भारतकोश
मार्क्सवाद और रामराज्य (स्वामी करपात्री जी महाराज - साम्यवाद समीक्षा एवं वैदिक समाज-दर्शन)

मार्क्सवाद और रामराज्य (स्वामी करपात्री जी महाराज - साम्यवाद समीक्षा एवं वैदिक समाज-दर्शन)

Marxvad aur Ramrajya of Swami Karpatri Maharaj

धर्मसम्राट् स्वामी करपात्री जी महाराज द्वारा

DevanagariHindipublished866 पृष्ठ

पृष्ठ 281, कुल 866 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 281

२६६ मार्क्सवाद और रामराज्य

चाहिये । दूसरा श्रेय वैज्ञानिकोंको सहायता, प्रोत्साहन एव सामग्री देनेवाले धनवानोंको होना चाहिये । जबतक वे पुराने स्वत्वके नियमोमे रद्दोबदल नहीं चाहते, केवल मजदूरोकी इच्छामात्रसे रद्दोबदल कैसे हो सकता है ? बड़े-बड़े वैज्ञानिक, आविष्कारक, अन्वेषक एव धनवान् आदि तो कम्युनिष्टोके मतानुसार शोषित वर्गमें नहीं आ सकते, वे तो शोषक वर्गमें ही चले जायेंगे । फिर वे पुरानी व्यवस्थामें रद्दोबदल क्यों चाहेंगे ? केवल आविष्कारकोंके आविष्कारो, यन्त्रो एव मजदूरोके प्रयत्नसे ही नहीं उत्पादन होता, किंतु उसमें पूँजी भी अपेक्षित होती है । यदि पूँजी न हो तो यन्त्र ही कहाँसे खरीदे जायें ? मजदूरोके लिये मजदूरी कहाँसे आये ? वैज्ञानिकों, अन्वेषकोको सुविधा भी कहाँसे मिले ? अतः उत्पादन-साधनमे रद्दोबदलका मुख्य श्रेय पूँजीपतिको ही क्यो न दिया जाय ? इसके अतिरिक्त कोयला, पेट्रोल, लोहा, ताँबा, गन्धक आदिकी खाने तथा अन्य कच्चे माल न हों तो वैज्ञानिक, पूँजीपति, मजदूर कोई भी उसका उत्पादन नहीं कर सकेगा, न यन्त्र बना सकते हैं, न उत्पादन-साधनोमे ही रद्दोबदल कर सकते हैं । वस्तुतः ईश्वर ही वह वस्तु है जिसके अखण्ड भण्डार प्रकृतिमें ही विभिन्न खाने हैं । जिसकी पृथ्‍वीसे ही लोहा, सोना, हीरा, गन्धक, पारा, कपास, अन्न, फल आदि कच्चे माल पैदा होते हैं । इनके बिना पूँजीपति, वैज्ञानिक, मजदूर सब बेकार हैं । इतना ही क्यो, वैज्ञानिकोंके बल, दिमाग, बुद्धि भी ( जिसके द्वारा वे भिन्न-भिन्न आविष्कार करते हैं ) किसी लौकिक अन्वेषकका आविष्कार नहीं है; किंतु ईश्वरका ही आविष्कार है । मजदूरोके देह-मन-बुद्धिमें कार्यक्षमता भी ईश्वरदत्त ही है । अतः ईश्वरीय शक्तियो एव वस्तुओके सहारे कुछ अन्वेषण या उत्पादन बढाने मात्रके कारण कुछ व्यक्तियो या व्यक्तिसमूहोको ईश्वरीय धार्मिक सामाजिक नियमोमें रद्दोबदल करनेका अधिकार हर्रिगज नहीं है । रहा यह कि 'बहुमतके आधारपर उनका रद्दोबदल किया जाय ।' तो यह भी ठीक नहीं । कारण, मार्क्सवादी बहुमतका कोई महत्त्व नही मानते । जिसमें शोषक पूँजी- पतिके मतका भी उपयोग किया जा सके, ऐसा बहुमत कम्युनिष्टको सर्वथा अमान्य है । शोषको एव शोषितोके वोटोका समानरूपसे महत्त्व देनेका कम्युनिष्ट मखौल उड़ाते हैं । दूसरोके यहाँ भी बहुमत उसी हदतक आदरणीय हो सकता है, जहाँतक बहुमत विशेषज्ञोके मतसे न टकराये । जैसे रोगीकी चिकित्साके सम्बन्धमें चिकित्साविशेषज्ञ वैद्य-डाक्टरके मुकाबले सामान्य जनोके बहुमतका कोई मूल्य नहीं है । घडी आदि यन्त्रोंके सुधार या निर्माण आदिके सम्बन्धमे यन्त्रविशेषज्ञ एवं शिल्पीके मुकाबले सामान्य जन-बहुमतकी कोई कीमत नहीं है । एक नेत्रवान्‌के कथनानुसार शङ्खकी शुक्लताका निर्णय होगा । दम या दस लाख अथवा दस करोड़ अन्धोंकी सम्मतिसे शङ्खकी कृष्णता अमान्य होती है । ठीक

मार्क्सवाद और रामराज्य (स्वामी करपात्री जी महाराज - साम्यवाद समीक्षा एवं वैदिक समाज-दर्शन) · पृष्ठ 281, कुल 866 में से · BharatKosha