भारतकोश
संक्षिप्त योगवासिष्ठ

संक्षिप्त योगवासिष्ठ

Sankshipt Yoga Vasistha

महर्षि वाल्मीकि द्वारा

DevanagariHindipublished750 पृष्ठ

पृष्ठ 150, कुल 750 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 150

उत्पत्ति-प्रकरण ] * जगत्‌के अत्यन्ताभावका प्रतिपादन तथा मण्डपोपाख्यानका आरम्भ * ११५


ब्रह्म और स्व (आत्मा)—इन शब्दोंके अर्थमें कोई भेद है ही नहीं। इसलिये यहाँ जगत् आदि कोई भी दृश्य उत्पन्न नहीं हुआ है। नाम और रूपसे रहित चेतन ब्रह्म ही ज्यों-का-त्यों (निर्विकार भावसे विराज-मान है। इस रीतिसे मायामय महाकाशमें स्थित यह जगत् आवरणशून्य चेतन आकाशरूप परमात्मा ही है। इस विषयमें मण्डपोपाख्यान सुनाया जाता है, जो कानोंके लिये आभूषणरूप है। तुम ध्यान देकर इसे सुनो।

पूर्वकालमें इस भूतलपर पद्म नामसे प्रसिद्ध एक राजा हो गये हैं, जो अपने कुलरूपी सरोवरमें प्रफुल्ल कमलके समान शोभा पाते थे। वे राजलक्ष्मीसे सम्पन्न और अनेक पुत्रोंसे युक्त होते हुए भी विवेक-शील थे। वे मर्यादाका पालन करनेमें समुद्र और दोषरूपी तिनकोंको जला डालनेके लिये अग्निके समान थे। जैसे मेरुपर्वत देवताओंका आश्रम है, वैसे ही वे

विद्वानोंके समुदायको आश्रय देनेवाले थे। जैसे पूर्ण चन्द्रमाके उदयसे महासागर उल्लसित हो उठता है, उसी प्रकार उनके सुयशके विस्तारसे संसारका आनन्द-वर्धन होता था। वे सद्‌गुणरूपी हंसोंके लिये मान-सरोवर थे। संग्राम-भूमिमें शत्रुरूपी झाड़ियोंको कम्पित कर देनेके लिये प्रचण्ड पवन थे। मनरूपी मतवाले हाथीको वशमें करनेके लिये सिंह थे। समस्त विद्यारूपी वनिताओंके प्राणवल्लभ और सम्पूर्ण आश्चर्यमय गुणोंकी खान थे। देवद्रोही दैत्योंके सैन्य-समुद्रको मथ डालनेके लिये शोभाशाली मन्दराचल थे। भगवान् विष्णुके समान साहस और उत्साहसे सम्पन्न थे। सौजन्यरूपी कुमुदिनीके विकासके लिये शीतरश्मि चन्द्रमा थे तथा दुराचाररूपी विषकी बेलोंको भस्म करनेके लिये धधकती हुई आग थे।

राजा पद्मकी पत्नीका नाम था लीला। वह बड़ी सुन्दरी तथा सब प्रकारके सौभाग्यसे सम्पन्न थी। लीला इस भूतलपर प्रकट हुई लक्ष्मीके समान शोभा पाती थी। पति-सेवाके जितने प्रकार हो सकते हैं, उन सबमें निपुण होनेके कारण उसकी मनोरमता बढ़ गयी थी (अथवा सबके अनुकूल बर्ताव करनेके कारण वह सभीको प्रिय एवं मनोहर जान पड़ती थी)। वह सदा मीठे वचन बोला करती थी और आनन्दमग्न होकर मन्द-मन्द गतिसे चलती थी। जब वह मुस्कराती, उस समय ऐसा लगता, मानो दूसरे चन्द्रमाका उदय हो गया है। उसके अङ्ग गौर वर्णके थे। पतिकी प्राणवल्लभा लीला राजाके खिन्न होनेपर खिन्न हो उठती थी, उनके प्रसन्न होनेपर आनन्दमग्न हो जाती थी और जब वे किसी चिन्तासे व्याकुल होते, तब वह भी चिन्ताके कारण घबरा उठती थी। इस प्रकार सारी बातोंमें तो वह पतिके प्रतिबिम्बकी भाँति उनका अनुकरण एवं अनुसरण करती थी; परंतु उनके कुपित