महाभारत (खंड ४) - द्रोण, कर्ण, शल्य, सौप्तिक व स्त्री पर्व
Mahabharata (Vol 4) - Drona, Karna, Shalya, Sauptika and Stri Parva
महर्षि कृष्णद्वैपायन वेदव्यास द्वारा
पृष्ठ 475, कुल 3237 में से
संदर्भ में पढ़ें'अथवा वह मेरा पुत्र, श्रीकृष्णका भानजा था, सुभद्राकी कोखसे उत्पन्न हुआ था; इसलिये ऐसी दीनतापूर्ण बात नहीं कह सकता था ।। ५१ १/२ ।। वज्रसारमयं नूनं हृदयं सुदृढं मम ।। ५२ ।। अपश्यतो दीर्घबाहुं रक्ताक्षं यन्न दीर्यते । 'निश्चय ही मेरा यह हृदय अत्यन्त सुदृढ़ एवं वज्रसारका बना हुआ है, तभी तो लाल नेत्रोंवाले महाबाहु अभिमन्युको न देखनेपर भी यह फट नहीं जाता है ।। ५२ १/२ ।। कथं बाले महेष्वासा नृशंसा मर्मभेदिनः ।। ५३ ।। स्वस्त्रीये वासुदेवस्य मम पुत्रेऽक्षिपन् शरान् । 'उन क्रूरकर्मा महान् धनुर्धरोंने श्रीकृष्णके भानजे और मेरे बालक पुत्रपर मर्मभेदी बाणोंका प्रहार कैसे किया? ।। ५३ १/२ ।। यो मां नित्यमदीनात्मा प्रत्युद्गम्याभिनन्दति ।। ५४ ।। उपायान्तं रिपून् हत्वा सोऽद्य मां किं न पश्यति । 'जब मैं शत्रुओंको मारकर शिविरको लौटता था, उस समय जो प्रतिदिन प्रसन्नचित्त हो आगे बढ़कर मेरा अभिनन्दन करता था, वह अभिमन्यु आज मुझे क्यों नहीं देख रहा है? ।। ५४ १/२ ।। नूनं स पातितः शेते धरण्यां रुधिरोक्षितः ।। ५५ ।। शोभयन् मेदिनीं गात्रैरादित्य इव पातितः । 'निश्चय ही शत्रुओंने उसे मार गिराया है और वह खूनसे लथपथ होकर धरतीपर पड़ा सो रहा है एवं आकाशसे नीचे गिराये हुए सूर्यकी भाँति वह अपने अंगोंसे इस भूमिकी शोभा बढ़ा रहा है ।। ५५ १/२ ।। सुभद्रामनुशोचामि या पुत्रमपलायिनम् ।। ५६ ।। रणे विनिहतं श्रुत्वा शोकार्ता वै विनङ्क्ष्यति । 'मुझे बारंबार सुभद्राके लिये शोक हो रहा है, जो युद्धसे मुँह न मोड़नेवाले अपने वीर पुत्रको रणभूमिमें मारा गया सुनकर शोकसे आतुर हो प्राण त्याग देगी ।। ५६ १/२ ।। सुभद्रा वक्ष्यते किं मामभिमन्युमपश्यती ।। ५७ ।। द्रौपदी चैव दुःखार्ते ते च वक्ष्यामि किं न्वहम् । 'अभिमन्युको न देखकर सुभद्रा मुझे क्या कहेगी? द्रौपदी भी मुझसे किस प्रकार वार्तालाप करेगी? इन दोनों दुःखकातर देवियोंको मैं क्या जवाब दूँगा? ।। ५७ १/२ ।। वज्रसारमयं नूनं हृदयं यन्न यास्यति ।। ५८ ।। सहस्रधा वधूं दृष्ट्वा रुदतीं शोककर्शिताम् । 'निश्चय ही मेरा हृदय वज्रसारका बना हुआ है, जो शोकसे कातर हुई बहू उत्तराको रोती देखकर सहस्रों टुकड़ोंमें विदीर्ण नहीं हो जाता? ।। ५८ १/२ ।।