श्री चैतन्य चरितामृत (कृष्णदास कविराज गोस्वामी - सम्पूर्ण आदि, मध्य एवं अन्त्य लीला)
Sri Chaitanya Charitamrita of Krishnadas Kaviraj with Hindi Commentary
श्रील कृष्णदास कविराज गोस्वामी द्वारा
पृष्ठ 669, कुल 2549 में से
संदर्भ में पढ़ें12/38-45 ] उन्हें प्रेमयोगका अधिकार नहीं मिलेगा? जगत्की माता आइ सबकी जीवन-स्वरूप हैं। हे प्रभु! कृपया अपनी मायाको हटाइये और उन्हें भक्ति प्रदान कीजिये। हे प्रभु! आप जिनके पुत्र हैं, वे सबकी जननी हैं। पुत्रके प्रति माताका अपराध कैसा? यदि वैष्णवके प्रति कोई अपराध हुआ है, तो उसे खण्डित करके उनपर कृपा कीजिये।” महाप्रभुने कहा, -“मैं उपदेश कर सकता हूँ, परन्तु वैष्णवापराधका खण्डन नहीं कर सकता। जिस वैष्णवके प्रति जिसका अपराध होता है, केवल उसके द्वारा क्षमा किये जानेपर ही उसे अपराधसे मुक्ति मिलती है। अन्य कोई उपाय नहीं है। दुर्वासामें अम्बरीषके प्रति अपराध किया था। तुम जानते हो, उसका खण्डन (निवारण) कैसे हुआ? उनका अद्वैताचार्यके प्रति एक अपराध है। यदि अद्वैताचार्य उन्हें क्षमा कर देते हैं, तो उन्हें प्रेमभक्ति मिल जायेगी। यदि अद्वैताचार्यके चरणोंकी धूलि वे अपने सिरपर धारण कर लेती हैं, तो मेरी आज्ञासे उन्हें प्रेम भक्ति उपलब्ध हो जायेगी।” तब सब मिलकर एकसाथ श्रीअद्वैताचार्यके पास गये और उन्हें सब कुछ बताया। सुनकर श्रीअद्वैताचार्यने विष्णुका स्मरण किया और कहने लगे, - “तुम सब मेरा जीवन लेना चाहते हो। जिनके गर्भसे मेरे प्रभुका अवतार हुआ है, वे मेरी जननी हैं और मैं उनका पुत्र हूँ। मैं जिन आइकी चरण-धूलिका पात्र हूँ, उन आइका प्रभाव मैं तिल-मात्र भी नहीं जानता हूँ। जगन्माता आइ विष्णु-भक्तिस्वरूपिणी हैं। तुम लोग ऐसी बातें क्यों कर रहे हो? प्राकृत-शब्दके रूपमें भी जो 'आइ' बोलेगा, 'आइ' शब्दके प्रभावसे उसका दुःख नहीं रहेगा। गङ्गामें और आइमें कोई भेद नहीं है। देवकी-यशोदा और आइ एक ही तत्त्व है।” आइके तत्त्वके बारेमें कहते-कहते श्रीअद्वैताचार्य आविष्ट हो गये और बाह्य ज्ञान रहित होकर भूमिपर गिर पड़े। समय और सुयोग पाकर आइ बाहर आईं एवं श्रीअद्वैताचार्यकी चरण-धूलि अपने सिरपर धारण कर ली। आइ परम वैष्णवी हैं, मूर्तिमती भक्ति हैं। विश्वम्भरको गर्भमें धारण करनेमें जिनकी सेवा-शक्ति है। उन्होंने जब आचार्यकी चरण-धूलि ग्रहण की, तब वे विह्वल होकर गिर पड़ीं और उनका बाह्य ज्ञान लुप्त हो गया। वैष्णवमण्डली 'हरि-हरि' की ध्वनि करने लगी। सिंहासनके ऊपर विराजमान महाप्रभु हँसने लगे और प्रसन्न होकर जननीसे बोले, -“इस क्षणसे आपको विष्णुभक्ति मिल गयी, अद्वैताचार्यके प्रति अब आपका और कोई अपराध नहीं है।” महाप्रभुके श्रीमुखसे अनुग्रह-रूप वचनोंको सुनकर सभी 'जय-जय-हरि' की ध्वनि करने लगे। शिक्षागुरु भगवान्ने जननीको उपलक्ष्य करके सबको वैष्णवापराधके विषयमें सावधान रहनेके लिये कहा है। यदि शूलपाणि (महादेव) के समान (शक्ति सम्पन्न) भी कोई व्यक्ति वैष्णवकी निन्दा करता है, तो वह विनाशको प्राप्त होता है, यही शास्त्रोंका तात्पर्य है। इसे न मानते हुए जो व्यक्ति सज्जनकी निन्दा करता है, वह पापिष्ठ जन्म-जन्ममें दैवदोषके कारण मरता है। गौरसुन्दरकी जननीको भी जब वैष्णवोंके प्रति अपराधिनी माना गया है, तब दूसरोंका क्या कहना? ॥38-43 ॥ कमलाकान्तका दण्ड देखकर महाप्रभुके प्रति श्रीअद्वैतके वचन :- प्रभुरे कहेन, – “तोमार ना बुझि ए लीला। आमा हैते प्रसादपात्र करिला कमला ॥ 44 ॥ आमारेह कभु येइ ना हय प्रसाद। तोमार चरणे आमि कि कैनु अपराध ॥” 45 ॥ अनुवाद-श्रीअद्वैताचार्यने महाप्रभुसे कहा- “मैं आपकी लीलाको समझ नहीं पा रहा हूँ। आपने मुझसे अधिक कृपा कमलाकान्तपर की है। आपने कभी मुझपर ऐसी कृपा नहीं की है। मैंने आपके चरणकमलोंमें ऐसा क्या अपराध किया है?॥” 44-45 ॥ बारहवाँ अध्याय | 133