महाभारत (खंड ५) - शान्ति पर्व
Mahabharata (Vol 5) - Shanti Parva
महर्षि कृष्णद्वैपायन वेदव्यास द्वारा
पृष्ठ 610, कुल 2450 में से
संदर्भ में पढ़ेंपरम धर्मात्मा और श्रीसम्पन्न राजा धर्मका साक्षात् स्वरूप कहलाता है। यदि वह धर्मका पालन नहीं करता तो लोग देवताओंकी भी निन्दा करते हैं और वह धर्मात्मा नहीं, पापात्मा कहलाता है ॥ ६ ॥
स्वधर्मे वर्तमानानामर्थसिद्धिः प्रदृश्यते । तदेव मङ्गलं लोकः सर्वः समनुवर्तते ॥ ७ ॥ जो अपने धर्मके पालनमें तत्पर रहते हैं, उन्हींसे अभीष्ट मनोरथकी सिद्धि होती देखी जाती है। सारा संसार उसी मंगलमय धर्मका अनुसरण करता है ॥ ७ ॥
उच्छिद्यते धर्मवृत्तमधर्मो वर्तते महान् । भयमाहुर्दिवारात्रं यदा पापो न वार्यते ॥ ८ ॥ जब पापको रोका नहीं जाता, तब जगत्में धार्मिक बर्तावका उच्छेद हो जाता है और सब ओर महान् अधर्म फैल जाता है, जिससे प्रजाको दिन-रात भय बना रहता है ॥ ८ ॥
ममेदमिति नैवैतत् साधूनां तात धर्मतः । न वै व्यवस्था भवति यदा पापो न वार्यते ॥ ९ ॥ तात! यदि पापकी प्रवृत्तिका निवारण न किया जाय तो यह मेरी वस्तु है, ऐसा कहना श्रेष्ठ पुरुषोंके लिये असम्भव हो जाता है और उस समय कोई भी धार्मिक व्यवस्था टिकने नहीं पाती है ॥ ९ ॥
नैव भार्या न पशवो न क्षेत्रं न निवेशनम् । संदृश्येत मनुष्याणां यदा पापबलं भवेत् ॥ १० ॥ जब जगत्में पापका बल बढ़ जाता है, तब मनुष्योंके लिये अपनी स्त्री, अपने पशु और अपने खेत या घरका भी कुछ ठिकाना दिखायी नहीं देता ॥ १० ॥
देवाः पूजां न जानन्ति न स्वधां पितरस्तदा । न पूज्यन्ते ह्यतिथयो यदा पापो न वार्यते ॥ ११ ॥ जब पापको रोका नहीं जाता, तब देवता पूजाको नहीं जानते हैं, पितरोंको स्वधा (श्राद्ध) का अनुभव नहीं होता है तथा अतिथियोंकी कहीं पूजा नहीं होती है ॥ ११ ॥
न वेदानधिगच्छन्ति व्रतवन्तो द्विजातयः । न यज्ञांस्तन्वते विप्रा यदा पापो न वार्यते ॥ १२ ॥ जब पापका निवारण नहीं किया जाता है, तब ब्रह्मचर्यव्रतका पालन करनेवाले द्विज वेदोंका अध्ययन छोड़ देते हैं और ब्राह्मण यज्ञोंका अनुष्ठान नहीं कर पाते हैं ॥ १२ ॥
वृद्धानामिव सत्त्वानां मनो भवति विह्वलम् । मनुष्याणां महाराज यदा पापो न वार्यते ॥ १३ ॥ महाराज! जब पापका निवारण नहीं किया जाता है, तब बूढ़े जन्तुओंकी भाँति मनुष्योंका मन घबराहटमें पड़ा रहता है ॥ १३ ॥
उभौ लोकावभिप्रेक्ष्य राजानमृषयः स्वयम् ।