भारतकोश
नीति शतक (भर्तृहरि - डॉ. राकेश शास्त्री हिन्दी व्याख्या सहित)

नीति शतक (भर्तृहरि - डॉ. राकेश शास्त्री हिन्दी व्याख्या सहित)

Niti Shataka of Bhartrihari Hindi

महाराज भर्तृहरि द्वारा

स्रोत: Neeti Shataka with Sanskrit Shlokas, Anvaya & Hindi Commentary by Dr. Rakesh Shastri (उद्गम)

DevanagariHindipublished194 पृष्ठ

पृष्ठ 53, कुल 194 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 53

नीतिशतकम् ३१

अन्वय- स्वजने दाक्षिण्यम्, परिजने दया, दुर्जने सदा शाठ्यम् साधुजने प्रीतिः, नृपजने नयः, विद्वज्जनेषु आर्जवम्, शत्रुजने शौर्यम्, गुरुजने क्षमा, नारीजने धूर्तता च ये पुरुषाः एवं कलासु कुशलाः तेषु एव लोकस्थितिः (वर्तते)।

अनुवाद- बंधुजनों में उदारता, सेवकों पर दया, दुष्टों के प्रति सदा शठता, सज्जनों के प्रति प्रेम, राजा के प्रति नीति, विद्वज्जनों के प्रति सरलता, शत्रुओं के प्रति वीरता, गुरुओं के प्रति क्षमा और नारियों के प्रति धूर्तता (का आचरण) जो पुरुष इस प्रकार कलाओं में कुशल हैं, उनमें ही लोकमर्यादा (बनी रहती है)।

व्याख्या- यदि मनुष्य इस संसार में सफल होना चाहता है तो उसे अपना व्यवहार भिन्न-भिन्न लोगों के साथ भिन्न-भिन्न प्रकार करना चाहिए, पुनः किसके साथ कैसा व्यवहार करे। इसी का कथन करते हुए कवि कहता है कि— व्यक्ति को अपने बन्धुओं, आत्मीयों के प्रति अत्यन्त उदारतापूर्वक व्यवहार करना चाहिए, अपने सेवकों के प्रति दयाभाव रखते हुए आचरण करना चाहिए क्योंकि क्रूरता के आचरण से सेवकों के विरोधी होने की सम्भावना रहती है।

इसी प्रकार दुर्जनों के प्रति दुष्टतापूर्वक आचरण से ही वे नियन्त्रित रहते हैं, सज्जनों के प्रति प्रेम पूर्ण व्यवहार ही उचित है। जब भी राजा के साथ व्यवहार करना हो तो नीति के अनुसार ही करना चाहिए, विद्वानों के साथ कभी भी व्यक्ति को कुटिल आचरण नहीं करना चाहिए, अपितु सरलतापूर्वक ही बर्तना चाहिए।

शत्रुओं के साथ वीरतापूर्वक व्यवहार ही व्यक्ति को सामर्थ्यशाली बनाता है, जो हमसे विद्या में बढ़े हुए हैं अथवा आयु में बड़े हैं, उन गुरुओं के प्रति, सदैव उनके द्वारा नाराज होने पर भी क्रोधित न होते हुए क्षमापूर्वक आचरण करना चाहिए। स्त्रियों के साथ सरलता का व्यवहार व्यक्ति के नाश का कारण बनता है। अतः उनके साथ धूर्तता, अत्यन्त चालाकी-पूर्वक व्यवहार करना चाहिए।

अन्त में कवि कहता है कि इस संसार में जो लोग इस प्रकार व्यवहार करने की कला में निपुण हैं, उनके कारण ही समाज में संतुलन रूप मर्यादा बनी रहती है, अन्यथा अव्यवस्था की पूरी-पूरी सम्भावना है।

विशेष- १. व्यक्ति को इस संसार में किसके साथ कैसा व्यवहार करना उचित है, इसका अत्यन्त सुन्दर चित्रण प्रस्तुत श्लोक में किया गया है।

२. स्त्रियों के प्रति धूर्तता के आचरण की बात सम्भवतः कवि ने अपनी जीवन में कटु अनुभव के कारण कही है।

३. दुर्जनों के प्रति शठता की बात "शठे शाठ्यं समाचरेत्" में भी कही गई है।

४. लोकव्यवहारकुशल बनने के लिए, जीवन में सफल होने के लिए, श्लोक के अनुसार आचरण अत्यावश्यक है।

५. शार्दूलविक्रीडित छन्द का प्रयोग हुआ है।