कथासरित्सागर : द्वितीय खण्ड (लम्बक ६ से १८)
महाकवि सोमदेव भट्ट द्वारा
स्रोत: कथासरित्सागर : द्वितीय खण्ड (लम्बक ६ से १८) · बिहार राष्ट्रभाषा परिषद्, पटना · 1961 (उद्गम)
पृष्ठ 818, कुल 1079 में से
संदर्भ में पढ़ेंदशम लम्बक ४७१ दमनक और करटक का संवाद केवल पेट भरना कौन नहीं जानता ? दमनक के ऐसा कहने पर सरलहृदय करटक बोला- ॥३४॥ 'अपनी इच्छा से राजा की अंतरंग बातों में अधिक घुसना सेवक का धर्म नहीं है। करटक के इस प्रकार कहने पर दमनक बोला-'ऐसा नहीं ! सभी अपने योग्य फल पाना चाहते हैं। कुत्ता हड्डी का एक टुकड़ा पाकर सन्तुष्ट हो जाता है किन्तु सिंह हाथी पर दौड़ता है ॥३५ ३६॥ यह सुनकर करटक बोला- ऐसा जानकर स्वामी उल्टे ही कोप करने लगे तो उसका विशेष फल कैसे मिल सकता है ॥३७॥ क्योंकि स्वामी जन पर्वतों के समान अत्यन्त कठिन हिंसक प्राणियों से घिरे होने के कारण कठिनाई से वश में आते हैं ॥३८॥ तब दमनक ने कहा- 'यह सच है किन्तु जो समझदार है, वह मालिक के स्वभाव के अनुसार चलकर उसे धीरे-धीरे वश में कर लेते हैं ॥३९॥ 'तब ऐसा ही करो' इस प्रकार करटक ने उससे कहा। तदनन्तर दमनक अपने राजा सिंह के पास गया ॥४०॥ प्रणाम करके पास में बैठे हुए दमनक ने अपने स्वामी पिंगलक सिंह द्वारा 'आओ बैठो' कहकर स्वागत किये जाने पर, इस प्रकार निवेदन किया-॥४१॥ 'स्वामी मैं आपका कुल-परम्परागत सेवक हूँ। दूसरा व्यक्ति भी यदि आपका हितैषी हो तो उसे स्वीकार करना चाहिए। और, आपका आत्मीय व्यक्ति भी यदि अ-हितचिन्तक हो तो उसे छोड़ देना चाहिए ॥४२॥ अपना हित चाहनेवाले बिलाव को भी मूल्य देकर घर में लाकर रखा जाता है और हानि पहुँचानेवाले चूहे को अपने घर में ही उत्पन्न होने पर भी मार दिया जाता है ॥४३॥ अपना कल्याण चाहनेवाले राजा को अपने हितैषी सेवकों की बात सुननी चाहिए। और सेवकों को भी चाहिए कि वे बिना पूछे भी अपने स्वामी का हित चिन्तन करें और उसे हित बात कहे ॥४४॥ इसलिए स्वामिन् यदि आप विश्वास करते हैं साथ ही कोप न करें और छिपावें नहीं तो मैं कुछ पूछना चाहता हूँ ॥४५॥ दमनक के इस प्रकार पूछने पर पिंगलक सिंह उससे बोला- 'तुम विश्वास करने योग्य और हमारे भक्त सेवक हो इसलिए जो भी कहना हो निश्शंक होकर कहो' ॥४६॥ पिंगलक के इस प्रकार कहने के पश्चात् दमनक बोला- 'देव तुम प्यासे होकर पानी पीने के लिए गये थे ॥४७॥ किन्तु, आप बिना पानी पिये ही कुछ उदास-से होकर क्यों लौट आये ? दमनक की यह बात सुनकर पिंगलक सिंह सोचने लगा ॥४८॥