कम्ब रामायण (महाकवि कम्बन - प्रामाणिक हिन्दी अनुवाद)
Kamba Ramayana Hindi
महाकवि कम्बन द्वारा
स्रोत: Kamba Ramayana in Hindi Translation (Vol 1) (उद्गम)
अरण्यकाण्ड ३५१
चामर एवं श्वेतच्छत्र-रूपी फेनवाले, गज-रूपी ऊँची पीठवाले, डूबते-उतराते मीनो से युक्त भँवरवाले तथा शीतल घाटो मे विविध रत्न-समुदाय को लाकर छितरानेवाली जीन, हौदा आदि नौकाओवाले रक्त के प्रवाह मे जा मिलते थे और उसे नया रूप (अर्थात्, रक्तवर्ण) दे देते थे।
दृढ वक्र दतोवाले कुछ राक्षस (राम के) अति तीक्ष्ण बाणो से मृत होकर देवता बन गये और भ्रमरो को आकृष्ट करनेवाली पुष्पमालाओ से शोभित केशोंवाली अप्सराओ के साथ रहकर अपने ही कबंधी का नाच देखने लगे।
कुछ राक्षस देवो के संघ मे मिल गये और उत्तम कंकणों से भूषित अप्सराओं के साथ रहकर यह देख रहे थे कि उनकी ही मृत देह की छिन्न भुजाओ को किस प्रकार एक ओर से भूत पकडकर खाने लगते हैं और दूसरी ओर श्वान उन्ही टुकड़ों को पकड़कर खींच रहे हैं। यह देख-देखकर वे हँस पड़ते थे।
कुछ राक्षस, जिनके वक्ष, चुनकर प्रयुक्त किये गये रामचंद्र के बाणो के लगने से छिद गये थे और जो (राक्षस) कर्म-बन्धन से मुक्त होकर देवता बन गये थे, यह सोचकर मन में भय करने लगे कि अहो ! राक्षसो की सेना विशाल है और राम तो एकाकी हैं, अब क्या होगा ?
शुण्डधारी गज-सदृश वीर (राम) के वे बाण, जो कंटको (राक्षमो) के शरीरों को छिन्न-भिन्न कर रहे थे, नीच तथा काले मनवाले, झूठी गवाही देनेवाले व्यक्ति के वचनों के जैसे थे।
जिस प्रकार मनोहर पंखवाला भ्रमर अपनी शरण में पडे हुए कीड़ों को अपने रूप मे परिवर्तित कर देता है, उसी प्रकार उदार प्रभु ने मायावी राक्षसो को घेरकर अपने उत्तम शरों के पवित्र प्रभाव से देवो में परिवर्तित कर दिया।
वहाँ की रक्त की नदियाँ, मानो यह विचार कर कि एक बलवान् मनुष्य ने अनेक राक्षसो को मार दिया है, यह समाचार विजय-माला से भूषित रावण को देना चाहिए— क्रोधी राक्षसो के शवों को बहाती हुई (समुद्र मे गिरकर) लका में जा पहुँची।
चारो ओर छुटी हुई राक्षस-सेना को (राम के) बाणो ने सर्वत्र छिन्न-भिन्न करके उनके प्राणों को पी लिया, जिससे वह (सेना) धरती पर लोट गई, यह देखकर त्रिशिर ने क्रुद्ध होकर भी विलव किये विना, रक्त-प्रवाह में निमग्न अपने रथ को गगन-मार्ग से चलाता हुआ गर्जन किया।
स्थिर रथवाले उस राक्षस ने, सबके लिए दृढ सत्य का साक्षी बनकर रहनेवाले, उस धर्म-स्वरूप चक्रवर्त्ती के कुमार (राम) के शरीर को, गगन की वर्षा की तरह अपने तीक्ष्ण बाणो की वर्षा से ढक दिया।
राम ने, (राक्षस के द्वारा) बरसाये गये उन सब बाणो को अपने बाणों से छिन्न-भिन्न कर दिया। फिर, चौदह बाणो से (उस राक्षस के) उज्ज्वल स्वर्णमय रथ को ध्वस्त कर दिया और उसके सारथी को भी निहत कर दिया।
इतना ही नही, उसी क्षण, देवो के कोलाहल-ध्वनि करते समय, (राम ने)
३५२ | कम्ब रामायण
स्वर्ण के जैसे चमकते हुए तीक्ष्ण फलवाले अनुपम बाणों से क्रूर कार्य करनेवाले उस राक्षस के मुकुटधारी (तीन) शिरों में से, एक को छोड़कर, दो को काट गिराया।
तब वह राक्षस रथ-हीन हो गया और उसका त्रिशिर नाम भी निरर्थक हो गया। तो भी उसकी क्रूरता नही मिटी। जैसे गगन से काला मेघ उतरा हो, त्योंही उसने अपने वक्र धनुष से बाण-पुंज (राम पर) उतारे।
त्रिशिर, ललाट पर भौंहों को चढ़ाकर, प्रलय-काल की वर्षा की तरह शरों की घनी वर्षा करनेवाले धनुष को लेकर युद्ध करने लगा। तब जिस प्रकार प्रभंजन मेघ को बिखेर देता है, उसी प्रकार राम ने अपने अवार्य बाणों से उस (राक्षस) का धनुष काट दिया।
यद्यपि उस (राक्षस) ने अपना धनुष खो दिया, तथापि घूरनेवाले उसके चमकते मुख का प्रकाश कम नहीं हुआ। उसकी मेघ-गर्जन की-सी ध्वनि भी मंद नहीं पड़ी। उसका भुजबल मंद नहीं पड़ा। उसके द्वारा राम पर बरसाये जानेवाले पत्थर भी कम नहीं हुए और चाक के जैसे उसका परिभ्रमण भी मंद नहीं पड़ा।
गगन में स्वयं एकाकी रहकर भी उसने ऐसा माया-युद्ध किया, जैसे दो सौ व्यक्ति मिलकर युद्ध कर रहे हों। तब उसके दोनों पैरों को राम ने दो तीक्ष्ण बाणों से काट दिया और दो बाणों से उसकी भुजाओं को भी काट दिया।
भुजाओं और पैरों से हीन होकर वह (राक्षस) तीक्ष्ण दाँतों को बाहर किये, पर्वत-कंदरा समान एवं मांस-दुर्गंध से युक्त अपने मुख को खोले हुए, रामचन्द्र पर गिरकर उन्हें निगलने को आया। उसे देखकर राम ने किंचित् भी दया किये बिना, अपने दीर्घ विजयशील धनुष से एक बाण प्रयुक्त कर उसके एक शिर को भी काट दिया।
त्रिशिर पर्वत-शिखर की भाँति ज्यों ही भूमि पर गिरा, त्योंही, सूर्य के जैसे चमकते हुए करवाल धारण किये, अपने विशाल हाथों में ढालों को लिये हुए, बाकी बचे हुए राक्षस, दूषण नामक सेनापति के मना करने पर भी वहाँ रुके नहीं, किंतु भाग खड़े हुए। उनके दीर्घ पैर, विशाल रक्त प्रवाही में आँतों के मध्य उलझ जाते थे।
यह दृश्य देखकर, आकाश में झुंड बाँधकर स्थित देवता ताली बजाकर कोलाहल कर उठे। कुछ राक्षस, आदिशेष के फन पर स्थित धरती को दबाते हुए भाग चले और वहाँ फैली हुई चर्बी में फिसलकर उसमें डूब गये। कुछ राक्षस अपने सुरक्षित प्राणों के साथ भागे और शव के ढेरों से टकराकर लुढ़क गये।
कुछ राक्षस भागते हुए, धरती पर पड़े बरछे और करवाल की धारों से उनके पैर कट जाने से ढीले हो पड़े। कुछ, मृत राक्षसों के रक्त-प्रवाह में पैर फिसल जाने से डूब गये। कुछ, भय के मारे रक्त-सागरों में कूदकर तैरने लगे, किंतु वे कहीं स्थिर खड़े नहीं रह सके।
कुछ ऐसे भाग रहे थे कि उनके कटि के वस्त्र और खड्ग विगलकर गिर जाते थे और उनके पैरों में उलझकर उन्हें काटने लगते थे, तो भी वे उनपर ध्यान न देते थे। वे भय की मूर्त्ति-से बने, मुख श्वासाकुल होकर जहाँ-तहाँ शरों के छत्र पर लगे हुए उत्तम वीर (राम) के बाणों की प्रेरणा से, बाणों वाले से वेगवाला दौड़कर भाग निकलते थे।
अरण्यकाण्ड ३५३
अतिवेग से भागनेवाले कुछ राक्षस, बड़े हाथियो के पेट में पड़े छतो के द्वार-रूपी कदराओं में अपने खड्ग-सहित घुस जाते थे और पास खड़े कवध को देखकर यह कहकर सिर पर अपने हाथ जोड़ लेने थे कि—हे मेरे साथी, तुम यही कहना कि तुमने हमको नही देखा है।
इस प्रकार भागनेवाले राक्षसो को देखकर, अति वेगवान् अश्वो से जुते रथ पर आरूढ दूषण ने कहा—हमारे पराक्रम के योग्य युद्ध-कौशल से हीन इस मनुष्य को देखकर मत डरो। मै जानता हूँ कि डर का कोई कारण नही है। मै कुछ कहना चाहता हूँ, उसे सुनो।
जो लोग अपयश देनेवाले भय को मन मे रखकर जीते हैं, उनसे सुन्दर कंगन पहननेवाली स्त्रियाँ भी नही डरती हैं। धैर्य-रूपी कवच ही वास्तव में रक्षा कर सकता है। भय प्राणी की रक्षा कभी नही कर सकता।
पूर्वकाल मे, तीक्ष्ण भाले को धारण करनेवाले इन्द्र तथा अविनाशी त्रिदेवो के साथ हुए युद्ध मे कौन राक्षस डरकर भागा था ? कदाचित् तुम लोगो ने, तुमसे डरकर भागनेवाले देवो से अब यह (डरकर भागना) सीख लिया है, इसीलिए अब यो भ्रात हो रहे हो।
तुम इतने बड़े वीर हो। फिर भी एक मनुष्य से हारकर, अपने हाथ मे शस्त्र रखे, नगर मे जाकर छिपने के लिए भाग रहे हो। तुम अपनी मदमाते नयनोवाली पत्नियो के वक्ष से वक्ष मिलाकर आलिंगन का सुख भोगने जा रहे हो ?
हे वीरो। (क्रोध से) ताम्रवर्ण रहनेवाली तुम्हारी आँखें अब दूध के समान श्वेत पड़ गई हैं। अहो! क्या तुम लोग अपनी स्त्रियो को, घने वन मे भागते समय वृक्ष की शाखाओ के टकराने से अपनी पीठ पर लगे छतों को दिखाओगे, या अपने वक्ष पर लगे शरो के छत को दिखानेवाले हो।
'इस हमारे शत्रु, मनुष्य का युद्ध-पराक्रम उन देवो के लिए भी दुष्प्राप्य हैं'—(शत्रु की) ऐसी प्रशंसा का कारण बनकर, इस प्रकार पीठ दिखाकर तुम्हारा भागना—अजेय भुजबल से युक्त, तुम्हारे कुल के नायक (रावण) की बहन (शूर्पणखा) की नाक कटने की बात छोड़ भी दो, तो भी यह हमारे अपयश का कारण बन रहा है। अब इससे बढ़कर दयनीय दशा और क्या हो सकती है ?
अद्भुत शस्त्र-प्रयोग मे निपुण, धीरता-पूर्ण युद्ध-कार्य से जीविका-निर्वाह करने-वाले, शत्रुओ से छीनकर लिये गये करवालों को धारण करनेवाले, हे राक्षसो। अब क्या तुम लोग मोती आदि को बेचकर वणिक्-वृत्ति करनेवाले हो ? या तीक्ष्ण बरछे, करवाल आदि से पृथ्वी को जीतकर कृषक-वृत्ति करनेवाले हो ? बताओ तो सही।
यो कहकर उसने आगे कहा—तुम लोग कुछ समय तक खड़े रहकर मेरे दीर्घ धनुष का प्रभाव देखो। फिर, वह (दूषण) स्वय अपनी तरंगायमान समुद्र-सदृश सेना को लेकर (राम के) सम्मुख जाकर आक्रमण करने लगा। वह दृश्य देखकर देवता लोग भी मूर्च्छित हो गये। तब राम ने भी उससे यह कहकर कि—'अपने को भली भाँति बचाओ'—आगे पग बढ़ा दिया।
| ३५४ | कम्ब रामायण |
|---|
तब (राम के बाणों से सैनिकों के) हाथ खड्गों-सहित कटकर गिर गये। हाथियों के ऊँचे बढे हुए दंत कटकर गिर गये। पवन-गति से जानेवाले रथ, ध्वजाओं-सहित, कटकर गिर गये। घोड़ों के शिर ऐसे कटकर गिरे, जैसे लाल धान की बालियाँ कटकर गिर रही हों।
(राम के द्वारा) प्रयुक्त शरों में से कुछ (राक्षसों के) मर्म-स्थानों को खोजते हुए चले। कुछ उनके कवच और वस्त्रों को उड़ाकर चले और कुछ शर उनके ढालों और शरीर को भी ऐसे भेद कर चले कि उनके शरीर से रक्त की नदियाँ, पर्वत-निर्झरों के जैसे बह चलीं।
चुनकर प्रयोग किये गये कुछ कंकपत्र (बाण), शरीरों में प्रविष्ट होकर राक्षसों के मर्म-स्थानों में घुस गये। अर्धचन्द्राकार बाण, उनके मर्म-स्थानों में न घुसकर उनके शिरों को काटकर उड़ गये। कुछ अति तीक्ष्ण शर उनके कवचावृत वक्षों को भेदकर गये, और 'भल्ल' (नामक कुछ शर) मायावी राक्षसों के हृदय को भी छेदकर चले गये।
युद्ध की लीला रचनेवाले (श्रीराम) ने, दूषण के द्वारा प्रयुक्त सब बाणों को काटकर, उसके निकट स्थित राक्षसों के द्वारा प्रयुक्त अन्य शस्त्रों को भी ध्वस्त कर, अपरिमेय बल से युक्त उस राक्षस-सेना रूपी शब्दायमान समुद्र को कुछ क्षणों में ही सुखा दिया।
तब देवता लोग आनन्द-ध्वनि कर उठे। रक्त की बड़ी-बड़ी नदियाँ बड़े पर्वतों एवं वृक्षों को बहा ले चलीं। रामचन्द्र के द्वारा प्रयुक्त उग्र बाण दिग्दिगंतों में भी जाकर, उन दिशाओं को आवृत कर रहनेवाले क्रूर राक्षसों को आहत कर धरती पर लिटा दिया।
युद्ध करने की इच्छा से जो राक्षस रण-क्षेत्र में खड़े रहे, वे सब मर मिटे। यम, उन (राक्षसों) के शरीरों से निकलनेवाले प्राणों को ढोते-ढोते बहुत थक गया। अब उन भूतों के बारे में क्या कहा जाय, जो उन (राक्षसों) की चरबी को पेट-भर खाकर ऊँचे पर्वतों के जैसे लगते थे?
उस समय, दूषण अत्यन्त क्रुद्ध होकर, हाथियों, रथों, अश्वों, क्रोधी राक्षसों के मुकुट-भूषित शिरों, कवचों, उज्ज्वल शस्त्रों से सुसज्जित शरीरों, उनकी श्वेतरंग की चरबी—इन सबके ढेरों के ऊपर से होकर कोलाहल-पूर्ण रथ को शीघ्र चलाता हुआ आया।
धर्महीन (राक्षसों) के शरीरों के ढेर की कोई संख्या नहीं थी। अतः, वह दूषण, यद्यपि चरखी के जैसा वेगवान् था, तथापि उसका रथ उन शव-राशियों पर चढ़ता-उतरता हुआ बड़ी कठिनाई से आगे बढ़ा। उस कठिनाई के बारे में हम क्या कहें?
सुसज्जित केसरोंवाले पचीस अश्व जुते तथा लुढ़कते चक्रोंवाले एक विलक्षण रथ पर वह (दूषण) आरूढ था। भूमि के अंधकार को मिटानेवाले चन्द्र के सदृश स्थित रामचन्द्र के उज्ज्वल शर-रूपी यम के सम्मुख मानो स्वयं उसके प्राण आ पड़े हों, ऐसी शीघ्रता से वह आया।
उस रथ को तथा उसपर धनुष को हाथ में लिये हुए पर्वत के जैसे खड़े दूषण को, देखकर अकलंका रामचन्द्र ने अपनी कृपा के कारण किंचित् उसकी प्रशंसा करते हुए कहा—'तुम्हारा साहस भी धन्य है।' उस समय उस क्रूर राक्षस ने तीन बाण प्रयुक्त किये।
अरण्यकाण्ड ३५५
अतिदीर्घ तथा वर्तुलाकार आठ दिशायें तथा पृथक्-पृथक् उनका भार वहन करनेवाले अष्ट दिग्गजों को ढोने रहनेवाले दो में से एक (पादुका)$^१$ को, जिन (राम) ने (अयोध्या को) लौटा दिया था, उनके ललाट पर गज के मुख पर बँधे मुखपट्ट के समान पट्ट पर वे तीनो शर जा लगे, जिस दृश्य को देखकर सभी देवता भयभीत हो गये।
राम ने सोचा कि (दूषण के द्वारा) शर-प्रयोग की गति एवं उनका बल भी प्रशंसनीय है। फिर, मनोहर कान्तिमय मंदहास से युक्त होकर तीक्ष्ण बाण चुन-चुनकर त्वरित गति से प्रयुक्त किये और उस (दूषण) के शीघ्रगामी अश्वों से युक्त रथ को विध्वस्त कर दिया। उसके धनुष को छिन्न कर दिया और उज्ज्वल कवच को भी नष्ट कर दिया।
तब देवता हर्ष-ध्वनि कर उठे। सभी दिशाओं में ऋषियों की आशीर्वाद-ध्वनि समुद्र-गर्जन के समान शब्दायमान हो उठी। फिर, राम ने यह कहकर कि—'यदि तुम वीर हो तो इनसे अपने को बचा लो', एक बाण प्रयुक्त किया। उससे उस (दूषण) का खड्ग-दन्तयुक्त बड़ा शिर कटकर गिर गया।
मुख पर दंतों से शोभायमान दिग्गजों की समता करनेवाला, अति-तीक्ष्ण तथा विविध प्रकार के शस्त्रों को धारण करनेवाला खर, यह जानकर कि दशरथ-पुत्र के बाणों ने राक्षस-सेना का विनाश कर दिया, अत्यन्त क्रुद्ध हुआ।
वह खर, राक्षसों के साथ हाथियों, अश्वों और रथों को सब दिशाओं में फैलाता हुआ यों चल पड़ा कि उसे देखकर यम भी भयभीत हो गया। उसकी सेना ने चन्द्र को आवृत करनेवाले मेघों के समान आकर दृढ़ धनुष को हाथ में धारण किये हुए मत्तगज (सदृश राम) को घेर लिया।
अदम्य क्रूर कृत्यवाले राक्षस, मदजल बहानेवाले बड़े-बड़े हाथियों को, रथों को और अश्वों को अत्यधिक संख्या में धरती पर ले आये, जिससे धरती को वहन करनेवाले आदिशेष का फण भी फटने लगा। फिर, वे भयंकर युद्ध करने लगे। महिमान्य राम ने भी अति तीक्ष्ण बाणों को प्रयुक्त किया।
(रामचन्द्र के शरों से) मत्तगज तड़पकर गिरे। रथों में जुते अश्व तड़पकर गिरे। अंगद-भूषित भुजाएँ तड़पकर गिरीं। आँतें तड़पकर गिरीं। मांस से लगे चर्म के टुकड़े तड़पकर गिरे। पैर तड़पकर गिरे। और (उन राक्षसों की) वाम भुजाएँ भी तड़क उठीं (अर्थात्, फड़ककर विपदा की सूचना देने लगीं)।
करवालों के समूह, भालों के समूह, धनुषों के समूह, बलिष्ठ भुजाओं के समूह—इन सबसे संकुल होकर राक्षस-वीरों का समूह सम्मुख आया। जिसे (रामचन्द्र के) शर-समूह-रूपी विध्वंसक सेना ने छिन्न-भिन्न कर दिया।
धर्म-स्वरूपी (राम) से चुनकर प्रयुक्त किये जानेवाले बाण नक्षत्रों को भी भेदकर जा सकते थे। मेरु पर्वत को भी भेदकर निकल जा सकते थे। ऊँचाई पर स्थित ऊपर
१. धरती का भार वहन करनेवाली दो वस्तुएँ हैं—अष्टदिग्गज और महाकूर्म्म। रामचन्द्र की पादुका, जिसे उन्होंने भरत को दिया था, आदिशेष का ही अवतार मानी गई है। —अनु०
| ३५६ | कंब रामायण |
|---|
के लोको को भी पार कर जा सकते थे। धरती को भी भेदकर जा सकते थे। तो अब क्या यह भी कहने की आवश्यकता है कि वे ( वाण ) करवालो को उठाये, उपस्थित राक्षसो के शरीर को भी भेदकर जा सकते थे ?
उस समय, उनको घेरकर आनेवाले सब राक्षसो का एक साथ विनाश करने के लिए राम ने जो बाण चुन-चुनकर चलाये, उन्होंने उन राक्षसो को उसी प्रकार अति शीघ्र मिटा दिये, जिस प्रकार किसी बलवान् व्यक्ति के द्वारा किसी बलहीन को अत्याचार से मारकर चुराया गया धन ( उस अत्याचारी बलवान् को ) शीघ्र ही मिटा देता है।
सब राक्षस-वीरो के मिट जाने पर वीर-कंकणधारी, अतिक्रुद्ध क्रूर खर, उत्तरोत्तर बढ़ आनेवाली मज्जा और रक्त की धारा मे ऐसे ही अकेले खड़ा रहा, जैसे विशाल समुद्र के मध्य मंदराचल खड़ा हो।
मन मे क्रोधाग्नि से जलता हुआ वह ( खर ), अपनी लाल आँखो से चिनगारियाँ उगलता हुआ और अपने दृढ धनुष से बाणो को उगलता हुआ, बढ़ती हुई रक्त-धारा के मध्य से समुद्र-मध्य जानेवाली नौका के सदृश रथ पर आया। काक और गिद्ध भी उसको घेर-कर आये।
युगात मे सारे संसार को जलानेवाली अग्नि के समान वैर एव क्रूरता से युक्त, एकाकी रहनेवाले उस राक्षस के अपने निकट आने के पूर्व ही, नीलकंठ ( शिव ) के धनुष को तोड़नेवाले प्रभु, उत्तम बाणों को लिये हुए उसके सम्मुख बढ आये।
अग्नि के जैसे तीक्ष्ण रूपवाले, पवन के जैसे वेगवाले तथा अन्य सब लक्षणों से युक्त तीक्ष्णाग्र बाणो को उस राक्षस-पति ने छोड़ा। किंतु राम ने उन सबको वैसे ही सहस्रों उत्तम बाणो से छिन्न-भिन्न कर दिया।
सप्त लोको के प्रभु राम ने प्रलयाग्नि से भी अधिक तीक्ष्ण, नौ बाणो को प्रयुक्त किया। किंतु, चक्र के रूप मे झुके हुए धनुषवाले खर ने अग्नि उगलनेवाले बाणों को चलाकर राम के बाणों को रोक दिया।
फिर, खर ने माया-युद्ध करते हुए, शरों की वर्षा उत्पन्न की और रामचन्द्र के शरीर को उन बाणों से ढक दिया। इससे देवता भयभीत होकर भागे, तब महावीर राम अत्यन्त क्रुद्ध हुए और उनके उज्ज्वल दाँत और उन (दाँतो) को ढकनेवाले ओठ दोनों व्यस्त हो गये (अर्थात्, उनके दाँत ओठो को चबाते हुए उन ओठो को ढकने लगे।)
राम ने यह सोचकर कि अब एक तीक्ष्ण बाण से इस राक्षस को मिटा दूँगा, एक शर को धनुष पर चढ़ाकर उसे आकर्ण खींचा, तब उनके हाथ का धनुष, विशाल आकाश में उत्पन्न मेघ-गर्जन के सदृश घोष के साथ टूट गया।
( राम की ) जय-जयकार करनेवाले देवताओ ने देखा कि राम का धनुष टूट गया है और उनके पास अन्य कोई दृढ़ धनुष नही है और यह सोचकर कि हमारी शक्ति अब नष्ट हो गई है, भय से काँप उठे और व्याकुल हो उठे।
इसी क्षण राजाधिराज के पुत्र ( राम ) ने अपने अकेलेपन की एवं अपने धनुष
अरण्यकाण्ड ३५७
के टूट जाने की किंचित् भी चिन्ता किये बिना ही प्राचीन संकेत १ के अनुसार अपनी विशाल बाँह को पीछे की ओर पसारा।
वरुणदेव ने यह दृश्य देखा और उनके मन की बात जानकर परशुराम से पूर्व में प्राप्त विष्णु-धनुष को उस देवाधिदेव (राम) के हाथ में लाकर रख दिया।
वरुण के द्वारा लाये हुए उस धनुष को नीलमेघवर्ण प्रभु ने अपने हाथ में लिया और अपने बाये हाथ से उसे पकड़कर दायें हाथ से खींचकर झुकाया, तो धर्महीन राक्षसों के वाम नेत्र और वाम भुजाएँ फड़क उठीं।
यों एक पलक-भर में राम ने उस धनुष को लिया, और उसे ऐसा झुकाया कि यम भी भयभीत हो गया। उनके बाद डोरी चढ़ाई और सौ बाण प्रयुक्त किये; जिनसे खर का दृढ़ चक्रवाला रथ चूर-चूर हो गया।
खर दृढ़ चक्रवाला अपना रथ खो बैठा। तब वह बड़ा कोलाहल करता हुआ आकाश में उछल गया और सुन्दर तथा अनुपम धनुर्धारी राम की भुजा-रूपी मंदराचल पर बाणों की घोर वर्षा करने लगा।
राम ने उन बाणों को रोक लिया और अपने तूणीर से तीक्ष्ण बाणों को निकाल-निकालकर चढ़ानेवाले खर के दक्षिण हाथ को एक बाण से काटकर धरती पर गिरा दिया।
खर ने, अपने दाहिने हाथ के कट जाने पर, अपने बायें हाथ से एक भयंकर वज्र के समान मूसल को उठाकर उसे राम पर फेंका। तब लक्ष्मण के अग्रज ने उसे एक ही बाण से दूर फेंक दिया।
जैसे कोई सर्प अपने विष-दंत के टूट जाने के पश्चात् फुफकार रहा हो. ऐसे ही वह खर एक बड़े वृक्ष को हाथ में लेकर झपटा। तब राम ने एक अनुपम बाण का उसपर प्रयोग किया।
यद्यपि उस खर ने अनेक वर प्राप्त किये थे, बड़ा मायावी था और बड़ा बलवान् था. तथापि राक्षसराज (रावण) के मत लोक के प्राणियों का विनाश करने के पाप के कारण, उसके दक्षिण हाथ के जैसे ही उसका कंठ भी कट गया।
उस समय, देवता हर्ष-ध्वनि कर उठे, नाचने और गाने लगे और पवित्र पुष्प बरसाने लगे। पवित्रमूर्ति (राम) भी सब दिशाओं में फैले कुहरे को मिटाकर निखरनेवाले सूर्य के समान ही चमकने लगे।
अनेक मुनि आये और राम का अभिनन्दन करने लगे; फिर पवित्र हृदयवाले (राम) उन सीताजी के समीप जा पहुँचे, जो अपने प्राणों (रामचंद्र) के राक्षस-सेना के साथ युद्ध करने के लिए चले जाने पर प्राणहीन शरीर बनकर पर्णशाला में रहती थीं।
लक्ष्मण और सीता ने रामचन्द्र के चरणों को अपने अश्रुजल से इस प्रकार धोया कि उन चरणों पर लगा हुआ, युद्ध में मृत राक्षसों का रक्त और धूल धुल गये।
१. प्राचीन संकेत यह है—पहले धनुर्भङ्ग के समय परशुराम ने राम से पराजित होकर अपने पास का विष्णु-धनुष उन्हें दिया था। राम ने वह धनुष वरुण को सौंपा था और कहा था कि जब उन्हें उसकी आवश्यकता पड़ेगी, तब वह धनुष उन्हें मिल जाना चाहिए।—अनु०
३५८ | कंब रामायण्
एक मुहूर्त्त में मरे हुए राक्षसों का रक्त-प्रवाह सब दिशाओं में भर गया। इधर श्रीरामचन्द्र विश्राम करने लगे और देवता समुद्र में, पक्तियों में उठनेवाली लहरों के समान, घोष करते हुए उनकी स्तुति करने लगे।
इधर जो वृत्तांत कहना शेष रह गया है, अब उसे कहेंगे। रावण की बहन, अपनी छाती पीटती हुई, अंधकार समान खर का आलिंगन करके, दूर तक फैले हुए उसके उष्ण रक्त-प्रवाह में लोटने लगी।
मैंने अपने मन में (राम को पाने की) जो इच्छा की थी, हाय! उस इच्छा को अपनी नासिका के साथ ही मैंने नहीं खोया। मैंने अपने वचनों के कारण तुम लोगों (खर-दूषण) के जीवन को भी मिटा दिया। मैं अत्यन्त क्रूर हूँ—यों रोती कलपती हुई वहाँ से चली गई।
विजयमालाधारी (लंका में रहनेवाले) राक्षस-समूह का भी नाश करने के विचार से, संसार के प्राणियों को भयभीत करनेवाली आँधी के समान, वह शीघ्र लंका में जा पहुँची। (१-१६२)
अध्याय ७
मारीच-वध पटल
शूर्पणखा, कोलाहल से पूर्ण समुद्र की जैसी राक्षस-सेना के विनष्ट होने की बात को भूल-सी गई। रामचन्द्र के पर्वत-सदृश कंधों के प्रति आकर्षण उसके मन को व्यथित करने लगा। उससे अत्यंत व्याकुल हो वह यह सोचकर चल पड़ी कि, तरंगों से भरे समुद्र-रूपी परिखा से आवृत विशाल लंका में शीघ्र जा पहुँचूँगी और (रावण से) सीता के सौंदर्य के बारे में कहूँगी। अब उस लंका में स्थित रावण का वर्णन करेंगे।
वह (रावण) एक ऐसे अति मनोहर अनुपम रत्न-मंडप में आसीन था, जो (मंडप) इस नश्वर संसार में स्थावर-जंगम पदार्थों की सृष्टि करनेवाले' कमल-भव, चतुर्मुख (ब्रह्मा) के लिए भी विरचित करने को असंभव था और जो सूक्ष्म ज्ञान से उत्पन्न अनुपम दक्षता से युक्त तथा निष्कलंक धर्म के जैसे ही, संकल्प-मात्र से सब वस्तुओं का सर्जन करनेवाले (विश्वकर्मा नामक) देव-शिल्पी के द्वारा निर्मित होकर, उसके समस्त शिल्पशास्त्र-ज्ञान को प्रकट करता था।
भ्रमरों से गुंजित शिरवाले दिग्गजों के दाँतों को भी अपने कठोर आघात से तोड़ देनेवाले (उस रावण के) मनोहर कंधे, आकाश तक उन्नत होकर ऊँचे उदयाचल के समान शोभित हो रहे थे। उन कंधों पर (रावण के बीस) कुण्डल इस प्रकार प्रकाशमान थे, जैसे उज्ज्वल किरण-पुंज से युक्त द्वादश सूर्य-मंडल, मेरु पर्वत की परिक्रमा करते हुए, बीस मंडलवाले होकर चमक रहे हों।
आरण्यकाण्ड ३५६
देवताओ मे व्याघ्र-चर्म धारण करनेवाले (शिव), स्वर्णमय वस्त्र धारण करनेवाले (विष्णु) और कमल से उत्पन्न (ब्रह्मा) भी उस रावण को कुछ पीड़ा नही दे सकते थे, तो अब इस ससार मे दूसरो के सबध मे क्या कहा जाय। (अर्थात्, दूसरे कौन उससे युद्ध करने की शक्ति रखते हैं) ? सूक्ष्म कटि, पीन स्तनो, कोमल बॉम-समान कंधो, रेखाओ से युक्त नेत्रो तथा सबको आकृष्ट करने को शक्ति से युक्त सुदरियो के साथ दुस्सह प्रणय-कलह मे भी न झुकनेवाले उसके किरीटो की पंक्ति अत्यन्त उज्ज्वल थी।
(उसके आभरणो के) उज्ज्वल तथा बड़े-बडे रत्न प्रकाश-पुज बिखेर रहे थे। (उसके) वज्रमय पर्वताकार कधे, धरती का भार वहन करनेवाले विषमय सर्पराज के फनो के समान शोभित थे। (उसके वक्ष पर) के उज्ज्वल रत्नहार भयकर समुद्र से घिरी लका के मध्य स्थित उस कारागार का दृश्य उपस्थित करते थे, जिसमे (रावण) के द्वारा बंदी बनाकर लाये गये नवग्रह तथा उनके पार्श्वों मे नक्षत्र रखे गये हो।
अरुण कातिवाले, उत्तम रत्नो से खचित उसका वीर-वलय, उसके चरण में शब्दायमान हो रहा था और अवर्णनीय महावल से युक्त राक्षस-नायको के गौरवमय रत्न-किरीटो की रगड़ खा-खाकर नव काति बिखेर रहा था।
सुरो तथा असुरो ने सब दिशाओ से ला-लाकर जो सुरभित पुष्प (रावण के चरणो पर) वरसाये, वे पुष्प त्रिभुवन के राजाओ के द्वारा निरन्तर ला-लाकर समर्पित धन-राशियों के समान भरे पड़े थे।
बिजली के जैसे चमकते हुए किरीटोवाले विद्याधर-नरेश, यह न जानने से कि वह (रावण) किम समय, किस ओर अपनी दृष्टि डालेगा, सदा अपने शिर पर हाथो को जोड़े हुए सभा-मंडप में उसके समीप पंक्ति बाँधे खड़े रहते थे।
सिंह-सदृश वलशाली सिद्ध लोग, उस (रावण) के समीप शिर झुकाये, हाथ जोड़े और संकोच-से भरे मन के साथ विनम्र होकर खडे रहते थे। यदि वह रावण किसी दासी को भी कोई आज्ञा देता, तो भी (ये सिद्ध लोग) यह समझकर कि वह उनको ही आज्ञा दे रहा है, झट उसे करने के लिए दौड़ पड़ते थे।
यदि वह रावण उस सभा-मडप मे मन्त्रियो को देखकर कोई वचन कहता, तो भी किन्नर (यह सोचकर कि वह उन किन्नरो को कुछ दड देने की ही बात कर रहा है), व्याकुल तथा भयभीत होकर शिर झुकाकर खडे रहते थे।
नागलोग, रावण को देखकर, विशाल (दक्षिण) दिशा के प्रभु तथा भयकर दड-धारी यम को देखनेवाले नरक-वासियो के समान ही, गद्गदकंठ एवं भय-व्याकुल मन होकर घेरे खडे रहते थे।
तुबुरु नामक ऋषि अपनी संगीतमय वीणा के साथ रावण की उन भुजाओ का यशोगान कर रहे थे, जिन भुजाओ ने दिग्गजो के वल को कुंठित कर दिया था, कैलाश गिरि को उखाड़कर महादेव के लिए अपवाद उत्पन्न किया था और इन्द्र के साथ युद्ध करके सभी स्वर्ग-वासियो को भयभीत किया था।
नारद मुनि, स्वर्ग में प्रचलित संगीत-पद्धति मे किंचित् भी स्खलित हुए बिना,
| ३६० | ऋव रामायण |
|---|
अपने करो से वीणा का नाद करते हुए, सरस्वती के समान ही, दोषहीन राग से मधुर वेद का गान करते थे और उसके कानो को तृप्त करते थे ।
मकर-मीन से पूर्ण समुद्र का अधिपति वरुण, देव-तरुओं तथा विद्याधर-लोक के वृक्षों के पुष्पों से झरे हुए मधु को, स्वच्छ जल के साथ मिलाकर, मेव नामक पिचकारी में भरकर, डरते-डरते उस रावण पर बूँदों से बरसा रहे थे कि कही (पिचकारी का जल) मयूर और हरिणी-सदृश रमणियो के वस्त्रों पर न पड़ जाये ।
वासुदेव, सुगन्धित पुष्पो से झरनेवाले पराग और मधु को, एव (उस सभा मे स्थित) राजाओ के ऊँचे-ऊँचे किरीटो के (एक दूसरे से) रगड़ने से झरनेवाले रत्नों और मुक्ताओं के टुकड़ो को, धरती पर उनके गिरने के पूर्व ही, इधर से उधर और उधर से इधर दौड़-दौड़कर इस प्रकार बटोर लेता था, मानो वह उस स्थान पर झाडू-सा लगा रहा हो ।
बृहस्पति और शुक्राचार्य—दोनों अपने हाथो में बिजली के जैसे चमकनेवाले दण्ड लिये हुए; सारे शरीर को ढकनेवाले दीर्घ कञ्चुक धारण किये हुए, अथक रूप से घूम-घूमकर (रावण के सभा-मडप में) इन्द्र आदि देवताओ को यथोचित आसन दिखाने का कार्य कर रहे थे (अर्थात्, रावण की सेवकाई कर रहे थे) ।
काल त्रिशूल आदि अपने शस्त्रो का त्याग कर, अपने शरीर के वस्त्र से अपना मुँह ढककर, जब-जब चर्म से आवृत्त भेरी-वाद्य बजने का समय होता था, तब-तब आकर, ठीक समय की सूचना देता था। (भाव यह हैं कि कालदेव रावण के सभा-मंडप में समय की सूचना देने का कार्य करता था)।
उज्ज्वल अग्निदेव, दीपो में सुगन्धित घृत को भर-भरकर, उत्तम कर्पूर-वत्ती को तथा कपास की वत्ती को जलाकर, जलाशयो मे स्थित रक्त-कमल के समान दीपो को प्रकाशित कर रहा था।
नवीन पुष्पों से पुष्पित कल्पवृक्ष, अमन्द कान्ति से पूर्ण (चिन्तामणि आदि देव-लोक के) रत्न, दुधार (कामधेनु आदि) गायें तथा (शंख, पद्म आदि) निधियाँ, (रावण के) मन के कोमल भावों को पहचानकर क्रम-क्रम से अनेक वस्तुओ को लाकर उसके सामने रख देता था और उसे आश्चर्य मे डाल देता था ।
(रावण के पहने हुए) कुण्डल आदि आभरण, अपनी घनी कान्ति को इस प्रकार फैला रहे थे कि ऐसा लगता था, मानों सप्त लोकों में रात्रि नामक पदार्थ ही कहीं नहीं रह गई है, न अष्ट दिशाओ में कहीं अँधेरा रह गया है ।
गगा आदि नदी देवियाँ, अपने स्तन-भार से लचकनेवाली लता-समान कटि के साथ, उस सभा-मडप में आती और (रावण पर) अपने अरुण करो से अक्षत एव पुष्प बिखेरती तथा बारी-बारी से प्रशस्तियाँ गाती ।
(नारायण मुनि के) ऊरु से उत्पन्न उर्वशी १ नामक अप्सरा को आगे किये हुए
१ पुराणो में एक कथा प्रसिद्ध है—बदरिकाश्रम में विष्णु के अशभूत नर और नारायण क्रमशः शिष्य और गुरु के रूप में तपस्या करते थे। उनकी तपस्या को भग करने के लिए इन्द्र के द्वारा प्रेषित अप्सराओ को आग हुआ देखकर नारायण ने अपने उरु से उन अप्सराओ से भी अधिक सुन्दर स्त्री को उत्पन्न किया, जिसे देखकर वे सब अप्सराएं लज्जित होकर चली गई --उसका नाम उर्वशी पड़ा।
३६१ अथशूर्पणखाङ्कः
अनेक स्त्रियाँ, कलापी के समान चर्ममय वाद्यो (अर्थात् , मर्दल आदि) के ताल के अनुसार अत्युत्तम नृत्य करती थी, जिसे वह (रावण) देखता रहता था ।
वह रावण, जिसने अपूर्व तपस्या के प्रभाव से त्रिभुवन को भी अपने अपार बल के अधीन कर रखा था, अब (उस सभा-मडप में) भ्रू-रूपी धनुष को धारण करनेवाली काले तथा विशाल नयनोवाली रमणियो की दृष्टियो के प्रवाह में (तैर रहा) था ।
उस समय, रावण की वहन (शूर्पणखा), अपने लाल हाथो को शिर पर रखे हुए, स्तनों से लाल रक्त बहाते हुए, नाक और कानो से रहित होकर, अपना मुँह खोलकर मेघ के जैसे गरजती हुई, दौड़ी आई ।
वह (शूर्पणखा) अपने अत्यन्त दुर्गन्ध-पूर्ण मुँह से रोती गरजती हुई, युगात-कालिक समुद्र-घोष के समान शब्द करती हुई, व्याकुल-चित्त होकर, पश्चिम दिशा में दीख पड़नेवाली संध्याकालीन लालिमा के जैसे केशो के साथ, (लंका के प्रासाद के) उत्तरी द्वार से होकर प्रकट हुई ।
उसके इस प्रकार प्रकट होते ही, उस पुरातन (लंका) नगर की राक्षस-स्त्रियाँ उस (शूर्पणखा) के सम्मुख जाकर अपनी छाती पीट-पीटकर रोने लगी । हाय ! त्रिभुवन के शासक की वहन नककटी होकर, निस्सहाय इस प्रकार आवे, तो वे स्त्रियाँ कैसे उस दृश्य को सह सकती थी ?
राक्षस, (शूर्पणखा को) हठात् उस दशा मे आती हुई देखकर स्तब्ध रह गये । उनके मुख से कुछ वचन नही निकला, फिर वज्र-घोष के जैसा गर्जन करके, एक हाथ से दूसरे हाथ को पीटते हुए, आँखो से चिनगारियाँ निकालते हुए और ओठ चवाते हुए खड़े रहे ।
कुछ राक्षस यह कहकर क्षुब्ध हो रहे कि क्या यह कार्य इन्द्र का है ? नही तो सृष्टिकर्त्ता ब्रह्मा ने किया है ? या चक्रधारी विष्णु का यह कार्य है ? अथवा चंद्रशेखर का ही यह कार्य है ?
कुछ राक्षसों ने कहा—(इस ब्रह्मांड मे) कहने योग्य शत्रु कोई (रावण का) नही है । अतः, त्रिभुवन को अपने अन्तर मे रखे हुए इस ब्रह्मांड मे रहनेवाले) किसी भी व्यक्ति के द्वारा यह कार्य नहीं हुआ है, इसे करनेवाले इस ब्रह्मांड से परे रहनेवाला कोई होगा ।
कुछ राक्षसो ने कहा—‘अरे, यह रावण की वहन है !’—यह वचन सुनते ही सब लोग इसे ‘हे माता !’ कहकर इसके चरणो को नमस्कार करते हैं । कोई इसके अपमान की बात सोच भी नहीं सकता । अतः, इस (शूर्पणखा) ने स्वयं ही अपने कान-नाक काट लिये होंगे ।
कुछ राक्षस कहते थे—देवेन्द्र युद्ध मे पराजित होकर अब (रावण की) सेवकाई कर रहा है, तीक्ष्ण धारवाले चक्र को धारण करनेवाला विष्णु, शक्तिहीन होकर समुद्र मे जाकर रहने लगा है । अग्नि को हाथ में धारण करनेवाला शिव (रावण से डरकर) पर्वत पर जाकर रहने लगा है. फिर ऐसा कार्य करनेवाला व्यक्ति कौन है ?
यशस्वी कुल में उत्पन्न कोई भी व्यक्ति ऐसा कार्य करने का साहस नही कर
३६२ | कम्ब रामायण
सकता, स्वयं खर ने ही, यह सोचकर कि यह (शूर्पणखा) स्वच्छन्दकुल की स्त्रियों के लिए उचित कार्य न करके चरित्र-भ्रष्ट हो गई है, इसे सौन्दर्य से हीन कर दिया है।
कुछ राक्षस कहते थे—शिथिल एवं व्याकुल दिखलाते देवताओं में से किसी बलवान् व्यक्तियों ने, उपलम्भन के साथ, जीवित रहने के लिए अनुपयोगी विकार से (अर्थात्, विनाशाकारी विकार से), त्रिलोक का विनाश करने के लिए ही, इस प्रकार का कार्य किया है।
कुछ राक्षस कहते थे—दूसरा कल्प आने पर है; किन्तु इस कल्प में ऐसा कौन धीर-वसुन्धराधीश तथा गुणशाली वीर है, जो इस प्रकार ऐसा कार्य करने की क्षमता रखता है ? भयंकर अरण्य में, गोष्पदीन तपो-कर्म में निरत ऋषियों के क्रोध का ही यह परिणाम है।
अपार संपत्ति से पूर्ण उस लंकानगर में, काते नयनोंवाली राक्षस-स्त्रियाँ (शूर्पणखा की वह दशा) देखकर, वलय-मणियों से भूषित अपने हाथों को मलती हुईं, लज्जा उठाते हुए के समान अस्तव्यस्त दशा में पड़ी हुई, गद्गद वचन कहती हुई, एक के आगे एक होती हुई, दौड़ी चली आईं ।
उस नगर में, मर्दल, वीणा, मधुर नादवाले वंशल-वाद्य, मनमोहन वंशी, शंख, (चारे) (नामक वाद्य)—इनकी ध्वनि अब नहीं रही; किन्तु जैसी रुदन-ध्वनि इसके पहले कभी उत्पन्न नहीं हुई थी, वैसी रुदन-ध्वनि होने लगी।
समुद्र को भी लज्जित करनेवाले विशाल नयनों से शोभित राक्षस-स्त्रियाँ, महा-स्तनों को; मधु-अधरों को एवं अपने मनों को, एक ओर ढकेलकर दौड़ी चली आईं; तब उनकी कटि लचकने-सी लगी; जिससे वे एक दूसरे को सँभालती हुई आईं।
कुछ राक्षस-स्त्रियाँ, जो मानगल के धनी अपने पतियों को (प्रणय-कलह में हुए उनके अपराधों के लिए) दंड देने में निरत थीं और अपने उद्विग्न मन में क्रोध उमड़ने के कारण लालिमा से भरे अपने नेत्रों से अश्रु बहा रही थीं, रावण की उस बहन के चरणों पर जा गिरीं!
कुछ राक्षस-स्त्रियाँ, जो स्वर्णिम फलों से युक्त मरकत वर्णवाले मञ्जुल-वृक्षों में बाँधी गई सुगन्धमय ज़ंजीरों से लटकनेवाले झूलों में झूल रही थीं, वे सूचना छोड़कर, व्यथित चित्त के साथ, अपनी सूक्ष्म कटियों को दुखाती हुई, वीथियों में जा पहुँचीं।
और कुछ राक्षस-स्त्रियाँ, जो (अपने पतियों के) स्तंभ और चन्दनतुल्य कंधों के आलिंगन में बँधी थीं, अपनी वलय-विभूषित बाँहों को शिथिल करके, अपने कमलतुल्य वदन पर के दो नीलोत्पलों से मुक्ता की धारा बहाती हुई, सिसक-सिसककर रोने लगीं।
कुटिल-दृष्टिवाली कुछ राक्षस-स्त्रियाँ, यह कहती हुई कि शत्रु विध्वंसक और (शत्रुओं के) रक्त में डूबे हुए शूल को धारण करनेवाला राजा (रावण) यदि इस बात को जान ले, तो उसकी क्या दशा होगी ? अपनी अंजन-रूपी आँखों से नीर की वर्षा करती हुई, रोती-कलपती धरती पर लोटने लगीं।
निद्रा करनेवाली कुछ राक्षस-तरुणियाँ, मधुर स्वप्न के आनन्द को भूल गईं। मेघ की समता करनेवाले केशों को अस्तव्यस्त किये हुए, शिथिल वस्त्रों तथा कंपित स्तनों के साथ घर से निकल पड़ीं और दुःख में रोने लगीं।
अरण्यकाण्ड ३६३
खुले केश-पाशवाली कुछ राक्षस-स्त्रियाँ, यह कहकर कि शिव के कैलास को अपने विशाल करों में उठानेवाले हमारे पराक्रमी प्रभु की बहन की यह दशा हो गई है। हाय। शोक से उद्विग्न हुईं, स्तनों पर अपने करों से आघात करने लगी और उस स्त्री (शूर्पणखा) के पैरों पर आ गिरीं।
कुछ राक्षस-स्त्रियाँ, यह कहकर कि 'अपने हाथ में शूल को रखनेवाले हमारे प्रभु के रहने के कारण लंका के पशुओं ने भी कभी ऐसा दुःख नहीं भोगा, अब क्या हमारे सब सुकृत मिट गये हैं?' दुःखी हुईं और अपने अति सुन्दर नयनों से अश्रु की धारा बहाने लगीं।
जब लंका-नगर इस प्रकार दारुण दुःख में निमग्न हो रहा था, तब शूर्पणखा, पर्वत-सानु पर आकर झुकनेवाले मेघ के समान सभा-मंडप में प्रविष्ट होकर राक्षसराज (रावण) के स्वर्णमय विशाल वीर-कंकण से भूषित पैरों पर आ गिरी। अकस्मात् उसको उस रूप में देखकर उस मंडप में बैठे हुए और खड़े हुए सब लोग भय से भाग निकलने का मार्ग देखने लगे।
तीनों लोकों में अंधकार छा गया। (धरती का भार वहन करनेवाला) शेषनाग भयभीत होकर अपने फनों को झुकाने लगा, कुलपर्वत हिल उठे, सूर्य कांतिहीन हो गया, दिग्गज अपना स्थान छोड़कर भागने लगे, देवता भय से यत्र-तत्र छिपने लगे।
उज्ज्वल-वलयभूषित (रावण की) भुजाएँ फूल उठीं, उसकी आँखों से चिनगारियाँ निकलने लगीं, दाँतों से अग्नि-ज्वालाएँ फूट निकलीं, कुंचित भौंहें ललाट के मध्य जा पहुँचीं। (रावण का क्रोध देखकर) सब भुवन डाँवाडोल हो उठे, देवता किंकर्तव्य-विमूढ़ होकर खड़े रहे।
दक्षिण दिशा के शासक यम के साथ सब देवता, यह सोचकर कि अब हमारे विनाश का समय आ गया है चुपचाप पड़े रहे। स्वर्गलोक के निवासी तथा इहलोक के निवासी भी भ्रांत होकर थर-थर काँपते हुए, उसाँसे भरते हुए घबराई हुई दशा में अवाक् हो खड़े रहे।
रावण के (कोप के कारण) दाँतों से दबे हुए ओंठवाले बिल-समान मुँहों से धुआँ निकलने लगा। उसने श्वास छोड़ा, तो पंक्तिशः रहनेवाली उसकी मूँछों में आग लग गई, उसके तीक्ष्ण तथा उज्ज्वल दंत बिजली के जैसे चमक उठे, यो मेघ के गर्जन के समान गरजकर उसने पूछा—'यह किसका कार्य है?'
शूर्पणखा ने उत्तर दिया—अरण्य में मीनकेतन (मन्मथ) के समान रूपवाले, स्वर्ग-वासियों एवं पृथ्वी के निवासियों में अपना उपमान कहीं भी न पानेवाले दो मनुष्य राजकुमार आये हैं। उन्होंने ही करवाल से (मेरे अंगों को) काट दिया है।
शूर्पणखा के यह कहते ही कि मनुष्यों ने यह कार्य किया है, रावण ने ऐसा ठहाका भरा कि सारी दिशाएँ गूँज उठीं। उसकी बीसों आँखों से चिनगारियाँ निकल पड़ीं। फिर शूर्पणखा से बोला—मनुष्यों का पराक्रम तो अतिक्षुद्र होता है, क्या तुम्हारा कथन सत्य है? असत्य कहना छोड़ दो; भय को दूर करो और यथार्थ घटना बताओ।
३६४ | कम्ब रामायण
तब शूर्पणखा कहने लगी—वे अपने रूप-सौंदर्य में मन्मथ की समता करनेवाले हैं, अपनी पुष्ट भुजाओं के बल से मेरु पर्वत की दृढ़ता को भी मिटाने में समर्थ हैं, एक क्षण-भर में सप्त लोकों के निवासियों के पराक्रम को मिटा सकते हैं। उनके गुणों का वर्णन मैं अब कैसे कर सकती हूँ ?
वे लोग मुनियों के प्रति आदर-भाव दिखाते हैं। गगन के चंद्र के सदृश मुखवाले हैं। तरंग-भरे जल में नाल पर शोभायमान सुरभित कमल के दल-सदृश नेत्रवाले हैं, वैसे ही (अर्थात्, कमल-तुल्य ही) कर-चरणवाले हैं, अपार तपस्या से संपन्न हैं। उनकी समता करनेवाले कौन हैं ? (अर्थात्, नहीं हैं।)
वे वल्कलधारी हैं। विशाल वीर-वलयधारी हैं। वक्ष पर सुन्दर सूत्र (यज्ञोपवीत) से शोभायमान हैं। धनुर्विद्या में निपुण हैं। वेद के आवास वाणी से युक्त हैं। कोमल पल्लव-सदृश (मृदुल) शरीरवाले हैं। तुमसे भयभीत नहीं होनेवाले हैं। तुम्हें धूलि के समान भी नहीं समझनेवाले हैं। शब्द-रूप शास्त्रों के समान ही अक्षय रहनेवाले तूणीर धारण करनेवाले हैं।
उत्तम चरित्रवाले मुनियों ने उन दोनों के निकट आकर निवेदन किया कि अपने मन को संयम से रखनेवाले हमलोग राक्षसों से आशंकित हैं। इसपर उन मनुष्यों ने शपथ की कि सब लोकों को जीतनेवाले रावण के कुल का हम समूल विनाश करेंगे।
हे प्रभु ! क्या एक ही लोक में दो मन्मथ निवास करते हैं ? क्या धनुर्विद्या में उनसे अधिक निपुण कोई हैं ? क्या उनकी समता करनेवाला कोई एक भी व्यक्ति है ? उन दोनों में से प्रत्येक, अकेले ही, त्रिमूर्त्तियों की समता करता है।
सारे भूमंडल में अपना शासन-चक्र प्रवर्तित करनेवाले दशरथ नामक प्रशस्त राजा के वे दोनों पुत्र हैं। किंचित् भी दोष से रहित हैं। अपने पिता की आज्ञा से दुर्गम अरण्य में आकर निवास कर रहे हैं। उनके नाम राम और लक्ष्मण हैं।—यों शूर्पणखा ने कहा।
अमृत-सदृश प्यारी बहन (शूर्पणखा) की नासिका को तीक्ष्ण करवाल से काटनेवाले, मनुष्य हैं। काटने के पश्चात् भी वे जीवित हैं। ऐसा होने पर भी नवीन खड्ग को धारण किये हुए रावण, किंचित् भी लज्जित हुए बिना, नयन खोलकर देखता हुआ अभी तक प्राण रखे हुए है।—इस प्रकार रावण कहने लगा।
सर्वत्र विजय पाकर, अपने पराक्रम से राज्य को प्राप्त करने पर भी अन्त में मुझे यही (अपयश) मिला है। मेरा सारा यश मिट गया। संसार के समस्त वीरों के शिर कट जाने पर भी, मेरा खोया हुआ मान किस प्रकार लौटकर आ सकता है ?
मुझे इस प्रकार अपमानित करनेवाले मनुष्य भी अभी तक जीवित हैं। उनके प्राण अभी स्थिर हैं और मेरा यह खड्ग भी अभी मेरे हाथ में वर्त्तमान है। समुद्र में उत्पन्न विष को पीनेवाले (शिव) के द्वारा प्रदत्त मेरी आयु भी बनी हुई है। मेरी भुजाएँ भी हैं तथा मैं भी (वैसा ही) हूँ।
हे मेरे मन ! क्या यह सोचकर कि ऐसा अपवाद शूल बनकर तुझ में चुभ गया है, तू लज्जित हो छटपटा रहा है, तू व्याकुल न हो। इस अपवाद को धोने के लिए मेरे दस
अरण्यकाण्ड ३६५
शिर ह । उन (शिरो) से भी अधिक सख्या मे मेरी भुजाएँ है । फिर, तुझे क्या क्लेश हो सकता है ?
यो कहकर वह (रावण) हँसने लगा और अपनी आँखो से चिनगारियाँ निकालने लगा । फिर पूछा—ऊँचे पर्वतों से भरे दडकारण्य मे रहनेवाले खर आदि राक्षसो ने क्या इन निस्सहाय मनुष्यो को अपने शस्त्रो से मिटा नही दिया ?
रावण के ये बच्चन कहते ही, शूर्पणखा निर्झर के समान अश्रु बहाती हुई, अपनी छाती पीटती हुई, धरती पर लोट-लोटकर रोने लगी और बोली—हे तात ! हमारे वे बन्धु भी शीघ्र उन (मनुष्यो) के द्वारा ध्वस्त हो गये । फिर, सिर पर हाथ धरकर सारा वृत्तात कहने लगी ।
खर आदि वृषभ-सदृश वीर, मेरे मुँह से घटित वृत्तात को सुनकर अपनी सारी सेना को लेकर बड़े कोलाहल के साथ वहाँ गये और सूर्य-किरणो का स्पर्श पाकर विकसित कमल की समता करनेवाले अरुण नयनों से शोभित राम नामक वीर के धनुष से तीन घड़ी के अन्दर ही वे स्वर्ग मे जा पहुँचे—यों शूर्पणखा ने कहा ।
'उसके भाई (खर और दूषण), एकाकी राम के साथ के युद्ध में, अपनी विजय माला-भूषित सेना के साथ मारे गये'—यह वचन उसके कानो मे पहुँचने के पूर्व ही रावण की विशाल आँखे, वज्र और जलधारा को गिरानेवाले मेघ के समान अश्रुओं के साथ अग्निकण उगलने लगी ।
उस समय रावण के मन मे जो क्रोध उत्पन्न हुआ, उससे दबकर उसका दुःख, अग्नि मे पडे घृत के जैसा काम करने लगा । उसने प्रश्न किया—वे मनुष्य तुम्हारी नाक और कान काटे—ऐसा तुमने कौन-सा अपराध किया ?
शूर्पणखा ने उत्तर दिया—किसी के द्वारा चित्रित करने के लिए असम्भव रूपवाले उन ( राम ) के साथ (एक स्त्री आई हुई है, वह) कमल के आवास को छोड़कर आई हुई लक्ष्मी के समान है, बिजली के तुल्य कटि से शोभित है, बाँस के जैसे कोमल कंधोवाली है एव स्वर्ण के रग की देहवाली है । उस नारी के निकट मैं गई थी, बस इतना ही मेरा अपराध था ।
यह सुनकर रावण ने पूछा—वह नारी कौन है ? तब उस राक्षसी ने कहा—हे प्रभु ! उस नारी का जघन-तट चक्रवाला रथ है, उसके स्तन रक्त-स्वर्ण के कलश हैं, जिनपर इगुर्दिक धातु के सपुट लगे हैं, यह भूमि का बड़ा सौभाग्य है कि उस नारी के पद-तल का स्पर्श उसे मिला है । अहो ! उसका नाम सीता है ।—यो कहकर शूर्पणखा सीता के रूप का वर्णन करने लगी ।
उसकी वाणी भ्रमरों की गुजार तथा मधु के समान रस-भरी है, उसके केशपाश मधुपूर्ण पुष्पो से सुवासित है । अप्सराओ के लिए भी पूजनीय, कमल में निवास करनेवाली सुन्दरी लक्ष्मी उसकी दासी बनने के लिए भी योग्य नहीं है । यह कहना भी कि हम उसके सौंदर्य का वर्णन करेंगे, अज्ञान का कार्य होगा ।
हे प्रभु ! अपनी वाणी को अमृत से भर-भरकर लानेवाली (अर्थात् . अमृत-समान
| ३६६ | कंब रामायण |
|---|
मीठी बोलीवाली) उस नारी के अलक, मेघ-समान हैं। सुसज्जित केश-पाश, झुके हुए सजल घन की समता करते हैं। उसकी उँगलियाँ, रक्त-प्रवाल के तुल्य हैं। उसका वदन, यद्यपि निर्दोष कमल-पुष्प के परिमाण का है, तथापि उसके नयन समुद्र से भी अधिक विशाल हैं।
'मन्मथ शिव के नेत्र की अग्नि से जल गया'—यह कथन सत्य नहीं है। सत्य बात तो यह है कि उस मन्मथ ने, स्वाभाविक सुगंधि से भरे केश-पाशवाली उस सीता को देखा, किन्तु उसके सौंदर्य को अपनाने में असमर्थ रहा, जिससे अवर्णनीय पीडा से दुःखी होकर उसका शरीर क्षीण हो गया, इसीलिए वह अनंग बन गया !
हमारे शत्रु-देवों के लोक में जाकर ढूँढ़ो, फनवाले नागों के लोक में जाकर ढूँढ़ो, कहीं भी वैसी रूपवती नहीं मिलेगी। लुहार की गरम भट्ठी में तपाकर बनाये गये बरछे और करवाल को भी परास्त करनेवाले नयनों से शोभित वह नारी इसी धरती पर है, किन्तु किसी के लिए भी उसका चित्र अंकित करना असंभव है।
क्या मैं उसके कटी की सुन्दरता का वर्णन करूँ ? या उसके उज्ज्वल मुख पर स्पंदित होनेवाले मीनों (अर्थात्, नयनों) का वर्णन करूँ ? या अन्य अति मनोहर अंगो का वर्णन करूँ ? मैं पुनः-पुनः चकित रह जाती हूँ, किन्तु उसका वर्णन नहीं कर पाती हूँ। तुम तो कल स्वयं ही उसे देखनेवाले हो तो फिर मैं क्यो तुमसे उसका वर्णन करके बताऊँ।
यदि यह कहे कि उसकी भौंहें धनुष के समान हैं, उसके नेत्र बरछे के समान हैं, उसके दाँत मोतियों के समान हैं, उसका अधर प्रवाल के समान है, तो यह केवल कथन-मात्र होगा। वास्तव में ये सब उपमान उसके अवयवों के योग्य नहीं हैं। अतः, कहने योग्य उपमान कुछ भी नहीं है। इस प्रकार का उपमान देने की अपेक्षा तो यही कहना अधिक संगत होगा कि धान धान के समान ही है (अर्थात्, धान की उपमा धान से ही दी जा सकती है।)
हे प्रभु, इन्द्र ने शची देवी को पाया है। षण्मुख (कार्तिकेय) के पिता (शिव) ने उमा को पाया है। कमलनयन (विष्णु) ने सुन्दर लक्ष्मी को पाया है। यदि तुम सीता को पा लोगे, तो फिर वे (इन्द्र, शिव और विष्णु) तुम से छोटे रह जायेंगे। इससे तुम्हारा महत्त्व उनसे अधिक बढ़ जायगा।
गगनोन्नत कंधोंवाले हे वीर ! एक (अर्थात्, शिव) ने (अपनी देवी को) अर्धाङ्ग में रख लिया- एक (विष्णु) ने कमलभव लक्ष्मी को अपने वक्ष पर रख लिया। ब्रह्मा ने वाणी देवी को अपनी जिह्वा पर रख लिया, यदि तुम घन की विद्युत् को परास्त करनेवाली सूक्ष्म कटि से शोभित उस सीता को पाओगे तो उसे कहाँ रखोगे ? (भाव यह है—सीता तुम्हारे लिए शिर पर धारण करने योग्य है।)
हे प्रभु ! हे नरदार ! शिशु की सी मधुर बोलीवाली उस सीता को पाने पर तुम कुछ भी कमी का अनुभव नहीं करोगे। तुम अपनी इस संपत्ति को, जिसे दूसरों पर लुटा रहे हो, उसी को दे दोगे। मैं तुम्हारा हित करनेवाली हूँ, किन्तु तुम्हारे अन्तःपुर में रहनेवाली शुक की-सी बोलीवाली सब युवतियों का आहत अवश्य कर रही हूँ।
| अररायकाण्ड | ३६७ |
|---|
रथ-तुल्य जघन-तट से शोभित वह सीता, देवलोक में या इस लोक में किसी कंचुक-बद्ध स्तनवाली स्त्री के गर्भ से उत्पन्न नहीं है। पूर्वकाल में, शंख के समान श्वेत जलवाले समुद्र ने, देवासुरों के द्वारा मथे जाने पर प्रफुल्ल कमल में आसीन लक्ष्मी को उत्पन्न किया था। अब भूमि, उस लक्ष्मी को भी परास्त करनेवाली सीता को देकर धन्य हुई है।
मीनकेतन के आनन्द को बढ़ाते हुए, संसार की प्रशंसा का पात्र बनते हुए, भ्रमरों से आवासित पुष्पों से विभूषित कुन्तलोंवाली तथा सूक्ष्म कटिवाली सीता को तुम अपना स्वत्व बना लो और अपने पराक्रम का प्रदर्शन करके राम को मेरे वश में दे दो।
हे मेरे प्रभु ! यद्यपि भाग्य हमें (जीवन के) फल प्रदान करता है, तो भी महान् तपस्वियों को भी वे फल, समय पर ही प्राप्त होते हैं। उसके पूर्व नहीं मिलते हैं। दस मुख, बीस नयन, बीस हाथ, सुन्दर रूप और मनोहर वक्ष से शोभायमान तुम अब आगे चल-कर ही बड़ा गौरव प्राप्त करनेवाले हो।
इस प्रकार की सीता को तुम्हारे पास पहुँचाने के विचार से मैं उसके निकट गई, तब उस राम के भाई ने बीच में पड़कर चमकते हुए कटार से मेरी नाक काट दी। मेरा जीवन तो तभी समाप्त हो गया। फिर भी, इस विचार से कि तुम्हारे सम्मुख आकर सारा वृत्तांत बताने के पश्चात् ही अपने प्राण त्याग करूँगी, यहाँ आई हूँ, यों शूर्पणखा ने कहा।
(शूर्पणखा के वचन सुनते ही रावण के मन में) क्रोध, वीरता, अभिमान के कारण उत्पन्न ताप—ये सब इसी प्रकार मिट गये, जिस प्रकार पाप के रहने के स्थान से धर्म मिट जाता है और जिस प्रकार एक दीप, दूसरे दीप के स्पर्श से प्रज्वलित होता है। उसी प्रकार रावण के मन में काम-व्याधि और उससे उत्पन्न होनेवाले ताप ने घर कर लिया।
रावण खर को भूल गया, अपनी बहन की नाक को काटनेवाले वीर के पराक्रम को भूल गया, उससे उत्पन्न अपने अपयश को भूल गया, शिव को जीतनेवाले मन्मथ के बाणों के प्रभाव के कारण वह पूर्वकाल में प्राप्त अपने वरों को भी भूल गया, किन्तु सीता, जिसके रूप के विषय में उसने अभी सुना था, उसको नहीं भूल सका।
सूक्ष्म कटिवाली सीता का नाम और रावण का मन दोनों एक होकर रह गये। अब सीता के अतिरिक्त अन्य किसी विषय के बारे में सोचने के लिए भी उसके पास दूसरा मन कहाँ था ? सीता को भूलने का कोई उपाय ही उसके पास नहीं था। पढ़े-लिखे व्यक्ति भी जबतक आत्म-ज्ञान नहीं प्राप्त करते, तबतक वे काम को कैसे जीत सकते हैं ?
उन्नत प्राचीरवाली लंका का अधिपति, कलापी-तुल्य रूपवाली सीता का हरण करके बंदी बनाने के पूर्व ही उसको अपने मन-रूपी कारागार में बंदी बना लिया। धूप के स्पर्श से मक्खन जैसे पिघलता है, उसी प्रकार शूलधारी रावण का हृदय धीरे-धीरे पिघलने लगा।
विधि की विडंबना के कारण, भावी की प्रबलता के कारण एवं उस लंका का विनाश निकट आने के कारण रावण की काम-व्याधि उसकी सब इन्द्रियों में उसी प्रकार व्याप्त हो गई, जिस प्रकार विद्याविहीन मूढ़ व्यक्ति का छिपकर किया हुआ कोई पाप-कर्म सर्वत्र प्रकट हो जाता है।
३७० कंब रामायण
अत्यन्त शिथिल हो गया। तब उसने अपने परिजनों को आज्ञा दी कि तुमलोग जाकर शीघ्र चंद्रमा को ले आओ, क्योंकि लोग कहते हैं कि वह शीतल होता है।
परिजनों ने जाकर उस पूर्णचंद्र से, जो दारुण क्रोधवाले राक्षस (रावण) के द्वारा शासित उस विशाल लंकापुरी के ऊपर जाने से भी डरता था, कहा कि—डरो नहीं, शीघ्र आओ। राजा तुझे बुला रहा है। इसपर चंद्र अपने मन की अधीरता को छोड़कर आकर प्रकट हुआ।
युद्ध में परास्त होकर बैर को छिपाकर दबे रहनेवाले लोग, अपने शत्रु के कमजोर पड़ने पर जिस प्रकार उस (शत्रु) को सताने के लिए आगे बढ़ जाते हैं, उसी प्रकार मंडलाकार चंद्र रावण के प्राणों के लिए यम-जैसा बनकर, सूक्ष्म सिकता से युक्त जल-भरे समुद्र से उदित हुआ।
चंद्रमा, अपनी अवर्णनीय किरणों को सब दिशाओं में फैलाकर ऊपर उठा और स्वर्ग तथा धरती के निवासियों में से किसी के लिए भी प्रिय न होनेवाले उस रावण को सताता हुआ (वह चंद्र) इस प्रकार दिखाई पड़ा, जैसे आदिशेष पर शयन करनेवाले विष्णु के द्वारा रावण के वध के लिए भेजा गया चक्रायुध ही हो।
क्षीर-सागर के अमृत को छक-छककर पान करनेवाला चंद्रमा, अपनी शीतल किरणों के समुदाय को चारों ओर व्याप्त करने लगा। वह चंद्रिका टेढ़ी भौंहों और लाल आँखोंवाले रावण को ऐसी लगी, जैसे आग में पिघली हुई चाँदी भर-भरकर चारों ओर छिड़की जा रही हो।
चंद्र-किरणें, जो धरती पर संचरण करनेवाली बिजली-सी लगती थीं, लाल धान के मनोहर खेतों से आवृत मिथिला नगर के राजा की पुत्री के सौंदर्य का वर्णन सुनकर विरह-पीड़ा से तप्त होनेवाले रावण को उसी प्रकार जलाने लगीं, जिस प्रकार कभी पराजित न होनेवाले शत्रु की कीर्ति किसी वीर को जलाती है।
वीर-कंकणधारी यम भी जिसको देखकर भयभीत होता है, उस रावण ने पूछा— मैंने कहा था कि शीतल किरणोंवाले चंद्र को ले आओ, तो जलानेवाली आग और दारुण विष में बुझी हुई तपती किरणों से युक्त सूर्य को कौन ले आया ?
उस समय, कुछ दासों ने भय के साथ निवेदन किया—हे प्रभु ! यह कथन सत्य नहीं है कि जिसे लाने की आज्ञा नहीं हुई थी, उसे हम लाये हैं। अरुण किरणोंवाला सूर्य सदा रथ पर ही आता है। यह चंद्रमा यद्यपि आपको उष्ण किरण-सा लगता है, तो भी विमान पर ही आरूढ़ है।
सर्प के फन के जैसे जघन-तट तथा शीतल वचनों से युक्त रमणियों के प्रति होने-वाले प्रेम की वेदना को उस (रावण) ने इससे पहले कभी नहीं जाना था। वह अब चंद्रमा से अत्यन्त पीड़ित हुआ। अब उसे ज्ञात हुआ कि शीतल और मनोहर कमल-पुष्पों का शत्रु चंद्रमा, यही है। फिर, उस चंद्र से प्रार्थना करने लगा कि हे चंद्र ! तू मेरे प्राणों को ला दे।
रावण कहने लगा—हे नक्षत्रों के पति ! तू क्षीण होता है। तेरा शरीर श्वेत
अरण्यकाण्ड ३७१
पड़ गया है। तेरा अन्तर काला हो गया है। अपना सहज गुण—शीतलता—छोड़कर तू तप रहा है, क्या तू भी अकेला रहता है और किसी सुन्दरी को देखे हुए व्यक्ति से उस (सुन्दरी) के सौंदर्य की चर्चा सुनी है? (जिससे वो विरह से पीड़ित हो रहा है)। मेरे हृदय में पुष्पवाण बिना रोक टोक के लग रहे हैं। उनसे मेरी रक्षा करनेवाला कोई नहीं है। अब मेरे प्राणों को कौन बचायेगा ?
मेरे प्राणों के लिए यम बनी हुई उत्तम कुलजात उस सीता के दो कुवलयों-जैसे शोभायमान कमल (जैसे वदन) से तू पराजित हो गया है, इसीलिए तू काला पड़ गया है, क्षीण हो गया है और तप्त हो उठा है। यदि शत्रु की सम्पत्ति को देखकर ही इस प्रकार मिट गये, तो तू विजय कैसे पा सकता है? बुद्धिमान् व्यक्ति (शत्रु को हराने के) पराक्रम से रहित होते हैं, तो विवेक से अपने ऊपर संयम रखते हैं।
इस प्रकार, अनेक वचन कहकर वह पीड़ित होता रहा। फिर, उसने परिजनों को आज्ञा दी कि इस चन्द्र को रात्रि-सहित यहाँ से हटा दो और सूर्य को दिन सहित ले आओ। उसके यह कहने के पूर्व ही उपेक्षित चन्द्रमा और रात्रिकाल हट गये। एक क्षण काल में ही अवर्णनीय सूर्य तथा दिन का समय आ पहुँचा।
वेद की ऋचाओं को जाननेवाले (ब्राह्मण) अग्नि में घृत डालकर जब होम करते हैं तब जिस प्रकार वह अग्नि प्रज्वलित होती है, उसी प्रकार पिघले हुए ताँबे के जैसी किरणों- वाला सूर्य प्रकाशमान हुआ। उससे रक्त-कमल विकमित हुए। सूर्य के आगमन से रक्त कुमुद दबकर निर्जीव-से हो गये। वे उन क्षुद्र व्यक्तियों के जैसे थे, जिन्होंने अपने लिए अयोग्य उत्तम पदार्थों को प्राप्त कर उससे गर्वित होकर फिर उन्हें खो दिया हो।
विश्व के आभरण-जैसे रहनेवाला सूर्य एक दिशा में आकर प्रकट हुआ, तो चन्द्रमा लज्जित हो, कांतिहीन हो, काँपता हुआ और अपनी पत्नी—रात्रि द्वारा अनुसृत होता हुआ, दूसरी दिशा में गगन-मध्य से टल चला। वह उस क्षुद्र राजा के समान था, जो किसी यशस्वी तथा पराक्रमी शासक की आज्ञा से अपने स्थान को छोड़कर चला जाता है।
विविध कर्णाभरणों से भूपित जो राक्षस-सुन्दरियाँ पुष्प-पर्यंकों पर अपने पतियों के समागम का सुख उठाती हुई प्रणय-कलह में क्रुद्ध हो गई थीं, अब हठात् रात्रि के हट जाने पर भी उस बात को न जानकर, स्वप्न में भी मान करती हुई (निद्रित) पड़ी रहीं।
कुछ राक्षस-स्त्रियाँ, अर्धरात्रि में ही हठात रात्रि के समाप्त हो जाने के कारण, मुमूर्षु-प्राण सी हो गई, थरथराती हुई काँप उठी और उनकी आँखों से आँसू इस प्रकार बह चले, जिस प्रकार प्रफुल्ल नीलोत्पल से मधु-बिंदु बह चलते हैं।
कुछ राक्षस-स्त्रियाँ, जो रूई के कोमल पर्यंक पर काम-सुख का आनन्द प्राप्त कर चुकी थी, वृक्ष की पुष्ट शाखा से लिपटी हुई लताओं के समान, अपने प्राण-पतियों के पुष्प-सदृश दोनों बाहों द्वारा दृढ़ता से बँधी हुई, निद्रित पड़ी थीं।
उत्तम मत्तगज, जो उनके कुंभों पर गुंजार करते हुए मँडरानेवाले भ्रमरों के झुंड को और उज्ज्वल सूर्य-प्रकाश को न जानते हुए नीचे पड़े थे, उन मद्यपों के समान ये कोमल शय्या पर प्रज्ञहीन होकर निद्रामग्न रहते हैं।
| ३७२ | कंब रामायण |
|---|
जिस प्रकार कुल-नारियाँ, विद्या-वृद्धि से युक्त अपने प्रियतमो से वियुक्त होकर कांतिहीन हो जाती हैं, उसी प्रकार, वहाँ के प्रासादों में रखे हुए दीप, तेल के न घटने पर भी, निष्प्रभ हो गये।
प्रभात-काल में विकसित होनेवाले पुष्प, उनके सुन्दर दलों को खोलनेवाले सूर्योदय के होने पर भी, प्रफुल्ल न होकर, विशाल पर्यंक पर सोई हुई सुन्दरी के बन्द नयनों के जैसे बंद पड़े रहे।
सब लोग गहरी निद्रा में सो रहे थे। अतः, उनकी आँखें सचमुच प्रभात होने पर भी नहीं खुलीं। वे आँखें किसी को भिक्षा देने का विचार न करनेवाले लोभियों के बड़े घरों के दरवाजों के समान बंद थीं।
चक्रवाक दिन के निकल आने से विष-सदृश वियोग-पीडा से मुक्त हुए और कठोर कारावास से मुक्ति पानेवाले अपराधी के हृदय के समान आनंद से भर गये।
चन्द्र के कर-स्पर्श के अतिरिक्त अन्य किसी भी उपाय से विकसित न होनेवाले पुष्पों की ओर संगीत गानेवाले भ्रमर झपटे थे। लेकिन (इतने में चन्द्र के अस्त होकर सूर्य के उदित हो जाने से, उन बंद हुए पुष्पों से निकट) कला की महत्ता को नहीं जाननेवाले लोगों के दरवाजे पर दुःखी होकर खड़े रहनेवाले भाट लोगो के समान वे भ्रमर दुःखी होकर रह गये।
सूर्य की उष्ण किरणें, अपूर्व रत्नों से जटिल वातायनों के मार्ग से (प्रासादों के) भीतर पहुँचकर निद्रा-मग्न सुन्दरियों को जगाने लगीं। किन्तु, वे (स्त्रियाँ) सत्य को स्पष्ट न जाननेवाले लोगों के समान, तंद्रा और जागरण की मिश्रित दशा में पड़ी रहीं।
रावण की कठोर आज्ञा से परिचय न रखनेवाले विद्वान्, जो ज्योतिष-शास्त्र लिख रखा था, उसे भली भाँति जानकर कुछ गणित-शास्त्र में कुशल व्यक्ति अभी तक सोये पड़े थे। (प्रभात-काल मे) टेर लगानेवाले कुक्कुट भी सो रहे थे।
संसार में इस प्रकार के व्यापार हो उठे थे। ऐसे समय में शब्दायमान वीर-कंकणधारी रावण ने आँख उठाकर सूर्य को देखा और बोला—यह (सूर्य) उसका ध्यान करनेवाले के मन को भी तपाता है। अतः, पहले यहाँ आकर जिस चन्द्र ने हमको तपाया था, यह भी वही है।
तब कुछ दासों ने निवेदन किया—हे ईश! यह चन्द्र नहीं है। यह अरुण-किरणवाला सूर्य ही है। देखिए, इसके रथ मे दीर्घ केसरोंवाले मनोहर हरित अश्व जुते हैं। उष्ण किरणोंवाला सूर्य शरीर को तपाता है। किंतु, शीतल रहनेवाला चन्द्र नहीं तपाता।
शिखरों से शोभित नील पर्वत के जैसे रावण ने उन (दासों) से कहा कि यह सूर्य विष से अधिक दारुण है। अतः, इसे यहाँ से हटा दो। समुद्र के गर्जन को भी बन्द कर दो और संध्या-वेला में, पश्चिम दिशा में, प्रकट होनेवाली चन्द्र-कला को शीघ्र ले आओ।
राक्षस-राज ने यह वचन कहा। यह कहते ही, षोडश कलाओं से शोभायमान