भविष्य पुराण
Bhavishya Purana
महर्षि वेदव्यास द्वारा
स्रोत: Gita Press Gorakhpur · Gita Press Gorakhpur (उद्गम)
पृष्ठ 458, कुल 654 में से
संदर्भ में पढ़ें- उत्तरपर्व *
४४७
दूर्वाकी उत्पत्ति एवं दूर्वाष्टमीव्रतका विधान
भगवान् श्रीकृष्ण बोले—महाराज! भाद्रपद मासके शुक्ल पक्षकी अष्टमी तिथिको अत्यन्त पवित्र दूर्वाष्टमीव्रत होता है। जो पुरुष इस पुण्य दूर्वाष्टमीका श्रद्धापूर्वक व्रत करता है, उसके वंशका क्षय नहीं होता। दूर्वाके अङ्गुरोंकी तरह उसके कुलकी वृद्धि होती रहती है।
महाराज युधिष्ठिरने पूछा—लोकनाथ! यह दूर्वा कहाँसे उत्पन्न हुई? कैसे चिरायु हुई तथा यह क्यों पवित्र मानी गयी और लोकमें वन्द्य तथा पूज्य कैसे हुई? इसे भी बतानेकी कृपा करें।
भगवान् श्रीकृष्ण बोले—देवताओंके द्वारा अमृतकी प्राप्तिके लिये क्षीरसागरके मथे जानेपर भगवान् विष्णुने अपनी जंघापर हाथसे पकड़कर मन्दराचलको धारण किया था। मन्दराचलके वेगसे भ्रमण करनेके कारण रगड़से विष्णुभगवान्के जो रोम उखड़कर समुद्रमें गिरे थे, पुनः समुद्रकी लहरोंद्वारा उछाले गये वे ही रोम हरित वर्णके सुन्दर एवं शुभ दूर्वाके रूपमें उत्पन्न हुए। उसी दूर्वापर देवताओंने मन्थनसे उत्पन्न अमृतका कुम्भ रखा, उससे जो अमृतके बिन्दु गिरे, उनके स्पर्शसे वह दूर्वा अजर-अमर हो गयी। वह देवताओंके लिये पवित्र तथा वन्द्य हुई। देवताओंने भाद्रपदकी शुक्ला अष्टमीको गन्ध, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य,
खर्जूर, नारिकेल, द्राक्षा, कपित्थ, नारंग, आम्र, बीजपूर, दाड़िम आदि फलों तथा दही, अक्षत, माला आदिसे निम्न मन्त्रोंद्वारा उसका पूजन किया— त्वं दूर्वैऽमृतजन्मासि वन्दिता च सुगसुरैः। सौभाग्यं संततिं कृत्वा सर्वकार्यकरी भव॥ यथा शाखाप्रशाखाभिर्विस्तुतासि महीतले। तथा ममापि संतानं देहि त्वमजरामरे॥
(उत्तरपर्व ५६। १२-१३)
देवताओंके साथ ही उनकी पत्नियाँ तथा अप्सराओंने भी उसका पूजन किया। मर्त्यलोकमें वेदवती, सीता, दमयन्ती आदि स्त्रियोंके द्वारा भी सौभाग्यदायिनी यह दूर्वा पूजित (वन्दित) हुई और सभीने अपना-अपना अभीष्ट प्राप्त किया। जो भी नारी स्नानकर शुद्ध वस्त्र धारणकर दूर्वाका पूजन कर तिलपिष्ट, गोधूम और सप्तधान्य आदिका दानकर ब्राह्मणको भोजन कराती है और श्रद्धासे इस पुण्य तथा संतानकारक दूर्वाष्टमी-व्रतको करती है वह पुत्र, सौभाग्य—धन आदि सभी पदार्थोंको प्राप्तकर बहुत कालतक संसारमें सुख भोगकर अन्तमें अपने पतिसहित स्वर्गमें जाती है और प्रलयपर्यन्त वहाँ निवास करती है तथा देवताओंके द्वारा आनन्दित होती है।
(अध्याय ५६)
मासिक कृष्णाष्टमी*-व्रतोंकी विधि
भगवान् श्रीकृष्ण बोले—पार्थ! अब आप समस्त पापों तथा भयोंके नाशक, धर्मप्रद और भगवान् शंकरके प्रीतिकारक मासिक कृष्णाष्टमी-
व्रतोंके विधानका श्रवण करें। मार्गशीर्ष मासकी कृष्णाष्टमीको उपवासके नियम ग्रहणकर जितेन्द्रिय और क्रोधरहित हो गुरुके आज्ञानुसार उपवास
- यह श्रीकृष्णजन्माष्टमीसे भिन्न शिवोपासनाका एक मुख्य अङ्गभूत व्रत है। इसकी महिमा तथा अनुष्ठान-विधिका वर्णन मत्स्यपुराण, अध्याय ५६, नारदपुराण, सौरपुराण १४। १-३६, व्रत-कल्पद्रुम आदिमें बहुत विस्तारसे है। विशेष जानकारीके लिये उन्हें भी देखना चाहिये। ज्योतिषग्रन्थों और पुराणोंके अनुसार अष्टमी तिथिके स्वामी शिव ही हैं। अतः अष्टमी तथा चतुर्दशीको उनकी उपासना विशेष कल्याणकारिणी होती है।
In Public Domain. Digitized by Sarvagya Sharda Peeth