संक्षिप्त योगवासिष्ठ
Sankshipt Yoga Vasistha
महर्षि वाल्मीकि द्वारा
पृष्ठ 152, कुल 750 में से
संदर्भ में पढ़ेंउत्पत्ति-प्रकरण ] * जगत्के अत्यन्ताभावका प्रतिपादन तथा मण्डपोपाख्यानका आरम्भ * ११७
करनेमें दत्तचित्त रहती थी। उन दिनों भी वह पहले-की ही भाँति ठीक समयपर पूरी चेष्टा और लगनके साथ शास्त्रोक्त रीतिसे क्रमशः पतिकी सेवा-शुश्रूषा करके उन्हें संतुष्ट रखती थी । अतः अपनी वर्तमान स्थितिका उसने पतिको पता नहीं लगने दिया । इस तरह नियम-पालनसे सुशोभित होनेवाली उस भोली-भाली लीलाने लगातार तीन सौ रातोंतक कष्टप्रद चेष्टाओंके द्वारा तपस्याका निर्वाह किया। सौ त्रिरात्र व्रतोंकी पूर्ति हो जानेपर उसके द्वारा पूजित और सम्मानित हो गौरवर्णा भगवती वागीश्वरी सरस्वती संतुष्ट हो उसके सामने प्रकट हुईं और बोलीं।
श्रीसरस्वतीजीने कहा—बेटी! तुमने जो निरन्तर तपस्या की है, वह तुम्हारी पति-भक्तिके कारण अधिक उत्कर्ष-शालिनी हो गयी है। उससे मैं तुमपर बहुत संतुष्ट हुई हूँ । अतः तुम मुझसे कोई मनोवाञ्छित वर ग्रहण करो।
रानी बोली—देवि! आप जन्म और जरारूपी अग्निकी ज्वालाओंसे उत्पन्न दाहरूपी दोषका शमन करनेके लिये चन्द्रमाकी प्रभाके समान हैं, आपकी जय हो। आप हृदयको अज्ञानान्धकार-राशिका निवारण करनेके लिये सूर्यदेवकी प्रभाके तुल्य हैं, आपकी जय हो। अम्ब! मातः! जगदम्बिके! इस दीन सेविकाका आप संकटसे उद्धार करें। शुभे! मैं आपसे जो दो वर माँगती हूँ, उन्हें मुझे देनेकी कृपा कीजिये। उनमें पहला वर तो यह है कि जब मेरे पतिदेवका शरीर छूट जाय, तब उनका जीव मेरे इस अन्तःपुरके मण्डपसे बाहर न जाय। और महादेवि! मैं दूसरा वर यह माँगती हूँ कि जब-जब मैं आपसे वर पानेके उद्देश्यसे दर्शन देनेकी प्रार्थना करूँ तब-तब आप मुझे अवश्य दर्शन दें।
लीलाकी यह बात सुनकर जगन्माता सरस्वतीने कहा—'बेटी! तुम्हारी यह अभिलाषा पूर्ण हो।' यह कहकर वे स्वयं वहाँसे अदृश्य हो गयीं—ठीक वैसे ही जैसे महासागरमें लहर उठकर स्वयं ही शान्त हो जाती है। तदनन्तर जिसकी इष्टदेवी संतुष्ट हो गयी थीं, वह राजरानी लीला संगीत सुनकर मस्त हुई मृगीके समान आनन्दमें मग्न हो गयी। इसके बाद पक्ष जिसके नेमिगोलक, मास जिसके मध्यगोलक तथा ऋतु जिसके नाभिगोलक हैं, दिन जिसके अरे हैं, वर्ष जिसका अक्षदण्ड (धुरा) है और क्षण जिसके नाभिका छेद है, ऐसे गतिशील कालचक्रके चलते रहनेसे लीलाके पतिकी चेतना सूखे पत्तेके रसकी भाँति देखते-ही-देखते शरीरमें सहसा अदृश्य हो गयी।