विनय पत्रिका (सटीक - गीताप्रेस)
Vinaya Patrika with Commentary - Gita Press
गोस्वामी तुलसीदास द्वारा
सुर-मुनि बिप्र बिहाय बड़े कुल, गोकुल जनम गोपगृह लीन्हो। बायौं दियो विभव कुरुपतिको, भोजन जाइ विदुर-घर कीन्हो ॥३॥ मानत भलहि भलो भगतनि तें, कछुक रीति पारथहि जनाई। तुलसी सहज सनेह राम बस, और सबै जलकी चिकनाई ॥४॥ शब्दार्थ—निगम = वेद। दिक्षित = दीक्षित। सुनाभ = चक्र। कुरुपति = दुर्योधन। पारथहि = अर्जुनको। भावार्थ—हे रामजी ! जिसपर आप रीझ गये, वही सच्चा पुण्यात्मा और पवित्र है। गणिका, गीध और व्याध जो वैकुण्ठमें गये, वे कब प्रयागमें कण्डेकी (आग) से सीझे थे ? (अर्थात् उन लोगोंने कब तीर्थराज प्रयागमें कल्पवास किया था ?) ॥१॥ राजा नृगका पैर वेद-मार्गसे कभी नहीं डिगा था; किन्तु उन्हें जितना कष्ट भोगना पड़ा, उसे संसार जानता है। गजेन्द्र ही कौनसा दीक्षित हुआ था जिसके स्मरण करते ही आप गरुड़की सवारी छोड़कर (पैदल ही) चक्र सुदर्शन लेकर दौड़े थे ? ॥२॥ देवता, मुनि, ब्राह्मण आदि उच्च कुलोंको छोड़कर आपने गोकुलमें एक गोपके घरमें जन्म लिया। आपने महाराज दुर्योधनके वैभवको ठुकराकर विदुरके घर जाकर भोजन किया ॥३॥ आप अपने अनन्य भक्तोंकी भलाई करना ही अच्छा समझते हैं, आपने यह रीति कुछ-कुछ अर्जुनको बतायी थी। तुलसीदास कहते हैं कि श्रीरामजी स्वाभाविक स्नेहके अधीन हैं और सब साधन जलकी चिकनाईके समान हैं। भाव यह है कि पानी पड़ते ही थोड़ी देरके लिए तो शरीर चिकना हो जाता है, पर कुछ ही देरमें पानी सूख जानेके बाद रूखा हो जाता है। इसी प्रकार अन्य साधनों द्वारा क्षणिक सुख- शान्ति मिलती है, किन्तु जरा भी कामना-रूपी हवाके लगते ही वह सुख-शान्ति हवा हो जाती है ॥४॥ विशेष १—'गनिका'—९४ पदके विशेषमें देखिये।
३९६ विनय-पत्रिका २—'गीध'—२१५ पदके विशेषमें देखिये। ३—'बधिक'—व्याध; ९४ पदके विशेषमें देखिये। ४—'करसी'—कुछ प्रतियोंमें 'कासी' पाठ भी है। यह होनेसे इस प्रकार अर्थ होगा—गणिका, गिद्ध, व्याधको बैकुण्ठमें तो ले गये, पर इन लोगोंने काशी और प्रयागमें कब तपस्या की थी ? ५—'नृग'—२१३ पदके विशेषमें देखिये। ६—'गज'—८३ पदके विशेषमें देखिये। इसी चरणके आशयका एक पद यह भी है— हे गोविन्द राखु सरन अब तो जीवन हारे। नीर पिवन हेतु गयो सिन्धुके किनारे॥ सिन्धु बीच बसत ग्राह चरन गहि पछारे। लड़त लड़त साँझ भई ले गयो मँझधारे॥ नासिका लौं बूडन लाग्यो कृष्णको पुकारे। द्वारिकामें शब्द भयो गरुड़ छोड़ि धाये॥ ग्राहको तो मारिकै गजराजको उबारे। सूरश्याम मगन भये नन्दके दुलारे॥ मेरो तेरो न्याय होय धर्मराजके दुआरे। ७—'बायौँ.....कीन्हो'—एक बार अभिमानी दुर्योधनने भगवान्को आमन्त्रित किया। अन्तर्यामी कृष्णजी उसका कपट-भाव जानकर उसके यहाँ नहीं गये बल्कि विदुरके घर गये। उन्होंने विदुरकी स्त्रीसे भोजन माँगा। विदुर- की स्त्री थोड़ा साग, कुछ केले ले आयी और प्रेमानन्दमें विभोर हो जानेके कारण केलेके छिलके उतारकर भगवान्को देने लगी तथा खानेवाला पदार्थ गूदा ज़मीनपर फेंकने लगी। भगवान् बड़े प्रेमके साथ उन छिलकोंको खाने लगे। उसी समय विदुर भी वहाँ आ गये। उन्होंने अपनी स्त्रीका कार्य देखकर बड़ा क्रोध किया और उसका हाथ पकड़कर वहाँसे उठा दिया। पश्चात् उन्होंने अपने हाथसे एक केला छीलकर सार पदार्थ भगवान्को दिया। भावके भूखे
भगवान्ने उसे खाकर कहा, जो माधुर्य उन छिलकोंमें था, वह इसमें नहीं है; अतः मैं न खाऊँगा। इसी भावपर सूरदासजीने भी लिखा है— 'दुर्योधन-घर मेवा त्याग्यो, साग विदुर घर खायो'
२४१ ] तब तुम मोहूँसे सठनि कौ हठि गति न देते' । कैसेहु नाम लेइ कोउ पामर, सुनि सादर आगे है लेते ॥१॥ पाप-खानि जिय जानि अजामिल, जमगन तमकि तये ताको भेते । लियो छुड़ाइ, चले कर माँजत, पीसत दाँत गये रिस-रेते ॥२॥ गौतम-तिय, गज, गीध, विटप, कपि, हैं नाथहिं नीके मालुम जेते । तिन्ह-तिन्ह काजनि साधु-सभा २ तजि कृपासिंधु तब-तब उठिगे ते।३। अजहुँ अधिक आदर येहि द्वारे, पतित पुनीत होत नहिं केते । मेरे पासंगहु न पूजिहैं, है गये, हैं, होने खल जेते ॥४॥ हौं अब लौं करतूति तिहारिय चितवत हुतो न रावरे चेतै । अब तुलसी पतरौ बाँधिहै, सहि न जात मोपै परिहास एते ॥५॥
शब्दार्थ—पामर = पापी । तमकि = तमककर । तये = लाल हो उठे । रिस-रेते = क्रोधसे भरे हुए, क्रोधित । उठिगे ते = उठकर गये थे । हुतो = था । चेते = ध्यान दिया ।
भावार्थ—तब आप मुझ जैसे दुष्टोंको जबरदस्ती मोक्ष न देते । कोई पापी किसी प्रकार भी आपका नाम क्यों न ले, सुनते ही आप आदरके साथ उसे आगे होकर (बढ़कर) लेते हैं ॥१॥ यमराजके दूतोंने अपने जीमें अजामिलको पापोंकी खानि समझकर उसे डाँटा-फटकारा और (क्रोधसे) लाल हो उठे; किन्तु आपने उसे (उनके हाथसे) छुड़ा लिया । (वे यमदूत बेचारे) क्रोधित होकर हाथ मलते हुए और दाँत पीसते हुए चले गये ॥२॥ गौतमको स्त्री (अहिल्या), गजेन्द्र, गीध (जटायु), वृक्ष (यमलार्जुन), बन्दर तथा इस प्रकारके जो जो आपको प्रिय हैं, उन्हें (सब लोग) जानते हैं। उन सबका जब-जब काम पड़ा था, तब-तब आप साधुसमाजको छोड़कर उठकर चले गये थे ॥३॥ इस दरवाजे-
१. पाठान्तर 'तौ तुम मोहूसे सठनिको हठि गति देते ।' २. 'तिन्हके काज साधु-समाज ।'
३१८ विनय-पत्रिका पर अब भी पापियोंका आदर है। (मैं आपसे पूछता हूँ कि) यहाँ कितने पापी पवित्र नहीं होते ? किन्तु संसारमें जितने खल या पापी हो चुके हैं, हैं, और होंगे, वे सब मेरे पासंगमें भी नहीं पूजेंगे ॥४॥ अबतक मैं आपकी करतूत देख रहा था (कि देखूँ आप मुझे कब शरणमें लेते हैं), पर आपने मेरी ओर ध्यान नहीं दिया। इसलिए अब यह तुलसीदास (आपके नामका) पुतला बाँधेगा; क्योंकि मुझसे इतनी हँसी सहन नहीं हो सकती ॥५॥ विशेष १—इस पदमें गोस्वामीके रूठनेका बड़ा ही सुन्दर चित्र है। प्रारम्भमें जो 'तब' शब्द आया है, वह बड़ा ही अपूर्व है। कविका आशय यह है कि यदि आपको मुझे तारना स्वीकार नहीं था, तो फिर मेरे समान अन्यान्य दुष्टोंको भी न तारे होते। इसमें कविने रूठकर भगवान्को उलाहना दिया है। यहाँ 'तब' शब्द काल-वाचक नहीं है। कविने इस 'तब'का मेल 'अब'के साथ मिलाया है; 'अब तुलसी पूतरो बाँधिहै।' खूब ! इस पदमें रूठनेका भाव है, उलाहना है, स्वामीकी दयालुता है और अन्तमें है धमकी। इस पदको मननपूर्वक पढ़नेसे ही पाठकगण इसका ठीक-ठीक रसास्वादन कर सकेंगे। २—'अजामिल'—५७ पदके विशेषमें देखिये। ३—'गौतम-तिय'—४३ पदके विशेषमें देखिये। ४—'गज'—८३ पदके विशेषमें देखिये। ५—'गीध'—२१५ पदके विशेषमें देखिये। ६—'बिटप', यमलार्जुन;—७८ पदके विशेषमें देखिये। ७—'हौं अब लौं करतूति तिहारिय'—इस पंक्तिमें कविका स्वाभिमान-पूर्ण कथन है। वास्तवमें भक्तको सब-कुछ कहनेका अधिकार है। देखिये न, एक कविने तो यहाँतक कह डाला है— तुम करतार जगरच्छाके करनहार पूरत मनोरथ हौ सब चित चाहे के। यह जिय जानि 'सेनापति' हू सरन आयो हूजिये दयालु ताप मेटो दुख दाहे के ॥ जो यौं कहौ तेरे हैं रे करम अनैंसे हम गाहक हैं सुकृति भगति रस लाहे के। आपने करम करि उतरौंगो पार तौ पै हम करतार करतार तुम काहे के ? ॥
विनय-पत्रिका ३९९ ८—'पूतरो बाँधिहै'—खेल दिखानेके बाद नट कपड़ेका बनाया हुआ पुतला बाँसपर लटकाकर चारों ओर घुमाता है और कहता फिरता है कि देखो यह सूम है। इससे पैसा न देनेवाले सूम उसे कुछ-न-कुछ दे देते हैं। इसी प्रकार मैं भी पुतला बाँधकर कहता फिरूँगा कि यह सूमराज रामचन्द्रजी हैं। [ २४२ ] तुम सम दीनबंधु, न दीन कोउ मो सम, सुनहु नृपति रघुराई। मो सम कुटिल-मौलिमनि नहिं जग, तुम सम हरि ! न हरन कुटिलाई ॥१॥ हौं मन बचन-करम पातक-रत, तुम कृपालु पतितन-गति दाई। हौं अनाथ, प्रभु ! तुम अनाथ-हित, चित यहि सुरति कबहुँ नहिं जाई ॥२॥ हौं आरत, आरति-नासक तुम, कीरति निगम-पुराननि गाई। हौं सभीत तुम हरन सकल भय, कारन कवन कृपा बिसराई ॥३॥ तुम सुखधाम राम श्रम-भंजन, हौं अति दुखित त्रिबिध श्रम पाई। यह जिय जानि दास तुलसी कहँ, राखहु सरन समुझि प्रभुताई ॥४॥ शब्दार्थ—मौलिमनि = शिरोमणि । सुरभि = सुध । आरति = दुःख । स्रम = श्रम, त्रिविध श्रम, दैहिक, दैविक और भौतिक । भावार्थ—हे रामजी, सुनिये ! आपके समान दीनबन्धु और मेरे समान दीन दूसरा कोई नहीं है। हे प्रभो ! न तो संसारमें मेरे समान कोई दुष्ट-शिरोमणि है, और न आपके समान कोई दुष्टताका हरण करनेवाला है ॥१॥ मैं मन, वचन और कर्मसे पाप-रत हूँ, और आप कृपालु हैं, पापियोंको सद्गति देनेवाले
४०० विनय-पत्रिका हैं। हे प्रभो ! मेरे चित्तसे इस बातका ध्यान कभी नहीं जा सकता कि मैं अनाथ हूँ और आप अनाथोंका हित करनेवाले हैं ॥२॥ मैं दुखी हूँ, और आप दुःख- भंजन हैं। आपका यह यश वेदों और पुराणोंने गाया है। मैं भयभीत हूँ, और आप सब भयको हरनेवाले हैं। फिर क्या कारण है कि आप मुझपर कृपा करना भूल गये हैं ? ॥३॥ हे रामजी ! आप आनन्द-राशि तथा श्रमके नाश करनेवाले हैं, और मैं दुःखित हूँ तथा तीनों प्रकारका दैहिक, दैविक, भौतिक श्रम पा चुका हूँ। तात्पर्य यह कि आप सुख-धाम हैं, और मैं दुःखित हूँ—अतः मुझे सुख दीजिये। आप श्रम-भंजन हैं और मैं दैहिक, दैविक, भौतिक तीनों प्रकारके श्रमसे श्रमित हूँ—अतः मेरा श्रम दूर कीजिये। यह सब अपने दिलमें विचारकर तथा अपनी प्रभुताको समझकर इस तुलसीदासको अपनी शरणमें रख लीजिये ॥४॥ [ २४३ ] इहै जानि चरनन्हि चित लायो। नाहिन नाथ ! अकारन को हितु, तुम समान पुरान-श्रुति गायो ॥१॥ जननि-जनक, सुत-दार, बंधु जन, भये बहुत जहँ-जहँ हौं जायो। सब स्वारथहित प्रीति, कपट चित, काहू नहिं हरि भजन सिखायो ॥२॥ सुर-मुनि, मनुज-दनुज अहि-किन्नर, मैं तनु धरि सिर काहि न नायो। जरत फिरत त्रय ताप पाप बस, काहु न हरि ! करि कृपा जुड़ायो ॥३॥ जतन अनेक किये सुख-कारन, हरिपद-विमुख सदा दुख पायो। अब थाक्यो जलहीन नाव ज्यों, देखत बिपति-जाल जग छायो ॥४॥
मों कहँ नाथ ! बूझिये, यह गति, सुख-निधान निज पति बिसरायो । अब तजि रोष करहु करुना हरि ! तुलसिदास सरनागत आयो ॥५॥ शब्दार्थ—जनक = पिता । सुत = पुत्र । दार = स्त्री । अहि = सर्प । जुड़ायो = ठण्डा किया; शीतल किया । बूझिये = खबर लीजिये । भावार्थ—हे नाथ ! यही समझकर मैंने आपके चरणोंमें चित्त लगाया कि वेदों और पुराणोंके कथनानुसार आपके समान अकारण ही हित करनेवाला दूसरा कोई नहीं है ॥१॥ मैं जहाँ-जहाँ पैदा हुआ, (सब मिलाकर) मेरे बहुतसे पिता, माता, पुत्र, स्त्री, भाई और स्वजन हुए; किन्तु सबका प्रेम स्वार्थवश था और सभी कपटी हृदयके थे; क्योंकि किसीने भी मुझे भगवद्भजन करनेका उप- देश नहीं दिया ॥२॥ मैंने शरीर धारण करके देवता, मुनि, मनुष्य, राक्षस, सर्प, किन्नर आदि किसके आगे सिर नहीं झुकाया ? हे हरे ! मैं अपने पापोंके कारण तीनों पापोंसे जलता फिरा, पर किसीने भी कृपा करके मुझे शीतल नहीं किया ॥३॥ सुखके लिए मैंने अनेक यत्न किये, किन्तु भगवच्चरणारविन्दोंसे विमुख रहनेके कारण मुझे सदैव दुःख ही मिला। संसारमें विपत्तियोंका जाल छाया हुआ देखकर अब मैं (समस्त साधनोंसे) उसी प्रकार थक गया हूँ जैसे पानीमें न रहनेके कारण नौका (अचल हो जाती है) ॥४॥ हे नाथ ! मेरी खबर लीजिये। मैंने अपने आनन्द-निधान स्वामीको भुला दिया, इसीसे मेरी यह दशा हो रही है। हे प्रभो ! अब आप क्रोधको छोड़कर शरणागत तुलसीदास- पर दया कीजिये; क्योंकि (अब तो) यह दास आपकी शरणमें आ गया ॥५॥ [ २४४ ] याहि ते मैं हरि ग्यान गँवायो । परिहरि हृदय-कमल रघुनाथहि, बाहर फिरत विकल भयो धायो ॥१। ज्यों कुरंग निज अंग रुचिर मद अति मतिहीन मरम नहिं पायो । खोजत गिरि, तरु, लता, भूमि, बिल परम सुगंध कहाँ तें आयो ॥२॥ २६
४०२ विनय-पत्रिका ज्यों सर विमल बारि परिपूरन, ऊपर कछु सिवार तृन छायो। जारत हियो ताहि तजि हौं सठ, चाहत यहि बिधि तृषा बुझायो ॥३॥ ब्यापत त्रिविध ताप तनु दारुन, तापर दुसह दरिद्र सतायो । अपनेहि धाम नाम-सुरतरु तजि विषय-बबूर-बाग मन लायो ॥४॥ तुम-सम ग्यान-निधान, मोहिं सम मूढ़ न आन पुराननि गायो । तुलसिदास प्रभु ! यह विचारि जिय कीजै नाथ उचित मन भायो ॥५॥ शब्दार्थ—कुरंग = हरिन । मद = यहाँ 'मद' शब्द कस्तूरीके लिए आया है । मरम = भेद, हाल । वारि = जल । भावार्थ—हे हरे ! मैं इसीलिए ज्ञानसे हाथ धो बैठा कि अपने हृदय-कमल- में स्थित रघुनाथजीको छोड़कर व्याकुल हुआ बाहर-बाहर दौड़ता फिरा ॥१॥ (किस प्रकार दौड़ता फिरा ?) जैसे अत्यन्त बुद्धिहीन मृग अपने अंगके सुन्दर मद-(कस्तूरी) का मर्म नहीं समझ पाता और पर्वत, वृक्ष, लता, पृथिवी, बिल आदिमें ढूँढ़ता फिरता है कि इतनी अधिक सुगन्ध कहाँसे आ रही है ॥२॥ (अथवा) जैसे निर्मल जलसे परिपूर्ण तालाबमें (पानीके) ऊपर सिवार और तृण छाया हुआ है (किन्तु न जाननेके कारण) उस तालाबके स्वच्छ जलको छोड़कर मैं दुष्ट अपना हृदय जला रहा हूँ और इस प्रकार अपनी प्यास बुझाना चाहता हूँ । (भाव यह कि हृदय-सरोवरमें परमात्मारूपी निर्मल जल भरा हुआ है, परन्तु अज्ञानका पर्दा पड़ा रहनेके कारण मैं आत्मानन्दसे प्यास न बुझाकर मृगजलरूपी सांसारिक भोगोंसे तृष्णाको मिटाना चाहता हूँ; परिणाम यह हो रहा है कि त्रितापसे जल रहा हूँ) ॥३॥ एक तो शरीरमें असह्य त्रिविध ताप व्याप रहे हैं, तिसपर दुस्सह दरिद्रता सता रही है। मैं अपने घरमें (शरीरमें स्थित) राम- नामरूपी कल्पवृक्षको छोड़कर विषयरूपी बबूरके बागमें मन लगा रहा हूँ ॥४॥ आपके समान ज्ञानका भण्डार और मेरे समान मूढ़ दूसरा कोई नहीं है, यह बात पुराणोंने कही है। अतः हे तुलसीदासके प्रभु रामजी ! इसपर आप अपने हृदयमें विचार करके जो अच्छा लगे, वही कीजिये ॥५॥ विशेष १—'ज्यों कुरङ्ग......आयो'—जब हरिनके अण्डकोषमें कस्तूरी पैदा हो
विनय-पत्रिका ४०३ जाती है, तो उसकी सुगन्ध बहुत दूरतक उड़ने लगती है। किन्तु उस हरिन- को यह बात नहीं मालूम होती कि सुगन्ध उसीके शरीरसे निकल रही है। परिणाम यह होता है कि वह हरिन उस सुगन्धकी तलाशमें चारों ओर दौड़ता फिरता है। [ २४५ ] मोहिं मूढ़ मन बहुत बिगोयो। याके लिये सुनहु करुनामय, मैं जग जनमि-जनमि दुख रोयो ॥१॥ सीतल मधुर पियूष सहज सुख निकटहिं रहत दूरि जनु खोयो। बहु भाँतिन श्रम करत मोह बस, बृथहि मंदमति वारि विलोयो ॥२॥ करम-कीच जिय जानि, सानि चित, चाहत कुटिल मलहि मल धोयो। तृषावंत सुरसरि विहाय सठ, फिरि-फिरि विकल अकास निचोयो ॥३॥ तुलसिदास प्रभु ! कृपा करहु अब, मैं निज दोष कछू नहिं गोयो। डासत ही गइ बीति निसा सब, कवहूँ न नाथ ! नींद भरि सोयो ॥४॥ शब्दार्थ—विगोयो = बिगाड़ा, सत्यानाश किया। पियूष = अमृत। सहज सुख = परमानन्द। बिलोयो = मंथन किया। निचोयो = निचोड़ना, दुहना। डासत = बिछौना बिछाते। भावार्थ—इस मूर्ख मनने मुझे खूब सत्यानाश किया। हे करुणामय ! सुनिये, इसके लिए मैं संसारमें जन्म ले-लेकर दुःखड़ा रोता रहा ॥१॥ शीतल और मधुर अमृतवत् परमानन्दके निकट रहते हुए भी मैंने मानो उसे बहुत दूर खो दिया। मोहवश नाना प्रकारका श्रम करके व्यर्थ ही मुझ मूढ़ बुद्धिने जल- मंथन किया (विषयरूपी जलको मथकर परमानन्दरूपी घी निकालना चाहा)
४०४ विनय-पत्रिका ॥२॥ दिलमें जान-बूझकर भी कुटिल (दुष्ट) मैं कर्मके कीचड़में चित्तको सान- कर मलसे ही मलको धोना चाहता हूँ। मैं ऐसा दुष्ट प्यासा हूँ कि गंगाजीको छोड़कर व्याकुल हो बारम्बार आकाश दुहता रहा (सच्चे सुखके लिए दुःखरूप विषयोंमें उलझा रहा) ॥३॥ हे प्रभो ! अब तुलसीदासपर कृपा कीजिये, क्योंकि मैंने अपना दोष तनिक भी आपसे नहीं छिपाया है। हे नाथ! मुझे बिछौना बिछाते-बिछाते ही सारी रात बीत गयी (उपाय ही करते-करते जिन्दगी खतम हो गयी), कभी भी नींद भर न सोया (आत्मसुख नहीं प्राप्त कर सका ) ॥४॥ विशेष १—‘डासत······सोयो’—यहाँ जीवनको ‘निसा’ इसलिए कहा है कि यह जीवन अज्ञानमय है, और अज्ञान अन्धकाररूप है। [ २४६ ] लोक-बेद हूँ विदित बात सुनि-समुझि मोह-मोहित बिकल मति थिति न लहति । छोटे-बड़े, खोटे-खरे, मोटेऊ दूबरे, राम ! रावरे निबाहे सबहीकी निबहति ॥१॥ होती जो आपने बस, रहती एक ही रस, दुनी न हरष-सोक-साँसति सहति । चहतो जो जोई जोई, लहतो सो सोई सोई, केहू भाँति काहू की न लालसा रहति ॥२॥ करम, काल, सुभाउ गुन-दोष जीव जग माया तें, सो सबै भौंह चकित चहति । ईसनि-दिगीसनि, जोगीसनि-मुनीसनि हूँ, छोड़ति छोड़ाये तें, गहायै तें गहति ॥३॥ सतरंज को सो राज, काठ को सबै समाज, महाराज बाजी रची, प्रथम न हति । तुलसी प्रभुके हाथ हारिबो-जीतिबो नाथ ! बहु बेष, बहु मुख सारदा कहति ॥४॥
विनय-पत्रिका ४०५ शब्दार्थ—थिति = (स्थिति) स्थिरता । सबै = भयभीत । ईसनि = ब्रह्मा-विष्णु और शिव । गहति = पकड़ती हैं । हति = थी । सारदा = सरस्वती । भावार्थ—यह बात संसार और वेदोंमें विदित है, तथा सुनने-समझनेसे भी (यही) ज्ञात होता है कि अज्ञान-लिप्त व्याकुल बुद्धि कभी स्थिर नहीं होती । हे रामजी ! छोटे-बड़े, बुरे-भले, मोटे-दुबले, सबका निर्वाह आपहीके निभानेसे हो रहा है ॥१॥ यदि (यह बुद्धि) अपने वशमें होती, तो सदा एकरस रहती, दुनियामें हर्ष और शोकका कष्ट न सहती । सबको मनोवांछित वस्तु प्राप्त हुआ करती, किसीकी भी किसी तरहकी लालसा (अपूर्ण) न रह जाती ॥२॥ कर्म, काल, स्वभाव, गुण, दोष, जीव, जगत् सब आपहीकी मायासे हैं और वह माया भयभीत होकर चकित भावसे आपकी भृकुटि निहारा करती है । यह माया शिव, ब्रह्मा आदिको, दिक्पालों-(इन्द्रादि लोकपालों) को, योगेश्वरोंको (मार्कण्डेय आदिको) और मुनीश्वरों-(वशिष्ठ आदि) तकको आपहीके छुड़ानेसे छोड़ती एवं पकड़ानेसे पकड़ती है ॥३॥ इस मायाका राज्य शतरंजकी तरह है, जिसका समाज (बादशाहसे लेकर प्यादेतक सब मोहरा) काठका (बना हुआ) है (यथार्थतः न कोई राजा है, न प्यादा) । हे महाराज ! शतरंजकी यह बाजी आपहीकी रची हुई है; पहले यह नहीं थी । तुलसीका कथन है कि हे नाथ ! इस बाजीका हारना-जीतना दोनों आपहीके हाथमें है (अर्थात् यदि आप चाहें तो हरा दें अथवा जिता दें) । यह बात सरस्वतीने अनेक वेष धारण करके अनन्त मुखसे कही है (अर्थात् बन्धन और मोक्ष सब ईश्वराधीन है) ॥४॥ विशेष १—'माया'—११६ पदके विशेषमें देखिये । २—'छोड़ति······गहति'—१३३ पदके विशेषमें देखिये । [ २४७ ] राम जपु जीह ! जानि, प्रीति सों प्रतीति मानि, राम नाम जपे जैहै जियकी जरनि । राम नाम सों रहनि, राम नाम की कहनि, कुटिल कलि-मल-सोक-संकट हरनि ॥१॥
४०६ विनय-पत्रिका राम नाम को प्रभाउ पूजियत गनराउ, कियो न दुराउ, कही अपनी करनि। भवसागर-सेतु, कासी हू गति हेतु, जपत सादर संभु सहित घरनि ॥२॥ बाल्मीकि व्याध हे अगाध-अपराध-निधि, 'मरा' 'मरा' जपे पूजे मुनि अमरनि। रोक्यो बिन्ध्य, सोख्यो सिन्धु घटजहुँ नाम-बल, हार्यो हिय खारो भयो भूसुर-डरनि ॥३॥ नाम-महिमा अपार, सेष-सुक बार बार, मति-अनुसार बुध बेद हू वरनि। नामरति कामधेनु तुलसीको कामतरु, रामनाम है बिमोह-तिमिर-तरनि ॥४॥ शब्दार्थ-दुराउ = छिपाव । घरनि = स्त्री । हे = थे । अमरनि = देवताओं । घटजहुँ = कुम्भज ऋषि ने भी । भूसुर = देवता । विमोह = अज्ञान । तरनि = सूर्य । भावार्थ-हे जीभ ! तू यह जानकर और विश्वास मानकर प्रेमसे राम- नामका जप कर कि रामका नाम जपनेसे ही हृदयकी दाह मिटेगी। रामनाममें ही रहन-सहन रखना अर्थात् उठते-बैठते रामका नाम जपना एवं रामनामका ही उच्चारण करना दुष्ट कलिकालके पापों और शोक-संकटको हरनेवाला है ॥१॥ रामनामका ही प्रभाव है कि गणेशजी (सर्वप्रथम) पूजे जाते हैं। अपनी करनीको गणेशजीने स्वयं कहा है, कुछ भी नहीं छिपाया है। यह नाम संसार-समुद्रका पुल है तथा काशीमें मुक्ति देनेका मूल कारण है। (क्योंकि शिवजी 'रामतारक' मन्त्रके उपदेश द्वारा ही जीवोंको मुक्त किया करते हैं) इसे भगवान् शंकर अपनी पत्नी पार्वतीके सहित बड़े आदरपूर्वक जपा करते हैं ॥२॥ वाल्मीकि (पहले) बहेलिया थे, अपराधोंके अगाध-समुद्र थे। किन्तु 'मरा-मरा' जपनेके प्रभावसे वह मुनियों और देवताओं द्वारा पूजे गये। अगस्त्य-ऋषि भी रामनामके ही बलसे विन्ध्यगिरिको रोकने एवं समुद्रको सोखनेमें समर्थ हुए थे। पश्चात् ब्राह्मण (अगस्त्य-ऋषि) के डरसे समुद्र अपने हृदयमें हार मानकर खारा हो गया
विनय-पत्रिका ४०७ (ताकि अगस्त्य-ऋषि या और अन्य तपस्वी ब्राह्मण उसे खारा मानकर आचमन न कर सकें) ॥३॥ शेष, शुकदेवजी, पण्डित तथा वेदोंने अपनी-अपनी बुद्धिके अनुसार इसका वर्णन करते हुए कहा है कि रामनामकी महिमा अपार है। रामनाममें प्रेम होना तुलसीके लिए कामधेनु और कल्पवृक्ष है। यह राम- नाम अज्ञानान्धकारको दूर करनेके लिए सूर्य है ॥४॥ विशेष १—'राम जपु······जवनि'—भगवान्ने स्वयं कहा है— ता ये शृण्वन्ति गायन्ति ह्यनुमोदन्ति चादृताः । मत्पराः श्रद्दधानाश्च भक्तिं विन्दन्ति ते मयि ॥ भक्तिं लब्धवतः साधोः किमन्यदवशिष्यते । मय्यनन्तगुणे ब्रह्मण्यानन्दानुभवात्मनि ॥ . —श्रीमद्भागवत (११।२६ श्लोक । २९,३०) अर्थात् 'जो लोग मुझमें मन लगाकर श्रद्धा और आदरके साथ मेरी नाम- गुण-लीला-कथाको सुनते, गाते और चिन्तन करते हैं उनकी मुझमें अनन्य भक्ति हो जाती है। मुझ अनन्त-गुण-सम्पन्न सच्चिदानन्दघन—ब्रह्ममें भक्ति हो जाने- पर फिर उस साधु पुरुषको और कौनसी वस्तु प्राप्त करनी बाकी रह जाती है ?' २—'कुटिल कलिमल···हरनि'— पतितः स्खलितश्चार्तः क्षुत्त्वा वा विवशोऽब्रुवन् । हरये नम इत्युच्चैर्मुच्यते सर्वपातकात् ॥ सङ्कीर्त्यमानो भगवाननन्तः श्रुतानुभावो व्यसनं हि पुंसाम् । प्रविश्य चित्तं विधुनोत्यशेषं यथा तमोऽर्कोऽभ्रमिवातिवातः ॥ —श्रीमद्भागवत (१२।१२। श्लो. ४६-४७) अर्थात् 'कोई भी मनुष्य गिरते, पड़ते, छींकते और दुःखसे पीड़ित होते समय परवश होकर भी ऊँचे स्वरमें 'हरये नमः' पुकार उठता है तो वह सब
४०८ विनय-पत्रिका पापोंसे छूट जाता है। जैसे सूर्य पर्वतकी गुफाके अन्धकारको भी नाश कर देता है, और जैसे प्रचण्ड वायु बादलोंको छिन्न-भिन्न करके लुप्त कर देता है, इसी प्रकार अनन्त भगवान्का नाम कीर्त्तन हृदयमें प्रवेश करके समस्त पापोंको धो डालता है।' ३—'पूजियत गनराउ'—एक बार देवताओंमें होड़ लगी कि जो ब्रह्माण्ड- की प्रदक्षिणा करके सबसे पहले आ जायगा, उसीकी पूजा सर्वप्रथम हुआ करेगी। फिर क्या था, सब देवता अपनी-अपनी सवारीपर बैठकर प्रदक्षिणा करने लगे। बेचारे गणेशजी चूहेपर बैठकर बड़े फेरमें पड़े। भला चूहेपर बैठकर वह कितनी शीघ्रता करते ? अचानक नारदजी मिले। उन्होंने गणेशजीके उदास रहनेका कारण जानकर कहा, आप राम-नाम लिखकर उसीकी प्रदक्षिणा कर डालें। क्योंकि रामनाममें समूचा ब्रह्मांड निहित है। गणेशजीने ऐसा ही किया। परिणाम यह हुआ कि सब देवताओंको हार माननी पड़ी, और उसी समयसे प्रत्येक कार्यमें सर्वप्रथम पूजा गणेशजीकी होने लगी। गुसाईंजीने रामचरित मानसमें लिखा है— महिमा जासु जान गन राउ। प्रथम पूजियत नाम प्रभाऊ ॥ ४—'कहाँ आपकी करनि'—पुराणमें यह कथा भी पायी जाती है कि पहले गणेशजी बड़े उपद्रवी थे। इन्होंने सैकड़ों मुनियोंको मार डाला था। शिवजीने इनके उपद्रवसे दुःखित होकर रामजीका स्मरण किया। रामजीने प्रकट होकर 'राम सहस्र नाम' जपनेका उपदेश दिया। उस जपसे गणेशजी मंगलमूर्ति हो गये। ब्रह्मांड पुराणमें गणेशजीने कहा है— 'ततस्तद्ग्रहणादेव निष्पापोऽस्मि तदैव हि। तदादि सर्वदेवानां पूज्योऽस्मि मुनिरुत्तम ॥' ५—'बालमीकि'—९४ पदके विशेषमें देखिये। ६—'रोक्यो बिन्ध्य'—विन्ध्याचल पहाड़ बहुत ऊँचा था। सूर्यकी प्रखर किरणोंसे अपने पेड़ोंको बचानेके लिए वह अपना शरीर बढ़ाने लगा। इससे देवलोक व्याकुल हो उठा। समस्त देवताओंने आकर अगस्त्य ऋषिसे प्रार्थना की। अगस्त्य ऋषिने रामनामका स्मरणकर उक्त पर्वतके मस्तकपर हाथ रख
विनय-पत्रिका ४०९ दिया और कहा'—'जबतक मैं लौटकर यहाँ न आऊँ, तबतक तू यहाँ इसी प्रकार पड़ा रह।' उसके बाद अगस्त्यजी नहीं लौटे, अतः विन्ध्याचल पर्वत ज्योंका त्यों पड़ा रह गया । यह रामनामकी महिमा है। ७—'सोख्यो सिंधु'—पद १२ के विशेषमें देखिये। यह कथा इस प्रकार भी पायी जाती है कि अगस्त्यमुनि शामके वक्त समुद्रके किनारे बैठे पूजा कर रहे थे। पूर्णमासी होनेके कारण समुद्रका ज्वार प्रतिक्षण बढ़ रहा था । उसकी लहरोंमें अगस्त्य मुनिकी पूजाकी सामग्री बह गयी । इससे वह बहुत क्रुद्ध हुए और 'ॐ राम' कहकर तीन आचमनमें समुद्रका सब जल पी गये। पीछे देव- ताओंके विशेष आग्रह करनेपर अगस्त्य ऋषिने पेशाबके रास्ते उसे बाहर निकाल दिया । [ २४८ ] पाहि, पाहि राम ! पाहि, रामभद्र, रामचन्द्र ! सुजस श्रवन सुनि आयो हों सरन। दीनबन्धु ! दीनता-दरिद्र-दाह-दोष-दुख दारुन दुसह दर-दुरति-हरन ॥१॥ जब जब जग-जाल ब्याकुल करम काल, सब खल भूप भये भूतल भरन । तब तब तनु धरि, भूमि-भार दूरि करि थापे मुनि, सुर, साधु, आश्रम, वरन ॥२॥ बेद, लोक, सब साखी, काहू की रती न राखी, रावन की वन्दि लागे अमर मरन। ओक दै विसोक किये लोकपति लोकनाथ, राम राज भयो धरम चारिहु चरन ॥३॥ सिला, गुह, गीध, कपि, भील, भालु, रातिचर, ख्याल ही कृपालु कीन्हे तारन-तरन। पील-उद्धरन ! सीलसिंधु ! ढील देखियतु, तुलसी पै चाहत गलानि ही गरन ॥४॥
८. अन्तिम विनय व आत्म-समर्पण (पद २५१-२७९)
४१० विनय-पत्रिका शब्दार्थ—दर = डर । दुरित = पाप । रती = तेज । बन्दि = जेल । अमर = देवता । ओक = आश्रय । पील = हाथी । शब्दार्थ—हे रामजी ! रक्षा कीजिये, रक्षा कीजिये ! हे कल्याण-स्वरूप रामचन्द्र ! रक्षा कीजिये ! आपका सुयश सुनकर मैं शरणमें आया हूँ। हे दीन- बन्धु ! आप दीनता, दरिद्रता, जलन, दोष, दुःख, भयंकर और असह्य डर एवं पापोंका नाश करनेवाले हैं ॥१॥ जब-जब संसार-जालसे तथा कर्म और कालसे व्याकुल होकर सब राजा दुष्ट हो गये और उनसे पृथिवी भर गयी, तब-तब आपने शरीर धारण करके (अवतार लेकर) पृथिवीका भार दूर किया एवं मुनियों, देवताओं, संतों, (चारों) आश्रमों एवं (चारों) वर्णोंकी स्थापना की ॥२॥ लोक और चारों वेद साक्षी हैं कि जब रावणने किसीका तेज न रहने दिया और उसके कैदखानेमें अमर देवता भी मरने लगे, तब हे त्रिलोकीनाथ ! आपहीने लोक-पतियों-(इन्द्र, कुबेर आदि) को आश्रय देकर शोक-रहित किया । (आपकी कृपासे) आपका राज्य (रामराज्य) हो गया और धर्मके चारों चरण हो गये यानी सत्य, तप, दया और दान पनप उठे ॥३॥ हे कृपालु ! अहल्या, निषाद, जटायु, बन्दर, भील, भालु और राक्षसोंको आपके ख्यालने ही तारन-तरन कर दिया अर्थात् आपके ध्यान देनेसे ही ये लोग स्वयं तरकर दूसरोंको तारनेवाले हो गये । हे गजेन्द्रका उद्धार करनेवाले ! हे शीलसागर ! यह तुलसी अपनेपर आपकी ओरसे ढिलाई देखकर ग्लानिसे ही गला चाहता है ॥४॥ विशेष १—'दुरित'—बहुतसी प्रतियों में 'दरप' पाठ है । यह पाठ होनेपर यहाँ इसका अर्थ होगा 'गर्व' । २—'आश्रम'—चार हैं; ब्रह्मचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्थ, संन्यास । ३—'बरन'—वर्ण भी चार हैं; ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र । ४—'सिला'—अहल्या; ४३ पदके विशेषमें देखिये । ५—'गुह'—निषाद; १०६ पदके विशेषमें देखिये । ६—'गीध'—जटायु; २१५ पदके विशेषमें देखिये । ७—'पील—गजेन्द्र; ८३ पदके विशेषमें देखिये ।
विनय-पत्रिका ४११ [ २४१ ] भली भाँति पहिचाने-जाने साहिब जहाँ लौं जग, जूड़े होत थोरे, थोरे ही गरम । प्रीति न प्रवीन, नीति हीन, रीति के मलीन, मायाधीन सब किये कालहू करम ॥१॥ दानव-दनुज बड़े महामूढ़ मूँड़ चढ़े, जीते लोकनाथ नाथ बलनि भरम । रीझि-रीझि दिये बर, खीझि-खीझि घाले घर, आपने निवाजे की न काहूको सरम ॥२॥ सेवा-सावधान तू सुजान समरथ साँचो, सदगुन-धाम राम ! पावन परम । सुरुख, सुमुख, एकरस, एकरूप, तोहि, बिदित बिसेषि घट घट के मरम ॥३॥ तो सौं नतपाल न कृपाल, न कँगाल मो-सौँ दया में बसत देव सकल धरम । राम कामतरु-छाँह चाहै रुचि मन माँह, तुलसी विकल, बलि, कलि-कुधरम ॥४॥ शब्दार्थ—जूड़े = शीतल, प्रसन्न । मूँड़े = सिर । घाले = नष्ट किये । मरम = मर्म । भावार्थ—संसारमें जहाँतक (जितने) स्वामी हैं, (सबको) मैंने अच्छी तरह पहचान लिया और जान लिया है । वे थोड़ेमें ही प्रसन्न हो जाते हैं और थोड़ेमें क्रुद्ध । वे प्रेममें निपुण नहीं हैं, नीतिहीन हैं और रीतिमें मलिन हैं, क्योंकि काल, कर्म एवं मायाने उन्हें अपने अधीन कर रखा है ॥१॥ अपने स्वामियोंके बलके भ्रममें महामूर्ख बड़े-बड़े दैत्य-दानव सिरचढ़े हो गये थे और लोकपालोंको भी जीतनेमें समर्थ हुए थे । उनके स्वामियोंने पहले तो प्रसन्न हो-होकर वर दिये और पीछे चिढ़कर इनके घरोंका सत्यानाश कर दिया । अपने कृपा करनेकी किसीको भी शर्म नहीं है (अर्थात्, किसीको यह ज्ञान नहीं कि लगाये हुए आमको काटना बहुत बुरा है) ॥२॥ हे राम जी ! सेवासे सावधान, सच्चे समर्थ एवं चतुर आप
ही हैं। आप सद्गुणोंके घर तथा अत्यन्त पवित्र हैं। आपका रुख सदा अच्छा रहता है। आप प्रसन्नमुख, एकरस एवं एकरूप रहते हैं। आपको विशेष रूपसे घट-घटका हाल ज्ञात है॥३॥ आपके समान शरणागत-पालक और कृपालु (स्वामी) तथा मुझसा कंगाल दूसरा कोई नहीं है। देव ! दयामें सब धर्मोंका निवास होता है (अतः आप मुझपर दया कीजिये)। आप कल्पवृक्ष हैं, और मेरा मन इसी कल्पवृक्षकी छाया (में मनोवाञ्छित फल प्राप्त करनेके लिए बैठना) चाहता है। बलिहारी ! तुलसीदास कलिके कुधर्मोंसे विकल हो रहा है॥४॥
विशेष १—'बलनि भरम'—कहीं-कहीं 'बल निभरम' पाठ है। ऐसा पाठ होनेपर 'बलपर निःशंक' अर्थ होगा।
[ २५० ] तौ हौं वार वार प्रभुहि पुकारि कै खिझावतो न, जो पै मोको होतो कहूँ ठाकुर-टहरु । आलसी-अभागे मोसे तैं कृपालु पाले-पोसे, राजा मेरें राजाराम, अवध सहरु ॥१॥ सेये न दिगीस, न दिनेस, न गनेस, गौरी, हित कै न माने विधि हरिउ न हरु । रामनाम ही सों जोग-छेम, नेम, प्रेम-पन, सुधा सो भरोसो एहु, दूसरो जहरु ॥२॥ समाचार साथ के अनाथ-नाथ ! कासों कहौं, नाथ ही के हाथ सब चोरऊ पहरु । निज काज, सुरकाज, आरतके काज, राज ! बूझिये विलम्ब कहा कहूँ न गहरु ॥३॥ रीति सुनि रावरी प्रतीति-प्रीति रावरे सों, डरत हौं देखि कलिकाल को कहुरु ! कहे ही बनैगी कै कहाये, बलि जाऊँ, राम, 'तुलसी ! तू मेरो, हारि हिये न हहरु' ॥४॥
विनय-पत्रिका ४१३ शब्दार्थ—ठहरु = स्थान। . सहरु = शहर, नगर। गहरु = देर। कहरु = जुर्म, अनीति। इहरु = जी छोटा करना, हार मान लेना। भावार्थ—हे नाथ ! यदि मुझे कहीं भी कोई स्वामी और ठिकाना होता, तो मैं बारम्बार आपको पुकार-पुकार कर न खिझाता। मुझ सरीखे आलसी और अभागेको आप ही कृपालुने पाला-पोसा है, अतः (मेरे लिए) रामचन्द्रजी ही मेरे राजा (स्वामी) हैं और अयोध्या ही नगर (ठिकाना) है ॥१॥ न तो मैंने दिग्पाल, सूर्य, गणेश और पार्वतीजीकी सेवा ही की और न ब्रह्मा, विष्णु, महेशको ही अपना हितू करके माना। मेरा तो योग, क्षेम, नेम, प्रेम और प्रण एक रामनामसे ही है। मेरे लिए उसका भरोसा अमृतके समान है और दूसरे साधन जहरके समान हैं ॥२॥ हे अनाथोंके नाथ ! मैं अपने साथवालों-(काम, क्रोधादि) का समाचार किससे कहूँ? क्योंकि चोर (कामादि) और पहरेदार (जीव) सब आपहीके हाथमें हैं। राजराजेश्वर ! आपने अपने कामोंमें, देवताओंके कामोंमें तथा दीन-दुखियोंके कामोंमें क्या कभी देर की है ? तो फिर मेरे लिए क्यों इतना विलम्ब हो रहा है? ॥३॥ आपकी रीति (पतित-पावनता आदि) सुनकर आपहीपर मेरा विश्वास और प्रेम हुआ है; किन्तु कलिकालका जुर्म देखकर मैं डर रहा हूँ (कि कहीं वह मुझे भगवत्प्रीतिसे हटाकर विषयोंमें न फँसा दे)। हे रामजी ! मैं आपकी बलैया लेता हूँ! आपके कहनेसे बनेगी या किसीके द्वारा कहलानेसे ? बस, इतना कह दीजिये कि 'ऐ तुलसी ! तू मेरा है, हृदयमें हार मानकर अपना जी छोटा न कर' ॥४॥ [ २५१ ] राम ! रावरो सुभाउ, गुन सील महिमा प्रभाउ, जान्यो हर, हनुमान, लखन, भरत । जिन्हके हिये-सुथरु राम-प्रेम-सुरतरु, लसत सरस सुख फूलत फरत ॥१॥ आप माने स्वामी कै सखा सुभाइ भाइ पति ते सनेह-सावधान रहत डरत । साहिब-सेवक-रीति, प्रीति, परिमिति, नीति, नेम को निवाहु एक टेक न टरत ॥२॥
४१४ विनय-पत्रिका
सुक-सनकादि, प्रह्लाद-नारदादि कहैं, राम की भगति बड़ी बिरति-निरत । जाने बिनु भगति न, जानिवो तिहारे हाथ, समुझि सयाने नाथ ! पगनि परत ॥३॥
छ-मत बिमत, न पुरान मत, एक मत, नेति-नेति-नेति नित निगम करत । औरनि को कहा चली ? एक बात भलै भली, राम-नाम लिये तुलसी हू से तरत ॥४॥
शब्दार्थ—बिरति = वैराग्य । निरत = रत, अनुरक्त । छ-मत = छ शास्त्रोंका मत । बिमत = विरुद्धमत । निगम = वेद ।
भावार्थ—हे राम ! आपके स्वभाव, गुण, शील, महिमा और प्रभावको शिवजी, हनुमान्जी, लक्ष्मणजी तथा भरतजीने ही जाना है—जिनके हृदयरूपी सुन्दर थाल्हेमें राम-प्रेमका कल्पवृक्ष सुशोभित हो रहा है जो सुख-रूपी सरस फूल फूलता और वैसा ही फल फलता है ॥१॥ आप अपने स्वाभावानुसार (शिव- जीको) स्वामी, (हनुमान्जीको) सखा, (लक्ष्मण और भरतको) प्रिय भाई समझते हैं, किन्तु वे आपको अपना स्वामी समझते एवं प्रेममें सावधान और डरते रहते हैं (कि कोई चूक न हो जाय) । स्वामी और सेवककी रीति, प्रीति, परिमिति (प्रमाण), नीति और नेमका निर्वाह करनेमें अपनी टेकसे नहीं टलते; अर्थात् न तो आप ही लापरवाही करते हैं और न शिव, हनुमान् , लक्ष्मण एवं भरतजी ही चूकते हैं ॥२॥ शुकदेव, सनक-सनन्दन-सनातन-सनत्कुमार, प्रह्लाद, नारद प्रभृतिका कथन है कि रामजीकी भक्ति, वैराग्यमें अत्यन्त अनुरक्त होनेसे ही प्राप्त होती है। किन्तु बिना जाने अर्थात् बिना सामान्य ज्ञानके भक्ति नहीं होती, और वह जानना, आपके हाथमें है। हे नाथ ! इसे समझकर ही चतुर लोग आपके चरणोंपर पड़ते हैं ॥३॥ छ शास्त्रोंके मत परस्पर विरुद्ध हैं, पुराणोंके मत भी एकसे नहीं हैं; और वेद तो नित्य ही 'नेति-नेति-नेति' करते रहते हैं (अर्थात् परमात्माके स्वरूपका ठीक-ठीक बोध वेदों, शास्त्रों या पुराणोंसे भी नहीं होता) । इसलिए अच्छीसे अच्छी बात एक ही है (यानी रामनामका जप करना : क्योंकि