रामायण मीमांसा (स्वामी करपात्री जी महाराज - रामायण दार्शनिक महाग्रन्थ एवं सम्पूर्ण चरित्र-मीमांसा)
Ramayana Mimamsa of Swami Karpatri Maharaj
धर्मसम्राट् स्वामी करपात्री जी महाराज द्वारा
पृष्ठ 37, कुल 1049 में से
संदर्भ में पढ़ें( ३२ ) कौशल्यातोऽतिरिक्तं च मम शुश्रूषते बहु । अन्य माताओं ने भी अनुभव किया था कि राम झूठा कलङ्क लगाने पर भी क्रोध नहीं करते और स्वयं भी क्रोध करानेवाली बातें नहीं करते, क्रुद्ध लोगों को भी प्रसन्न कर लेनेवाले तथा दूसरों के दुःख में समान दुःखवाले राम अब कहाँ चले जा रहे हैं । महातेजा राम जिस प्रकार माता कौशल्या में भक्ति रखते हैं वैसे ही हम सबमें भी भक्ति रखते हैं - न क्रुद्ध्यत्यभिशस्तोऽपि क्रोधनीयानि वर्जयन् । क्रुद्धान् प्रसादयन् सर्वान् समदुःखः क गच्छति । माता सुमित्रा कहती हैं—हे आर्ये, तुम्हारे पुत्र राम सद्गुणों से युक्त पुरुषोत्तम हैं। उन्हें कहीं भय और क्लेश नहीं। तुम क्यों विलाप करती हो। तुम्हारे महाबलवान् पुत्र अपने पिता को सत्यवादी सिद्धसङ्कल्प करते हुए राज्य का त्याग कर वन को गये हैं। श्रेष्ठ श्रीराम शिष्टपुरुषों द्वारा आचरित धर्म में स्थित हैं। उनके लिए शोक करना व्यर्थ है । पितृतुल्य उनकी शुश्रूषा करनेवाले लक्ष्मण उनके साथ हैं, उन्हें कदापि दुःख नहीं होगा, सुख ही होगा। अरण्यवास के दुःख को जानती हुई जानकी धर्मात्मा आपके पुत्र राम का अनुगमन कर रही हैं । वे त्रैलोक्य में अपनी कीर्तिपताका फहरा रहे हैं। श्रीराम के परमपवित्र एवं उत्तम माहात्म्य को जानकर सूर्य अपनी किरणों से उनके शरीर को कदापि क्लेश नहीं देगा । समशीतोष्णसुखस्पर्श वायु वनप्रान्त में श्रीराम की सेवा करेगा । राम देव- ताओं के देव, प्राणियों में सर्वश्रेष्ठ प्राणी हैं। उनके वन में अथवा नगर में कौन से गुण या दोष हो सकते हैं। शीघ्र ही वसिष्ठादि महर्षि पृथिवी, जानकी तथा विजयलक्ष्मी के साथ उनका अभिषेक करेंगे । देवी, आप शोक और मोह का त्याग करें । लक्ष्मी के तुल्य सीता जिनके अनुगत है एवं महाधनुर्धारी लक्ष्मण जिनके आगे चल रहे हैं उनके लिए क्या दुर्लभ है । राम का भ्रातृस्नेह रावण-वध के अनन्तर राम के अयोध्या-गमन के लिए उद्यत होने पर विभीषण ने अति विनम्र भाव से प्रार्थना की—भगवान्, यदि मैं आपका अनुग्राह्य हूँ, आप मेरे गुणों और सेवाओं का स्मरण करते हैं, मुझपर आपका सौहार्द है तो आपका सारा कार्य सम्पन्न हो गया, अब आप कुछ समय मेरे यहाँ निवास करें तथा ससैन्य एवं समुहृद्- गण मेरा सत्कार स्वीकार करें । मैं बड़े प्रणय, सम्मान एवं सौहार्द से आप से विनय करता हूँ । मैं आपका सेवक हूँ । आज्ञा नहीं, प्रार्थना करता हूँ। मेरी सेवा ग्रहण के अनन्तर ही आप अयोध्या को प्रस्थान करें। श्रीराम ने सब वानरों और राक्षसों के बीच में कहा—वीर, मैं तुम्हारे परम सौहार्द, उत्कृष्ट प्रयत्नों तथा उत्कृष्ट मन्त्रणाओं से पूजित हो चुका हूँ । मैं तुम्हारी बात न मानूं, यह संभव नहीं। किन्तु राक्षसराज, अपने उस भ्राता भरत को देखने के लिए मेरा मन अत्यन्त आतुर हो रहा है । जो मुझे लौटाने के लिए सपरिकर चित्रकूट आया था और पादलग्न सिर से लौटाने की मुझसे प्रार्थना कर रहा था। फिर भी उसकी बात मैंने अङ्गीकार नहीं की। कौशल्या, सुमित्रा तथा यशस्विनी कैकेयी आदि माताओं एवं सुहृद् गुहराज तथा पुरवासियों को देखने के लिए मेरा मन त्वरित है । अतः मुझे शीघ्र ही जाने की अनुमति दो । सौम्य, मन्यु नहीं करना । मैं तुमसे अनुमति देने की प्रार्थना करता हूँ । राक्षसे- श्वर, अब कृतकार्य होने पर विलम्ब उचित नहीं; शीघ्र ही विमान मँगाओ— न खल्वेतन्न कुर्यां ते वचनं राक्षसेश्वर । तं तु मे भ्रातरं द्रष्टुं भरतं त्वरते मनः ॥ तुलसीदासजी कहते हैं— भरत सदृश को राम सनेही । जग जपु राम राम जपु जेही ॥