भारतकोश
संक्षिप्त योगवासिष्ठ

संक्षिप्त योगवासिष्ठ

Sankshipt Yoga Vasistha

महर्षि वाल्मीकि द्वारा

DevanagariHindipublished750 पृष्ठ

पृष्ठ 452, कुल 750 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 452

निर्वाण-प्रकरण पू० ] * शिलाके रूपमें ब्रह्मके स्वरूपका प्रतिपादन * ४११

प्रत्यक्ष करा रहे हो कि सागरके समान पूर्ण समता तुममें विद्यमान है । जिस-जिस वस्तुको तुम देख रहे हो, उस-उस वस्तुमें समानभावसे सत्तारूप सच्चिदानन्द-घन परमात्मा स्थित है ।

जिस प्रकार चित्रलिखित पुरुषमें संसारकी भावना नहीं हो सकती, उसी प्रकार दृश्य और दर्शनके सम्बन्धका अभाव होनेपर हृदयमें जगत्‌की भावना उत्पन्न नहीं हो सकती । चित्तके संकल्पसे उत्पन्न जगत् चित्तके संकल्पका अभाव होनेपर उसी प्रकार विलीन हो जाता है, जिस प्रकार जलकी चञ्चलतासे उत्पन्न तरङ्ग जलकी चञ्चलताका अभाव होनेपर विलीन हो जाती है । वासनाके त्यागसे, परमात्माके यथार्थ ज्ञानसे अथवा प्राणोंके निरोधसे चित्तके संकल्परहित हो जानेपर जगत् कहाँसे उत्पन्न होगा ? जब चित्त-संकल्पके अभावसे अथवा प्राणोंके निरोधसे चित्तका विनाश हो जाता है, तब जो बच रहता है, वही परमपद है । जहाँ चित्तका अभाव है, वहाँ वह सारा सुख स्वाभाविक ब्रह्मसुखरूप ही है । वह सुख स्वर्गादि भोगभूमियोंमें नहीं हो सकता । चित्तका विनाश होनेपर जो ब्रह्मविषयक सुख होता है, वह वाणीसे भी नहीं कहा जा सकता । वह सुख सब समय एकरस रहता है—न घटता है न बढ़ता है । परमात्माके यथार्थ ज्ञानसे चित्तका अन्त ( अभाव ) हो जाता है । बालकल्पित वेतालकी तरह अज्ञानसे मोह घनरूपता प्राप्त करता है । उस अज्ञानसे ही चित्तकी सत्ता प्रतीत होती है । ज्ञानीका चित्त चित्त नामसे नहीं कहा जाता, किंतु सत्त्व नामसे कहा जाता है । चित्तका स्वरूप वास्तवमें किसी भी कालमें नहीं है । उसका स्वरूप भ्रान्तिसे प्रतीत होता है । इसलिये भ्रान्तिका नाश होनेपर उसका विनाश हो जाता है । वह मिथ्या भ्रान्ति तत्त्वज्ञानसे शान्त हो जाती है; क्योंकि जो सद् वस्तु है, उसका अभाव कभी नहीं होता । जैसे खरगोशके सींगकी सत्ताका अभाव है, वैसे ही विकल्परूप मन आदिका भी अभाव है । वे सब आत्मामें आरोपित हैं । इसलिये उनका परमात्माके यथार्थ ज्ञानसे विनाश हो जाता है । ( सर्ग ४४-४५ )


शिलाके रूपमें ब्रह्मके स्वरूपका प्रतिपादन

श्रीवसिष्ठजी कहते हैं—राघवेन्द्र ! प्रेममय होनेसे स्निग्ध ( चिकनी ), स्वयम्प्रकाश होनेसे स्पष्ट, आनन्दमय होनेसे मृदुल स्पर्शवाली, अनन्त होनेके कारण महाविस्तारसे युक्त, प्रचुर होनेसे घन, नित्य विकाररहित एक ब्रह्मरूप महती शिला है । उस महाशिलाके भीतर मनःकल्पनाओसे अनन्त वे सभी भुवनादिरूप कमल विराज रहे हैं । यहाँपर मैंने यह कोई अपूर्व शिला ही दृष्टान्तरूपसे आपके समक्ष उपस्थित की है, जिसकी महाकुक्षिक भीतर यह सब जगत् प्रतीत होनेके कारण तो है, किंतु वास्तवमें नहीं है । तुमसे उस चिन्मय ब्रह्मरूप शिलाका ही मैंने कथन किया है, जिसके सङ्कल्पमें ये सारे जगत् विद्यमान हैं । इस सच्चिदानन्द ब्रह्ममें शिलाकी ज्यों घनता, एकरूपता आदि हैं । अत्यन्त घनीभूत अद्वैतांशी और पोलसे रहित इस सच्चिदानन्दघनरूप शिलाके अङ्दर यह जगत्-समूह कलित है । यद्यपि उस चेतनरूप शिलामें स्वर्ग, पृथिवी, वायु, आकाश, पर्वत, नदियों और दिशाएँ विद्यमान प्रतीत होती हैं, तथापि उसमें वस्तुतः तनिक भी अवकाश नहीं है । इस चेतनरूप शिलामें घनीभूत अवयवोवाला जगद्रूपी कमल विकसित हो रहा है । वह यद्यपि उससे पृथक्-सा प्रतीत होता है, तथापि वास्तवमें उससे पृथक् नहीं है । श्रीराम ! जैसे पत्थरमें चित्रकारकी मनःकल्पनासे शङ्ख, खड्ग आदि चित्र निर्मित किये जाते हैं, वैसे ही एकमात्र मनकी कल्पनासे इस चेतनरूप शिलामें भूत, वर्तमान और भविष्यत्—सारा संसार चित्रित किया गया है । प्राकृत शिलामें