भारतकोश
गीतावली (गोस्वामी तुलसीदास - गीताप्रेस सम्पूर्ण ७ काण्ड सान्वय सटीक)

गीतावली (गोस्वामी तुलसीदास - गीताप्रेस सम्पूर्ण ७ काण्ड सान्वय सटीक)

Gitavali of Goswami Tulsidas with Gita Press Commentary

गोस्वामी तुलसीदास द्वारा

DevanagariHindipublished454 पृष्ठ

पृष्ठ 97, कुल 454 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 97

६१ बालकाण्ड विश्वामित्रजीका आगमन राग सारङ्ग [ ४७ ] चहत महामुनि जाग जयो । नीच निसाचर देत दुसह दुख, कृस तनु ताप तयो ॥ १ ॥ सापे पाप, नये निदरत खल, तब यह मंत्र ठयो । बिप्र-साधु-सुर-धेनु-धरनि-हित हरि अवतार लयो ॥ २ ॥ सुमिरत श्रीसारंगपानि छनमें सब सोच गयो । चले मुदित कौसिक कोसलपुर, सगुननि साथ दयो ॥ ३ ॥ करत मनोरथ जात पुलकि, प्रगटत आनंद नयो । तुलसी प्रभु-अनुराग उमगि मग मंगल-मूल भयो ॥ ४ ॥ महामुनि विश्वामित्रजी यज्ञ पूर्ण करना चाहते हैं, परन्तु नीच निशाचरगण दुःसह दुःख देते हैं । अतः उस चिन्तासे सन्तप्त रहनेके कारण उनका शरीर सूख गया है ॥ १ ॥ वे यदि शाप देते हैं तो उन्हे पाप लगता है और यदि झुकते हैं तो दुष्ट निशाचरादि उनका तिरस्कार करते हैं । अतः उन्होंने यह विचार किया—'ब्राह्मण, साधु, देवता, गौ और पृथ्वीके हितके लिये इस समय श्रीहरिने अवतार लिया है' ॥ २ ॥ इस प्रकार श्रीशार्ङ्गपाणिकी याद आते ही क्षणभरमें उनका सारा शोक दूर हो गया । अतः मुनिवर कौशिक प्रसन्न चित्तसे अयोध्यापुरीको चल दिये । इन समय शकुनोंने भी उनका साथ दिया ॥ ३ ॥ वे मार्गमें तरह-तरहके मनोरथ करते जाते थे; उस समय उनके शरीरमें पुलकावली हो आनेसे नया-नया आनन्द प्रकट होता था । तुलसीदास कहते हैं—प्रभु-प्रेमके अनुरागकी उमङ्गमें उन्हें वह मार्ग बड़ा मङ्गलमय हो गया ॥ ४ ॥