BharatKosha
Back to the archive

कम्ब रामायण (महाकवि कम्बन - प्रामाणिक हिन्दी अनुवाद)

Kamba Ramayana Hindi

by महाकवि कम्बन

Source: Kamba Ramayana in Hindi Translation (Vol 1) (origin)

DevanagariHindipublished549 pages

प्रारंभिक पृष्ठ व विषय-सूची

Page 1Permalink

कंब रामायण

[ महाकवि कंबन-रचित मूल तमिल से अनूदित ]

[ भाग १ ]

अनुवादक
श्री न० वी० राजगोपालन

संपादक
श्रीअवधनन्दन

बिहार-राष्ट्रभाषा-परिषद्
पटना

Page 2Permalink

प्रकाशक
विहार-राष्ट्रभाषा-परिषद्
पटना

<br>

© विहार-राष्ट्रभाषा-परिषद्
प्रथम संस्करण
विक्रमाब्द २०१९; शकाब्द १८८४, खृष्टाब्द १९६३
मूल्य : ९.७५ न० पै०

<br> <div align="right"> मुद्रक<br> गया प्रिन्टर्स<br> पुरानी गोदाम, गया </div>
Page 3Permalink

वक्तव्य

सम्पूर्ण भारतीय राष्ट्र की एकात्म भावना और अखण्ड संस्कृति के निर्माण का सारा श्रेय संस्कृत-भाषा को है, जिसने कैलास से रामेश्वरम् तथा पश्चिम समुद्र से पूर्व सागर तक के जनमानस को एक साँचे में ढाल दिया था। आज उसी संस्कृत की तरह राष्ट्र को एक सूत्र में गूँथे रखने की शक्ति यदि किसी भाषा में है, तो वह राष्ट्रभाषा हिन्दी है। राष्ट्रभाषा देश की आत्मा होती है, जिसे राष्ट्र-रूपी शरीर की सभी धमनियों से रक्त-प्राप्ति आवश्यक है। दूसरी बात कि अब हिन्दी को स्वयं इस प्रकार समर्थ होना है, जिसके माध्यम से चाहे तो कोई भी समस्त भारतीय साहित्य और संस्कृति को समझ ले। इन्हीं दृष्टिकोणों के अनुसार बिहार-राष्ट्रभाषा-परिषद् ने ग्रन्थ-प्रकाशन का श्रीगणेश किया था और निश्चय किया था कि दक्षिण के चारो भाषाओ (तेलुगु, तमिल, कन्नड और मलयालम) की रामायणों के हिन्दी-अनुवाद यहाँ से प्रकाशित किये जायें। आज हमें प्रसन्नता है कि परिषद् ने तेलुगु की 'रंगनाथ रामायण' को प्रकाशित तो किया ही, अब तमिल की 'कंब-रामायण' का भी हिन्दी-अनुवाद प्रकाशित कर अपना संकल्प पूरा कर लिया।

यह 'कंब रामायण' परिषद् की अनुवाद-योजना का बारहवाँ ग्रन्थ है। परिषद् ने इसके पहले जर्मन, फ्रेंच, अँगरेजी, संस्कृत और तेलुगु-भाषाओं के ग्रन्थों के अनुवाद प्रकाशित किये थे। यह तमिल से अनूदित है, जिसका साहित्य, संस्कृत को छोड़कर, सभी जीवित भारतीय भाषाओं के साहित्य से प्राचीन है। आज भी दक्षिण की सभी भाषाओं के साहित्य से तमिल-साहित्य सुसम्पन्न और सुष्ठु माना जाता है।

प्रस्तुत ग्रन्थ तमिल का महाकाव्य है, जो बारह सौ वर्ष (कुछ के मतो से आठ सौ वर्ष) पुराना है। इस महाकाव्य की रचना-शैली बाणभट्ट की 'कादम्बरी' की-सी है; किन्तु इसका रचना-आधार वाल्मीकीय रामायण है। यद्यपि 'कंब-रामायण' वाल्मीकीय रामायण का अनुगामी है, तथापि दाक्षिणात्य संस्कृति से यह ओत-प्रोत है, जो वाल्मीकीय में दृष्टिगोचर नही होती। यह एक महान् आश्चर्य है कि काव्य के सौष्ठव की दृष्टि से भी यह ग्रन्थ वाल्मीकीय रामायण से जरा भी घटकर नही है। हमारे ऐसे कथन की यथार्थता प्रबुद्ध पाठक स्वयं इसमे आँकेंगे। किन्तु, आश्चर्य की बात यह है कि ऐसे महत्त्वपूर्ण ग्रन्थ का अनुवाद आजतक दुनिया के किसी भी भाषा में नही छुपा था, यहाँतक कि अँगरेजी-भाषा में भी नही। हिन्दी में इसका अनुवाद कराकर सर्वप्रथम प्रकाशित करने का सौभाग्य परिषद् को ही है।

परिषद् ने जब 'कंब रामायण' के अनुवाद कराने का निश्चय किया, तब एक जटिल समस्या सामने आई कि अनुवाद किससे कराया जाय ? क्योकि दक्षिण की भाषाओ मे भी दुरूह तमिल-भाषा है और उसके काव्यो में भी अत्युच्च महाकाव्य 'कंब रामायण' है, जिसका सजीव हिन्दी-अनुवाद केवल तमिल और हिन्दी जाननेवाला नही कर सकता था। इसके लिए उक्त दोनों भाषाओ के साहित्य-मर्मज्ञ के साथ-साथ संस्कृत-साहित्य के

Page 4Permalink

तत्त्वदर्शी विद्वान् की आवश्यकता थी। किन्तु, इन सारे गुणों के रहते भी यदि वह व्यक्ति लेखन-कला में दक्ष न हुआ, तो भी समस्या उलझी ही रह जाने का भय था। किन्तु, ऐसे उपयुक्त अनुवादक को ढूँढ़ निकालने का सारा श्रेय श्रीअवधनन्दनजी को है। ये बिहार-प्रदेश के ही निवासी हैं, पर उस समय ये दक्षिण भारत हिन्दी-प्रचार-सभा (मद्रास) के माध्यम से तमिलभाषी क्षेत्र में हिन्दी-प्रचार का काम कर रहे थे। परिषद् के अनुरोध पर इन्होंने तेलुगु और तमिल—दोनो की रामायणों के अनुवाद करा देने का जिम्मा लिया और तदनुसार तमिल-रामायण के अनुवाद का काम श्री न० वी० राजगोपालन जैसे योग्य व्यक्ति को सौंपकर इसके सम्पादन का भार स्वयं सँभाला। श्रीअवधनन्दनजी के ऐसे सहयोग के लिए परिषद् सदा इनका आभारी है।

श्री न० वी० राजगोपालन तमिलनाड के तिरुचिरापल्ली जिले के निवासी हैं। आपने तिरुपति के श्रीवेङ्कटेश्वर प्राच्यकला-शाला-जैसी संस्था में संस्कृत-साहित्य के माध्यम से व्याकरण, न्याय और मीमांसा-शास्त्र का अध्ययन किया है। आपने कांचीपुरी में परमहंस-परिव्राजक श्रीरंग रामानुज महादेशिक और उ० वीर राघवाचार्य-सदृश महाविद्वानो से वेदान्त-दर्शन का भी अध्ययन किया। आपने फिर काशी-विश्वविद्यालय से हिन्दी में तथा मद्रास-विश्वविद्यालय से तमिल में एम० ए० की उच्च उपाधि प्राप्त की। आप तमिल, तेलुगु, सस्कृत, अँगरेजी, हिन्दी और खूबी यह कि उर्दू के भी सुलेखक हैं। आजकल आप केन्द्रीय हिन्दी शिक्षक-महाविद्यालय, आगरा में प्राध्यापक हैं। इसके पहले आप प्रेसीडेंसी कॉलेज (मद्रास) और दक्षिण भारत हिन्दी-प्रचार-सभा (मद्रास) में भी अध्यापन का कार्य कर चुके हैं।

कंब रामायण दस हजार श्लोकों का एक वृहत्काय महाकाव्य है, जो छह काण्डो मे विभक्त है। अतः, इसका प्रकाशन हम दो भागो में कर रहे हैं, जिससे ग्रन्थ का आकार-प्रकार सुहावना बना रहे। यह पहला भाग बालकांड से किष्किन्धाकांड तक है। दूसरे भाग मे केवल दो काण्ड होगे—सुन्दरकाण्ड और युद्धकाण्ड। किन्तु, दोनों भागो के आकार प्रायः समान होंगे, क्योकि केवल युद्धकाण्ड ही लगभग तीन काण्डों के बराबर है। आज हिन्दी-जगत् के समक्ष 'कंब रामायण' के इस पहले भाग को प्रस्तुत करते हुए हमें पूरा संतोष है और विश्वास है कि हिन्दी के प्रकाशनो में यह चार चाँद लगायेगा। आप इसमे महाकवि कम्बन की कवित्व-शक्ति की पराकाष्ठा का दर्शन कर अपने को निश्चय ही कृतार्थ मानेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है। परिषद् का यह प्रकाशन उत्तर और दक्षिण में 'नये सेतु' का निर्माण करेगा और हमारे राष्ट्र की चिर एकात्मनिष्ठा को अधिकाधिक सुदृढ करेगा।

बिहार-राष्ट्रभाषा-परिषद्<br>पौष, कृष्णा एकादशी, २०१६ वि०भुवनेश्वरनाथ मिश्र 'माधव'<br>संचालक
Page 5Permalink

प्रस्तावना

बहुत दिनो से मेरे मन में यह अभिलाषा थी कि तमिल-साहित्य के कुछ प्राचीन ग्रन्थो का हिन्दी-अनुवाद प्रकाशित किया जाय, जिससे हिन्दीभाषा-भाषी जनता को तमिल-भाषा के प्राचीन साहित्य का रसास्वादन करने तथा वहाँ की समृद्ध संस्कृति एवं विचार-धारा को समझने का अवसर मिले। किन्तु, किसी योग्य प्रकाशक के अभाव में यह कार्य संभव नही था। सन् १६५५ ई० में मेरी भेट आदरणीय श्रीशिवपूजन सहायजी से हुई। उस समय वे बिहार-राष्ट्रभाषा-परिषद् के संचालक थे। जब मैने उनसे इस विषय की चर्चा की, तब वे बहुत प्रसन्न हुए और परिषद् की ओर से ऐसे ग्रन्थो को प्रकाशित करने का आश्वासन भी किया। उसी वर्ष २७ जुलाई को उनका एक पत्र मिला, जिसमें लिखा था कि राष्ट्रभाषा-परिषद् ने दक्षिण भारत की चारो भाषाओ में प्रचलित रामायणो का हिन्दी-अनुवाद प्रकाशित करने का निश्चय किया है। योग्य अनुवादक चुनने तथा अनुवाद के संशोधन आदि का भार उन्होंने मुझे सौंपा था। मै उस समय दक्षिण भारत हिन्दी-प्रचार-सभा की तमिलनाड-शाखा के मंत्री की हैसियत से कार्य कर रहा था और तिरुच्चिरापल्ली मे रहता था। सहायजी का पत्र पाकर मै उत्साह से भर गया और योग्य अनुवादको की तलाश करने लगा।

दक्षिण में चार प्रधान भाषाएँ बोली जाती हैं, जिनका अपना-अपना साहित्य है। वे हैं—तमिल, तेलुगु, कन्नड और मलयालम। तमिल मद्रास-राज्य में, मद्रास नगर तथा उसके दक्षिण में कन्याकुमारी तक बोली जाती है। तेलुगु आन्ध्रदेश की भाषा है और मद्रास के उत्तर मे विजगापट्टम् तक तथा हैदराबाद में बोली जाती है। कन्नड मैसूर-राज्य की भाषा है और मद्रास-राज्य के पश्चिम मे अरब समुद्र के तट तक बोली जाती है। मलयालम केरल-प्रान्त की भाषा है और दक्षिण मे तिरुवनन्तपुरम् (त्रिवेन्द्रम्) से अरब सागर के किनारे-किनारे कासरगोड तक बोली जाती है। ये चारो भाषाएँ द्रविड़-परिवार की हैं और आर्य-परिवार की भाषाओ से बहुत भिन्न हैं। तमिल को छोड़कर शेष तीन भाषाओ पर संस्कृत का बहुत प्रभाव पड़ा है और उन्होने संस्कृत से बहुत-से शब्द ग्रहण किये हैं। इन चारो भाषाओ में तमिल सबसे प्राचीन है और उसका प्राचीन साहित्य सबसे अधिक समृद्ध है।

उपर्युक्त चारो प्रान्तो मे रामकथा का प्रचार है और चारो भाषाओ मे रामायण की रचना हुई है। किन्तु, मलयालम रामायण एक आधुनिक रचना है और वाल्मीकि रामायण का छायानुवाद-मात्र है। मलयालम रामायण रामानुजन् एऴुत्तच्छन् नामक किसी कवि की रचना है, जो ईसवी-सन् १६वी और १७वी शती के मध्य वर्त्तमान थे। उन्होंने अपनी रामायण अध्यात्मरामायण के आधार पर लिखी है, जिसकी भाषा संस्कृत-गर्भित है। कन्नड की सबसे प्राचीन रामायण 'पप रामायण' के नाम से प्रसिद्ध है और 'पप' नामक एक जैनकवि की रचना है। पंप ने रामकथा मे बहुत हेर-फेर किया है और जैन दृष्टिकोण से

Page 6Permalink

उसकी रचना की है, अतएव यह निश्चय हुआ कि इस समय उक्त दोनो रामायणो का अनुवाद स्थगित रखा जाय और तेलुगु से रंगनाथ रामायण तथा तमिल से कब रामायण का अनुवाद कराया जाय । ये दोनो रामायण वाल्मीकि रामायण की कथा के आधार पर लिखे गये हैं, किन्तु दोनो की रचना मे पर्याप्त मौलिकता प्रदर्शित की गई है ।

बिहार-राष्ट्रभाषा-परिषद् की इसी योजना के अनुसार रंगनाथ रामायण के हिन्दी-अनुवाद का कार्य मद्रास क्रिश्चियन कॉलेज के हिन्दी-अध्यापक श्री ए० सी० कामाक्षिराव, एम्० ए०, बी० ओ० एल्० को सौंपा गया । प्रसन्नता की बात है कि रंगनाथ रामायण का हिन्दी-अनुवाद परिषद् की ओर से प्रकाशित हो चुका है।

कंब रामायण तमिल-भाषा की एक अत्यन्त लोकप्रिय तथा सर्वश्रेष्ठ महाकाव्य है और भारतीय भाषाओ में जितनी रामायणें उपलब्ध हैं, उनमे सबसे प्राचीन है । जनश्रुति के अनुसार कंबन का जन्म ईसा की नवी शताब्दी (कुछ लोग उनका जन्म बारहवी शताब्दी मे मानते हैं) मे हुआ था । उनकी भाषा अत्यन्त प्रवाहपूर्ण, ओजस्विनी तथा आलंकारिक है । वह तमिल की प्राचीन शैली का एक बहुत सुन्दर नमूना है। कवि ने अपनी रचना में संस्कृत तथा तमिल-अलंकारो और मुहावरों का प्रचुर मात्रा मे प्रयोग किया है। अतः, उसके अनुवाद के लिए एक ऐसे व्यक्ति की आवश्यकता थी, जो संस्कृत, तमिल और हिन्दी तीनों भाषाओ का अच्छा ज्ञान रखता हो तथा जो वैष्णव-संप्रदाय की विचारधारा से भी परिचित हो । सौभाग्य से इस कार्य के लिए हमें श्री न० वी० राजगोपालनजी मिल गये, जो संस्कृत में मद्रास-विश्वविद्यालय के शिरोमणि परीक्षोत्तीर्ण हैं, हिन्दी मे 'प्रवीण' हैं तथा तमिल का भी अच्छा ज्ञान रखते हैं। अभी हाल मे उन्होने तमिल में भी एम्० ए० की परीक्षा पास कर ली है । उनके अथक परिश्रम का ही यह फल है कि कंब रामायण का हिन्दी-अनुवाद हिन्दीभाषी जनता के संमुख उपस्थित किया जा रहा है।

एक भाषा से दूसरी भाषा में अनुवाद का कार्य साधारणतः कठिन होता है और किसी काव्य का अनुवाद करने मे तो यह कठिनाई और भी बढ़ जाती है। कंबन की भाषा नवीं शती की है और प्राचीन तमिल शैली की है, जिसे 'शेन् तमिल' कहते हैं। अनुवादक का लक्ष्य यह था कि जहाँतक हो सके, मूल का सौन्दर्य नष्ट न होने पाये और कंबन की वर्णन-शैली में फर्क न पड़े। स्वतंत्र अनुवाद करने से मूल की विशेषता नष्ट हो जाने का भय था। इसी कारण अनेक स्थानो में अनुवाद की भाषा उलझी हुई और अस्वाभाविक दिखाई देगी । पाठक इसके लिए क्षमा करेंगे ।

अबतक सम्पूर्ण कंब रामायण का अनुवाद किसी भी भाषा मे नही हुआ है । यह प्रसन्नता का विषय है कि ऐसे आदरणीय ग्रन्थ का अनुवाद प्रकाशित करने का सर्व-प्रथम गौरव राष्ट्रभाषा हिन्दी को प्राप्त हो रहा है। बिहार-राष्ट्रभाषा-परिषद् भी बधाई का पात्र है, जिसने सर्वप्रथम इस महत्त्वपूर्ण ग्रन्थ के प्रकाशन का उत्तरदायित्व अपने ऊपर लेकर उसे सफलतापूर्वक संपन्न किया है।

अवधनन्दन

Page 7Permalink

भूमिका

तमिल-साहित्य ३००० वर्ष पुराना माना जाता है। ईसा-पूर्व चौथी शती तक उसमें काव्य, नाटक तथा गीति-साहित्य का विस्तृत प्रणयन हो चुका था। इस भाषा का सर्वप्रथम व्याकरण, जो 'तोलकाप्पियम्' के नाम से प्रसिद्ध है, ईस्वी-सन् पूर्व तीसरी शती में लिखा गया था। यह एक बृहदाकार लक्षण-ग्रन्थ है और अब उपलब्ध तमिल-ग्रन्थों में सबसे प्राचीन है। इस ग्रन्थ में तमिल-भाषा के व्याकरण के अतिरिक्त काव्य-पद्धतियों, छन्द, अलंकार एवं काव्य में वर्ण्य विषय-वस्तु (जिसे तमिल में 'पोरुल्' कहते हैं) का विशद विवेचन है। तमिल-व्याकरण में 'पोरुल्' के दो विभाग किये गये हैं—'अहम्' और 'पुरम्'। अहम् में शृंगार-रस का पोषण होता है, और 'पुरम्' में शृंगारेतर रसों का पोषण होता है, विशेष कर वीर रस का। अहम् और पुरम् मनुष्य के जीवन के अन्तरंग एवं बहिरंग पक्ष के प्रतिपादक हैं। यह विभाजन तमिल-काव्यशास्त्र की विलक्षणता है, जो अन्य किसी भाषा के साहित्य में प्राप्त नहीं होता।

तमिल-साहित्य का आदिकाल 'संघम् काल' के नाम से प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि साहित्य की अभिवृद्धि के लिए मदुरा के पांड्य राजाओं ने, एक के पश्चात् एक, तीन 'संघम्' स्थापित किये थे। अपने समय के लब्धप्रतिष्ठ विद्वान् एवं कवि इस संघम् के सदस्य होते थे। संघम् का कार्य कवियों की रचनाओं की समीक्षा करके उनपर प्रामाणिकता एवं श्रेष्ठता की मुहर लगाना होता था। संघम् द्वारा स्वीकृत रचनाओं को ही लोक में प्रतिष्ठा मिलती थी। यह विश्वास प्रचलित है कि इन तीनो संघमों में कुल ६५७ कवि-सदस्य बने थे और हजारों वर्ष तक इन संघमों ने कार्य किया था। इस काल के कुछ कवियों की रचनाएँ पृथक्-पृथक् पुस्तकों में संगृहीत हैं।

ईस्वी-सन् पूर्व तीसरी शती से ईसा की छठी शताब्दी तक तमिल-देश में जैन तथा बौद्ध धर्मों का विस्तार रहा। जैन तथा बौद्ध कवियों ने अनेक सुन्दर ग्रन्थ लिखे और उनके द्वारा अपने धर्म का प्रचार तथा तमिल-भाषा की सेवा की। ईसा की दूसरी और तीसरी शताब्दियों में तमिल में पाँच महाकाव्य रचे गये, जिनके नाम हैं—१ शिलप्पधिकारम्, २ मणिमेखलै, ३ जीवकचिन्तामणि, ४ वलयापति तथा ५ कुंडलकेशी। इनमें से प्रथम दो बौद्ध कवियों की रचनाएँ हैं और तमिल की विशिष्ट कला के परिचायक हैं। 'जीवकचिन्तामणि' किसी जैनकवि की रचना है। इसका छंद संस्कृत के वर्णवृत्तों पर आधृत है और अलंकार भी संस्कृत-साहित्यशास्त्र के अनुकूल बने हैं। अपने काव्य-सौन्दर्य के कारण यह ग्रन्थ अपने समय में बहुत लोकप्रिय बना था। 'कुंडलकेशी' और 'वलयापति'—ये दोनों काव्य अब अनुपलब्ध हैं।

ईसा की छठी शती से तमिल-देश में भक्ति का आन्दोलन जोर पकड़ने लगा और बौद्ध तथा जैनधर्मों का प्रभाव कम होने लगा। छठी तथा तेरहवीं शतियों के मध्य तमिलनाड में अनेक वैष्णव तथा शैव संत उत्पन्न हुए, जिन्होंने अत्यन्त सुन्दर काव्य-रचना

Page 8Permalink

के साथ-साथ विष्णु तथा शिव-भक्ति की पीयूष-धारा बहाई, जिसने दक्षिण भारत-मात्र को ही नहीं, वरन् सारे भारतवर्ष को प्रभावित किया और हिन्दू-जनता को मुक्ति का एक नवीन मार्ग दिखलाया । पीछे चलकर इन धाराओं ने हिन्दी-जगत् एव हिन्दी-साहित्य को भी आप्लावित कर दिया ।

वैष्णवधर्म के अनुयायी बारह सत हुए, जिन्हें 'आलवार' कहते हैं । आलवार शब्द, का अर्थ होता है 'ज्ञानी' । उन्होने भगवान् विष्णु को परम तत्त्व मानकर उनकी उपासना की और उनकी प्रशंसा मे सहस्रो सुन्दर तथा मधुर गीत गाये । इन गीतों की संख्या चार हजार है, जो तमिल में 'नालायिरप्रबन्धम्' या 'दिव्यप्रबन्धम्' के नाम से प्रसिद्ध हैं । श्रीमद्रामानुजाचार्य इन्हीं आलवारो द्वारा प्रतिपादित वैष्णव धर्म के अनुयायी थे ।

जिस समय वैष्णव संत भगवान् विष्णु को अपना आराध्य देव मानकर उनकी भक्ति का प्रचार कर रहे थे, प्रायः उसी समय शैव सत भगवान् शिव के गुणानुवाद मे अपनी अमृतमय वाणी को सफल बना रहे थे । इस मत में ६३ सत हुए, जिन्हें 'नायनमार' कहते हैं । इन्होने भगवान् शिव की प्रशंसा में हजारो ललित एवं गेय पद रचे, जो आज भी शिवभक्तो की अमूल्य निधि हैं । इनके द्वारा विरचित विपुल साहित्य बारह खंडो में विभाजित है ।

कंबन का स्थान तमिल-साहित्य मे अत्यन्त श्रेष्ठ है और वे कविचक्रवर्त्ती के नाम से प्रसिद्ध हैं । उनकी रचना 'रामायण', जो 'कंब रामायण' के नाम से प्रसिद्ध है, १० हजार से अधिक पद्यों का एक विशाल ग्रन्थ है ।

कंबन का समय निश्चित नहीं है । कुछ विद्वान् उन्हे ईसवी नवी शताब्दी का मानते हैं, किन्तु अधिक प्रामाणिक समय बारहवी शताब्दी है ।$^१$ इस समय तक बारह आलवार हो चुके थे और यामुन, रामानुज आदि आचार्यों की परम्परा भी चल पड़ी थी । इन आचार्यों ने भक्ति एव प्रपत्ति का शास्त्रीय विवेचन किया । कंबन वैष्णव थे, प्रमुख आलवार 'नम्मालवार' की उन्होंने प्रस्तुति की है और उनके काव्य में यत्र-तत्र इन आलवार की श्रीसूक्तियो की छाया दृष्टिगत होती है, तो भी कंबन ने अपने काव्य को केवल साम्प्रदायिक नहीं बनाया है । प्रो० टी० पी० मीनाक्षिसुन्दरम् के अनुसार कंब रामायण केवल वैष्णव सम्प्रदाय का ग्रन्थ नहीं है । ग्रन्थालम्भ मे तथा प्रत्येक काड के आदि में मंगलाचरण के जो पद्य हैं, उनसे यह तथ्य प्रकट होता है । कवि ने परमात्मा का वर्णन शिव और विष्णु के रूप से भी अतीत, केवल सृष्टिकर्त्ता के रूप मे किया है । किन्तु, रामचन्द्र को उस परमात्मा का अवतार ही माना है ।

इसका परिणाम यह हुआ कि शैवों और वैष्णवो के मध्य 'कंब रामायण' का आदर हुआ और इन दोनों सम्प्रदायो मे जो वैमनस्य था, उसके दूर होने मे सहायता मिली ।

कंबन का जन्मवृत्त कुछ निश्चित ज्ञात नहीं हुआ है । उनके संबंध मे अनेक किंवदन्तियाँ प्रचलित हैं, जिनकी प्रामाणिकता संदेहास्पद है । कवि ने कही भी अपना


१. प्रो० टी० पी० मीनाक्षिसुन्दरम्—(तमिल-विभागाध्यक्ष, अन्नामलै-विश्वविद्यालय) इसी को प्रामाणिक मानते हैं ।—अनु०

Page 9Permalink

परिचय नहीं दिया है, किन्तु उन्होंने अपनी रामायण मे तिरुवेण्णेयनल्लूर नामक ग्राम के 'शडयप्पवल्लजर' नामक एक दानी और यशस्वी व्यक्ति का उल्लेख कई स्थानो पर किया है। अनुमान किया जाता है कि इसी उदार व्यक्ति ने महाकवि कंबन को आश्रय दिया था, जिसकी कृतज्ञता मे महाकवि ने अपने काव्य में उस व्यक्ति का स्मरण किया है। यह ज्ञात होता है कि कंबन चोल और चेर राजाओ के दरबार मे गये थे, लेकिन अपनी महान् कृति को किसी राजा को अर्पित नहीं किया।

कंबन की रामायण तमिल-साहित्य की सर्वोत्कृष्ट कृति एव एक बृहद् ग्रन्थ है। १ तमिल, हिन्दी, अँगरेजी आदि के साहित्यो के बड़े विद्वान् श्री वी० वी० एस० अय्यर ने लिखा है कि 'यह (कब रामायण) विश्व-साहित्य में उत्तम कृति है, 'इलियड' और 'पैरेडाइस लास्ट' और महाभारत से ही नही, वरन् मूलकाव्य वाल्मीकि रामायण की तुलना मे भी यह अधिक सुन्दर है। यह केवल आदरातिरेक से कही हुई उक्ति नहीं है, वरन् अनेक वर्षों तक किये गये गहन अध्ययन से धीरे-धीरे पुष्ट हुआ विचार है।' २

कब रामायण वाल्मीकि रामायण का अनुवाद-मात्र नहीं है, उसका छायानुवाद कहना भी सगत नही है। कथानक-मात्र मूल से लिया गया है, लेकिन घटनाओं में सैकड़ों परिवर्त्तन किये गये हैं। प्रत्येक घटना के चित्रण में, परिस्थितियों को उपस्थित करने में, पात्रो के सम्भाषण में, प्राकृतिक दृश्यो के उपस्थापन में एवं पात्रो की मनोभावनाओं की अभिव्यक्ति मे कंबन ने पर्याप्त मौलिकता दिखलाई है। तमिल-भाषा की अभिव्यक्ति की दृष्टि से भी कंबन ने मौलिकता प्रदर्शित की है। छन्दोविधान में, अलकारों के प्रयोग में तथा शब्द-गुम्फन में अपूर्व सौन्दर्य प्रकट किया है। सीता-राम-विवाह, शूर्पणखा-प्रसंग, बालिवध, हनुमान् के द्वारा सीता-सदर्शन, इन्द्रजित् का वध, राम-रावण-युद्ध इत्यादि प्रसंगों में प्रत्येक अपनी विशिष्ट सुन्दरता के कारण अत्यन्त आकर्षक हुआ है। प्रत्येक प्रसंग अपने में सपूर्ण-सा लगता है, प्रत्येक मे काफी नाटकीयता है; प्रत्येक घटना का आरम्भ, विकास और परिसमाप्ति एक निश्चित क्रम से त्रिकसित होते हैं। यह शिल्प-विधान कंबन के काव्य की एक विशिष्टता है।

राम के चरित्र को कंबन ने जिस ढंग से चित्रित किया है, वह विशेष अध्ययन का विषय है। वाल्मीकि के सम्मुख यह प्रश्न था कि लोकोत्तर आदर्श पुरुष कौन हैं ? उन्हे 'पुरुषोत्तम' की खोज थी। नारद तथा ब्रह्मा से उन्हें ऐसे पुरुषोत्तम का परिचय प्राप्त हुआ। रामचरित का गान करके वाल्मीकि ने ससार के सम्मुख 'पुरुष पुरातन' की ही नही, अपितु एक 'महामानव' का चित्र उपस्थित किया था। कंबन के युग तक आते-आते वही आदर्श महामानव परमात्मा के अवतार के रूप मे प्रतिष्ठित हो चुका था। यह विश्वास दृढ हो गया था कि केवल राम-नाम का जप-मात्र अपवर्गप्रद हो सकता है। वैष्णव भक्ति का ज्यो-ज्यों प्रचार समाज में बढ़ा, त्यो-त्यो राम के प्रति आस्था अधिकाधिक बद्धमूल होती गई।


१. डॉ० आर० पी० सेतुपिल्लै, (तमिल-विभागाध्यक्ष, मद्रास-विश्वविद्यालय) का अँगरेजी लेख 'तमिल लिटरेचर'।
२. श्री वी० वी० एस० अय्यर : 'कव रामायणम्—ए स्टडी'।

Page 10Permalink

कंबन ने समयुगीन भावनाओं को भली भाँति पहचाना था। जनता की भक्तिपूत भावना के कारण राम के चरित्र में जो महत्ता और परम-परिपूर्णत्व उत्पन्न हो गये थे उन्हें इस कुशल कवि ने अपने काव्य के द्वारा परिपुष्ट कर दिया। यह कोई साधारण कार्य नहीं था। केवल यह कहते रहने से कि राम परमात्मा हैं या स्थान-स्थान पर दैवी विशेषणों को जोड़ते रहने से यह ज्ञान हो सकता है कि राम परमात्मा के अवतार हैं, किन्तु उससे पाठकों पर राम के चरित्र का मानवोचित प्रभाव पड़ना सम्भव नहीं है। रस-पोषण के मार्ग में इस प्रकार की पुनरुक्ति से बाधा पड़ने की सम्भावना है। राम के दैवी तत्त्व का साहित्यिक प्रभाव उत्पन्न करना, पूरे काव्य में सब प्रसंगों के मध्य उस दैवी तत्त्व का निर्वाह करना एव साथ ही मानव-जीवन की विविध सुख-दुःखात्मक परिस्थितियों के साथ उस दैवी तत्त्व की संगति बिठाना—यह एक अनन्यसुलभ प्रतिभावान् महाकवि का ही कार्य है। कंबन ऐसे ही कवि थे। कंब रामायण का कोई भी प्रसंग इसका प्रमाण हो सकता है।

कंबन ने बालकांड से युद्धकांड तक छह कांडों की रचना की। पौराणिकों के कारण अनेक प्रक्षेप भी इसमें जुड़ गये हैं। किन्तु इन प्रक्षेपों को पहचानना उतना दुष्कर नहीं है: क्योंकि कंबन की भाषा और प्रतिपादन की शैली विलक्षण होती है, उनका अनुकरण नहीं हो सकता। अब उपलब्ध ग्रन्थ में १०,०५० पद्य हैं। एक उत्तरकांड प्राप्त हुआ है, जो कंबन के समकालिक एक अन्य महाकवि 'ओट्टक्कूत्तन' - विरचित माना जाता है।

तमिलनाडु में ही नहीं, उसके बाहर भी धीरे-धीरे इस रामायण का प्रचार हुआ। तंजाउर जिले में स्थित तिरुपणन्दाल मठ की एक शाखा काशी में है। उस मठ में आज से तीन-साढ़े तीन सौ वर्ष पूर्व कुमारगुरुपर नामक एक तमिल संत रहते थे, जो तुलसीदासजी के समकालीन थे। वे नित्य प्रति संध्या के समय गंगा-तट पर कंब रामायण की व्याख्या हिन्दी में सुनाया करते थे। गोस्वामी तुलसीदासजी उन्हीं दिनों काशी में रामचरित-मानस की रचना कर रहे थे। दक्षिण के लोगों में यह विश्वास प्रचलित है कि तुलसीदासजी ने मानस लिखने में अनेक स्थलों पर कंब रामायण से प्रेरणा प्राप्त की थी। इस कथन की प्रामाणिकता निर्विवाद नहीं है। किन्तु, इतना तो सत्य है कि तुलसी और कंबन की कृतियों में कई घटनाओं में आश्चर्यजनक समानता दिखाई पड़ती है।^१

अनुवाद का काम अनेक कारणों से कठिन होता है। पद्यकाव्य का अनुवाद और भी बहुत श्रमसाध्य है। कंबन की कृति बारहवीं शताब्दी की तमिल-शैली में लिखी गई है, उसका आधुनिक हिन्दी में यह अनुवाद लगभग पाँच वर्ष के अध्यवसाय से सम्पन्न हो सका है। मूल की अभिव्यक्तिगत सौंदर्य को भाषांतर में उसी रूप में प्रस्तुत करना असम्भव है। कंबन के भावगत सौंदर्य की किंचित् झलक-मात्र सम्भव हो सकी है। तमिल-भाषा की एक विशेषता यह है कि उसमें मिश्रवाक्य की रचना नहीं होती। सभी सरल


^१ डॉ० एन० शङ्करराजुनायुडु (हिन्दी-विभागाध्यक्ष मद्रास-विश्वविद्यालय) का प्रबन्ध 'कंबन और तुलसी' पृ० १८७-१८० ।

Page 11Permalink

वाक्य होते हैं। पूर्वकालिक कृदन्तो के सहारे लम्बे-से-लम्बे वाक्य लिखे जा सकते हैं। हिन्दी मे ऐसा संभव नही है। हिन्दी में कृदन्त-विशेषण के द्वारा भूत और भविष्य काल को स्पष्ट नही किया जा सकता। इस कारण कंबन के कुछ लम्बे वर्णनो का अनुवाद यथामूल प्रस्तुत करने मे बड़ी कठिनाई का अनुभव हुआ।

मूल में अनेक वृक्षो, लताओ, पशुओ, पक्षियो और विविध वस्तुओ का उल्लेख आया है। कही-कहीं मछलियो की अनेक जातियों और स्वभाव का वर्णन आया है। युद्ध-वर्णन मे अनेक प्रकार के शस्त्रास्त्रो तथा विविध व्यापारो का वर्णन हुआ है। इन सबका हिन्दी-अनुवाद यथामूल उपस्थित करने की भरपूर चेष्टा की गई है, फिर भी हिन्दी में उपयुक्त शब्दो के न मिलने के कारण कही कुछ नये शब्द गढ़ने पड़े हैं, कही तमिल का ही नाम देना पड़ा है।

यदि इस अनुवाद से मूल के सौंदर्य की थोड़ी-सी झलक भी पाठक पा सकेगे, तो यह लेखक अपने को कृतार्थ समझेगा।

इस अनुवाद-कार्य मे कई विद्वानो के परामर्श मुझे प्राप्त हुए हैं। पं० अवधनन्दन ने पूरी पांडुलिपि को देखकर उसका संपादन किया और कई सुझाव देने की कृपा की। वे० सु० गोपालकृष्णाचार्य की कंब रामायण-व्याख्या बहुत उपकारक रही। समय-समय पर अनेक तमिल तथा हिन्दी-विद्वानो ने मुझे इस कार्य में मार्गदर्शन प्रदान किया है। इन सबके प्रति मै हृदय से धन्यवाद समर्पित करता हूँ।

बिहार-राष्ट्रभाषा-परिषद् ने इस अनुवाद को प्रकाशित करने का भार अपने ऊपर लिया है। इससे न केवल राष्ट्रभाषा हिन्दी की, अपितु तमिल-भाषा की भी सेवा हो रही है। परिषद् को मेरे धन्यवाद हैं।

न० वी० राजगोपालन

Page 12Permalink

अध्यायविषयपृष्ठ
अध्याय१०वन-प्रस्थान पटल२६६
,,११गुह पटल२७५
,,१२पादुका-पट्टाभिषेक पटल२८३

अरण्यकांड

अध्यायविषयपृष्ठ
मंगलाचरण२९६
अध्यायविराध-वध पटल२९६
,,शरभंग-देहत्याग पटल३०७
,,अगस्त्य-पटल३१३
,,जटायु-दर्शन पटल३१८
,,शूर्पणखा पटल३२२
,,खर-वध पटल३३६
,,मारीच-वध पटल३५८
,,सीताहरण पटल३८६
,,जटायु-मरण पटल३९४
,,१०अयोमुखी पटल४१०
,,११कबन्ध पटल४२०
,,१२शबरी-मुक्ति पटल४२६

किष्किन्धाकांड

अध्यायविषयपृष्ठ
मंगलाचरण४३१
अध्यायपंपा पटल४३१
,,हनुमान् पटल४३६
,,सख्य पटल४४१
,,सालवृक्ष-छेदन पटल४४६
,,दुंदुभि पटल४५२
,,आभरण-दर्शन पटल४५३
,,वालि वध पटल४५८
,,शासन पटल४७५
,,वर्षाकाल पटल४८०
,,१०किष्किन्धा पटल४९३
,,११सेना-संदर्शन पटल५०८
,,१२अन्वेषणार्थ प्रेषण पटल५१२
,,१३बिल-निष्क्रमण पटल५२१
,,१४मार्ग-गमन पटल५२६
,,१५संपाति पटल५३४
,,१६महेन्द्र-शैल पटल५४१
Page 13Permalink

कंब रामायण

बालकांड

Page 14Permalink

इस पृष्ठ पर कोई पाठ (text) उपलब्ध नहीं है। यह पृष्ठ रिक्त (blank) है।

Page 15Permalink

मंगलाचरण

काव्य-पीठिका

हम उस भगवान् की ही शरण में हैं, जो समस्त लोको का सर्जन, उनकी रक्षा और उनका विनाश—ये तीनो क्रीडाएँ निरंतर करता रहता है ।

बड़े-बड़े आत्मज्ञानी भी उस परमात्मा के पूर्ण स्वरूप को नही जान सकते, उस परमात्मा (के तत्त्व) को समझाना मेरे जैसे (मंदबुद्धि) व्यक्ति के लिए असंभव है; फिर भी शास्त्रो में प्रतिपादित त्रिगुणो (सत्त्व, रज और तम) मे—जिनका प्रतिरूप बनकर वह परमात्मा त्रिमूर्त्ति के रूप में प्रकट हुआ, उनमें से प्रथम गुण के स्वरूप (विष्णु) भगवान् के कल्याणकारक गुणों के सागर में गोते लगाना तो उत्तम ही है।

जिन ज्ञानियों ने आरंभ तथा समाप्ति में 'हरि: ॐ' कहकर नित्य और अनन्त वेदो को अधिगत (प्राप्त) कर लिया है और जो अपने परिपक्व ज्ञान के कारण संसार-त्यागी बन चुके है, वे महानुभाव उस (विष्णु) भगवान् के उन चरणो को, जो सन्मार्ग पर चलनेवाले भक्तों के उद्धारक हैं, छोड़कर अन्य किसी से प्रेम नहीं करते।

अकलंक विजयश्री से विभूषित (श्रीरामचन्द्र) के गुणो का वर्णन करने की अभिलाषा मैं कर रहा हूँ; यह ऐसा ही है, जैसा कि कोई बिल्ली, घोर गर्जन करनेवाले ऊँची तरंगों से भरे क्षीरसागर के निकट पहुँचकर उसके समस्त क्षीर को पी जाने की अभिलाषा करे।

अभिशाप¹ की वाणी से (उस दिन) सप्त तालवृक्षो को एक साथ भेदन कर देनेवाले (श्रीराम) की महान् गाथा आविर्भूत हो गई थी; उस गाथा को मधुर काव्य के रूप में कहनेवाले (वाल्मीकि) की वाणी जिस देश में सुस्थिर हो चुकी है, वही मैं भी अपने (अर्थगांभीर्य-हीन) सरल तथा दुर्बल शब्दों में दूसरा काव्य रचना चाहता हूँ—यह भी कैसा (बुद्धिहीन) प्रयास है।


१. क्रौंच को मारनेवाले व्याध के प्रति वाल्मीकि के मुँह से जो अभिशाप-वचन निकल पडा था, वही रामायण का प्रथम मंगलाचरण भी हुआ।

Page 16Permalink

२ कंब रामायण

(मेरी इस मूर्खता पर) संसार मेरा उपहास करेगा और इससे मेरा अपयश होगा, फिर भी मैं रामचरित का गान करने लगा हूँ; इसका प्रयोजन यही है कि सत्यज्ञान तथा अलौकिक प्रतिभा से संपन्न (वाल्मीकि महर्षि) के दिव्य काव्य का महत्त्व और भी अधिक प्रकट हो।

जिन (सहृदय व्यक्तियों) के कान विविध प्रकार की रसमय कविता सुनने के आदी हो चुके हैं, उन्हें मेरी कविता उसी प्रकार (कर्कश) लगेगी, जिस प्रकार 'याल्'¹ (वीणा) के मधुर स्वर को सुनते हुए मुग्ध हो खड़े रहनेवाले अशुण² के कानों में 'पटह' (चमड़े के ढोल) की ध्वनि लगे।

(काव्य, नाटक और संगीत-रूपी) त्रिविध तमिल-वाङ्मय का जिन्होंने भली भाँति अध्ययन किया है, उन उत्तम विद्वानों और कवियों से मैं निवेदन करना चाहता हूँ—"क्या उन्मत्तों के वचन, मंद बुद्धिवालों के वचन तथा भक्तजनों के वचन, इनकी परीक्षा करना उचित हो सकता है?"

बालक (खेलते समय) धरती पर घरौंदे बनाते हैं, जिन में कोठरियाँ, आँगन, नृत्यशाला आदि स्थानों को कुछ टेढ़ी-मेढ़ी रेखाओं से दिखाने की चेष्टा करते हैं (उन्हें देखकर) क्या कुशल कारीगर (उन घरौंदों के शिल्प-शास्त्र के अनुकूल न होने से) क्षुब्ध होंगे? किंचित् भी काव्य-ज्ञान से रहित मैं, जो यह क्षुद्र काव्य रचने लगा हूँ, इस पर क्या मर्मज्ञ विद्वान् क्रुद्ध होंगे?

देववाणी (संस्कृत) में जिन तीन महापुरुषों³ ने रामायण की रचना की है, उनमें प्रथम कवि वाग्मी (वाल्मीकि) महर्षि की रचना के अनुसार ही मैंने तमिल-पद्यों में यह रामायण रची है।

धर्म-रक्षा के लिए, परम पुरुष ने जो अवतार लिये थे, उनमें से रामावतार का वर्णन करनेवाला यह प्रसिद्ध काव्य 'शडैयप्प वल्लल'⁴ के ग्राम 'तिरुवेण्णेय नल्लूर' में निर्मित हुआ। (१-११)


१ 'याल्' एक प्रकार की वीणा। प्राचीन तमिल-साहित्य में याल् का प्रायः उल्लेख हुआ है। यह माना जाता था कि याल् का स्वर सुनकर हिरन मन्त्रमुग्ध-सा हो जाता था और उसके बाद पटह की कर्कश ध्वनि का वह सहन नहीं कर सकता था और कभी-कभी वैसी ध्वनि सुनने पर अपने प्राण भी छोड़ देता था।
२ हिरन की एक जाति।
३ संस्कृत के तीन रामायणकर्त्ता हैं—वाल्मीकि, वसिष्ठ और बोधायन। कुछ विद्वान वसिष्ठ के स्थान पर व्यास का नाम लेते हैं, जिन्होंने 'अध्यात्मरामायण' की रचना की थी। कंब ने भी कई स्थानों में अध्यात्मरामायण का अनुसरण किया है।
४ शडैयप्प वल्लल एक धनी और उदार व्यक्ति थे। उन्होंने महाकवि कंबर को आश्रय दिया था। यद्यपि बाद को महाकवि कंबर चोलराजा के आश्रय में भी रहे थे, तथापि अपने प्रथम आश्रयदाता का हृदयंगम कृतज्ञता के साथ उन्होंने इस ग्रन्थ के आरंभ में कई स्थानों में किया है।

Page 17Permalink

अध्याय १

नदी पटल

[ कोशल देश का वर्णन करने के लिए प्रस्तुत होकर कवि पहले उस देश को हरा-भरा करनेवाली सरयू नदी का वर्णन कर रहा है । ]

कोशल देश में, जहाँ बड़े ही अपराधकर्मी (पुरुषों की ) पंचेन्द्रिय-रूपी बाण एवं रत्नहारों से विभूषित युवतियों के कटाक्ष-रूपी बाण—ये दोनों सन्मार्ग की सीमा को लाँघ-कर कभी नहीं चलते, उस समस्त भूप्रदेश को सुशोभित करती हुई सरयू नदी बहती है।

भस्मधारी (शिव) के रंगवाले मेघ ने, गगनमार्ग से चलकर, समुद्र के जल का पान किया और (जल पीकर ) वक्ष पर लक्ष्मी को धारण करनेवाले विलक्षण कांतिपूर्ण विष्णु का रंग पाकर लौटा।

मेघ उमड़कर उठा और हिमाचल के ऊपर छा गया; मानो सागर ही, यह सोचकर कि शिवजी का ससुर यह (हिमाचल) पर्वत सूर्यातप से संतप्त हो रहा है और उस ताप से उसकी रक्षा करनी चाहिए, हिमाचल पर फैल गया हो।

मेघ ने जलधाराएँ क्या बरसाई, एक महान् दाता के सदृश अपनी समस्त संपत्ति को ही लुटा दिया। (वह दृश्य ऐसा था कि) आकाश ने जब देखा कि यह भारी हिमाचल¹ (पर्वत) स्वर्णमय है, तो उस सोने को खोदकर निकालने के उद्देश्य से अपने चाँदी के बने हथौड़े उस पर मार रहा हो।

वर्षा के जल की धारा बड़े वेग से धरती पर प्रवाहित हो चली और उसने सर्वत्र शीतलता उत्पन्न कर दी, मानो मनु के उपदिष्ट धर्म-मार्ग पर चलनेवाले किसी प्रजावत्सल और गौरव-संपन्न राजा की कीर्त्ति ही सर्वत्र फैल रही हो, अथवा चतुर्वेदों को पूरा अधिगत किये हुए ब्राह्मण के हाथ में प्रदत्त दान (का यश) हो।

हिमाचल के ऊपर से वर्षा की धारा प्रबल वेग के साथ नीचे बह चली और किसी रूपाजीवा (वेश्या) नारी के समान वह (पर्वत की) शिखा, हृदय तथा पाद से संलग्न होती हुई उसकी सीमा से बाहर चली गई : क्षण-भर के लिए वह पर्वत से लगी रही; परन्तु दूसरे ही क्षण वहाँ की सभी वस्तुओं को अपने साथ बहाकर आगे बढ़ गई।

वर्षा का प्रवाह हिमाचल के रत्न, मोर-पंख, हाथियों के दाँत, स्वर्ण, चन्दन आदि अमूल्य पदार्थों को समेटकर ले चला, जिससे वह वाणिज्य करनेवाले व्यक्ति की समानता करने लगा।

वह प्रवाह कभी रंग-बिरंगे पुष्पों से भर जाता : कभी मृदु मकरंद उस पर छा जाते; कभी मधु धारा, कभी हाथियों का मदजल और कभी लोहित धातु उसमें मिले


१. प्राचीन तमिल-साहित्य में हिमाचल और मेरु पर्वत दोनों को कभी-कभी एक ही माना गया है. अतः यहाँ हिमाचल को (मेरु के जैसे) सोने का पहाड़ कहा गया है।

Page 18Permalink

४ | कम्ब रामायण

दिखाई पडत । यो अपने इन विविध रंगों के कारण यह (प्रवाह) गगन पर चमकनेवाले इन्द्र-धनुष की-सी शोभा दिखाने लगा।

वह प्रवाह कभी बड़े-बड़े प्रस्तर-खंडो को लुढकाता हुआ, कभी गगनचुम्बी वृक्षो को उखाड़ता हुआ और कभी अपने समीप-स्थित पत्र-शाखा जैसी सभी वस्तुओ को उठाये हुए चल रहा था, वह प्रवाह भी क्या था ? जब श्रीरामचन्द्र समुद्र पार करके लंका मे पहुँचना चाहते थे, तब (वह प्रवाह) हिल्लोलों से भरे हुए समुद्र में सेतु बाँधने का आयोजन करनेवाली वानर-सेना ही जान पड़ता था। (अर्थात्, पत्थरो तथा वृक्षो से भरा हुआ वह प्रवाह समुद्र पर पुल बाँधनेवाली वानर-सेना के सदृश दीखता था।)

उसके मीठे जल पर भँवरो और मक्खियो का झुण्ड मँडराता हुआ दिखाई पड़ता था, वह प्रवाह किनारो को लाँघकर उद्दाम उमंग के साथ बह चला; उसका अन्तर भाग स्वच्छ नहीं था ओर (वह) सागुवान¹ के बड़े-बड़े वृक्षों को गिराता हुआ दौड़ा जा रहा था, जैसे कोई मद्यप डकार लेते हुए भागा जा रहा हो।

उस प्रवाह मे बड़े-बड़े मृग थे, भारी मुखवाले मत्त गज थे; वह भयकर कोलाहल करता हुआ अपने आगे-आगे ध्वजाओ के समान बहुत-सी लताओं² को बहाता चला जा रहा था, (इन सबसे वह प्रवाह) ऐसा लगता था, मानो समुद्र पर चढ़ाई करने के लिए कोई बड़ी सेना को साथ लिये जा रहा हो।

[वर्षा-प्रवाह का वर्णन करने के पश्चात् अब कवि सरयू नदी का विशेष वर्णन करता है।]

क्षुब्ध जलधि से परिवृत इस धरती पर जीवन धारण करनेवाले जो प्राणी हैं, उनके लिए सरयूनदी मातृस्तन्य-सदृश है। सूर्यवंश के नरेश जिस महान् सद्धर्म का पालन अनादि काल से करते आ रहे थे, उसी धर्म का पालन वह नदी भी कर रही है।

सरयू की धारा, कोशल देश की रमणियों के बनाये सुगन्धपूर्ण, कुंकुम, केसर, कोष्ठ (एक सुगंधित द्रव्य), इलायची, शीतल चंदन, सिन्दूर, नागरमोथा, गुग्गुल, मोम आदि पदार्थो के मिलने से बहुत ही सुगंधित रहती है। (जब स्त्रियाँ नदी में स्नान करती थीं, तब ये वस्तुएँ उसके प्रवाह मे मिल जाती थी और नदी का जल सुगन्धित हो जाता था।)

सरयू की बाढ़, अपने जल-रूपी बाणो के कारण, आसपास रहनेवाले व्याध लोगो के छोटे-बड़े गाँवो मे बड़ी हलचल मचा देती है। वह व्याध-नारियों को अपनी छाती पीटकर रोते-कलपते हुए भागने पर बाध्य कर देती है। ऐसे समय में वह नदी शत्रुओं के लिए भयकर (किसी) वीर नरेश की सेना का दृश्य उपस्थित करती है।


¹ मद्यप और जल-प्रवाह दोनो के समान विशेषण दिये गये हैं। सागुवान पेड को तमिल मे 'तेवकु' कहते है। इस शब्द को क्रिया के रूप मे रखने पर दूसरा अर्थ निकलता है। 'डकार लेते हुए', मद्यप के पक्ष मे, यह अर्थ संगत होता है।

² तमिल मे 'कोडि' शब्द का अर्थ होता ह 'लता'। शब्दश्लेष से उसका दूसरा अर्थ 'ध्वजा' भी होता है। मूल मे इस शब्द का प्रयोग करके कवि ने बड़ा चमत्कार दिखाया है।

Page 19Permalink

बालकाण्ड ५

वह नदी, किनारे के छोटे-छोटे गाँवों में से, जमा हुआ गाढ़ा और सुगंधित दही, दूध, मक्खन और घी को छींकों के साथ ही उठा ले जाती है (वहा ले जाती है), कदंब-वृक्षों को गिरा देती है; हिरनी के समान भीरू नयनवाली ग्वालिनों के दुकूल बहा ले जाती है। प्रबल वेग से बहती हुई वह नदी, कालिय नाग पर, जो अपने फनों और धारियों से भयंकर लगता है—नाचनेवाले कृष्ण की समानता करती है।

सरयू का वह प्रबल प्रवाह अपने मार्ग में (बाँधों) के किवाड़ों को ढकेलकर आगे बढ़ जाता है; कृषक उसे देखते ही आनन्दित हो जाते हैं और हाथ उठा-उठाकर आनन्द-रव करने लगते हैं, नदी का पूरा भरा हुआ अग्रभाग किनारों से उमड़ता हुआ आगे बढ़ जाता है, उसके ऊपर भौंरे झुण्ड-के-झुण्ड मँडराते जाते हैं; वह यत्र-तत्र मोतियों और रत्नों को बिखेर देता है, बाढ़ को रोकने के लिए जहाँ-तहाँ गड़े हुए खूंटों को वीचि-रूपी अपने विशाल हाथों से उखाड़ता हुआ, लहलहाते हुए खेतों से भरे 'मरुदम्' १ (कहलाने-वाले) प्रदेश में ऐसे आ पहुँचता, जैसे कोई मत्तगज मदजल बहाता हुआ आया हो।

हिमाचल के ऊपर से आया हुआ वह प्रवाह, पर्वत (कुरिंजि) के पदार्थों को पर्वत की तलहटी पर के अरण्य (मुल्लै) प्रदेश में बहा ले जाता है और अरण्य के पदार्थों को खेतों और बगीचों से भरे हुए (मरुदम्) प्रदेश में लाकर फैला देता है तथा समुद्री तट (नेयदल) प्रदेश को अपनी उपजाऊ मिट्टी के द्वारा लहलहाते खेतों में परिवर्तित कर देता है। इस प्रकार, वह पर्वत अरण्य, खेतों आदि की वस्तुओं को अपने-अपने स्थानों से हटा-हटाकर दूसरे स्थानों पर रख देता है। देव, मनुष्य, पशु-पक्षी तथा स्थावर—इन चार प्रकार की योनियों में भ्रमण करते रहनेवाले प्राणियों के साथ जिस प्रकार उनके संचित कर्म (पाप और पुण्य) लगे चलते हैं और उन्हें भिन्न-भिन्न योनियों में उत्पन्न होने के लिए बाध्य करते हैं, उसी प्रकार यह नदी भी विभिन्न भू-प्रदेशों के पदार्थों को स्थानान्तरित करती हुई आगे बढ़ती है।

नदी की बाढ़ को बढ़ते हुए देखकर कृषकजन आनन्दित हो उठते हैं और 'पटह' २ बजाकर उसकी सूचना देते हैं। वह नदी अपनी वीचियों से जल-बिंदुओं तथा स्वर्ण और मोतियों को बिखेरती हुई, धरती को चीरती हुई, नालों की शाखा-प्रशाखाओं में बँटकर बहती हुई इस प्रकार दौड़ चलती है, जिस प्रकार किसी पुण्यवान् मनुष्य की वंशावली विभक्त होकर विकसित हो रही हो।

सरयू का प्रवाह हिमाचल पर उत्पन्न हुआ; वहाँ से चलकर वह समुद्र में जा मिला। वह आरंभ में एक ही रहा, परन्तु धीरे-धीरे असंख्य नालों, नहरों, तालाबों और


१. तमिल-लाक्षणकार भूमि को पाँच प्रकारों में विभाजित करते हैं— (१) कुरिंजि—पार्वतीय प्रदेश, (२) मुल्लै—अरण्य-प्रदेश, (३) मरुदम्—नदियों के जल से सिंचित समतल प्रदेश, (४) नेयदल—समुद्री तट और (५) पालै--वालूमय प्रदेश या मरूभूमि ।
२. प्राचीन तमिल देश में नहरों और नालों की रखवाली करने के लिए 'मल्ल' नामक लोग नियुक्त थे; नदी में जब पानी आता था, तब वे पटह-वाद्यों को बजाकर लोगों को सूचना देते थे, जिससे तट पर के गाँवों के लोग सूचना पाकर सावधान हो जाते थे।

Page 20Permalink
कम्ब रामायण

रूपों में बँट गया ; अनन्त वेदों के द्वारा प्रतिपाद्यमान जो अप्रमेय परब्रह्म है, वह एक और अद्वितीय होकर भी विभिन्न मतवादियों के सिद्धान्तों के द्वारा बहुधा प्रतिपादित है और तद्विषयक ज्ञान अनेक मतों में विभक्त हो गया है। उसी प्रकार सरयू नदी भी अनेक धाराओं में विभक्त हो गई है।

सरयू का प्रवाह मकरन्द उगलनेवाले उपवनों में, घने बग़ीचों में, कमल-भरी वापियों में, सुगन्धिमय तड़ागों में, मछली-सदा-कूँदों से भरे प्रचुर (पुष्कल) वनों में, एवं लहलहाते खेतों में, सर्वत्र होता बह चला, जैसे प्राणियों के नाना प्रकार के शरीरों में प्राण बहा करता है। (१-२०)

अध्याय २

कोशलदेश पटल

महर्षि वाल्मीकि ने अतिपरिष्कृत और सुन्दर श्लोकों में रामायण की रचना की है, जो देवताओं के लिए भी कर्णामृत के समान है। उस काव्य में वर्णित कोशल देश की महिमा, प्रेम से विवश होकर मैं गा रहा हूँ; किन्तु यह कार्य मेरे लिए वैसा ही दुष्कर है, जैसा गूँगे व्यक्ति के लिए बोलने का प्रयास करना।

वह कोशल देश बड़ा ही वैभवपूर्ण है; वहाँ के खेतों की मेड़ों पर मोती और शंखों के ढेर के झुंड बिखरे रहते हैं; तीव्र जल-धाराओं के किनारों पर सोने के ढेले पड़े रहते हैं; उन गर्तों में जहाँ भैंसें गोता लगाये पड़ी रहती हैं, कमलों के रक्त-पुष्प बड़े ही सुन्दर दृश्य उपस्थित करते हैं; जोतने के उपरान्त जब खेत समतल बना दिये जाते हैं, तब वहाँ मणियाँ चमकने लगती हैं; इतना ही नहीं, शालि-धान के खेतों में जहाँ निरन्तर जल का निकास होता रहता है, हंस आकर विश्राम करने लगते हैं; गन्ने के खेतों में रसभरा लाल-लाल मीठा मधु बहता रहता है और पुष्प-वाटिकाओं में झुण्ड-के-झुण्ड भौरें मँडराते रहते हैं।

वहाँ जीवन का कोलाहल खूब सुनाई पड़ता है: एक ओर गन्ने पेरने से ईख का रस, झरने के जल के समान, शब्द करता हुआ प्रवाहित होता है, तो दूसरी ओर नदियों के तट पर रहनेवाले शंख-कीटों के बोलने की ध्वनि सुनाई पड़ती है: एक ओर बड़े-बड़े बैल आपस में टकराकर बड़ा क्षोभ उत्पन्न करते हैं, तो दूसरी ओर तालाबों में महाकाय भैंसों के उतरने से उत्ताल-तरंग का शब्द होता है। इस प्रकार, नाना प्रकार की ध्वनियों का एक विचित्र कोलाहल उस 'मरुदम्' प्रदेश में सदा होता रहता है।

लहलहाते खेतों और सुन्दर वृक्षों का वह प्रदेश भी वैसा गंभीर है, मानो कोई राजा दरबार में सिंहासन पर आसीन हों और उसके सामने भाँट नाच रहे हों; कमल-कलिकाएँ दीप लिये खड़ी हों; मेघ मर्दल बजाते हों, भ्रमर गुंजार करके मधुर वीणा का नाद सुनाते हों, नदी के जल पर उठ-उठकर थिरकनेवाली चंचल लहरें यवनिका का दृश्य उपस्थित