भारतकोश
अनुगीता (महाभारत आश्वमेधिक पर्व - श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद सटीक)

अनुगीता (महाभारत आश्वमेधिक पर्व - श्रीकृष्ण-अर्जुन संवाद सटीक)

Anugita from Mahabharata Ashvamedhika Parva with Commentary

भगवान् श्रीकृष्ण / महर्षि वेदव्यास द्वारा

DevanagariHindipublished421 पृष्ठ

पृष्ठ 214, कुल 421 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 214

सप्तपञ्चाशत्तमोऽध्यायः उत्तंकका सौदाससे उनकी रानीके कुण्डल माँगना और सौदासके कहनेसे रानी मदयन्तीके पास जाना वैशम्पायन उवाच स तं दृष्ट्वा तथाभूतं राजानं घोरदर्शनम् । दीर्घश्मश्रुधरं नृणां शोणितेन समुक्षितम् ।। १ ।। वैशम्पायनजी कहते हैं—जनमेजय! राजा सौदास राक्षस होकर बड़े भयानक दिखायी देते थे। उनकी मूँछ और दाढ़ी बहुत बड़ी थी। वे मनुष्योंके रक्तसे रँगे हुए थे ।। १ ।। चकार न व्यथां विप्रो राजा त्वेनमथाब्रवीत् । प्रत्युत्थाय महातेजा भयकर्ता यमोपमः ।। २ ।। उन्हें देखकर विप्रवर उत्तंकको तनिक भी घबराहट नहीं हुई। उन्हें देखते ही महातेजस्वी राजा सौदास, जो यमराजके समान भयंकर थे, उठकर खड़े हो गये और उनके पास जाकर बोले— ।। २ ।। दिष्ट्या त्वमसि कल्याण षष्ठे काले ममान्तिकम् । भक्ष्यं मृगयमाणस्य सम्प्राप्तो द्विजसत्तम ।। ३ ।। ‘कल्याणस्वरूप द्विजश्रेष्ठ! बड़े सौभाग्यकी बात है कि दिनके छठे भागमें आप स्वयं ही मेरे पास चले आये। मैं इस समय आहार ही ढूँढ़ रहा था’ ।। ३ ।। उत्तङ्क उवाच राजन् गुर्वर्थिनं विद्धि चरन्तं मामिहागतम् । न च गुर्वर्थमुद्युक्तं हिंस्यमाहुर्मनीषिणः ।। ४ ।। उत्तंक बोले—राजन्! आपको मालूम होना चाहिये कि मैं गुरुदक्षिणाके लिये घूमता- फिरता यहाँ आया हूँ। जो गुरुदक्षिणा जुटानेके लिये उद्योगशील हो, उसकी हिंसा नहीं करनी चाहिये, ऐसा मनीषी पुरुषोंका कथन है ।। ४ ।। राजोवाच षष्ठे काले ममाहारो विहितो द्विजसत्तम । न शक्यस्त्वं समुत्स्रष्टुं क्षुधितेन मयाद्य वै ।। ५ ।। राजाने कहा—द्विजश्रेष्ठ! दिनके छठे भागमें मेरे लिये आहारका विधान किया गया है। यह वही समय है। मैं भूखसे पीड़ित हो रहा हूँ। इसलिये मेरे हाथोंसे तुम छूट नहीं सकते ।। ५ ।।