भारतकोश
संक्षिप्त योगवासिष्ठ

संक्षिप्त योगवासिष्ठ

Sankshipt Yoga Vasistha

महर्षि वाल्मीकि द्वारा

DevanagariHindipublished750 पृष्ठ

पृष्ठ 40, कुल 750 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 40

* योगवासिष्ठकी आजके आत्म-शान्ति, विश्व-शान्ति के इच्छुक विश्वको चुनौती * ९


योगवासिष्ठकी आजके आत्म-शान्ति, विश्व-शान्ति के इच्छुक विश्वको चुनौती

तथा इस क्षणका ज्ञान-बन्धुत्व एवं ज्ञानाभास

(लेखक—प० श्रीरामनिवासी शर्मा)

शास्त्र कहते हैं ज्ञानके बिना मुक्ति नहीं।^१ आधुनिक विद्वान् भी प्रकारान्तरसे यही कहते हैं— Knowledge is power परंतु ज्ञान और ज्ञान-शक्तिमें अन्तर है। ज्ञानसे शक्ति तभी प्राप्त होती है जब कि मनुष्य ज्ञानार्थमें ढल जाता है। क्रियाहीन ज्ञान तो शक्तिहीन ही होता है। यह भी न भुलाना चाहिये कि ज्ञानसे शक्ति और मुक्ति तभी प्राप्त होती है, जब कि वह अध्यात्म हो। आजका ज्ञान तो— १—भौतिक है २—तर्कमात्र है ३—शिल्पिवत् है ४—अवास्तविक है ५—केवल प्रवृत्तप्राण है ६—यश और जीविकाका साधन है आजका ऐसा सारहीन अनात्म-ज्ञान योगवासिष्ठके मतसे ज्ञानाभास है और ऐसे ज्ञानका धनी व्यक्ति ज्ञानबन्धु है तथा ज्ञानशिल्पी। वह वास्तविक ज्ञानी नहीं, उससे तो अज्ञानी ही अच्छा है—

आत्मज्ञानं विदुर्ज्ञानं ज्ञानान्यन्यानि यानि तु।
तानि ज्ञानावभासानि सारस्यानवबोधनात् ॥
\hfill (यो० वा० ६।२१।७)

अज्ञातारं वरं मन्ये न पुनर्ज्ञानबन्धुताम् ॥
व्याचष्टे यः पठति च शास्त्रभोगार्थ शिल्पिवत् ॥
\hfill (यो० वा० ६।२१।१-३)

हम देखते हैं आज भारत भी ज्ञान-बन्धुता और ज्ञाना-भासका शिकार हो रहा है। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति दोनोंके ही मतसे यह चरित्रहीन होता जा रहा है। भारतेतर देशोंकी दशा तो इससे भी बुरी है। वे तो इस दिशाके गुरु ही हैं, अतः उनका जीवन एकमात्र प्रवृत्ति-प्रधान है एव सर्वाधिक भोगप्रधान।

योगवासिष्ठकारके मतसे तो ज्ञानी वही है जो जानने योग्य वस्तुको जानकर वासनामुक्त तथा कर्मतत्पर होता है—

ज्ञात्वा सम्यगनुष्ठानं दृश्यते येन कर्मसु ।
निर्वासनात्मकं ज्ञस्य स ज्ञानीत्यभिधीयते ॥
\hfill (यो० वा० ६।२२।२)


योगवासिष्ठकार यह भी कहते हैं कि जिसकी इच्छाएँ शान्त हो गयी हों एवं जिसकी शीतलता कृत्रिम न होकर वास्तविक हो तथा जिसका पुनर्जन्मका खटका मिट गया हो, वही ज्ञानी है, अन्यथा खाना-पहनना और लेना-देना आदि तो शिल्पीकी जीविकामात्र है—

अन्तःशीतलतेहासु प्राज्ञैर्यस्यावलोक्यते।
अकृत्रिमैकशान्तस्य स ज्ञानीत्यभिधीयते ॥
\hfill (यो० वा० ६।२२।१)

अपुनर्जन्मने यः स्याद्बोधः स ज्ञानशब्दभाक् ।
वसनाशनदा शेषा व्यवस्था शिल्पजीविका ॥
\hfill (यो० वा० ६।२१।४)

योगवासिष्ठकारका यह भी मत है कि जो मनुष्य कामना तथा संकल्प-विकल्पसे मुक्त होकर शान्तचित्तसे अवसरानुसार कार्य करता है वही पण्डित है—

प्रवाहपतिते कार्ये कामसंकल्पवर्जितः ।
तिष्ठत्याकाशहृदयो यः स पण्डित उच्यते ॥
\hfill (यो० वा० ६।२७।५)

योगवासिष्ठके मतसे सच्चा आर्यपुरुष वही है जो कर्तव्यका पालन करता है और अकर्तव्यसे बचता है एव प्रकृत आचारविचारमें संलग्न रहता है—

कर्तव्यमाचरन् काममकर्तव्यमनाचरन् ।
तिष्ठति प्राकृताचारो यः स आर्य इति स्मृतः ॥
\hfill (यो० वा० ६।१२६।५४)

योगवासिष्ठकारकी आर्यपुरुषलक्षण-विषयक यह भी समुद्घोषणा है कि जो व्यक्ति शास्त्र-सदाचार एव परिस्थिति-सम्मत तथा मनःपूत व्यवहार करता है वही आर्य है—

यथाचारं यथाशास्त्रं यथाचित्तं यथास्थितम् ।
व्यवहारमुपादत्ते यः स आर्य इति स्मृतः ॥
\hfill (यो० वा० ६।१७६।१७)

किस विज्ञसे यह बात छिपी हुई है कि आजका मानव आर्योचित योगवासिष्ठ-अभिमत व्यक्तित्वसे सर्वथा दूर होता जा रहा है अपितु वह मानवोचित व्यक्तित्वसे न पहचाना जाकर विद्वान, प्रशासक, बाबू, हाकिम, वकील आदि विशेषणोंसे पहचाना और पुकारा जाता है। पाश्चात्य देशोंमें भी बाइबलके इस वाक्यका सम्मान दृष्टिगोचर नहीं होता—


१. ऋते ज्ञानान्न मुक्तिः।