महाभारत (खंड ४) - द्रोण, कर्ण, शल्य, सौप्तिक व स्त्री पर्व
Mahabharata (Vol 4) - Drona, Karna, Shalya, Sauptika and Stri Parva
महर्षि कृष्णद्वैपायन वेदव्यास द्वारा
पृष्ठ 1558, कुल 3237 में से
संदर्भ में पढ़ेंआप जीवात्मासे अभिन्न अनुभव किये जानेवाले सबके आत्मा हैं, ऐसा जाननेवाला विद्वान् पुरुष विशुद्ध ब्रह्मभावको प्राप्त होता है। देववर्य! मैंने आपके सत्कारकी शुभ इच्छा लेकर यह स्तवन किया है। स्तुतिके सर्वथा योग्य आप परमेश्वरका मैं चिरकालसे अन्वेषण कर रहा था। जिनकी भलीभाँति स्तुति की गयी है ऐसे आप अपनी मायाको दूर कीजिये और मुझे अभीष्ट दुर्लभ वर प्रदान कीजिये ।। ७८ ।।
व्यास उवाच
तस्मै वरानचिन्त्यात्मा नीलकण्ठः पिनाकधृत् । अर्हते देवमुख्याय प्रायच्छदृषिसंस्तुतः ॥ ७९ ॥
व्यासजी कहते हैं—द्रोणकुमार! नारायण ऋषिके इस प्रकार स्तुति करनेपर अचिन्त्यस्वरूप, पिनाकधारी, नीलकण्ठ भगवान् शिवने वर पानेके सर्वथा योग्य उन देवप्रधान नारायणको बहुत-से वर दिये ।। ७९ ।।
श्रीभगवानुवाच
मत्प्रसादान्मनुष्येषु देवगन्धर्वयोनिषु । अप्रमेयबलात्मा त्वं नारायण भविष्यसि ॥ ८० ॥
श्रीभगवान् बोले—नारायण! तुम मेरे कृपा-प्रसादसे मनुष्यों, देवताओं तथा गन्धर्वोंमें भी असीम बल-पराक्रमसे सम्पन्न होओगे ।। ८० ।।
न च त्वां प्रसहिष्यन्ति देवासुरमहोरगाः । न पिशाचा न गन्धर्वा न यक्षा न च राक्षसाः ॥ ८१ ॥ न सुपर्णास्तथा नागा न च विश्वे वियोनिजाः । न कश्चित् त्वां च देवोऽपि समरेषु विजेष्यति ॥ ८२ ॥
देवता, असुर, बड़े-बड़े सर्प, पिशाच, गन्धर्व, यक्ष, राक्षस, सुपर्ण, नाग तथा समस्त पशुयोनिके (सिंह, व्याघ्र आदि) प्राणी भी तुम्हारा वेग नहीं सह सकेंगे। युद्धस्थलोंमें कोई देवता भी तुम्हें जीत नहीं सकेगा ।। ८१-८२ ।।
न शस्त्रेण न वज्रेण नाग्निना न च वायुना । न चार्द्रेण न शुष्केण त्रसेन स्थावरेण च ॥ ८३ ॥ कश्चित् तव रुजां कर्ता मत्प्रसादात् कथंचन । अपि वै समरं गत्वा भविष्यसि ममाधिकः ॥ ८४ ॥
शस्त्र, वज्र, अग्नि, वायु, गीले-सूखे पदार्थ और स्थावर एवं जंगम प्राणीके द्वारा भी कोई मेरी कृपासे किसी प्रकार तुम्हें चोट नहीं पहुँचा सकता। तुम समरभूमिमें पहुँचनेपर मुझसे भी अधिक बलवान् हो जाओगे ।। ८३-८४ ।।
एवमेते वरा लब्धाः पुरस्ताद् विद्धि शौरिणा । स एष देवश्चरति मायया मोहयज्जगत् ॥ ८५ ॥