शिव सूत्र (क्षेमराज विमर्शिनी व हिन्दी व्याख्या सहित)
Shiva Sutras with Kshemaraja Vimarshini & Hindi Translation
महर्षि वसुगुप्त / आचार्य क्षेमराज द्वारा
स्रोत: काश्मीर शैव दर्शन ट्रस्ट · काश्मीर शैव दर्शन ट्रस्ट · 1950 (उद्गम)
तृतीय विकास : ५९ त्रिपदाद्यनुप्राणनम् ॥३८॥ त्रिपद—(सृष्टि, स्थिति और संहार रूप इस) जाग्रत्, स्वप्न और सुषुप्ति में आदि—प्रधान (जो चौथा तुर्य है, उस) से अनुप्राणनम्—(आत्मस्वरूप की) सावधानता रखनी चाहिए । व्याख्या—सृष्टि, स्थिति और संहार शब्दों के कहने से यहाँ योगी की जाग्रत्, स्वप्न और सुषुप्ति भाव वाली अवस्थाओं से अभिप्राय है । जाग्रत् से निद्रा में जाते समय अतीत जाग्रत् और अनागत निद्रा की दशा आती है । इसे मध्य-दशा कहते हैं । योगी इस मध्य-दशा में आनन्दघन तुर्यरस का आस्वादन करता है । इसी प्रकार तीसरी अवस्था (स्वप्न) के उन्मेष और दूसरी अवस्था की उपशान्ति दशा में आदि और अन्त कोटि की मध्य-दशा को ग्रहण कर वह चिद्घनता का अनुभव करता है । साधक अवस्था से उसे इस चिद्घनता-रूप तुर्य को दृढ़ता से वर्तमान जाग्रत् आदि अवस्थाओं में व्याप्त करने का अभ्यास करना चाहिए । इस विषय में वासिष्ठ-दर्शन में कहा है : निद्रादौ जागरस्यान्ते यो भाव उपजायते । तं भावं भावयन्साक्षादक्षयानन्दमश्नुते ॥ अर्थ—निद्रा की अवस्था में जाने से पहले और जाग्रत् अवस्थां के अन्त में (अर्थात् मध्यदशा में) जिस निर्विकल्पभाव का अनुभव होता है उसी भाव (तुर्य) में सावधान रहने से अक्षयसुख अर्थात् चिद्घनता की व्याप्ति रहती है । और भी आद्यशङ्कराचार्य रचित ‘प्रबोध-सुधाकर’ में कहा है : यद्भावाद्भावः स्यान्निद्रादौ जागरस्यान्ते । अन्तः स चेत्स्थिरः स्याल्लभते हि तदद्वयानन्दः ॥१६०॥ अर्थ—निद्रा के आरम्भ में और जाग्रत् के अन्त में जिस शुद्ध ओर निर्विषय भाव का अनुभव होता है वह यदि अन्तःकरण में स्थिर हो जाय तो उससे अद्वयानन्द की ही प्राप्ति होती है । योगी को इसी शाम्भवी भूमिका में स्थिरता प्राप्त करने की ओर इस सूत्र में संकेत है । जब तक योगी-साधक तुर्यानन्द के रस को तेल की तरह अधिक और अधिक फैलाने में (त्रिषु चतुर्थं तैलवदासेव्यम्-सू० ३-२०) समर्थ न हो तब तक उद्यमशील रहना आवश्यक है । यह आणवोपाय की रीति है । मध्य-दशा के तुर्यानन्द से वर्तमान जाग्रदादि दशाओं में आने पर विषयों के उपभोग के अवसर आते हैं । उन अवसरों पर योगी को तुर्य का अवभासन विद्युत् की तरह होता है (तुर्यरसं क्षणमात्रसंभवम्) । इस क्षणमात्र के तुर्यरस से उन मायाशक्ति से आच्छादित अवसरों को अनुप्राणन करना चाहिए । आशय यह है कि जो सावधानता
६० : शिवसूत्र विमर्श योगी को मध्य-दशा के क्षणमात्र के तुर्य चमत्कार में होती है वही सावधानता उसे विषयों के उपभोग के अवसरों पर अभ्यास में ठहरानी चाहिए। यह अभ्यास उसे अन्तर्मुख भाव से स्वरूप-विमर्श की स्थिति के तारतम्य से बढ़ाना चाहिए। यह अभ्यास शब्द, स्पर्श, रूप, रसादि भिन्न-भिन्न विषयों के उपभोग के अवसरों पर किये जाते हैं। कुछ उदाहरण 'रुद्रयामलतन्त्र' के 'विज्ञान भैरव' भाग से सुगम बोध के लिए यहाँ उद्धृत किये जाते हैं : (क) शब्द (श्रवण) का अभ्यास— गीतादिविषयास्वादास मसौख्यैकतात्मनः । योगिनस्तन्मयत्वेन मनोरूढेस्तदात्मता ।।७३।। अर्थ—वंशी-वीणा के गायन-विषय के श्रवणेन्द्रिय द्वारा चमत्कार-पूर्ण आस्वादन करने से अनुपम सुख का अनुभव होता है । जो योगी उस असाधारण सुख के साथ आत्मा को तद्रूप करता है उसका मन उसी शब्द-चमत्कार-सुख पर आरूढ़ होने से तन्मय हो जाता है । इसे शाक्त-स्पर्शविश कहते हैं । योगी को इस समावेश से ब्रह्म-भाव की प्राप्ति होती है । यह शब्द-ब्रह्म-रूपता का अनुभव है । 'आदि' शब्द से स्पर्श, रूप, रसादि के भाव इसी प्रकार ग्रहण करने चाहिए । (ख) स्पर्श-विषय का अभ्यास (साक्षात्)— शक्तिसंगमसंक्षुब्धशक्त्यावेशावसानिकम् । यत्सुखं ब्रह्मतत्त्वस्य तत्सुखं स्वाक्यमुच्यते ॥ अर्थ—स्त्रीसंभोग के अवसर पर (जब इन्द्रियों में पत्तों की सरसराहट की तरह स्खलन होता है) आनन्द शक्ति का समावेश होता है । उसके अवसान पर घण्टे की अनुरणन ध्वनि की तरह, जो ब्रह्म-तत्त्व का सुख होता है वह अपना ही अर्थात् आत्म-सम्बन्धी होता है, दूसरे अर्थात् स्त्री से नहीं । स्त्रीसंभोग केवल उस सुख की अभिव्यक्ति का ही कारण है क्योंकि आनन्द अपना ही है । अतः स्त्रीसंग के अन्तः-बाह्य-शून्य जो आनन्द की अनुभूति होती है उसके चमत्कार पूर्ण ध्यान से योगी परब्रह्मानन्दमय बन जाता है । मूर्खजन की तरह संभोग का ही विधि नहीं मानता । (ग) स्पर्श विषय का अभ्यास (स्मरण से)— लेहनामन्थनाकोटौ स्त्रीसुखस्य भरात्स्मृतेः । शक्ताभावेऽपि देवेशि भवेदानन्दसंप्लवः ।।६९।। अर्थ—(भगवान् शिव इस विषय में पार्वती से कहते हैं) हे देवि ! स्त्री के सम्मुख न होने पर भी चुम्बन आदि उद्दीपन विभावों से उद्दीप्त आनन्द के अतिशय स्मरण से अपनी ही उल्लसित आनन्दमयता की भावना करनी चाहिए ।
तृतीय विकास : ६१ (च) रूप-विषय का अभ्यास— आनन्दे महति प्राप्ते दृष्टे वा बान्धवे चिरात् । आनन्दमुद्गतं ध्यात्वा तन्मयस्तल्लयीभवेत् ॥ अर्थ—स्त्री आदि शक्ति के सम्मुख होने पर, दरिद्रता से पीड़ित किसी व्यक्ति को अकस्मात् धन की बड़ी राशि मिलने पर अथवा बहुत समय के प्रवास से आए हुए बन्धु, पुत्र, मित्र आदि से मिलने पर जो आनन्द का उदय होता है उसके उदयस्थान मात्र का ग्रहण कर उसका अन्तर्मुख भाव में ध्यान करने से (योगी) आनन्द में विश्राम पाये। (छ) रसना-विषय का अभ्यास— जग्धिपानकृतोल्लासरसानन्दविजृम्भणात् । भावयेद्भरितावस्थां१ महानन्दस्ततो भवेत् ॥ अर्थ—क्षुधा के समय भक्ष्य (खाने के योग्य, अभक्ष्य नहीं) खाने पर और प्यास के समय पेय (जल नींबू या मीठा क्षीर आदि, मद्य आदि नहीं) पीने पर प्रत्येक लुकमे और प्रत्येक बूँद से जो तुष्टि, पुष्टि और क्षुधा-निवृत्ति के आनन्द का अनुभव होता है, उस आनन्द दशा का विमर्शन करने से (योगी) स्वरूप-समावेशमय आनन्द से भर जाता है । शब्द, स्पर्श आदि विषयों के उपभोग में वेद्यपदार्थ का विगलन होकर क्षणमात्र संभव तुर्यपद के उदय होने पर भी साधारण जन असावधानी के कारण प्रत्यक्ष शब्दन, स्पर्शन आदि विषय में ही सुख मानता है । परन्तु योगीजन मायाशक्ति से आच्छादित होने पर भी उन विषयभोगों के अवसरों पर सावधान रहने से उस विद्युत् के समान तुर्यरस से सींचता हुआ स्वरूप-विमर्श की स्थिति को दृढ़ करता है और तदनन्तर ब्रह्मानन्द भाव का अनुभव निरन्तर करता है । श्रीमदाद्यशङ्कराचार्य इस विषय में कहते हैं : 'आदौ ब्रह्माहमस्मीत्यनुभव उदिते खल्विदं ब्रह्म पश्चात् ।' —(शतश्लोकी—३) अर्थ—पहले जब 'मैं ब्रह्म हूँ' यह अनुभव उदित होता है उसके बाद यह बोध स्वयं होता है कि यह जगत् आदि सब कुछ ब्रह्म है । अतः योगी प्रधान तुर्यामृत रस से जाग्रत् आदि तीनों अवस्थाओं को सींचता है और पूर्णहंता के स्वानुभव से आनन्दित होता है । यह अकिञ्चित्-चिन्तनमयी दशा विश्व-अभेद-चमत्कार-मय होती है जहाँ अणुमात्र भी आणवमल नहीं रहता है। इस विषय में भैरव देवी से कहता है : १, पाठान्तर : 'भावयेद्भैरवम् भावम्' इति
६२ : शिवसूत्र विमर्श अन्तः स्वानुभवानन्दा विकल्पोन्मुक्तगोचरा । याऽवस्था भरिताकारा भैरवी भैरवात्मनः ॥१५॥ तद्वपुस्तत्त्वतो ज्ञेयं विमलं विश्वपूरणम् । —(विज्ञान भैरव) अर्थ—विकल्प-वासना से रहित पूर्णाहन्ता का स्वप्रकाशरूप आनन्द जो भैरवरूप शिव की भैरव-सम्बन्धी परिपूर्ण स्वरूपा अवस्था है उस निर्मल विश्वपूरण स्वरूप को सावधान होकर हृदयंगम करना चाहिये । उस अवस्था में सम्पूर्ण जगत् स्वभित्ति पर ही निरावरण आभासित होता है । इस प्रकार तीनों अवस्थाओं को चौथी तुर्यरूप मध्य-दशा से अनुप्राणन कर योगी निरन्तर अभ्यास से पूर्णाहन्ता की सावधानी दृढ़ करता है । यह दशा योगी को भगवान् शिव के शक्तिपात से ही होती है । तत्त्वान्तर्गत विज्ञानाकल प्रमाता से पार होकर ही यह अवस्था होती है जब विश्व से अभेद ब्रह्मभाव के अनुभव में योगी का मन लीन होता है । उत्पलदेव, जिसने जीवभाव के पहले दो मल-स्थूलतर मायीय मल और स्थूल कार्ममल—हटाये थे, उस आन्तरिक अभिन्न से आणवमल के अशेषरूप से हटाने के लिए अर्थात् विज्ञानाकल प्रमाता (जहाँ अनुसंधान करने से अनुसन्धान और न करने से बहिर्मुखता होती है) से बाहर निकलने के लिए भगवान् शिव से प्रार्थना करते हैं : अन्तरप्यतितरामणीयसी या त्वदप्रथनकालिकास्ति मे । तामपीश परिमृज्य सर्वतः स्वं स्वरूपममलं प्रकाशय ॥ —(शिवस्तोत्रावली १३-२) अर्थ—आप हे प्रभु ! चित्स्वरूप को छिपा रखने वाली मलिनता-चाहे वह जरा भी क्यों न हो-जो मेरे चित्त में आपके स्वरूप-साक्षात्कार के समय होती है उसको भी पूर्णरूप से दूर करके अपने चिदानन्दमय निर्मल स्वरूप को (जहाँ व्युत्थान और समाधि का कोई भेद न रहे) प्रकट कीजिए । ईश्वर स्वरूप स्वामी श्री लक्ष्मण जू इसी प्रकार सदा सावधान रहने के लिए अपने शिष्यगण को यह उपदेश दिया करते हैं : (१) भोजन करते समय प्रत्येक लुकमे का स्वाद लेते हुए अनुसन्धान करना चाहिये कि कौन खाने का स्वाद लेता है । इसी प्रकार दूध, जल आदि पीते हुए भी पीनेवाले को ध्यान में लाना चाहिए । (२) चलते-चलते एक कदम उठाने के पश्चात् दूसरा कदम डालने के पूर्व मध्य- दशा में अनुसन्धान करना चाहिए ।
तृतीय विकास : ६३ (३) छींकते समय छींक आने से पहले और छींकने के अनन्तर ही सावधान रहना चाहिए। (४) अपने किसी दूरस्थ प्रियजन की याद आते समय पूर्वापर ज्ञानरहित जो आनन्द-दशा है उसमें ठहरना चाहिए। (५) सोते समय निद्रा लगने से पूर्व और जाग्रत् के अन्त में मध्य-दशा पर ठहरने का प्रयत्न करना चाहिए १ ॥३८॥ सम्बन्ध—अतः योगी साधक को चाहिए कि वह इस प्रकार तीनों अवस्थाओं में अन्तर्मुख भाव से मध्य-दशा का अनुप्राणन करने की स्थिरता प्राप्त कर ही संतुष्ट न रहे, अपितु उसे बाह्यरूपता में भी यह अभ्यास दृढ़ करना चाहिए। इस विषय में अगला सूत्र है। चित्तस्थितिवच्छरीरकरणबाह्येषु ॥३९॥ चित्तस्थिति—(जिस तरह) चित्त की अन्तर्मुख निरुद्ध अवस्था (स्वाभाविक हुई है) वत्—(उस) की तरह शरीर—(व्यक्तिगत शरीर में) जाग्रत्, (और) करण—(व्यक्तिगत शरीर में) स्वप्न (अवस्थाओं) के बाह्येषु—बाह्य जगत् रूप सुषुप्ति को भी (तुर्य रस से अनुप्राणित करना चाहिए)। १. स्वामी जी महाराज ने इस विषय में अपने अनुभव को भी प्रकट किया है— There is a point be-twixt sleep and waking, where thou shalt be alert without shaking; Enter into the new world where forms so hidepus pass, They are passing, endure, do not be taken by the dross. Then the pulls and pushes about the tolerate. Close all ingress and egress; Yawnings there may be; Shed tears-crave-implore, But thou wilt not prostrate, A ‘THRILL’ passes, and that goes down to the bottom, It riseth, may it bloom forth, that is BLISS : Blessed Being, Blessed Being— O ! greetings be to THEE. By Swami Lakshaman Joo.
६४ : शिवसूत्र विमर्श व्याख्या—जब तक चित्त की गुणों से भिन्न सत्ता रहती है तब तक वह अपने कारण में विलीन नहीं हो जाता, उसमें परिणाम होना अनिवार्य है । निरोधकाल में चित्त व्युत्थान और निरोध दोनों ही प्रकार के संस्कारों में व्याप्त रहता है। संस्कारों में व्याप्त चित्त के व्युत्थान धर्म से निरोध-धर्म में परिणत होने को महर्षि पतञ्जलि ने 'निरोध-परिणाम' (अथवा समाधि-परिणाम) का नाम दिया. है। यह अवस्था व्युत्थान-संस्कारों के अन्तर्गत ही मानी गई है। जब चित्त भलीभांति अन्तर्मुखरूप से समाहित होता है उसके बाद चित्त में जो परिणाम होता है उसे 'एकाग्रता-समाधि' कहा है । उस अवस्था में शान्त होने वाली वृत्ति एक सी ही रहती है। योगी को इसी की ओर प्रयत्नशील रहने का संकेत पतञ्जलि मुनि के इस सूत्र में है । 'ततः पुनः शान्तोदितौ तुल्यप्रत्ययौ चित्तस्यैकाग्रता परिणामः' —(योगसूत्र ३–१२) अतः अन्तर्मुख भाव में जब चित्त विद्युत्-प्रकाश की तरह क्षणमात्र के तुर्य- चमत्कार से अनुप्राणित होता है तब आनन्द से भरा होने के कारण योगी को संतोष होता है। फिर उसे इसी प्रकार जाग्रत् और स्वप्न से बाह्य आभास रूप बहिर्मुखता में भी अन्तः-विमर्श के बल द्वारा ही क्रमपूर्वक तुर्य रस से अनुप्राणित करना चाहिए (देखिये : त्रिषु चतुर्थं तैलवदासेच्यम्-२०) । इससे योगी विश्व-अभेद-चमत्कार-मय दशा मे स्थिति प्राप्त करता है । यह विमर्शानन्द का विकास है। श्री विज्ञानभैरव में कहा है : सर्वं जगत्स्वदेहं वा स्वानन्दभरितं स्मरेत् । युगपत्स्वामृतेनैव परानन्दमयो भवेत् ॥६५॥ अर्थ—बाह्य के अभिमत वस्तुजात में सर्वत्र चिदानन्दघनरस से भरी हुई परिपूर्ण शिवता की अपने दिव्यदेह में विभावना (चिन्तन) करने से योगी को अनुत्तर आनन्दमय स्वरूपसमावेश होता है । यही भाव वाजसनेय श्रुति में कहा है : पूर्णमदः पूर्णमिदं पूर्णात्पूर्णमुदच्यते । पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते ॥ अर्थ—वह परब्रह्म पूर्ण है और यह कार्यब्रह्म भी पूर्ण है क्योंकि पूर्ण से पूर्ण की ही उत्पत्ति होती है । तथा प्रलयकाल में पूर्ण कार्यब्रह्म का पूर्णत्व लेकर अपने में लीन करके पूर्ण परब्रह्म ही बचा रहता है । इस प्रकार आनन्दरूपता की स्वातन्त्र्य-शक्ति सब दशाओं में स्फुट होती है जिससे सम्पादन-सामर्थ्य (विश्व की स्थिति और लय करने की शक्ति) योगी के अपने अनुभव
तृतीय विकास : ६५ के अन्तर्गत होती है । अतः अन्तर्मुख वृत्ति को तुर्य-रस से आप्लावित कर बहिर्मुख जगत्रूप सुषुप्ति को भी इससे आप्लावित करने का दृढ़ अभ्यास करना योगी के लिए आवश्यक है । इससे उदय और अस्त एक-सा बना रहता है । ऐसे सिद्ध योगी को अन्तर्मुखता और बहिर्मुखता में कोई भेद नहीं रहता है । उसे विमर्शानन्द का सदा विकास रहता है ॥३९॥ सम्बन्ध—परन्तु, जब योगी इस अनुत्तर आनन्दमय अवस्था का सर्वात्मभाव से इस प्रकार विमर्श न करता रहे, तब उसे देह, प्राण, पुर्यष्टक (जाग्रत्, सुषुप्ति और स्वप्न) के प्रमातृता भाव में ही रहने से अपूर्णता-रूप आणवमल के कारण संसार के सीमित विषयों की ओर हो गति रहती है । इस विषय में आगे का सूत्र है । अभिलाषाद्बहिर्गतिः संवाह्यस्य ॥४०॥ संवाह्यस्य—(सर्वात्मभाव से विमर्श न करने के कारण) कर्म का बोझ ढोने वाले पशु को अभिलाषाद्—(व्यक्तिगत) अभिलाषा से बहिः—विषयों की ओर गतिः—प्रसार होता है । व्याख्या—स्वरूप का अनुसंधान न करते रहने के कारण वह व्यक्ति देह, प्राण और पुर्यष्टक की प्रमातृता में ही फँसा रहता है । उसका व्यवहार जाग्रत्, स्वप्न और सुषुप्ति में ही रहता है । वह शक्ति-चक्र के आधार-भूत माया सहित कला विद्या आदि षट्-कञ्चुकों से आगे शुद्धविद्या में प्रवेश नहीं पाता है । उसे लौकिक रूप अभिलाषाएँ सताती हैं । अपूर्णता की मान्यता के कारण आणवमल उससे नहीं छूटता । यह सूक्ष्म मल फिर स्थूल बनने लगता है । भिन्न-वेद्य-प्रथा से फिर मायीय मल बढ़ता है और उसका मन विक्षेपमय बनकर विषयों की ओर ही जाता है । फलतः शुभ और अशुभ वासनाओं से स्थूल कार्म मल की वृद्धि होती है जिससे वह संचित आगामी आदि कर्मों का बोझ ढोते हुए (अन्तःकरण, बहिष्करण, शब्दादि तन्मात्र और पृथ्वी पर्यन्त भूतजाल में फँस कर) नाना योनियों के चक्कर में पड़ जाता है । अन्तर्मुख स्वरूप की ओर फिर कभी नहीं जाता है । जैसे 'कालिकाक्रम' में कहा है : अतथ्यां कल्पनां कृत्वा पच्यन्ते नरकादिषु । स्वोत्थैर्दोषैश्च दह्यन्ते वेणवो वह्निना यथा ॥ अर्थ—असत्य वस्तुओं में सत्य भावना करके अपने ही दोषों से (ऐसे मूढ़ व्यक्ति) नरकों में दुःखों से पीड़ित रहते हैं जैसे जैसे जंगल में बाँस (वायुवेग से) आपस में ही टकराने के कारण अग्नि से भस्म हो जाते हैं । और भी (वह) मायामयैः सदा भावैरविद्यां परिभुञ्जते । मायामयीं तनुं यान्ति ते जनाः क्लेशभाजनम् ॥ ५
६६ : शिवसूत्र विमर्श अर्थ—परमार्थ अभ्यास आदि क्रमों को त्याग कर (ऐसे) लोग अविद्या में ही रहते हैं। इस प्रकार अपने से ही उत्पन्न कामादि दोषों के कारण एक योनि से दूसरी योनि में जाकर नरक-क्लेशों के भागी बनते हैं। अनुत्तर शिव-दशा तो कोसों दूर रहती है ॥४०॥ सम्बन्ध—जब योगी परमेश्वर के शक्तिपात से उदित स्वरूप का ही विमर्श करता है तब किसी व्यक्तिगत अभिलाषा के अभाव से बहिर्मुख नहीं होता है अपितु आत्मा में ही नित्य रमणशील रहता है। अब यह कहते हैं। तदारूढप्रमितेस्तत्क्षयाज्जीवसंक्षयः ॥४१॥ तत्—तुर्यानन्द दशा में आरूढप्रमितेः—संवित्-विमर्श में लगे योगी की तत्—(व्यक्तिगत) अभिलाषा के क्षयात्—नष्ट होने से जीव—पुर्यष्टक प्रमातृभाव का संक्षयः—शमन होता है। व्याख्या—तुर्य-दशा में संवित्-धाम पर आरूढ़ योगी की अभिलाषाएँ क्षीण होती चली जाती हैं। उसके पुर्यष्टक प्रमातृभाव अर्थात् कर्मों का बोझ ढोने वाले पशुभाव का शमन होता है। उसका स्फुरण वित्प्रमातृभाव में ही सदा रहता है क्योंकि वह कालग्रास—समाधि में तत्पर होता है और संसार-भाव से छूट जाता है। जैसे 'कालिका- क्रम' में कहा है : यथा स्वप्नानुभूतार्थान् प्रबुद्धो नैव पश्यति । तथा भावनया योगी संसारं नैव पश्यति ॥ अर्थ—जैसे अत्यन्त अल्प प्रदेश हृदय में, स्वप्नकाल के ही प्रकाश में आये हुए; विचित्र उपवन, नदी, पर्वत, नगर आदि को मनुष्य जाग जाने पर नहीं देख पाता, वैसे ही योगी चिद्रूपता की स्वतन्त्र भावना में चिन्मयता के अतिरिक्त संसार भाव को नहीं पहचानता है। चिद्रूपभाव में स्थित होते ही संसारभाव नष्ट होता है। इस तरह कालग्रास-समाधि में तत्पर योगी कैवल्य पद का भोगी बनता है। उसे इन्द्रिय और तन्मात्राओं के बोझ से पीड़ित नहीं होना पड़ता। उसके विकल्प ही विमर्श होते हैं। वह प्राणापानरूपी जीवकला से ऊपर उठता है ॥४१॥ सम्बन्ध—अब प्रश्न उठता है कि जीवभाव के नष्ट होने पर देहपात होना चाहिये, परन्तु इस सुप्रबुद्ध योगी का देह तो वर्तमान ही रहता है, ऐसी दशा में वह संवित्-धाम में आरूढ़ कैसे रह सकता है ? इसके उत्तर में कहते हैं।
तृतीय विकास : ६७ भूतकञ्चुकी तदा विमुक्तो भूयः पतिसमः परः ॥४२॥ तदा—तब (अभिलाषा के क्षय होने पर) भूतकञ्चुकी—शरीर को ठहराने वाले पंच-भूतों के बने कञ्चुक (आवरण रूप पोशाक) को धारण करने वाला (अयं)—(यह योगी) विमुक्तः- -मुक्ति का अधिकारी (बन जाता है) (यतः)--(क्योंकि यह) भूयः—(अभ्यास की) बहुलता से पतिसमः—शिव के समान परः--पूर्ण (होता है) । व्याख्या—अभिलाषा का क्षय होने पर अर्थात् जीवभाव के लय होने से पुर्यष्टक (पांच ज्ञानेन्द्रिय, मन, बुद्धि और अहंकार) प्रमातृता गल जाती है। तब योगी शरीर को ऐसे बनाये रखता है जैसे एक साधारण मनुष्य अपने शरीर पर चादर ओढ़ता है। उसे फिर 'भूतकञ्चुकी' कहते हैं। वह पंच-महाभूतों से बने शरीर को आवरण (पोशाक) की तरह धारण करता है। वह शरीर के साथ अहंता को नहीं जोड़ता है। उसका कल्पित पुर्यष्टक आदि शरीर पर पशुजन की तरह किया परिमित अहंभाव गल जाता है। ऐसा योगी मुक्ति का भाजन बन जाता है क्योंकि उसे चिद्धनरूप परमेश्वर के स्वरूप का आवेश होता है। उसी से वह पूर्ण-स्वरूप होता है। शिवभाव में ठहरे हुए इस जीवन्मुक्त की शरीर में, जीवन के साधारण नियम के अनुसार ही स्थिति होती है। जैसे इसी विकास के २६वें सूत्र में कहा है : 'शरीरवृत्तिर्वृतम्' । जैसे साँप को अपनी छोड़ी हुई पुरानी केंचुल (त्वचा) पर अहंता का अभिमान नहीं रहता वैसे ही इस शिवयोगी को शिव-स्वरूप में गहन अभ्यास के फलस्वरूप पृथक् देहादि पर प्रमातृता के अभिमान का अभाव रहता है। अथवा यों कहें कि जैसे खड्ग के म्यान में होते हुए भी म्यान खड्ग से अलग है वैसे ही देह-भाव के गलने से योगी को उसका प्रमातृभाव (अभिमानत्व) स्पर्श नहीं करता । वह विश्वात्मा शिव के साथ एक होता है। एक अद्वैतशास्त्र भैरवतन्त्र (श्री कुलरत्नमाला) में कहा है : यदा गुरुवरः सम्यक् कथयेत्तन्न संशयः । मुक्तस्तेनैव कालेन यन्त्रस्तिष्ठति केवलम् ॥ किं पुनश्चैकतानस्तु परे ब्रह्मणि यः सुधी । क्षणमात्रस्थितो योगी स मुक्तो मोचयेत्प्रजाः ॥ अर्थ—जब शक्तिपात के अवसर पर सद्गुण एक सत्-शिष्य को आवेश-पर्यन्त शिवभाव की प्राप्ति कराता है तब निःसंदेह वह उसी समय मुक्त होता है और शरीर
६८ : शिवसूत्र विमर्श को केवल यन्त्रवत् धारण करता है। फिर तो ऐसे सुबुद्धि का कहना ही क्या है जो परब्रह्म स्वरूप में अनन्यवृत्ति हो ! ऐसा योगी क्षणमात्र के लिए ही स्वरूप में ठहरे तो वह मुक्त होता है और सारी प्रजा को मुक्त करता है १ ॥४२॥ सम्बन्ध — अब प्रश्न है कि इस परमयोगी का 'भूतकञ्चुक' (शरीररूपी आवरण) भी स्वरूपलाभ के अवसर पर ही क्यों नहीं हट जाता है ? इसके उत्तर में कहते हैं। नैसर्गिकः प्राणसम्बन्धः ॥४३॥ (अस्य) — (इस महायोगी जीवन्मुक्त के शरीर में) प्राणसम्बन्धः — प्राणों का सम्बन्ध (श्वास और उच्छ्वास का प्रवहन) नैसर्गिकः — परमेश्वर की स्वातन्त्र्य शक्ति का स्वभाव ही है। व्याख्या — 'संवित् भगवती ने विश्ववैचित्र्य का अवभासन करने की इच्छा से पहले प्राण को निमित्त बनाया' — श्री भट्टकल्लट ने 'तत्त्वार्थ चिन्तामणि' ग्रन्थ में यह बात युक्तियुक्त कही है (प्राक् संवित् प्राणे परिणता) । अपने सहज स्वातन्त्र्य से संवित् देवी ने प्रपंच की विचित्रता को प्रकट करने की इच्छा से संकोच ग्रहण किया। शिव- दशा से विसर्ग रूप में आकर सृष्टि, स्थिति तथा संहार रूप इस जीव दशा का ग्रहण किया। इस प्रकार सारे विश्व में प्राणन-शक्ति को ग्रहण कर ग्राह्यरूप जगत् में यह भासमान होने लगी। अपनी स्वतन्त्रता में यह प्रथम अवभासन संवित्-देवी का प्राण- स्पन्द है। जैसे 'वाजसनेया' ग्रन्थ में कहा है : या सा शक्तिः परा सूक्ष्मा व्यापिनी निर्मला शिवा । शक्तिचक्रस्य जननी परानन्दामृतात्मिका ॥ महाघोरेश्वरी चण्डा सृष्टिसंहारकारिका । त्रिवहं त्रिविधं त्रिस्थं बलात्कालं प्रकर्षति ॥ १. वेदान्त सिद्धान्त मुक्तावली में कुछ यही विचार मिलते हैं : स्नातं तेन समस्ततीर्थसलिले दत्ता च सर्वावनि- र्यज्ञानां च .कृतं सहस्रमखिलाः देवाश्च संतर्पिताः । संसाराच्च समुद्धृताः स्वपितरः त्रैलोक्यपूज्योऽप्यसौ यस्य ब्रह्मविचारणे क्षणमपि स्थैर्यं मनः प्राप्नुयात् ॥ अर्थ — जिस किसी साधक का मन एक क्षणमात्र भी परब्रह्म के विमर्श में स्थिरता प्राप्त करे उसने (वस्तुतः) समस्त पुण्य तीर्थों का स्नान किया, सब पृथ्वी को दान में दिया, हज़ारों यज्ञों के कर्म का फल प्राप्त किया, सब देवताओं को तृप्त किया और अपने पितरों को भवपाश से उद्धार किया। ऐसा साधक सब जगत् का पूजनीय है।
तृतीय विकास : ६९ अर्थ—कल्याणस्वरूपा, निर्मल, व्यापक अत्यन्तसूक्ष्म पराशक्ति रूप संवित्-देवी शक्तिचक्र¹ को जन्म देती है । यह देवी प्राणों में परिणत जीवन-शक्ति है और तीन छायाओं में सर्वत्र ईशन करती है— [क] १. अघोरा—परानन्द अमृत स्वरूपा २. घोरा—अन्तर्मुख आनन्द स्वरूपा ३. घोरतरी—बहिर्मुख संसार रूपा —महाघोरेश्वरी [ख] अपने स्वरूप को छिपाने की चातुर्य-शक्ति —चण्डा [ग] त्रुटि आदि शक्तिरूप काल का परिमाण करने वाली कालकर्षिणी, जो सृष्टि, स्थिति और संहार रूप से काल का कर्षण करती है । —सृष्टिसंहारकारिणी परा-शक्ति इडा, पिगला और सुषुम्णा मार्गों में वहन करने से 'त्रिवह', सोम, सूर्य और अग्नि रूप होने से 'त्रिविध' तथा अतीत, वर्तमान और अनागत में स्थित होने से 'त्रिस्थ' कहलाती है । प्राण सम्बन्ध की अवधि तक ही शरीर रूप कञ्चुक भी ठहरता है, परन्तु संवित्- स्वरूप में ठहरे परमयोगी के श्वास-उच्छ्वास स्वभाव से ही इस ज्ञान-क्रिया रूप विश्व में संविन्मय होते हैं । प्राणों के साहचर्य से मितप्रमाता (जीव) कर्मों का पाश बनाता है और फिर उसके अधीन होता है। पहले किये हुए संचित और मिश्र कर्मों से प्रारब्ध-कर्म और उनके भोगने के लिए घर अर्थात् शरीर उत्पन्न होता है । प्रारब्ध कर्मों का उनके भोगने से ही क्षय होता है अन्यथा नहीं । इसलिए इस तत्त्ववित् योगी का शरीर प्रारब्ध के अनुसार ही ऐसे ठहरता है जैसे चक्र को घुमा कर उसके अन्तिम कुछ घुमाव स्वयं ही कुछ देर तक देखने में आते हैं । स्वयं तो वह कर्म-पाश से मुक्त स्वरूपसंविन्मय ही रहता है । वह देह पर दृष्टि कभी नहीं डालता है । श्रीमद् भागवत में इस सिद्धयोगी की अवस्था का वर्णन इस श्लोक में है : देहं च नश्वरमवस्थितमुत्थितं वा सिद्धो न पश्यति यतोऽध्यगमत् स्वरूपम् । दैवादपेतमुत दैववशादुपेतं वासो यथा परिकृतं मदिरामदान्धः ॥ (एकादशस्कन्द-१३-३६) १. शक्तिचक्र में संवित्-देवी की शक्तियों के विकास का क्रम यों है :— (क) खेचरी—अन्तःकरण के शक्तिचक्र का विकास (ख) गोचरी—ज्ञानेन्द्रियों के शक्तिचक्र का विकास (ग) दिग्धरी—कर्मेन्द्रियों के शक्तिचक्र का विकास (घ) भूचरी—पंचमहाभूतों के शक्तिचक्र का विकास
७० : शिवसूत्र विमर्श अर्थ—जैसे मदिरा पीकर उन्मत्त पुरुष यह नहीं देखता कि मेरे द्वारा पहना वस्त्र शरीर पर है या गिर गया वैसे ही सिद्ध पुरुष जिस शरोर से उसने अपने स्वरूप का साक्षात्कार किया है वह प्रारब्ध-वश खड़ा है, बैठा है या दैववश कहीं गया है या आया है—नश्वर शरीर सम्बन्धी इन बातों पर दृष्टि नहीं डालता। अतः स्वरूप लाभ बनकर योगी का प्राणों से जो सम्बन्ध रहता है वह नैसर्गिक अर्थात् संवित्-स्वभाव वाला ही होता है ॥४३॥ सम्बन्ध—प्राणन-रूप ग्राहक भूमिका में स्थित यह स्वरूपविमर्श वाला योगी अलौकिक होता है—अब यह कहते हैं। नासिकान्तर्मध्यसंयमात् किमत्र सव्यापसव्य सौषुम्नेषु ॥४४॥ नासिका—कुटिल रूप से वहन करने वाली प्राणशक्ति (की) अन्तः—आन्तरी संवित् (के) मध्य—(अन्तरतम) मध्यधाम में संयमात्—विमर्श (बार-बार अनुसन्धान) करने की अपेक्षा किमत्र—और अधिक क्या है (जो) सव्य—इड़ा नाड़ी अपसव्य—पिंगला नाड़ी सौषुम्नेषु—(और) सुषुम्ना नाड़ी में (अभ्यास करने से प्राप्त हो सकता है।) व्याख्या—नेत्र आदि के रोमरन्ध्रों के अन्त तक सब नाड़ीचक्र¹ में प्रधान इड़ा, पिंगला और सुषुम्ना में जो कुटिलवाहिनी प्राणशक्ति है उसकी आन्तरी संवित् के अन्त- र्गत मध्यधाम में बार-बार अनुसन्धान करने से परमयोगी स्वात्म-संविन्मय बन जाता है। ऐसे महायोगी के विषय में 'श्रीकालिकाक्रम' में कहा है : तस्य देवादिदेवस्य परबोधस्वरूपिणः । विमर्शः परमाशक्तिः सर्वज्ञानशालिनी ॥ अर्थ—परबोधमय उस देवों के देव की विमर्शमयता, सर्वज्ञता के ज्ञान से शोभायमान परमशक्ति है। ऐसी विमर्शमय दशा में इड़ा (प्राण), पिंगला (अपान) और सुषुम्ना (मध्यनाड़ी) में अभ्यास करने से ऐसे योगी को क्या लाभ हो सकता है। उसे आन्तर और बाह्य अभ्यास फिर नहीं करने पड़ते। वह अन्तर्मुख और बहिर्मुख भावों की सब दशाओं में १. नाडीचक्र में नाडियों की संख्या ७२००० बताई गई है।
तृतीय विकास : ७१ स्वरूप-विमर्शमान रहता है। यही उसकी निर्व्युत्थान समाधि है जिसे पर-समाधि भी कहते हैं। सामान्य जीवों की अपेक्षा योगी की विशेषता 'विज्ञानभैरव' में कही है : ग्राह्यग्राहकसंविन्तिः सामान्या सर्वदेहिनाम् । योगिनां तु विशेषोऽयं सम्बन्धे सावधानता ॥ अर्थ—सदाशिव से कीट तक सब देहधारियों में प्रमाता-प्रमेय भाव सामान्य है परन्तु योगी में विशेषता है कि वह इनकी सन्धि में सावधान रहता है—वह परप्रमातृभाव में स्थिति रखता है। सार यह है कि सिद्ध योगी के लिए ध्यान, धारणा और समाधि की कोई आवश्य- कता नहीं है। वह इन तीनों में प्रधान अन्तरतम मध्यधाम में संविन्निष्ठ होता१ है। वह व्युत्थान दशा में भी समाधि-दशा की तरह स्वरूप में समाहित रहता है। यही उसकी निर्व्युत्थान समाधि है ॥४२॥ सम्बन्ध—अब इस परमयोगी के योग का फल बताते हुए इस प्रकरण का उपसंहार करते हैं। भूयः स्यात्प्रतिमीलनम् ॥४५॥ भूयः—फिर (इस शिवयोगी की) प्रतिमीलनम्—अन्तर्मुख रूप निमीलन और बहिर्मुख रूप उन्मीलन अथवा दोनों में स्थिति स्यात्—निरन्तर होती है। व्याख्या—अब यह शिवयोगी चेतनता का ही स्वरूप है (चैतन्यमात्मा—१-१)। उसे स्वरूप में सदा सावधान रहने से ज्ञानरूप क्रिया में स्वातन्त्र्य है। चैतन्य आत्मा के स्वरूप से उदित विश्व के भेद-संस्कार के विगलन से इस परमयोगी का चैतन्य से ही निमीलन और चैतन्य से ही उन्मीलन होता है। इसे प्रत्यभिज्ञा शास्त्र में 'क्रम-मुद्रा' कहते हैं। योगी को अब संसारभाव कोई बाधा नहीं करता। समना से पर यही उन्मना दशा है। स्वच्छन्द तन्त्र में कहा है : उद्बोधितो यथा वह्निर्निर्मलोऽतीव भास्वरः । न भूयः प्रविशेत्काष्ठे तथात्माध्वन उद्धृतः ॥ मलकर्मकलाद्यैस्तु निर्मलो विगतक्लमः । तत्रस्थोऽपि न बाध्यते यतोऽतीव सुनिर्मलः ॥ १. 'त्रयमेकत्र संयमः'—तीनों एक ही में स्थित हैं। —(योगसूत्र : विभूतिपाद ४)
सूत्र में 'भूयः स्यात्' का यह भी आशय है कि योगी का शिवत्व कुछ नया नहीं
७२ : शिवसूत्र विमर्श अर्थ—जैसे अग्नि अत्यन्त प्रज्ज्वलित होकर बहुत ही निर्मल दीप्तिमय बनकर फिर उस काष्ठ में (जो जला होता है) प्रवेश नहीं करती, वैसे ही योगी संसार के छः अध्वा से उठा होता है । वह मल, कर्म और छः कञ्चुकों से निर्मल होकर लेपरहित होता है । अत्यन्त निर्मल (पवित्रतम) चैतन्यरूप होने से वह शरीर आदि में प्रारब्ध के समाप्त होने तक ठहरा हुआ भी कर्मादि से बाधित नहीं होता । सूत्र में 'भूयः स्यात्' का यह भी आशय है कि योगी का शिवत्व कुछ नया नहीं है जिसका पहले अभाव था। शिवता तो आत्मा का स्वभाव ही है (चैतन्यमात्मा—१-१)। अतः वह केवल मायाशक्ति से उत्पन्न अपने विकल्प के दुर्भाव से भासमान शिवता का विमर्श भी नहीं करता । वह स्वरूप-साक्षात्मय होता है । जगदानन्द दशा में वह जीवन्मुक्त है ॥४५॥ इस प्रकार शिवसूत्र का आणवोपाय प्रकाशन नामक तीसरा विकास समाप्त हुआ शुभं भवतु सर्वेषाम् शिवसूत्रसार मोहशान्तौ सकलकलना शान्तिमेति चिराय पूर्णा संवित् स्वरसरसिका स्वानुभूत्यैव सम्यक् । शैवं धाम भजति सहसा निर्वृ ताऽनन्तवृत्त्या यस्मात् स्पृष्ट्वा स्वतनग्विभवं धामगर्भं तनोति ॥ अविद्यारूप माया-मोह के शमन होने पर विज्ञानाकल प्रमाता की अवस्था में अन्तर्मुख और बहिर्मुख होने की कल्पनाएँ सदा के लिए एक-सी बन कर शान्त होती हैं । संवित्-देवी अन्तः और बाह्य अपने ही स्वाभाविक अनुभवों में चिदानन्द-रस का आस्वादन करती है—शुद्धविद्या से शिवतत्त्व तक शिव की पाँच विभूतियों में पूर्णरूप से आह्लादमय रहती है । वह अनन्यवृत्ति से नित्य-निरन्तर स्वरूपविमर्श-पूर्ण दशा में, शिव के शक्तिपात से, क्षणमात्रसंभव पर-शिवधाम को भजती है जिसके स्पर्शमात्र से अपने ही अन्तरतम स्वरूप की विभूति को विश्वरूपता में प्रकट करती है । अतः आत्मा का स्वरूप ज्ञानरूप क्रिया में स्वातन्त्र्य है—चैत्यमात्मा ॥ इति शिवम्
परिशिष्ट (क) शिवसूत्रों का अकारादिक्रम वि० सू० सं० पृ० १. अभिलाषाद्बहिर्गतिः संवाह्यस्य ३ ४० ६५ २. अविवेको मायासौषुप्तम् १ १० ६ ३. आत्मा चित्तम् ३ १ २४ ४. आसनस्थः सुखं हृदे निमज्जति ३ १६ ३८ ५. इच्छा शक्तिरुमा कुमारी १ १३ ८ ६. उद्यमो भैरवः १ ५ ३ ७. कथा जपः ३ २७ ४९ ८. करणशक्तिः स्वतोऽननुवात् ३ ३७ ५८ ९. कलादीनां तत्त्वानामाविवेको माया ३ ३ २५ १०. कवर्गादिषु माहेश्वर्याद्याः पशुमातरः ३ १९ ४० ११. गर्भे चित्तविकासाऽविशिष्टविद्यास्वप्नः २ ४ १७ १२. गुरुरुपायः २ ६ २० १३. चित्तं मन्त्रः २ १ १४ १४. चित्तस्थितिवच्छरीकरणबाह्येषु ३ ३९ ६३ १५. चैतन्यमात्मा १ १. १ १६. जाग्रत्स्वप्न-सुषुप्तभेदे तुर्याभोगसंभवः १ ७ ५ १७. जाग्रत् द्वितीयकरः ३ ८ ३४ १८. ज्ञानं जाग्रत् १ ८ ६ १९. ज्ञानमन्नम् २ ९ २२ २०. ज्ञानं बन्धः १ २ २ २१. ज्ञानं बन्धः ३ २ २५ २२. ज्ञानाधिष्ठानं मातृका १ ४ ३ २३. तत्प्रवृत्तावपि अनिरासः संवेत्तृभावात् ३ ३२ ५३ २४. तदारूढप्रमितेस्तत्क्षयाज्जीवसंक्षयः ३ ४१ ६६ २५. तद्विमुक्तस्तु केवली ३ ३४ ५६ २६. त्रितयभोक्ता वीरेशः १ ११ ७
- ७४ - वि० सू० सं० पृ० २७. त्रिपदाद्यनुप्राणनम् २ ३८ ५९ २८. त्रिषु चतुर्थं तैलवदासेच्यम् ३ २० ४० २९. दानमात्मज्ञानम् ३ २८ ५० ३०. दृश्यं शरीरम् १ १४ ८ ३१. धीवशात् सहैव सिद्धिः ३ १२ ३६ ३२. नर्तक आत्मा ३ ९ ३४ ३३. नाडीसंहार-भूतजय-भूतकैवल्य-भूतपृथक्त्वानि ३ ५ २९ ३४. नासिकान्तर्मध्यसंयमात् किमत्र सव्यापसव्यसौषुम्नेषु ३ ४४ ७० ३५. नैसर्गिकः प्राणसंबन्धः ३ ४३ ६८ ३६. प्रयत्नः साधकः २ २ १४ ३७. प्राणसमाचारे समदर्शनम् ३ २२ ४३ ३८. प्रेक्षकाणीन्द्रियाणि ३ ११ ३५ ३९. बीजावधानम् ३ १५ ३७ ४०. भूतकञ्चुकी तदा विमुक्तो भूयः पतिसमः परः ३ ४२ ६७ ४१. भूतसंधान-भूतपृथक्त्व-विश्वसंघट्टाः १ २० १२ ४२. भूयः स्यात् प्रतिमीलनम् ३ ४५ ७१ ४३. भेदतिरस्कारे सर्गान्तरकर्मत्वम् ३ ३६ ५७ ४४. मग्नः स्वचित्तेन प्रविशेत् ३ २१ ४१ ४५. मध्येऽवरप्रसवः ३ २३ ४३ ४६. महाह्रदानुसंधानान्मन्त्रवीर्यानुभवः १ २२ १३ ४७. मातृकाचक्रसंबोधः २ ७ २० ४८. मात्रास्वरूप्रत्यसंधाने नष्टस्य पुनरुत्थानम् ३ २४ ४४ ४९. मोहजयादनन्ताभोगात् सहजविद्याजयः ३ ७ ३३ ५०. मोहप्रतिसंहतस्तु कर्मात्मा ३ ३५ ५६ ५१. मोहावरणात् सिद्धिः ३ ६ ३१ ५२. यथा तत्र तथान्यत्र ३ १४ ३७ ५३. योनिवर्गः कलाशरीरम् १ ३ ३ ५४. योऽविपस्थो ज्ञाहेतुश्च ३ २९ ५० ५५. रङ्गोऽन्तरात्मा ३ १० ३५ ५६. लोकानन्दः समाधिसुखम् १ १८ ११ ५७. वितर्क आत्मज्ञानम् १ १७ ११ ५८. विद्याविनाशे जन्मविनाशः ३ १८ ३९ ५९. विद्याशरीरसत्ता मन्त्ररहस्यम् २ ३ १५
- ७५ - वि० सू० सं० पृ० ६०. विद्यासंहारे तदुत्थस्वप्नदर्शनम् २ १० २३ ६१. विद्यासमुत्थाने स्वाभाविके खेचरी शिवावस्था २ ५ १८ ६२. विस्मयो योगभूमिकाः १ १२ ७ ६३. शक्तिचक्रसंधाने विश्वसंहारः १ ६ ५ ६४. शक्तिसंधाने शरीरोत्पत्तिः १ १९ ११ ६५. शरीरं हविः २ ८ २१ ६६. शरीरवृत्तिर्व्रतम् ३ २६ ४७ ६७. शरीरे संहारः कलानाम् ३ ४ २७ ६८. शिवतुल्यो जायते ३ २५ ४६ ६९. शुद्धतत्त्वसंधानाद्वाऽपशुशक्तिः १ १६ १० ७०. शुद्धविद्योदयाच्चक्रेशत्वसिद्धिः १ २१ १३ ७१. सिद्धः स्वतन्त्रभावः ३ १३ ३६ ७२. सुखासुखयोर्बहिर्मननम् ३ ३३ ५४ ७३. स्थितिलयौ ३ ३१ ५२ ७४. स्वमात्रानिर्माणमापादयति ३ १७ ३९ ७५. स्वप्नो विकल्पाः १ ९ ६ ७६. स्वशक्तिप्रचयोऽस्य विश्वम् ३ ३० ५१ ७७. हृदये चित्तसंघट्टाद् दृश्यस्वापदर्शनम् १ १५ ९ परिशिष्ट (ख) शिवसूत्र विमर्श में प्रामाणिक ग्रन्थों से उद्धृत प्रमाणों का यथाक्रम संचय। १. अष्टावक्रगीता पृष्ठ अनिच्छन्नपि धीरो हि (प्र० १८ श्लो० ३७) ४ निःसंगो निष्क्रियोऽसि त्वं (प्र० १ श्लो० १६) १० निर्वासनं हरिं दृष्ट्वा (प्र० १८ श्लो० ४६, ४७) ३८, ५५ निर्वासनो निरालम्बः (प्र० १८ श्लो० २१) ५५ मूढो नाप्नोति तद्ब्रह्म (प्र० १८ श्लो० ३७) ४ २. ईश्वरप्रत्यभिज्ञा अत एव यथाभीष्ट० (अ० १, आ० ६, का० ११) ५८ ३. ईश्वरप्रत्यभिज्ञा विमर्शिनी (टीका—अभिनवगुप्तपाद) संसारनाट्यप्रवर्त्तयिता सुप्ते जगति० ३४
- ७६ - पृष्ठ ४. एकादश स्कन्ध श्रीमद्भागवत देहं च नश्वरमवस्थित० (अ० १३, श्लो० ३६) ६९ ५. कालिकाक्रम अतथ्यां कल्पनां कृत्वा० ६५ तस्मान्नित्यमसंदिग्धं ० तस्य देवादिदेवस्य० ७० नाशेऽविद्याप्रपंचस्य० ५३ मायामयैः सदा भावैः० ६५ यथास्वप्नानुभूतार्था० ६६ सर्वशुद्धं निरालम्बम् ५३ सुखदुःखादिविज्ञान० ५६ ६. कुलरत्नमाला यदा गुरुवरः सम्यक्० ६७ ७. कठोपनिषद् कश्चिद्धीरः प्रत्यगात्मानमैक्षत्० (२-१-११) ३५ ८. कैवल्योपनिषद् त्रिषु धामसु यद्भोग्यं० (खं० १ मन्त्र १८) ७ ९. ज्ञानगर्भस्तोत्र विहाय सकला क्रिया० ४२ १०. तत्त्वार्थचिन्तामणि प्राक् संवित्प्रमाणे परिणता० ६८ ११. तन्त्रालोक (अभिनवगुप्तपाद) यत्र कोऽपि व्यवच्छेदो नास्ति० (आह्नि० ५ श्लो०५०-५१) १९ १२. त्रिकसार देहोत्थिताभिर्मुद्राभिः० ४८ १३. त्रिकहृदय स्वपदास्वशिरश्छाया० २ १४. नेत्र तन्त्र (मृत्युजिद्भट्टारक कथित) प्राणादिस्थूलभावं तु० (अ० ८, श्लो० १२) ४१ प्रविशेतत्स्वचेतसा० (अ० ८, श्लो० २४) ४२
- ७७ - पृष्ठ मध्यमं प्राणमाश्रित्य० (अ० ८, श्लो० ११-१८) ३१ मध्यमं प्राणमाश्रित्य० (अ० ८, श्लो० ११) ३८ १५. पातञ्जल योगसूत्र ततः पुनः शान्तोदितौ (वि० पा० सू० १२) ६४ ते समाधावुपसर्गा (वि० पा० सू० ३७) १८ त्रयमेकत्र संयमः (वि० पा० सू० ४) ७१ १६. प्रबोधसुधाकर (आद्यशंकराचार्यरचित) यद्भावानुभवः स्यान्निद्राद्रौ० (श्लो० १६०) १५, ५९ १७. बृहदारण्यकोपनिषद् पूर्णमदः पूर्णमिदं० (५-१-१) ६४ १८. भगवद्गीता तस्मात्सर्वेषु कालेषु० (अ० ८ श्लो० ७) ३९ बुद्ध्या विशुद्धया युक्तो० (अ० १८ श्लो० ५१-५३) २१ १९. भर्गशिखा मृत्युं च कालं त० २२ २०. मालिनीविजयोत्तरतन्त्र अकिञ्चिच्चिन्तकस्यैव (अ० २ श्लो० २३) १ उच्चाररहितं वस्तु (अ० २ श्लो० २२) १४ उच्चारकरणध्यान (अ० २ श्लो० २१) २९ वासनामात्राभेऽपि ४४ २१. योगबीज सकारेण बहिर्याति हकारेण० ४९ २२. योग वाशिष्ठ यो जागर्ति सुषुप्तिस्थो० (उत्प० प्र० स० ९ श्लो० ७) ५२ यैव चित् गगनाभोगे० (स्थि० प्र० स० ६१ श्लो० १६) ५८ व्यस्तेन च समस्तेन० (नि० प्र० पू० स० १२८ श्लो० १६) २८ शान्तसंसारकलना० (उत्प० प्र० स० ९ श्लो० १२) ५२ समाधिमथकर्माणि० (स्थि० प्र० स० ५७ श्लो० २६) १०
- ७८ - पृष्ठ २३. योगवासिष्ठ-सार (पं० केशवभट्ट ज्योतिषी) निद्रादौ जागरस्यान्ते० (प्र० १० श्लो० ११) ५९ २४. रामगोता (अध्यात्मरामायणान्तर्गत) यावन्न पश्येदखिलं मदात्मकं (श्लो० ५८) ४ २५. वाजसनेया या सा शक्तिः परा सूक्ष्म० ६७ २६. विज्ञान भैरव आनन्दे महति प्राप्ते० (श्लो० ७१) ६१ अन्तः स्वानुभवानन्दा० (श्लो० १५) ६२ कालाग्निना कालपदादुत्थितेन० (श्लो० ५२) २८ गीतादिविषयास्वादा० (श्लो० ७३) ६० ज्ञानप्रकाशकं सर्वं० (श्लो० १३७) ३७ ग्राह्यग्राहकसं वित्ति सामान्या० (श्लो० १०६) ७१ जग्धिपानकृतोल्लास० (श्लो० ७२) ६१ भुवनाध्वादिरूपेण० (श्लो० ५६) २८ भूयोभूयः परे भावे० (श्लो० १४५) ४९ मानसं चेतनाशक्तिरात्मा० (श्लो० १३८) ४२ यत्र यत्राक्षमार्गेण० (श्लो० ११७) ३४ लेहनामन्थनाकोटैः० (श्लो० ७०) ६० शक्तिसंगमसंक्षुब्ध० (श्लो० ६९) ६० षट्शतानि दिवारात्रौ० (श्ल० १५६) ४९ सर्वं जगत् स्वदेहं वा० (श्लो० ६५) ६४ २७. विवेक चूडामणि (शंकरभगवत्पादकृत) उपाधिसम्बन्धवशात्परात्मा० (श्लो० १९३) ४७ संसिद्धस्य फलं त्वेतत्० (श्लो० ४१९) ४८ २८. वेदान्त सिद्धान्तमुक्तावली स्नातं तेन समस्ततीर्थसलिले० (श्लो० ९२) ६८ २९. शतश्लोकी (शंकरभगवत्पाद) आदौ ब्रह्माहमस्मीत्यनुभव० (श्लो० ३) ६१