपने पुत्रको विशेषरूपसे करुणापूर्ण दृष्टिसे ही देखो ।। १९ ।।
मातोवाच
अतो मे भूयसी नन्दिर्यदेवमनुपश्यसि । चोद्यं मां चोदयस्येतद् भृशं वै चोदयामि ते ।। २० ।। **माता बोली—**तेरे इस कथनसे मुझे बड़ी प्रसन्नता हुई है। तू इस प्रकार विचार तो करता है। मुझे मेरे कर्तव्य (पुत्रपर दयादृष्टि करने)-की प्रेरणा दे रहा है, इसीलिये मैं भी तुझे बार-बार तेरा कर्तव्य सुझा रही हूँ ।।