महाभारत (खंड ५) - शान्ति पर्व
Mahabharata (Vol 5) - Shanti Parva
महर्षि कृष्णद्वैपायन वेदव्यास द्वारा
पृष्ठ 559, कुल 2450 में से
संदर्भ में पढ़ेंतब राजाने मुनिको इस प्रकार उत्तर दिया—'ब्राह्मण! आप जो कुछ कहना चाहें, मुझसे निर्भय होकर कहें। अपने हितकी इच्छा रखनेवाला मैं आपको क्षमा क्यों नहीं करूँगा? विप्रवर! आप जो चाहें, कहिये। मैं प्रतिज्ञा करता हूँ कि आप मुझसे जो कोई भी बात कहेंगे, आपकी उस आज्ञाका मैं पालन करूँगा' ।। २१-२२ ।।
मुनिरुवाच
ज्ञात्वा पापानपापांश्च भृत्यतस्ते भयानि च । भक्त्या वृत्तिं समाख्यातुं भवतोऽन्तिकमागमम् ।। २३ ।। **मुनि बोले—**महाराज! आपके कर्मचारियोंमेंसे कौन अपराधी है और कौन निरपराध? इस बातका पता लगाकर तथा आपपर आपके सेवकोंकी ओरसे ही अनेक भय आने वाले हैं, यह जानकर प्रेमपूर्वक राज्यका सारा समाचार बतानेके लिये मैं आपके पास आया था ।। २३ ।।
प्रागेवोक्तस्तु दोषोऽयमाचार्यैर्नृपसेविनाम् । अगतीकगतिर्ह्येषा पापा राजोपसेविनाम् ।। २४ ।। नीतिशास्त्रके आचार्योंने राजसेवकोंके इस दोषका पहलेसे ही वर्णन कर रखा है कि जो राजाकी सेवा करनेवाले लोग हैं, उनके लिये यह पापमयी जीविका अगतिक गति है, अर्थात् जिन्हें कहीं भी सहारा नहीं मिलता, वे राजाके सेवक होते हैं ।। २४ ।।
आशीविषैश्च तस्याहुः संगतं यस्य राजभिः । बहुमित्राश्च राजानो बह्वमित्रास्तथैव च ।। २५ ।। तेभ्यः सर्वेभ्य एवाहुर्भयं राजोपजीविनाम् । तथैषां राजतो राजन् मुहूतदेव भीर्भवेत् ।। २६ ।। जिसका राजाओंके साथ मेल-जोल हो गया, उसकी विषधर सर्पोंके साथ सङ्गति हो गयी, ऐसा नीतिज्ञोंका कथन है। राजाके जहाँ बहुतसे मित्र होते हैं, वहीं उनके अनेक शत्रु भी हुआ करते हैं। राजाके आश्रित होकर जीविका चलानेवालोंको उन सभीसे भय बताया गया है। राजन्! स्वयं राजासे भी उन्हें घड़ी-घड़ीमें खतरा रहता है ।। २५-२६ ।।
नैकान्तेन प्रमादो हि शक्यः कर्तुं महीपतौ । न तु प्रमादः कर्तव्यः कथंचिद् भूतिमिच्छता ।। २७ ।। राजाके पास रहनेवालोंसे कभी कोई प्रमाद हो ही नहीं, यह तो असम्भव है, परंतु जो अपना भला चाहता हो उसे किसी तरह उसके पास जान-बूझकर प्रमाद नहीं करना चाहिये ।। २७ ।।
प्रमादाद्धि स्खलेद् राजा स्खलिते नास्ति जीवितम् । अग्निं दीप्तमिवासीदेद् राजानमुपशिक्षितः ।। २८ ।।