अनुरागसागर वाणी
Anuragsagar Vani
स्वामी मधु परमहंस जी द्वारा
स्रोत: साहिब बंदगी आध्यात्मिक संस्थान · साहिब बंदगी (उद्गम)
पृष्ठ 26, कुल 144 में से
संदर्भ में पढ़ें26
साहिब बन्दगी
हुए, जिन्हें उन्होंने सुरति की एक नाल से पिरो दिया।
शब्दहिते भयो सुतन अकारा । शब्द ते लोक द्वीप विस्तारा ॥
अग्र अमी दिय अंश अहारा । द्वीप द्वीप अंशन बैठारा ॥
अंशन शोभा कला अनंता । होत तहाँ सुख सदा बसंता ॥
सब सुत करें पुरुष को ध्याना । अमी अहार सदा सुख माना ॥
शब्द से ही परम-पुरुष ने पुत्र उत्पन्न किये और शब्द से ही अमर-लोक के द्वीपों की रचना की। हरेक द्वीप पर अंशों को स्थान दिया और सब उस अमृत(परम-पुरुष के स्वरूप) का पान करने लगे। अंशों की शोभा का वर्णन नहीं किया जा सकता; वहाँ सदा आनन्द रहता है। सभी पुत्र परम-पुरुष का ध्यान करने लगे और अमृत भोजन करते हुए सुख से रहने लगे।
द्वीप करि को अनंत सोभा, नहिं बरनत सो बनै ।
अमिय कला अपार अद्भुत, सुतन शोभा को गनै ॥
पुरुष के उजियार से सुत, सबै दीप उजियार हो ।
सतपुरुष रोम प्रकाश एकहि, चन्द्र सूर्य करोर हो ॥
अमर-लोक के द्वीपों और परम-पुरुष के पुत्रों की शोभा का वर्णन नहीं किया जा सकता। परम-पुरुष के प्रकाश से सब द्वीप प्रकाशित रहते हैं; उनके एक रोम मात्र का प्रकाश करोड़ों सूर्यों और चन्द्रमा के बराबर है।
सतपुर आनन्द धाम, सोक मोह दुख तहाँ नहीं ।
हंसन को बिसराम, पुरुष दरस अँचवन सुधा ॥
सत्य लोक आनन्द का घर है; वहाँ दुख, मोह आदि नहीं है; वहाँ हंस सत्य पुरुष के अमृत का पान करते हैं।