भारतकोश
श्रीरामचरितमानस

श्रीरामचरितमानस

Shri Ramcharitmanas

गोस्वामी तुलसीदास द्वारा

स्रोत: Gita Press Gorakhpur · Gita Press Gorakhpur (उद्गम)

DevanagariHindipublished1,058 पृष्ठ

पृष्ठ 517, कुल 1058 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 517
  • अयोध्याकाण्ड *

५१५

मुनि पूँछब कछु यह बड़ सोचू । बोले रिषि लिखि सीलु सँकोचू ॥ सुनहु भरत हम सब सुधि पाई । बिधि करतब पर किछु न बसाई ॥

उनके मनमें यह बड़ा सोच है कि मुनि कुछ पूछेंगे [तो मैं क्या उत्तर दूँगा] । भरतजीके शील और संकोचको देखकर ऋषि बोले—भरत! सुनो, हम सब खबर पा चुके हैं । विधाताके कर्तव्यपर कुछ वश नहीं चलता ॥ ४ ॥

दो०— तुम्ह ग्लानि जियँ जनि करहु समुझि मातु करतूति ।

तात कैकइहि दोसु नहिं गई गिरा मति धूति ॥ २०६ ॥

माताकी करतूतको समझकर (याद करके) तुम हृदयमें ग्लानि मत करो । हे तात! कैकेयीका कोई दोष नहीं है, उसकी बुद्धि तो सरस्वती बिगाड़ गयी थी ॥ २०६ ॥

यहउ कहत भल कहिहि न कोऊ । लोकु बेदु बुध संमत दोऊ ॥

तात तुम्हार बिमल जसु गाई । पाइहि लोकउ बेदु बड़ाई ॥

यह कहते भी कोई भला न कहेगा, क्योंकि लोक और वेद दोनों ही विद्वानोंको मान्य है । किन्तु हे तात! तुम्हारा निर्मल यश गाकर तो लोक और वेद दोनों बड़ाई पावेंगे ॥ १ ॥

लोक बेद संमत सबु कहई । जेहि पितु देइ राजु सो लहई ॥

राउ सत्यव्रत तुम्हहि बोलाई । देत राजु सुखु धरमु बड़ाई ॥

यह लोक और वेद दोनोंको मान्य है और सब यही कहते हैं कि पिता जिसको राज्य दे वही पाता है । राजा सत्यव्रती थे; तुमको बुलाकर राज्य देते, तो सुख मिलता, धर्म रहता और बड़ाई होती ॥ २ ॥

राम गवनु बन अनरथ मूला । जो सुनि सकल बिस्व भइ सूला ॥

सो भावी बस रानि अयानी । करि कुचालि अंतहुँ पछितानी ॥

सारे अनर्थकी जड़ तो श्रीरामचन्द्रजीका वनगमन है, जिसे सुनकर समस्त संसारको पीड़ा हुई । वह श्रीरामका वनगमन भी भावीवश हुआ । बेसमझ रानी तो भावीवश कुचाल करके अन्तमें पछतायी ॥ ३ ॥

तहँउँ तुम्हार अलप अपराधू । कहै सो अधम अयान असाधू ॥

करतेहु राजु त तुम्हहि न दोषू । रामहि होत सुनत संतोषू ॥

उसमें भी तुम्हारा कोई तनिक-सा भी अपराध कहे, तो वह अधम, अज्ञानी और असाधु है । यदि तुम राज्य करते तो भी तुम्हें दोष न होता । सुनकर श्रीरामचन्द्रजीको भी सन्तोष ही होता ॥ ४ ॥

दो०— अब अति कीन्हेहु भरत भल तुम्हहि उचित मत एहु ।

सकल सुमंगल मूल जग रघुबर चरन सनेहु ॥ २०७ ॥