भारतकोश
महाभारत (खंड ६) - अनुशासन, आश्वमेधिक, आश्रमवासिक, मौसल, महाप्रस्थानिक, स्वर्गारोहण व हरिवंश पर्व

महाभारत (खंड ६) - अनुशासन, आश्वमेधिक, आश्रमवासिक, मौसल, महाप्रस्थानिक, स्वर्गारोहण व हरिवंश पर्व

Mahabharata (Vol 6) - Anushasana to Harivamsa Parva

महर्षि कृष्णद्वैपायन वेदव्यास द्वारा

DevanagariSanskritpublished2,566 पृष्ठ

पृष्ठ 2256, कुल 2566 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 2256

विदुर, भीष्म, द्रोणाचार्य, कृपाचार्य, महात्मा भगवान् व्यास, संजय और गान्धारी देवीने भी मुझे पग-पगपर उचित सलाह दी, किंतु मैंने किसीकी बात नहीं मानी। यह भूल मुझे सदा संताप देती रहती है।। २० १/२ ।।

यच्चाहं पाण्डुपुत्रेषु गुणवत्सु महात्मसु ।। २१ ।।
न दत्तवान् श्रियं दीप्तां पितृपैतामहीमिमाम् ।
महात्मा पाण्डव गुणवान् हैं तथापि उनके बाप-दादोंकी यह उज्ज्वल सम्पत्ति भी मैंने उन्हें नहीं दी ।।

विनाशं पश्यमानो हि सर्वराज्ञां गदाग्रजः ।। २२ ।।
एतच्छ्रेयस्तु परमममन्यत जनार्दनः ।
समस्त राजाओंका विनाश देखते हुए गदाग्रज भगवान् श्रीकृष्णने यही परम कल्याणकारी माना कि मैं पाण्डवोंका राज्य उन्हें लौटा दूँ; परंतु मैं वैसा नहीं कर सका ।। २२ १/२ ।।

सोऽहमेतान्यलीकानि निवृत्तान्यात्मनस्तदा ।। २३ ।।
हृदये शल्यभूतानि धारयामि सहस्रशः ।
इस तरह अपनी की हुई हजारों भूलें मैं अपने हृदयमें धारण करता हूँ, जो इस समय काँटोंके समान कसक पैदा करती हैं ।। २३ १/२ ।।

विशेषतस्तु पश्यामि वर्षे पञ्चदशेऽद्य वै ।। २४ ।।
अस्य पापस्य शुद्ध्यर्थं नियतोऽस्मि सुदुर्मतिः ।
विशेषतः पंद्रहवें वर्षमें आज मुझ दुर्बुद्धिकी आँखें खुली हैं और अब मैं इस पापकी शुद्धिके लिये नियमका पालन करने लगा हूँ ।। २४ १/२ ।।

चतुर्थे नियते काले कदाचिदपि चाष्टमे ।। २५ ।।
तृष्णाविनयनं भुञ्जे गान्धारी वेद तन्मम ।
करोत्याहारमिति मां सर्वः परिजनः सदा ।। २६ ।।
कभी चौथे समय (अर्थात् दो दिनपर) और कभी आठवें समय अर्थात् चार दिनपर केवल भूखकी आग बुझानेके लिये मैं थोड़ा-सा आहार करता हूँ। मेरे इस नियमको केवल गान्धारी देवी जानती हैं। अन्य सब लोगोंको यही मालूम है कि मैं प्रतिदिन पूरा भोजन करता हूँ ।। २५-२६ ।।

युधिष्ठिरभयादेति भृशं तप्यति पाण्डवः ।
भूमौ शये जप्यपरो दर्भेष्वजिनसंवृतः ।। २७ ।।
नियमव्यपदेशेन गान्धारी च यशस्विनी ।