भारतकोश
संग्रह पर लौटें

व्याकरण महाभाष्य: पस्पशाह्निक (महर्षि पतञ्जलि - शब्द-साधुत्व एवं व्याकरण प्रयोजन सटीक)

Vyakarana Mahabhashya Paspashahnika of Maharshi Patanjali with Commentary

महर्षि पतञ्जलि (टीकाकार: डॉ. रमण कुमार शर्मा) द्वारा

DevanagariHindipublished96 पृष्ठ

४४ महाभाष्यम् रूप प्रदान किये जा सकते हैं । इस प्रक्रिया में आकृति रूप निरन्तर परिवर्तनशील और अनित्य रहते हैं। इन विभिन्न असत्य उपाधियों से अवच्छिन्न ब्रह्म रूप द्रव्य- तत्त्व नित्य रहता है। उस तत्त्व के दर्शन को जानने पर गोत्व आदि विभिन्न जातिरूप असत्य और अनित्य होकर रह जाते हैं। "आत्मैवेदं सर्वम्" इत्यादि श्रुति- वाक्य इसमें प्रमाण हैं । मूलम् —आकृतावपि पदार्थ एष विग्रहो न्याय्यः—सिद्धे शब्देऽर्थे सम्बन्धे चेति । ननु चोक्तम्—आकृतिरनित्येति । नैतदस्ति । नित्याऽऽकृतिः । कथम् ? न क्वचिदुपरतेति कृत्वा सर्वत्रोपरता भवति । द्रव्यान्तरस्था तूपलभ्यते । अथवा नेदमेव नित्यलक्षणम्—ध्रुवं कूटस्थमविचाल्यनपायोपजनविकार्य- नुत्पत्त्यवृद्ध्यव्यययोगि यत्तन्नित्यम् इति । तदपि नित्यं यस्मिंस्तत्त्वं न विहन्यते । किं पुनस्तत्त्वम् ? तद्भावस्तत्त्वम् । आकृतावपि तत्त्वं न विहन्यते । अथवा किं न एतेन—इदं नित्यमिदमनित्यमिति यन्नित्यं तं पदार्थं मत्वैष विग्रहः क्रियते—सिद्धे शब्देऽर्थे सम्बन्धे चेति । प्रदीपः—न क्वचिदुपरतेति । अनभिव्यक्तेत्यर्थः । अद्वैतेन लोके व्यवहारा- भावाद् व्यवहारे चाकृतेरेकाकारपरामर्शहेतुत्वान्नित्यत्वम् । अथवेति । असत्यत्वेपि तत्त्वतो लोकव्यवहाराश्रयेण जातेर्नित्यत्वं साध्यते । त्रिविधा चानित्यता, संसर्गा- नित्यता यथा—स्फटिकस्य लाक्षाद्युपधाने स्वरूपतिरोधानेन पररूपभासः । परिणा- मानित्यता यथा बदरीफलस्य श्यामतातिरोभावे लौहित्याविर्भावः । प्रध्वंसानित्यता सर्वात्मना विनाशः । एतत्त्रिविधानित्यताप्रतिषेधेन नित्यतां प्रतिपादयितुमुक्तं ध्रुवमित्यादि । तत्र ध्रुवम् कूटस्थमिति संसर्गानित्यता परिहृता, अविचालीति परि- णामानित्यता, अनपायेत्यादिना प्रध्वंसानित्यता । यन्नित्यमिति । बुद्धिप्रतिभासः शब्दार्थो यदा यदा शब्द उच्चारितस्तदा तदाऽर्थाकारा बुद्धिरुपजायते इति प्रवाह- नित्यत्वादर्थस्य नित्यत्वमित्यर्थः । अनुवाद—आकृति को भी पदार्थ मानने पर यह विग्रह न्याय्य है—शब्द, अर्थ और सम्बन्ध के सिद्ध रहने पर । और (अभी) जो कहा था (कि) आकृति अनित्य है । ऐसा नहीं है । आकृति नित्य है । कैसे (कहा) ? कहीं (एक स्थान पर) विलय होकर सर्वत्र विलय नहीं हो जाती । अन्य

प्रथमाह्निकम् (पस्पशा) ४५ द्रव्य में तो उपलब्ध होती ही है । अथवा यह नित्य होने का लक्षण नहीं है (कि) जो ध्रुव, स्वरूप में अवस्थित नित्य सुस्थित, परिणाम, विपरिणाम, विकाररहित, उत्पत्तिरहित, वृद्धिरहित और क्षयरहित हो, वही नित्य है । वह भी नित्य है, जिसमें तत्त्व नष्ट नहीं होता । फिर तत्त्व क्या है ? उस वस्तु का (स्व) भाव तत्त्व है । आकृति में भी तत्त्व नष्ट नहीं होता । अथवा इससे क्या कि यह नित्य है, अथवा यह अनित्य है । जो भी नित्य है, उसे पदार्थ मानकर यह विग्रह किया जाता है—शब्द, अर्थ और सम्बन्ध के सिद्ध होने पर । उषा—पद का अर्थ आकृतिरूप मानकर भी शब्द, अर्थ और सम्बन्ध इन तीनों की नित्यता को सिद्ध किया जा सकता है। यहाँ 'आकृति' पद का अर्थ 'जाति' है । 'अपि' शब्द के प्रयोग से द्रव्य का ग्रहण किया गया है अर्थात् द्रव्य रूप में तो अर्थ नित्य है ही, जाति रूप में भी नित्य है । किसी एक द्रव्य में अनभिव्यक्त होती हुई भी जाति सर्वत्र अप्रत्यक्ष नहीं हो जाती । एक स्थान पर घटिका की आकृति नष्ट होकर भी सर्वत्र नष्ट नहीं होती । अन्य पदार्थों में उसका सत्त्व उसकी नित्यता बताता है । जाति की व्यञ्जिका आकृति व्यवहार काल में उत्पन्न और नष्ट होते हुए भी प्रकारान्तर से नित्य है । संसर्गानित्यता, परिणामानित्यता और प्रध्वंसानित्यता के रूप में अनित्यता तीन प्रकार की मानी गई है । लाक्षा आदि पदार्थों के संसर्ग से स्फटिक के स्वरूप का तिरोधान हो जाता है, यह संसर्गानित्यता है । बदरी आदि फलों में श्यामता का तिरोभाव होकर लौहित्य का आविर्भाव परिणामानित्यता है तथा वस्तु का सर्वात्मना विनाश प्रध्वंसानित्यता है । केवल मात्र इस तीन प्रकार की अनित्यता से रहित होना ही नित्यता का लक्षण नहीं है । इस प्रकार की नित्यता ब्रह्म से सम्बद्ध है, इसे कूटस्थ नित्यता कहते हैं । पदार्थ एक स्थान पर नष्ट होकर भी भावरूप में अन्यत्र वर्तमान रहता है, अतः उसमें प्रवाहनित्यता है । क्योंकि उसका नाश हो जाने पर भी उसका धर्म नष्ट नहीं होता । शब्द का उच्चारण तत्तदाकारा अर्थभावना को बुद्धि में व्यक्त कर देता है अतः पदार्थ को केवल बाह्य रूप में न मानकर बौद्ध रूप में स्वीकार करने से उसकी नित्यता स्वयमेव सिद्ध हो जाती है । शशशृङ्ग इत्यादि पदार्थ भी इसीलिए स्वरूपतः सिद्ध न होने पर बुद्धि में प्रतिभासित होने के कारण बोध के विषय बनते हैं । अतएव चाहे द्रव्य को पदार्थ मानकर “सिद्धे शब्दार्थ सम्बन्धे” का विग्रह

४६ महाभाष्यम् किया जाये अथवा जाति को पदार्थ मानकर, दोनों ही दृष्टियाँ उपयुक्त हैं । पाणिनि ने दोनों प्रकार के अर्थों की नित्यता को स्वीकार किया है । मूलम्—कथं पुनर्ज्ञायते—सिद्धः शब्दोऽर्थः सम्बन्धश्चेति । लोकतः । यल्लोकेऽर्थमर्थमुपादाय शब्दान्प्रयुञ्जते, नैषां निर्वृत्तौ यत्नं कुर्वन्ति । ये पुनः कार्या भावा निर्वृत्तौ तावत्तेषां यत्नः क्रियते । तद्यथा—घटेन कार्यं करिष्य- न्कुम्भकारकुलं गत्वाह—कुरु घटं कार्यमनेन करिष्यामीति । न तावच्छब्दान्प्रयुयुक्ष- माणो वैयाकरणकुलं गत्वाह—कुरु शब्दान्प्रयोक्ष्य इति । तावत्येवार्थमुपादाय शब्दा- न्प्रयुञ्जते । प्रदीपः—लोकत इति । अन्यथा कार्येषु लोकव्यवहारः, अन्यथा नित्येषु । शाब्दश्च व्यवहारोऽनादिवृद्धव्यवहारपरम्पराव्युत्पत्तिपूर्वक इति शब्दादीनां नित्यत्वम् । घटादयस्त्वर्थक्रियार्थिभिरन्यत आनीयन्त उत्पादविनाशयुक्ताश्चोपलभ्यन्ते । नैवं शब्दादयः । तावत्येवार्थमिति । बुद्ध्या वस्तु निरूप्येत्यर्थः । अनुवाद—फिर (यह) कैसे जाना जाता है कि शब्द, अर्थ और सम्बन्ध नित्य है । लोक से । क्योंकि लोक में तत्तदर्थ को कहने के लिए शब्दों का प्रयोग करते हैं । (परन्तु) इनके निर्माण में यत्न नहीं करते । जो कार्य भाव हैं उनके निर्माण में यत्न किया जाता है । जैसे कि घड़े से काम करना चाहता हुआ कुम्भकार कुल में जाकर कहता है—'घड़ा बनाइये, मैं इससे कार्य करूंगा,' उसी प्रकार शब्दों के प्रयोग की इच्छा करता हुआ वैयाकरणकुल में जाकर नहीं कहता—'शब्द बनाओ, मैं प्रयोग करूँगा । वैसे ही अर्थ को लेकर शब्दों का प्रयोग करता है । उषा—शास्त्र लोक से अनुप्राणित होता है अथवा लोक शास्त्र से अनुशिष्ट, इसी प्रश्न को मन में रखकर भाष्यकार ने यह निर्णय दिया है कि शब्द, अर्थ और उसके सम्बन्ध की नित्यता का प्रमाण लोकव्यवहार है। शब्द से अर्थबोधन का व्यवहार अनादिकाल से चला आ रहा है, व्याकरण तो केवल उस लोकव्यवहार का अनुशासन मात्र करता है। अतः लोक प्रधान है, शास्त्र गौण । इसी बात को पुष्ट करने के लिए पतञ्जलि ने एक सुन्दर आख्यान प्रस्तुत किया है। घट का प्रयोग करने की इच्छा से जिस प्रकार व्यक्ति कुम्भकार के पास जाकर घट ले आता है, उसी प्रकार शब्दों का प्रयोग करने का इच्छुक व्यक्ति वैयाकरण के पास जाकर शब्दों की याचना नहीं करता प्रत्युत वह अपनी इच्छा से लोक में प्रचलित शब्दों का प्रयोग कर लेता है। व्याकरण उसके विषय में शुद्ध और अशुद्ध का विवेचन करके धर्म की प्रतिष्ठापना मात्र करता है। न केवल पतञ्जलि प्रत्युत उनसे पूर्व स्वयं पाणिनि लोकव्यवहार को ही सर्वश्रेष्ठ प्रमाण के रूप में स्वीकार कर चुके थे—

प्रथममाह्निकम् (पस्पशा) ४७ प्रधानप्रत्ययार्थवचनमर्थस्यान्यप्रमाणत्वात् । इसी की व्याख्या करते हुए काशिकाकार ने कहा है— “अन्यो लोकः । शब्दैरर्थाभिधानं स्वाभाविकम् । लोकत एवार्थगतेः ।” मूलम्— यदि तर्हि लोक एषु प्रमाणं, किं शास्त्रेण क्रियते ? *लोकतोऽर्थप्रयुक्ते शब्दप्रयोगे शास्त्रेण धर्मनियमः । लोकतोऽर्थप्रयुक्ते शब्दप्रयोगे शास्त्रेण धर्मनियमः क्रियते । किमिदं धर्मनियम इति । धर्माय नियमो धर्मनियमः, धर्मार्थो वा नियमो धर्मनियमः, धर्मप्रयोजनो वा नियमो धर्मनियमः । प्रदीपः—अत्र भाष्यकारेण सम्भवन्तीमप्येकवाक्यतामनाश्रित्य वाक्यत्रयं व्यवस्थापितम् । सिद्धे शब्दार्थसम्बन्धे शास्त्रं प्रवृत्तमित्येकं वाक्यम् । कथं ज्ञायत इति प्रश्ने लोकतो ज्ञायते इति द्वितीयम् । लोकत इत्यस्यावृत्त्या लोकतोऽर्थप्रयुक्ते इत्यादि तृतीयम् । शब्दप्रयोग इति प्रयोगग्रहणेन “प्रयोगाद्धर्मो न तु ज्ञानमात्राद्” इत्युक्तं भवति । अर्थेनात्मप्रत्यायनाय प्रयुक्तोऽर्थप्रयुक्तः । धर्माय नियम इति । धर्मार्थत्वान्नियम एव धर्मशब्देनाभिधीयत इति कर्मधारयः समासः । धर्मप्रयोजन इति । लिङादिविषयेण नियोगाख्येन धर्मेण प्रयुक्त इत्यर्थः । अनुवाद—यदि लोक इसमें प्रमाण है तो शास्त्र से क्या किया जाता है ? लोक में अर्थ विशेष में प्रयुक्त शब्द के प्रयोग में शास्त्र से धर्म का नियम । लोक में अर्थ विशेष में प्रयुक्त (प्रसिद्ध) शब्द के प्रयोग में शास्त्र से धर्म का नियमन किया जाता है । धर्म के लिए धर्मनियम है अथवा धर्मरूप नियम धर्म नियम है अथवा धर्म का प्रयोजक नियम धर्मनियम है । उषा—“शब्दार्थ सम्बन्धों की नित्यता यदि लोक व्यवहार से ही सिद्ध है है तो शास्त्र निष्प्रयोजन होकर रह जाता है", पूर्वपक्षी की इस शङ्का का समाधान प्रकृत वार्तिक से किया गया है । लोक में अर्थ के द्वारा आत्मप्रत्यायन के लिए प्रयुक्त शब्दों का शास्त्र के द्वारा धर्मनियम किया जाता है । “शब्दप्रयोगे" में प्रयोग शब्द का ग्रहण करके यह निर्देश किया गया है कि साधु शब्दों के व्यवहार में प्रयोग से धर्म की प्राप्ति होती है, केवल ज्ञान से नहीं । 'धर्मनियमः' पद की भाष्यकार ने तीन प्रकार से व्युत्पत्ति प्रदर्शित की है— (१) धर्माय नियमः (२) धर्मार्थो नियमः (३) धर्मप्रयोजनो नियमः । प्रदीपकार के अनुसार प्रथम व्युत्पत्ति में चतुर्थी विभक्ति तादर्थ्य सम्बन्ध को बताने के लिए है, अतः 'धर्म' पद 'अपूर्व' अर्थ में पर्यवसित होता है । धर्मार्थ ही होने के कारण द्वितीय व्युत्पत्ति में नियम को ही 'धर्म' शब्द से कहा गया है, अतः यहाँ कर्म-

धारय समास होगा—"धर्मश्चासौ नियमः।" तृतीय व्युत्पत्ति में धर्म का अर्थ नियोग है । उद्योतकार ने इन व्युत्पत्तियों को प्रकारान्तर से भी प्रदर्शित किया है । "धर्माय नियमः" इससे, प्रत्यवाय-परिहार रूप धर्म के लिए यह नियम है, ऐसा ग्रहण किया जाता है, क्योंकि असाधु शब्द के प्रयोग से अधर्म होता है। "धर्मार्थो नियमः" इस व्युत्पत्ति के अनुसार 'धर्म' का अर्थ यागादि है। "नानृतं वदेत्" इत्यादि कर्माङ्गनिषेधक वाक्य यागादि का अङ्ग होने के कारण याग ही होते हैं और उन्हें 'धर्म' पद से कहा जाता है। तृतीय व्युत्पत्ति में 'धर्म' पद से 'अपूर्व' अर्थ का सूचन है । मूलम् - *यथा लौकिकवैदिकेषु । प्रियतद्धिता दाक्षिणात्याः —यथा लोके वेदे चेति प्रयोक्तव्ये या लौकिक- वैदिकेष्विति प्रयुञ्जते । अथवा युक्त एवायं तद्धितः । यथा लौकिकेषु वैदिकेषु च कृतान्तेषु । लोके तावद् 'अभक्ष्यो ग्राम्यकुक्कुटः, अभक्ष्यो ग्राम्यसूकर' इत्युच्यते । भक्ष्यं च नाम क्षुत्प्रतिघातार्थमुपादीयते । शक्यं चानेन श्वमांसादिभिरपि क्षुत्प्रति- हन्तुम् । तत्र नियमः क्रियते—इदं भक्ष्यमिदमभक्ष्यमिति । तथा—खेदात्स्त्रीषु प्रवृत्ति- र्भवति । समानश्च खेदविगमो गम्यायां चागम्यायां च । तत्र नियमः क्रियते— इयं गम्येयमगम्येति । प्रदीपः-प्रियतद्धिता इति । नायमपशब्दः किन्तु ये लोकवेदयोर्भवा अवय- वास्ते लोकवेदशब्दाभ्यामभिधातुं शक्यन्ते । आधाराधेयभावकल्पनया तु तद्धित- प्रयोगः प्रियतद्धितनिमित्तः । यथा कश्चिद्वनस्पतय इति प्रयुङ्क्ते कश्चिद्वानस्पत्य- मिति समूहप्रत्ययान्तम् । अथवेति । नात्रावयवावयविविभागः, किं तर्हि लोकवेदव्यति- रिक्तसिद्धान्तशब्दार्थोभयरूप इत्यर्थः । लौकिकः स्मृत्युपनिबद्धः । वैदिकः श्रुत्युपनि- बद्धः । शक्यं चानेनेति । शकेः कर्मसामान्ये लिङ्गसर्वनामनपुंसकयुक्ते कृत्यप्रत्ययः । ततः पदान्तरसम्बन्धादुपजायमानमपि स्त्रीत्वं बहिरङ्गत्वादन्तरङ्गसंस्कारं न बाधत इति शक्यं क्षुदित्युक्तम् । यदा तु पूर्वमेव विशेषविवक्षा तदा शक्या क्षुदिति भवत्येव । यदा तु प्रतिघातस्यैव क्षुत्कर्म शकेस्तु प्रतिघातस्तदा क्षुधं प्रतिहन्तुं शक्यमिति भवति । खेदादिति । खेदयतीति खेदो रागः, इन्द्रियनियमासामर्थ्यं वा खेदः । अनुवाद - जैसे लौकिक और वैदिक (उदाहरणों) में । दाक्षिणात्य (लोग) तद्धितप्रिय होते हैं, जैसे 'लोके', 'वेदे' ऐसा प्रयोग करने के स्थान पर "लौकिकवैदिकेषु' ऐसा प्रयोग करते हैं। अथवा यहाँ तद्धित युक्त ही है। जैसे लोकप्रसिद्ध तथा वेदप्रसिद्ध सिद्धान्तों में । जैसे लोक में "ग्राम्यकुक्कुट अभक्ष्य है, ग्राम्यसूकर अभक्ष्य है" ऐसा कहा जाता है। भोज्य (का ग्रहण) क्षुधानिवृत्ति के लिए उपादेय है और क्षुधानिवृत्ति

प्रथममाह्निकम् (पस्पशा) ४६ कुक्कुर के मांस से भी की जा सकती है। वहाँ नियम किया जाता है—यह भक्ष्य है, यह अभक्ष्य है । उसी प्रकार राग से स्त्रियों में प्रवृत्ति होती है । गम्या और अगम्या में रागनिवृत्ति तो समान ही है । वहाँ नियम किया जाता है—यह गम्या है, यह अगम्या है । उषा—लोक में अर्थ के निमित्त शब्द का प्रयोग होने पर शास्त्र धर्म का नियमन करता है, जिस प्रकार से लोक और वेद में । यहाँ वार्त्तिकस्थ "लौकिकवैदिकेषु" शब्द को उठाकर भाष्यकार ने यह कहा है कि यहाँ वार्त्तिककार का दाक्षिणात्य होना सूचित होता है क्योंकि वे निरर्थक शब्दाडम्बर में रुचि रखते हैं । “समुदायेषु प्रवृत्ताः शब्दा अवयवेष्वपि वर्त्तन्ते” इस नियम से ‘लोक’ और ‘वेद’ शब्दों की समुदाय और उनके अवयव दोनों में ही समान रूप से प्रवृत्ति हो सकती है । अतः यहाँ लोक और वेद के अवयवों का बोध करवाने की इच्छा से तद्धित प्रत्यय अनावश्यक ही है । तथापि वार्त्तिककार लोक और वेद समुदाय तथा उनके अवयव में, जो वस्तुतः अभिन्न हैं, भेद की कल्पना करके “तत्र भवः” इस अर्थ में ठञ् प्रत्यय करते हैं । एक अन्य दृष्टि से यहाँ अवयव-अवयविविभाग न मानकर आधाराधेयभाव को भी भाष्यकार ने उचित माना है। एवं च “तत्र भवः” से तद्धित प्रत्यय उपयुक्त ही सिद्ध होता है । ऐसी स्थिति में इसका अर्थ होगा—‘लोक और वेद में वर्त्तमान सिद्धान्त ।’ यहाँ वैदिक से अभिप्राय है—“श्रुत्युपनिबद्ध” तथा लौकिक से अभिप्राय है—“स्मृत्युपनिबद्ध ।” स्मृतिवाक्यों में इस प्रकार के नियम किये जाते हैं कि अमुक वस्तु भक्ष्य है अमुक अभक्ष्य अथवा अमुक प्रकार की स्त्री समागम के योग्य है, अमुक प्रकार की अयोग्य । भक्षण क्षुत्प्रतिघात के लिए तथा स्त्री समागम राग के कारण किया जाता है । क्षुत्प्रतिघात किसी भी वस्तु का भक्षण करके किया जा सकता है, एवमेव रागनिवृत्ति किसी भी स्त्री से समागम करके हो सकती है। इस प्रकार का स्मृत्युपदिष्ट नियमन अभ्युदयकारी तथा श्रेयस्कर होता है । मूलम्—वेदे खल्वपि—“पयोव्रतो ब्राह्मणो यवागूव्रतो राजन्य आमिक्षवतो वैश्यः” इत्युच्यते । व्रतं च नामाभ्यवहारार्थमुपादीयते । शक्यं चानेन शालिमांसादी- न्यपि व्रतयितुम् । तत्र नियमः क्रियते । तथा “बैल्वः खादिरो वा यूपः स्याद्,” इत्युच्यते । यूपश्च नाम पश्वनुब- न्धार्थमुपादीयते । शक्यं चानेन यत्किञ्चिदेव काष्ठमुच्छ्रित्यानुच्छ्रित्य वा पशुरनु- बन्धुम् । तत्र नियमः क्रियते ।

५० महाभाष्यम् तथा “अग्नौ कपालान्याश्रित्यामन्त्रयते—भृगूणामङ्गिरसां धर्मस्य तपसा तप्यध्वम्” इति । अन्तरेणापि मन्त्रमग्निर्दहनकर्माकपालानि सन्तापयति । तत्र च नियमः क्रियते— एवं क्रियमाणमभ्युदयकारि भवतीति । एवमिहापि समानायामर्थावगतौ शब्देन चापशब्देन च धर्मनियमः क्रियते— शब्देनैवार्थोऽभिधेयो नापशब्देनेति । एवं क्रियमाणमभ्युदयकारि भवतीति । प्रदीपः —पयोव्रत इति । सत्यामर्थितायां पय एव व्रतयतीति नियमोऽयं न तु विधिः, अर्थित्वाभावे कारणाभावात् । समानायामिति । यद्यपि साक्षादपभ्रंशा न वाचकास्तथापि स्मर्यमाणसाधुशब्दव्यवधानेनार्थं प्रत्याययन्ति, केचिच्चापभ्रंशाः परम्परया निरूढिमागताः साधुशब्दानस्मारयन्त एवार्थं प्रत्याययन्ति । अन्ये तु मन्यन्ते —साधुशब्दवदपभ्रंशा अपि साक्षादर्थस्य वाचका इति । अनुवाद—वेद में भी “ब्राह्मण दूध का व्रत करे, क्षत्रिय यवागू का व्रत करे, वैश्य आमिक्षा का व्रत करे, ऐसा कहा जाता है। व्रत का उपादान अभ्यवहार (भोज्य नियमन) के लिए किया जाता है । शालिमांस आदि से भी यह व्रत किया जा सकता है। वहाँ नियम किया जाता है। उसी प्रकार “यूप बिल्व अथवा खैैर का होना चाहिए,” ऐसा कहा जाता है। यूप का उपादान पशु को बाँधने के लिए किया जाता है। किसी भी छिले अनछिले काष्ठ से पशु को बाँधा जा सकता है। वहाँ नियम किया जाता है । वैसे ही “अग्नि पर कपालों को रखकर मन्त्र पढ़ता है ‘भृगु और अङ्गिरसों के तेज से तपो’।” मन्त्र के बिना भी दहनकर्मा अग्नि कपालों को तपाती है, वहाँ नियम किया जाता है, (क्योंकि) ऐसा करना अभ्युदयकारी होता है । इसी प्रकार यहाँ भी शब्द और अपशब्द से समान अर्थावगति होने पर भी धर्म के लिए नियम किया जाता है—‘शब्द से ही अर्थ का अभिधान होना चाहिए, अपशब्द से नहीं । ऐसा किया जाना अभ्युदयकारी होता है ।” उषा—इसी प्रकार का विधान वेद में भी किया जाता है । किसी भी विधि से प्राप्यमाण अर्थों में भी श्रुति एक विशिष्ट नियम प्रदान करती है, क्योंकि ऐसा करने से मनुष्य अभ्युदय से युक्त होता है । इसी प्रकार से शब्द और अपशब्द दोनों के ही द्वारा अर्थ का अभिधान हो सकता है । ‘गो’ शब्द जिस प्रकार से सास्नादिमत्पदार्थ का बोध करता है, उसी प्रकार से यह बोध गावी, गोणी, गोता, गोपोतलिका इत्यादि अपभ्रष्ट शब्दों से भी हो सकता है । परन्तु यह नियम किया जाता है कि साधु शब्द से ही अर्थ का अभिधान करवाना चाहिए, असाधु से नहीं । क्योंकि ऐसा करना कल्याणकारी होता है । भर्तृहरि ने वाक्यपदीय में यही बात इन शब्दों में कही है— शिष्टेभ्य आगमात्सिद्धाः साधवो धर्मसाधनम् । अर्थप्रत्यायनाऽभेदे विपरीतास्त्वसाधवः ॥

प्रथममाह्निकम् (पस्पशा) ५१ मूलम्—*अस्त्यप्रयुक्तः— सन्ति वै शब्दा अप्रयुक्ताः । तद्यथा—ऊष, तेर, चक्र, पेचेति । किम्तो यत्सन्त्यप्रयुक्ताः ? प्रयोगाद्धि भवाञ्छब्दानां साधुत्वमध्यवस्यति । य इदानीमप्रयुक्ता नामी साधवः स्युः । इदं तावद् विप्रतिषिद्धम्—यदुच्यते—'सन्ति वै शब्दा अप्रयुक्ता' इति । यदि सन्ति नाप्रयुक्ताः, अथाप्रयुक्ता न सन्ति, सन्ति चाप्रयुक्ताश्चेति विप्रतिषिद्धम् । प्रयुञ्जान एव खलु भवानाह—सन्ति शब्दा अप्रयुक्ता इति । कश्चेदानीमन्यो भव- ज्जातीयकः पुरुषः शब्दानां प्रयोगे साधुः स्यात् ? नैतद्विप्रतिषिद्धम् । सन्तीति तावद्ब्रूमः । यदेताञ्छास्त्रविदः शास्त्रेणा- नुविदधते । अप्रयुक्ता इति ब्रूमः यल्लोकेऽप्रयुक्ता इति । यदप्युच्यते— कश्चेदानीमन्यो भवज्जातीयकः पुरुषः शब्दानां प्रयोगे साधुः स्यादिति । न ब्रूमो- ऽस्माभिरप्रयुक्ता इति । किं तर्हि ? लोकेऽप्रयुक्ता इति । ननु च भवानप्यभ्यन्तरो लोके । अभ्यन्तरॊऽहं लोके, न त्वहं लोकः । प्रदीपः—अस्त्यप्रयुक्त इति । प्रयोगमूलत्वादस्याः स्मृतेरप्रयुक्तानामप्यन्वाख्या- नादप्रामाण्यमाशङ्कते । यथा घटादीनां विनाप्यर्थक्रियया सत्त्वं गम्यते नैवं शब्दानां, ते हि सर्वदा व्यवहाराय प्रयुज्यमानाः सन्तः सत्त्वेनावसीयन्त इत्याह—इदमिति । कश्चेदानीमिति । उपहासपरम् । उत्तरं तु शास्त्रदृष्ट्या प्रकृतिप्रत्ययादिसद्भावाद- नुमितसत्त्वाः, व्यवहारे तु न दृश्यन्त इत्युक्तम् । न त्वहं लोक इति । यथा लोकोऽर्थावगमाय शब्दान्प्रयुङ्क्ते नैवं मयैतेऽर्थे प्रयुक्ता अपि तु स्वरूपपदार्थका इत्यर्थः । अनुवाद—अप्रयुक्त (शब्दराशि) है— निश्चय ही अप्रयुक्त शब्द भी हैं, जैसे कि ऊष, तेर, चक्र, पेच इत्यादि । इससे क्या यदि (वे) अप्रयुक्त हैं । क्योंकि आप प्रयोग से ही शब्दों का साधुत्व निश्चय करते हैं। जो अब अप्रयुक्त हैं, सम्भवतः वे असाधु हों । यह तो (परस्पर) विरुद्ध है—जो कहा गया है—'शब्द हैं और अप्रयुक्त (भी) हैं । यदि हैं (तो) अप्रयुक्त नहीं हैं, यदि अप्रयुक्त हैं (तो) हैं नहीं, हैं (भी) और अप्रयुक्त (भी) हैं, यह परस्पर विरुद्ध है । प्रयोग करते हुए ही आप कह रहे हैं—'शब्द अप्रयुक्त हैं।' और कौन आप जैसा दूसरा पुरुष शब्दों के प्रयोग में कुशल होगा ।

५२ महाभाष्यम् यह परस्पर विरुद्ध नहीं हैं। 'हैं' ऐसा (हम) कह रहे हैं। क्योंकि शास्त्रज्ञ शास्त्र के द्वारा इनका विधान करते हैं। "अप्रयुक्त हैं" ऐसा भी कहते हैं क्योंकि लोक में अप्रयुक्त हैं। जो यह कहा गया है "आप जैसा कौन अन्य पुरुष शब्द के प्रयोग में कुशल होगा" (सो) हम यह नहीं कहते कि हमारे द्वारा अप्रयुक्त हैं। तो क्या (कहते हो) ? कि लोक में अप्रयुक्त हैं। आप भी तो लोक के भीतर हैं। मैं लोक के भीतर हूं, मैं (ही) लोक नहीं हूं। उषा—"अस्त्यप्रयुक्तः" यह वार्तिकांश भाष्यकार ने पूर्वपक्ष की स्थापना के लिए प्रस्तुत किया है। लोक में प्रयुक्त शब्दों के शास्त्र द्वारा नियमन की बात पहले की गई है। वहाँ यह निर्णय भी लिया गया है कि प्रयुज्यमान साधु शब्द धर्म का हेतु बनता है। एवम्, अप्रयुक्त शब्दों का असाधुत्व अनुमान से सिद्ध हो जाता है।' व्याकरण स्मृति जब अप्रयुक्त (असाधु) शब्दों का अन्वाख्यान करती है तो उसमें अप्रामाण्य की शंका उत्पन्न होती है। परन्तु सिद्धान्ती के मत में यह बात विप्रतिषिद्ध है। शब्दों का सत्त्व उनकी प्रायोगिक स्थिति में सम्भव हो सकता है, एवं च यदि शब्द हैं तो वे अप्रयुक्त नहीं हो सकते और यदि वे अप्रयुक्त हैं तो उनका सत्त्व भी सन्दिग्ध है। अपि च, स्वयमेव शब्द का प्रयोग करके उसे अप्रयुक्त कहना अपने आप में ही उपहासा- स्पद है। पूर्वपक्षी ने सिद्धान्ती के इस समाधान पर पुनः आक्षेप करते हुए अपने कथन को और स्पष्ट किया है। शब्द का सत्त्व शास्त्र के द्वारा विधान होने के कारण सिद्ध होता है, परन्तु लोक में उनका अप्रयोग व्याकरण-स्मृति पर प्रश्नचिह्न लगाता है। पूर्वपक्षी ने इन शब्दों का प्रयोग अवश्य किया है, परन्तु यह प्रयोग लोक में जिस अर्थ-सङ्क्रान्ति की भावना से होता है, उस दृष्टि से नहीं किया गया। उसने केवल स्वरूप स्पष्ट करने के लिए ही ऊष, तेर, चक्र और पेच शब्दों का उच्चारण किया है। मूलम्—* अस्त्यप्रयुक्त इति चेन्नार्थे शब्दप्रयोगात्— अस्त्यप्रयुक्त इति चेत् । तन्न । किं कारणम् । अर्थे शब्द-प्रयोगात् । अर्थे शब्दाः प्रयुज्यन्ते । सन्ति चैषां शब्दानांमर्था येष्वर्थेषु प्रयुज्यन्ते । *अप्रयोगः प्रयोगान्यत्वात् अप्रयोगः खल्वप्येषां शब्दानां न्याय्यः । कुतः ? प्रयोगान्यत्वात् । यदेषां शब्दाना मर्थेऽन्याञ्छब्दान्प्रयुञ्जते । तद्यथा—ऊषेत्यस्य शब्दस्य स्थाने—क्व यूयमुषिताः, तेरेत्यस्यार्थे—क्व यूयं तीर्णाः, चक्रेत्यस्यार्थे—क्व यूयं कृतवन्तः, पेचेत्यस्यार्थे— क्व यूयं पक्ववन्त इति । अप्रयुक्ते दीर्घसत्रवत् यद्यप्यप्रयुक्ता अवश्यं दीर्घसत्रवल्लक्षणेनानुविधेयाः तद्यथा दीर्घसत्राणि

प्रथममाह्निकम् (पस्पशा) ५३ वार्षशतिकानि वार्षसहस्रिकाणि च । न चाद्यत्वे कश्चिदाहरति । केवलमृषि- सम्प्रदायो धर्म इति कृत्वा याज्ञिका : शास्त्रेणानुविदधते । प्रदीपः—अर्थे शब्दप्रयोगादिति । अर्थसद्भावः शब्दप्रयोगे लिङ्गम् । नहि विना शब्देनार्थप्रत्यायनमुपपद्यते । इतरोऽन्यथासिद्धतामाह—अप्रयोग इति । यतोऽन्ये तेषामर्थानां सन्ति वाचकास्ततो नैषामनुमानमुपपद्यते । यद्यप्यूषेत्यस्य उषिता इति समानार्थो न भवति परोक्षतादेर्विशेषस्यानवगमात्तथापि तत्प्रत्यायनाय पदान्तरसहितः प्रयुज्यते । संप्रत्यप्रयुज्यमानानामपि पूर्वं प्रयुक्तत्वादनुशासनं कर्तव्यमित्याह— अप्रयुक्त इति । ऋषिसम्प्रदाय इति । वेदाध्ययनमित्यर्थः । अनुवाद—"यदि" अप्रयुक्त हैं," ऐसा कहा जाये (तो) वह नहीं हैं क्योंकि शब्द का प्रयोग अर्थ में होता है ।" यह जो 'अप्रयुक्त हैं' ऐसा (कहा गया है), वह नहीं है । क्या कारण है ? अर्थ में शब्द का प्रयोग होने के कारण । क्योंकि शब्दों का प्रयोग अर्थ में होता है । इन शब्दों के तत्तदर्थ हैं, जिनमें इनका प्रयोग होता है । “(इन अर्थों में) अन्य शब्दों का प्रयोग होने के कारण इनका अप्रयोग है”— अथवा इन शब्दों का अप्रयोग भी न्याय्य ही है । किस लिए ? (इन अर्थों में) अन्य (शब्दों) के प्रयोग से । क्योंकि इन शब्दों के अर्थ में अन्य शब्दों का प्रयोग करते हैं । जैसे कि 'ऊष' इस शब्द के स्थान पर 'क्व यूयमुषिताः' (इस वाक्य में 'उषित' शब्द का प्रयोग), 'तेर' इस (शब्द) के अर्थ में क्व यूयं तीर्णाः' (इस वाक्य में 'तीर्णा' शब्द का प्रयोग), 'पेच' इस (शब्द) के अर्थ में 'क्व यूयं पक्ववन्तः' (इस वाक्य में 'पक्ववन्तः' शब्द का प्रयोग । अप्रयुक्त (शब्द) में दीर्घसत्र की तरह— यद्यपि (शब्द) अप्रयुक्त हैं (तथापि) दीर्घकालीन यज्ञों क्री तरह शास्त्र के द्वारा इनका व्याख्यान आवश्यक है । जैसे सौ वर्षों ओर हजार वर्षों तक के दीर्घ- कालीन यज्ञ होते हैं । आजकल कोई भी उनका व्याख्यान नहीं करता । केवल ऋषि सम्प्रदाय के अनुसार यह धर्मजनक है, ऐसा कहकर मीमांसक शास्त्र में इनका आख्यान करते हैं । उषा—पूर्वपक्षी की "अस्त्यप्रयुक्तः" इस शंका का समाधान भाष्यकार ने तीन प्रकार से किया है— (१) अर्थ का सत्त्व शब्द की सत्ता का अनुमापक है, क्योंकि शब्द के बिना अर्थप्रत्यायन नहीं किया जा सकता । जिन अर्थों में इन शब्दों का प्रयोग होता हैं, उनकी स्थिति से शब्दों की सत्ता का अनुमान किया जा सकता है ।

(२) अथवा इन शब्दों की अप्रयोगावस्था भी स्वीकार्य हो सकती है, क्योंकि इन शब्दों का जो अर्थ है, उस अर्थ में इनके अतिरिक्त अन्य शब्दों का प्रयोग दृष्टिगत होता है । ऊष, तेर, चक्र और पेच क्रमशः वस्, तृ, कृ और पच् धातुओं के लिट् लकार, मध्यम पुरुष, बहुवचन के रूप हैं । इन शब्दों के स्थान पर क्रमशः उषिताः, तीर्णाः, कृतवन्तः और पक्ववन्तः शब्दों का प्रयोग दिखाई देता है । यद्यपि 'ऊष' इत्यादि के स्थान पर "उषिताः" इत्यादि का प्रयोग सर्वथा समीचीन नहीं है क्योंकि इनमें लिट् लकार की परोक्षता आदि की अवगति समाहित नहीं हो पाती । (३) अपि च, यदि ये शब्द अप्रयुक्त भी हों तो भी दीर्घकालीन यज्ञों के समान शास्त्र में इनका विधान अवश्य किया जाना चाहिए । जिस प्रकार से आज के युग में सौ और हजार वर्षों में पूर्ण होने वाले यज्ञों को कोई सम्पादित नहीं कर सकता तथापि धर्म मानकर शास्त्र के द्वारा उनका अन्वाख्यान अवश्य किया जाता है । अत एव धर्म मानकर इन शब्दों का व्याख्यान भी अवश्य किया जाना चाहिए । मूलम् — * सर्वे देशान्तरे— सर्वे खल्वप्येते शब्दा देशान्तरेषु प्रयुज्यन्ते । न चैवोपलभ्यन्ते । उपलब्धौ यत्नः क्रियताम् । महान् शब्दस्य प्रयोगविषयः । सप्तद्वीपा वसुमती । त्रयो लोकाः । चत्वारो वेदाः साङ्गाः सरहस्या बहुधा भिन्ना एकशतमध्वर्युशाखाः, सहस्रवर्त्मा सामवेदः, एकविंशतिधा बाह्वृच्यं नवधाथर्वणो वेदः । वाकोवाक्य- मितिहासः पुराणं वैद्यकमित्येतावाञ्छब्दस्य प्रयोगविषयः । एतावन्तं शब्दस्य प्रयोगविषयमनुनिशम्य 'सन्त्यप्रयुक्ता' इति वचनं केवलं साहसमात्रमेव । एतस्मिंश्चातिमहति शब्दस्य प्रयोग विषये ते ते शब्दास्तत्र तत्र नियत- विषया दृश्यन्ते । तद्यथा शवतिर्गतिकर्मा कम्बोजेष्वेव भाषितो भवति, विकार एवैनमार्या भाषन्ते शव इति । हम्मतिः सुराष्ट्रेषु, रंहतिः प्राच्यमध्येषु, गमिमेव त्वार्याः प्रयुञ्जते । दातिर्लवनार्थे प्राच्येषु, दात्रमुदीच्येषु । ये चाप्येते भवतोऽप्रयुक्ता अभिमताः शब्दा एतेषामपि प्रयोगो दृश्यते । क्व ? वेदे । तद्यथा—"सप्तास्ये रेवती रेवदूष, यद्वो रेवती रेवत्यां तमूष, यन्मे नरः श्रुत्यं ब्रह्म चक्र, यन्ना नश्चक्रा जरसं तनूनाम्" इति । प्रदीपः—सर्व इति । इदमत्र तात्पर्यम्—यस्य कस्यचिद्वचनात्प्रयोगाप्रयोगौ न व्यवतिष्ठेते, अपितु शिष्टानामेव वचनात् । वाकोवाक्यमिति । वाकोवाक्यशब्देनो- क्तिप्रत्युक्तिरूपो ग्रन्थ उच्यते—यथा—"किंस्विदावपनं महद् भूमिरावपनं महत्" इति । पूर्वचरितसङ्कीर्तनमितिहासः । वंशाद्यनुकीर्तनं पुराणम् । विकार इति । जीवतो मृतावस्था विकारस्तत्रेत्यर्थः ।

३. व्याकरण-शास्त्र की महिमा, साधु-असाधु शब्द-विभाग एवं पस्पशाह्निक उपसंहार

प्रथममाह्निकम् (पस्पशा) ५५ अनुवाद—सभी (अप्रयुक्त शब्द) अन्य देशों में— ये सभी (अप्रयुक्त शब्द) अन्य देशों (स्थानों) में प्रयुक्त होते हैं। परन्तु वे उपलब्ध नहीं होते । (तो) उपलब्धि में यत्न कीजिये। शब्दप्रयोग का क्षेत्र बहुत विस्तृत है। यह सप्तद्वीपा पृथ्वी है, तीन लोक हैं, वेदाङ्गों और रहस्य (उपनिषत्साहित्य) सहित चार वेद हैं। (उनके) नाना भेद हैं—यजुर्वेद की १०१ शाखायें हैं, सामवेद के १०० मार्ग हैं, बाहूवृच्य (ऋग्वेद) २१ प्रकार का है (उसकी २१ शाखायें हैं), अथर्ववेद ६ प्रकार का है। उक्तिप्रत्युक्तिरूप ग्रन्थ, इतिहास, पुराण, वैद्यक इत्यादि, इतना बड़ा शब्द प्रयोग का क्षेत्र है। इतने बड़े शब्द प्रयोग के विषय को बिना सुने "अप्रयुक्त हैं" ऐसा कहना केवल साहसमात्र ही है। और इस इतने बड़े शब्दप्रयोग के क्षेत्र में तत्तच्छब्द उस-उस अर्थ में नियत विषय देखे जाते हैं। जैसे कि गतिकर्मा 'शवति' शब्द (शव् धातु का तिङन्त रूप) कम्बोज लोगों में ही बोला जाता है, आर्य लोग इसके विकार 'शव' शब्द का प्रयोग करते हैं। 'हम्मति' (हम्म् धातु का तिङन्त रूप) सुराष्ट्र देश में, 'रंहति' (रंह् धातु का तिङन्त रूप) प्राच्य और मध्य देशों में, आर्य तो (इस अर्थ में गम् धातु का ही प्रयोग करते हैं। 'दाति' (दा धातु का तिङन्त रूप) प्राच्य देशों में काटने के अर्थ में (प्रयुक्त होता है), उदीच्य प्रदेशों में (लोग) दात्र का प्रयोग करते हैं। और ये जो शब्द आप को अप्रयुक्त (रूप में) अभिमत हैं, उनका भी प्रयोग देखा जाता है। कहाँ ? वेद में। जैसेकि "सप्तास्ये रेवती रेवदूष," "यदवो रेवती रेवत्यां तमूष," "यन्मे नरः श्रुत्यं ब्रह्माचक्र," "यत्रा नश्चक्रा जरसं तनूनाम्" इत्यादि (श्रुतियों में)। उषा—"छिन्ने मूले नैव पत्रं न शाखाः," आपाततः भ्रान्तियों का समाधान करने के अनन्तर सिद्धान्ती ने पूर्वपक्षी के मूल सिद्धान्त पर ही प्रहार करते हुए यह स्थापित किया है कि वे शब्द जिन्हें अप्रयुक्त समझा गया है, अन्यान्य देशों में प्रयुक्त हुए देखे जाते हैं। शब्द के प्रयोग का विषय अत्यन्त विस्तृत है। सात द्वीपों वाली पृथ्वी, तीन लोक, षडङ्ग तथा उपनिषत्सहित चार वेद । उन चार वेदों में भी यजुर्वेद की १०१, सामवेद की एक हजार, ऋग्वेद की इक्कीस तथा अथर्ववेद की ६ शाखाओं सहित कुल ११३० शाखायें हैं। इसके अतिरिक्त स्मृति, प्रश्नोत्तर रूप शास्त्रार्थ के ग्रन्थ, इतिहास, पुराण और वैद्यक शास्त्र के रूप में शब्द का विस्तार क्षेत्र है। इस विस्तृत प्रयोग क्षेत्र में भी शब्द विभिन्न प्रदेशों में अलग-अलग अर्थों में प्रयुज्यमान देखे जाते हैं। तद्यथा कम्बोज प्रदेश में √शव् का गतिकर्म अर्थ में

५६ महाभाष्यम्

प्रयोग होता है, आर्य इसके विकार रूप शव शब्द का प्रयोग करते हैं। सुराष्ट्र में √हम्म्, प्राच्य और मध्य देश में √रंह् तथा आर्य प्रदेशों में √गम् का प्रयोग एक ही अर्थ में होता है। ऐसी स्थिति में किसी शब्द को अप्रयुक्त कह देना उचित नहीं। पुनश्च, भाष्यकार ने पूर्वपक्षी द्वारा उद्धृत किये गये चारों शब्दों का प्रयोग भी दिखाया है। ऊष, तेर, चक्र और पेच, ये चारों शब्द ऋक् मन्त्रों में प्राप्त होते हैं। "सप्तास्ये रेवती रेवदूष" इत्यादि श्रुति में 'ऊष' शब्द का तथा "यन्मे नरः श्रुत्यं ब्रह्म चक्र" इत्यादि श्रुति में 'चक्र' शब्द का प्रयोग दिखाया गया है। अतः पूर्वपक्षी द्वारा उठाई गई स्मृति के अप्रामाण्य की शंका निराधार हो जाती है। मूलम्—किं पुनः शब्दस्य ज्ञाने धर्मः, आहो स्वित्प्रयोगे ? कश्चात्र विशेषः ?

  • ज्ञाने धर्म इति चेत्तथाऽधर्मः— ज्ञाने धर्म इति चेत्तथाऽधर्मोऽपि प्राप्नोति । यो हि शब्दान्जानात्यपशब्दा- नप्यसौ जानाति । यथैव शब्दज्ञाने धर्म एवमपशब्द ज्ञानेऽप्यधर्मः । अथवा भूयानधर्मः प्राप्नोति । भूयांसो ह्यपशब्दा अल्पीयांसः शब्दाः । एकैकस्य शब्दस्य बहवोऽपभ्रंशाः । तद्यथा गौरित्यस्य गावी गोणी गोता गोपोतलिकेत्येवमादयोऽपभ्रंशाः ।
  • आचारे नियमः— आचारे पुनरृषिर्नियमं वेदयते—"तेऽसुरा हेलयो हेलय इति कुर्वन्तः पराबभूवुः" इति । प्रदीपः—किं पुनरिति । "एकः शब्दः सम्यग्ज्ञातः शास्त्रान्वितः सुप्रयुक्तः स्वर्गे लोके च कामधुग्भवति" इति श्रुतिः तत्र किं सम्यग् ज्ञातः कामधुग्भवति सुप्रयोगात्तु सम्यग्ज्ञातत्वानुमानमित्यर्थः, आहो स्वित्सुप्रयुक्तः कामधुग्भवति सुप्रयुक्तत्वं तु सम्यग्ज्ञानादित्यर्थ इति प्रश्नः । ज्ञाने धर्म इति चेदिति । यथा श्लेष्मणः प्रकोपनं स्नेहद्रव्यं रूक्षं तु वायोस्तथेहापि प्राप्तमिति भावः आचारे प्रयोगे । ऋषिर्वेदः । अनुवाद—फिर क्या शब्द के ज्ञान में धर्म है, अथवा प्रयोग में ? इसमें क्या विशेष (बात) है ? "यदि ज्ञान में धर्म है, तो अधर्म (भी) हो"— यदि (शब्द के) ज्ञान में धर्म (की प्राप्ति) हो तो अधर्म भी प्राप्त होता है । क्योंकि जो शब्द को जानता है, वह अपशब्दों को भी जानता है । जिस प्रकार से शब्द के ज्ञान में धर्म है, उसी प्रकार अपशब्द के ज्ञान में भी अधर्म है। अथवा अधिक अधर्म को प्राप्त करता है । अपशब्द अधिक हैं (साधु) शब्द कम हैं । एक एक शब्द के बहुत से अपभ्रंश हैं, जैसे कि 'गोः' इस एक (शब्द) के गावी, गोणी, गोता, गोपोतलिका इत्यादि प्रकार के अपभ्रंश हैं ।

प्रथमाह्निकम् (पस्पशा) ५७ “आचार में नियम है”— ऋषि आचार में नियम बताता है—“वे असुर 'हेलयः हेलयः' करते हुए पराभव को प्राप्त हुए” ऐसा । एषा—श्रुति “एकः शब्दः सम्यग्ज्ञातः शास्त्रान्वितः सुप्रयुक्तः स्वर्गे लोके च कामधुग्भवति” ऐसा कहकर धर्म का प्रतिपादन करती है । श्रुति वाक्य में “सम्यग्ज्ञातः” और “सुप्रयुक्तः” इन दोनों ही पदों का समावेश है । अतः प्रश्न उठता कि शब्द का सम्यग्ज्ञान अभ्युदयकारक है अथवा सम्यक् प्रयोग । शब्द का सम्यक् ज्ञान उसके सम्यक् प्रयोग से अनुमेय है और सम्यक् प्रयोग सम्यक् ज्ञान से ही शक्य है । इनमें से यदि ज्ञान पक्ष को स्वीकार किया जाये तो साधु शब्द के ज्ञान से जिस प्रकार धर्म की प्राप्ति होती है, असाधु शब्द के ज्ञान से उसी प्रकार अधर्म की प्राप्ति भी होनी चाहिए । और इस प्रकार से अधर्म की सम्भावना अधिक ही होगी क्योंकि एक-एक शब्द के बहुत अपरूप हुआ करते हैं । जैसे ‘गो' शब्द गावी, गोणी, गोता, गोपोतलिका इत्यादि अनेक अपभ्रष्ट रूपों में प्राप्त होता है । अपि च, “तेऽसुरा हेलयो हेलय इति कुर्वन्तः पराबभूवुः” के रूप में श्रुति भी शब्द के प्रयोग में ही धर्म प्राप्ति की बात स्वीकार करती है । इस प्रकार ज्ञान मात्र से धर्म प्राप्ति की बात वेद विरुद्ध भी है । अतः शब्द के ज्ञानमात्र से अभ्युदय रूप धर्म की प्राप्ति नहीं हो सकती । मूलम्—अस्तु तर्हि प्रयोगे ।

  • प्रयोगे सर्वलोकस्य— यदि प्रयोगे धर्मः, सर्वो लोकोऽभ्युदयेन युज्येत । कश्चेदानीं भवतो मत्त्सरो, यदि सर्वो लोकोऽभ्युदयेन युज्येत ? न खलु कश्चिन्मत्सरः । प्रयत्नानर्थक्यं तु भवति फलवता च नाम प्रयत्नेन भवितव्यम् । न च प्रयत्नः फलाद्व्यतिरेच्यः ननु च ये कृतप्रयत्नास्ते साधीयः शब्दान्प्रयोक्ष्यन्ते, त एव साधीयोऽभ्युदयेन योक्ष्यन्ते । व्यतिरेकोऽपि वै लक्ष्यते । दृश्यन्ते हि कृतप्रयत्नाश्चाप्रवीणा, अकृत- प्रयत्नाश्च प्रवीणाः । तत्र फलव्यतिरेकोऽपि स्यात् । प्रदीपः—न च प्रयत्न इति । यदि प्रयत्नेन विना फलं स्यात् प्रयत्नवैयर्थ्य- मापद्येतेत्यर्थः । व्यतिरेक इति । परिहासः । अनुवाद—तो प्रयोग में (धर्म) हो । “प्रयोग में सभी का”— यदि (साधु शब्दों के) प्रयोग में धर्म हो तो सभी लोग अभ्युदय से युक्त हो जायें ।

५८ महाभाष्यम् इसमें आपको क्या जलन है, यदि समस्त लोक अभ्युदय से युक्त हो जायें ? (हमें) कोई जलन नहीं है (परन्तु) प्रयत्नानर्थक्य तो उपपन्न हो जायेगा । प्रयत्न को फलवान् होना चाहिए । प्रयत्न फल से व्यतिरिक्त नहीं होना चाहिए । निश्चित ही जिन्होंने प्रयत्न किया है वे शब्दों का साधु प्रयोग करेंगे, वे ही अधिक अभ्युदय से युक्त होंगे । वैपरीत्य भी देखा जाता है । प्रयत्न करने वाले अकुशल और प्रयत्न न करने वाले कुशल देखे जाते हैं । वहाँ फल का भी वैपरीत्य होगा । उषा:—शब्द ज्ञान में धर्मोपलब्धि का निरास करके प्रस्तुत अवतरण शब्द प्रयोग से धर्मोपलब्धि में दूषण दिखाता है । शब्द प्रयोग से धर्मप्राप्ति यदि सम्भव हो तो सभी प्रयोगमात्र से अभ्युदय से युक्त हो जायेंगे, भले ही उन्होंने शास्त्र का अनुशीलन अथवा व्याकरण का अध्ययन किया हो अथवा नहीं । ऐसी परिस्थिति में वैयाकरण और अवैयाकरण दोनों के द्वारा किये गये प्रयोग समान रूप से फलवान् होंगे । (व्याकरणाध्ययन रूप) प्रयत्न के बिना ही यदि अभ्युदय रूप फल की प्राप्ति होने लगे तो प्रयत्न — वैयर्थ्यप्रसङ्ग उपस्थित हो जायेगा । ऐसी स्थिति में यह भी नहीं कहा जा सकता कि जो प्रयत्न करेंगे वे अधिक कुशल प्रयोग से अधिक अभ्युदय से युक्त होंगे । कुछ लोग व्यवहार में प्रत्युत्पन्न- मतित्व के अभाव में प्रयोग में प्रौढ़ नहीं हो पाते, अन्य लोग व्याकरण का अध्ययन किये बिना ही व्यवहार से शब्दज्ञान करके उनके प्रयोग में अधिक कुशल हो जाते हैं । मुग्ध वैयाकरण की अपेक्षा प्रौढ़ अवैयाकरण भी साधु शब्दों का कुशल प्रयोग करता है । एवं च, प्रयोग पक्ष में भी धर्म प्राप्ति की बात को स्वीकार नहीं किया जा सकता । मूलम्—एवं तर्हि नापि ज्ञान एव धर्मो नापि प्रयोग एव किं तर्हि ?

  • शास्त्रपूर्वके प्रयोगेऽभ्युदयस्तत्तुल्यं वेदशब्देन — शास्त्रपूर्वकं यः शब्दान्प्रयुङ्क्ते सोऽभ्युदयेन युज्यते । तत्तुल्यं वेदशब्देन । वेदशब्दा अप्येवमभिवदन्ति — "योऽग्निष्टोमेन यजते य उ चैनमेवं वेद," "योऽग्निं नाचिकेतं चिनुते य उ चैनमेवं वेद ।" अपर आह—तत्तुल्यं वेदशब्देनेति । यथा वेदशब्दा नियमपूर्वमधीताः फलवन्तो भवन्त्येवं यः शास्त्रपूर्वकं शब्दान्प्रयुङ्क्ते सोऽभ्युदयेन युज्यत इति । प्रदीपः—तत्तुल्यमिति । वेदः शब्दो यस्यार्थस्य स वेदशब्दस्तस्य यथा ज्ञात्वानुष्ठानं तथा शब्दानापि प्रकृत्यादिविभागज्ञानपूर्वकः प्रयोग इत्यर्थः । अपर आहेति । वेदश्चासौ शब्दश्च वेदशब्द इति कर्मधारयः ।

प्रथमाह्निकम् (पस्पशा) ५६ अनुवाद—तो ऐसे में न हीं (केवल) ज्ञान में धर्म है न (केवल) प्रयोग में । तो क्या है ? "वेद के शब्द के समान शास्त्रपूर्वक प्रयोग में अभ्युदय है"— शास्त्रज्ञान पूर्वक जो शब्दों का प्रयोग करता है, वह अभ्युदय से युक्त होता है । 'तत्तुल्यं वेदशब्देन' का अभिप्राय है । कि वेद शब्द भी इसी प्रकार से कहते हैं ।—"जो अग्निष्टोम यज्ञ करता है और जो इसे इस प्रकार से जानता है," "जो नाचिकेत अग्नि का चयन करता है और जो इसे इस प्रकार से जानता है"। "तत्तुल्यं वेदशब्देनेति" (के व्याख्यान में) दूसरा कहता है कि जिस प्रकार से वेदशब्द नियमपूर्वक अध्ययन किये गये फलवान् होते हैं उसी प्रकार से जो शास्त्रपूर्वक शब्दों का प्रयोग करता है, वह अभ्युदय से युक्त होता है , उषा—शब्दज्ञान तथा शब्द प्रयोग दोनों ही पक्षों के निरस्त हो जाने पर सिद्धान्ती श्रुति को प्रमाण मानता हुआ इन दोनों पक्षों में समन्वय स्थापित करके शास्त्र ज्ञानपूर्वक साधु शब्द के प्रयोग से धर्म प्राप्ति के पक्ष को सिद्धान्त के रूप में उपस्थापित करता है, अर्थात् जो ज्ञानपूर्वक साधु शब्दों का प्रयोग करता है, वह अभ्युदय से युक्त होता है । अपने इस सिद्धान्त पक्ष के समर्थन में भगवत्पाद ने वेद के वाक्यों को प्रमाण के रूप में उपस्थित किया है । क्योंकि व्याकरण की दार्शनिक परम्परा भी शब्द- प्रमाणवादी है, यहाँ शब्द को प्रत्यक्ष के समान ही प्रामाणिक माना जाता है । भर्तृहरि ने वाक्यपदीय में इस विषय में कहा है कि— आविर्भूतप्रकाशानामनुपप्लुतचेतसाम् । अतीतानागतज्ञानं प्रत्यक्षान्न विशिष्यते ॥ "योऽग्निष्टोमेन यजते य उ चैनमेवं वेद", "योऽग्निं नाचिकेतं चिनुते य उ चैनमेवं वेद" इत्यादि वेदवाक्य ज्ञान और प्रायोगिकता दोनों की साथ-साथ स्थिति को अभ्युदय हेतुत्व के रूप में स्वीकार करते हैं । "शब्दक्रमादर्थक्रमो बलीयान्" इस नियम से इन वेद वाक्यों में "य उ चैनमेवं वेद" इस भाग का अन्वय पहले होना चाहिए, क्योंकि पहले ज्ञान तथा उसके अनन्तर ही अनुष्ठान की कल्पना सम्भव हो सकती है । "तत्तुल्यं वेदशब्देन" की एक अन्य व्याख्या भी भाष्यकार ने उपस्थापित की है कि वेद जिस प्रकार से नियमपूर्वक अध्ययन किये जाने पर फल से युक्त होते हैं, उसी प्रकार से शास्त्रज्ञानपूर्वक जो शब्द का प्रयोग करता है, वह अभ्युदय से युक्त होता है । वेद का अध्ययन भी ज्ञानपूर्वक ही करने का विधान है— अविदित्वा ऋषि छन्दो दैवतं योगमेव च । योऽध्यापयेज्जपेद् वापि पापीयाञ्जायते तु सः ॥

६० महाभाष्यम् मूलम्—अथवा पुनरस्तु—ज्ञान एव धर्म इति । ननु चोक्तं ज्ञाने धर्म इति चेत्तथाऽधर्म इति । नैष दोषः । शब्दप्रमाणका वयम्, यच्छब्द आह तदस्माकं प्रमाणम् । शब्दश्च शब्दज्ञाने धर्ममाह, नापशब्दज्ञानेऽधर्मम् । यच्च पुनरशिष्टमप्रतिषिद्धं, नैव तद्दोषाय भवति, नाभ्युदयाय । तद् यथा हिक्कितहसितकण्डूयितानि नैव दोषाय भवन्ति, नाभ्युदयाय । अथवाऽभ्युपाय एवापशब्दज्ञानं शब्दज्ञाने । यो ह्यपशब्दाञ्जानाति । शब्दा- नप्यसौ जानाति । तदेवं “ज्ञाने धर्मः” इति ब्रुवतोऽर्थादापन्नं भवति—“अपशब्द- ज्ञानपूर्वके शब्दज्ञाने धर्मः” इति । अथवा कूपखानकवदेतद्भविष्यति । तद्यथा कूपखानकः कूपं खनन्यद्यपि मृदा पांसुभिश्चावकीर्णो भवति । सोऽप्सु सञ्जातासु तत एव तं गुणमासादयति । येन च स दोषो निर्हण्यते, भूयसा चाभ्युदयेन योगो भवति । एवमिहापि यद्यप्यपशब्द- ज्ञानेऽधर्मस्तथापि यस्त्वसौ शब्दज्ञाने धर्मस्तेन च स दोषो निर्हनिष्यते भूयसा चाभ्युदयेन योगो भविष्यति । यदप्युच्यते “आचारे नियम” इति । याज्ञे कर्मणि स नियमोऽन्यत्रानियमः । एवं हि श्रूयते “यर्वाणस्तर्वाणो नाम ऋषयो बभूवुः प्रत्यक्षधर्माणः परापरज्ञा विदितवेदितव्या अधिगतयाथा- तथ्याः ।” ते तत्रभवन्तो यद्वानस्तद्वान इति प्रयोक्तव्ये यर्वाणस्तर्वाण इति प्रयुञ्जते, याज्ञे पुनः कर्मणि नापभाषन्ते । तै पुनरसुरैर्यज्ञे कर्मण्यपभाषितम् ततस्ते पराभूताः । प्रदीपः—अथवेति । अपशब्दज्ञानानान्तरीयकतवाच्छब्दज्ञानस्य पृथक् फलमप- शब्दज्ञानस्य नास्तीत्यर्थः । दोष इति । उत्कृष्टधर्मफलावाप्तौ स्वल्पधर्मफलमुत्पन्न- मप्यनुत्पन्नकल्पं भवतीत्यर्थः । प्रत्यक्षधर्माण इति । योगजप्रत्यक्षेण सर्वं विदित- वन्तः परापरज्ञा इति । विद्याविद्याविभागज्ञाः । अनुवाद—अथवा फिर (ऐसा) हो—(शब्द के) ज्ञान में ही धर्म है । अभी जो कहा है कि यदि ज्ञान में धर्म है तो (अपशब्द के ज्ञान से) अधर्म भी है । यह दोष नहीं है । हम शब्दप्रमाणवादी हैं, जो शब्द कहता है वह हमारा प्रमाण है और शब्द (वेद) शब्द के ज्ञान में धर्म कहता है, अपशब्द के ज्ञान में अधर्म नहीं । और जो न तो शिष्ट हो और न प्रतिषिद्ध हो, वह न तो दोषजनक ही होता है, न अभ्युदयकारक । अथवा अपशब्दज्ञान शब्दज्ञान में उपाय ही है । जो अपशब्दों को जानता है, वह शब्दों को भी जानता है । इस प्रकार से “ज्ञान में धर्म है” ऐसा कहते हुए स्वयं ही यह अर्थ आपन्न होता है कि अपशब्दज्ञानपूर्वक शब्दज्ञान में धर्म है ।

प्रथममाह्निकम् (पस्पशा) ६१ अथवा (इसका समाधान) कूपखानक की तरह से होगा । जैसे कि कूप खोदने वाला यद्यपि मिट्टी और धूलि से अवलिप्त हो जाता है, वह जल से उत्पन्न (प्रकट) हो जाने पर वहीं से इष्ट साधन को प्राप्त करता है । जिससे वह दोष नष्ट हो जाता है और (वह) महान् अभ्युदय से युक्त होता है । इसी प्रकार से यहाँ भी यद्यपि अपशब्द के ज्ञान से अधर्म है तथापि जो शब्दज्ञान से धर्म प्राप्त होता है उससे वह दोष नष्ट हो जाता है और अभ्युदय का योग होता है । जो यह कहा जाता है कि आचार में नियम है । वह नियम यज्ञ कर्म में ही है, अन्यत्र नहीं । ऐसा सुना जाता है कि प्रत्यक्ष- धर्मा, विद्याऽविद्याविभागज्ञ, विदितवेदितव्य, अधिगतयाथातथ्य यर्वन् और तर्वन् नाम के ऋषि हुए थे । वे श्रीमान् “यद्वानः, तद्वानः” ऐसा प्रयोग करने के स्थान पर “यर्वाणः, तर्वाणः” ऐसा प्रयोग करते थे । परन्तु उन असुरों के द्वारा यज्ञ कर्म में भी अपभाषण किया गया, इसलिए वे पराभूत हुए । उषा—अथवा, जैसा कि पहले भी कहा गया था, केवल ज्ञान मात्र से भी अभ्युदय की प्राप्ति हो सकती है । उस विवेचन प्रसङ्ग में इस पक्ष में जो दोष दिखाये गये थे, उनका भी समाधान हो सकता है । प्रथम दोष धर्म प्राप्ति के साथ-साथ अधर्म की सम्भावना को लेकर उपस्थापित किया गया था । भाष्यकार ने तीन प्रकार से इसका समाधान किया है— (१) प्रथम समाधान श्रुति को आधार मानकर उपस्थित किया गया है । शब्द “एकः शब्दः सम्यग्ज्ञात०” इत्यादि श्रुति के अनुसार शब्दज्ञान से धर्मप्राप्ति का निर्देश अवश्य करता है, परन्तु अपशब्द के ज्ञान से अधर्म प्राप्ति की बात श्रुति में नहीं कही गई । “तेऽसुरा०” इत्यादि के द्वारा जो पराभूत होने की बात है, वह अपशब्द के ज्ञान से नहीं, प्रत्युत असाधु शब्द के प्रयोग से उपपन्न होती है । और जिस वस्तु का निर्देश नहीं होता वह न तो अभ्युदय का हेतु हो सकती है, न अधर्म का कारण । जिस प्रकार से हिक्कित, श्वसित, कण्डूयित इत्यादि क्रियाओं के करने से न तो पुरुष अभ्युदय को प्राप्त करता है और न इनसे अधर्म ही होता है । अत एव श्रुति में निर्दिष्ट न होने के कारण अपशब्द का ज्ञान भी अधर्म- कारक नहीं होता । (२) अपशब्द का ज्ञान भी शब्द का एक साधन ही है । गावी, गोणी, गोता, गोपोतलिका इत्यादि अपशब्दों का ज्ञान होने पर ही, “इनसे इतर ‘गो’ साधु शब्द है”। इस प्रकार का ज्ञान उत्पन्न होता है । अथवा कहा जा सकता है कि जो अपशब्द को अपशब्दत्वेन जानता है, वही साधु शब्द को भी साधुशब्दत्वेन जान सकता है । अतएव जब शब्दज्ञान से धर्म की बात कही जाती है तो उसका

६२ महाभाष्यम् अभिप्राय यह होता है कि अपशब्दों के अपशब्दत्वेन ज्ञान सहित साधु शब्दों का साधुशब्दत्वेन ज्ञान धर्म का हेतु है । (३) प्रथम दो हेतुओं से ही यह सिद्ध हो जाता है कि अपशब्द का ज्ञान अधर्म का कारण नहीं प्रत्युत साधुशब्दज्ञान का साधन रूप होने के कारण फलवान् भी होता है । फिर भी, एक क्षण के लिए यदि यह कल्पना कर भी ली जाये कि अपशब्द से अधर्म की प्राप्ति होती है तो भी इसे दोषजनक नहीं कहा जा सकता । कूपखनन में जिस प्रकार से व्यक्ति पहले मिट्टी इत्यादि से लिप्त हो जाता है, परन्तु अनन्तर स्वच्छ जल उपलब्ध होने पर पुनः उसमें स्नान कर निर्मल हो जाता है, उसी प्रकार से अपशब्दों के ज्ञान से यदि कोई दोष लगता भी है तो साधु शब्द का ज्ञान होने पर पुनः व्यक्ति उस दोष से मुक्त होकर अभ्युदय से युक्त होता है । उत्कृष्ट अधिक फल की प्राप्ति में यदि स्वल्प अधर्म फल भी हो रहा हो तो वह अनुत्पन्न के समान ही होता है । ज्ञानपक्ष में दूसरा दूषण श्रुति सम्मत आचार में नियम की बात को लेकर पूर्वपक्षी के द्वारा स्थापित किया गया था । भाष्यकार के अनुसार यह विशेष व्यवस्था यज्ञादि के लिए ही की गई है । अन्यत्र साधारण स्थिति में इसकी सम्भावना नहीं हो सकती । इसके समर्थन में पतञ्जलि ने यर्वाणः, तर्वाणः नाम के ऋषियों से सम्बद्ध कथा को प्रस्तुत करते हुए कहा है कि सामान्य जीवन में अपशब्दों का प्रयोग करते हुए भी वे याज्ञकर्म में अपशब्दों का प्रयोग नहीं करते थे, अतः वे अपुण्य से युक्त नहीं हुए । असुरों ने याज्ञकर्म में भी अपभाषण किया, अतः वे पराभूत हुए । मूलम्—अथ व्याकरणमित्यस्य शब्दस्य कः पदार्थः ? सूत्रम् । *सूत्रे व्याकरणे षष्ठ्यर्थोऽनुपपन्नः— सूत्रे व्याकरणे षष्ठ्यर्थो नोपपद्यते—‘व्याकरणस्य सूत्रम्’ इति । किं हि तदन्यत्सूत्राद् व्याकरणम्, यस्यादः सूत्रं स्यात् । *शब्दाप्रतिपत्तिः शब्दानां चाप्रतिपत्तिः प्राप्नोति—व्याकरणाच्छब्दान्प्रतिपद्यामहे इति । नहि सूत्रत एव शब्दान्प्रतिपद्यन्ते । किं तर्हि ? व्याख्यानतश्च । ननु च तदेव सूत्रं विगृहीतं व्याख्यानं भवति । न केवलानि चर्चापदानि व्याख्यानम्—‘वृद्धिः, आत्, ऐच्’ इति, किं तर्हि उदाहरणं प्रत्युदाहरणं वाक्याध्याहार इत्येतत्समुदितं व्याख्यानं भवति ।

प्रथममाह्निकम् (पस्पशा) ६३ प्रदीपः—अथेति । उक्तमिदं न चान्तरेण व्याकरणमित्यादि । तत्र पक्ष- द्वयेऽपि दोषदर्शनात् पदार्थप्रश्नः । षष्ठ्यर्थ इति । द्वाभ्यामपि शब्दाभ्यामष्टाध्याय्याः प्रतिपादनाद्व्यतिरेकाभावः । सामान्यविशेषशब्दतया तु द्वयोः सहप्रयोगो न विरुध्यते, यदा त्वष्टाध्याय्येकदेशः सूत्रशब्देनोच्यते, तदा षष्ठ्यर्थोऽप्युपपद्यते । शब्दाप्रतिपत्ति- रिति । न हि व्याख्यानरहितसूत्रमात्रश्रवणाच्छब्दाः प्रतीयन्ते । समुदितमिति । समुदायादेवार्थावसायोत्पादादित्यर्थः । अनुवाद—अब 'व्याकरण' इस शब्द का क्या अर्थ है ? सूत्र । "सूत्र को व्याकरण मानने पर षष्ठ्यर्थ अनुपपन्न"— सूत्र को व्याकरण मानने पर षष्ठी (विभक्ति) का अर्थ उपपन्न नहीं हो सकता—'व्याकरण का सूत्र ।' क्या सूत्र से अतिरिक्त व्याकरण कुछ (तत्त्व) है जिसका वह सूत्र होगा । "शब्दों की अप्रतिपत्ति"— और (सूत्र को ही व्याकरण मानने पर) शब्दों का प्रतिपादन भी नहीं हो सकेगा—(हम) व्याकरण से शब्दों का प्रतिपादन करते हैं । (और) सूत्रों से ही शब्दों का प्रतिपादन नहीं हो सकता । फिर किससे ? व्याख्यान से भी । वही सूत्र तो विगृहीत होकर व्याख्यान होता है । केवल चर्चित पद—वृद्धि, आत्, ऐच् आदि ही व्याख्यान नहीं होते । तो क्या (व्याख्यान होता है) ? उदाहरण, प्रत्युदाहरण, वाक्य का अध्याहार, यह सब मिलकर व्याख्यान होता है । उषा—'तस्मादध्येयं व्याकरणम्' इत्यादि शास्त्र के द्वारा व्याकरणाध्ययन की अनिवार्यता का प्रतिपादन किया गया है । अतः अध्ययन के निमित्त व्याकरण शब्द के अर्थ तथा विस्तार सीमाओं को स्पष्ट करना आवश्यक हो जाता है । यहाँ इस प्रसङ्ग में सर्वप्रथम सूत्र और शब्द को व्याकरण पद के वाच्य के रूप में रखकर विचार किया गया है । परन्तु सूत्र में व्याकरणत्व स्वीकार करने पर दो आपत्तियाँ हो सकती हैं— (१) षष्ठी विभक्ति का प्रयोग वहीं उपपन्न हो सकता है जहाँ दो पृथक् वस्तुओं का निर्देश करना हो, क्योंकि यह विभक्ति दो पदार्थों का सम्बन्ध बताने में ही प्रयुक्त होती है । परन्तु व्यवहार में सूत्र और व्याकरण इन दोनों ही पदों के