काश्यप संहिता (वृद्ध जीवकीय तन्त्र व विद्योतिनी हिन्दी टीका सहित)
Kashyapa Samhita Hindi
महर्षि काश्यप / जीवक (टीकाकार: श्री सत्यपाल भिषगाचार्य) द्वारा
स्रोत: Kashyapa Samhita (Vriddha Jivakiya Tantra) with Vidyotini Hindi Commentary (उद्गम)
१०२ | काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् | असमानगोत्रीयशरीराध्यायः ? ]
जाती है जिसमें लेसदार द्रव भर जाता है इसीलिये प्रथम मास में इसका रूप कफ के सदृश बताया है। इसी को प्रकट करने के लिये सुश्रुत शा. अ. ३ में भी कहा है—‘तत्र प्रथमे मासि कललं जायते’। दूसरे मास में गर्भाशय की श्लैष्मिक कला मोटी होने लगती है तथा यह बीजरूप गर्भ को चारों ओर से घेर लेती है। इसके ऊपर दो आवरण बन जाते हैं। इसी समय गर्भ के चारों ओर गर्भोदक (Liguor Amnoc) एकत्र हो जाता है। इसके दबाव से गर्भावरण की दोनों झिल्लियां परस्पर मिल जाती हैं। चरक शा. अ. ४ में कहा है—“द्वितीये मासि घनः सम्पद्यते-पिण्डः पेश्यर्बुदं वा, तत्र पिण्डः पुरुषः स्त्री पेशी आर्द्रं नपुंसकम्”। यदि वह घनाकार गर्भ पिण्डरूप हो तो पुरुष, यदि मांस पेशी की आकृति का ही तो स्त्री तथा अर्बुदाकृति हो तो नपुंसक गर्भ होता है।
अब हम मूल ग्रन्थोक्त विषय पर आते हैं क्योंकि इस अध्याय का प्रस्तुत विषय इस प्रकरण के बाद ही प्रारम्भ होता है।
प्राणस्तु बीजधातुं हि विभजत्यस्थिसंख्य(स्थ)या । प्रविष्टमात्रं बीजं हि रक्तेन परिवेष्ट्यते ।।
शुक्रादस्थ्यस्थितो मांसमुभाभ्यां स्नायवः स्मृताः । सर्वेन्द्रियाणि गर्भस्य सर्वाङ्गावयवास्तथा ।।
जीवात्मा के प्राण बीजधातु (शुक्रधातु) को अस्थि संस्थान के अनुसार विभक्त करता है। शरीर में प्रविष्ट हुआ बीज रक्त के द्वारा परिवेष्टित हो जाता है। अर्थात् जब पुरुष के शुक्राणु स्त्री के गर्भाशय में प्रविष्ट होते हैं तब उस शुक्राणु के चारों ओर स्त्री का आर्तव फैल जाता है। शुक्र से गर्भस्थ बालक के अस्थि एवं मांस बनते हैं तथा इन दोनों से अर्थात् अस्थि और मांस से स्नायुओं का निर्माण होता है। यह गर्भावस्था में गर्भस्थ बालक की प्रथम दो मास की आन्तरिक वृद्धि का वर्णन किया गया है॥
तृतीये मासि युगपन्निर्वर्तन्ते यथाक्रमम् । प्रस्पन्दते चेतयति वेदनाश्चावबुद्ध्यते ।।
तृतीय मास में गर्भ की सब इन्द्रियां तथा सब अवयव यथाक्रम युगपत् (एकसाथ) प्रकट हो जाते हैं। गर्भ स्पन्दन करने लगता है। वह चेतना तथा वेदना का भी अनुभव करने लगता है। इस मास में उसकी इन्द्रियां अत्यन्त सूक्ष्म होती हैं तथा मन में सुख दुःख का ज्ञान होने लगता है। चरक शा. अ. ४ में भी कहा है—तृतीये मासि सर्वेन्द्रियाणि सर्वाङ्गावयवाश्च यौगपद्येनाभिनिर्वर्तन्ते। सुश्रुत शा. अ. ३ में भी कहा है—तृतीये हस्तपादशिरसां पञ्च पिण्डका निर्वर्तन्तेऽङ्गप्रत्यङ्गविभागश्च सूक्ष्मो भवति। इस मास में गर्भ के अङ्ग अत्यन्त सूक्ष्म रूप में होते हैं। चरक में इसी मास में गर्भ के हृदय का विकसित होना सूचित किया गया है। वहां कहा है—“तस्य यत्कालमेवेन्द्रियाणि सन्तिष्ठन्ते, तत्कालमेवास्य चेतसि वेदना निबन्धं प्राप्नोति, तस्मात्तदा प्रभृति गर्भः स्पन्दते प्रार्थयते च, तद् द्वैहृदयमाचक्षते वृद्धाः मातृजं चास्य हृदयं मातृहृदयेनाभिसम्बद्धं भवति रसवाहिनीभिः संवाहिनीभिः, तस्मात्तयोस्ताभिर्भक्तिः सम्पद्यते। तच्चैव कारणमवेक्षमाणा न द्वैहृदयस्य विमानितं गर्भमिच्छन्ति कर्तुं, विमानने ह्यस्य दृश्यते विनाशो विकृतिर्वा, समानयोगक्षेमा हि माता तदा गर्भेण केषुचिदर्थेषु, तस्मात्प्रियहिताभ्यां गर्भिणीं विशेषेणोपचरन्ति कुशलाः”। इस मास में गर्भ स्पन्दन करने लगता है तथा उसी समय मन में सुख दुःख आदि का ज्ञान होने लगता है तथा वह पूर्वजन्म के अनुभूत विषयों की इच्छा करने लगता है। इस काल में गर्भिणी को जो भी इच्छा होती है उसे दौहृद (दोहद) कहते हैं क्योंकि यह इच्छा दो हृदयों से उत्पन्न होती है। इस दौहृद को अवश्य पूरा करना चाहिये क्योंकि वास्तव में इस समय गर्भगत शिशु की इच्छा के अनुकूल ही माता की इच्छा हुआ करती है। उसे यदि पूरा नहीं किया जाता है तो गर्भ में विकार उत्पन्न हो जाते हैं। सुश्रुत ने इस दौहृद को चतुर्थ मास में माना है। वास्तव में गर्भ का स्पन्दन तीसरे मास में प्रारम्भ हो जाता है परन्तु गर्भोदक के कारण उस समय उन स्पन्दनों का कई बार गर्भिणी को ज्ञान नहीं हो पाता है। चतुर्थ या पञ्चम मास में जाकर अधिक स्पष्ट हो जाने पर वह इन स्पन्दनों को अनुभव करती है॥
| असमानगोत्रीयशारीराध्यायः ? ] | शारीरस्थानम् | १०३ |
|---|
सूक्ष्मप्रव्यक्तकरणस्तृतीये तु मनोऽधिकः । चतुर्थे स्थिरतां याति गर्भः कुक्षौ निरामयः ।।
चतुर्थ मास में गर्भ गर्भाशय में स्थिर हो जाता है तथा उपद्रवों से रहित होता है। इस मास में गर्भिणी का शरीर भी अधिक भारी हो जाता है। चरक शा. अ. ४ में कहा है—चतुर्थे मासि स्थिरतामापद्यते गर्भः, तस्मात्तदा गर्भिणी गुरुगात्रत्वमधिकमापद्यते विशेषेण। इस मास में गर्भिणी को अपनी देह विशेष भारी मालूम पड़ने लगती है क्योंकि इस समय गर्भ की विशेष वृद्धि प्रारम्भ हो जाती है। सुश्रुत शा. अ. ३ में कहा है—चतुर्थे सर्वाङ्गप्रत्यङ्गविभागः प्रव्यक्तो भवति। गर्भहृदयप्रव्यक्तिभावाच्चेतनाधातुरभिव्यक्तो भवति, कस्मात् तत्स्थानत्वात्। तस्माद्गर्भश्चतुर्थे मास्यभिप्रायमिन्द्रियार्थेषु करोति।
गुरुगात्रत्वमधिकं गर्भिण्यास्तत्र जायते । मांसशोणितवृद्धिस्तु पञ्चमे मासि जीवकं ! ।।
हे जीवक ! पांचवें मास में गर्भ के मांस और रक्त में विशेष वृद्धि होने लगती है। इसलिये इस समय गर्भिणी अत्यन्त कृश (दुर्बल) हो जाती है। अर्थात् इस मास में मांस और रक्त की अधिक वृद्धि के कारण गर्भ का स्पन्दन अधिक बढ़ जाने से अधिक स्पष्ट सुनाई देने लगता है। चरक शा. अ. ४ में कहा है—पञ्चमे मासि गर्भस्य मांसशोणितोपचयः भवत्यधिकमन्येभ्यो मासेभ्यः, तस्मात्तदा गर्भिणी कार्श्यमापद्यते विशेषेण परन्तु सुश्रुत में इससे विपरीत इस मास में मन का अधिक व्यक्त होना बताया है। वहां कहा है—पञ्चमे मनः प्रतिबुद्धतरं भवति ॥
गर्भिणी पञ्चमे मासि तस्मात् कार्श्येन युज्यते । बलवर्णौजसां वृद्धिः षष्ठे मातुः श्रमोऽधिकः ।।
छठे मास में गर्भ में बल, वर्ण तथा ओज की वृद्धि होती है इसलिये माता (गर्भिणी) को अधिक श्रम (थकावट) हो जाती है। चरक शा.अ. ४ में कहा है—षष्ठेमासि गर्भस्य मांसशोणितोपचयो भवत्यधिकमन्येभ्यो मासेभ्यः, तस्मात्तदा गर्भिणी बलवर्णहानिमापद्यते विशेषेण। इस मास में गर्भ के बल, वर्ण एवं ओज की अधिक वृद्धि होने से गर्भिणी दुर्बल हो जाती है तथा वर्ण भी पीला पड़ जाता है। सुश्रुत में इस मास में बुद्धि का आविर्भाव बताया है। शा.अ. ३ में कहा है—"षष्ठे बुद्धिः" ॥
सर्वधात्वङ्गसम्पूर्णो वातपित्तकफान्वितः । सप्तमे मासि तस्माच्च नित्यक्लान्ताऽत्र गर्भिणी ।।
सातवें मास में गर्भ सब धातुओं तथा अङ्गो से पूर्ण हो जाता है तथा वात पित्त और कफ से भी युक्त होता है। इसलिये इस मास में गर्भिणी सदा क्लान्ति (थकावट) अनुभव करती है। चरक शा. अ. ४ में कहा है—सप्तमे मासि गर्भः सर्वभावैराप्यायते, तस्मात्तदा गर्भिणी सर्वकारैः क्लान्ततमा भवति। परन्तु इस मास में सुश्रुत शा. अ. ३ में कहा है—सप्तमे सर्वाङ्गप्रत्यङ्गविभागः प्रव्यक्ततरः ॥
अष्टमे गर्भिणीगर्भावादादाते परस्परम् । ओजो र$^१$सवहायुक्तैः पूर्णत्वाच्छलयत्यपि ।।
तस्मात्तत्र मुहुर्ग्लानि मुहुर्हृष्टा च गर्भिणी । अत्ययं चाप्नुते तस्मान्न मासो गण्यतेऽष्टमः ।।
आठवें मास में गर्भ के पूर्ण होने से गर्भिणी तथा गर्भ, रसवाहा नाड़ियों के योग से ओज का परस्पर आदान प्रदान करते हैं तथा ओज के इधर उधर संचरण करने से गर्भ के विषय में सदा धोखा होता रहता है। अर्थात् ओज के बार २ विनिमय से मन में सदा सन्देह उत्पन्न होता रहता है कि गर्भ जीवित है या मृत हो चुका हैं। इसलिये इस मास में गर्भिणी कभी प्रसन्न होती है तथा कभी ग्लानियुक्त हो जाती है तथा उसे अन्य उपद्रव भी होते रहते हैं। इसलिये इस आठवें मास को प्रसव के लिये उचित काल नहीं माना है। चरक शा. अ. ४ में कहा है—अष्टमे मासि गर्भश्च मातृत्तो
१. रसवहानाडीयोगादित्यर्थः । गङ्गाधर प्रकाशितचरकपाठसंवादाद्यौचित्याच्च पूर्णत्वादिति पाठः साधुरेव । गर्भस्य पूर्णत्वमोजोग्रहणे हेतुः संभवति, ओजस इतस्ततःसंक्रमणेन गर्भश्छलयत्यपीत्यर्थः ।
१०४ काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् गर्भावक्रान्तिशारीराध्यायः ? ]
गर्भतश्च माता रसवाहिनीभिः संवाहिनीभिर्मुहुर्मुहुरोजः परस्परत आददाते गर्भस्यासंपूर्णत्वात्, तस्मात्तदा गर्भिणी मुहुर्मुहुर्मुदायुक्ता भवति मुहुर्मुहुश्च ग्लाना तथा गर्भः, तस्मात्तदा गर्भस्य जन्म व्यापत्तिमद्भवत्योजसोऽनवस्थितत्वात्; तं चैवमभिसमीक्ष्याष्टमं मासमगण्यमित्याचक्षते कुशलाः । आठवें मास में गर्भ के अपूर्ण होने से (गंगाधर के अनुसार पूर्ण होने से—यही पाठ अधिक उचित प्रतीत होता है) माता से गर्भ तथा गर्भ से माता रसवाहिनियों द्वारा परस्पर ओज का ग्रहण करते हैं। अर्थात् इस समय ओज के अस्थिर होने से गर्भ का जन्म संकटमय समझा जाता है। सुश्रुत शा. अ. ३ में भी कहा है—अष्टमेऽस्थिराभवत्योजः, तत्र जातश्चेन्न जीवेन्निरोजस्वान्नैर्ऋतभागत्वाच्च, ततो बलिं मांसौदनमस्यै दापयेत् ।। इस मास में उत्पन्न हुआ गर्भ या तो मृत ही होता है अथवा उसके पालन करने में बहुत सावधानी की आवश्यकता होती है ।।
नवमादिषु मासेषु जन्म चास्य यथाक्रमम् । पूर्वदेहकृतं कर्म गर्भावाससुखासुखम् ।।
जातः स्मरति तावच्च यावन्नोपैति जीविकाम् । इति ह स्माह भगवान् कश्यपः ।।
(इति) शारीरेऽसमानगोत्रीयं नाम (शारीरम्) ।।
नवम इत्यादि मास में यथाक्रम इसका जन्म होता है । पूर्वजन्म में किये हुए कर्म, तथा गर्भावस्था के सुख और दुःख को उत्पन्न हुआ व्यक्ति तभी तक स्मरण रखता है जब तक कि वह नवीन जीवन को प्राप्त नहीं करता । अर्थात् नवजीवन प्राप्त करते ही मनुष्य पूर्वजन्म की सब बातों को भूलकर अपने जीवन की बिलकुल नवीनता प्रारंभ करता है ।
वक्तव्य—चरक शा. अ. ४ में प्रसवकाल १२ मास तक माना गया है । कहा है—तस्मिन्नेकदिवसमतिक्रान्तेऽपि नवमं मासमुपादाय प्रसवकालमित्याहुराद्वादशान्मासात्, एतावान्कालः, वैकारिकमतः परं कुक्षाववस्थानं गर्भस्य । सुश्रुत शा.अ. ३ में भी कहा है—नवमदशमैकादशद्वादशानामन्यतमस्मिन् जायते, अतोऽन्यथा विकारी भवति । गर्भ के गर्भाशय में रहने का साधारणतया समय २८० दिन माना गया है । इससे हम गर्भ की आनुमानिक तिथि जान सकते हैं । अर्थात् अन्तिम ऋतुकाल की प्रथम तिथि में २८० दिन जोड़कर प्रसव की तिथि निकाली जा सकती है । अथवा अन्तिम ऋतुस्त्राव के प्रथम दिन में ७ दिन जोड़ने से जो तिथि आये वही नवम मास में प्रसव की तिथि होगी । उदाहरण के लिये यदि किसी स्त्री को अन्तिम मासिक स्त्राव १ दिसम्बर को हुआ हो तो इसमें ७ दिन जोड़कर आगे ९ महीने गिनने से ७ सितम्बर आता है जो कि प्रसव की संभावित तिथि होनी चाहिये ।।
ऐसा भगवान् कश्यप ने कहा है ।
(इति) शारीरेऽसमानगोत्रीयं नाम (शारीरम्) ।।
गर्भावक्रान्तिशारीराध्यायः
अथातो गर्भावक्रान्तिं शारीरं व्याख्यास्यामः ।।१।।
इति ह स्माह भगवान् कश्यपः ।।२।।
अब हम गर्भाक्रान्ति शारीर का व्याख्यान करेंगे । ऐसा भगवान् कश्यप ने कहा है ।
वक्तव्य—इस अध्याय में यह वर्णन किया जायगा कि गर्भाशय में गर्भ कैसे उत्पन्न होता है अथवा गर्भ में जीव किस प्रकार अवक्रमण (प्रवेश) करता है । सुश्रुत शा.अ. ३ की टीका में डल्लन ने लिखा है—अत्र हि शुक्रशोणितं
गर्भक्रान्तिशारीराध्यायः ? ] शारीरस्थानम् १०५
गर्भशयस्थमात्मप्रकृतिविकारसंमूर्च्छितं गर्भं इत्युच्यते, तस्मावक्रान्तिरूपगमनमवतरणमिति यावत् गर्भावक्रान्तिः, साऽस्मिन्नस्तीति ॥१-२॥
जीवस्तु खलु भो सर्वगतत्वादीश्वरगुणसमन्वितः पूर्वशरीराच्चावक्रामति परशरीरं चोपक्रामति युगपत्, न कदाचिदपि बीजशोणितवाव्वाकाशादिमनोबुद्धिभिर्वियुक्तपूर्वः, सर्वगतत्वाच्च न कस्यांचिद्योनौ नोपपद्यते स्वकर्मफलानुभवादिति ।।३।।
हे वत्स ! जीव सर्वगत होने से ईश्वर के गुणों से युक्त हुआ युगपत् पूर्व शरीर से अवक्रमण (छुटकारा) तथा पर (दूसरे-अगले) शरीर में उपक्रमण (प्रवेश) करता है। अर्थात् जीव एक शरीर को छोड़ता है तथा उसके साथ ही दूसरे शरीर में प्रवेश कर जाता है। ये कार्य युगपत् ही होते हैं। बीज (शुक्र), शोणित (आर्तव), वायु, आकाश आदि पञ्चमहाभूत, मन तथा बुद्धि से कभी भी इसका वियोग नहीं होता। अर्थात् गर्भ में इन सबका संयोग होना आवश्यक है। यह जीव सर्वगत होने से जिस किसी योनि में नहीं चलाजाता अपितु अपने २ (पूर्वजन्मकृत) कर्मों के फलों के अनुसार ही भिन्न २ योनियों को प्राप्त करता है ॥३॥
गर्भस्य पुनर्भगवन् ! के शरीरावयवा आकाशाद्विर्वर्तन्ते, के वायोः, के तेजसः, केऽद्भ्यः, के पृथिव्याः, के चास्य मातृजः संभवतः संभवन्ति, के चास्य पितृतः, किमात्मनः, किंच सात्म्यतः, किंच रसतः, किंच सत्त्वतः, कुत्र चैते सर्वभावा अन्वायत्ता भवन्ति कं चार्थमवेक्षन्ते; इति पृष्टो भगवान् कश्यप उवाच-गर्भस्य खलु भो शब्दश्च श्रोत्रं च लाघवं च सौक्ष्म्यं च विवेकश्च मुखं च कण्ठश्च कोष्ठं चाकाशात्मकानि भवन्ति, स्पर्शश्च स्पर्शनं च रौक्ष्यं च प्रेरणं च धातुव्यूहनं च प्राणाश्चापानश्च शरीरचेष्टा च वाय्वात्मकानि भवन्ति, रूपं च चक्षुश्च प्रकाशश्च पित्तं च पक्तिश्चोष्मा च शरीरवृद्धिश्च तैजसानि भवन्ति, रसश्च रसनं च शैत्यं च मार्दवं च द्रवश्च स्नेहश्च क्लेदश्च श्लेष्मा च मेदश्च रक्तं च मांसं च शुक्नं चाप्यानि भवन्ति, गन्धश्च घ्राणं च गौरवं च स्थैर्यं च मूर्तिश्च पार्थिवानि भवन्ति; तस्मात् पुरुषो लोकसंमितः प्रोच्यते। लोहितं च मांसं च नाभिश्च हृदयं च क्लोम च यकृच्च प्लीहा च वृक्कौ च बस्तिश्च पुरीषधारणं चामाशयश्चोत्तरगुदश्च क्षुद्रान्त्रं च स्थूलान्त्रं चेति मातृजानि, केशाश्च रोमाणि च श्मश्रूणि च नखाश्च दन्ताश्चास्थीनि च सिराश्च स्नायवश्च धमन्यश्च शुक्नं चेति पितृजानि, आयुश्चात्मज्ञानं च मनश्चेन्द्रियाणि च प्राणापानौ च धारणं च प्रेरणं च चाकृतिश्च स्वरवर्णोपचयविशेषाश्च सुखदुःखे इच्छाद्वेषौ च स्मृतिश्चाहङ्कारश्च प्रयत्नश्चावस्थान्तरगमनं च सत्त्वं च नानायोनिषूपपत्तिश्चेत्यात्मजानि, आरोग्यं चोत्थानं च सन्तोषश्चेन्द्रियप्रसादश्च स्वरवर्णबीजसंपच्च मेधा च प्रहर्षभूयिष्ठता चेति सात्म्यजानि, शरीराभिनिर्वृत्तिश्च शरीराभिवृद्धिश्च प्राणाश्च बन्धश्च वृत्तिश्च पुष्टिश्चोत्साहश्चेति रसजानि। कल्याणरोषमोहात्मकं तु सत्त्वं त्रिविधमुक्तमग्रे, तत्रौप¹पादि(दु)कं सत्त्वं मनश्च लयि(?) नित्यं शुभाशुभमिश्रभावानां ²स्पर्श इत्युच्यते। ते सर्वभावाः स्वकर्मण्यायत्ताः कालं चावेक्षन्ते। वायुर्हि कालसहितः शरीरं विभजति संदधाति चेति ।।४।।
भगवन् ! गर्भ के शरीर के कौन से अवयव आकाश से उत्पन्न होते हैं तथा कौन से वायु, अग्नि, जल, पृथिवी, माता के बीज, पिता के बीज, सात्म्य, रस तथा सत्व से उत्पन्न होते हैं ? तथा ये सब भाव परस्पर कहां मिलते हैं तथा
१. आत्मनः शरीरान्तरसम्बन्धकारकमित्यर्थः।
२. स्पर्श इति वेदमित्यर्थः।
| १०६ | काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् | गर्भावक्रान्तिशारीराध्यायः ? ] |
|---|
इनके परस्पर मिलने से क्या प्रयोजन सिद्ध होता है ? इस प्रकार प्रश्न करने पर भगवान् कश्यप ने उत्तर दिया-आकाश तत्व से उत्पन्न होने वाले भाव-वत्स ! गर्भ के शब्द, श्रोत्र, लघुता, सूक्ष्मता, विवेक, मुख, कण्ठ तथा कोष्ठ ये भाव आकाश से उत्पन्न होते हैं। वायुतत्व से उत्पन्न होने वाले भाव-स्पर्श, त्वचा, रूक्षता, प्रेरणा (गति देना), धातुओं का परिवर्तन, प्राण, अपान तथा शरीर की चेष्टा (गतियां)-ये वायु से उत्पन्न होने वाले भाव हैं। अग्नितत्व से उत्पन्न होने वाले भाव-रूप, चक्षु, प्रकाश, पित्त, पक्ति (पाचन), ऊष्मा (शरीर की गर्मी) तथा शरीर की वृद्धि-ये तैजस-अग्नि से उत्पन्न होने वाले भाव हैं। जलतत्व से उत्पन्न होने वाले भाव-रस, रसना (जिह्वा) शैत्य (शीतलता), मृदुता, द्रव, स्नेह, क्लेद (गीलापन) श्लेष्मा, मेद, रक्त, मांस तथा शुक्र-ये आप्य (जल से उत्पन्न होने वाले) भाव हैं। पृथिवी तत्व से उत्पन्न होने वाले भाव-गन्ध, घ्राण (नासिका), गुरुता, स्थिरता, तथा मूर्ति (आकृति-ढांचा) ये पार्थिव (पृथिवी से उत्पन्न होने वाले) भाव हैं। चरक शा. अ. ७ में इन महाभूतों से उत्पन्न होने वाले भावों का निम्न प्रकार से उल्लेख किया है-तत्र यद्विशेषतः स्थूलं स्थिरं मूर्तिमद्गुरुरखरकठिनमङ्गं नखास्थिदन्तमांसचर्मवर्चः केशश्मश्रुनखलोमकण्डरादि तत्पार्थिवं गन्धो घ्राणं च, यद्द्रवसरमन्दस्निग्धमृदुपिच्छिलं रसरुधिरवसाकफपित्तमूत्रस्वेदादि तदाप्यं रसो रसनं च, यत्पित्तमूष्मा यो या च भाः शरीरे तत्सर्वमाग्नेयं रूपं दर्शनं च, यदुच्छ्वासप्रश्वासोन्मेषनिमेषाकुञ्चनप्रसारणगमनप्रेरणधारणादि तद्वायवीयं स्पर्शः स्पर्शनं च, यद्विविक्तमुच्यते महान्ति चाणूनि स्रोतांसि तदान्तरीक्षं शब्दः श्रोत्रं च, यत्प्रयोक्तृ तत्तत्प्रधानं, बुद्धिर्मनश्चेति। शरीरावयवसंख्या यथास्थूलभेदेनावयवानां निर्दिष्टा। इसी प्रकार सुश्रुत शा. अ. १ में भी कहा है-आन्तरिक्षास्तु-शब्दः शब्देन्द्रियं सर्वच्छिद्रसमूहो विविक्तता च। वायव्यास्तु-स्पर्शः, स्पर्शेन्द्रियं सर्वचेष्टासमूहः सर्वशरीरस्पन्दनं लघुता च। तैजसास्तु-रूपं रूपेन्द्रिये वर्णः सन्तापो भ्राजिष्णुता पक्तिर्मर्षस्तैक्ष्ण्यं शौर्यं च। आप्यास्तु रसो रसेन्द्रियं सर्वद्रवसमूहो गुरुता शैत्यं स्नेहो रेतश्च। पार्थिवास्तु-गन्धो गन्धेन्द्रियं सर्वभूतसमूहो गुरुता चेति। इसलिये यह पुरुष लोकसंमत (जगत के तुल्य) कहा जाता है। चरक शा.अ. ५ में भी कहा है-"पुरुषोऽयं लोकसम्मित इत्युवाच भगवान्पुनर्वसुरात्रेयः, यावन्तो हि लोके मूर्तिमन्तो भावविशेषास्तावन्तः पुरुषे, यावन्तः पुरुषे तावन्तो लोके"। षड्धातवः समुदिता 'लोक' इति शब्दं लभन्ते; तद्यथा-पृथिव्यापस्तेजो वायुराकाशं ब्रह्म चाव्यक्तमित्येत एव च षड्धातवः समुदिता 'पुरुषः' इति शब्दं लभन्ते। पुरुष इस महान् लोक का ही एक छोटा प्रतिरूप (Miniature) है। जितने भी मूर्तिमान् भाव इस लोक में हैं उतने ही पुरुष में हैं तथा जितने पुरुष में हैं उतने ही लोक में हैं। उदाहरण के लिये पृथिवी, जल, अग्नि, वायु, आकाश तथा अव्यक्त ब्रह्म-ये छः धातुएं मिलकर ही लोक कहाता है तथा इसीको पुरुष भी कहते हैं। चरक में आगे लोक एवं पुरुष की विभूतियों की विस्तृत तुलना की गई है-तस्य पुरुषस्य पृथिवी मूर्तिः, आपः क्लेदः, तेजोऽभिसन्तापो, वायुः प्राणो, वियच्छुषिराणि, ब्रह्मान्तरात्मा, यथा खलु ब्राह्मी विभूतिर्लोके तथा पुरुषेऽप्यान्तरात्मिकी विभूतिः, ब्रह्मणो विभूतिर्लोके प्रजापतिन्तर्रात्मनो विभूतिः पुरुषे सत्वं, यस्त्विन्द्रो लोके स पुरुषेऽहङ्कारः, आदि त्यास्तु आदानं, रुद्रो रोषः, सोमः प्रसादो, वसवः सुखं, अश्विनौ कान्तिः, मरुदुत्साहो, विश्वेदेवा सर्वेन्द्रियाणि सर्वेन्द्रियार्थाश्च, तमो मोहो, ज्योतिर्ज्ञानं, यथा यथा लोकस्य सर्गादिस्तथा पुरुषस्य गर्भाधानं, यथा कृतयुगमेवं बाल्यं, यथा त्रेता तथा यौवनं, तथा द्वापरस्तथा स्थविर्यं, यथाकलिरवेमातुर्यं, यथायुगान्तथा मरणमिति, एवमनुमानेनानुक्तानामपि लोकपुरुषयोरवयवविशेषाणामग्निवेश! सामान्यं विद्यात्। मातृज अर्थात् माता के बीज से उत्पन्न होने वाले भाव-रक्त, मांस, नाभि, हृदय, क्लोम, यकृत् (Liver), प्लीहा (Spleen), वृक्क (Kidney-गुर्दे), बस्ति (मूत्राशय-Bladder), पुरीषधारण (पुरीष-मल का जहां धारण होता है-Sigmoid colon), आमाशय (Stomach), उत्तर गुदा (Rectum), अधरगुदा (Anus), क्षुद्रान्त्र (Small Intestines-छोटी आंते), स्थूलान्त्र (Large-intestines colon-बड़ी आंते)-ये मातृज भाव हैं। चरक शा. अ. ३ में-त्वचा, वपा (मेद) तथा वपावहन (Adipose tissue) अधिक दिये हैं। कहा है-यानि चास्य मातृतः सम्भवतः संभवन्ति, तान्यनुव्याख्यास्यामः। तद्यथा-त्वक् च लोहितं च मांसं च मेदश्च नाभिश्च, हृदयं च, क्लोम च यकृच्च प्लीहा
गर्भावक्रान्तिशारीराध्यायः ? ] | शारीरस्थानम् | १०७
च वृक्कौ च बस्तिश्च पुरीषाधानं चामाशयश्च पक्वाशयश्चोत्तरगुदं चाधरगुदं च क्षुद्रान्त्रं च स्थूलान्त्रं च वपा च वपावहनं चेति मातृजानि। सुश्रुत शा. अ. ३ में कहा है—मांसशोणितमेदोमज्जहृन्नाभियकृत्प्लीहान्त्रगुदप्रभृतीनि मृदूनि मातृजानि। पितृज अर्थात् पिता के बीज से उत्पन्न होने वाले भाव—केश, रोम, दाढ़ी, मूंछ, नख, दांत, अस्थियां, शिरा, स्नायु धमनियां तथा शुक्र—ये पितृज भाव हैं। चरक शा. अ. ३ में भी इन्हीं का परिगणन किया गया है—यानि चास्य पितृतः सम्भवतः संभवन्ति तान्तनुव्याख्यास्यामः। तद्यथा—केशश्मश्रुनखलोमदन्तास्थिसिरास्नायुधमन्यः शुक्रमिति पितृजानि। सुश्रुत शा. अ. ३ में भी कहा है—‘‘गर्भस्य केशश्मश्रुलोमास्थिनखदन्तसिरास्नायुधमनीरेतःप्रभृतीनि स्थिराणि पितृजानि’’। आत्मज (आत्मा से उत्पन्न होने वाले) भाव—आयु, आत्मज्ञान, मन, इन्द्रियां, प्राण, अपान, धारण (देह का धारण), प्रेरणा (गति), आकृति, स्वर तथा वर्ण का उपचय (वृद्धि), सुख, दुःख, इच्छा, द्वेष, स्मृति, अहंकार, प्रयत्न, अवस्थान्तर गगन (अन्य अवस्थाओं में जाना), सत्व तथा नाना योनियों में उत्पन्न होना—ये आत्मज भाव हैं। चरक शा. अ. ३ में भी कहा है—यानि तु खल्वस्य गर्भस्यात्मजानि, यानि चास्यात्मतः संभवतः संभवन्ति, तान्यनुव्याख्यास्यामः; तद्यथा—तासु तासु योनिक्षूत्पत्तिरायुरात्मज्ञानं मन इन्द्रियाणिः प्राणापानौ प्रेरणं धारणमाकृतिस्वरवर्णविशेषाः सुखदुःखेच्छाद्वेषौ चेतनाधृतिर्बुद्धिः स्मृतिरहङ्कारः प्रयत्नश्चेत्यात्मजानि। सुश्रुत शा.अ. ३ में कहा है—इन्द्रियाणि ज्ञानं विज्ञानमायुः सुखदुःखादिक चात्मजानि। सात्म्यज अर्थात् सात्म्य के सेवन से उत्पन्न होनेवाले भाव—आरोग्य, उत्थान (उन्नति), सन्तोष, इन्द्रियों की प्रसन्नता, स्वर, वर्ण तथा बीज का उत्तम होना, मेधा (बुद्धि), हर्ष (प्रसन्नता अथवा मैथुन में हर्ष की अधिकता)—ये सात्म्यज भाव हैं। चरक शा.अ. ३ में कहा है—यानि चास्य सात्म्यतः संभवतः संभवन्ति, तान्यनुव्याख्यास्यामः। तद्यथा—आरोग्यमनालस्यमलोलुपत्वमिन्द्रियप्रसादः स्वरवर्णबीजसम्पत्प्रहर्षभूयस्त्वं चेति सात्म्यजानि। सुश्रुत शा. अ. ३ में भी कहा है—वीर्यमारोग्यं बलवर्णौ मेधा च सात्म्यजानि। रसज अर्थात् रस के सेवन से उत्पन्न होने वाले भाव शरीर को उत्पन्न करना, शरीरं की वृद्धि, प्राण, बन्ध (बन्धन) वृत्ति (शरीर का यात्रा), पुष्टि तथा उत्साह—ये रसज भाव हैं। चरक शा. अ. ३ में कहा है—यानि तु खल्वस्य गर्भस्य रसजानि, यानि चास्य रसततः संभवतः संभवन्ति तान्यनुव्याख्यास्यामः, तद्यथा—शरीरस्याभिनिवृत्तिरभिवृद्धिः प्राणानुबन्धस्तृप्तिः पुष्टिरुत्साहश्चेति रसजानि। सुश्रुत शा. अ ३ में भी कहा है—शरीरोपचयो बल वर्णः स्थितिर्हानिश्च रसजानि। कल्याण, रोष (क्रोध) तथा मोहात्मक—तीन प्रकार का सत्व पहले (लक्षणाध्याय में) कहा जा चुका है इनमें आत्मा अथवा जीव का शरीरान्तर के साथ संबन्ध कराने वाला सत्व शुभ अशुभ आदि मिश्रित भावों का सूचक (ज्ञान कराने वाला) है। चरक शा. अ. ३ में भी कहा है—अस्ति खल्वपि सत्वमौपपादुकं यज्जीवस्पृक् शरीरेण भिसंबध्नाति, यस्मिन्नपगमनपुरस्कृते शीलमस्य व्यावर्तते, भक्तिर्विपर्यस्यते, सर्वेन्द्रियाण्युपतप्यन्ते, बलं हीयते, व्याधय आप्यायन्ते, यस्माद्धीनः प्राणाञ्जहाति, यदिन्द्रियाणामभिग्राहकं च मन इत्यभिधीयते, तत्रिविधमाख्यायते—शुद्धं राजसं तामसं चेति। येनास्य खलु मनो भूयिष्ठं तेन द्वितीयायामजातौ सम्प्रयोगो भवति, यदा तु तेनैव शुद्धेन सयुज्यते तदा जातेरतिक्रान्ताया अपि स्मरति, स्मार्तं हि ज्ञानमात्मनस्तस्यैवमनसोऽनुबन्धादनुवर्तते, यस्यानुवृत्तिं पुरस्कृत्य पुरुषो जातिस्मर इत्युच्यते इति सत्वमुक्तम्। ये सब भाव अपने कर्मों के आश्रित हैं तथा काल की प्रतीक्षा करते हैं। काल सहित वायु शरीर का विभाजन करता है तथा इसे धारण करता है ॥४॥
तत्र श्लोकाः-
शोणिताद्धृदयं तस्य जायते हृदयाद्यकृत् ।। यकृतो जायते प्लीहा प्लीहः फुप्फुसमुच्यते ।।५।।
परस्परनिबन्धानि सर्वाण्येतानि भार्गव ! ।। तेषामधस्ताद्विपुलं स्रोतः कुण्डलसंस्थितम् ।।६।।
जरायुणा परिवीतं स गर्भाशय उच्यते ।। आमपक्वाशयौ तस्मिन्नन्नपानाश्रयौ गुदः ।।७।।
तस्मात् संजायते बस्तिः परिव्यन्दाच्च पूर्यते ।। धमनीमुखसंस्थाने स्रोतसी चाप्यधः स्मृते ।।८।।
| १०८ | काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् | शरीरविचयशारीराध्यायः ? ] |
|---|
विण्मूत्रकृमिपक्वामकफपित्ताशयाः पृथक् ।। सन्त्येते देहिनां कोष्ठे स्त्रिया गर्भाशयोऽष्टमः ।। ९ ।।
शुक्रमज्जास्थि पितृतो मातृत्तो मांसशोणितम् ।। षट्कोशं प्रवदन्त्येके देह० ........ ।। १० ।।
....................... । ........................ ।।
(इति ताडपत्रपुस्तके ८१ तमं पत्रम्¹ ।)
गर्भ के शोणित (रक्त) से हृदय बनता है, हृदय से यकृत्, यकृत् से प्लीहा, तथा प्लीहा से फुफ्फुस (Lungs) बनते हैं। हे भार्गव (भृगुकुल में उत्पन्न जीवक) ! ये सब अङ्ग परस्पर संबद्ध होते हैं। इनके नीचे जरायु से युक्त तथा कुण्डलिनी चक्र में स्थित एक बड़ा स्रोत होता है जिसे गर्भाशय कहते हैं। (स्त्रीणां तु बस्तिपार्श्वगतो गर्भाशय इति सुश्रुतः)। इसमें आमाशय, पक्वाशय तथा अन्न एवं पान का आश्रय गुदा स्थित होती है। उससे बस्ति (श्रोणि गुहा—Pelvis cavity) बनती है जो स्राव से पूरित होती रहती है। इसके नीचे धमनीमुख संस्थान एवं स्त्रोतस् होते हैं। मनुष्यों के कोष्ठ में मल, मूत्र, कृमि, पक्व, आम, कफ तथा पित्त के आशय (स्थान) पृथक् २ होते हैं। तथा स्त्रियों के कोष्ठ में इनके अतिरिक्त आठवां गर्भाशय भी होता है। पिता के अंश से गर्भ में शुक्र, मज्जा तथा अस्थियां बनती हैं और माता के अंश से मांस और शोणित बनते हैं। कुछ लोग देह में ६ कोश बताते हैं ........ ।।५-१०।।
**वक्तव्य—**यह अध्याय यहीं (मध्य में ही) समाप्त हो गया है। इसलिये विषय का पूर्ण ज्ञान होना कठिन है। उपलब्ध विषय से ही सन्तोष करना पड़ता है।
शरीरविचयशारीराध्यायः
· · · · · · · · · · · · · · · · · · ·
· · · · · · · · · · · · · · · · · · ·
(द्वात्रिंशत्त मता दन्तास्तावन्त्यू) खलिकानि च।
पाणिपादाङ्गुल्यास्थीनि षष्टिः स्युर्विंशतिर्नखाः।
पाणिपादशलाकास्तु विंशतिः परिकीर्तिताः।
पाणिपादशलाकानामधिष्ठानचतुष्टयम् ।
द्वे पाष्ण्यो॑रस्थिनी कूर्चाश्चत्वारः पादयोः स्मृताः।
द्वावेव हस्तमणिकौ चत्वार्याहुररत्निषु।
जान्वस्थिनी द्वे संख्याते चत्वार्यस्थीनि जङ्घयोः।
द्वावूरुनलकौ द्वे च ख्याते जानुकपालिके।
द्वावंसावंसफलकावपि द्वावेव चाक्षकौ।
द्वे बाहुनलके द्वे द्वे श्रोणितालूषके तथा।
एकं जत्रु भगास्थ्येकं ग्रीवा पञ्चदशास्थिकी।
भार्गवाऽस्थीनि पृष्ठ्यानि चत्वारिंशच्च पञ्च च।
१. अस्याग्रे पत्रद्वयात्मको ग्रन्थो लुप्तस्ताडपत्रपुस्तके।
शरीरविचयशारीराध्यायः ? ] शारीरस्थानम् १०९
चतुर्दशास्थीन्युरसि हन्वस्थ्येकं तु निर्दिशेत् ।
शिरसस्तु कपालानि चत्वार्याहुर्मनीषिणः ।
चतुर्विंशतिः पार्श्वे च तावन्ति स्थालकानि च ।
चतुर्विंशतिरेवाहुः स्थालकार्बुदकानि च ।
द्वौ शङ्खौ परिसंख्यातौ द्वे हनुमूलबन्धने ।
ललाटनासिकागण्डकूटास्थ्येकं विनिदिशेत् ।
इत्यस्थिसंख्या सामान्याद् वृद्धिह्रासौ निमित्तजौ ।
वक्तव्य— यह अध्याय प्रारंभ में खण्डित है। इस अध्याय में शरीर के विशेष ज्ञान का वर्णन किया गया है। 'शरीरविचय' शब्द की व्याख्या करते हुए चरक की टीका में चक्रपाणि ने कहा है—‘‘शरीरस्य विचयनं विचयः, शरीरस्य प्रविभागेन ज्ञानमित्यर्थः’’। शारीरस्थान के प्रथम अध्याय में पूर्व ३६० अस्थियों का उल्लेख किया गया है। यहां सर्वप्रथम उन्हीं का पृथक २ परिगणन करते हैं। यह परिगणन स्थूल रूप में दिया गया है। यह संख्या पूर्णरूप से ठीक नहीं मिलती है। यह संख्या ३६३ होती है।
| विवरण | संख्या |
|---|---|
| दांत | ३२ |
| दांत के उलूखल (गड्ढे) | ३२ |
| हाथ तथा पैर की अगुलियों की हड्डियां | ६० |
| नख | २० |
| हाथ तथा पैर की शलाकास्थियां<br>(Metacarpus $ metatarsus bones) | २० |
| उपर्युक्त शलाकास्थियों के अधिष्ठान | ४ |
| पाष्णि देश की अस्थियां | २ |
| पैरों की कूर्चास्थियां | ४ |
| हाथ की मणिबन्ध देश की (मणकास्थि) | २ |
| अरत्नि (प्रबाहु) की अस्थियां | ४ |
| जानु की अस्थियां | २ |
| जङ्घाओं की अस्थियां | ४ |
| उस देश की नलकास्थियां | २ |
| जानु कपालिका (Patella) | २ |
| अंस | २ |
| अंसफलक | २ |
| अक्षकास्थि (Cotterbones) | २ |
| बाहु की नलिकास्थियां | २ |
| श्रोणि की अस्थियां | २ |
| तालु की अस्थियां | २ |
| जत्रुदेश में | १ |
११० काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् शारीरविचयशारीराध्यायः ? ]
भगास्थि १
ग्रीवा की अस्थियां १५
पीठ की अस्थियां ४५
छाती में उरोस्थियां १४
हन्वस्थि १
शिर की कपालास्थियां ४
पार्श्वास्थियां २४
पार्श्वास्थियों के स्थालक (Facets) २४
अर्बुदाकृति स्थालक २४
शङ्खदेश की अस्थियां २
हनुमूल को बांधने वाली अस्थियां २
ललाटास्थि १
नासिका में १
गण्डास्थि १
कूटास्थि १
कुल— ३६३
**वक्तव्य—**यहां पर पूर्व अस्थियों की संख्या ३६० बताई गई है परन्तु पृथक् २ गिनने पर वे ३६३ हो जाती हैं। चरक शा. अ. ७ में भी ३६० अस्थियों का उल्लेख किया गया है परन्तु उन्हें भी पृथक् २ गिनने पर वे ३६८ होती हैं। जयदेव विद्यालंकार ने अपनी चरक की टीका में हाथ पैर की शलाकास्थियों के ४ अधिष्ठान (चत्वार्यधिष्ठानान्येषां) तथा हाथ और पैरों के ४ पृष्ठ (चत्वारि पाणिपादपृष्ठानि) को नहीं गिना है। इस प्रकार ३६० संख्या पूरी की है। यहां भी यदि हम शलाकास्थियों के अधिष्ठानों को न गिनें तो संख्या कुछ अंश तक पूरी हो सकती है। चरकोक्त अस्थियां निम्न प्रकार से हैं—त्रीणि षष्ठ्यधिकानि शतान्यस्थ्ना सह दन्तोलूखलनखैः; तद्यथा—द्वांत्रिंशद्दन्ताः, द्वात्रिंशद्दन्तोलूखलानि, विंशतिर्नखाः, विंशतिः पाणिपादशलाकाः, चत्वार्यधिष्ठानान्येषां, चत्वारि पाणिपाद पृष्ठानि, ष्ठ्यङ्गुल्यस्थीनि, द्वे पाष्ण्योः, द्वे कूर्चाधः, चत्वारः पाण्योर्मणिकाः चत्वारः पादयोर्गुल्फाः, चत्वार्यरत्न्योरस्थीनि, चत्वारि जङ्घयोः, द्वे जानुनोः, द्वे कूर्परयोः, द्वे ऊर्वोः, बाह्वोः मांसयोर्द्वे, द्वावक्षकौ, द्वे तालुनी, द्वे श्रोणिफलके, एकं भगास्थि, पुंसां मेढ्रास्थि, एकं त्रिकसं श्रितम् एकं गुदास्थि, पृष्ठगतानि पञ्चत्रिंशत्, पञ्चदशास्थीनि ग्रीवायां, द्वे जत्रुणि, एकं हन्वस्थि, द्वे हनुमूलबन्धने, द्वे ललाटे, द्वे अक्ष्णोः, गण्डयोर्द्वे, नासिकाया त्रीणि घोणाख्यानि, द्वयोः पार्श्वयोश्चतुर्विंशतिश्चतुर्विंशतिः पञ्जरास्थीनि च पार्श्विकानि, तावन्ति चैषां स्थालिकान्यर्बुदाकाराणि तानि द्विसप्ततिः द्वौ शङ्खकौ, चत्वारि शिरःकपालानि, वक्षसि सप्तदश, इति त्रीणि षष्ठ्यधिकानि शतान्यस्थ्नामिति। इस प्रकार हमें प्रकृत ग्रन्थ तथा चरक की अस्थि गणना में निम्न अन्तर मिलता है—
| चरक | काश्यपसंहिता | |
|---|---|---|
| पाणिपादपृष्ठानि | ४ | × |
| कूर्चास्थियां | २ | ४ |
| हाथों की मणिकास्थि | ४ | २ |
| गुल्फास्थि | ४ | × |
| कूर्परास्थि | २ | × |
| अंसफलक | × | २ |
शरीरविचयशारीराध्यायः ७ ] शारीरस्थानम् १११
| बाहु | × | २ |
| मेढ्रास्थि | १ | × |
| त्रिकास्थि | १ | × |
| गुदास्थि | १ | × |
| पृष्ठास्थि | ३५ | ४५ |
| जत्रु अस्थि | २ | १ |
| ललाटास्थि | २ | १ |
| आंखों की अस्थियां | २ | × |
| गण्डास्थि | २ | १ |
| नासिकास्थि | ३ | १ |
| छाती में | १७ | १४ |
| जानुकपालास्थि | × | २ |
| कूटास्थि | × | १ |
| योग | ८२ | ७६ |
इनके अतिरिक्त अन्य सब अस्थियां परस्पर मिलती हैं। सुश्रुत ३६० अस्थियां स्वीकार नहीं करता। वह केवल ३०० अस्थियां मानता है। वह दांत के उलूखल तथा नखों को अस्थियों में नहीं गिनता। आजकल के शरीरशास्त्र के ज्ञाता शरीर में कुल २०६ अस्थियां मानते हैं। इस प्रकार काश्यपसंहिता, चरक तथा सुश्रुत सब में ही अस्थियों की संख्या बहुत अधिक दी हुई हैं तथा गिनने पर उनकी संख्या ठीक भी नहीं बैठती है तथा बहुत से स्थानों पर उनमें परस्पर समानता नहीं है। उन्होंने अस्थि शब्द से संभवतः शरीर के सभी कठिन पदार्थों का ग्रहण कर लिया है तभी इतना अधिक अन्तर हो गया प्रतीत होता है। आधुनिक विज्ञान एक पूर्ण युवा मनुष्य में निम्न अस्थियां मानता है—
| बाहुओं में ३०×२ | = | ६० |
| सक्थियों में ३०×२ | = | ६० |
| शिर और ग्रीवा में | = | ३६ |
| मध्यदेह | = | ५० |
| कुल | २०६ |
इसका विशेष विवरण शरीर-शास्त्र की किसी पुस्तक में देखना चाहिये। यह साधारण रूप में अस्थियों की संख्या कही गई है। इसमें कारणवश वृद्धि अथवा ह्रास भी हो सकता है॥
दशैवायतनान्याहुः प्राणानां तानि मे शृणु।
मूर्धाऽथ हृदयं बस्तिः कण्ठौजः शुक्रशोणितम्।
शङ्खौ गुदं ततस्त्रीणि महामर्माणि चादितः।
प्राणों के दस आयतन कहे गये हैं। इन्हें तू मुझ से सुना, १. मूर्धा २. हृदय ३. बस्ति ४. कण्ठ ५. ओज ६. शुक्र ७. शोणित ८-९. दोनों शङ्ख प्रदेश (Temporal regious) १०. गुदा। चरक सू. अ. २९ में भी ये ही १० प्राणायतन गिनाये हैं—दशैवायतनान्याहुः प्राणा येषु प्रतिष्ठिताः। शङ्खौ मर्मत्रयं कण्ठो रक्तं शुक्रौजसी गुदम्॥ परन्तु चरक शा. अ. ७ में शङ्खप्रदेशों के स्थान पर नाभि तथा मांस को गिना गया है—दश प्राणायतनानि तद्यथा—मूर्धा कण्ठो हृदयं नाभिः गुदं बस्तिः ओजः शुक्रं शोणितं मांसमिति। अष्टाङ्गसंग्रह शा. अ. ५ में मांस के स्थान पर जिह्वाबन्धन पढ़ा गया
३० का.सं.
११२ काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् शरीरविचयशारीराध्यायः ? ]
है—दश प्राणायतनानि–मूर्धा जिह्वा बन्धनं कण्ठो हृदयं नाभिर्बस्तिर्गुदः शुक्रमोजो रक्तं च । तेषामाद्यानि सप्त पुनर्महामर्मसंज्ञानि । इनमें से प्रथम तीन महामर्म कहलाते हैं अर्थात् मूर्धा, हृदय और बस्ति को महामर्म कहते हैं । अष्टाङ्गसंग्रह में महामर्म ७ गिनाये हैं-१. मूर्धा २. जिह्वाबन्धन ३. कण्ठ ४. हृदय ५. नाभि ६. बस्ति ७. गुदा । इनका ऊपर प्राणायतनों में निर्देश किया गया है ॥
नाभिः प्लीहा यकृत् क्लोम हृद्वृक्कौ गुदबस्तयः ।
क्षुद्रान्त्रमथ च स्थूलमामपक्वाशयौ वपा ।
कोष्ठाङ्गानि वदन्ति ज्ञाः प्रत्यङ्गानि निबोध मे ।
कोष्ठ के अङ्ग—१. नाभि (Umblicus) २. प्लीहा (Spleen) ३. यकृत् (जिगर–Liver) ४. क्लोम ५. हृदय (Heart) ६. दोनों वृक्क (गुर्दे–Kidneys) ७. गुदा (Anus) ८. बस्ति (Bladder) ९. क्षुद्रान्त्र (Small Intestines) १०. स्थूलान्त्र (Large Intestines) (११). आमाशय (Stomach) १२. पक्वाशय १३. वपा (हृदय के चारों ओर की मेद–Fatty Tissues) चरक शा. अ. ७ में कोष्ठ के अंग १५ दिये हैं—पञ्चदश कोष्ठाङ्गानि, तद्यथा—नाभिश्च हृदयं च, क्लोम च, यकृच्च, प्लीहा च, वृक्कौ च; बस्तिश्च, पुरीषाधारश्च, आमाशयश्च, पक्वाशयश्च, उत्तरगुदं च, अधरगुदं च, क्षुद्रान्त्रं च, स्थूलान्त्रं च, वपावहनं चेति । इनमें एक पुरीषाधार को अधिक गिना है तथा गुदा के दो भाग उत्तरगुदा तथा अधरगुदा–करके पृथक् २ गिने हैं–इसलिये ये १५ होते हैं ॥१२॥
अक्षिणी नासिके कर्णौ स्तनावेष्ठौ कुकुन्दरौ ।
हस्तौ पादौ भ्रुवौ कूटौ बाहुजङ्घोरुपिण्डिकाः ।
सृक्किणी कर्णशष्कुल्यौ कर्णपुत्राक्षितारके ।
वृषणौ दन्तवेष्टौ च शङ्ककावुपजिह्विके ।
¹दन्तलोहाधिमूलानि द्वे द्वे सर्वाणि निर्दिशेत् ।
बस्तिर्बस्तिशिरः शेफः पृष्ठं सचिबुकोदरम् ।
ललाटमास्यं गोजिह्वा शिरो हृदयमेकशः ।
पाणिपादतलेष्वेव चत्वारि हृदयानि तु ।
शाखाहृदयसंज्ञानि पञ्चमं चेतनाश्रयम् ।
अक्षिबन्धानि चत्वारि विद्याद्विंशतिरङ्गुलीः ।
अब तू मुझसे प्रत्यङ्गों को सुन— २ आंखे+२ नासिका+२ कर्ण+२ स्तन+२ ओष्ठ+२ कुकुन्दर (जघनास्थियों के बाहर की ओर का निम्न भाग–Ischial tuberocities) +२ हाथ+२ पैर+२ भ्रू (भौहें)+२ कूट (अक्षिकूटक–जहां अक्षिगोलक रहते हैं) बाहु की पिण्डिकाएं +२ जङ्घा की पिण्डिकाएं +२ ऊरु देश की पिण्डिकाएं +२ सृक्किणी (होठों के किनारे) +२ कर्णशष्कुलियां–(बाहर से दीखने वाले कान–Pinna of ears) +२ कर्णपुत्रक (कर्णशष्कुली के सामने का उभार–Tragus) +२ अक्षितारक (आंख की पुतलियां–Pupils) +२ वृषण (अण्ड–Testicles) +२ दन्त वेष्ट (मसूड़े) +२ शङ्खदेश (Temporal regious) +२ उपजिह्विका (Tonsils) + २ स्फिक् (नितम्ब–चूतड़ Buttocks) +२ गण्ड (गाल) +२ वंक्षण (रानें–groius) +१ बस्ति (Bladder) +१ बस्तिशिर (नाभि के नीचे का प्रदेश) +१
१. 'स्फिचौ गण्डौ वंक्षणौ च' इति पाठश्चेत् साधु ।
शरीरविचयशारीराध्यायः ? ] शारीरस्थानम् ११३
शेफ (मूत्रेन्द्रिय) + १ पृष्ठ + १ चिबुक (ठोडी) + १ उदर (पेट) + १ ललाट + १ आस्य (मुख) + १ गोजिह्वा (जिह्वा के नीचे की छोटी जीभ) + १ शिर + ४ पाणितल तथा पादतल के हृदय¹ (इन्हें शाखाहृदय भी कहते हैं) + १ हृदय (चेतनाश्रय) + ४ अक्षिबन्धन + २० अंगुलियां = ८७ प्रत्यङ्ग होते हैं। चरक शा. अ. ७ में निम्न ५६ प्रत्यङ्ग गिनाये हैं— षट्पञ्चाशत्प्रत्यङ्गानि षट्स्वङ्गेषूपनिबद्धानि यानि यान्यपरिसंख्यातानि पूर्वमङ्गेषु परिसंख्यायमानेषु तानि तान्यन्यैः पर्यायैरिह प्रकाश्य व्याख्यातानि भवन्ति; तद्यथा—द्वे जङ्घापिण्डिके, द्वे ऊरुपिण्डिके, द्वौ स्फिचौ, द्वौ वृषणौ, एकं शेफः, द्वे उखे, द्वौ वङ्क्षणौ, द्वौ कुकुन्दरौ, एकं बस्तिशीर्षम्, एकमुदरं, द्वौ स्तनौ, द्वौ श्लेष्मभुवौ, द्वे बाहुपिण्डिके, चिबुकमेकं द्वावोष्ठौ, द्वे सृक्कण्यौ, द्वौ दन्तवेष्टकौ, एकं तालु, एका गलशुण्डिका, द्वे उपजिह्विके, एका गोजिह्विका, द्वौ गण्डौ, द्वे कर्णशष्कुलिके, द्वौ कर्णपुत्रकौ, द्वे अक्षिकूटे, चत्वारि अक्षिवर्त्मानि, द्वे अक्षिकनीनिके, द्वे भ्रुवौ, एकोऽवटुः, चत्वारि पाणिपादहृदयानि। सुश्रुत में निम्न प्रत्यङ्ग गिनाये हैं—मस्तकोदरपृष्ठनाभिललाटनासाचिबुकबस्तिग्रीवा इत्येता एकैकाः। कर्णनेत्रभ्रूशङ्खांसगण्डकक्षस्तनवृषण-पार्श्वस्फिग्जानुबाहूरुप्रभृतयो द्वे द्वे, विंशतिरङ्गुलयः, स्रोतांसि वक्ष्यमाणानि, एष प्रत्यङ्गविभाग उक्तः॥
स्रोतांसि द्विविधान्याहुः सूक्ष्माणि च महान्ति च।
महान्ति नव जानीयाद् द्वे चाधः सप्त चोपरि।
नाभिश्च रोमकूपाश्च सूक्ष्मस्रोतांसि निर्दिशेत्॥
स्रोत दो प्रकार के होते हैं। १. सूक्ष्म २. महान्। महास्रोत नौ होते हैं जिनमें दो नीचे (मूत्रेन्द्रिय अथवा जननेन्द्रिय और गुदा) तथा सात ऊपर शिर में (२ आंखें + २ नाक + २ कान + १ मुखविवर = ७)-ये कुल मिलाकर ९ होते हैं। चरक शा. अ. ७ में कहा है—नव महान्ति छिद्राणि सप्त शिरसि द्वे चाधः। नाभि तथा रोमकूप सूक्ष्म स्रोत समझे जाते हैं।
हृदयात् संप्रतायन्ते सिराणां दश मातरः।
ऊर्ध्वं चतस्रो द्वे तिर्यक्चतस्रोऽधोवहाः सिराः।
व्याप्नुवन्ति शरीरं ता भिद्यमानाः पुनः पुनः।
पर्णानामिव सीवन्यः सरणाच्च सिराः स्मृताः॥
हृदय प्रदेश से शिराओं की १० माताएं (मुख्य या मूल शिराएं-Mother roots) निकलती हैं जिनमें चार ऊपर की ओर, दो तिर्यक् (तिरछी) तथा चार अधोवहा शिरायें होती हैं। ये दस शिरायें ही पुनः २ विभक्त होती हुई सारे शरीर को व्याप्त कर लेती हैं। जिस प्रकार पत्तों में सीवनियां होती हैं उसी प्रकार सारे शरीर में सरण (गति) करने के कारण इन्हें ‘सिरा’ कहते हैं।
वक्तव्य— पूर्व शारीर स्थान के प्रथम अध्याय में शिराओं की संख्या ७०० बताई हैं। यहां ये १० बताई हैं। इसका अभिप्राय यह है कि मूल में ये शिरायें १० ही होती हैं जो कि धीरे २ विभक्त होकर ७०० या इससे भी अधिक संख्या में होकर सारे शरीर में व्याप्त हो जाती हैं। सुश्रुत शा. अ. ७ में छोटी २ जलहारिणियों (नालियों) का उदाहरण देकर बताया है कि जिस प्रकार छोटी २ एवं कृत्रिम असंख्य नालियों द्वारा उद्यान में पानी दिया जाता है उसी प्रकार इन शिराओं से सारे शरीर का पोषण होता है। कहा है—सप्त सिराशतानि भवन्ति, याभिरिदं शरीरमाराम इव जलहारिणीभिः केदार इव च कुल्याभिरुपस्निह्यतेऽनुगृह्यते चाकुञ्चनप्रसारणादिभिर्विशेषैः, द्रुमपत्रसेवनीनामिव च तासां प्रतानाः तासां नाभिर्मूलं,
१. इन्हें सुश्रुत ने तलहृदय नामक मर्म कहा है जो कि दोनों हाथों तथा पैरों के तले में होते हैं (मध्यमाङ्गुलीमनुपूर्वेण मध्येपादतलस्य तलहृदयं नाम-सुश्रुत शा. अ. ६-२४)।
११४ काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् शरीरविचयशारीराध्यायः ? ]
ततश्च प्रसरन्त्यूर्ध्वमधस्तिर्यक् च। तथा आगे फिर कहा है-व्याप्नुवन्त्यभितो देहं नाभितः प्रसृताः सिराः। प्रतानाः पद्मिनीकन्दाद्विसादीनां यथा जलम्॥
यथा काष्ठमयं रूपं तृणरज्जुवोपवेष्टितम्। भवेल्लिप्तं मृदा बाह्यं तथेदं देहसंज्ञकम्। अस्थीनि स्नायुबद्धानि स्नायवो मांसलेपनाः। सिराभिः पुष्यते नित्यं तस्य सर्वं त्वचा ततम्।
जिस प्रकार एक लकड़ी का बना हुआ मकान पहले तिनकों तथा रज्जु (रस्सियों) से बांधा जाता है तथा फिर ऊपर से मिट्टी द्वारा लीपा जाता है उसी प्रकार यह देह (शरीर) रूपी मकान है। इसमें सबसे पूर्व अस्थियां स्नायुओं (Ligaments) द्वारा बंधी हुई हैं। स्नायुओं के ऊपर मांस (Museles) चढ़ा हुआ है। शिराओं के द्वारा इसका निरन्तर पोषण होता है। तथा इसके ऊपर त्वचा (Skin) फैली हुई है॥
त....तः (संततं) कर्णमूलाभ्यां धमनीनां शतं शतम्। तासु नित्योऽनिलस्तिष्ठन्नग्नीषोमौ बिभर्त्यधि।।
प्रत्येक कर्णमूल से सौ-सौ धमनियां फैली हुई हैं। इनमें नित्य वायु रहता हुआ अग्नि तथा सोम को धारण करता है।
वक्तव्य—सुश्रुत शा.अ. ९ में ‘धमनी’ शब्द की व्युत्पत्ति करते हुए टीका में डल्लण ने लिखा है— “धमानादनिलपूरणाद्धमन्यः” उसने भी धमनियों में वायु का होना स्वीकार किया है। वहीं टीका में उसने “शब्दरूपरसगन्धवहत्वादिकं धमनीनाम्” द्वारा धमनियों का कार्य शब्द आदि का वहन दिया है। इस प्रकार ये धमनियां वातवाही नाडियां प्रतीत होती हैं जिन्हें आधुनिक विज्ञान की भाषा में हम Nerves कह सकते हैं। आजकल व्यवहार में धमनी शब्द Artry (रक्तवाहिनी) के अर्थ में प्रयुक्त होता है। वह यहां अभिप्रेत नहीं है॥
साग्रे शतसहस्रे द्वे बहिरन्तश्च कूपकाः। रोमकूपानि तावन्ति जातान्येकैकशो यदि।। वृद्धिह्रासौ निषेकाच्च स्वभावाद्विश्वकर्मणः। चतुर्भागविहीनानि स्त्रीणां विद्धि स्वभावतः।। कूपके कूपके चापि विद्यात् सूक्ष्मं सिरामुखम्। प्रस्विद्यमानस्तैः स्वेदं विमुञ्चति सिरामुखैः।। जातस्य वर्धमानस्य यूनो वृद्धस्य देहिनः। स्वेनाञ्जलिप्रमाणेण द्रवाणि प्रमिमीमहे।।
इसके आगे दो लाख बाह्य एवं आभ्यन्तरिक कूप (छिद्र) होते हैं। रोमकूप भी इतने ही होते हैं। इनमें जन्म से ही अथवा विश्वकर्मा के स्वभाव से वृद्धि एवं ह्रास हो सकता है। अर्थात् इस संख्या में यदि वृद्धि एवं ह्रास हो तो वह जन्म से एवं विश्व के बनाने वाले परमात्मा के स्वभाव से ही समझना चाहिये। स्त्रियों में यह संख्या स्वभाव से चतुर्थांश कम होती है। प्रत्येक रोमकूप में एक २ सूक्ष्म शिरा होती है। स्वेद (पसीना) आने पर उन शिराओं के द्वारा ही पसीना बाहर निकलता है। शरीर से पसीना आने के विषय में आधुनिक विज्ञान भी इसी सिद्धान्त को मानता है। हैलिबर्टन की फिजियोलोजी में कहा है—Sweating in accompanied by a dilatation of the blood-vessels of the region, presumably the result of the production of metabolic products. अब हम उत्पन्न हुए २ (सद्योजात), बढ़ने वाले, युवा तथा वृद्ध पुरुष के शारीरिक द्रवों का अपनी २ अञ्जलि के अनुसार प्रमाण बताते हैं॥
शरीरविचयशारीराध्यायः ? ] शारीरस्थानम् ११५
मज्जमेदोवसामूत्रपित्तश्लेष्माणि विट् तथा। एकद्वित्रिचतुष्पञ्चषट्सप्ताञ्जलिकाः स्मृताः ।।
शोणिताञ्जलयोऽष्टौ तु नव पंक्तिरसस्य तु। दशैवाञ्जलयः प्रोक्ता उदकस्य त्वचाश्रयाः ।।
तेनोदकेन पुष्यन्ति धातवो लोहितादयः। अतीसारे पुरुषं च ततो मूत्रं प्रवर्तते ।।
व्रणे लसीका पूयं च पिच्छा चातः प्रवर्तते। भवन्ति तस्मिन् दुष्टे च दद्रुकण्डूविचर्चिकाः ।।
त्वगामयाः किलासानि पामा केशवधस्तथा। तदग्निमारुतोद्विद्धं (कू) पकैः स्वेद उच्यते¹ ।।
श्लेष्मणस्तु प्रमाणेन प्रमाणं तुल्यमोजसः। शुक्रस्यार्धाञ्जलिर्देहे मस्तिष्कस्य तथैव च ।।
एतत् प्रमाणमुद्दिष्टमुत्कृष्टं सर्वमेव तु। प्रज्ञाप्तपिशितीयस्य ततो मध्यं ततोऽधमम् ।।
मज्जा, मेद, वसा, मूत्र, पित्त, श्लेष्मा तथा मल ये क्रमशः एक, दो, तीन, चार, पांच, छः तथा सात अञ्जलि होते हैं। शोणित (रक्त) की आठ अञ्जलियां तथा पक्तिरस (आहार के परिणत होने-पकने पर जो सबसे पूर्व धातु बनती है तथा जिसे 'रस' कहते हैं) की ९ अञ्जलियां होती हैं। त्वचा के आश्रित उदक (जल) की १० अञ्जलियां होती हैं। इसी उदक (जल) के द्वारा ही शरीर की रक्त आदि धातुओं का पोषण होता है। यही अतिसार में पुरीष के रूप में तथा मूत्र के रूप में शरीर से बाहर निकलता है। यह जल व्रण में लसीका (Lymph), पूय (Pus) तथा पिच्छा (लेसदार द्रव्य) के रूप में निकलता है। इस उदक (जल) के दूषित हो जाने पर दद्रु, कण्डू (खुजली), विचर्चिका, किलास (श्वित्र-श्वेत कुष्ठ) तथा पामा (Eczema) आदि त्वग्रोग तथा केशवध (बालों का झड़ना) आदि होते हैं। यही उदक अग्नि एवं वायु के संयोग से जब रोमकूपों के द्वारा बाहर निकलता है तब स्वेद (Sweat) कहलाता है। श्लेष्मा (कफ) के प्रमाण के समान ही अर्थात् ६ अञ्जलि ओज का प्रमाण है। शरीर में शुक्र का प्रमाण आधी अञ्जलि है तथा मस्तिष्क का भी इतना ही (आधी अञ्जलि) है। यह प्रज्ञप्तिपिशित (पूर्व निर्दिष्ट) नामक शारीरिक संहनन वाले (कलियुगी) पुरुष के सम्पूर्ण शरीर के द्रवों का उत्कृष्ट (Maximum) प्रमाण कहा गया है। मध्य व्यक्तियों का मध्यम (Medium) तथा अधम व्यक्तियों का अधम (Minimum) प्रमाण भी होता है। चरक शा. अ. ७ में भी शारीरिक द्रव्यों का इसी प्रकार अञ्जलि प्रमाण दिया गया है—यत्त्वञ्जलिसंख्येयं तदुपदेक्ष्यामः, तत्परं प्रमाणमभिक्षेय, तच्च वृद्धिह्रासयोगि, तर्क्यमेव; तद्यथा—दशोदकस्याञ्जलयः शरीरे स्वेनाञ्जलिप्रमाणे यत्तत् प्रच्यवमानं पुरीषमनुबध्नात्यतियोगेन तथा मूत्रं रुधिरमन्यांश्च शरीरधातून्, यत्तत् सर्वशरीरचर बाह्या त्वग्बिभर्ति, यत्तु त्वगन्तरे व्रणगतं लसीकाशब्दं लभते, यच्चोष्मणाऽनुबद्धं लोमकूपेभ्यो निष्पतत्स्वेदशब्दमवाप्नोति, तदुदकं दशाञ्जलिप्रमाणं, नवाञ्जलयः पूर्वस्याहारपरिणामधातोर्र्यं तं रस इत्याचक्षते, अष्टौ शोणितस्य, सप्त पुरीषस्य, षट् श्लेष्मणः, पञ्च पित्तस्य, चत्वारो मूत्रस्य, त्रयो वसायाः, द्वौ मेदसः, एकः मज्जः, मस्तिष्कस्यार्धाञ्जलिः, शुक्रस्य तावदेव प्रमाणं, तावदेव श्लेष्मणश्चौजस इत्येतच्छरीरतत्त्वमुक्तम् ।।
शुक्रं तु षोडशे वर्षे सम्पूर्णं संप्रवर्तते । अन्योन्यसंश्रयाण्याहुरन्योन्यगुणवन्ति च ।।
महाभूतानि दृश्यानि दार्वग्नितिलतैलवत् ।
सोलहवें वर्ष में पुरुष में शुक्र सम्पूर्ण (पूर्ण परिपक्व) रूप से प्रवृत्त होने लगता है। जिस प्रकार लकड़ी में अग्नि तथा तिलों में तेल होता है उसी प्रकार ये पञ्चमहाभूत भी परस्पर एक दूसरे के आश्रित तथा एक दूसरे के गुणों वाले होते हैं ।।
१. 'यच्चोष्मणाऽनुबद्धं रोमकूपेभ्यो निष्पतत् स्वेदशब्दमवाप्नोति' इति चरकः (शा.अ. ७) ।
| ११६ | काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् | जातिसूत्रीयशारीराध्यायः ? ] |
|---|
शरीरसंख्या निर्दिष्टा यथास्थूलं प्रकारतः ।।
देहावयवसूक्ष्मं तु भेदानन्त्यं सुदुर्वचम् ।।
इति ह स्माह भगवान् कश्यपः ।।
इति (शारीरस्थाने) शरीरविचयं नाम शारीरम् ।
यह स्थूल (मोटे) रूप से शरीर के अवयव इत्यादिकों की संख्या का निर्देश किया है। देह के सूक्ष्म अवयवों के भेद तो अनन्त हैं इसलिये उनका परिगणन करना हो तो अत्यन्त कठिन है ।।
ऐसा भगवान् कश्यप ने कहा था।
इति (शारीरस्थाने) शरीरविचयं नाम शारीरम् ।
जातिसूत्रीयशारीराध्यायः
अथातो जातिसूत्रीयं व्याख्यास्यामः ।।१।।
इति ह स्माह भगवान् कश्यपः ।।२।।
अब हम जातिसूत्रीयं शारीर का व्याख्यान करेंगे। ऐसा भगवान् कश्यप ने कहा था। अर्थात् इस अध्याय में जन्मशास्त्र या उत्पत्तिशास्त्र की व्याख्या की जायेगी ।।१-२।।
जातौ जातौ खलु स्वभाव एवाकृतिभेदनिर्वर्तयिता भवति । स्वभावतो ह्यस्य वायुपरमाणवः संयोगविभागचेष्टाधिकारा आकुञ्चनप्रसारणकोष्ठाङ्गप्रत्यङ्गधातुचेतनाश्रोतांसि विभजान्त । समत्यके¹ धातुरिव निषिक्तः पुरुषः पुरुषमभिनिर्वर्तयति, गौर्गमिक्ष्वाऽश्वमेवमादि । नृणामपि तु मध्ये गर्भनिर्वृत्तिः । तत्र द्वयोदम्पत्योः स्वभावात् स्वकर्मपरिणामाद्वा प्रजाभिवृद्धिर्भवति, तौ धन्यौ; अतोऽन्यथा भिषजितव्यो । स्नेहस्वेदवमनविरेचनास्थापनानुवासनैः क्रमश उपचरेन्मधुरौषधसिद्धाभ्यां क्षीरघृतपुष्टं पुरुषं, स्त्रियं तु तैलमांसा (माषा) भ्यामित्येके; सात्म्यैरेवेति प्रजापतिः ।। ३ ।।
(इति ताडपत्रपुस्तके ८४ तमं पत्रम् ।)
प्रत्येक जाति में स्वभाव से ही आकृति भेद होता है। संयोग, विभाग तथा चेष्टा को करने वाले वायु के परमाणु स्वभाव से ही इसके आकुञ्चन (सिकुड़ना), प्रसारण (फैलना), कोष्ठ के अङ्ग, प्रत्यङ्ग, धातु, चेतना तथा स्रोतों का विभाजन करते हैं। जिस प्रकार सांचों में ढला हुआ पुरुष-पुरुष को उत्पन्न करता है और गौ-गौ को तथा घोड़ा-घोड़े को उत्पन्न करते हैं, उसी प्रकार मनुष्यों में भी गर्भ की निर्वृत्ति होती है। पति और पत्नी दोनों के स्वभाव से अथवा अपने कर्मों के परिणाम से यदि सन्तान उत्पन्न होती है तो वे (पति तथा पत्नी) धन्य (प्रशस्त) हैं। यदि इसके विपरीत हैं अर्थात् किसी कारण से सन्तान की उत्पत्ति नहीं होती है तो उनकी चिकित्सा करनी चाहिये। स्नेहन, स्वेदन, वमन, विरेचन,
¹ १. तद्यथा-कनकरजतताम्रत्रपुसीसकान्यवसिच्यमानानि तेषु तेषु मधूच्छिष्टबिम्बेषु (मधूच्छिष्टविग्रहेषु) तानि यदा मनुष्यबिम्बमापद्यन्ते तदा मनुष्यविग्रहेण जायन्ते' इति चरकः (शा. अ. ३)
| जातिसूत्रीयशारीराध्यायः ? ] | शारीरस्थानम् | ११७ |
|---|
आस्थापन तथा अनुवासन द्वारा क्रमशः शुद्ध करके दूध तथा घृत से पुष्ट हुए २ पुरुष को मधुर ओषधियों से सिद्ध घृत का तथा स्त्री को तैल और मांस (माष पाठ होने पर उड़द अर्थ होगा) का सेवन करायें-ऐसा कुछ लोग कहते हैं परन्तु प्रजापति कश्यप के मत में जिसे जो सात्म्य हो उसे उसी का सेवन करायें। चरक शा. अ. ८ में भी कहा है—अथाप्येतौ स्त्रीपुरुषौ स्नेहस्वेदाभ्यामुपपाद्य वमनविरेचनाभ्यां संशोध्य क्रमेण प्रकृतिमापादयेत, संशुद्धौ चास्थापनानुवासनाभ्यामुपाचरेत्, उपाचरेच्च मधुरौषधसंस्कृताभ्या पुरुषं, स्त्रिय तु तैलमाषाभ्याम्। अष्टाङ्ग संग्रह में भी कहा है—विशेषतस्तु धृतक्षीरवद्भिर्मधुरौषधसंस्कारैः पुरुषं, तैलेन नारीं पित्तलैश्च मांसैः शुक्र एवं रज को शुद्ध करने तथा उनको पूर्ण करने के लिये यह निधान दिया गया है ॥३॥
यथा च पुष्पमध्ये फलमनिर्वृत्तं सुसूक्ष्ममस्ति न चोपलभ्यते, यथा चाग्निदारुषु सर्वगतः प्रयत्नाभावान्नोपलभ्यते, तथा स्त्रीपुंसयोः शोणितशुक्रे कालावक्षे स्वकर्मावक्षे च भवतः । षाडशवर्षयोर्हि शोणित१शुक्रयोर्मध्ये प्रभवतः; अर्वागपि यदाहारविशेषादारोग्याच्च पूर्णे भवत इति परिषत् ।।४।।
जिस प्रकार पुष्प में फल सूक्ष्म तथा अनुत्पन्न (Latent) या अदृश्य अवस्था में होने से उपलब्ध नहीं होता अथवा जिस प्रकार लकड़ियों में सब जगह अग्नि होने पर भी प्रयत्न के बिना प्राप्त नहीं होती है उसी प्रकार स्त्री एवं पुरुष में क्रमशः शोणित (आर्तव) तथा शुक्र (वीर्य) काल तथा अपने कर्मों की अपेक्षा रखते हैं अर्थात् उचित समय पर प्रकट होते हैं। स्त्री एव पुरुष के १६ वर्ष के होने पर शोणित तथा शुक्र कार्य करने में समर्थ होते हैं अथवा पूर्ण होते हैं। १६ वर्ष की अवस्था से पूर्व भी आहार की विशेषता तथा आरोग्य के कारण शोणित और शुक्र पूर्ण हो सकते हैं। अर्थात् साधारणतया १६ वर्ष की अवस्था में शुक्र एवं शोणित पूर्ण परिपक्व होता है परन्तु यदि पौष्टिक आहार मिले तथा स्वास्थ्य उत्तम हो तो इससे पूर्व भी शुक्र एवं शोणित पूर्ण हो सकते हैं।
वक्तव्य—सुश्रुत में पुरुष के २५ वर्ष तथा स्त्री के १६ वर्ष का होने पर ही मैथुन का विधान दिया गया है। शोणित एवं शुक्र की उपस्थिति इससे पूर्व भी होती है परन्तु वे पूर्ण अवस्था में नहीं होते हैं। शारीर स्थान के दशवें अध्याय में कहा है—ऊनषोडशवर्षायामप्राप्तः पञ्चविंशतिम्। यद्याधत्ते पुमान् गर्भं कुक्षिस्थः स विपद्यते ।। जातो वा न चिरञ्जीवेज्जीवेद्वा दुर्बलेन्द्रियः ।। इस अवस्था में जो गर्भ की स्थिति होगी वह या तो गर्भाशय में ही मृत हो जाता है अथवा उत्पन्न होने के बाद मृत हो जायगा या अत्यन्त ही दुर्बल सन्तान उत्पन्न होगी। स्त्री में १६-२० वर्ष तक की अवस्था में सन्तानोत्पत्ति की शक्ति सबसे अधिक होती है। उससे पूर्व अपक्वावस्था होती है तथा उसके बाद वह शक्ति क्रमशः क्षीण होने लगती है। इसी प्रकार पुरुष में २० वर्ष की अवस्था से लकर प्रायः ३०-३५ वर्ष की अवस्था तक सन्तानोत्पत्ति की शक्ति सबसे अधिक विद्यमान होती है। उसके बाद वह शक्ति क्रमशः क्षीण होने लगती है। यह सामान्य नियम है। इसके अपवाद भी हो सकते हैं तथा वाजीकरण ओषधियों के द्वारा इस शक्ति को बहुत बड़ी अवस्था तक भी स्थिर रखा जा सकता है ॥४॥
रजस्वलायाश्चेत् प्रथमेऽहनि गर्भ आपद्येत तं वातगर्भमाचक्षते विफलं वातपुष्पमिवोद्भिदानां; द्वितीयेऽहनि चेत् स्रंसते च्यवते वा; तृतीयेऽहनि सूतिकासने म्रियते, न वा दीर्घायुर्भवति, हीनाङ्गश्च जायते; अतऊर्ध्वमृतुर्द्वादशाहं ब्राह्मणीनाम्, एकादशाहं क्षत्रियाणां, दशाहं वैश्यानां, नवरात्रमितरासाम् । ऋतुर्बीजकालमवेक्षत इत्याहुर्महर्षयः । अत ऊर्ध्वमकालजमाहुः । अकालजं हीनं दुर्बलमस्थिरमदृढ़मपीनभङ्गुरं धान्यमिव भवति ।।५।।
१. 'शोताणुशुक्रे पूर्णे भवतः' इति पाठश्चेत् साधु ।
| १९८ | काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् | जातिसूत्रीयशारीराध्यायः ? ] |
|---|
यदि रजस्वला स्त्री के रजोदर्शन के प्रथम दिन ही गर्भ की स्थिति हो जाय तो उसे वृक्षों के वातपुष्प की तरह 'वातगर्भ' कहते हैं तथा वह फलशून्य होता है अर्थात् उस गर्भ के सन्तान की उत्पत्ति नहीं होती है। यदि (रजोदर्शन के) दूसरे दिन गर्भाधान किया जाय तो गर्भपात (स्राव अथवा पतन$^१$) हो जाता है। रजोदर्शन के तीसरे दिन यदि गर्भाधान हुआ हो तो उत्पन्न बालक की सूतिकागृह में ही मृत्यु हो जाती है अथवा यदि मृत्यु न भी हो तो वह बालक दीर्घायु नहीं होता तथा हीन अङ्गों वाला उत्पन्न होता है। चरक. शा. अ. ८ में भी रजोदर्शन के बाद की प्रथम तीन रात्रियों में सहवास करना निषिद्ध है। कहा है—ततः पुष्पात्प्रभृति त्रिरात्रमासीत ब्रह्मचारिण्यधःशायिनी पाणिभ्यामन्त्रमजर्जरपात्रे भुञ्जाना न च कांचिद् मृजामापद्येत। सुश्रुत शा. अ. २ में भी कहा है—ऋतौ प्रथमदिवसात् प्रभृति ब्रह्मचारिणी दिवास्वप्नाञ्जनाश्रुपात-स्नानानुलेपनाभ्यङ्गनखच्छेदनप्रधावनहसनकथनातिशब्दश्रवणावलेखनानिलायासान् परिहरेत्। किं कारणं ? दिवा स्वपन्त्याः स्वापशीलः, अञ्जनादन्धः, रोदनाद्विकृतदृष्टिः, स्नानानुलेपनाद् दुःखशीलः, तैलाभ्यङ्गात् कुष्ठी, नखापकर्तनात् कुनखी, प्रधावनाच्चञ्चल, हसनाच्छ्यावदन्तौष्ठतालुजिह्वः, प्रलापी चातिकथनात्, अतिशब्दश्रवणाद्वधिरः, अवलेखनात् खलतिः, मारुतायाससेवनादुन्मत्तोगर्भं भवतीत्येवमेतान् परिहरेत्। इन तीन रात्रियों के बाद ऋतुकाल होता है जो कि ब्राह्मणी के लिये १२ दिन, क्षत्रिय स्त्री के लिये ११ दिन, वैश्य स्त्री के लिये १० दिन तथा अन्य शूद्र आदि स्त्रियों के लिये ९ दिन होता है। सुश्रुत शा. अ. २ में भी कहा है—तत्र प्रथमे दिवसे ऋतुमत्यां मैथुनमनापुष्यं पुंसां भवति, यश्च तत्राधीयते गर्भः स प्रसवमानो विमुच्यते, द्वितीयेऽप्येवं सूतिकागृहे वा, तृतीयेऽप्येवं पूर्णाङ्गोऽल्पायुर्वा भवति, चतुर्थेतु संपूर्णाङ्गो दीर्घायुश्च भवति। न च प्रवर्तमाने रक्ते बीजं प्रविष्टं गुणकरं भवति, यथा नद्यां प्रतिस्रोतः प्लाविवद्रव्यं प्रक्षिप्तं प्रतिनिवर्त्तते नोर्ध्वं गच्छति तद्वदेव द्रष्टव्यम्। तस्मान्नियमवर्ती त्रिरात्रं परिहरेत्। अतः परं मासादुपेयात्। चतुर्थ दिन से लेकर अगले रजोदर्शन तक स्त्री-पुरुष परस्पर सहवास कर सकते हैं। यदि रजोदर्शन न हो तो इसका अभिप्राय यह है कि गर्भ की स्थिति हो चुकी है। उस अवस्था में पुनः मैथुन नहीं करना चाहिये। ऋतु-बीज (शुक्र और शोणित) तथा काल की भी अपेक्षा रखता है—ऐसा महर्षियों ने कहा है। अर्थात् केवल ऋतु के यथोचित होने मात्र से ही गर्भोत्पत्ति नहीं होती है अपितु उसके साथ स्त्री-पुरुष का शोणित तथा शुक्र शुद्ध एवं पूर्ण होना चाहिये तथा काल भी यथावत् होना चाहिए तब गर्भ की स्थिति होती है। सुश्रुत शा. अ. २ में गर्भोत्पत्ति की अङ्कुरोत्पत्ति के साथ बड़ी सुन्दर तुलना की गई है—ध्रुवं चतुर्णां सन्निध्याद् गर्भः स्याद्विधिपूर्वकः। ऋतुक्षेत्राम्बुबीजानां सामग्र्यादङ्कुरो यथा।। जिस प्रकार अंकुर की उत्पत्ति ऋतु (वर्षा आदि काल), क्षेत्र (खेत-भूमि), अम्बु (जल) तथा बीज पर निर्भर है उसी प्रकार गर्भ की उत्पत्ति भी ऋतु (रजोकाल) क्षेत्र (गर्भाशय का शुद्ध होना), अम्बु (आहार के परिणाम से उत्पन्न होने वाली रसधातु) तथा बीज (शुक्र तथा आर्तव) पर निर्भर है। अर्थात् ये चारों अवस्थायें ठीक हों तभी गर्भ की स्थिति सम्यक् प्रकार से हो सकती है। इन उपर्युक्त १२ रात्रियों के अतिरिक्त समय 'अकाल' कहलाता है अर्थात् इन में मैथुन नहीं करना चाहिये। इसीलिये सुश्रुत में कहा है—"त्रयोदशीप्रभृतयो निन्द्याः”। इस अकाल में स्थित गर्भ अकाल में होने वाले धान्य की तरह हीन गुणों वाला, दुर्बल, अस्थिर, अदृढ (कमजोर), पतला तथा भङ्गुर होता है ॥५॥
युग्मेष्वहःसु पुत्रकामोऽन्यत्र कन्यार्थी हर्षितस्तृप्तोऽनुरुद्धः स्त्रियमुपेयादिति सिद्धम् ॥६॥
पुरुष यदि पुत्रोत्पत्ति का इच्छुक है तो हर्षयुक्त (प्रसन्न अथवा ध्वजहर्ष होने पर), तृप्त तथा अनुरुद्ध (किसी अन्य स्त्री को न चाहता) हुआ युग्म दिनों में अर्थात् रजोदर्शन से चौथी, छठी, आठवीं, दसवीं तथा बारहवीं रात्रि में स्त्री से
१. सुश्रुत निदान अ. ८ में गर्भपात तथा गर्भास्राव का निम्न भेद दिया है—आचतुर्थातत्तो मासात् प्रस्रवेदगर्भ विद्रवः । ततः स्थिरतर शरीरस्य पातः पञ्चमषष्ठयोः ॥ अर्थात् गर्भाधान से चतुर्थमास तक गर्भस्राव होता है अर्थात् गर्भ, स्राव के रूप में गिरता है तथा उसके बाद पांचवें और छठे मास में स्थिर (घन) गर्भ का पात होता है। आधुनिक विज्ञान के अनुसार गर्भस्राव को Abortion तथा गर्भपात को miscarriage कहते हैं।
जातिसूत्रीयशारीराध्यायः ? ] शारीरस्थानम् ११९
सहवास करे। यदि वह कन्या की उत्पत्ति का इच्छुक है तो अयुग्म (पांचवीं, सातवीं, नवमी, इग्यारहवीं, तेरहवीं) रात्रियों में मैथुन करना चाहिये। चरक शा. अ. ८ में कहा है—स्नानात्प्रभृति युग्मेष्वहःसु संवसेतां पुत्रकामौ, अयुग्मेषु दुहितृकामौ। सुश्रुत शा. अ. २ में भी कहा है—नारीमुपेयाद्रात्रौ सामादिभिरभिविश्वास्य। विकल्प्यैवं चतुर्थ्यां षष्ठयामष्टम्यां दशम्यां द्वादश्यां चोपेयादिति पुत्रकामः। एषूत्तरोत्तरं विद्यादायुरारोग्यमेव च। प्रजासौभाग्यमैश्वर्यं बलं च दिवसेषु वै ।। अतः परं पञ्चम्यां सप्तम्यां नवम्यानेकादश्यां च स्त्रीकामः, त्रयोदशीप्रभृतयो निन्द्याः ॥६॥
अथ शुद्धस्नातां (ता) स्त्रियं (स्त्री) चतुर्थेऽहनि स्नानगृहे श्वेतेन एवाऽन्येन वाससाऽवगुण्ठ्यानवलोकयन्ती शुचिर्देवगृहं प्रविश्योद्धताग्नि१ प्रज्वलन्तं घृताक्षतेनाभ्यर्च्य ब्राह्मणमीश्वरं विष्णुं स्कन्दं च संप्रेक्ष्याभिवाद्य, निष्क्रम्य सूर्यचन्द्रमसाविति, न तु प्रेतपिशाचरक्षांसि; शुद्धस्नातमात्रा हि स्त्री यं वा पश्यति मनसा वाऽभिध्यायति तादृशाचारवपुषं प्रायेण जनयति; तस्माद्देवगोब्राह्मणगुरुवृद्धाचार्यान् सन्तः पश्येत्, कल्याणमनाश्च स्यात्। न तु सन्ध्ययोः स्नानं मैथुनं वोपेयान्नान्यमना इति ॥७॥
इससे बाद स्नान आदि के द्वारा शुद्ध हुई स्त्री चौथे दिन स्नानगृह में अन्य श्वेत (शुभ्र) वस्त्र से अपने आपको ढककर इधर उधर न देखती हुई पवित्र मन से देवगृह (मन्दिर) में जाकर प्रज्वलित तथा हवन की हुई अग्नि की घृत तथा अक्षत द्वारा अभ्यर्चना (पूजा) करके, ब्राह्मण, ईश्वर, विष्णु तथा स्कन्द को देखकर तथा उनका अभिवादन करके, सूर्य एवं चन्द्रमा को नमस्कार करे। वह प्रेत, पिशाच तथा राक्षस आदिकों को नमस्कार न करे। स्नान द्वारा शुद्ध हुई स्त्री सबसे प्रथम जिसे देखती है अथवा जिसका ध्यान करती है उसी प्रकार के आचार एवं शरीर वाली सन्तान को उत्पन्न करती है। इसलिये सब से पहले वह स्त्री-देवता, गौ, ब्राह्मण, गुरु, वृद्ध पुरुष (गुरुजन) तथा आचार्य का दर्शन करे एवं कल्याणयुक्त मन वाली रहे अर्थात् मन में सदा कल्याण की ही इच्छा करे। सन्ध्या काल में स्त्री स्नान तथा मैथुन न करे। तथा उसे अन्यमना (पति के अतिरिक्त किसी दूसरे व्यक्ति में मन वाली) नहीं होना चाहिये। सुश्रुत शा. अ. २ में कहा है—पूर्व पश्येद् ऋतुस्नाता यादृशं नरमङ्गना। तादृशं जनयेत्पुत्रं भर्तारं दर्शयेदतः ॥७॥
तत ऋत्विक् पुत्रीयामिष्टिं निर्वपेत्। सिद्धमांसौदना वातघ्नौ (?) वाऽऽज्यभागौ, यवमयः पुरोडा- शोऽष्टाकपालो, ब्रीहिमयरुः, उभौ वागायुर्युतौ प्रजायेते; नत्वदे ....... क्षे, 'आब्रह्मन्ब्राह्मण' इति यजमानभागमभिमन्त्र्य शेषं दम्पती प्राश्नीयाताम्। श्वेत ऋषभोऽश्वो वा हिरण्यं वा भिषजे सैव दक्षिणा, सैवमनाहिताग्नेः, शलाग्नौ नित्यं होमं हुत्वा, तेनैव मन्त्रेण हुतशेषं तौ प्रा (श्नीतः)। शयनीये मृदुस्वास्तीर्णोपहितेऽस्यै भर्ता .......... त्र लक्ष्मणामद्भिरालोड्य, 'सोमः पवत' इत्येतेन शतजप्तेन सावित्र्या व्याहृतिभिः 'अपो देवीरुपसृज' इति मन्त्रेण नस्यं दत्त्वा, वामदेव्यं जपित्वा, दक्षिणेन पार्श्वेन स्त्रियं शाययीत, वामपार्श्वेन पुमानूर्ध्वोत्तरेणोपशयीत्। शनैः प्रजार्थं चाचरेत्। बीजेऽवसिक्ते विधार्यावसर्फेत्। शीतोदकेन च शौचं कुर्यात्। तत ऊर्ध्वमग्निकर्मप्रतापायासव्यायामशोकादिवर्जनमिति ॥८॥
इसके बाद ऋत्विक् पुत्रीय इष्टि (पुत्रेष्टि यज्ञ) को करे। एतदर्थ आज्याहुति के निमित्त वातनाशक एवं सिद्ध किये हुए मांस और ओदन, आठ कपालों में संस्कृत होने वाला यव का बना हुआ पुरोडाश (पूड़ा-अपूप) तथा ब्रीहि के बने हुए चरु (हविविशेष) इत्यादि पदार्थों को तैयार करे। इससे वे दोनों (पति तथा पत्नी) वाणी और आयु से युक्त हो जाते हैं। फिर "ओं आब्रह्मन् ब्राह्मण" इत्यादि मन्त्र बोलकर उससे यजमान के भाग को अभिमन्त्रित करके शेष भाग की दम्पती (पति-पत्नी) खायें। अनाहिताग्नि (जिसने अग्नि का आधान नहीं किया है) वद्य को सफेद बैल, घोड़ा अथवा धन की
१. 'उद्वाहाग्निं' इति पाठश्चेत् साधु।
१२० | काश्यपसंहिता वा वृद्धजीवकीयं तन्त्रम् | जातिसूत्रीयशारीराध्यायः ? ]
दक्षिणा देवे । तदनन्तर शालाग्नि (गार्हपत्य अग्नि) में आहुति डालकर उसी मन्त्र के द्वारा दोनों पति तथा पत्नी यज्ञशेष को खायें । इसके बाद पति मृदु तथा आस्तीर्ण युक्त बिछौने पर पत्नी को लिटाकर लक्ष्मणा (पुत्रदा-श्वेत कटेरी) नामक ओषधि को जल में घोलकर “सोमः पवत” इत्यादि मन्त्र को १०० वार जपकर सावित्री (गायत्री) मन्त्र की “भूर्भुवः स्वः महः” इत्यादि व्याहृतियों के द्वारा 'अपो देवीरुपसृज' इत्यादि मन्त्र से (लक्ष्मणा ओषधि का) नस्य देवे । तदनन्तर वामदेव (सामगान) को गाकर दाईं ओर स्त्री को लिटाये तथा बाईं ओर पुरुष लेटे । फिर ऊपर तथा नीचे की स्थिति में होकर लेट जायें और शनैः २ सन्तानोत्पत्ति के निमित्त आचरण करें अर्थात् मैथुन करें । चरक में भी पुत्रेष्टि का विधान दिया गया है । शारीर स्थान के आठवें अध्याय में कहा है—ततस्तस्या आशासानाया ऋत्विक् प्रजापतिमभिनिर्दिश्य योनौ तस्याः कामपरिपूरणार्थं काम्यामिष्टं निर्वपेत विष्णुर्योनिं कल्पयतु” इत्यनया ऋचा । ततश्चैवाज्येन स्थालीपाकमभिधार्य त्रिजुहुयात्, यथाऽऽम्नायं चोपमन्त्रितमुदकपात्रं तस्यै दद्यात्सर्वोदकार्थान् कुरुष्वेति । ततः समाप्ते कर्मणि पूर्वं दक्षिणपादमभिरन्ती प्रदक्षिणमग्निमनुपरिक्रामेत् । ततो ब्राह्मणान् स्वस्ति सह भर्त्राऽऽज्यशेषं प्राश्नीयात्, पूर्वं पुमान् पश्चात्स्त्री, न चोच्छिष्टमवशेषयेत्; ततस्तौ सह संवसेतामष्टरात्रं तथाविधपरिच्छदावेव च स्यातां, यथेष्टपुत्रं जनयेताम् ।
वक्तव्य—सन्तानोत्पत्ति के लिये मैथुन के समय पुरुष को ऊपर तथा स्त्री को नीचे लेटना चाहिये । केवल मैथुन के आनन्द के लिए यद्यपि कामशास्त्र के अनुसार अनेक प्रकार के आसनों का प्रयोग किया जाता है तथापि उनका उद्देश्य केवल आनन्द मात्र ही है । सन्तानोत्पत्ति नहीं । सन्तानोत्पत्ति के लिये तो सर्वश्रेष्ठ आसन पुरुष को ऊपर तथा स्त्री को नीचे लेटना ही है । इसीलिये चरक शा. अ. ८ में कहा है—न च न्युब्जां पार्श्वगतां वा संसेवेत, न्युब्जाया वातो बलवान् स योनिं पीडयति, पार्श्वगताया दक्षिणे पार्श्वे श्लेष्मा संच्युतोऽपिदधाति गर्भाशयं, वामे पित्तं पार्श्वे तस्याः पीडितं विदहति रक्तशुक्रं, तस्मादुत्ताना सती बीजं गृह्णीयात्; तस्या हि यथास्थानमवतिष्ठते दोषाः । बीज (शुक्र) के योनि में अवसिंचन हो जाने पर स्त्री को उसे धारण करके अलग सो जाना चाहिये । उसके बाद मैथुन के समाप्त हो जाने पर ठण्डे पानी से शुद्धि करनी चाहिये । ठण्डे पानी से योनि की मांसपेशियां सिकुड़ेंगी जिससे धारण किये हुए वीर्य की योनि में स्थिरता होकर गर्भोत्पत्ति की संभावना अधिक होगी । इसीलिये चरक में कहा है-‘पर्याप्ते चैनां शीतोदकेन परिषिञ्चेत्’ इसकी व्याख्या में 'गङ्गाधर' ने लिखा है-एनां कृतकर्मणां स्त्रियं मैथुनश्रमोष्मप्रशमार्थं शोतोदकेन मुखनयनादिषु योनिषु च परिषिश्चेत्” । मुख, नेत्र तथा योनि में शीतल जल के छींटे देने चाहिये । इसके साथ ही चरक शा. अ. ८ में गर्भस्थापनकारक औषधियां दी हुई हैं, इनका सेवन किया जा सकता है। कहा है-अत ऊर्ध्वं गर्भस्थापनानि व्याख्यास्यामः—ऐन्द्रीब्राह्मीशतवीर्यासहस्रवीर्याऽमोघाऽव्यथाशिवा बलाऽरिष्टावाट्यपुष्पीविष्वक्सेनकान्ता च, आसामोषधीनां शिरसादक्षिणेन पाणिना धारणम्, एताभिश्चैव सिद्धस्य पयसः सर्पिषो वा पानं, एताभिश्चैव पुष्ये पुष्ये स्नानं, सदा समालभेत च ताः, तथा सर्वासां जीवनीयाक्तानामोषधीनां सदोपयोगस्तैस्तैरुपयोगविधिभिः, इति गर्भस्थापनानि व्याख्यातानि भवन्ति । इसके बाद अग्निकर्म (अग्नि के पास बैठकर कार्य आदि का अधिक करना), धूप, आयास (परिश्रम), व्यायाम तथा शोक आदि का त्याग कर देना चाहिये अर्थात् इनका अधिक सेवन नहीं करना चाहिये । चरक शा. अ. ८ में भी कहा है—तस्मादहितानाहारविहारान् प्रयोजसम्पदमिच्छन्ती स्त्री विशेषेण वर्जयेत्, साध्वाचारा चात्मानमुपचरेद्धिताभ्यामाहार विहाराभ्याम् ॥८॥
सा चेदिच्छेद् गौरमोजस्विनं शुचिमायुष्मन्तं पुत्रं जनयेयमिति, तस्या एवं शुद्धस्नानात् प्रभृति, शुक्लयवंसक्तूनां मधुघृताभ्यां श्वेतायाः श्वेतपुंवत्साया गोः क्षीरेण संसृज्य मन्थं राजते पात्रे कांस्ये वा सदा पाययेत्, शालिगौरयवक्षीरदधिघृतप्रायं च काले मात्रया अश्नीयात्, पुष्पाभरणवासांसि च शुक्लानि बिभृयात्, सायं प्रातश्च श्वेतमश्वं वृषभं वा पश्येत्, सौम्यहितप्रियकथाभिरासीत अनुकूलपरिवारा च स्यादिष्टमपत्यं जनयति । या तु श्यामं लोहिताक्षं व्यूढोरस्कं पुत्रमिच्छेत् कृष्णं वा तत्र तादृगुपचारो
जातिसूत्रीयशारीराध्यायः ? ] शारीरस्थानम् १२१
भोजनवसनकुसुमाल्याङ्काराणां, तादृग्देशानुचिन्तनं चेति। यवागूं तु कन्यार्थिनीभ्योदद्यात्; क्षीरोदकतिलसिद्धास्तु वर्ण्याः। गौरश्यामकृष्णोभ्योऽन्ये वर्णा निन्दिताः ।।९।।
यदि वह स्त्री गौरवर्ण, ओजस्वी, पवित्र तथा दीर्घायु पुत्र को उत्पन्न करना चाहे तो उसे स्नान द्वारा शुद्ध होने के पहले दिन से ही मधु तथा घृत (असमान मात्रा) सहित सफेद जौ के सतुओं से बनाये हुए मन्थ में श्वेत रंग की तथा जीवित श्वेत रंग के बछड़े वाली गौ का दूध मिलाकर चांदी अथवा कांसी के पात्र में सदा पिलाये। तथा यथासमय शालि, सफेद जौ, दूध, दही तथा घी मिलाकर मात्रा में सेवन करे। वह श्वेत पुष्प एवं वस्त्रों को धारण करे, सायं तथा प्रातः काल श्वेत घोड़े तथा बैल का दर्शन करे। सौम्य, हितकारी तथा प्रिय कथाओं (बातचीत) से युक्त रहे अर्थात् उससे सौम्य तथा प्रिय बातचीत ही करनी चाहिये तथा उसके पास उसके मन के अनुकूल परिवार के व्यक्ति ही रहने चाहिये। इस प्रकार वह अभिलषित पुत्र को उत्पन्न करती है। चरक शा. अ. ८ में भी कहा है—सा चेदेवमाशासीत बृहन्तमवदातं हर्यक्षमोजस्विनं शुचिं सत्वसंपन्नं पुत्रमिच्छेयमिति शुद्धस्नानात्प्रभृत्यस्यै मन्थमवदातयवानां मधुसर्पिभ्यां संसृज्य श्वेताया गौः सरूपवत्सायाः पयसाऽऽलोड्य राजते कांस्ये वा पात्रे काले काले सप्ताहं सततं प्रयच्छेत्पानाय, प्राप्ततश्च शालियवान्निकारान् दधिमधुसर्पिर्भिः पयोभिर्वा संसृज्य भुञ्जीत, तथा सायमावदातशरणशयनासनयानवसनभूषणा च स्यात्, सायं प्रातश्च शश्वच्छ्वेतं महान्तमृषभमाजानेयं हरिचन्दनाङ्गदं पश्येत्, सौम्याभिश्चैनां कथाभिर्मनोऽनुकूल भिरुपासीत, सौम्याकृतिवचनोपचारचेष्टांश्च स्त्रीपुरुषानितरानपि चेन्द्रियार्थानवदातान् पश्येत्, सहचर्यश्चैनां प्रियहिताभ्यां सततमुपचरेयुः, तया भर्ता, न च मिश्रीभावयापद्येयाताम्। जो स्त्री श्याम वर्ण के, लाल आखों वाले, विस्तृत एवं उन्नत छाती वाले अथवा कृष्ण वर्ण के पुत्र को उत्पन्न करना चाहे तो उसके लिये भी भोजन, वस्त्र, पुष्प तथा अलंकार आदिका उसी प्रकार का उपचार करना चाहिये तथा उसीप्रकार के देश (स्थान) का चिन्तन भी करना चाहिये। अर्थात् जिस वर्ण के पुत्र को चाहे उसी वर्ण के वस्त्र, अलंकार भोजन आदि होने चाहिये। चरक शा. अ. ८ में कहा है—या तु स्त्री श्यामं लोहिताक्षं व्यूढोरस्कं महाबाहुं च पुत्रमाशासीत, या वा कृष्णं कृष्णमृदुदीर्घकेशं शुक्लाक्षं, शुक्लदन्तं तेजस्विनमात्मवन्तम्, एष एवानयोरपिहोमविधिः, किन्तु परिबर्हवर्ज्यं स्यात्, पुत्रवर्णानुरूपस्तु यथाऽऽशोः परिबर्होऽन्यकार्यः स्यात्। परिबर्ह (भोजन, पुष्प, आसन, बिछौना इत्यादि बाह्य वस्तुओं) को छोड़कर उसके लिये भी शेष होम आदि की वही पूर्वोक्त विधि ही है। इसके आगे स्त्री जैसे भी वर्ण के पुत्रों को चाहती हो उसके लिये चरक में विधान दिया गया है—या या च यथाविधं पुत्रमाशासीत तस्यास्तस्यास्तां पुत्राशिषमनुनिशाम्य तांस्तान् जनपदान् मनसाऽनुपरिक्रामयेत्, ताननुपरिक्रम्य या या येषां जनपदानां मनुष्याणामनुरूपं पुत्रमाशासीत सा सा तेषां तेषां जनपदानामाहारविहारोपचारपरिच्छादाननुविधत्स्वेति वाच्या स्यात्; इत्येतत्सर्वं पुत्राशिषां समृद्धिकरं कर्म व्याख्यातं भवति। कन्या को चाहनेवाली स्त्री को यवागू देना चाहिये। सिद्ध किये हुए क्षीरोदक तथा तिल वर्ण्य (वर्ण को बढ़ाने वाले) होते हैं। गौर, श्याम तथा कृष्ण वर्णों से भिन्न वर्ण (रंग) निन्दित माने गये हैं ।।९।।
आहारश्चतुर्विधः, षड्रसाश्रयो, विंशतिविकल्पोगुरुलघुशीतोष्णस्निग्धरूक्षमन्दतीक्ष्णस्थिरसर-मृदुकठिनविशदपिच्छिलश्लक्ष्ण-खरसूक्ष्मस्थूलसान्द्रद्रवविकल्पात्; तेन त्वगादयः शुक्रान्ता धातव आप्यायन्ते। तेषां समानं वर्धनमविरुद्धाशनम्। वातादीनां तु धातूनामन्ये धातवआप्यायिता (रो) भवन्ति; भुज्यमानं मांसं मांसस्य, शोणितं शोणितस्येति; तद्धर्मभयादनिष्टं, तद्गुणैस्तु शुचिभिराहारैः क्षीणधातूनाप्याययेत्। शुक्रक्षये क्षीरघृतोपयोगो मधुरस्निग्धजीवनानां चान्येषामपि द्रव्याणामविदाहिनां प्रशस्यते, मूत्रक्षये पुनरिक्षुरसवारुणीमण्डद्रवमधुराम्ललवणतक्रगुडत्रपुसोपक्लेदिनां, पुरीषक्षये यवान्नविकृतिकुल्माषमाषषष्टिकयावकगोरसाम्ललवणस्निग्धशाकोपयोगः, वातक्षये कटुतिक्त-