भारतकोश
महाभारत (खंड ४) - द्रोण, कर्ण, शल्य, सौप्तिक व स्त्री पर्व

महाभारत (खंड ४) - द्रोण, कर्ण, शल्य, सौप्तिक व स्त्री पर्व

Mahabharata (Vol 4) - Drona, Karna, Shalya, Sauptika and Stri Parva

महर्षि कृष्णद्वैपायन वेदव्यास द्वारा

DevanagariSanskritpublished3,237 पृष्ठ

पृष्ठ 1619, कुल 3237 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 1619

कर्णात्मजः सत्यसंधो महात्मा व्यवस्थितः समरे योद्धुकामः ॥ २१ ॥ अथापरौ कर्णसुतौ वरास्त्रौ व्यवस्थितौ लघुहस्तौ नरेन्द्र । बलं महद् दुर्भिदमल्पधैर्यैः समाश्रितौ योत्स्यमानौ त्वदर्थे ॥ २२ ॥ नरेन्द्र! कर्णका महामना एवं सत्यप्रतिज्ञ पुत्र समरांगणमें युद्धकी इच्छासे डटा हुआ है। इसके सिवा कर्णके दो पुत्र और हैं, जो उत्तम अस्त्रोंके ज्ञाता और शीघ्रतापूर्वक हाथ चलानेवाले हैं, वे भी आपकी ओरसे युद्धके लिये तैयार खड़े हैं। इन दोनोंने ऐसी विशाल सेनाको अपने साथ ले रखा है, जिसका अल्प धैर्यवाले वीरोंके लिये भेदन करना कठिन है ॥ २१-२२ ॥

एतैश्च मुख्यैरपरैश्च राजन् योधप्रवीरैरमितप्रभावैः । व्यवस्थितो नागकुलस्य मध्ये यथा महेन्द्रः कुरुराजो जयाय ॥ २३ ॥ राजन्! इनसे तथा अन्य अनन्त प्रभावशाली श्रेष्ठ एवं प्रधान योद्धाओंसे घिरा हुआ कुरुराज दुर्योधन हाथियोंके समूहमें देवराज इन्द्रके समान विजयके लिये खड़ा है ॥ २३ ॥

धृतराष्ट्र उवाच

आख्याता जीवमाना येऽपरे सैन्या यथायथम् । इतीदमवगच्छामि व्यक्तमर्थाभिपत्तितः ॥ २४ ॥ **धृतराष्ट्रने कहा—**संजय! अपने पक्षके जो जीवित योद्धा हैं एवं उनसे भिन्न जो मारे जा चुके हैं, उनका तुमने यथार्थरूपसे वर्णन कर दिया। इससे जो परिणाम होनेवाला है, उसे अर्थापत्ति प्रमाणके द्वारा मैं स्पष्टरूपसे समझ रहा हूँ (मेरे पक्षकी हार सुनिश्चित है) ॥ २४ ॥

वैशम्पायन उवाच

एवं ब्रुवन्नेव तदा धृतराष्ट्रोऽम्बिकासुतः । हतप्रवीरं विश्वस्तं किंचिच्छेषं स्वकं बलम् ॥ २५ ॥ श्रुत्वा व्यामोहमागच्छच्छोकव्याकुलेन्द्रियः । **वैशम्पायनजी कहते हैं—**राजन्! यह कहते हुए ही अम्बिकानन्दन धृतराष्ट्र उस समय यह सुनकर कि अपनी सेनाके प्रमुख वीर मारे गये, अधिकांश सेना नष्ट हो गयी और बहुत थोड़ी शेष रह गयी है, मूर्च्छित हो गये। उनकी इन्द्रियाँ शोकसे व्याकुल हो उठीं ॥ २५ १/२ ॥ मुह्यमानोऽब्रवीच्चापि मुहूर्तं तिष्ठ संजय ॥ २६ ॥