अनुगीता (महाभारत आश्वमेधिक पर्व - श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद सटीक)
Anugita from Mahabharata Ashvamedhika Parva with Commentary
भगवान् श्रीकृष्ण / महर्षि वेदव्यास द्वारा
पृष्ठ 130, कुल 421 में से
संदर्भ में पढ़ेंब्राह्मणत्वका सनातन हेतु दो प्रकारका जानना चाहिये—तपस्या और पुण्यकर्मका अनुष्ठान; यही विद्वानोंका निश्चय है ।। ३८ १/२ ।। विविधं कर्म विज्ञेयमिज्या दानं च तन्मखे ।। ३९ ।। जातस्याध्ययनं पुण्यमिति वृद्धानुशासनम् । कर्मके अनेक भेद हैं, उनमें पूजा, दान और यज्ञमें हवन करना—ये प्रधान हैं। वृद्ध पुरुषोंका कथन है कि द्विजोंके कुलमें उत्पन्न हुए पुरुषके लिये वेदोंका अध्ययन करना भी पुण्यका कार्य है ।। ३९ १/२ ।। एतद् यो वेत्ति विधिवद् युक्तः स स्याद् द्विजर्षभाः ।। ४० ।। विमुक्तः सर्वपापेभ्य इति चैव निबोधत । द्विजवरो! जो मनुष्य इस विषयको विधिपूर्वक जानता है, वह योगी होता है तथा उसे सब पापोंसे छुटकारा मिल जाता है। इसे भलीभाँति समझो ।। ४० १/२ ।। यथावदध्यात्मविधिरेष वः कीर्तितो मया ।। ४१ ।। ज्ञानमस्य हि धर्मज्ञाः प्राप्तं ज्ञानवतामिह । इस प्रकार मैंने तुम लोगोंसे अध्यात्मविधिका यथावत् वर्णन किया। धर्मज्ञजन! ज्ञानी पुरुषोंको इस विषयका सम्यक् ज्ञान होता है ।। ४१ १/२ ।। इन्द्रियाणीन्द्रियार्थांश्च महाभूतानि पञ्च च । सर्वाण्येतानि संधाय मनसा सम्प्रधारयेत् ।। ४२ ।। इन्द्रियों, उनके विषयों और पञ्च महाभूतोंकी एकताका विचार करके उसे मनमें अच्छी तरह धारण कर लेना चाहिये ।। ४२ ।। क्षीणे मनसि सर्वस्मिन् न जन्मसुखमिष्यते । ज्ञानसम्पन्नसत्त्वानां तत् सुखं विदुषां मतम् ।। ४३ ।। मनके क्षीण होनेके साथ ही सब वस्तुओंका क्षय हो जानेपर मनुष्यको जन्मके सुख (लौकिक सुख-भोग आदि) की इच्छा नहीं होती। जिनका अन्तःकरण ज्ञानसे सम्पन्न होता है, उन विद्वानोंको उसीमें सुखका अनुभव होता है ।। ४३ ।। अतः परं प्रवक्ष्यामि सूक्ष्मभावकरीं शिवाम् । निवृत्तिं सर्वभूतेषु मृदुना दारुणेन च ।। ४४ ।। महर्षियो! अब मैं मनकी सूक्ष्म भावनाको जाग्रत् करनेवाली कल्याणमयी निवृत्तिके विषयमें उपदेश देता हूँ, जो कोमल और कठोर भावसे समस्त प्राणियोंमें रहती है ।। ४४ ।। गुणागुणमनासङ्गममेकचर्यमनन्तरम् । एतद् ब्रह्ममयं वृत्तमाहुरेकपदं सुखम् ।। ४५ ।। जहाँ गुण होते हुए भी नहींके बराबर हैं, जो अभिमानसे रहित और एकानाचार्यसे युक्त है तथा जिसमें भेद-दृष्टिका सर्वथा अभाव है, वही ब्रह्ममय बर्ताव बतलाया गया है, वही समस्त सुखोंका एकमात्र आधार है ।। ४५ ।।