भारतकोश
संक्षिप्त योगवासिष्ठ

संक्षिप्त योगवासिष्ठ

Sankshipt Yoga Vasistha

महर्षि वाल्मीकि द्वारा

DevanagariHindipublished750 पृष्ठ

पृष्ठ 457, कुल 750 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 457

४१६ * अविच्छिन्नचिदात्मकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ

आदिद्वारा नहीं जाना जा सकता और वह सदा विद्यमान होते हुए भी अश्रद्धालु विश्वासहीन पुरुषोंके लिये नहीं है। वही 'परमात्मा' इस नामसे कहा गया है तथा वही पाँचों इन्द्रिय और छठे मनसे अतीत है अर्थात् इनके द्वारा वह जाना नहीं जा सकता। 'उस परमात्मासे चेतन जीव उत्पन्न होता है' इत्यादि मननात्मक कल्पना एकमात्र शिष्योंको समझानेके लिये ही कही गयी है। वास्तवमें परमात्मासे भिन्न अन्य कुछ है ही नहीं। जैसे मृगतृष्णा-जलको प्रयत्नसे भी किसीने कहीं नहीं पाया, उसी प्रकार प्रतीत होनेपर भी जो अभावरूप पदार्थ हैं, वे प्रयत्नसे भी किस तरह पाये जा सकते हैं। क्योंकि असत् पदार्थ ही सत् प्रतीत होता है। उसकी सत्यता असद्रूप अविद्यासे ही है। ज्ञानसे तो जो वस्तु वास्तवमें जिस प्रकारकी रहती है, वह उसी प्रकारकी अनुभूत हो जाती है और भ्रान्ति नष्ट हो जाती है। ये इन्द्रिय, मन, प्राण आदि आन्तरिक पदार्थ हैं और ये घट आदि बाह्य पदार्थ हैं—ऐसे विचारवाला जीवात्मा जिसकी जैसी भावना कर लेता है, उसे वैसी ही प्रतीति होने लगती है। द्वैत एवं अद्वैतरूप यह सम्पूर्ण जगत् उसी प्रकार परमात्मासे ही बना है, जैसे ईंखके रससे खाँड और मिट्टीसे महान् घट। खाँड, घट आदिमें—देश, काल आदिसे परिच्छिन्न होनेके कारण—अवयव-विन्यास, विकार आदि हो सकते हैं; परंतु ब्रह्म तो देश, काल आदिसे परिच्छिन्न नहीं है; सुतरां उसमें वे विकार आदि वास्तवमें हो ही नहीं सकते। केवल ब्रह्ममें जगत्‌की कल्पनामात्र है। क्योंकि जिस प्रकार भूषणमें स्थित सुवर्णमें यानी सुवर्णके आभूषणमें सत्य एव असत्यरूप सुवर्णत्व और कटकत्व दोनों रहते हैं, उसी प्रकार परमात्मामें भी चेतनता और जड़ता दोनों रहती हैं। तात्पर्य यह कि जैसे स्वर्ण ही आभूषणके रूपमें प्रतीत होता है, वैसे ही चेतन ब्रह्म ही जड़ जगत्‌के रूपमें प्रतीत होता है।

जैसे मनुष्य स्वप्नमें शीघ्र ही दीवाल बनकर घट बन जाता है, वैसे ही मरणकालमें जीवात्मा दूसरा शरीर अपने-आप बन जाता है। स्वप्नमें अपने संकल्पसे ही जीवात्मा जन्मता-मरता है। वास्तवमें यह सब मिथ्या है। इस जीवकी अपनी वासना ही पाञ्चभौतिक देह होकर उसी प्रकार आगे खड़ी हुई-सी रहती है, जिस प्रकार बालकके आगे कल्पित असत्य महान् प्रेत खड़ा हुआ-सा रहता है। मन, बुद्धि, अहंकार एवं पाँच सूक्ष्म तन्मात्राएँ—इन आठोंका समूह पुर्यष्टक कहा गया है और यही 'आतिवाहिक' देह कहा गया है।* सजीव पहाड़, वृक्षरूप स्थावर आदि अवस्थाओंमें तथा कल्पवृक्षकी अवस्थाओंमें भी पाषाण-शिलाके समान घनीभूत जड़तावाली (तमोयुक्त) यह आतिवाहिक देह (लिङ्गशरीर) सुषुप्ति-अवस्थामें स्थितकी ज्यों ही स्थित रहती है। जीवात्माके यथार्थ ज्ञानसे ही मुक्ति होती है और उसी ज्ञानसे वह परमात्मस्वरूपको प्राप्त हो जाता है। जीवात्माके यथार्थ ज्ञानसे जो मुक्ति प्राप्त होती है, वह शास्त्रोंमें दो प्रकारकी बतलायी गयी है—एक जीवन्मुक्ति और दूसरी विदेहमुक्ति। जीवन्मुक्ति ही तुरीयावस्था है। उसके परे तुरीयातीत परम ब्रह्मपद है। यथार्थ ज्ञान होनेसे यह जीव प्रबोधस्वरूप हो जाता है यानी उत्कृष्ट चैतन्यात्मक ब्रह्मरूप हो जाता है और वह यथार्थज्ञान या बोध पुरुष-प्रयत्नसे साध्य है। जो जीवात्मा अपने सर्वव्यापी स्वरूपको यथार्थ जान जाता है, वह सच्चिदानन्दमय ही हो जाता है। किंतु जो जीव उपर्युक्त ज्ञानसे शून्य है, वह अज्ञानवश शिलाकी तरह दृढ़ीकृत अपने हृदयमें दीर्घतम संसारस्वप्न-भ्रान्तिरूप तीव्र भयका अनुभव करता रहता है। जीवके


* इन्हींको योगदर्शन (२। १९) और सांख्यकारिका (३) में शब्द-स्पर्श-रूप-रस-गन्धरूप पञ्चविषयात्मक सूक्ष्म तन्मात्राएँ कहा गया है, एवं गीतामें आकाश-वायु-तेज-जल-पृथ्वीरूप सूक्ष्म महाभूत बताया गया है (७।४; १३।५)।