संक्षिप्त योगवासिष्ठ
Sankshipt Yoga Vasistha
महर्षि वाल्मीकि द्वारा
उत्पत्ति-प्रकरण ] * भेदके निराकरणपूर्वक एकमात्र ब्रह्मकी ही अखण्ड सत्ताका वर्णन * ११३
है। इस प्रकार जीव और जगत्में भी भेद नहीं है।) कार्य-कारण आदि भावरूप चेतन जगत् आत्मासे भिन्न नहीं है। वह चैतन्य प्रकाशकी एक झलकमात्र है। अतः जहाँ सब भेदोंका लय हो गया है, वह परमात्मा ही जगत् है, यह सिद्ध हुआ। इस प्रकार तत्त्वज्ञान हो जानेपर यह निश्चय हो जाता है कि मैं अच्छेद्य हूँ (कोई शस्त्र मुझे काट नहीं सकता), मैं अदाह्य हूँ (मुझे आग जला नहीं सकती), मैं अशोष्य हूँ (हवा मुझे सुखा नहीं सकती) तथा मैं नित्य सर्वव्यापी, सुस्थिर और अचल हूँ। जैसे अपने भ्रमसे औरोंको भ्रममें डालते हुए विवादशील मनुष्य परस्पर विवाद करते हैं, उसी प्रकार जो अज्ञानी हैं, वे ही इस परमात्मतत्त्वके विषयमें वाद-विवाद करते हैं। हमलोग तो भ्रमरहित हो गये हैं। अतः हमारे लिये विवादका अवसर ही नहीं है। अज्ञानी लोगोंने जिसकी सत्ताको दृढ़तापूर्वक मान रक्खा है, वह दृश्य जगत् उनकी दृष्टिमें मूर्त एवं सत्य है; अतः उन्हींकी भावनाके अनुसार उसमें पृथक् विकार आदि हो सकते हैं। परंतु आत्मज्ञानीकी दृष्टिसे जो निराकार, असत्य एवं चिन्मय आकाशरूप है, उसमें आत्मासे पृथक् विकार आदिकी प्रतीति कैसे सम्भव है।
चेतन आत्मा स्वयं अपने स्वरूपमें किसी प्रकारका विकार न आने देकर विचित्र आकाशके रूपमें आविर्भूत होता है। तत्पश्चात् वह चेतन स्वयं ही आकाशजनित वायु होकर विलक्षण स्पन्दन (कम्पन) के साथ प्रकट होता है। इसके बाद (जिसकी उत्पत्तिकी चर्चा अभी की जायगी, उस तेजस्तत्त्वके रूपमें प्रादुर्भूत हुआ) चेतन स्वयं जलतत्त्व बनकर विचित्र विकासको प्राप्त होता है। वह जल धरती खोदकर निकाले गये कूप, तड़ाग आदिके जलसे भिन्न होता है (क्योंकि पृथ्वीकी सृष्टिसे पहले उसका उस कूप आदिसे सम्बन्ध होना सम्भव नहीं है)। जलतत्त्वकी सृष्टिके बाद वह चेतन स्वयं ही सुवर्ण, रजत आदि विचित्र धातुओंसे पूर्ण पृथ्वी-तत्त्वको—देवता, असुर एवं मनुष्य आदिके शरीरभावको भी प्राप्त हुआ।
सदा उदित रहनेवाला चेतनरूपी चन्द्रमा स्वयं ही अपने विचित्र रसोल्लाससे युक्त चाँदनी और महान् चिन्मय प्रकाश बनकर प्रकट हुआ। अपने चैतन्यस्वरूपके ज्ञानके आलोकसे दृश्य-प्रपञ्चरूपी अज्ञानान्धकारके नष्ट हो जानेपर वह चेतन आत्मारूपी चन्द्रमा स्वयं ही पूर्णताको प्राप्त होकर उदित एवं प्रकाशित होता है और स्वयं ही जड़तावश स्थावर आदि पदार्थोंमें अहम्भाव करनेसे सुषुप्ति अवस्थाको प्राप्त होता है। चिन्मय महाकाशरूप ब्रह्म स्वयं ही अविचार-दशामें स्पन्दनशील प्राण आदिमें आत्मभावकी कल्पना करनेपर स्पन्दी अर्थात् संसारी हो जाता है। फिर विचार करनेसे 'मैं चेतन ही हूँ' इस प्रकार जब चैतन्य ज्ञानका उदय होता है, तब वह पुनः पूर्ववत् अपने स्वरूपभूत चैतन्यमें ही प्रतिष्ठित होता है। यह जगत् चेतनरूपी तेजका प्रकाश है। अतः ब्रह्मदृष्टिसे तो यह ब्रह्मस्वरूप है, किंतु जगत्-दृष्टिसे यह सर्वथा अस्तित्व-शून्य है। जगत् चेतनरूपी एकमात्र आकाशकी शून्यता है। ब्रह्मरूपसे यह सत् है और जगत्-रूपसे असत्। जगत् चेतनरूपी आलोकका महान् रूप है। ब्रह्मदृष्टिसे वह सत् है और उससे भिन्न रूपमें उसकी सत्ताका सर्वथा अभाव है। जगत् चेतनरूपी वायुका स्पन्दनमात्र है। यह जगन्मयी रेखा चेतनरूपी अग्निकी उष्णता है (जैसे अग्निका उष्णतासे भेद नहीं है, उसी प्रकार चेतनका जगत्से)। यह जगत् चेतनरूपी जलका द्रवत्व (तरलता है, चिन्मय इक्षुदण्डका माधुर्य है, चैतन्यरूप हिमकी शीतलता है, चेतनरूपी ज्वालाकी लपट है, चैतन्यमयी सरिताकी तरङ्ग है और चेतनरूपी सुवर्णका बना हुआ कङ्कण है, चेतनकी सत्ता ही इस जगत्की सत्ता है। जैसे आकाशमें मल नहीं है—वह सर्वथा निर्मल है उसी प्रकार चेतन परमात्मामें भेद और विकार आदि नहीं हैं—वह सर्वथा अखण्ड एवं निर्विकार है।
११४ * अविच्छिन्नचिदात्मकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ
इस प्रकार ये तीनों लोक सत् आत्माका स्वरूपभूत होने- से सत् हैं, अन्यथा इनका कोई अस्तित्व नहीं है।
चिन्मय परमात्मामें अवयव और अवयवी—इन दोनों शब्दोंके अर्थ खरगोशके सींगकी भाँति असत् हैं। सम्पूर्ण पदार्थ-समूहोंके अधिष्ठानभूत चेतन आकाशमय परमात्मामें इस भूताकाशजनित वायु आदि जगत्रूपी मलकी प्रतीति होती है; परंतु जब असङ्ग भूताकाशसे ही उसके कार्यभूत वायु आदिका सम्बन्ध नहीं है, तब चेतन महाकाश- स्वरूप परमात्मामें इस प्रपञ्चकी सत्ता, असत्ता तथा तू, मैं आदि भावोंके सम्बन्ध कैसे हो सकते हैं? संसारमें जितने कार्य हैं, उन सबके समस्त कारण-समूहोंका आदिकारण ब्रह्मा है। चित्तसे उत्पन्न मनोरथजनित सारे संकल्प-विकल्प असत् होते हैं, अतः चित्त स्वभावसे ही किसीका कारण नहीं है। वह अकारणरूप ही है और वही ब्रह्मा है। यदि हम कहें कि 'चेत्य जगत्के असत् होनेपर चेतन भी असत् हो जायगा; क्योंकि वह अपने स्वरूपभूत चेत्यसे पृथक् नहीं है', तो यह ठीक नहीं। चेतनकी असत्ता तो वाणीमात्रसे भी सिद्ध नहीं की जा सकती; क्योंकि चेतन आत्मा अनुभवसे सिद्ध है। जो है, उसका अवश्य उदय होता है, जैसे बीजसे अङ्कुरका। यह बात प्रत्यक्ष देखी गयी है। (अतः यह सिद्धान्त स्थिर हुआ कि परमात्माकी सत्तासे ही जगत्की सत्ता है, स्वतन्त्र नहीं।)
महर्षि वसिष्ठ जब इतनी बात कह चुके, तब दिन बीत गया। सूर्य अस्ताचलको चले गये। मुनियोंकी वह सभा सायंकालिक नित्यकर्म करनेके लिये स्नान करनेके उद्देश्यसे महर्षिको नमस्कार करके उठ गयी। फिर जब रात बीती, तब प्रातः कालके सूर्यकी किरणोंके साथ-साथ वह मुनिमण्डली पुनः सभामवनमें आकर बैठ गयी। (सर्ग १४)
जगत्के अत्यन्ताभावका प्रतिपादन, मण्डपोपाख्यानका आरम्भ, राजा पद्म तथा रानी लीलाका परस्पर अनुराग, लीलाका सरस्वतीकी आराधना करके वर पाना और रणभूमिमें पतिके मारे जानेसे अत्यन्त व्याकुल होना
जैसे समुद्रके भीतर जलके स्पन्द (हलन-चलन आदि) जलके स्वभावसे च्युत हुए बिना ही लहरोंके वेगके रूपमें प्रकट होते हैं, उसी प्रकार चेतन परमात्मा- में दृश्यजगत्की प्रतीतियाँ होती रहती हैं। जैसे स्वप्न और संकल्प (मनोरथ) में प्रतीत होनेवाले घट-पट आदि पदार्थ अनुभवमें आनेपर भी वास्तवमें हैं नहीं, उसी प्रकार चेतनाकाशरूपी परब्रह्म परमात्मामें दृष्टिगोचर होनेवाले ये पृथ्वी आदि जगत् इन्द्रियोंके अनुभवमें आनेपर भी वास्तवमें हैं नहीं। जैसे मरुभूमि सूर्यकी किरणोंके अन्तर्गत दीखनेवाली जलकी नदी (मृगतृष्णा) में कहीं भी जलका होना सम्भव नहीं है उसी प्रकार इस विज्ञानाकाशस्वरूप जगत्में मूर्तरूप होना कदापि सम्भव नहीं है। जिसमें मूर्त रूपका ग्रहण नहीं होता तथा जो सङ्कल्पकल्पित नगरके समान मिथ्या है, उस जगत्में जो दृश्यताकी प्रतीति होती है, वह मरुमरीचिकामें दृष्टिगोचर होनेवाली नदी- के समान भ्रान्तिरूप ही है। इस जगत्का जो दर्शनीय-सा दृश्य-वैभव है, उसे साक्षिभूत चैतन्यमयी तराजूके एक पलड़ेमें रक्खा जाय और दूसरी ओर स्वप्नको रखकर सार और असारका विवेचन करनेवाली बुद्धिरूप काँटेसे यदि तौला जाय तो वह दृश्य- वैभव स्वप्नकी भाँति कलनारहित (असत्य) होकर आकाशकी भाँति शून्यरूप अथवा चेतनाकाशमय ब्रह्मरूपमें ही स्थित होता है।
अज्ञानियोंकी जो समझ है, उसीमें 'जगत्' शब्दका ब्रह्मसे भिन्न अर्थ भासित होता है। वास्तवमें जगत्,
उत्पत्ति-प्रकरण ] * जगत्के अत्यन्ताभावका प्रतिपादन तथा मण्डपोपाख्यानका आरम्भ * ११५
ब्रह्म और स्व (आत्मा)—इन शब्दोंके अर्थमें कोई भेद है ही नहीं। इसलिये यहाँ जगत् आदि कोई भी दृश्य उत्पन्न नहीं हुआ है। नाम और रूपसे रहित चेतन ब्रह्म ही ज्यों-का-त्यों (निर्विकार भावसे विराज-मान है। इस रीतिसे मायामय महाकाशमें स्थित यह जगत् आवरणशून्य चेतन आकाशरूप परमात्मा ही है। इस विषयमें मण्डपोपाख्यान सुनाया जाता है, जो कानोंके लिये आभूषणरूप है। तुम ध्यान देकर इसे सुनो।
पूर्वकालमें इस भूतलपर पद्म नामसे प्रसिद्ध एक राजा हो गये हैं, जो अपने कुलरूपी सरोवरमें प्रफुल्ल कमलके समान शोभा पाते थे। वे राजलक्ष्मीसे सम्पन्न और अनेक पुत्रोंसे युक्त होते हुए भी विवेक-शील थे। वे मर्यादाका पालन करनेमें समुद्र और दोषरूपी तिनकोंको जला डालनेके लिये अग्निके समान थे। जैसे मेरुपर्वत देवताओंका आश्रम है, वैसे ही वे
विद्वानोंके समुदायको आश्रय देनेवाले थे। जैसे पूर्ण चन्द्रमाके उदयसे महासागर उल्लसित हो उठता है, उसी प्रकार उनके सुयशके विस्तारसे संसारका आनन्द-वर्धन होता था। वे सद्गुणरूपी हंसोंके लिये मान-सरोवर थे। संग्राम-भूमिमें शत्रुरूपी झाड़ियोंको कम्पित कर देनेके लिये प्रचण्ड पवन थे। मनरूपी मतवाले हाथीको वशमें करनेके लिये सिंह थे। समस्त विद्यारूपी वनिताओंके प्राणवल्लभ और सम्पूर्ण आश्चर्यमय गुणोंकी खान थे। देवद्रोही दैत्योंके सैन्य-समुद्रको मथ डालनेके लिये शोभाशाली मन्दराचल थे। भगवान् विष्णुके समान साहस और उत्साहसे सम्पन्न थे। सौजन्यरूपी कुमुदिनीके विकासके लिये शीतरश्मि चन्द्रमा थे तथा दुराचाररूपी विषकी बेलोंको भस्म करनेके लिये धधकती हुई आग थे।
राजा पद्मकी पत्नीका नाम था लीला। वह बड़ी सुन्दरी तथा सब प्रकारके सौभाग्यसे सम्पन्न थी। लीला इस भूतलपर प्रकट हुई लक्ष्मीके समान शोभा पाती थी। पति-सेवाके जितने प्रकार हो सकते हैं, उन सबमें निपुण होनेके कारण उसकी मनोरमता बढ़ गयी थी (अथवा सबके अनुकूल बर्ताव करनेके कारण वह सभीको प्रिय एवं मनोहर जान पड़ती थी)। वह सदा मीठे वचन बोला करती थी और आनन्दमग्न होकर मन्द-मन्द गतिसे चलती थी। जब वह मुस्कराती, उस समय ऐसा लगता, मानो दूसरे चन्द्रमाका उदय हो गया है। उसके अङ्ग गौर वर्णके थे। पतिकी प्राणवल्लभा लीला राजाके खिन्न होनेपर खिन्न हो उठती थी, उनके प्रसन्न होनेपर आनन्दमग्न हो जाती थी और जब वे किसी चिन्तासे व्याकुल होते, तब वह भी चिन्ताके कारण घबरा उठती थी। इस प्रकार सारी बातोंमें तो वह पतिके प्रतिबिम्बकी भाँति उनका अनुकरण एवं अनुसरण करती थी; परंतु उनके कुपित
११६ * अविच्छिन्नचिदात्मकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ
होनेपर वह केवल भयभीत होती थी (क्रोध नहीं करती थी)।
रघुनन्दन ! लीला अपने पतिकी अनन्यप्रिया—एकमात्र वल्लभा थी अथवा उसका अपने पतिमें अनन्य अनुराग था। ऐसी भार्याके पति महाराज पद्मने भूतलकी अप्सरा-सी मनोहर अपनी उस प्रेयसीके साथ स्वाभाविक प्रेम-रसका आस्वादन करते हुए विहार किया। इस प्रकार सुखमें पली हुई राजाकी प्रणयिनी और प्रियतमा, सुन्दर भौंहों और शुभ संकल्पसे सुशोभित होनेवाली लीलाने एक दिन मन-ही-मन विचार किया कि 'ये मेरे प्राणोंसे भी अधिक प्रिय पतिदेव पृथ्वीनाथ महाराज, जो जवानीके उल्लाससे परिपूर्ण और परम कान्तिमान् हैं, किस उपायसे अजर-अमर हो सकते हैं ? मैं तप, जप और यम-नियम आदि चेष्टाओंसे ऐसा प्रयत्न करूँ, जिससे ये चन्द्रमाके समान मनोहर मुखवाले राजा अजर-अमर हो जायें। पहले मैं ज्ञान, तपस्या और विद्यामें बड़े-चढ़े ब्राह्मणोंसे पूछती हूँ कि कौन-सा ऐसा उपाय है, जिससे मनुष्योंकी मृत्यु न हो।' ऐसा विचार करके उसने पूर्वोक्त गुणवाले ब्राह्मणोंको बुलवाया और उनकी पूजा करके नतमस्तक हो बारंबार पूछा—'विप्रगण ! (मुझे और मेरे पतिको) अमरत्व कैसे प्राप्त हो सकता है ?'
ब्राह्मण बोले—देवि ! तप, जप और यम-नियमों-का पालन करनेसे सिद्धोंकी समस्त सिद्धियाँ प्राप्त हो सकती हैं; परंतु उनसे अमरत्व कदापि नहीं मिल सकता।
ब्राह्मणोंके मुखसे यह बात सुनकर अपने प्रियतमके भावी वियोगसे भयभीत हो लीलाने अपनी बुद्धिसे ही फिर तत्काल इस प्रकार सोचना आरम्भ किया—'यदि दैववश पतिके सामने मेरी मृत्यु हो गयी, तब तो मैं सम्पूर्ण दुःखोंसे छूटकर परमात्मामें सुखपूर्वक स्थित हो जाऊँगी; किंतु यदि एक सहस्र वर्षके बाद पहले मेरे पति ही चल बसे तो मैं ऐसा यत्न करूँगी, जिससे उनका जीव घरसे बाहर न जा सकेगा। फिर तो मैं अपने अन्तःपुरके मण्डपमें, जहाँ मेरे पतिदेवका जीव विचर रहा होगा, पतिके दृष्टिपथमें रहकर सदा सुखपूर्वक निवास करूँगी। अपने संकल्पकी सिद्धिके लिये मैं आजसे ही जप, उपवास और नियमोंद्वारा ज्ञानमयी सरस्वती देवीकी तबतक आराधना करती रहूँगी, जबतक कि वे पूर्णरूपसे संतुष्ट न हो जायें।'
ऐसा निश्चय करके उस श्रेष्ठ नारीने अपने स्वामीको बताये बिना ही नियमपरायण हो शास्त्रीय विधिके अनुसार उग्र तपस्या आरम्भ कर दी। तीन-तीन रात बीत जानेपर वह भोजन करती और देवता, ब्राह्मण, गुरु, ज्ञानी एवं विद्वानोंकी पूजामें तत्पर रहती थी। वह अपने शरीरको सदा स्नान, दान, तप और ध्यानमें लगाये रखती थी। सम्पूर्ण शास्त्रीय कर्मोंका फल अवश्य मिलता है, ऐसी आस्तिकतापूर्ण बुद्धिसे युक्त हो वह सदाचारका पालन करती और पतिके क्लेशोंका निवारण
उत्पत्ति-प्रकरण ] * जगत्के अत्यन्ताभावका प्रतिपादन तथा मण्डपोपाख्यानका आरम्भ * ११७
करनेमें दत्तचित्त रहती थी। उन दिनों भी वह पहले-की ही भाँति ठीक समयपर पूरी चेष्टा और लगनके साथ शास्त्रोक्त रीतिसे क्रमशः पतिकी सेवा-शुश्रूषा करके उन्हें संतुष्ट रखती थी । अतः अपनी वर्तमान स्थितिका उसने पतिको पता नहीं लगने दिया । इस तरह नियम-पालनसे सुशोभित होनेवाली उस भोली-भाली लीलाने लगातार तीन सौ रातोंतक कष्टप्रद चेष्टाओंके द्वारा तपस्याका निर्वाह किया। सौ त्रिरात्र व्रतोंकी पूर्ति हो जानेपर उसके द्वारा पूजित और सम्मानित हो गौरवर्णा भगवती वागीश्वरी सरस्वती संतुष्ट हो उसके सामने प्रकट हुईं और बोलीं।
श्रीसरस्वतीजीने कहा—बेटी! तुमने जो निरन्तर तपस्या की है, वह तुम्हारी पति-भक्तिके कारण अधिक उत्कर्ष-शालिनी हो गयी है। उससे मैं तुमपर बहुत संतुष्ट हुई हूँ । अतः तुम मुझसे कोई मनोवाञ्छित वर ग्रहण करो।
रानी बोली—देवि! आप जन्म और जरारूपी अग्निकी ज्वालाओंसे उत्पन्न दाहरूपी दोषका शमन करनेके लिये चन्द्रमाकी प्रभाके समान हैं, आपकी जय हो। आप हृदयको अज्ञानान्धकार-राशिका निवारण करनेके लिये सूर्यदेवकी प्रभाके तुल्य हैं, आपकी जय हो। अम्ब! मातः! जगदम्बिके! इस दीन सेविकाका आप संकटसे उद्धार करें। शुभे! मैं आपसे जो दो वर माँगती हूँ, उन्हें मुझे देनेकी कृपा कीजिये। उनमें पहला वर तो यह है कि जब मेरे पतिदेवका शरीर छूट जाय, तब उनका जीव मेरे इस अन्तःपुरके मण्डपसे बाहर न जाय। और महादेवि! मैं दूसरा वर यह माँगती हूँ कि जब-जब मैं आपसे वर पानेके उद्देश्यसे दर्शन देनेकी प्रार्थना करूँ तब-तब आप मुझे अवश्य दर्शन दें।
लीलाकी यह बात सुनकर जगन्माता सरस्वतीने कहा—'बेटी! तुम्हारी यह अभिलाषा पूर्ण हो।' यह कहकर वे स्वयं वहाँसे अदृश्य हो गयीं—ठीक वैसे ही जैसे महासागरमें लहर उठकर स्वयं ही शान्त हो जाती है। तदनन्तर जिसकी इष्टदेवी संतुष्ट हो गयी थीं, वह राजरानी लीला संगीत सुनकर मस्त हुई मृगीके समान आनन्दमें मग्न हो गयी। इसके बाद पक्ष जिसके नेमिगोलक, मास जिसके मध्यगोलक तथा ऋतु जिसके नाभिगोलक हैं, दिन जिसके अरे हैं, वर्ष जिसका अक्षदण्ड (धुरा) है और क्षण जिसके नाभिका छेद है, ऐसे गतिशील कालचक्रके चलते रहनेसे लीलाके पतिकी चेतना सूखे पत्तेके रसकी भाँति देखते-ही-देखते शरीरमें सहसा अदृश्य हो गयी।
| ११८ | * अविच्छिन्नचिदात्मैकः पुमानस्तीह नेतरत् * | [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ |
|---|
बात यह हुई कि किसी शत्रुने आक्रमण किया और युद्धमें घायल होकर उनका शरीर धराशायी हो गया। (वे अन्तःपुरमें लाये गये और वहीं मर गये।) इस प्रकार राजाकी मृत्यु हो जानेपर लीला अन्तःपुरके मण्डपमें जलशून्य कमलिनीकी भाँति मुरझा गयी—उसका मुख मलिन हो गया। विपत्तुल्य उस निःश्वाससे उसका सारा अधर-पल्लव सूख गया। वह बेचारी बाणसे बिंधी हुई हरिणीके समान छटपटाती हुई मृत्यु-तुल्य अवस्थाको पहुँच गयी। तत्पश्चात् जलाशयके सूख जानेसे व्याकुल हुई मछलीके ऊपर जैसे आषाढ़की पहली वर्षा अनुकम्पा करती है, उसी प्रकार पतिके वियोगसे अत्यन्त विह्वल हुई लीलाके ऊपर दयामयी सरस्वतींने आकाशवाणीके रूपमें कृपा की।
(सर्ग १५-१६)
सरस्वतीकी आज्ञासे पतिके शवको फूलोंके ढेरमें रखकर समाधिस्थित हुई लीलाका पतिके वासनामय स्वरूप एवं राजवैभवको देखना तथा समाधिसे उठकर पुनः राजसभामें सभासदोंका दर्शन करना
श्रीसरस्वतीजीने कहा—बेटी! अपने पतिके शवको तुम फूलोंके ढेरमें छिपाकर रक्खो। ऐसा करनेसे तुम फिर अपने इस पतिको प्राप्त कर लोगी। न तो ये फूल मुरझायेंगे और न तुम्हारे पतिका यह शव ही सड़-गलकर नष्ट होने पायेगा। फिर थोड़े ही दिनोंमें यह शव पुनः जीवित होकर तुम्हारे पतिका उत्तरदायित्व सँभालेगा। इसका जीव जो आकाशके समान निर्मल है तुम्हारे इस अन्तःपुरके मण्डपसे शीघ्र बाहर नहीं निकल सकेगा।
तब अपने पतिको वहीं अन्तःपुरमें फूलोंके ढेरमें छिपाकर रखनेके पश्चात् रानीको कुछ आश्वासन मिला, परंतु घरमें निधि (खजाने) को रखकर भी उसके उपयोगसे वञ्चित होनेके कारण दरिद्रतापूर्ण जीवन बितानेवाली स्त्रीके समान लीला भी पतिकी सेवाके सुखसे वञ्चित होनेके कारण उस विषयमें दरिद्र ही बनी रही।
उत्पत्ति-प्रकरण ] * लीलाका सरस्वतीकी आज्ञासे पतिके शवको फूलोंकी ढेरीमें रखकर समाधिस्थ होना * ११९
फिर उसी दिन आधीरातके समय जब सभी परिजन (सेवकगण) निद्रासे अचेत हो गये, लीलाने अन्तःपुर-के उस मण्डपमें विशुद्ध ध्यानसे युक्त अन्तःकरणके द्वारा ज्ञानमयी भगवती सरस्वतीदेवीका बड़े दुःखसे आवाहन किया। देवी उसके पास आ गयीं और बोलीं—
'बेटी ! तुमने क्यों मेरा स्मरण किया है ! तुम क्यों अपने मनमें शोकको स्थान देती हो ? जैसे मृगतृष्णामें झूठे ही जलकी प्रतीति होती है, उसी प्रकार ये संसार-रूपी भ्रम मिथ्या ही प्रतीत होते हैं।'
लीलाने कहा—देवि ! मेरे पति कहाँ हैं ? क्या करते हैं और कैसे हैं? मुझे उनके पास ले चलिये। मैं उनके बिना अकेली नहीं जी सकती।
श्रीसरस्वतीजी बोलीं—सुमुखि ! एक शुद्ध चेतन परमात्मरूप आकाश है, दूसरा मनरूप आकाश है और तीसरा यह सुप्रसिद्ध भूताकाश है। चित्ताकाश और भूताकाश—इन दोनोंसे जो सर्वथा शून्य है उसीको तुम चिन्मय आकाश समझो। तुमने जो अपने पतिके रहने आदिका स्थान पूछा है, वह चेतन आकाशमय कोश ही है (उससे अतिरिक्त नहीं है); अतः चेतन आकाशका एकाग्रमनसे जब चिन्तन किया जाता है, तब पृथक् विद्यमान न होनेपर भी वह शीघ्र दिखायी देता और अनुभवमें आता है। भद्रे ! यदि तुम सम्पूर्ण सङ्कल्पोंको त्यागकर उस चेतनाकाशरूप परब्रह्ममें स्थित हो जाओ—उसीमें मनको एकाग्र कर दो तो तुम उस सर्वात्मपदको, जो परम तत्त्वरूप है, अवश्य प्राप्त कर लोगी—इसमें संशय नहीं है। सुन्दरि ! उक्त तत्त्व यद्यपि इस जगत्के अत्यन्ताभावका बोध होनेपर ही सुलभ होता है, दूसरे किसी उपायसे नहीं, तथापि तुम मेरे वरदान-के प्रभावसे उसे शीघ्र प्राप्त कर लोगी।
श्रीवसिष्ठजी कहते हैं—रघुनन्दन ! यह कहकर देवी सरस्वती अपने दिव्य धामको चली गयीं और लीला लीलापूर्वक (अनायास) ही निर्विकल्प समाधिमें स्थित हो गयी।
रानीने निर्विकल्प समाधिके द्वारा चेतनाकाशमें स्थित होकर अपने उसी राजप्रासादके आकाशमें राजा पद्मको सिंहासनपर विराजमान देखा। (वे अपनी वासना और
१२८ * अविच्छिन्नचिदात्मकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ
कर्मोंके अनुसार देह-गेह एवं विभवसे सम्पन्न थे।) अनेक राजाओंसे घिरे हुए सभामण्डपमें सिंहासनपर बैठे हुए राजाकी वन्दीजन 'महाराजकी जय हो, हमारे राजाधिराज चिरजीवी हों' इत्यादि कहकर स्तुति करते थे। वे अपने अधीनस्थ जनपद तथा सेनाके कार्यकी देख-भाल करनेमें सादर जुटे हुए थे। पताकारूपिणी मञ्जरियोंसे व्याप्त राजधानीके जिस सुन्दर सभाभवनमें राजा बैठेथे, उसके पूर्व दरवाजेपर असंख्य मुनियों और महर्षियोंकी मण्डली विराज रही थी। दक्षिण द्वारपर असंख्य राजे-महाराजे विद्यमान थे। पश्चिम द्वारपर अगणित सुन्दरी ललनाओंका समूह शोभा पाता था और उत्तर द्वारपर असंख्य रथ, हाथी एवं घोड़ोंकी भीड़ लगी थी। राजाने गुप्तचरकी बातें सुनकर दक्षिण देशके युद्ध-की गतिविधिका निर्णय किया। पंक्तिबद्ध खड़े हुए अगणित भूपालोंकी प्रभासे उस राजभवनका सारा आँगन जगमगा रहा था। यज्ञमण्डपमें वेदमन्त्रोंका उच्चारण करते हुए ब्राह्मणोंकी वेदध्वनिसे श्रेष्ठ वाद्योंका मधुर घोष दब गया था। अनेक सामन्तनरेश आरम्भमें मन्द गतिसे चलनेवाले उत्तम कार्योंमें संलग्न थे। अनेक शिल्पियोंके सरदार वहाँ नाना नगरोंके निर्माणकी तैयारीमें लगे हुए थे। उस समय आकाशस्वरूपा लीला उस आकाशरूपिणी राजसभामें प्रविष्ट हुई। जैसे दूसरेके सङ्कल्पसे निर्मित हुई नगरीको दूसरा नहीं देखता, उसी प्रकार अपने आगे-आगे विचरती हुई लीलाको उस सभामें रहनेवाले लोगोंमेंसे किसीने नहीं देखा। वहाँ उसने अपने उन्हीं सब लोगोंको सभामें बैठे देखा, जो पहले देखे गये थे, मानो वे सब-के-सब राजाके साथ ही एक नगरसे दूसरे नगरमें चले आये हों। जो पहले जहाँपर बैठते थे, वे वहीं बैठे थे। वैसा ही उनका आचरण था। लीला जिन्हें पहले देख चुकी थी, उन्हीं बालकों, उन्हीं मन्त्रियों, उन्हीं सामन्त-नरेशों, उन्हीं विद्वानों, उन्हीं विदूषकों तथा उन्हीं पहले-वाले सेवकोंसे मिलते-जुलते भृत्योंको भी देखा।
तदनन्तर उसने कुछ दूसरे पण्डितों और सुहृदोंको भी देखा, जो सर्वथा नये थे—पहले कभी देखनेमें नहीं आये थे; कुछ व्यवहार भी पहलेसे भिन्न दिखायी दिये। बहुत-से पुरवासी तथा अन्य लोग भी अपरिचित दृष्टिगोचर हुए। पहलेकी सारी जनता और समस्त पुरवासियोंको भी वहाँ देखकर सुन्दरी लीला चिन्ताके वशीभूत हो गयी। वह सोचने लगी—'क्या उस नगरमें रहनेवाले सब-के-सब मर गये।' फिर सरस्वतीदेवीकी कृपासे बोध प्राप्त हुआ। उसकी समाधि टूट गयी और वह क्षणभरमें पहलेके अन्तःपुरमें अवस्थित हो गयी। उसने वहाँ आधीरातके समय सब लोगोंको पूर्ववत् सोते देखा। फिर उसने नींदमें पड़ी हुई सखियोंको उठाया और कहा—'मुझे बड़ा दुःख हो रहा है, अतः तुमलोग सभाभवनमें मुझे स्थान दो। यदि मैं पतिदेवके सिंहासनके पास बैठूँ और समस्त सभासदोंको वहाँ पूर्ववत् उपस्थित देखूँ, तभी जीवित रह सकती हूँ, अन्यथा नहीं।'
रानीके यों कहनेपर सारा-का-सारा राजपरिवार
उत्पत्ति-प्रकरण ] * लीलाका सरस्वतीसे कृत्रिम और अकृत्रिम सृष्टिके विषयमें पूछना * १२१
जाग उठा और क्रमशः सब लोग अपने-अपने सर्वस्व-भूत कार्य-कलापमें जुट गये। जैसे सूर्यकी किरणें लोगोंको अपने-अपने व्यवहारमें लगानेके लिये पृथ्वीपर आती हैं, वैसे ही समूह-के-समूह छड़ीदार राजसेवक पुरवासी सभासदोंको बुलानेके लिये चारों ओर चल दिये। दूसरे-दूसरे सेवक आदरपूर्वक सभाभवनकी उसी तरह सफाई करने लगे, जैसे शरद्-ऋतुके दिन मेघोंसे मलिन हुए आकाशको स्वच्छ कर देते हैं। जैसे महाप्रलयके बाद जब त्रिलोकीकी पुनः सृष्टि होती है, तब सारे लोकपाल अपनी-अपनी दिशाओंमें अधिष्ठित हो जाते हैं, उसी तरह निर्दोष मन्त्री और सामन्तगण उस सभाभवनमें अपने-अपने स्थानपर आ बैठे। राजाके सिंहासनके पास ही रानी लीला एक नूतन सुवर्णमय विचित्र आसनपर विराजमान हुई। उसने पहलेकी ही भाँति यथास्थान बैठे हुए पूर्वपरिचित समस्त नरेशों, गुरुजनों, श्रेष्ठ पुरुषों, मित्रों, सदस्यों, सुहृदों, सम्बन्धियों और बन्धु-बान्धवोंको देखा। राजाके राष्ट्रमें निवास करनेवाले सभी लोगोंको वहाँ पूर्ववत् ही देखकर रानीको बड़ी प्रसन्नता हुई। (सर्ग १७)
लीलाका सरस्वतीसे कृत्रिम और अकृत्रिम सृष्टिके विषयमें पूछना और सरस्वतीका इस विषयको समझानेके लिये लीलाके जीवनसे मिलते-जुलते एक ब्राह्मण-दम्पतिके जीवनका वृत्तान्त सुनाना
श्रीवसिष्ठजी कहते हैं—रघुनन्दन ! तदनन्तर रानी लीला सभाभवनसे उठ गयी और अन्तःपुरमें प्रवेश करके रनिवासके पूर्वोक्त मण्डपमें फूलोंसे ढके हुए पतिके पास जा पहुँची तथा मन-ही-मन इस प्रकार विचार करने लगी—'अहो ! यह तो बड़ी विचित्र माया है। ये हमारे पुरवासी मनुष्य इस बाह्य प्रदेशमें और उस अन्तर-देशमें भी विद्यमान हैं। ताल, तमाल और हिंताल आदि वृक्षोंसे घिरे हुए ये पर्वत जैसे वहाँ हैं, उसी तरह यहाँ भी हैं। यह बड़ी ही आश्चर्यजनक माया फैली हुई है। जैसे दर्पणमें पर्वत उसके भीतर और बाहर भी स्थित प्रतीत होता है, उसी प्रकार चेतन-आकाशरूपी दर्पणमें भीतर और बाहर भी यह सृष्टि प्रतीत हो रही है। उनमेंसे कौन सृष्टि भ्रान्तिमयी है और कौन वास्तविक, इस संदेहको मैं वागीश्वरी देवीकी पूजा करके उन्हींसे पूछती हूँ, जिससे उनके उपदेशसे संशयका निवारण हो जाय।' ऐसा निश्चय करके रानीने उस समय देवीका पूजन किया और देखा—देवी सरस्वती कुमारीरूप
१२२ * अविच्छिन्नचिदात्मैकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ
धारण करके सामने आ गयी हैं। तब लीला परमार्थ-महाशक्तिस्वरूपा देवीको सिंहासनपर विराजमान करके स्वयं उनके सामने पृथ्वीपर खड़ी हो गयी और इस प्रकार पूछने लगी।
लीलाने कहा—परमेश्वरि ! मैं आपके सामने विनम्र होकर जो कुछ पूछ रही हूँ, उसे बताइये। यह त्रिलोकीका प्रतिबिम्ब-वैभव बाहर भी स्थित है और भीतर भी। इनमेंसे कौन कृत्रिम (झूठा) है और कौन अकृत्रिम (सच्चा) ? देवि अम्बिके ! जैसे मैं यहाँ खड़ी हूँ और आप यहाँ बैठी हैं, देवेश्वरि ! इसीको मैं सच्ची सृष्टि समझती हूँ। परंतु जहाँ इस समय मेरे पतिदेव विराजमान हैं, उस सृष्टिको मैं कृत्रिम समझती हूँ; क्योंकि वह सूना है। उससे देश, काल और व्यवहारकी पूर्ति (सिद्धि) नहीं होती।
देवीने कहा—बेटी ! अकृत्रिम सृष्टिसे कदापि कृत्रिम सृष्टि नहीं उत्पन्न होती। कहीं भी कारणसे विलक्षण (सर्वथा भिन्न) कार्यका उदय नहीं होता।
लीलाने कहा—माताजी ! मुझे तो कारणसे कार्य सर्वथा विलक्षण दिखायी देता है। मिट्टीका लोंदा जल धारण करनेमें असमर्थ है; किंतु उसीसे उत्पन्न हुआ घड़ा जलका आधार बन जाता है।
देवीने कहा—सुमुखि ! बताओ तो सही—इस सृष्टिके अन्तर्गत जो पृथ्वी आदि तत्त्व हैं, उनमेंसे कौन-सा तत्त्व तुम्हारे पतिकी सृष्टिका कारण है ?
लीला बोली—देवि ! मेरे पतिकी वह स्मृति ही उस रूपमें वृद्धिको प्राप्त हुई है, अतः मैं स्मृतिको ही उस सृष्टिका कारण समझती हूँ। उसीसे यह सृष्टि हुई है, ऐसा मेरा निश्चय है।
देवीने कहा—अबले ! स्मृति तो आकाशकी भाँति शून्यरूप है। जैसे स्मृति शून्य है, उसी प्रकार उससे उत्पन्न तुम्हारे पतिकी सृष्टि भी शून्य ही है। वह उस रूपमें अनुभवमें आनेपर भी शून्यके अतिरिक्त कुछ नहीं है।
लीलाने कहा—देवि ! जैसे आपने मेरे पतिकी सृष्टिको स्मृतिमात्र—शून्यरूप बताया है, उसी तरह मैं इस सृष्टिको भी स्मृतिमात्र एवं शून्यरूप ही समझती हूँ। समाधिमें देखी गयी वह सृष्टि ही मेरी ऐसी मान्यतामें उदाहरण है।
देवीने कहा—बेटी ! ठीक ऐसी ही बात है। वह सृष्टि असत् होनेपर भी (उसका आश्रयभूत चेतन आत्मा ही) तुम्हारे पतिके उन-उन भावोंसे उस रूपमें प्रकाशित होता है। इसी तरह यहाँ यह सृष्टि भी मिथ्या ही है (तथापि उसका आश्रय-भूत चेतन आत्मा) जीवके विभिन्न भावोंके अनुसार इस रूपमें भासित होता है।
लीला बोली—देवि ! जैसे इस सृष्टिसे मेरे पतिकी भ्रमरूप अमूर्त सृष्टि हुई, वह प्रकार मुझे बताइये; जिससे मेरा यह जगत्रूपी भ्रम दूर हो जाय।
देवीने कहा—जिस प्रकार पूर्व सृष्टिकी स्मृतिसे उत्पन्न हुई यह भ्रमरूपिणी सृष्टि खम-भ्रमके तुल्य प्रतीत होती है, उस प्रकार मैं तुमसे इस विषयका प्रतिपादन करती हूँ, सुनो। चिन्मय आकाशमें कहीं (अज्ञानसे आवृत भागमें और उसके भी) किसी एक देशमें (विधाताके अन्तःकरणके एक अंशमें) संसाररूपी मण्डप है, उस मण्डपके किसी एक आकाशरूपी कमरेके भीतर एक कोनेमें पर्वतरूपी मिट्टीके ढेलेके नीचे एक छोटा-सा गढ्ढा है, जो पर्वतसम्बन्धी छोटा-सा गाँव है। नदी, पर्वत और वनोंसे घिरे हुए उस ग्रामके भीतर एक धर्मपरायण नीरोग अग्निहोत्री ब्राह्मण अपने स्त्री-पुत्रोंके साथ रहते थे। उन्हें वहाँ गायका दूध सुलभ था। वे राजाके भयसे सर्वथा मुक्त थे तथा वहाँ आनेवाले सभी प्राणियोंका वे आतिथ्य-सत्कार करते थे।
बेटी ! वे ब्राह्मण धन-सम्पत्ति, वेश-भूषा, अवस्था, कर्म,
उत्पत्ति-प्रकरण ] * लीलाका सरस्वतीसे कृत्रिम और अकृत्रिम सृष्टिके विषयमें पूछना * १६३
विद्या, विभव और चेष्टाओंकी दृष्टिसे साक्षात् वसिष्ठ मुनिके समान थे। उनका नाम भी वसिष्ठ ही था। उन्हें चाँद-जैसी भार्या प्राप्त थी, जिसका नाम अरुन्धती था। एक दिन उन ब्रह्मर्षिने, जो उस पर्वतके शिखरपर हरी-हरी घासोंसे ढकी हुई समतल भूमिपर बैठे हुए थे, नीचे एक राजाको देखा, जो अपने सारे परिवारके साथ शिकार खेलनेकी इच्छासे जा रहे थे। वे अपनी उस विशाल सेनाके महान् घोषसे मानो मेरु पर्वतको भी विदीर्ण कर देना चाहते थे। उस सेनाके महान् कोलाहलसे दिग्भ्रम-सा हो जानेके कारण सभी दिशाओंके प्राणियोंके समुदाय भाग रहे थे—जलके भँवरके समान एक-एक स्थानपर चक्कर काट रहे थे। उन भूपालको देखकर ब्राह्मणने मन-ही-मन यह विचार किया—'अहो ! राजाका पद बड़ा
ही रमणीय है। उस पदपर प्रतिष्ठित मनुष्य सम्पूर्ण सौभाग्योंसे उद्भासित हो उठता है। कब ऐसा समय आयेगा जब कि मैं भी पैदल, रथ, हाथी और घोड़ोंसे
संकुल चतुरंगिणी सेना, पताका, छत्र और चँवरसे सम्पन्न हो दस दिशारूपी कुञ्जोंको परिपूर्ण करनेवाला राजा होऊँगा।' उसी दिनसे ब्राह्मणके मनमें इस तरहका संकल्प होने लगा। वे जबतक जीवित रहे, प्रतिदिन आलस्य छोड़कर स्वधर्म-पालनमें लगे रहे। तत्पश्चात् उनके शरीरको जर्जर बना देनेके लिये जर्जरित अङ्गवाली जरावस्था बड़े आदरके साथ उन ब्राह्मण देवताके पास आयी। जब वे मृत्युके निकट पहुँच गये, तब उनकी पत्नीको बड़ी चिन्ता हुई। उस कल्याणमयी ब्राह्मणपत्नीने तुम्हारी ही भाँति मेरी आराधना की। अमरत्वको अत्यन्त दुर्लभ मानकर उसने मुझसे यह वर माँगा—'देवि !
मरनेपर मेरे पतिका जीव अपने मण्डपसे बाहर न जाय।' अतः मैंने उसके उसी वरको स्वीकार कर लिया। तदनन्तर कालवश ब्राह्मणका शरीर छूट गया। फिर उसी घरके आकाशमें वह ब्राह्मणका जीवात्मा स्थित रहा। पूर्व-जन्मके सुदृढ़ एवं महान् संकल्पसे वह ब्राह्मणीका पति स्वयं सर्वशक्तिशाली राजा बन गया। उसने अपने प्रभावसे
१२४ * अविच्छिन्नचिदात्मैकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ
भूमण्डलपर विजय प्राप्त कर ली। उसका प्रताप स्वर्ग-लोकतक फैल गया और उसने कृपा करके पाताललोकका भी पालन किया। इस प्रकार वह त्रिलोकविजयी नरेश हो गया। वह याचकोंको मुँहमॉँगा दान देनेके लिये कल्पवृक्षके समान था, धर्मरूपी चन्द्रमाके पूर्ण विकासके लिये पूर्णिमाकी रात्रिके सदृश था। उधर उस ब्राह्मणके मृत्युमुखमें पहुँच जानेपर उसकी पत्नी ब्राह्मणी शोकसे अत्यन्त कृश हो गयी। उड़दकी सूखी छीमीके समान उसके हृदयके दो टुकड़े हो गये। पतिके साथ ही मरकर अपने शरीरको दूर छोड़ वह आतिवाहिक देह (मानस-शरीर) के द्वारा पतिके पास जा पहुँची। जैसे नदी गर्तमें गिरती है, उसी प्रकार पतिका अनुसरण करके उनके पास जा वह वासन्ती लताके समान शोक-रहित हो गयी। उस पर्वत ग्राममें मरे हुए इस ब्राह्मणके घर हैं, भूमि-वृक्ष आदि स्थावर सम्पत्तियाँ हैं तथा मृत्युके बादसे उसका जीव उस पर्वतीय ग्रामके गृह-मण्डपमें विद्यमान है।
(सर्ग १८-१९)
लीला और सरस्वतीका संवाद—जगत्की असत्ता एवं अजातवादकी स्थापना
देवी सरस्वती ने कहा—कल्याणि ! वही ब्राह्मण अब राजा होकर तुम्हारा पति हुआ है और जो अरुन्धती नामवाली ब्राह्मणी थी, वह तुम हो। तुम्हीं दोनों सुन्दर दम्पति यहाँपर राज्य करते हो। तुम्हारे पूर्वजन्मका यही सारा सृष्टिक्रम है, जिसे मैंने कह सुनाया। ब्रह्मरूप आकाशमें जीवभावकी भ्रान्ति होनेसे ही यह सब कुछ प्रतीत होता है। इसलिये कौन सृष्टि भ्रमरूप है और कौन भ्रमसे रहित है ? सुतरां सारी सृष्टि ही अनर्गल अनर्थ-बोधके सिवा दूसरा कुछ नहीं है।
श्रीवसिष्ठजी कहते हैं—रघुनन्दन ! देवी सरस्वतीका यह वचन सुनकर लीलाके सुन्दर नेत्र आश्चर्यसे खिल उठे। वह इस प्रकार बोली।
लीलाने कहा—देवि ! आपकी बात तो सत्य ही होगी। मैं उसे मिथ्या कहनेका साहस नहीं कर सकती; परंतु ऐसी विरुद्ध बात कैसे सम्भव हो सकती है ?
उत्पत्ति-प्रकरण ] * लीला और सरस्वतीका संवाद—जगत्की असत्ता एवं अजातवादकी स्थापना * १२५
कहाँ ब्राह्मणका जीव अपने घरमें है और कहाँ इतने बड़े विशाल प्रदेशमें हमलोग स्थित हैं। (फिर वे ब्राह्मण-दम्पति और हमलोग एक कैसे हो सकते हैं?) मेरे स्वामी जहाँ स्थित हैं वैसा वह दूसरा लोक, वह विस्तृत भूमि, वे विशाल पर्वत और वे दसों दिशाएँ एक घरके भीतर कैसे प्रतीत हो सकती हैं ? सर्वेश्वरेश्वरि ! यदि कोई कहे कि एक सरसोंके दानेके भीतर मतवाला ऐरावत हाथी बँधा हुआ है, परमाणुके भीतर बैठे हुए एक मच्छरने सिंह-समूहोंके साथ युद्ध किया, सुमेरु पर्वत कमलगड्ढेके भीतर रक्खा हुआ है तो जैसे ये सारी बातें असम्भव होनेके कारण असमञ्जस प्रतीत होती हैं—ठीक नहीं लगतीं, उसी प्रकार उस घरके अन्दर ये विशाल भूलोक और पर्वत हैं, यह कथन भी असम्भव एवं असंगत ही जान पड़ता है।
देवी सरस्वती बोलीं—सुन्दरि ! मैं यह झूठ नहीं कह रही हूँ। तुम ध्यान देकर यथावत् रूपसे इस विषयको सुनो। दूसरोंके द्वारा तोड़ी जानेवाली धर्मकी जिस मर्यादाको मैं स्वयं ही स्थापित करती हूँ, उसीका यदि मैं भेदन करूँ तो दूसरा कौन पालन करेगा ? उस पर्वतीय गाँवके ब्राह्मणका वह जीवात्मा अपने उसी घरके आकाशमें चिदाकाशरूप होकर ही इस कल्पित महान् राष्ट्रको देख रहा है। कल्याणि ! जैसे स्वप्नमें जाग्रत्कालकी स्मृति लुप्त हो जाती है और दूसरी स्मृति उदित होती है, उसी प्रकार तुम दोनोंकी पूर्वजन्मकी स्मृति नष्ट हो गयी है और उससे विपरीत दूसरी स्मृति उदित हुई है। यही उस शरीरका मरण है। जैसे स्वप्नमें तीनों लोकोंका दीखना, संकल्पमें त्रिलोकीका उदय होना तथा मरु-मरीचिकामें जलका होना असत्य हैं, फिर भी वहाँ उन वस्तुओंकी प्रतीति होती है, उसी प्रकार ब्राह्मणके घरके भीतर पर्वत, वन और नगरोंसहित भूमिका होना यद्यपि असत् है तो भी वहाँ इन सबकी प्रतीति होती है। जो असत्यसे उत्पन्न हुआ है, वह असत् है, जो स्मृतिसे उत्पन्न हुआ है, वह भी असत् है—जैसे मृगतृष्णाकी नदीमें जलका होना मिथ्या है; फिर उस जलमें जो तरङ्गकी प्रतीति होती है, वह सत् कैसे हो सकती है !
बेटी ! उस पर्वतीय गृहके आकाशरूपी कोशमें स्थित तुम्हारा जो यह घर है तथा जो मैं हूँ और तुम हो—यह सब कुछ तुम केवल चिन्मय आकाशरूप ब्रह्म ही समझो। इस विषयको स्पष्टरूपसे समझने और समझानेके लिये स्वप्न, भ्रम, संकल्प और अपने-अपने अनुभवकी परम्पराएँ ही मुख्य प्रमाण (उदाहरण) हैं। ब्राह्मणके उस पर्वतीय घरके भीतर उस ब्राह्मणका जीव है। उस जीवाकाशमें (अर्थात् उस जीवात्माके संकल्पमें) समुद्र और वनोंसे परिपूर्ण यह पृथ्वी है। कृशाङ्गि ! उस ब्राह्मणके घरके भीतर इस नूतन सृष्टिमें जो यह नगर निर्मित हुआ है, यह यद्यपि मनमें बैठ गया है, तथापि ब्राह्मणका वह पहला घर आज भी मौजूद ही है—नष्ट नहीं हुआ। जैसे इस जगत्-सृष्टिकी प्रतीति आभासमात्र है, उसी प्रकार क्षण, कल्प आदिकी प्रतीति भी आभास-मात्र ही है, वास्तविक नहीं। परमात्मामें जो तू-मैं इत्यादि भावोंका अध्यास है, उसके अधीन जो अपने जन्मका भ्रम होता है, ऐसा भ्रम जिन लोगोंको है, उन्हीं पुरुषोंको क्षण, कल्प आदि सम्पूर्ण जगत्की प्रतीति होती है।
उत्तम व्रतका पालन करनेवाली लीले ! मरणकालकी मिथ्याभूत मूर्च्छाका अनुभव करके जब जीव पूर्वजन्मके सभी भावोंको भुला देता और दूसरे नूतन भावको देखने या अनुभव करने लगता है, तभी वह पलक मारते-मारते मनमें यह स्मरण करने लगता है कि मैं आधेय हूँ और इस आधारमें स्थित हूँ। यद्यपि वह उस समय (चेतन) आकाश (परमात्मा) में आकाश (चिदाकाश जीवात्मा)-रूपसे ही स्थित होता है (इसलिये उसमें आधाराधेय-भावकी कल्पना मिथ्या ही है), तथापि उसके चित्तमें वैसा संस्कार प्रकट होता है। उसे यह भान होता है कि हाथ, पैर आदि अवयवोंसे युक्त यह शरीर मेरा ही
१६—सरस्वती और लीलाका ज्ञानदेहके द्वारा आकाशमें गमन और उसका वर्णन
१२६ * अविच्छिन्नचिदात्मकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ
है । उसके मनमें जो शरीर स्थित होता है अर्थात् उसमें जैसे शरीरका संस्कार रहता है, उसी या वैसे ही इस शरीरको वह आत्मीयभावसे देखता है । उसे जान पड़ता है कि 'मैं इस पिताका पुत्र हूँ। इतने वर्षोंकी मेरी अवस्था हो गयी । ये मेरे मनोरम भाई-बन्धु हैं। यह मेरा रमणीय घर है । जब मेरा जन्म हुआ, तब मैं बालक था और अब बढ़कर ऐसा हो गया हूँ।'
स्वप्नमें द्रष्टा और दृश्यरूपसे जो विभिन्न पदार्थ कल्पित होते हैं, उन सबमें अदृश्यरूपसे जो चेतन स्थित होता है, वही उन स्वप्नगत पदार्थोंका बाध होनेपर एक-रस चेतनरूपसे पुनः दृष्टिगोचर ( अनुभवका विषय ) होता है। अतः कुछ भी उत्पन्न नहीं हुआ था—बिना उत्पन्न हुए ही स्वप्नावस्थामें उन वस्तुओंके दर्शन हुए थे ।
इस तरह जैसे स्वप्नमें वह चेतन ही द्रष्टा, दृश्य आदिके रूपमें उदित होता है, उसी प्रकार परलोकमें भी उदित होता है और जैसे परलोकमें उदित होता है, उसी तरह इस लोकमें भी वह चेतन ही द्रष्टा, दृश्य आदिके रूपमें आविर्भूत होता है। इसलिये स्वप्न, परलोक और इहलोक—इनमें थोड़ा-सा भी भेद नहीं है । ये सब-के-सब असत् होते हुए भी भ्रमवश सत्-से प्रतीत होते हैं—ठीक उसी तरह जैसे जलमें उठनेवाली तरङ्गोंका एक दूसरेसे भेद नहीं होता और वे सब असत् होती हुई ही सत्-सी प्रतीत होती हैं । चूँकि जलमें लहरोंके समान चेतनमें ही यह जगत् भ्रमवश प्रतीत हो रहा है, अतः यह कभी उत्पन्न ही नहीं हुआ—यह सिद्धान्त स्थिर हुआ ।
( सर्ग २० )
लीला और सरस्वतीका संवाद—सब कुछ चिन्मात्र ब्रह्म ही है, इसका प्रतिपादन
श्रीसरस्वतीजीने कहा—जैसे आँख खोलनेपर प्राणीको सारे रूप अच्छी तरह दिखायी देने लगते हैं, उसी प्रकार मृत्युरूपी मूर्च्छाके दूर होनेपर जीवको शीघ्र ही सम्पूर्ण लोकोंका पूर्णतः भान होने लगता है । जैसे स्वप्नमें अपनेको अपने ही मरणकी प्रतीति होती है, उसी प्रकार जीवको, संसारमें जिसका अनुभव या दर्शन नहीं हुआ है, ऐसा कार्य भी इस तरह तत्काल याद आने लगता है कि इसे मैंने किया है। चिन्मय आकाशरूप परमात्माके भीतर मायारूपी आकाशमें इस तरहकी अनन्त भ्रान्तियाँ भासित होती हैं । यह जगत् नामकी नगरी जो बिना दीवालके ही प्रतीत होती है, वास्तवमें कल्पनामात्र है ( सत्य नहीं ) । यह जगत्, यह सृष्टि इत्यादि रूपसे स्मृति ( वासना ) ही विस्तार-को प्राप्त हो रही है । कृशाङ्गी लीले ! यह त्रिभुवन आदि दृश्य-प्रपञ्च कुछ लोगोंके अनुभवमें आकर उनकी स्मृतिमें स्थित है और कुछ लोगोंके अनुभवमें आये बिना ही उनकी स्मृतिमें विद्यमान है । विश्वका अत्यन्त विस्मृत हो जाना ही मोक्ष कहलाता है । उस अवस्थामें किसीके लिये भी कोई प्रिय और अप्रिय नहीं रह जाते । अहंता और जगत्की आधारभूत अविद्याका अत्यन्त अभाव हुए बिना मोक्ष स्वाभाविक रूपसे विद्यमान होता हुआ भी उदित नहीं होता । जैसे रज्जुमें जो सर्पका भ्रम होता है, वह वास्तविक नहीं है; तो भी जबतक उसमें 'सर्प' शब्द और उसके अर्थकी सम्भावनाका पूर्णरूपसे बाध नहीं हो जाता, तबतक वह शान्त होनेपर भी शान्त नहीं होता । यह जो विशाल संसार है, परब्रह्म ही है—यह निश्चित सिद्धान्त है । अविद्याका अभाव हो जानेपर भी यदि अनुवृत्तिवश इसकी प्रतीति होती है तो उसे प्रतीतिमात्र ही समझना चाहिये । वह वास्तवमें नहीं है ( जैसे स्वप्नसे जागनेपर स्वप्नके संसारकी आकृति प्रतीत हो तो भी वह मिथ्या ही है, वास्तविक नहीं ) । इसी प्रकार जगत्के उदित होनेपर
१७—लीलाका भूतलमें प्रवेश और उसके द्वारा अपने पूर्वजन्मके स्वजनोंके दर्शन, ज्येष्ठशर्माको माताके रूपमें लीलाका दर्शन न होनेका कारण
उत्पत्ति-प्रकरण ] * लीला और सरस्वतीका संवाद—सब कुछ ब्रह्म ही है, इसका प्रतिपादन * १२७
भी कहीं कभी कुछ भी उदित नहीं हुआ, केवल चिन्मय आकाशरूप परमात्मा ही स्थित है।
इस तरह विचार करनेसे यह सिद्ध हुआ कि कभी कुछ उत्पन्न नहीं हुआ। जो कुछ जगत् आदि दृश्यरूपसे प्रतीत होता है, वह भी चिन्मय परमात्मा ही है। केवल चेतन आकाशरूप ब्रह्म ही अपने आपमें स्थित है।
लीला बोली—देवि ! जैसे प्रातःकालकी प्रभासे जगत्की रूप-सम्पत्ति सुस्पष्ट दिखायी देने लगती है, उसी प्रकार आपने मुझे यह बहुत ही उत्तम और अद्भुत दृष्टि प्रदान की है। इस समय जबतक मैं तीव्र अभ्यास न होनेके कारण इस दृष्टिमें सुदृढ़ स्थिति नहीं प्राप्त कर लेती, तबतक आप अपने उपदेशद्वारा इस दृश्यकौतुकका—इस संसारका बाध करती रहें। देवि ! वह ब्राह्मण अपनी ब्राह्मणीके साथ पूर्वसृष्टिके जिस गाँव और घरमें रहता था, उस सृष्टिके उसी पर्वतीय ग्राममें आप मुझे ले चलिये। मैं उसे देखना चाहती हूँ।
श्रीसरस्वतीजीने कहा—लीले ! चेत्यरहित चिन्मय परमात्मरूप जो परम पावन दृष्टि है, उसका अवलम्बन करके तुम इस आकारका—इस देहके अभिमानका त्यागकर निर्मल हो जाओ। ( तात्पर्य यह कि पूर्वसृष्टिकी उस वस्तुको देखनेके लिये इस शरीरको भूल जाना आवश्यक है।) इस प्रकार जब तुम देहाभिमानरूप मलसे रहित हो जाओगी, तब हम दोनों साथ-साथ रहकर बिना किसी रुकावटके उस सृष्टिको देखेंगे। यह शरीर उस सृष्टिके दर्शनरूपी गृहद्वारके लिये एक सुदृढ़ अर्गला ( रुकावट ) के रूपमें स्थित है।
बेटी ! ये तीनों लोक मायामय होनेके कारण अमूर्त हैं। मिथ्या आग्रह या अज्ञानके कारण ये तुम्हें मूर्तिमान् प्रतीत होते हैं, जैसे सुवर्णको लोग अँगूठीके रूपमें देखते हैं। जैसे अँगूठीका रूप धारण करनेवाले सुवर्णमें अँगूठीपना नहीं है, उसी प्रकार जगत्का रूप धारण किये हुए ब्रह्ममें जगत् नहीं है। यह जगत् आकाशकी भाँति शून्य ही है; इसके रूपमें यहाँ जो कुछ दिखायी देता है, वह ब्रह्म ही है। ब्रह्ममें भ्रमवश माया दृष्टिगोचर होती है। यह सारा प्रपञ्च झूठा ही है। केवल अद्वितीय ब्रह्म ही, जिसका अहं ( आत्मा )-रूपसे अनुभव होता है, परमार्थ सत्य है। इस विषयमें उपनिषदोंके वाक्य, गुरुजनोंके उपदेश और अपना अनुभव प्रमाण है। जो ब्रह्म है, वही ब्रह्मको देखता है। जो ब्रह्म नहीं है, वह कदापि ब्रह्मको नहीं देख सकता। ब्रह्मका ही जो ऐसा स्वभाव है ( जो उसकी आवृत्त सत्ता है ), वही सृष्टि आदिके नामसे प्रसिद्ध है। जबतक अभ्यासयोगके द्वारा तुम्हारी भेदबुद्धि शान्त नहीं हो जाती, तबतक अब्रह्मरूप होनेके कारण निश्चय ही तुम ब्रह्मको नहीं देख सकती। ब्रह्मज्ञानका बारंबार अभ्यास करनेके कारण ब्रह्ममें अद्वैतभावसे जिनकी दृढ़ स्थिति हो गयी है, ऐसे हमलोग ही उस परमपदका साक्षात्कार करते हैं। जब अपने संकल्प ( मनोरथ ) से निर्मित हुआ नगर भी अपने इस शरीरसे प्राप्त नहीं हो सकता, तब दूसरेके संकल्पसे निर्मित नगरको दूसरा शरीर कैसे प्राप्त करेगा। अतः कार्यको समझनेवाली स्त्रियोंमें श्रेष्ठ लीले ! तुम इस देहाध्याससे रहित होकर चेतन ब्रह्ममय आकाशरूपिणी हो जाओ। तब तत्काल ही उस ग्रामका दर्शन करोगी। अतः शीघ्र वही कार्य करो।
लीलाने कहा—देवि ! आपने कहा है कि ब्राह्मण और ब्राह्मणीके जगत्में हम दोनों साथ-साथ चलेंगी; परंतु माताजी ! मैं यह पूछती हूँ कि हम दोनोंका साथ-साथ चलना कैसे हो सकता है। मैं तो इस शरीरको यहीं स्थापित करके शुद्ध सत्त्वका अनुसरण करनेवाले
१२८ * अविच्छिन्नचिदात्मकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ
चित्तके द्वारा उस उत्तम आकाशमय लोकमें चली जाऊँगी। परंतु आप अपने इसी शरीरसे वहाँ कैसे जायेंगी ?
देवी सरस्वतीने कहा—बेटी ! जैसे तुम्हारा संकल्परूपमय आकाश, वृक्ष आदि सांकल्पिक सत्तासे सत् होता हुआ भी वास्तवमें शून्यरूप ही है, उसी तरह शुद्ध सत्त्वगुणका कार्यभूत जो मेरा शरीर है, यह चेतन परमात्माका ही प्रकाश है—इसके रूपमें चेतन परमात्मा-की ही प्रतीति होती है। अतः इसका उससे भेद नहीं है। ऐसा जो मेरा यह दिव्य शरीर है, इसका त्याग करके मैं नहीं जाऊँगी। जैसे वायु गन्धको प्राप्त होती है, उसी तरह मैं इसी शरीरसे ब्राह्मण-ब्राह्मणीके उस देशमें पहुँच सकती हूँ। भद्रे ! ये देह आदि परब्रह्मसे परिपूर्ण होकर ही स्थित हैं, अतः अपनी उत्कृष्ट महिमामें स्थित परब्रह्म ही हैं। इस सत्यको हमलोग बिना किसी विघ्न-बाधाके देखते हैं, किंतु तुम ऐसा नहीं देखती (क्योंकि तुम्हें अभी दृढ़ तत्त्वज्ञान नहीं हुआ है)।
जैसे सुवर्णमें कटकत्व, जलमें तरङ्गत्व और स्वप्नके नगर एवं संकल्प-कल्पित पुर आदिमें सत्यत्व नहीं है, उसी प्रकार सच्चिदानन्दरूप ब्रह्ममें कल्पनातीत अनामय आत्मस्वभावसे पृथक् कोई वस्तु नहीं है। जो कुछ भी यह दृश्य प्रपञ्च भासित हो रहा है, वह सब ब्रह्मका ही निर्मल विकास है। जैसे परम उत्तम चन्द्रकान्तमणिकी भ्रमवश काचके समान प्रतीति होती है, वैसे ही ब्रह्मके विशुद्ध विकासकी भ्रान्तिवश दृश्यरूप-से प्रतीति हो रही है।
लीलाने पूछा—देवि ! कृपया यह बताइये कि इतने दीर्घकालसे किसने हमलोगोंको द्वैत और अद्वैतके द्विविध विकल्पोंद्वारा भ्रममें डाल रखा है।
श्रीसरस्वतीजीने कहा—चञ्चले ! तुम चिरकालसे अविचारद्वारा व्याकुल होकर भटक रही हो। अविचार स्वभावसे उत्पन्न होता है और विचारसे उसका नाश हो जाता है। विचारद्वारा अविचारका पलक मारते-मारते नाश हो जाता है। यह अविचाररूप अविद्या विचार या विवेकसे बाधित होकर ब्रह्मसत्ता हो जाती है—ब्रह्मके सत्-स्वरूपकी प्राप्ति हो जाती है। इसलिये अविद्याका अस्तित्व नहीं है। अतः न तो कहीं अविचार है न अविद्या है, न बन्धन है और न मोक्ष ही है। यह जगत् शुद्ध बोधस्वरूप (चिन्मय ब्रह्म) ही है। चूँकि इतने समयतक तुमने इसका विचार नहीं किया, इसलिये तुम्हें बोध नहीं हुआ। तुम भ्रान्त एवं व्याकुल ही बनी रह गयीं। आजसे तुम्हारे चित्तमें वासनाका क्षयरूप बीज पड़ गया है। इसलिये अब तुम विवेकशालिनी, प्रबुद्ध एवं विमुक्त हो। एकमात्र ब्रह्मके चिन्तनरूप उत्तम निर्विकल्प समाधिके मनमें आरूढ़ होनेपर जब द्रष्टा, दृश्य और दृष्टिका अत्यन्ता-मात्र हो जायगा तथा हृदयमें यह वासना-क्षयरूप बीज कुछ अङ्कुरित हो जायगा, तब राग-द्वेष आदि दृष्टियाँ क्रमशः उदित नहीं होंगी, संसारकी उत्पत्ति भी निर्मूल हो जायगी और निर्विकल्प समाधि पूर्णतः स्थिरताको प्राप्त होगी। इस तरह निर्विकल्प समाधिके स्थिर होने-पर कुछ कालके अनन्तर मायाकाश और उसके कार्योंके अधिष्ठान-स्वरूप निर्मल आत्माके साक्षात्कारसे तुम भ्रान्ति-ज्ञानरूप कालिमाके कलङ्कसे शून्य होकर सम्पूर्ण प्राणियोंकी भ्रान्तियोंका, उनकी कार्यभूत वासनाओंका और उनकी कारणभूत अविद्याका जहाँ अन्त हो जाता है, उस मोक्षरूप परम पुरुषार्थमें प्रतिष्ठित हो जाओगी।
(सर्ग २१)
१८—लीलाकी सत्य-सङ्कल्पता, उसे अपने अनेक जन्मोंकी स्मृति, लीला और सरस्वतीका आकाशमें भ्रमण तथा परम व्योम—परमात्माकी अनादि-अनन्त सत्ताका प्रतिपादन
उत्पत्ति-प्रकरण ] * वासनाओंके क्षयका उपाय और ब्रह्मचिन्तनके अभ्यासका निरूपण * १२९
वासनाओंके क्षयका उपाय और ब्रह्मचिन्तनके अभ्यासका निरूपण
श्रीसरस्वतीजीने कहा —लीले ! यद्यपि स्वप्नावस्थामें स्वप्नके शरीरका अनुभव होता है, तथापि यह स्वप्न है— ऐसा ज्ञान होनेसे जैसे स्वप्न-शरीर वास्तविक नहीं रहता, मिथ्या ठहरता है, उसी तरह यद्यपि इस स्थूल शरीरका पहले अनुभव होता है, तथापि इसे स्वप्नवत् मान लेनेपर वासनाओंका क्षय होनेसे यह भी 'असत्' (बाधित) ही हो जाता है। जैसे स्वप्नके ज्ञानसे स्वप्नावस्थाका शरीर शान्त हो जाता है, उसी प्रकार जाग्रत्-अवस्थाके शरीरको भी स्वप्नवत् समझ लेनेपर वासनाओंके क्षीण होनेसे यह शान्त हो जाता है। जैसे स्वप्न-शरीरका और मनोरथ-कल्पित कल्पनामय शरीरका अन्त होनेपर इस जाग्रत्-शरीरका भान होता है, उसी प्रकार जगद्-भावना (स्थूल शरीरमें अहं-भावना) का अन्त होनेपर आतिवाहिक (सूक्ष्म) शरीरका उदय (अनुभव) होता ही है। जैसे स्वप्नावस्थाके वासनाबीजसे रहित होनेपर सुषुप्ति अवस्था उदित (प्राप्त) होती है, उसी तरह जाग्रत्-अवस्था भी जब वासनाबीजसे रहित हो जाती है, तब जीवन्मुक्तिकी प्राप्ति होती है। जिसमें वासनाएँ सुप्त अथवा विलीन हो जाती हैं, उस प्रगाढ़ निद्राका नाम सुषुप्ति है। जिस अवस्थामें वासनाओंका सर्वथा क्षय हो जाता है, उसे 'तुरीया' कहते हैं। जाग्रत्-अवस्थामें भी परम पदका अनुभव होनेपर (वासनाओंका समूल नाश हो जानेके कारण) तुर्यावस्था होती ही है। जीवित पुरुषोंके जीवनकी वह अवस्था, जिसमें वासनाओंका सर्वथा क्षय हो जाता है, जीवन्मुक्ति कहलाती है। अज्ञानी बद्ध जीव इसका अनुभव नहीं कर पाते।
लीले ! जब पूर्ण अभ्यास करनेसे तुम्हारा यह अहंभाव शान्त हो जायगा, तब तुम्हारी स्वाभाविक चैतन्यरूपता, जो इस दृश्य-प्रपञ्चकी चरम अवधिभूत है, उदित एवं विकसित हो जायगी। जब आतिवाहिकता (शरीरकी सूक्ष्मता) का ज्ञान सदाके लिये स्थायी हो जायगा, तब तुम संकल्पदोषसे रहित पावन लोकोंका साक्षात्कार कर सकोगी। अतः सती साध्वी लीले ! तुम वासनाको क्षीण करनेका प्रयत्न करो। जब तुम्हारी वासना-शून्य स्थिति अत्यन्त दृढ़ हो जायगी, तब तुम जीवन्मुक्त हो जाओगी। जबतक तुम्हारा यह शीतल (शान्तिप्रद) ज्ञानरूपी चन्द्रमा पूर्णताको नहीं प्राप्त हो जाता, तबतक तुम इस शरीरको यहाँ स्थापित करके लोकान्तरोंके दर्शन करो। मैंने तुमसे जो बात कही है, यह बालकोंसे लेकर सिद्ध पुरुषोंतकमें प्रसिद्ध, सबके अनुभवसे सिद्ध एव यथार्थ है। यह शरीर न तो मरता है और न जीता ही है। स्वप्न और संकल्पसम्बन्धी भ्रममें मरण और जीवनकी चर्चा ही क्या है? बेटी ! जैसे मनोरथकल्पित पुरुषमें जीवन और मरण असत्य ही प्रतीत होते हैं, उसी प्रकार इस स्थूलशरीरमें भी जीवन-मरण मिथ्या ही हैं।
लीला बोली—देवि ! आपने मुझे यहाँ उस निर्मल ज्ञानका उपदेश दिया है, जिसके श्रवणमात्रसे ही दृश्य-रूपी हैजेकी बीमारी शान्त हो जाती है। अब इस विषयमें मेरा एक उपकार और कीजिये। कृपया मुझे यह बताइये कि वह अभ्यास क्या है, कैसा है, अथवा कैसे वह पुष्ट होता है और उसके पुष्ट हो जानेपर क्या होता है।
श्रीसरस्वतीजीने कहा—बेटी ! जिस पुरुषके द्वारा जिस-जिस साधनसे जब-जब जो भी कार्य किया जाता है, वह अभ्यासके बिना कभी सिद्ध नहीं होता। सच्चिदानन्दघन परमात्माका चिन्तन करना, जिज्ञासुओंके प्रति उसका वर्णन करना, आपसमें एक-दूसरेको ब्रह्मके तत्त्वका बोध कराते रहना तथा उस एकमात्र ब्रह्मके ही परायण हो जाना—इसे ही विद्वान् लोग ब्रह्मविषयक अभ्यास समझते हैं। जो विरक्त महात्मा पुरुष मुक्तिके लिये अपने अन्तःकरणमें भोग-वासनाओंके क्षीण होनेकी भावना करते
१३० * अविच्छिन्नचिदात्मैकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ
हैं, वे ही भव्य ( कल्याणके भागी ) पुरुष भूमण्डलमें विजयी होते—उत्कृष्ट पद पाते हैं । जिनकी बुद्धि उदारता ( परिग्रह-त्याग )-रूपी सौन्दर्य और वैराग्यके रससे रञ्जित हो आनन्दका स्पन्दन करनेवाली है, वे ही उत्तम अभ्यासी कहे गये हैं । जो लोग युक्ति तथा शास्त्रोंके ज्ञाताके द्वारा जाननेमें आनेवाली लौकिक ज्ञेय वस्तुओंके अत्यन्ताभावकी सिद्धिके लिये प्रयत्न करते हैं, वे ब्रह्माभ्यासी कहे गये हैं। यह दृश्य जगत् सृष्टिके आरम्भमें ही उत्पन्न नहीं हुआ, इसलिये कभी भी इसका अस्तित्व है ही नहीं। जो कुछ प्रतीत हो रहा है, वह मैं ही हूँ—मुझ सच्चिदानन्दघन परब्रह्म परमात्मासे यह भिन्न नहीं है, ऐसे अभ्यासको बोध ( ब्रह्मज्ञान ) का अभ्यास कहा गया है । दृश्यकी उत्पत्ति कभी हुई ही नहीं, इस बोधसे राग-द्वेष आदिका क्षय हो जानेपर ब्रह्मचिन्तनके बलसे उत्पन्न हुई जो परमात्मरति है, वह ब्रह्माभ्यास है। जैसे शरद् ऋतुमें हिमके समान शीतल ओस-जलके अभिषेकसे सब ओर फैला हुआ भारी कुहरा मिट जाता है, उसी प्रकार चित्तमें पूर्वोक्त रीतिसे अभ्यासमें लाये हुए विवेक-बोधरूपी जलके निरन्तर सिञ्चनसे, जो सम्पूर्ण तापोंको शान्त करनेवाला होनेके कारण हिमके समान शीतल है, संसाररूपी कृष्णपक्षकी अँधेरी रातमें उत्पन्न हुई मोहमयी गाढ निद्रा सर्वथा गल जाती (मिट जाती) है।
महर्षि वाल्मीकि कहते हैं—जब मुनिवर वसिष्ठ इस प्रकार यह प्रसङ्ग सुना चुके, तब दिन बीत गया, सूर्य अस्त हो गये, मुनियोंकी वह सभा वसिष्ठजीको नमस्कार करके सायंकालिक कृत्य करनेके लिये चली गयी और रात बीतनेपर सूर्यकी किरणोंके साथ ही फिर सभा-स्थानमें आ गयी।
( सर्ग २२ )
सरस्वती और लीलाका ज्ञानदेहके द्वारा आकाशमें गमन और उसका वर्णन
श्रीवसिष्ठजी कहते हैं—रघुनन्दन ! वे दोनों श्रेष्ठ देवियाँ सरस्वती और लीला उस आधी रातके समय जब कि समस्त परिजन सो गये थे, पूर्वोक्तरूपसे बातचीत करके अन्तःपुरके मण्डपमें जो मुरझाये नहीं थे, ऐसे फूलोंकी मालारूपी वस्त्रसे ढके हुए राजाके शवके पास ही एक आसनपर बैठ गयीं। वे समाधिमें स्थित हो ऐसी निश्चल हो गयीं मानो रत्नके बने हुए खंभेमें खुदी हुई दो मूर्तियाँ हों अथवा दीवालमें अङ्कित किये गये दो सुन्दर चित्र हों । निर्विकल्प समाधि लग जानेसे वे बाह्यज्ञानसे शून्य हो गयीं । पहले उन दोनोंको 'मैं जगत्' इस भ्रमरूप दृश्यकी अनुत्पत्तिका बोध हुआ, अर्थात् उन्होंने भी अनुभव किया कि जगत्की कभी उत्पत्ति हुई ही नहीं । जब ऐसा अनुभव हुआ, तब उन्हें इस दृश्य-प्रपञ्चके अत्यन्ताभावका निश्चयात्मक ज्ञान हो गया । फिर तो उन दोनोंकी दृष्टिसे यह दृश्य-रूपी पिशाच पूर्णतया ओझल हो गया—किसी आड़में छिप गया हो, ऐसी बात नहीं । उसकी सत्ता है ही नहीं, इसलिये वह सर्वथा अदृश्य हो गया । निष्पाप रघुनन्दन ! जैसे हमलोगोंकी दृष्टिमें खरगोशके सींग नहीं हैं और न होनेके कारण ही वे दीखते नहीं, उसी तरह यह दृश्य-पिशाच न होनेके कारण ही उनके लिये सर्वथा तिरोहित हो गया । जो वस्तु पहलेसे ही नहीं है, वह वर्तमानमें भी अस्तित्वशून्य ही है । इस जगत्की यही स्थिति है । यह प्रतीत हो तो मृगतृष्णामें जलकी प्रतीतिके समान असत् है और यदि प्रतीत न हो तो खरगोशके सींगकी भाँति असत् है । तात्पर्य यह कि किसी भी दशामें इसकी सत्ता नहीं है ।
ज्ञानकी देवी सरस्वती अपने उसी ज्ञानमय शरीरसे विचरण करने लगीं । परंतु मानवी रानी लीलाने मानव-देहके अभिमानका त्याग करके ध्यान और ज्ञानके अनुरूप दिव्य शरीरका आश्रय ले उसीके द्वारा तीव्र गतिसे आकाशमें विचरना आरम्भ किया । उन दोनोंने उद्बुद्ध
उत्पत्ति-प्रकरण ] * लीलाका भूतलमें प्रवेश और उसके द्वारा अपने पूर्वजन्मके स्वजनोंके दर्शन * १३१
हुए पूर्वसंकल्पजनित संस्कार-ज्ञानसे गृहाकाशमें ही एक बित्ता ऊँचे उठकर आकाश-गमनमें समर्थ चिन्मय आकृतियाँ धारण कर लीं । दोनों ही चेतन आकाश ( ब्रह्म )-रूपिणी हो गयीं । यद्यपि वे उसी घरमें बैठी रहीं, तथापि चिन्मय चित्तके संकल्पसे कोटि योजन विस्तृत दूर-से-दूर आकाशस्थलमें उड़ने लगीं—उड़नेका अनुभव करने लगीं । यद्यपि ये दोनों सखियाँ वास्तवमें चेतन आभासमय शरीरवाली थीं, तो भी पूर्वसंकल्पित दृश्यके अनुसंधानमें लगे रहनेवाले चित्तके साथ अभिन्नताको प्राप्त हुए अपने स्वभावके कारण वे एक दूसरेके शरीरको देखती और परस्पर स्नेहमग्न होती थीं ।
तदनन्तर वे दोनों देवियाँ यथाशक्ति यत्र-तत्र विश्राम करती हुई धीमी चालसे आगे बढ़ने लगीं । उन्होंने शून्यमें ही देखा आकाशमण्डल बड़े-बड़े भुवनों और वहाँके निवासियोंके निर्माण कार्यसे अत्यन्त भर गया है—अवकाशशून्य हो रहा है । ऊपर-ऊपरका आकाश भिन्न-भिन्न भुवनोंसे अलग-अलग घिरा हुआ था । वे सुन्दर विमानोंसे सुशोभित भुवन विचित्र आभूषणोंके समान प्रतीत होते थे । उसमें कहींपर वज्र, चक्र, शूल, खड्ग और शक्ति आदि अस्त्र-शस्त्रोंके अधिष्ठाता देवता मूर्तिमान् होकर विचर रहे थे । उनसे युक्त वह लोक बिना भीतके ही भवनोंसे विभूषित था और वहाँ नारद, तुम्बुरु आदि गन्धर्व गीत गाते थे । कहीं मेघोंके मार्गमें ( पुष्कर और आवर्तक आदि ) महामेघोंके वृष्टि-सम्बन्धी महान् आयोजनसे वहाँ सब ओर हलचल मची थी और कहींपर प्रलयकालके मेघ चित्रलिखितकी भाँति निश्चेष्ट एवं नीरव दिखायी देते थे । कहीं उठते हुए कज्जलगिरिके समान सुन्दर मेघोंकी घटा घिरी आ रही थी । कहीं सुवर्ण-द्रवके समान मनोहर सूर्यके तापको दूर करनेवाले बादल छा रहे थे और कहीं दिशाओंके दाहसे उत्पन्न हुई गर्मी फैल रही थी । कहीं शून्यता रूपी जलसे परिपूर्ण आकाश प्रशान्त महासागरके समान शोभा पाता था । कहीं विमानोंपर बैठे हुए देवताओंकी बहुरंगी प्रभासे आकाशकी रूप-रेखा चितकबरी-सी जान पड़ती थी ! कहीं वह शान्त, समाधिस्थ तथा परम पदमें विश्रान्त मुनियोंकी मण्डलीसे घिरा हुआ था और कहीं जिन्होंने क्रोधको दूरसे ही त्याग दिया है, उन साधु महात्माओंके चित्तके समान वह सुन्दर एव सम था । कहीं रुद्रपुर, कहीं ब्रह्मपुर और कहीं मायानिर्मित पुर वहाँ दृष्टिगोचर होते थे । कहीं सिद्धोंके समुदाय विचर रहे थे । कहीं यह आकाश ज्ञानी पुरुषके हृदयकी भाँति दृश्यभ्रमसे अत्यन्त शून्य, उज्ज्वल, आवरणरहित, आनन्दमय, कोमल, शान्त, स्वच्छ एवं विस्तृत था ।
जहाँ गूलरके फलके भीतर रहनेवाले छोटे छोटे मच्छरों-के समान त्रिभुवनवासी प्राणियोंका समुदाय घूम रहा था, उस आकाशको बहुत ऊँचेतक लाँघकर वे दोनों ललनाएँ फिर भूतलपर जानेको उद्यत हुईं । ( सर्ग २३-२४ )
लीलाका भूतलमें प्रवेश और उसके द्वारा अपने पूर्वजन्मके स्वजनोंके दर्शन, ज्येष्ठशर्माकी माताके रूपमें लीलाका दर्शन न होनेका कारण
श्रीवसिष्ठजी कहते हैं—रघुनन्दन ! आकाशसे किसी पर्वतीय ग्रामको जाती हुई उन दोनों स्त्रियोंने उसी भूतलको देखा, जो ज्ञानकी देवी सरस्वतीके मनमें था—जिसे वे लीलाको दिखाना चाहती थीं । सागर, बड़े-बड़े पर्वत, लोकपाल, स्वर्ग, आकाश और भूतलसे परिवेष्टित जगत्के मध्यभागका अवलोकन करके मानव-कन्या रानी लीलाने तुरंत ही अपने मन्दिरके आधारभूत पर्वतीय ग्रामका वह स्थान देखा ।
इस प्रकार वे दोनों सुन्दरियाँ, जहाँ राजा पद्म रहते थे, उस ब्रह्माण्डमण्डलसे निकलकर दूसरे ब्रह्माण्डमें
२३२ * अविच्छिन्नचिदात्मैकः पुमानस्तीह नेतरत् * [ संक्षिप्त योगवासिष्ठ
जा पहुँचीं, जहाँ वसिष्ठ नामक ब्राह्मणका घर था। वे दोनों ही स्त्रियाँ सिद्ध थीं। उन्होंने दूसरे लोगोंसे अदृश्य रहकर ही ब्राह्मणके निवासभूत मण्डपको, जो उनका अपना ही घर था, देखा। वह घर गृहस्वामीके वियोगसे हतप्रभ हो गया था। उसके मुख अर्थात् द्वारकी कान्ति करुणासे व्याप्त थी और उसका विनाश निकट था।
रघुनन्दन ! सुन्दरी लीला चिरकालतक सुन्दर ज्ञान-का अभ्यास करनेके कारण देवताकी भाँति सत्यसंकल्प और सत्यकाम हो गयी थी। (वह जो चाहती, वही हो जाता था।) उसने सोचा, ये मेरे बन्धुजन मुझको और इन देवी सरस्वतीको साधारण स्त्रीके रूपमें देखें। उसके ऐसा संकल्प करते ही उस घरके लोगोंने वहाँ दो दिव्याङ्गनाओंको देखा, जो उस घरको अपनी प्रभासे उद्भासित कर रही थीं। वे दोनों लक्ष्मी और पार्वतीकी जोड़ी-सी जान पड़ती थीं। तदनन्तर ज्येष्ठशर्माने घरके अन्य लोगोंके साथ यह कहकर कि 'आप दोनों वन-देवियोंको नमस्कार है' उन दोनोंके लिये पुष्पाञ्जलि छोड़ी।
उस समय ज्येष्ठशर्मा आदि बोले—वनदेवियो ! आप दोनोंकी जय। निश्चय ही आप हमारे दुःखोंका नाश करनेके लिये आयी हैं; क्योंकि प्रायः दूसरोंका संकटसे उद्धार करना ही सत्पुरुषोंका अपना कार्य होता है।
ज्येष्ठशर्मा आदिके ऐसा कहनेके पश्चात् वे दोनों देवियाँ बड़े आदरसे बोलीं—'तुम सब लोग अपना वह दुःख बताओ, जिससे यह सारा जनसमुदाय दुखी दिखायी देता है।' तब उन ज्येष्ठशर्मा आदिने उन दोनों देवियोंसे क्रमशः ब्राह्मणदम्पतीके मरणरूप अपना सारा दुःख निवेदन किया।
ज्येष्ठशर्मा आदि बोले—देवियो ! यहाँ दो ब्राह्मण पति-पत्नी रहते थे, जिनका आपसमें बड़ा स्नेह था। वे यहाँ पधारे हुए सभी लोगोंका आतिथ्य-सत्कार करते थे। हमारी इस कुल-परम्पराके प्रवर्तक भी वे ही थे। द्विजातियोंकी मर्यादाके तो वे स्तम्भ ही थे। वे ही दोनों हमारे माता-पिता थे। इस समय पुत्रों, बन्धु-बान्धवों और पशुओंसहित इस घरको त्यागकर वे दोनों स्वर्गलोकको चले गये हैं, इससे हमें तीनों लोक सूने दिखायी देते हैं। इसलिये देवियो ! आप दोनों पहले हमारे इस शोकका निवारण करें, क्योंकि महात्माओंके दर्शन कभी निष्फल नहीं होते।
पुत्र ज्येष्ठशर्मा जब ऐसा कह चुका, तब माता लीलाने अपने हाथसे उसके मस्तकका स्पर्श किया। उसके उस स्पर्शसे ज्येष्ठशर्माके दुःख-दुर्भाग्यरूपी संकटका तत्काल निवारण हो गया। घरके सभी लोग उन दोनों देवियोंके दर्शनसे अमृत पीनेवाले देवताओंके समान दुःखसे मुक्त हो दिव्य शोभासे सम्पन्न हो गये।
श्रीरामजीने पूछा—भगवन् ! माता लीलाने अपने पुत्र ज्येष्ठशर्माको उसकी माताके रूपमें ही उसे क्यों नहीं दर्शन दिया ? आप पहले मेरे इस मोह (संदेह) का ही निराकरण कीजिये।
श्रीवसिष्ठजीने कहा - रघुनन्दन ! मनुष्य जैसी भावना करता है, उसके अनुसार ही इन पदार्थोंका