सामग्री पर जाएँ
भारतकोश
ईशादि नौ उपनिषद्

ईशादि नौ उपनिषद्

Ishadi Nau Upanishad

ऋषिगण द्वारा

स्रोत: Gita Press Gorakhpur · Gita Press Gorakhpur (उद्गम)

DevanagariHindipublished548 पृष्ठ

पृष्ठ 493, कुल 548 में से

संदर्भ में पढ़ें
पृष्ठ 493

अध्याय ५ ]

श्वेताश्वतरोपनिषद्

४९१

परमात्मामें अविद्या और विद्या—दोनों विद्यमान हैं, अर्थात् दोनों ही जिनके आधारपर टिकी हुई हैं, वे पूर्णब्रह्म पुरुषोत्तम हैं। इस मन्त्रमें परिवर्तनशील, घटने-बढ़नेवाले और उत्पत्ति-विनाशशील क्षरतत्त्वको तो अविद्या नामसे कहा गया है; क्योंकि वह जड़ है, उनमें विद्याका—ज्ञानका सर्वथा अभाव है। उससे भिन्न जो जन्म-मृत्युसे रहित है, जो घटता-बढ़ता नहीं, वह अविनाशी कूटस्थ तत्त्व (जीव-समुदाय) विद्याके नामसे कहा गया है; क्योंकि वह चेतन है, विज्ञानमय है। उपनिषदोंमें जगह-जगह उसका विज्ञानात्माके नामसे वर्णन आया है। यहाँ श्रुतिने स्वयं ही विद्या और अविद्याकी परिभाषा कर दी है, अतः अर्थान्तरकी कल्पना अनावश्यक है। जो इन विद्या और अविद्या नामसे कहे जानेवाले क्षर और अक्षर दोनोंपर शासन करते हैं, दोनोंके स्वामी हैं, दोनों जिनकी शक्तियाँ अथवा प्रकृतियाँ हैं, वे परमेश्वर इन दोनोंसे अन्य—सर्वथा विलक्षण हैं। श्रीगीताजीमें भी कहा है—‘उत्तमः पुरुषस्त्वन्यः’ इत्यादि (१५।१७) ॥ १ ॥

यो योनिं योनिमधितिष्ठत्येको विश्वानि रूपाणि योनीश्च सर्वाः। ऋषिं प्रसूतं कपिलं यस्तमग्रे ज्ञानैर्विभर्ति जायमानं च पश्येत् ॥ २ ॥

यः=जो; एकः=अकेला ही; योनिम् योनिम्=प्रत्येक योनिपर; विश्वानि रूपाणि=समस्त रूपोंपर; च=और; सर्वाः योनीः=समस्त कारणोंपर; अधितिष्ठति=आधिपत्य रखता है; यः=जो; अग्रे=पहले; प्रसूतम्=उत्पन्न हुए; कपिलम् ऋषिम्=कपिल ऋषि (हिरण्यगर्भ) को; ज्ञानैः=सब प्रकारके ज्ञानोंसे; विभर्ति=पुष्ट करता है; च=तथा; (जिसने) तम्=उस कपिल (ब्रह्म) को; जायमानम्=(सबसे पहले) उत्पन्न होते; पश्येत्=देखा था (वे ही परमात्मा हैं) ॥ २ ॥

व्याख्या—इस जगत्में देव, पितर, मनुष्य, पशु, पक्षी, कीट, पतङ्ग आदि जितनी भी योनियाँ हैं तथा प्रत्येक योनिमें जो भिन्न-भिन्न रूप—आकृतियाँ हैं, उन सबके और उनके कारणरूप पञ्च सूक्ष्म महाभूत आदि समस्त तत्त्वोंके जो

ईशादि नौ उपनिषद् · पृष्ठ 493, कुल 548 में से · BharatKosha