भारतकोश
रामायण मीमांसा (स्वामी करपात्री जी महाराज - रामायण दार्शनिक महाग्रन्थ एवं सम्पूर्ण चरित्र-मीमांसा)

रामायण मीमांसा (स्वामी करपात्री जी महाराज - रामायण दार्शनिक महाग्रन्थ एवं सम्पूर्ण चरित्र-मीमांसा)

Ramayana Mimamsa of Swami Karpatri Maharaj

धर्मसम्राट् स्वामी करपात्री जी महाराज द्वारा

DevanagariHindipublished1,049 पृष्ठ

पृष्ठ 26, कुल 1049 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 26

हो जायगा। उनको यह नहीं विदित था कि श्रीसीता अनन्त ब्रह्माण्डों की जननी, आनन्दसिन्धु रामचन्द्र के माधुर्य- सारसर्वस्व की अधिष्ठात्री महाशक्ति हैं। उन्होंने लङ्का का अन्न-जल-फल ग्रहण किये बिना ही, इन्द्रप्रदत्त विशिष्ट चरु को एक ही बार ग्रहण कर, लङ्का में काल यापन किया था। वे भानु की प्रभा, चन्द्र की चन्द्रिका एवं गङ्गा की पवित्रता के तुल्य आनन्दसिन्धु भगवान् राम की माधुर्यसारसर्वस्वरूपा ही थीं। पुनश्च देवताओं, ऋषियों, वानरों एवं राक्षसों के सामने श्रीसीताजी ने अग्नि-प्रवेश किया और सबके समक्ष साक्षात् वैश्वानर अग्नि ने उनके पावित्र्य को प्रमाणित किया था। श्रीब्रह्मा एवं श्रीशिव ने उनके पावित्र्य को परिपुष्ट किया था। तथापि उसका वर्णन श्रीराम के पक्ष की ओर से होने में शासकीय प्रचारमात्र समझा जा सकता था। अतः श्रीराम ने बहुमत नहीं वरन् अल्पमत का भी आदर करते हुए श्रीसीता को अरण्यवास दिया और निष्पक्ष वीतराग महर्षियों को अवसर दिया कि वे दूध का दूध और पानी का पानी के समान अपनी ऋतम्भरा प्रज्ञा द्वारा प्रजा के संमुख सत्य वस्तुस्थिति रखें, और हुआ भी ऐसा ही। जिस वन में सीता को निर्वासित किया गया था वहीं कुछ दूर पर महर्षि वाल्मीकि का आश्रम था। उनके कुछ ब्रह्म- चारी छात्र समिद्, कुश आदि लेने के प्रसङ्ग से उधर पहुँचे हुए थे। उन्होंने ही उस अलौकिक दिव्य महाशक्ति के दर्शन एवं रोदन की सूचना महर्षि को दी। महर्षि प्राचेतस वाल्मीकि ने अपने ध्यानयोग से वस्तुस्थिति को समझ कर सीता से कहा पुत्रि ! तुम्हारे पिता जनक मेरे मित्र हैं, तुम्हारे श्वसुर चक्रवर्ती दशरथ भी मेरे शिष्य थे, अतः तुम पितृगृहतुल्य मेरे आश्रम में चलकर रहो। श्रीसीता महर्षि के पीछे-पीछे चलकर आश्रम में आयीं, महर्षि ने आश्रम की ऋषिपत्नियों को, उनकी देख-रेख, रक्षण-पोषण आदि के लिए नियुक्त किया। वहीं उनके लव-कुश नामक दो पुत्ररत्नों का जन्म हुआ, जिनका संस्कार, शिक्षण-रक्षण सब महर्षियों की ही देख-रेख में हुआ। धर्मधुरन्धर चक्रवर्ती राघवेन्द्र श्रीरामचन्द्र द्वारा निर्वासित सीता को अपने आश्रम में आश्रय देते हुए ही महर्षि ने अपने उत्तरदायित्व को खूब समझ लिया था और उस मिथ्याभिशाप को समूल उन्मूलन कर देने के लिए वे कृतसंकल्प थे। विश्वविधाता ब्रह्मा भी यह सब महर्षि वाल्मीकि के द्वारा ही कराना चाहते थे। तमसा-तट पर विहरणपरायण क्रौञ्चयुग में से एक क्रौञ्च के व्याध द्वारा मारे जाने पर क्रौञ्ची का करुण क्रन्दन-सुनकर महान् क्लेशानूभूति करनेवाले महर्षि के सामने सीता के करुण-क्रन्दन का दृश्य आ गया। पहले से ही करुणरसपूरित वाल्मीकि का हृदय इस दृश्य से आहत होकर छलक पड़ा और वही शोक करुणरसमय श्लोक बनकर महर्षि के मुखारबिन्द से विश्वकल्याण के लिए प्रस्फुटित हो आया। महर्षि ने सीतापुत्र लव-कुश का यथावत् संस्कार किया और वेदों तथा धनुर्वेद, गान्धर्ववेद आदि उपवेदों का भी साङ्गोपाङ्ग शिक्षण दिया। तत्पश्चात् वेदों के उपबृंहरण के लिए ही रामायण का अध्यापन कराया और तन्त्री (वीणा) के ताल स्वर के साथ संगीत के रूप में रामायण का अभ्यास कराया। वे दोनों ही बालक दीप से उद्भूत दो दीपों के समान ही सर्वथा श्रीराम के ही अनुरूप थे। सीताराममय दिव्य दम्पती की दिव्यदीप्ति एवं प्रभाव से वे युक्त थे ।. वे स्वरसम्पदा से युक्त वीणा-वादनपूर्वक जब रामायण का गायन करते थे तो सभी सुननेवाले मोहित हो जाते थे। उनका रामायण-गान सुनकर ऋषिगण भी मुग्ध हो जाते थे एवं प्रेमविह्वल होकर कोई अपना कमण्डलु, कोई मेखला, कोई वृषी आदि पुरस्कार के रूप में उन बालकों को देने लगते थे। श्रीराम के अश्वमेध-यज्ञ में निमन्त्रित होकर महर्षि प्राचेतस एवं उनके सब आश्रमवासी ऋषि नैमिषारण्य पधारे हुए थे। महर्षि दोनों बालकों (लव-कुश) को फल-मूल-भोजन कराकर कुछ साथ के लिए भी दे देते थे और कहते थे कि जाकर अवधवासियों को रामायण सुनाओ और भूख लगने पर अपना ही फल खाना, प्यास लगने पर अपने आप ही नदी या कूप से जल निकाल कर पीना एवं किसी के कुछ देने पर भी लेना नहीं, परन्तु जो श्रद्धा से सुने उसे रामायण सुनाना। महर्षि के आदेशानुसार दोनों बालकों ने अयोध्याकाण्ड का ही प्रसङ्ग अवधवासियों को सुनाना प्रारम्भ किया। जो भी इस प्रसङ्ग को सुनता था मन्त्रमुग्ध हो जाता था, आँखों देखी पुरानी घटनाओं का प्रत्यक्ष चित्रण 4