भारतकोश
संग्रह पर लौटें

कर्मयोग (स्वामी विवेकानन्द - हिन्दी अनुवाद)

Karma Yoga - Swami Vivekananda (Hindi)

स्वामी विवेकानन्द / पं. बदरीदत्त शर्मा द्वारा

DevanagariHindipublished115 पृष्ठ

३८ कर्मयोग

है और वह प्रेम है। प्रेम ही धर्म का मूल है, इसके बिना मनुष्य अपने किसी अवस्था के धर्म का भी पालन नहीं कर सकता। पितृ-धर्म, पुत्र-धर्म, पति-धर्म, पत्नी-धर्म, गुरु-धर्म, शिष्य-धर्म, राज-धर्म और प्रजा-धर्म यहाँ तक कि मनुष्य-धर्म ये सब प्रेम के ही आश्रित हैं। जहाँ प्रेम है वहीं मनुष्य निष्काम भाव से अपने कर्त्तव्य-पालन की ओर झुकता है और जहाँ प्रेम नहीं, वहाँ जो कुछ किया जाता है अपने स्वार्थ के लिए। इससे परस्पर अविश्वास उत्पन्न होकर ईर्ष्या, द्वेष और मत्सरता की वृद्धि होती है।

चिड़चिड़े स्वभाव की स्त्रियाँ अपने पतियों पर अपना प्रभुत्व जमाना चाहती हैं। पर यथार्थ में वे अपने इस बर्ताव से अपनी नीचता का परिचय देती हैं। यही दशा उन पतियों की है जो सदा अपनी पतिव्रता स्त्रियों में दोष ही देखा करते हैं। सदाचार स्त्री और पुरुष दोनों का भूषण है परन्तु वह बिना दोनों में सच्चे प्रेम के कभी रह नहीं सकता। जो पुरुष सदाचार से भ्रष्ट हो गये हैं, उनको धर्म के मार्ग पर लाना यद्यपि कठिन काम है, तथापि उनकी स्त्रियाँ यदि पतिव्रता और सदाचारिणी हों तो बहुत कुछ उन पर अपना प्रभाव डाल सकती हैं। इसी प्रकार धर्मात्मा और स्त्रीव्रत-पुरुष भी अपने सुचरित्र से अपनी कर्कशा और स्वैरिणी स्त्रियों का सुधार कर सकते हैं। पवित्रता और धर्मपरायणता दुष्टता को दबा सकती है। यदि स्त्री सदाचारिणी है और अपने पति के सिवा संसार के समस्त पुरुषों को अपने पुत्र, भाई या बाप के तुल्य समझती है, तो स्मरण रक्खो, एक भी ऐसा पुरुष न मिलेगा, जिसको उसे कुदृष्टि से देखने का साहस भी हो सके।

तीसरा अध्याय

३६

इसी प्रकार जो पुरुष सिवा अपनी स्त्री के अन्य सबको माँ, बहन और पुत्री की दृष्टि से देखता है, कोई भी स्त्री उसको अपने धर्म से पतित न कर सकेगी। संसार में जो पुरुष शिक्षक या उपदेशक होने का अभिमान करते हैं, कम से कम उनको तो "मातृवत् परदारेषु" इस आप्त-वाक्य पर अपना विश्वास अपने आचरण से दिखलाना चाहिए।

संसार में माता की पदवी सबसे बड़ी है। माता से अधिक कोई निःस्वार्थ नहीं होता। माता के प्रेम से केवल ईश्वर के प्रेम को उच्च कक्षा में रक्खा गया है। संसार के और सब प्रेम इससे बहुत नीची कक्षा में हैं। सबसे पहले माता हमको निष्काम कर्म की शिक्षा देती है। यदि ऐसे निःस्वार्थ शिक्षक को पाकर भी हम स्वार्थ में उन्मत्त रहे तो हमारे जीवन को धिक्कार है। वे पुरुष धन्य हैं कि जो अपने माता-पिता के निष्कपट प्रेम में ईश्वर के पवित्र प्रेम की झलक देखते हैं।

उन्नति का सरल और असन्दिग्ध मार्ग यह है कि अपने सामयिक कर्त्तव्य का पूर्ण ध्यान रहे और अपने साधारण धर्म का प्रतिपालन करते हुए दृढ़ता को सम्पादन किया जावे। अपने किसी कर्त्तव्य को भी लघु नहीं समझना चाहिए और न उसकी उपेक्षा करनी चाहिए। छोटा काम करने से कोई छोटा नहीं होता। मनुष्य के महत्त्व की परीक्षा उसके काम से नहीं करनी चाहिए, किन्तु उसके काम करने के ढंग से करनी चाहिए। उसके कर्त्तव्य कार्यों के करने का क्रम और ढंग ही उसके जाँचने की कसौटी है। एक चमार, जो थोड़ी देर में दृढ़ और अच्छा जूता बना लेता है, उस

४०

पण्डित प्रोफेसर से कहीं अच्छा है, जो रात-दिन व्यर्थ बकवाद करता रहता है।

कोई योगी जङ्गल में जाकर बहुत काल तक योग-साधन करता रहा। बारह वर्ष तक वह एक आसन पर बैठा हुआ तप करता रहा। एक दिन जब वह अपने ध्यान में बैठा था तब वृक्ष के ऊपर से उसके सिर पर कुछ पत्ते गिरे, उसने ऊपर देखा तो दो कौए आपस में लड़ रहे थे। योगी को क्रोध आया और वे दोनों उसी समय उसके क्रोधाग्नि से जल-भुन कर नीचे गिर पड़े। योगी अपने मन में बड़ा प्रसन्न हुआ कि अब मुझको योग-सिद्धि प्राप्त हो गई है। कुछ दिन के उपरान्त वह एक ग्राम में भिक्षा माँगने गया। किसी स्त्री के द्वार पर खड़े होकर आवाज़ दी—"माता ! भिक्षा दे जा।" भीतर से आवाज़ आई, ज़रा देर ठहर जा। योगी ने अपने मन में कहा, "अभागिनी स्त्री ! तू मेरे योग-बल को नहीं जानती और मुझे ठहराती है।" अभी वह सोच ही रहा था कि भीतर से फिर आवाज़ आई "बेटे ! बहुत क्रोध न कर, यहाँ कौए नहीं बसते।" अब तो योगी चकित रह गया और चुपचाप उसकी प्रतीक्षा करने लगा। थोड़ी देर में एक स्त्री बाहर आई। योगी उसके पाँव पर गिरा और कहने लगा—"माता ! तूने कैसे जाना।" उसने कहा—"बेटे ! मैं तेरे योग-ध्यान को नहीं जानती। मैं एक साधारण स्त्री हूँ। मैंने इस कारण तुझे ठहराया कि मेरा पति रोग-ग्रस्त है, मैं उसकी सेवा कर रही थी और यह मेरा धर्म है। मैं आयु भर अपने धर्म का आचरण करती रही। जब कुमारी थी, तब भी अपने धर्म का पालन करती रही और अब विवाह हो जाने पर भी धर्म को

तीसरा अध्याय ४१

तीसरा अध्याय ४१

ही अपना जीवन-सर्वस्व समझती हूँ । यही योग है जिसका मैं रात-दिन अभ्यास करती हूँ । यही कारण है कि मेरा अन्तःकरण स्वच्छ है और मैं तेरे मन के भाव को तुरन्त जान गई । यदि तू इससे अधिक और कुछ जानना चाहता है तो अमुक नगर में चला जा । वहाँ एक वधिक रहता है, वह तुझे उचित शिक्षा देगा ।”

योगी ने सोचा “मैं क्यों वधिक के पास जाऊँ, वह चाण्डाल है । उसके छूने में पाप है ।” परन्तु वह उस स्त्री की सिद्धि देख चुका था, इसलिए अब उसमें इतनी शक्ति नहीं थी कि उसकी आज्ञा को भङ्ग कर सके । अब वह उस नगर में पहुँचा । वहाँ उसको एक हृष्ट-पुष्ट वधिक मिला, जो मांस बेचा करता था । योगी ने कहा—“हे परमेश्वर ! यह क्या मुझको ज्ञान सिखावेगा, यह तो महा नीच कर्म करता है ।” इसी अवसर में वधिक की दृष्टि योगी पर पड़ी । उसने आँख उठा कर कहा—“स्वामिन् ! तुमको उस पतिव्रता स्त्री ने ज्ञान सीखने के लिए मेरे पास भेजा है । तुम थोड़ी देर के लिए वृक्ष के नीचे बैठ जाओ, मैं अभी आवश्यक कार्य से निवृत्त होकर आता हूँ ।” योगी ने सोचा, “यह क्या रहस्य है ! अब देखो यहाँ क्या कौतुक होता है,” यह अपने मन में कहकर बैठ गया । वधिक अपना काम बराबर तत्पर होकर करता रहा । जब उससे निवृत्त हो गया, तब उसने योगी से कहा—“महाराज ! आइए, अब मेरे साथ गृह पर चलिए ।” दोनों प्रस्थित हुए । जब वहाँ पहुँचे, वधिक ने उसको एकान्त स्थान में बिठा कर कहा, आप यहाँ थोड़ी देर आराम कीजिए । यह कहकर वह घर के भीतर गया, जहाँ उसके माता-पिता रहते थे । उसने उनको न्हिलाया-धुलाया और खाना

४२ कर्मयोग

खिलाने के बाद योगी के पास आकर पूछा, “अब आप बतलाइए कि मैं आपकी क्या सेवा करूँ?” तब योगी ने ईश्वर और जीव के विषय में कुछ प्रश्न किये। वधिक ने उसके उत्तर में उसको एक अत्यन्त मनोहर और सार-गर्भित उपदेश सुनाया जो आज तक “व्याधगीता” के नाम से प्रसिद्ध है और जिसको आत्मजिज्ञासु बड़े चाव से पढ़ते और सुनते हैं। वेदान्त की उच्च से उच्च शिक्षा उसमें दी गई है। तुमने 'भगवद्गीता' पढ़ी है, 'व्याधगीता' भी पढ़ो और देखो, वेदान्तदर्शन के कैसे गूढ़ रहस्य उसमें भरे हुए हैं। जब व्याध उपदेश सुना चुका तब योगी को बड़ा आश्चर्य हुआ। उसने पूछा, जब तुम ऐसे ज्ञानी हो तो इस शरीर में क्यों रहते हो और क्यों ऐसा निन्दनीय काम करते हो? व्याध ने उत्तर दिया—पुत्र! कोई काम बुरा नहीं है, न कोई धर्म दूषित है। लड़कपन से मैंने यह काम सीखा, मुझको इसका बन्धन नहीं है। मैं सच्चाई के साथ प्रमादरहित होकर अपने कर्त्तव्य का पालन करता हूँ। गृहस्थ होकर गृहस्थ-धर्म का पालन करता हूँ। माता-पिता को प्रसन्न रखता हूँ। न तो मैं योग जानता हूँ और न संन्यास; न कभी जङ्गल में गया और न देशाटन किया। तो भी तुमने सुन लिया कि मेरे विचार कैसे हैं! और देख लिया कि मुझको किसी प्रकार का बन्धन नहीं है। मैं अपनी योग्यता और अवस्था के अनुसार अपने धर्म का पालन करता हूँ।

भारतवर्ष में एक बहुत बड़ा योगी है। मैंने एक बार उसका दर्शन किया। वह विचित्र पुरुष है। न वह किसी को पढ़ाता-लिखाता है, न किसी के प्रश्न का उत्तर देता है। वह उपदेशक या

तीसरा अध्याय

४३

संन्यासी के काम को करना नहीं चाहता। यदि तुम उससे कोई प्रश्न पूछो और कई दिन तक उसके उत्तर की प्रतीक्षा करो तो वार्त्तालाप के प्रसङ्ग में वह स्वयं तुम्हारे प्रष्टव्य का वर्णन करेगा और अपनी प्रतिभा की कुञ्जी से तुम्हारे हृदय के ताले को खोल देगा और तुम चकित रह जाओगे। उसने एक बार कर्मयोग के सम्बन्ध में मुझसे कहा—"उद्देश और उसकी प्राप्ति के साधन को एक कर दो तो तुम कर्म के रहस्य को सुगमता से समझ जाओगे। जब तुम किसी काम को कर रहे हो तो उसके सिवा दूसरी बात का मन में ध्यान तक न करो। समझ लो, यही हमारी उपासना है, यही हमारी पूजा है। अपना सारा जीवन और पुरुषार्थ उस समय उसी काम में लगा दो।" यह कर्मोपासना सब उपासनाओं से प्रधान है। पूर्वोक्त आख्यान में वह स्त्री और व्याध प्रसन्नता, एकाग्रता और प्रेम के साथ अपने धर्म का पालन करते थे। परिणाम यह हुआ कि इस कर्मोपासना से ही उनके हृदय के पट खुल गये और उनके अन्तःकरण में ज्ञान का प्रकाश हो गया। प्रत्येक धर्म पवित्र है और उसका पालन करना ईश्वर-पूजा का सर्वोत्तम साधन है। इससे बड़ी सहायता मिलती है, हृदय के पट खुल जाते हैं और शनैः शनैः सब बन्धन की ग्रन्थियाँ टूट जाती हैं।

हमारे धर्म और कर्म पर आस पास के सम्बन्ध का बहुत कुछ प्रभाव पड़ता है। उच्च या नीच कर्म का विचार सापेक्ष्य है। जिस कर्मकर्त्ता को कर्मफल की इच्छा होती है वही फल की प्रतिकूलता से खिन्न और विमनस्क होता है और अपने भाग्य वा समय की निन्दा करता है या उपालम्भ देता है। और जो इस बन्धन से मुक्त हो

४४ कर्मयोग

गये हैं अर्थात् किसी इच्छा से प्रेरित होकर कर्म नहीं करते, किन्तु अपना धर्म समझ कर करते हैं, उनके लिए न कोई कर्म उच्च है न नीच। उन्होंने राग और स्वार्थ की जड़ को काट दिया है। उनका आत्मा हंस के समान उच्चगामी होकर स्वाधीनता के आकाश में उड़ा करता है, कोई उसे बन्धन में नहीं ला सकता। हम में यह बड़ा दोष है कि हम अपने आपको बहुत बड़ा समझते हैं। जब मैं बालक ही था, स्वप्न में देखा करता था कि मैं राजा हूँ, मुझ में यह बड़ाई है, यह महत्व है। शायद तुमको भी ऐसे स्वप्न दीखते हों। पर यथार्थ में यह स्वप्न ही हैं। हमारे कर्त्तव्य चाहे वे कुछ ही क्यों न हों, सर्वदा और सर्वत्र हमारी अवधानता चाहते हैं। यदि हम अपने सामयिक कर्त्तव्य का सम्यक् पालन करें तो जो काम इस समय हमारे हाथ में है, वह हमारी दृढ़ता का कारण बन जायगा और धीरे धीरे हम किसी ऐसे अधिकार और पदवी को प्राप्त होंगे, जिसकी सोसायटी में बड़ी प्रतिष्ठा की जाती है। ईर्ष्या और अस-हिष्णुता से मन की अशान्ति बढ़ती है, दया और उदारता से ऋजुता और नम्रता बढ़ती है। भाग्य और समय को दोष देनेवाले सदा अपना रोना रोया करते हैं। उनको शान्त और प्रसन्न करना कठिन काम है। उनका जीवन सदा उनके लिए प्रतिकूल बना रहता है।

आओ ! हम तुम सब अपना अपना कर्म करें, जो हमारा धर्म है, उसको दृढ़ता से पकड़ रक्खें। चलते हुए पहियों में कन्धों को लगा कर अपने सारे बल से इस कर्म की गाड़ी को खींचो फिर तुम देखोगे कि यह किस प्रकार संसार की दलदल से पार होकर तुम्हें अपने अभीष्ट स्थान में पहुँचाती है।

चौथा अध्याय

चौथा अध्याय

परमार्थ में स्वार्थ

पूर्व इसके कि हम इस बात को बतावें कि धर्म के पालन करने से कहाँ तक हमारे आत्मा की उन्नति होती है, हमको संक्षेप से यह बता देना चाहिए कि भारतवर्ष में कर्म से क्या तात्पर्य्य लिया जाता है। प्रत्येक धर्म में तीन बातें होती हैं। (१) दर्शनशास्त्र, (२) उपाख्यान, (३) कर्म-काण्ड। इसमें सन्देह नहीं कि दर्शन-शास्त्र ही सारे मतों का आधार है। उपाख्यानों से महापुरुषों के जीवन-चरित्र और इतिहास के प्रसङ्ग में दर्शन की सजीव आकृति दिखलाई जाती है। कर्म-काण्ड और भी अधिक विस्तार के साथ दर्शन के प्रचार का प्रबन्ध करता है। इन सब के संघात को आगम या शास्त्र कहते हैं। प्रत्येक धर्म में कर्म-काण्ड सब से प्रधान अंश है। हम में से प्रत्येक मनुष्य आध्यात्मिक सिद्धान्तों को उस समय तक नहीं समझ सकता, जब तक उसमें आत्मिक शक्तियों का विकास न हो जावे। मनुष्य प्रत्येक बात में अपने को निपुण और योग्य समझता है, परन्तु जब काम करने का समय आता है तब उन सिद्धान्तों का समझना बड़ा कठिन हो जाता है। इसी लिए उन सिद्धान्तों की मूर्त्ति या रूपक बनाने का प्रबन्ध किया गया। इस प्रकार के चिह्न या संकेत प्रत्येक धर्म में हैं। हम लोग

४६ कर्मयोग

बिना संकेतों के और किसी प्रकार से ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकते। शब्द क्या हैं? हमारे भावों या विचारों की कृत्रिम मूर्त्तियाँ हैं। यह ब्रह्माण्ड भी इसी प्रकार की एक बड़ी मूर्त्ति है, जिसके भीतर परमात्मा गुप्त रीति से बैठा हुआ है। इन संकेतों को केवल मनुष्य ने नहीं बनाया। यह बात नहीं है कि एक धर्म के कुछ मनुष्य इकट्ठे हो कर बैठ गये और उन्होंने आपस में सम्मति करके कुछ संकेत बना लिये। ये संकेत स्वाभाविक हैं और क्रमशः इनकी उन्नति हुई है। अन्यथा यह कैसे सम्भव होता कि किन्हीं किन्हीं संकेतों के विषय में सब या प्रायः मनुष्यों के भाव या विचार एक से हो जाते। बहुत लोग समझते हैं कि मसीही-सूली का सम्बन्ध केवल ईसाई धर्म से है। पर यथार्थ में सूली का चिह्न मूसा की उत्पत्ति से पहले संसार में वर्त्तमान था। फेन्शीन और अजटक जातियों में मसीह की भावना उस समय से पाई जाती है, जब संसार को इतिहास लिखने का ज्ञान भी न था। इसी प्रकार सूली-प्राप्त मुक्ति-दाता की कल्पना भी किसी न किसी रूप में सब धर्मों में पाई जाती है। प्रत्येक महापुरुष की आकृति के आस पास मण्डलाकार वृत्त का चिह्न भी सदा से देखने में आता है। इसके सिवा स्वस्तिक का चिह्न भी सर्वत्र ही पाया जाता है। पहले प्रायः लोग यह समझते थे कि बौद्धों के कारण यह चिह्न संसार में फैल गया। पर खोज करने से प्रमाणित हुआ है कि बौद्धों से हज़ारों वर्ष पहले के लोगों में इसका प्रचार था। बाबुल और मिस्र में भी वह प्रचलित था। इससे सिद्ध है कि इन संकेतों को केवल सामयिक आवश्यकता ने नहीं उत्पन्न किया, किन्तु इनका

Digitized by eGangotri and Sarayu Trust.

चौथा अध्याय

४७

कोई न कोई कारण अवश्य है, क्योंकि इनको सर्वत्र मनुष्य के मस्तिष्क से एक विशेष प्रकार का सम्बन्ध रहा है। इसी प्रकार भाषा भी केवल मनुष्य-रचित नहीं है, ऐसा कभी नहीं हुआ कि कुछ मनुष्य मिल कर इकट्ठे बैठ गये हों और यह सम्मति कर ली हो कि आओ, हम अपने भावों को प्रकाश करने के लिए कुछ शब्द गढ़ लें। शब्द और अर्थ को कोई मनुष्य एक दूसरे से पृथक् नहीं कर सकता। गूँगे और बहरे तक शब्द के संकेतों पर सोचते और विचार करते हैं। प्रत्येक भाव का मस्तिष्क में एक चित्र-विशेष खिंचा हुआ होता है। वेदान्त की परिभाषा में इसी को नाम और रूप कहते हैं। ये दोनों अनादि हैं, इनको कोई उत्पन्न नहीं कर सकता। संसार के शास्त्रीय सङ्केतों में हमको मनुष्य के धार्मिक सिद्धान्तों का पता मिलता है। यह कहना कि कर्म या उपासना की कोई आवश्यकता नहीं है, सुगम है। आज कल एक बालक भी ऐसा कहा करता है। परन्तु यह बात सुगमता से जानी जा सकती है कि जो लोग मन्दिर (स्थान-विशेष) में पूजा किया करते हैं, वे उन लोगों से भिन्न हैं, जो पूजा नहीं करते। इसलिए मन्दिर-विशेष, कर्म-विशेष और चिह्न-विशेषों का धर्म-विशेषों से सम्बन्ध है और प्रत्येक धर्म के अनुयायी उन चिह्नों से परमार्थ को सिद्ध करते हैं। अतएव कर्म की उपेक्षा करना ठीक नहीं। कर्मयोग के सम्बन्ध में इन सब बातों का जानना आवश्यक है।

इस कर्मयोग-विज्ञान के अनेक अङ्ग हैं। उनमें से एक यह है कि शब्द और अर्थ में क्या सम्बन्ध है और शब्द की शक्ति से क्या प्राप्त हो सकता है। प्रत्येक धर्म में शब्द की शक्ति स्वीकार की गई

CC-0. In Public Domain. Funding by IKS-MoE

४८ कर्मयोग

है और इस पर इतना अधिक बल दिया गया है कि कोई कोई धर्म तो केवल शब्द से ही सृष्टि की उत्पत्ति मानते हैं। ईश्वर के ज्ञान का वाह्य चिह्न भी शब्द ही है। ईश्वर ने पहले सोचा या इच्छा की, इसलिए यह सृष्टि शब्द से उत्पन्न हुई। आज-कल प्रकृति-विज्ञान उन्नति पर है, इसलिए लोगों की वृद्धि ऊपर की तरफ़ नहीं जाती। हृदय कठोर हो रहे हैं। जितने ही जो लोग अधिक आयुवाले हैं, उतने ही वे संसार के कुत्ते बने जा रहे हैं और उनमें उसी परिमाण से कठोरता आ रही है और प्रमाद बढ़ रहा है। तो भी कभी कभी मनुष्यता का ध्यान आ ही जाता है और कोई कोई साधारण सी बातें मनुष्य को तत्त्वानुसन्धान की ओर आकर्षित कर ही देती हैं और फिर इसको ज्ञान का आश्रय लेना ही पड़ता है। यदि हम दर्शन-शास्त्र और शब्द-शास्त्र के धार्मिक मूल्य की थोड़ी देर के लिए उपेक्षा करके देखें, तब भी हमको मानना पड़ेगा कि मनुष्य-जीवन के अभिनय में कर्म ने बहुत बड़ा काम किया है। मैं तुमसे केवल बातचीत कर रहा हूँ, तुमको छूता नहीं। मेरी उच्चारण-क्रिया से वायु में लहरें उठती हैं और मेरे शब्द तुम्हारे कान में जाकर तुम्हारी रगों और नसों को छूते हैं और तुम्हारे मन पर प्रभाव डालते हैं। तुम इस प्रभाव को रोक नहीं सकते। यह शब्द की विचित्र शक्ति है। एक मनुष्य दूसरे को अपशब्द कहता है, दूसरा मुष्टिप्रहार से उसके मुँह को लाल कर देता है। यह भी शब्द का ही प्रभाव है। और भी शब्द के प्रभाव पर ज़रा ध्यान दो। एक मनुष्य दुःख से मर्माहत होकर विलाप कर रहा है, दूसरा उसके पास आकर मधुर और शान्ति-पूर्ण वचनों से आश्वा-

चौथा अध्याय ४६

चौथा अध्याय ४६

सन करता है। थोड़ी देर में उसका सब दुःख जाता रहता है और वह आनन्द में आकर आलाप करने लगता है। देखो ! शब्द में कैसी विचित्र शक्ति है। शब्द ही दर्शन-शास्त्र हैं और इन्हीं से धर्म-शास्त्र भी बनता है। मनुष्य-जीवन के नाटक में इनका अभिनय (एक्ट्) सर्वोपरि है और इन्हीं की शक्ति इस सृष्टि में सर्वत्र व्याप्त हो रही है। हम रात-दिन बिना जाने-बूझे और बिना परीक्षा किये इस शक्ति से काम लेते रहते हैं, इस शक्ति का जानना वा उपयोग में लाना कर्मयोग की एक शाखा है।

हमारा धर्म है कि हम दूसरों की सहायता करें अर्थात् संसार को लाभ पहुँचावें पर हम ऐसा क्यों करें ? प्रत्यक्ष में तो लोग इसका उत्तर यह देंगे कि इससे संसार का उपकार होता है, पर वास्तव में हमारा अपना उपकार होता है। हम सदा परोपकार की चेष्टा करते हुए कर्म में प्रवृत्त हों, यह बहुत अच्छी बात है। पर यदि विचार-पूर्वक देखा जाय तो संसार को हमारी सहायता की कुछ भी आवश्यकता नहीं। इस सृष्टि को न तो तुमने बनाया और न हमने। फिर हम और तुम इसकी क्या सहायता कर सकते हैं। एक बार मैंने एक उपदेश पढ़ा। उसमें यह लिखा था कि "यह सृष्टि बड़ी अच्छी और सुन्दर है क्योंकि इसके कारण हमको दूसरों के उपकार का अवसर और समय हाथ आता है।" देखने में तो यह बात अच्छी मालूम होती है, पर दूसरी दृष्टि से ऐसा सोचना अनुचित है। क्यों ? क्या ऐसा कहना कि संसार को हमारी सहायता की आवश्यकता है, धृष्टता से पूर्ण और अनुचित नहीं है ? अवश्य है। हम स्वीकार करते हैं कि संसार में दुःख अवश्य है,

५०

कर्मयोग

इसलिए दूसरों के उपकार की दृष्टि से कर्म करना बहुत अच्छी बात है। पर अन्त में जाकर हमको यह मालूम होने लगता है कि दूसरों की सहायता करने में हम अपनी सहायता आप करते हैं। जब मैं छोटा बालक था, मेरे पास एक सफ़ेद चूहा था। वह एक सन्दूक़ में बन्द था, जिसमें छोटे छोटे पहिये बने हुए थे। पहिये हर वक्त़ घूमते रहते थे और चूहा बाहर नहीं निकल सकता था। इसी प्रकार संसार और संसार के उपकार का विषय है। इस सहायता का इतना लाभ अवश्य होता है कि हमको एक सद्गुण के अभ्यास का अवसर हाथ आता है। यह संसार न तो बुरा है और न अच्छा है। हम अपने कर्मों से इसको अपने लिए अच्छा या बुरा बना लेते हैं। हम में हज़ारों सुखी हैं और लाखों दुःखी। सुखी सुख से उन्मत्त हो रहे हैं; दुःखी दुःख से विलाप कर रहे हैं। युवक प्रसन्न हैं और बूढ़े उदास हैं। उनको आगे के लिए आशा है और उनके सामने अब निराशा की रात है। परन्तु ये दोनों मूर्ख हैं। जीवन न तो अच्छा है न बुरा। जैसा हमारा अन्तःकरण बन गया है, वैसा ही हम संसार को देखते हैं। वह मनुष्य बुद्धिमान् है, जो न तो किसी वस्तु को अच्छा और न बुरा समझता है। आग अपनी अवस्था में न तो अच्छी है और न बुरी। जब वह हमारी रोटी पका देती है या हमको रोशनी देती है तो हम कहते हैं अहा! आग कैसी अच्छी वस्तु है। पर वही आग जब हमारी उँगलियों को जलाती है तो हम आग को बुरा बतलाने लगते हैं। वास्तव में आग न अच्छी है और न बुरी। हम जिस रीति पर उसका उपयोग करते हैं, वह हमारे लिए अच्छी या बुरी बन जाती है। यही दशा

चौथा अध्याय

५१

इस संसार की है। संसार अपनी अवस्था में पूर्ण है। पूर्ण से यह अभिप्राय है कि उसकी आवश्यकतायें किसी व्यक्ति-विशेष या जाति-विशेष पर निर्भर नहीं हैं। हमको विश्वास रखना चाहिए कि चाहे हम कर्म करें या न करें, संसार के काम कभी बन्द न होंगे और उनको हमारी सहायता की कुछ भी आवश्यकता न होगी।

तथापि हमको धर्मात्मा होना चाहिए। धर्म की इच्छा ही हम को सदाचारी बनाती है। यदि हम विश्वास कर लें कि धर्माचरण और दूसरों की सहायता करने का न केवल हमको अधिकार है, प्रत्युत हमारा धर्म है, तो फिर हमें कोई अपने धर्म के पालन से रोक नहीं सकता। जिनकी तुम सहायता करते हो, उन पर अपना अहसान न जतलाओ और न ऋणी के समान उन पर दबाव डालो। किन्तु उनका तुमको स्वयं कृतज्ञ होना चाहिए कि उनके कारण तुमको अपनी उदारता के चरितार्थ करने का अवसर मिला। उनकी सहायता करने से वास्तव में तुमने अपनी सहायता की है, क्योंकि गृहीता से अधिक दान का लाभ दाता को मिलता है। तुम उनका धन्यवाद करो कि उनके कारण तुम धर्मात्मा और दानी कहलाने के अधिकारी बने और तुमको अपने अन्तःकरण के पवित्र और उदार बनाने में सफलता प्राप्त हुई। स्मरण रक्खो, जितने शुभ कर्म तुम करोगे, उतना ही तुम्हारा हृदय पवित्र होगा। चिकित्सालय बनाकर रोगियों की सहायता करो, दीनालय और अनाथालय खोल कर दीनों और अनाथों का भरण-पोषण करो। विद्यालय स्थापन करके सर्व-साधारण को शिक्षित बनाओ। इनको और ऐसे ही लोकोपकार के अन्य कार्यों को भी उत्साह और प्रेम

५२ | कर्मयोग

के साथ करो। किन्तु "हम दूसरों का उपकार करते हैं" इस तुच्छ और अनुचित भावना को अपने हृदय से निकाल दो। यद्यपि संसार आपकी सहायता की प्रतीक्षा नहीं करता तथापि हमको अपने धर्म के पालन में कभी प्रमाद नहीं करना चाहिए। यही हमारे अभ्युदय का मार्ग है और यही हमारे निःश्रेयस की भी निःश्रेणी है।

इस बात को मन में धारण करना कि हमने किसी का उपकार किया है, बड़ी भारी भूल है। इसका परिणाम पश्चात्ताप और दुःख है। हम समझते हैं कि हमने अमुक का उपकार किया है और इस आशा में हैं कि वह हमारा धन्यवाद करे और जब वह ऐसा नहीं करता तो हमको क्रोध उत्पन्न होता है और यही दुःख का कारण है। उदारता का बदला चाहना उसके मूल्य को घटाना है। निःस्वार्थ परोपकार से बढ़ कर और कोई ईश्वर की पूजा नहीं हो सकती। यदि हम अनासक्त (बेलाग) रहें तो इच्छा और आशा की प्रतीक्षा से जो दुःख उत्पन्न होते हैं, वे निर्मूल हो जावें। और हम आनन्द के साथ निर्द्वन्द्व होकर अपना अपना काम करें।

एक दरिद्र को रुपये की आवश्यकता थी। उसने किसी से सुन रखा था कि यदि भूत वश में हो जाय तो घर में रुपयों के ढेर लग जावें। उसके मस्तिष्क में यही धुन समा गई और वह ऐसे मनुष्य की खोज करने लगा जो भूत को वश में करने की क्रिया सिखा दे। निदान उसको एक महात्मा मिले। महात्मा ने पूछा— "तू क्या चाहता है?" उसने कहा— "मैं भूत चाहता हूँ, जो मेरे लिए काम करे।" महात्मा ने कहा— "पागल हुआ है, जा अपने घर को।"

चौथा अध्याय ५३

चौथा अध्याय ५३

उस दिन तो वह घर चला गया, दूसरे दिन फिर आया और साधु से गिड़गिड़ा कर भूत के लिए प्रार्थना करने लगा। साधु ने मुँह बना कर कहा—“अच्छा यह यन्त्र ले जा और यह मन्त्र पढ़ना। भूत तेरे पास आ जायगा और जो कुछ तू कहेगा सब कुछ कर देगा। पर सावधान रहना, यदि तू उसको काम न दे सकेगा तो वह तुझे मार डालेगा।” “मेरे पास काम बहुत है” यह कह कर और घर पर जा कर वह दरिद्र मन्त्र सिद्ध करने लगा। मन्त्र के पढ़ते ही एक भयङ्कर भूत, जिसके बड़े बड़े दाँत थे, प्रकट हुआ और कहने लगा—“मैं भूत हूँ, तूने मन्त्र के जाप से मुझे वश में कर लिया है। अब मुझे काम बता, नहीं तो मैं तुझे मार डालूँगा।” दरिद्र ने कहा—“मेरे लिए महल बना दे।” भूत ने कहा—“बन गया।” उसने कहा—“रुपया ला दे।” उत्तर मिला—“घर में कोष भरा हुआ है।” उसने कहा—“जङ्गल को काट कर साफ़ कर दे।” भूत बोला—“जङ्गल कट गया।” उसने कहा—“वहाँ एक नगर बसा दे।” भूत ने कहा—“नगर आबाद है, अब काम बताओ।” अब तो उस आदमी को घबराहट हुई और वह अपने मन में कहने लगा—यह विलक्षण आदमी है, जो काम कहो, पल भर में कर देता है, अब मैं क्या काम इसको दूँ। भूत ने कहा, झट पट काम बताओ, नहीं तो मैं तुमको खा जाऊँगा। भोले मनुष्य के पास कोई काम न रह गया था। वह डरके मारे भागा और उस महात्मा के पास पहुँच कर कहने लगा—महाराज ! बचाओ, यह भूत मुझे खाये डालता है। महात्मा ने पूछा—क्या बात है ? उसने कहा—मैं उसको काम नहीं दे सकता। जो कुछ कहता हूँ, मुझे कहते देर लगती है, पर उसे करते देर नहीं

५४

कर्मयोग

लगती। अब मुझे धमकाता है कि यदि काम न देगा तो तुझे खा जाऊँगा। यह कह ही रहा था कि भूत वहाँ आ पहुँचा और मुँह खोल कर उसकी ओर झपटा। दरिद्र डर के मारे काँपने लगा और फिर महात्मा से प्राण बचाने की प्रार्थना करने लगा। साधु ने कहा—अच्छा, मैं तुझको इस कष्ट से बचाऊँगा। देख, इस कुत्ते की पूँछ टेढ़ी है, छुरी से काट डाल और भूत से कह, इसे सीधी करे। दरिद्र ने पूँछ काट ली और भूत से कहा, इसको सीधी कर दे। भूत ने पूँछ को हाथ में लेकर धीरे धीरे सीधा करना शुरू किया। वह सीधी हो गई, परन्तु जब उससे हाथ हटाया तो वह फिर टेढ़ी की टेढ़ी हो गई। उसने बार बार यत्न किया और दिन-रात उसमें लगा रहा, पर वह सीधी न हुई। निदान वह थक गया और कहने लगा कि ऐसी विपत्ति से कभी पहले मेरा पाला नहीं पड़ा था। भाई ! मैं हार गया। अब तेरे साथ मेल कर लूँ। जो कुछ मैंने तुझको दिया है, वह तू सब ले जा और मुझको छोड़ दे। मैं प्रतिज्ञा करता हूँ कि कभी तुझको न सताऊँगा। दरिद्र ने प्रसन्नता से उसकी बात मान ली और उसको छोड़ दिया।

यह संसार भी कुत्ते की टेढ़ी पूँछ है। लोग सदा से इसके सीधा करने की चेष्टा करते आये हैं; सैकड़ों वर्ष तक यत्न किये; परन्तु यह टेढ़ी की टेढ़ी ही रही। पहले मनुष्य को सोचना चाहिए कि कर्म करने का ढंग क्या है। मनुष्य चाहे कुछ करे, पर उसमें कट्टरपन, क्षुद्रमनस्कता और पक्षपात न होना चाहिए। जो लोग कट्टर होते हैं, वे हो न हो दूसरों के साथ उलझते रहते हैं। सुनो, शिकागो (अमेरिका) में एक कुलीन स्त्री रहती है। उसने

चौथा अध्याय ५५

चौथा अध्याय ५५

एक मकान बनाया है जिसमें और स्त्रियाँ व्यायाम ( वरज़िश ) आदि करने जाती हैं। एक दिन यह स्त्री शराब और तम्बाकू के विरुद्ध बातचीत कर रही थी। उसने मुझसे कहा—‘‘मैं इसका उपाय जानती हूँ।’’ मैंने पूछा—‘‘वह क्या है ?’’ उसने कहा—‘‘क्या तुमने मेरे मकान का हाल नहीं सुना ?’’ इस स्त्री के मस्तिष्क में यह बात समा गई है कि जो मनुष्य उसके मकान में आवे उसमें चाहे कैसा ही व्यसन और दुर्गुण क्यों न हो, वह धर्मात्मा और सदाचारी बन जायगा। भारतवर्ष में भी ऐसे कट्टर मौजूद हैं। वे कहते हैं, यदि किसी स्त्री को दो तीन पति बनाने का अवसर मिल जाय तो उसकी सारी बुराई जाती रहेगी। इसी को कट्टरपन कहते हैं। बुद्धिमान् मनुष्य कट्टर नहीं होते। कट्टर आदमी कोई भी उपयोगी काम नहीं कर सकता। यदि संसार में कट्टरपन न होता तो अब तक इसकी बहुत अधिक उन्नति हो गई होती। जहाँ कट्टरपन होता है वहाँ क्रोध और द्वेष दोनों बढ़ते हैं। जिनसे लोग छोटी छोटी तुच्छ बातों के लिए आपस में लड़ने-झगड़ने लगते हैं। यदि तुम उस कुत्ते की पूँछ की कहानी याद रक्खोगे तो कट्टरपन से बच जाओगे। संसार के लिए चिन्तित और व्यग्र होना व्यर्थ है। तुम चाहे कुछ करो, संसार ज्यों का त्यों रहेगा। सृष्टि परमात्मा की है, वही इसका अधीश्वर और नायक है। इसलिए उसकी आज्ञा से सृष्टि-नियम जो कुछ काम कर रहे हैं, उनके विरुद्ध कट्टरपन से अपनी शक्ति का अपव्यय मत करो। जब तक तुम पर यह कट्टरपन का भूत सवार है, तब तक तुम्हारे लिए न तो यह संसार ही सीधा होगा और न तुम अपने को ही सीधा बना सकोगे।

५६ कर्मयोग

तुमने सुना होगा, बहुत से मनुष्य एक विशेष प्रकार के फूल के विषय में विचित्र विश्वास रखते हैं। इसका नाम अँगरेज़ी में मेफ़्लावर है। वे कहते हैं, पहले वे पवित्र और धर्मात्मा थे, फिर बिगड़ गये और दूसरों को पीड़ा देने लगे ! संसार में सर्वत्र यह दशा है। जो लोग मनुष्यों को सताना पाप समझते हैं, वही समय पर अत्यन्त निर्दय और हिंसक बन जाते हैं। मैंने दो प्रकार की लड़ाइयों का वर्णन सुना है। एक सेना की लड़ाई और दूसरी मेफ़्लावर की। अमेरिकावासी कहते हैं कि वे मेफ़्लावर से आये हैं। यह कट्टरपन का एक उदाहरण है। समय आवेगा, जब डाक्टर ( वैद्य ) लोग बता सकेंगे कि कट्टरपन भी एक रोग है। मैंने इस रोग के रोगी सैकड़ों ही देखे हैं। ईश्वर कट्टरपन से सब को बचावे।

क्या तुम्हारी समझ में जो शराब के विरुद्ध युद्ध करते हैं, वे ग़रीबों की सहायता करते हैं ? नहीं, प्रत्येक कट्टर मनुष्य अपने काम का बदला चाहता है। जहाँ लड़ाई हुई, उनको लूट के माल की आशा होती है। तुम इन कट्टर मनुष्यों की गोष्ठी से बाहर निकल आओ। तुम्हें इनके वास्तविक प्रेम और सहानुभूति का हाल मालूम हो जायगा। उस समय तुम शराबी के साथ सहानुभूति करोगे और समझोगे कि शराबी भी आख़िर तुम्हारी तरह मनुष्य है। न मालूम किन कारणों से वह शराब पीने लगा है। सम्भव है कि उन्हीं कारणों की उपस्थिति में तुमको आत्मघात कर लेना पड़ता। मुझको याद है कि अमेरिका की एक स्त्री ने मुझसे शिकायत की कि उसका पति शराब पीता है। मैं समझता हूँ कि

चौथा अध्याय

५७

उस देश में बहुत से पुरुष केवल अपनी स्त्रियों के अत्याचार से तङ्ग आकर शराब पीने लग जाते हैं और इस रीति पर अपने दुःख को कम करते हैं।

किन्हीं किन्हीं कर्कशा स्त्रियों के स्वभाव में अनुचित स्वतन्त्रता (स्वैरिता) का कुछ ऐसा प्रभाव जम गया है कि वह पति को छाया के समान अपने पीछे रखना चाहती हैं और जहाँ पति ने उनकी इच्छा या रुचि के विरुद्ध एक शब्द भी कहा, उस बेचारे की ऐसी दुर्गति करती हैं कि उसको सिवा आत्मघात के और कुछ नहीं सूझता। इस प्रकार की स्त्रियाँ पश्चिमी देशों में पूर्वी देशों की चुड़ैलों से बढ़कर हैं। लोभी पादरी इनका पक्ष लेकर कहते हैं, “धन्य लेडियो! तुम्हीं संसार की शक्ति और शोभा हो” और इस प्रशंसा से फूल कर लेडियाँ अपने धन और बल से पादरियों की सहायता करती हैं। इस प्रकार के दृश्य यूरोप व अमेरिका में जहाँ तहाँ दृष्टि पड़ेंगे।

इस प्रसङ्ग के उपसंहार में तुमको इतनी बातें याद रखनी चाहिएँ:—

(१) हम, तुम, और सब लोग संसार के ऋणी हैं, और संसार हमारा ऋणी नहीं है। संसार की सहायता करने में हम अपनी सहायता आप करते हैं।

(२) इस संसार का नियामक और रक्षक ईश्वर है। इसको तुम्हारी सहायता की कुछ भी आवश्यकता नहीं। ईश्वर की दया की छाया सदा इस संसार पर है, वह सर्वज्ञ और नित्य सदा इसकी रक्षा और सहायता में तत्पर रहता है। जब संसार सो