चन्दायन (मुल्ला दाऊद - प्राचीनतम अवधी सूफी-प्रेमाख्यान सटीक)
Chandayan of Mulla Daud with Hindi Commentary
मुल्ला दाऊद (१३७९ ई.) / डॉ. परमेश्वरीलाल गुप्त द्वारा
पृष्ठ 34, कुल 520 में से
संदर्भ में पढ़ेंपरिचय कवि दाऊदके जीवन-वृत्तपर प्रकाश डालने वाले तथ्योंकी जानकारीके साधन अभी उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने चन्दायणके आरम्भमें जो आत्म-परिचय दिया है, वह हमें उपलब्ध किसी प्रतिमें प्राप्त नहीं है। बीकानेरवाली प्रतिमें सम्भवतः यह अंश अक्षुण्ण है; किन्तु उस प्रतिकी जानकारी अभी तक रावतसारस्वत तक ही सीमित है। उन्होंने उसका जो संक्षिप्त विवरण वरदा में प्रकाशित किया है उससे दाऊद के सम्बन्धमें कुछ ही बातोंकी जानकारी हो सकी है। बीकानेरवाली प्रतिके आदि-शीर्षकमें दाऊदको डलमई कहा गया है। इससे ज्ञात होता है कि वे या तो डलमऊके निवासी थे अथवा डलमऊ उनका निवास- स्थान था। दाऊदने डलमऊका वर्णन अपने ग्रन्थमें किया है और उसे गंगा-तटपर बसा बताया है। गंगा-तटपर बसा हुआ डलमऊ आज भी उत्तर प्रदेशके रायबरेली जिलेका एक प्रसिद्ध कस्बा है जो रायबरेलीसे ४४ मील और कानपुरसे ६१ मीलपर स्थित रेलवे जंकशन है। अवधके प्रादेशिक तथा रायबरेलीके जिला गजेटियरमें कहा गया है कि दिल्लीके सुल्तान इल्तुतमिश (अल्तमश) के शासन कालमें इस नगरने समृद्धि प्राप्त की थी। उस समयमें वहाँ मखदूम बद्रुद्दीन रहा करते थे। फीरोजशाह तुगलकके शासनकालमें वहाँ इस्लाम धर्म और विद्याके अध्ययनके लिए एक विद्यालयकी स्थापना हुई थी। इधर उपलब्ध एक पृष्ठसे अनुमान होता है कि दाऊदके पिताका नाम मलिक मुबारिक और पितामहका नाम मलिक बर्पा था। मलिक मुबारिक डलमऊके मीर (न्यायाधीश) थे और उनपर दिल्ली सुल्तान फीरोजशाह तुगलकके मन्त्री खान-ए जहाँकी कृपा थी।१ मुगलकालीन सुप्रसिद्ध इतिहासकार अब्दुलकादिर बदायूनीके कथनानुसार दाऊदको खान-ए-जहाँके पुत्र मौना शाहका आश्रय प्राप्त था। जान पड़ता है अपने पिताके सम्पर्कसे दाऊद भी खान-ए-जहाँके और उसकी मृत्युके पश्चात् उसके पुत्र मौना शाहके कृपापात्र बन गये थे। दाऊदने अपने ग्रन्थमें खान ए-जहाँकी भूरि भूरि प्रशंसा की है। यदि दाऊदके पिता और पितामहकी उपाधि मलिक थी तो यह अनुमान कर लेना सहज है कि वे स्वयं भी मलिक दाऊद कहे जाते रहे होंगे। मिश्रबन्धुने उन्हें १ ये मलिक मुबारिक शेख हुसेनके१ सर्वथा भिन्न थे जिन्हें तारीख ए हुसैनीके रचयिताने मसनद- महालीकी निजी खोजोंका मूल स्रोत (मौलानाजादा) करार दिया है।