कम्ब रामायण (महाकवि कम्बन - प्रामाणिक हिन्दी अनुवाद)
Kamba Ramayana Hindi
महाकवि कम्बन द्वारा
स्रोत: Kamba Ramayana in Hindi Translation (Vol 1) (उद्गम)
पृष्ठ 381, कुल 549 में से
संदर्भ में पढ़ेंअरण्यकाण्ड ३७३
चन्द्र तुरन्त तृतीया का चन्द्र बनकर एक ओर प्रकट हुआ। अब कहो तो सदा प्रभावशाली रहनेवाली तपस्या से बढकर योग्य कार्य दूसरा कौन-सा है?¹
पश्चिम दिशा में उदित उस चन्द्रकला को देखकर, क्रूर गुणवाला रावण कहने लगा—यह (चन्द्रकला) वडवाग्नि है, वह नहीं, तो यह धरती का वहन करनेवाले शेषनाग का विष-दन्त है, अगर वह भी नहीं है तो, मध्या-काल मुझे मारने के लिए ही इस (चन्द्रकला-रूपी) कटार को लेकर आया है।
पूर्वकाल में जब शीतल तरंगों से पूर्ण समुद्र से दारुण विष उत्पन्न हुआ, तब उसे अपने कंठ के भीतर रखनेवाले शिव ने इस चन्द्रकला को भी पुण्य-रज से पूर्ण अपने जटाजूट में रख लिया था. शायद वह इसी कारण से होगा कि यह (चन्द्र-कला) भी विषमयी है।
वज्र के समान भयकर रूप में सञ्चरण करते हुए जिस चंद्र ने मेरे प्राण पी लिये थे, उससे, उसका यह परिवर्तित लघु रूप, कठोरता में कुछ कम नहीं है। दारुण कोप से भरे विषमयी सर्प के बड़े आकार की अपेक्षा उस (सर्प) का छोटा रूप क्या अपने विष के प्रभाव में कुछ कम होता है?
(फिर, रावण कहने लगा) अति घोर अंधकार का गुण कैसा होता है—यह भी देखें। इस चन्द्रकला से तो पूर्व आगत सूर्य ही अच्छा था। इस (चन्द्रकला) को शीघ्र हटा दो। पराक्रम से प्रसिद्ध रहनेवाले मुझ को ही यह (चन्द्रकला) तपाती है, तो अब यह कैसे कहा जा सकता है कि मत्त लोकों में कोई इसकी पीडा से बचकर जीवित रह सकता है?
उस समय, उस चन्द्रकला के हट जाते ही अंधकार इतना घना होकर आ पहुँचा कि उसे छुआ जा सकता था। उसपर किसी भी वस्तु को रगड़ा जा सकता था। चाहे तो कोई उसे (अर्थात्, अंधकार को) खड्ग से काट सकता था या उसे (अंधकार को) खराद पर चढ़ाकर उसके खंभे बनाकर रखा जा सकता था।
अब क्या यह कहा जाय कि उस अंधकार को काठ की तरह काट-काटकर टुकड़े बनाकर फेंका जा सकता था? वह अंधकार इतना काला था, जितना निर्दोष तत्त्वज्ञान-रूपी प्रकाश के प्रविष्ट न होने से अंधा बनकर किंचित् भी दयाभाव से हीन (किसी भ्रष्ट व्यक्ति का) हृदय काला होता है।
कहीं भी भिन्न न रहनेवाला (अर्थात्, अत्यन्त घना रहनेवाला) वह अंधकार अंतराल को सर्वत्र भरकर व्याप्त हुआ और सारी धरती को निगल लिया। तब रावण ने कहा—(शायद) विष को निगलनेवाले शिव ने यह न सोचकर कि यह (विष) सारे विश्व को मिटा देगा, उसे उगल दिया है।
मैंने ठीक-ठीक जान लिया है कि यह (अंधकार) समुद्र से उत्पन्न होकर शिवजी के द्वारा निगला गया विष नहीं है। यह, धरती, आकाश आदि सब प्रदेशों को अपनी जिह्वाओं से चाटनेवाली प्रलयाग्नि ही है, जो काले हलाहल विष को पीकर स्वयं कालीपड़ गई है।
१. भाव यह है—रावण ने पूर्वकाल में बड़ी तपस्या की थी, जिसके परिणामस्वरूप चन्द्र-सूर्य आदि भी उसकी आज्ञा के पालक बने हुए थे। अतः, तपस्या ही सबसे उत्तम कार्य है। —अनु०