भारतकोश
संग्रह पर लौटें

योगवाशिष्ठ महारामायण

Yog Vashishta Maha Ramayan

महर्षि वाल्मीकि द्वारा

स्रोत: योगवाशिष्ठ महारामायण (हिन्दी भाषा टीका) · Archive.org (उद्गम)

DevanagariHindipublished1,734 पृष्ठ

४५८ ❊ योगवाशिष्ठ ❊

वशिष्टजी बोले, हे राम ! जिनको दुःख-सुख चलाते हैं, जो इन्द्रियों के इष्ट में सुखी और अनिष्ट में दुःखी होते हैं और रागद्वेष के अधीन रहते हैं, उनको नष्ट हुए जानो। जिनका पुरुष प्रयत्न नष्ट हुआ है, वे बारम्बार जन्म पावेंगे, और जिनको सुख-दुःख नहीं चलाते, उनको अविनाशी जानो। वे जन्म मरण की फाँसी से मुक्त हुए हैं और उनके लिए शास्त्र का उपदेश नहीं है। हे राम! रागद्वेष तब होता है, जब मन में इच्छा होती है, और इच्छा तब होती है, जब संसार की सत्यता मन में दृढ़ होती है। मनुष्य जिसको असत्य जानता है, उसको बुद्धि नहीं ग्रहण करती और उसकी इच्छा भी नहीं होती। और जिसको सत्य जानता है, उसमें बुद्धि दौड़ती है। हे राम! अज्ञानी को संसार सत्य लगता है, इससे दुःख पाता है। जब वह शान्तपद का यत्न करे, तब दुःख से मुक्त हो। जिसमें अहँ, त्वं, जगत्, ब्रह्म आदि शब्द कोई नहीं और जो केवल चिन्मात्र आकाशरूप है, उसमें ये शब्द कैसे हों ? ये सब शब्द विचार के निमित्त कहे हैं, वास्तव में कोई शब्द नहीं है। वह अद्वैत और चैत्य से रहित चिन्मात्र है। जब सब शब्दों का बाध हुआ, तब शेष शान्तपद रहता है। इसी से उसे आत्मत्त्वमात्र कहा है। यह जगत् उसी में भासित होता है। इस जगत् में जहाँ ज्ञप्ति जाती है, उसका ज्ञान होता है।

हे राम ! एक अधिष्ठानज्ञान है और दूसरा ज्ञप्तिज्ञान । अधिष्ठान-ज्ञान सर्वज्ञ ईश्वर को है और ज्ञप्तिज्ञान जीव को । एक लिङ्ग शरीर का जिसको अभिमान है वह जीव है, और सबलिङ्ग शरीरों का अभिमानी ईश्वर है। जहाँ इस जीव की ज्ञप्ति पहुँचती है, उसको यह जानता है। जैसे एक शय्या पर दो पुरुष सोये हों और एक को स्वप्न आये कि मेघ गर्जते हैं, तब दूसरा उस मेघ का शब्द नहीं सुनता; क्योंकि ज्ञप्ति उसको नहीं आई, परन्तु मेघ तो उसके स्वप्न में है। जैसे सिद्ध विचरते हैं और जीव को नहीं दिखते, क्योंकि उसकी ज्ञप्ति उन तक नहीं जाती। सब सृष्टि बसती है, उसका ज्ञान ईश्वर को है। वह सृष्टि भी संकल्पमात्र है; कुछ बनी नहीं और भ्रम से भासित होती है। जैसे बादल में हाथी,

☸ निर्वाण प्रकरण ☸ [४५६]

घोड़े, मनुष्य आदिक विकार (रूपांतर) जो दिखते हैं, वे भ्रान्तिमात्र हैं, वैसे ही आत्मा के अज्ञान से नाना प्रकार की यह सृष्टि भासित होती है। हे राम! यह आश्चर्य है कि आत्मा में अहंकार का उत्थान होता है कि मैं हूँ और वह अपने को वर्णाश्रमी मानता है। पर विचार करके देखिये तो अहं कुछ वस्तु नहीं सिद्ध होती, और अहं अहं फुरती है। यह आश्चर्य है कि भूत (अहं) कहाँ से उठा है और शुद्ध आत्मब्रह्म में कैसे उपस्थित हुआ? अस्तित्वहीन निर्मूल अहंकार ने तुमको मोहित किया है। इसके त्यागने में तो कुछ यत्न नहीं। इसका त्याग करो। हे राम! यह संकल्प मिथ्या उठा है। जब अहंकार का उत्थान होता है, तब जगत् होता है और जब अहन्ता मिट जाती है तब जगत् का भी अभाव हो जाता है, क्योंकि कुछ बना नहीं, सब भ्रममात्र है। जैसे संकल्पनगर और स्वप्न की सृष्टि भ्रममात्र है, वैसे ही यह विश्व भी भ्रममात्र है। कुछ बना नहीं, सब आत्मतत्त्व है, उससे भिन्न नहीं। जैसे पवन के दो रूप हैं। चलता है तो भी पवन है और ठहरता है तो भी पवन है, वैसे ही विश्व भी दोनों प्रकार से आत्मस्वरूप है। जैसे पवन चलता है, तब जान पड़ता है और ठहर जाता है तब नहीं जान पड़ता, वैसे ही चित्त चैतन्यशक्ति का चमत्कार है। जब फुरता है, तब विश्व भासित होता है, पर तो भी चिद्घन है। और जब ठहर जाता है, तब विश्व नहीं भासित होता। परन्तु आत्मा सदा एकरस है। जैसे जल में तरङ्ग और सुवर्ण में जो भूषण हैं, वे उनसे भिन्न नहीं हैं, वैसे ही आत्मा में विश्व कुछ हुआ नहीं, आत्मस्वरूप ही है। ज्ञप्ति भी ब्रह्म है और ज्ञप्ति में प्रतीत विश्व भी ब्रह्म है। तब विधि निषेध और हर्ष-शोक किसका करें? सब वही है।

हे राम! संकल्प को स्थिर करके देखो कि सब तुम्हारा ही स्वरूप है। जैसे मनुष्य शयन करता है तो उसकी स्वप्नसृष्टि दिखती है और जब जागता है तब देखता है कि सब मेरा ही स्वरूप है, वैसे ही जाग्रत् विश्व भी तुम्हारा स्वरूप है। जैसे समुद्र में तरङ्ग उठते हैं, वे जलरूप हैं, वैसे ही विश्व आत्मस्वरूप है। और जैसे चितेरा काष्ठ में कल्पना

४६० ❇ योगवाशिष्ट ❇

करता है कि इतनी पुतलियाँ निकलेंगी और जैसे मृत्तिका में कुम्हार घटादि की कल्पना करता है कि इसमें इतने पात्र बनेंगे, पर काष्ठ और मृत्तिका में तो कुछ नहीं, ज्यों का त्यों काष्ठ है और ज्यों की त्यों मृत्तिका है, परन्तु कुम्हार या बढ़ई के मन में आकार की कल्पना है, वैसे ही आत्मा में संसाररूपी पुतलियों की कल्पना मन करता है। जब मन का संकल्प निवृत्त हो, तब ज्यों का त्यों आत्मपद भासित हो। जैसे तरङ्ग जलरूप है; जिसको जल का ज्ञान है, वह तरङ्ग को भी जलरूप जानता है और जिसको जल का ज्ञान नहीं, वह तरङ्ग के भिन्न-भिन्न आकार देखता है, वैसे ही जब निससंकल्प होकर स्वरूप को देखे तब जगत् फुरने में भी आत्मसत्ता भासित होगी, अहंत्व आदिक तब जगत् ब्रह्मस्वरूप ही है। तब भ्रम कैसे हो और किसको हो? सब विश्व आत्मस्वरूप है और आत्मा निरालम्ब अर्थात् चैत्य और अहंकार से रहित केवल आकाशरूप है। जब तुम उसमें स्थित होगे, तब नाना प्रकार की भावना मिट जावेगी; क्योंकि नाना प्रकार की भावना जगत् में फुरती है। जगत् का बीज अहन्ता है; जब अहंता नष्ट हो, तब जगत् का भी अभाव हो जावेगा। हे राम! अहंता का फुरना ही बन्धन और निरहंकार होना ही मोक्ष है। एक चित्तबोध है और दूसरा ब्रह्मबोध—चित्तबोध जगत् है और ब्रह्मबोध मोक्ष। चित्तबोध अहन्ता का नाम है। जबतक चित्तबोध फुरता है, तबतक संसार है और जब चित्त का अभाव होता है, तब मुक्ति होती है। इस चित्त के अभाव का नाम ब्रह्मबोध है।

हे राम! जैसे पवन चलता है, वैसे ही ब्रह्म में चित्तबोध है, और जैसे पवन ठहर जाता है, वैसे ही चित्त का ठहरना ब्रह्मबोध है। जैसे स्पन्दित और निःस्पन्द दोनों पवन ही हैं, वैसे ही चित्तबोध और ब्रह्मबोध ब्रह्म ही हैं, कुछ भिन्न नहीं। हमको तो ब्रह्म ही भासित होता है, जो चैतन्यमात्र शान्तरूप और अपने स्वभाव में स्थित है। जिसको अधिष्ठान का ज्ञान होता है, उसको विवर्त भी उसी का रूप भासित होता है और जिसको अधिष्ठान का ज्ञान नहीं होता, उसको

☸ निर्वाण प्रकरण ☸ ४६१

भिन्न-भिन्न जगत् भासित होता है। जैसे एक बीज में पत्ते, डाल, फूल और फल दिखते हैं, पर जिसको बीज का ज्ञान नहीं, उसको ये भिन्न-भिन्न प्रतीत होते हैं। हे राम! हमको अधिष्ठान आत्मतत्त्व का ज्ञान है, इससे हमें सब विश्व आत्मस्वरूप दिखता है। पर अज्ञानी को नाना प्रकार का विश्व और जन्म-मरण भासित होते हैं। हे राम! सब शब्द आत्मतत्त्व में फुरते हैं, और वह सबका अधिष्ठान, निराकार, निर्विकार, शुद्ध आत्मा सबका अपना रूप है। इसलिए सब विश्व आकाशरूप है, उससे भिन्न नहीं। जैसे तरङ्ग जलरूप है, वैसे ही विश्व आत्मस्वरूप है। चित्त जो फुरता है, उसका अनुभव करनेवाली चैतन्यसत्ता ही ब्रह्म है। तुम्हारा स्वरूप भी वही है। इसने अहं-त्वं आदिक जगत् सब ब्रह्मरूप है। तुम संशय त्यागकर अपने स्वरूप में स्थित होओ। पहले तुमसे जो द्वैत-अद्वैत कहा है, वह सब उपदेशमात्र है। चित्त की वृत्ति को स्थिर करके देखो, सब ब्रह्म है, भिन्न कुछ नहीं, तब निषेध किसका कीजिये? हे राम! ज्ञानवान् चित्त की दो वृत्तियाँ कहते हैं—एक मोक्षरूप और दूसरी बन्धनरूप। जो वृत्ति स्वरूप की ओर फुरती है वह मोक्षरूप और जो दृश्य की ओर फुरती है वह बन्धन है। जो तुमको शुद्ध लगे वही करो। जो द्रष्टा है, वह दृश्य नहीं होता और जो दृश्य है, वह द्रष्टा नहीं होता। पर आत्मा तो अद्वैत है। इससे द्रष्टा में दृश्य पदार्थ कोई नहीं। तुम क्यों दृश्य की ओर झुकते हो और अनहोते दृश्य को ग्रहण करते हो? तुम्हारा द्रष्टा नाम भी दृश्य से होता है। जब दृश्य का अभाव जानो, तब अवाच्यपद है। उसको वाणी से कहा नहीं जा सकता। हे राम! जैसे अङ्गी और अङ्गवाले, आकाश और शून्यता, जल और द्रवता, बर्फ और शीतलता में कुछ भेद नहीं, वैसे ही ब्रह्म और जगत् में कुछ भेद नहीं। कोई जगत् कहे अथवा ब्रह्म कहे, एक ही बात है। जगत् ही ब्रह्म है और ब्रह्म ही जगत् है। इससे आत्मपद में स्थित होओ। भ्रम से जो अपने को कुछ और मानते हो, उसको त्यागकर ब्रह्म ही की भावना करो और अपने को मनुष्य कभी न जानो। जो अपने को मनुष्य जानोगे तो यह निश्चय

४६२ ☸ योगवाशिष्ठ ☸

अधोगति को प्राप्त करनेवाला है। इससे अपने स्वरूप में स्थित होओ।

इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे परमार्थयोगोपदेशो नाम शताधिकचतुःपञ्चाशत्तमस्सर्गः॥१५४॥

वशिष्ठजी बोले, हे राम ! जब देश से देशान्तर को वृत्ति जाती है तो उसके बीच जो संवित्तत्त्व है, उसका जो अनुभव करता है, वही तुम्हारा स्वरूप है। उसमें स्थित होओ और जैसी चेष्टा आवे, वैसी करो। देखो, सुनो, स्पर्श करो, गन्ध लो, बोलो, चलो, हँसो, सब क्रिया करो; परन्तु इनको जाननेवाली जो अनुभवसत्ता है, उसी में स्थित रहो। यह जाग्रत् में सुषुप्ति है। चेष्टा शुभ करो और हृदय में अहं से रहित शिला की भाँति रहो। हे राम ! तुम्हारा स्वरूप निराभास, निर्मल और शान्त है। जैसे सुमेरु पर्वत स्थित है, वैसे ही रहो। यह दृश्य अज्ञान से भासित होता है, पर तमोरूप है और आत्मा सदा प्रकाशरूप है। उस प्रकाश में अज्ञानी को तम भासित होता है। जैसे सूर्य सदा प्रकाशरूप है, पर उल्लू पक्षी को नहीं देख पड़ता, और अज्ञान के कारण अँधेरा ही जान पड़ता है, वैसे ही अज्ञानी को जो अविद्या-रूप जगत् भासित होता है, वह अविचार से सिद्ध है। अविद्या से उसकी विपर्यय-दृष्टि हुई है। पर उसका वास्तव स्वरूप निर्विकार है, अर्थात् जायते, अस्ति, वर्द्धते, परिणमते; व्यपक्षीयते, नश्यते (उत्पन्न होना, होना, बढ़ना, रूपान्तर, क्षय और विनाश) इन षट् विकारों से रहित है। पर वह उसको विकारी जानता है। आत्मा निर्विकार, निराकार है, पर उसको साकार जानता है। आत्मा आनन्दरूप है, पर उसको दुखी जानता है। आत्मा शान्तरूप है, पर उसको अशान्त जानता है। आत्मा महत् है, पर उसको लघु जानता है। आत्मा पुरातन है, पर उसको उपजा मानता है। आत्मा सर्वव्यापक है, पर उसको परिच्छिन्न जानता है। आत्मा नित्य है, पर उसको अनित्य देखता है। आत्मा चैत्य से रहित शुद्ध चिन्मात्र है, पर यह उसे चैत्यसंयुक्त देखता है। आत्मा चैतन्य है, यह उसे जड़ देखता है। आत्मा अहं से रहित सदा अपने स्वभाव में स्थित है, पर वह अनात्मा शरीर में अहं प्रतीति करता

❇ निर्वाण प्रकरण ❇ ४६३

है । आत्मा में अनात्मभावना में और अनात्मा आत्मभावना करता है । आत्मा निरवयव है, उसको यह अवयवी देखता है । आत्मा अक्रिय है, उसको यह सक्रिय देखता है । आत्मा निरंश है, उसको अंशांशी-भाव करके देखता है । आत्मा निरामय है, पर उसको रोगी देखता है । आत्मा निष्कलङ्क है, पर उसको कलङ्कसहित देखता है । आत्मा सदा प्रत्यक्ष है, उसको परोक्ष जानता है और जो परोक्ष है, उसको प्रत्यक्ष जानता है ।

हे राम ! यह सब विकार आत्मा में अज्ञान से देखता है, पर आत्मा शुद्ध और सूक्ष्म से सूक्ष्म, स्थूल से स्थूल, बड़े से बड़ा, लघु से लघु, और सर्व शब्द और अर्थ का अधिष्ठान है । हे राम ! ब्रह्मरूपी एक डब्बा है, उसमें जगतरूपी रत्न है । पर्वत और वन सहित भी जगत् देख पड़ता है, परन्तु आत्मा के निकट रुई के रोम सा लघु है । आत्मारूपी वन है, उसमें संसाररूपी मञ्जरी उपजी है । पाँचों तत्त्व-पृथ्वी, अप, तेज, वायु और आकाश उसके पत्ते हैं । उनसे यह शोभित है । यह अहंता के उदय होने से उदय होती है और अहंता का नाश होने से नष्ट होती है । आत्मा एक समुद्र है, उसमें जगतरूपी तरङ्ग हैं । वे उठती भी हैं और लीन भी हो जाती हैं । आत्माकाश में संसार भ्रममात्र है । आकाश वृक्ष की तरह है और आत्मा के प्रमाद से भासित होता है । हे राम ! मायारूपी चन्द्रमा की किरणें यह जगत् है और नेतिशक्ति नृत्य करनेवाली है । ये तीनों अविचार से सिद्ध हैं और विचार करने से शान्त हो जाते हैं । जैसे दीपक हाथ में लेकर देखिये तो अन्धकार नहीं देख पड़ता, वैसे ही विचार करके देखिये तो जगत् का अभाव हो जाता है और केवल शुद्ध आत्मा ही प्रत्यक्ष होता है । हे राम ! यह जगत् कुछ बना नहीं—जैसे किसी ने वरफ कही और किसी ने शीतलता कही तो उसमें भेद नहीं, वैसे ही आत्मा और जगत् में कुछ भेद नहीं । जो भेद भासित होता है, वह भ्रममात्र है । जैसे तागे और पट में कुछ भेद नहीं, वैसे ही आत्मा और जगत् में भी कुछ भेद नहीं है । हे राम ! आत्मारूपी पट में जगत्-रूपी चित्र-पुतलियाँ हैं और आत्मारूपी समुद्र में जगतरूपी तरङ्ग हैं

४६४ ❁ योगवाशिष्ठ ❁

सो पट और जलरूप है, वैसे ही आत्मा और जगत् में कुछ भेद नहीं—आत्मा ही है; आत्मा से भिन्न कुछ नहीं बना । जिससे सब पदार्थ सिद्ध होते हैं, जिससे सब क्रिया सिद्ध होती हैं और जो अनुभवरूप सदा अपौढ़ है, उसको प्रौढ़ जानना ही मूर्खता है । हे राम ! यह विश्व तुम्हारा ही स्वरूप है । तुम जागकर देखो, तुम ही एक हो और स्वच्छ आकाश, सूक्ष्म, प्रत्यक्ष ज्योति अपने रूप में स्थित है ।

इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे परमार्थयोगोपदेशो नाम शताधिकपञ्चपञ्चाशत्तमस्सर्गः ॥ १५५ ॥

वशिष्ठजी बोले, हे राम ! जैसे जल में लहरें और तरंगें उठती हैं, सो जलरूप हैं, वैसे ही आत्मा में रूप, अवलोक और मनस्कार फुरते हैं, सो सब आत्मरूप हैं—भिन्न नहीं । हे राम ! यह शुद्ध परमात्मा का चमत्कार है और आत्मा दृश्य से रहित, शुद्ध, चिन्मात्र निर्मल और अद्वैत है; उसमें जगत् नहीं बना । हमको तो सदा वही भासित होता है—जगत् नहीं भासित होता । जैसे कोई आकाश में नगर की कल्पना करता है उसमें सब रचना देखता है तो वह उसके हृदय में दृढ़ हो जाती है, और संकल्प की सृष्टि को मिथ्या जानता है, उसको शून्याकाश ही भासित होता है, वैसे ही यह विश्व मूर्ख के हृदय में दृढ़ होता है और ज्ञानवान को आत्मरूप ही भासित होता है । जैसे मिट्टी के खिलौने की सेना होती है तो जिसको मिट्टी का ज्ञान है, वह उसमें राग-द्वेष नहीं करता और बालक मिट्टी के ज्ञान से रहित है, इससे वह उसमें राग-द्वेष करता है, वैसे ही ज्ञानवान् इस जगत् में राग-द्वेष नहीं करते, और अज्ञानी राग-द्वेष करते हैं । जैसे खिलौने में सारभूत मृत्तिका होती है, वैसे ही इस जगत् में सारभूत चैतन्य आत्मा है । जो कुछ पदार्थ दिखते हैं, वे आत्मा के विवर्त्त हैं और मिथ्या ही भ्रम से सिद्ध हुए हैं । जो वस्तु मिथ्या हो, उसमें सुख के निमित्त इच्छा करना ही मूर्खता है । हे राम ! हमको तो इच्छा कुछ नहीं; क्योंकि हमको जगत् मृगतृष्णा के जल सा लगता है, किसकी इच्छा करें ? जिसमें सत्य प्रतीति होती है, उसमें इच्छा भी होती है, और जो सत्य

  • निर्वाण प्रकरण * ४६५

ही न लगे तो इच्छा कैसे हो ? हे राम ! इच्छा ही बन्धन है, और इच्छा से रहित होने का नाम मुक्ति है । इससे ज्ञानवान् को कुछ इच्छा नहीं रहती । उसकी चेष्टा अनिश्चित ही होती है । जैसे सूखे बाँस के भीतर बाहर शून्य होता है, और उसको संवेदन कुछ नहीं फुरता, वैसे ही ज्ञानवान् के अन्तर में शान्ति होती है । अन्तर में कोई संकल्प नहीं उठता और बाहर भी कोई उपाधि नहीं । उसकी चेष्टा निःसंकल्प, निरुपाधि होती है । हे राम ! जिस पुरुष के हृदय से संसार का रस सूख गया है, वह संसार समुद्र के पार हो गया । जिसका रस नहीं सूखा, उसको राग-द्वेष फुरते हैं । उसे संसार-बन्धन में पड़ा जानो ।

हे राम ! मैं तुमसे ऐसी समाधि कहता हूँ, जो सुख से प्राप्त हो और जिससे जीव मुक्त हो । सब इच्छाओं से रहित होना ही परमसमाधि है । जिस पुरुष के मन में इच्छा उठती है, उसको उपदेश भी नहीं लगता । जैसे आरसी के ऊपर मोती नहीं ठहरता, वैसे ही उसके हृदय में उपदेश नहीं ठहरता । इच्छा ही जीव को दीन करती है । इच्छा से रहित मनुष्य शान्तरूप होता है । फिर शान्ति के लिए कुछ कर्तव्य नहीं रहता । हे राम ! हम तो इच्छा-रहित हैं, इससे हमारे भीतर-बाहर शान्ति है और हमारे लिए करने योग्य कर्तव्य कुछ नहीं । यह सब चेष्टा प्रारब्ध के अनुसार और राग-द्वेष से रहित होती है । हम बोलते हैं, परन्तु बाँसुरी की तरह जैसे बाँसुरी अहंकार से रहित बोलती है, वैसे ही ज्ञानवान् अहंकार से रहित हैं और स्वाद को ग्रहण करते हैं । जैसे कलछी सब व्यञ्जनों में डाली जाती है और उसी के द्वारा सब व्यञ्जन निकलते हैं, परन्तु उनको उनसे कुछ रागद्वेष नहीं होता । वैसे ही ज्ञानवान् स्वाद लेता है । जैसे पवन भली-बुरी गन्ध को लेता है, परन्तु उसमें राग-द्वेष से रहित है, वैसे ही ज्ञानवान् राग-द्वेष के संवेदन से रहित रहकर गन्ध को लेता है । और इसी प्रकार सब इन्द्रियों की चेष्टा करता है, परन्तु इच्छा से रहित होता है । इसी से परमसुखरूप है । जिसकी चेष्टा इच्छासहित है, वह परमदुःखी है । हे राम ! जिस पुरुष को भोग रस नहीं देते, वही सुखी है, और जिसको रस देते हैं, जिसकी राग से तृष्णा बढ़ती जाती

४६६ ☸ योगवाशिष्ठ ☸

है, उसको ऐसा जानो, जैसे किसी के सिर पर आग लगे और वह उस पर बुझाने के निमित्त तृण डाले, तो वह बुझती नहीं, बल्कि बढ़ती जाती है, वैसे ही विषयों की इच्छा भोगने से तृप्त नहीं होगी। इच्छा ही बन्धन है, और इच्छा की निवृत्त का नाम मोक्ष है। हे राम ! यह संसार विष का वृक्ष है। उसका बीज इच्छा है। जिसकी इच्छा बढ़ती जाती है, उसका संसार बढ़ता जाता है और उसमे वह बारम्बार जन्म पाता है।

हे राम ! ऐसा सुख ब्रह्मा के लोक में भी नहीं, जैसा इच्छा की निवृत्ति में है और ऐसा दुःख नरक में भी नहीं जैसा इच्छा के उपजने में है। इच्छा के नाश का नाम मोक्ष है और इच्छा के उपजने का नाम बन्धन है। जिस पुरुष को इच्छा उत्पन्न होती है, वह दुःख पाता है और संसाररूपी गढ़े और खत्ते में पड़ता है। इच्छा एक विष की बेल है। उसको समतारूपी अग्नि से जलाओ। सम्यक्दर्शन से जलाये बिना वह बड़ा दुःख देगी और बढ़ती जायगी। हे राम ! जिस पुरुष ने इच्छा को दूर करने का उपाय नहीं किया, उसने अन्धे कूप में प्रवेश किया है। शास्त्र का श्रवण और तप, दान, यज्ञ इसी निमित्त है कि किसी प्रकार इच्छा निवृत्त हो। जो एकबारगी निवृत्त न कर सको तो धीरे-धीरे निवृत्त करो। हे राम ! यह विष की बेल बढ़कर दुःख देती है। जो पुरुष शास्त्रों को पढ़ना और इच्छा को बढ़ाता है, वह मानो दीपक हाथ में लेकर कूप में गिरता है। इच्छा एक कँटिआरी का वृक्ष है, जिसमें सर्वदा कण्टक लगे रहते हैं, उसमें कभी सुख नहीं। जैसे कोई पुरुष काँटे की शय्या पर शयन करके सुखी हुआ चाहे तो नहीं होता, वैसे ही संसार से कोई सुख पाया चाहे तो कभी न मिलेगा। जिससे इच्छा निवृत्त हो, वही उपाय करना चाहिए। इच्छा के निवृत्त होने में सुख है और उसके उत्पन्न होने में बड़ा दुःख है। हे राम! जो अनिच्छित पद में स्थित है, उसको यदि एक क्षण भी इच्छा उपजती है तो वह रुदन करता है। जैसे चोर से लुटा गया मनुष्य रुदन करता है, वैसे ही वह रुदन और पश्चात्ताप करता है और उसके नाश का

❊ निर्वाण प्रकरण ❊ ४६७

उपाय करता है। हे राम! इच्छारूपी क्षेत्र में रागद्वेषरूपी विष की बेलि है। जो पुरुष उसे दूर करने का उपाय नहीं करता, वह मनुष्य नहीं, पशु है। यह इच्छारूपी विष का वृक्ष बढ़कर नाश का कारण होता है। इससे तुम इसका नाश करो।

इति श्रीयोगवासिष्ठे निर्वाणप्रकरणे इच्छानिषेधयोगोपदेशो नाम शताधिकषट्पञ्चाशत्तमसर्गः ॥ १५६ ॥

वशिष्ठजी बोले, हे राम! इच्छारूपी विष के नाश का उपाय तुमसे पहले भी कहा है, और अब फिर स्पष्ट करके कहता हूँ। यह संसार इच्छा के त्याग करने के योग्य है। यदि इसे आत्मसत्ता से भिन्न कीजिये तो यह मिथ्या है, उसमें क्या इच्छा करना है? और जो आत्मा की ओर देखिए तो सब आत्मा ही है। तब क्यों इच्छा करना? इच्छा दूसरे में होती है, पर वास्तव में दूसरा तो कुछ है ही नहीं, तो इच्छा किसकी कीजिए? हे राम! द्रष्टा और दृश्य भी मिथ्या है। द्रष्टा इन्द्रियाँ और दृश्य विषय, ग्राहक इन्द्रियाँ और ग्राह्य विषय अविचार सिद्ध हैं, भ्रम से भासित होते हैं। आत्मा में कोई नहीं। जैसे स्वप्न में भ्रम से रूप दिखते हैं, वैसे ही ये ग्राह्य-ग्राहक भ्रम से भासित होते हैं। सुख-दुःख भी इन्हीं से होते हैं, आत्मा में यह कुछ नहीं है। हे राम! द्रष्टा, दर्शन और दृश्य तीनों ब्रह्म में कल्पित हैं। वास्तव में सब ब्रह्म ही है। चिरकाल से हम खोज रहे हैं, परन्तु द्वैत हमको नजर नहीं आता; एक ब्रह्मसत्ता ही ज्यों की त्यों भासित होती है, जो निराभास फुरने से रहित और ज्ञानरूप है। वह आकाश से भी सूक्ष्म है, और सब जगत् भी वही है—वही मैं हूँ। हे राम! जैसे जल में तरङ्ग, आकाश में शून्यता, पवन में स्पन्दन और अग्नि में उष्णता सब वही अनन्यरूप है, वैसे ही आत्मा में जगत् अनन्यरूप है। आत्मा ही विश्व आकार होकर भासित होता है, और कुछ नहीं हुआ। हे राम! जो वही है, तब इच्छा किसकी करते हो। जब मैं तुमसे यह मोक्ष का उपाय कहता हूँ, तब तुम अपने को क्यों बन्धन में डालते हो? बड़ा बन्धन इच्छा ही है। जिस पुरुष की इच्छा बढ़ती जाती है, वह जगत्-

४६८ ❊ योगवाशिष्ठ ❊

रूपी मन का मृग है। उस पशु का संग कभी न करना। मूर्ख का संग बुद्धि का विपर्यय कर डालता है। इससे विपर्ययबुद्धि को त्याग कर आत्मपद में स्थित होओ। विश्व भी सब तुम्हारा अनुभव है। इसका सुख-दुःख विद्यमान भी दीखता है; परन्तु आत्मा में भ्रममात्र भासित है-कुछ है नहीं। विश्व भी आनन्दरूप शिव ही है। तुम विचार करके देखो, दूसरा तो कुछ नहीं है। जैसे मृत्तिका में नाना प्रकार की सेना, हाथी, घोड़ा, आदि होते हैं, परन्तु मृत्तिका से भिन्न कुछ नहीं है, वैसे ही सब विश्व आत्मरूप है, भिन्न नहीं। उसमें कारण-कार्यभाव देखना भी मूर्खता है; क्योंकि जब दूसरी वस्तु ही नहीं, तब कारण-कार्य किसका हो और इच्छा किसकी करते हो? जिस संसार की इच्छा करते हो, वह है ही नहीं। जैसे सूर्य की किरणों में जलाभास होता है और सीपी में रूपा प्रतीत होता है, सो वह कुछ दूसरी वस्तु नहीं है, अधिष्ठान किरण और सीपी है, वैसे ही अधिष्ठान-रूप परमार्थसत्ता ही है। न सुख है, न दुःख, यह जगत् केवल शिवरूप है। उस शिव चिन्मात्र से मृत्तिका की सेना के समान अन्य कुछ नहीं, तब इच्छा कैसे उदय हो ?

राम ने पूछा, हे मुनीश्वर ! जो सब ब्रह्म ही है तो इच्छा-अनिच्छा भी उससे भिन्न न होगी ? इच्छा उदय हो चाहे न हो, फिर आप कैसे कहते हैं कि इच्छा का त्याग करो ? वशिष्ठजी बोले, हे राम ! जिस पुरुष की ज्ञप्ति जागी है अर्थात् जो ज्ञानरूप आत्मा में जागा है, उसको सब ब्रह्म ही है, और इच्छा-अनिच्छा, दोनों तुल्य है। इच्छा भी ब्रह्म है और अनिच्छा भी ब्रह्म है। हे राम ! ज्यों-ज्यों ज्ञानसंवित् होती है, त्यों-त्यों वासना का क्षय होता है। जैसे सूर्य के उदय होने पर रात्रि नष्ट हो जाती है, वैसे ही ज्ञान के उपजने से वासना नहीं रहती। हे राम ! ज्ञानवान् को ग्रहण या त्याग का कुछ कर्तव्य नहीं होता और उसे इच्छा-अनिच्छा तुल्य है। यद्यपि ऐसा ही है। तथापि स्वाभाविक रूप से ही उसे वासना नहीं रहती। जैसे सूर्य के उदय होने पर अन्धकार नहीं रहता, वैसे ही आत्मा का साक्षात्कार होने पर द्वैतवासना नहीं

निर्वाण प्रकरण४६६

रहती। ज्यों-ज्यों ज्ञानकला जागती है, त्यों-त्यों द्वैत का नाश होता जाता है और द्वैत के निवृत्त होने से वासना भी निवृत्त हो जाती है। हे राम! उसको ज्यों-ज्यों स्वरूपानन्द प्राप्त होता है, त्यों-त्यों संसार नीरस होता जाता है और जब संसार नीरस हो गया, तब वह वासना किसकी करे?

हे राम! इसको अमृत में विष की भावना हुई थी, इससे अमृत विष लगता था, पर जब विष की भावना का त्याग हुआ, तब अमृत तो आगे ही था, वही हो जाता है, वैसे ही जो कुछ तुमको भासित होता है, सो सब ब्रह्मरूपी अमृत ही है। जब उस ब्रह्मरूपी अमृत में अज्ञान से जगतरूपी विष की भावना होती है, तब जीव दुःख पाता है, और जब संसार की भावना त्यागी, तब आनन्दरूप ही है। उसको करना, न करना, दोनों तुल्य है। यद्यपि ज्ञानवान् में इच्छा देख पड़ती है तो भी उसके निश्चय में नहीं। उसकी इच्छा भी अनिच्छा ही है, क्योंकि उसके हृदय में संसार की भावना नहीं। तब इच्छा किसकी रहे? हे राम! यह संसार है नहीं, हमको तो आकाशरूप शून्य भासित होता है। जैसे और के मनोराज्य में आने-जाने का खेद नहीं होता, वैसे ही यह जगत् हमको और की चिन्तना सदृश है। जैसे किसी पुरुष ने मनोराज्य से मार्ग में कोई स्थान रचकर उसमें किवाड़ लगाये हों और नाना प्रकार का प्रपञ्च रचा हो तो दूसरे पुरुष को उसमें जाने के लिये कोई नहीं रोकता और न कोई किवाड़ हैं, न कोई पदार्थ है; उसको शून्यूमार्ग का निश्चय होता है, वैसे ही हमको तो सब प्रपञ्च शून्य ही प्रतीत होता है। अज्ञानी के हृदय में हमारी चेष्टा है, पर हमको ब्रह्म से भिन्न कुछ नहीं दीखता। हे राम! जिसको जगत् ही न दिखे, उसको इच्छा किसकी हो? जिसके हृदय में संसार की सत्यता है, उसको इच्छा भी फुरती है और उसके हृदय में रागद्वेष भी उठता है। जिसके हृदय में रागद्वेष उठता हो तो जानिये कि उसके हृदय में संसारसत्ता स्थित है। और जिसको नाना पदार्थसहित संसार सत्य प्रतीत होता हो वह मूर्ख है। वह अज्ञाननिद्रा में सोया हुआ है। जैसे निद्रादोष से कोई स्वप्न में अपना मरण देखता है,

४७७ ☸ योगवाशिष्ठ ☸

वैसे ही जिसको यह जगत् सत्य लगता है, वह निद्रा में सोया हुआ है।

हे राम! मैंने बहुत प्रकार के स्थान देखे हैं, जिनमें रोग और औषध भी नाना प्रकार के हैं, परन्तु इच्छारूपी छुरी के घाव की औषध नहीं देख पड़ी। वह जप, तप, पाठ, यज्ञ, दान और तीर्थ से निवृत्त नहीं होती। और जितने संसार के पदार्थ हैं, उनसे भी इच्छारूपी रोग नष्ट नहीं होता। जब आत्मरूपी औषध की जावे तभी नाश होता है, अन्यथा किसी प्रकार यह रोग नहीं जाता। हे राम! जिस पुरुष को ज्ञान प्राप्त होता है, इसकी इच्छा स्वाभाविक ही निवृत्ति हो जाती है। पर आत्मज्ञान के बिना अनेक यत्नों से भी न जावेगी, जैसे स्वप्न की वासना जागे बिना नहीं जाती और अनेक उपाय करिये तो भी दूर नहीं होती। हे राम! ज्यों-ज्यों वासना क्षीण होती है, त्यों-त्यों सुख की प्राप्ति होती है और ज्यों-ज्यों वासना की अधिकता होती है, त्यों-त्यों दुःख अधिक होते हैं। यह आश्चर्य है कि मिथ्या संसार सत्य भासित होता है। जैसे बालक को वृक्ष में बेताल दिखता है और उससे वह भय पाता है, पर वह है नहीं, वैसे ही मूर्खता से आत्मा में संसार की कल्पना है। उससे जीव दुखी होता है। हे राम! जो कुछ स्थावर-जङ्गम जगत् दिखता है सो सब ब्रह्मरूप है, ब्रह्म से भिन्न नहीं, पर भ्रम से भिन्न-भिन्न प्रतीत होता है। जैसे आकाश में शून्यता, जल में द्रवता और सत्य में सत्यता ही है, वैसे ही आत्मा में जगत् है। वह न सत्य है और न असत्य, आत्मा अनिर्वाच्य है।

हे राम! दूसरा कुछ बना नहीं तो क्या कहिये? केवल ब्रह्मसत्ता अपने आपमें स्थित है। वह सबका अपना वास्तव रूप है। जब उसका साक्षात्कार होता है, तब अहंश्रूप भ्रम मिट जाता है। जैसे सूर्य के उदय होने पर अन्धकार का अभाव हो जाता है, वैसे ही आत्मा का साक्षात्कार होने पर अनात्म अभिमानरूपी अन्धकार का अभाव हो जाता है, और परम निर्वाण होता है। उसको एक और दो भी नहीं कह सकते। वह केवल शान्तरूप परम शिव है। जैसे आकाश में नीलिमा दिखती है, वैसे ही आत्मा में जगत् प्रतीत होता है। हे राम! जिन्होंने ऐसे निश्चय

✽ निर्वाण प्रकरण ✽ ४७१

किया है, उनको इच्छा-अनिच्छा दोनों तुल्य हैं। तो भी मेरा निश्चय यह है कि इच्छा के त्याग में सुख है। जिसकी इच्छा दिन-दिन घटती जाय, और आत्मा की ओर आवे उसको ज्ञानवान् मोक्षभागी कहते हैं; क्योंकि संसार भ्रम से सिद्ध है और अपनी ही कल्पना जगतरूप होकर दिखती है; विचार करने से कुछ नहीं निकलता। संसार के उदय होने से आत्मा को कुछ आनन्द नहीं, और नाश होने से खेद नहीं होता; क्योंकि वह भिन्न नहीं है। जैसे समुद्र में तरङ्ग उपजते और मिटते हैं तो जल को हर्ष या शोक कुछ नहीं होता, क्योंकि वे जल से भिन्न नहीं हैं, वैसे ही सम्पूर्ण जगत् ब्रह्मस्वरूप है। तब इच्छा क्या और अनिच्छा क्या ? हे राम ! आदि परमात्मा से जो चित्तशक्ति उठी है, उसमें जब अहं हुआ, तब स्वरूप का प्रमाद हुआ और यही चित्तशक्ति मनरूप हुई। फिर आगे देह और इन्द्रियाँ हुईं और अज्ञान से मिथ्याभ्रम उदय हुआ। इसी प्रकार जीव अपने साथ मिथ्या शरीर देखता है। जैसे जल दृढ़ जड़ता से बरफ़रूप हो जाता है, वैसे ही चित्संवित् प्रमाद की दृढ़ता से जीव मन, इन्द्रियाँ देहरूप होता है। जैसे कोई स्वप्न में अपना मरना देखता है, वैसे ही जीव शरीर को अपने साथ देखता है। जब चित्तशक्ति नष्ट होती है, तब शरीर कहाँ-और मन कहाँ। यह कुछ नहीं भासित होता ? जैसे स्वप्न में भ्रम से शरीरादिक दिखते हैं, वैसे ही इस जगत् को भी जानो कि मिथ्या भ्रम से उदय है। जब अपने स्वरूप की ओर जीव आवे, तब सभी भ्रम मिट जाते हैं।

हे राम ! जैसे भ्रम से आकाश में नीलापन दिखता है, वैसे ही विश्व भी न होने पर भी भ्रम से भासित होता है। आत्मा में यह कुछ आरम्भ और परिणाम करके नहीं बना, उसी का स्वरूप है। जैसे आकाश और शून्यता तथा पवन और स्पन्दन में कुछ भेद नहीं, वैसे ही आत्मा और जगत् में भेद नहीं है। जैसे स्वप्न की सृष्टि अनुभव-रूप है—कुछ भिन्न नहीं, वैसे ही जगत् और आत्मा अनुभव से कुछ भिन्न नहीं है। हे राम ! चैतन्य आकाश परम शान्तरूप है। उसमें देह और इन्द्रियाँ भ्रम से प्रतीत होती हैं। क्रिया, काल, पदार्थ सब

४७२ ❊ योगवाशिष्ठ ❊

भ्रममात्र है । जब आत्मस्वरूप में जागकर देखोगे, तब द्वैतभ्रम निवृत्त हो जावेगा और केवल अद्वैत आत्मा ही प्रतीत होगा, दृश्य का अभाव हो जावेगा । ये पृथ्वी आदिक जो तत्त्व भासित होते हैं, सो अविद्यमान हैं और इनकी प्रतिभात होना मिथ्या उदय हुआ है । जैसे स्वप्न में न होने पर भी पृथ्वी आदिक तत्त्व प्रतीत होते हैं, परन्तु हैं नहीं, वैसे ही आत्मा में यह जगत् भासित होता है । हे राम ! पृथ्वी, दीवार, कोट, पर्वत आदि प्रपञ्च आकाशरूप हैं । तब ग्रहण या त्याग किस का हो ? आकाशरूपी दीवार पर संकल्प ने चित्त रचे हैं, और रङ्ग चेतना का चढ़ा है । इससे विश्व संकल्पमात्र है । जैसा-जैसा निश्चय होता है, वैसी ही वैसी सृष्टि प्रतीत होती है । यदि कुछ बना होता तो और का और न प्रतीत होता । इससे कुछ बना नहीं, जैसा संकल्प होता है, वैसा ही रूप आगे हो भासित होता है ।

हे राम ! सिद्धों के पास एक चूर्ण होता है । उससे वे जो चाहते हैं, सो करते हैं । पर्वत को आकाश और आकाश को पर्वत बना देते हैं । वह चूर्ण मैं तुमसे कहता हूँ । जब चित्तरूपी सिद्ध संकल्परूपी चूर्ण से स्फुरता है, तब आत्मरूपी आकाश में पर्वत हो भासित होते हैं । और जब चित्तरूपी सिद्ध का संकल्प उलटता है, तब पर्वत भी आकाशरूप भासित होता है । जैसे स्वप्न में संकल्प उठता है, तब अनुभव में पर्वत आदिक पदार्थ भासित होते हैं, और जब संकल्प से जागता है, तब स्वप्न के पर्वत आकाशरूप हो जाते हैं । तो आकाश ही पर्वतरूप हुआ और पर्वत ही आकाशरूप होता है । वैसे ही हे राम ! यह सृष्टि कुछ बनी नहीं, संकल्पमात्र है । जैसा संकल्प होता है, वैसा ही भासित होता है । जब विश्व के अत्यन्त अभाव का संकल्प किया, तब वैसा ही प्रतीत होता है । जैसे विश्व का अभ्यास किया है और विश्व भासित हुआ है, वैसे ही आत्मा का अभ्यास कीजिये तो क्यों न भासित हो ? वह तो अपना ही स्वरूप है । जब आत्मा का अभ्यास कीजियेगा, तब आत्मा ही भासित होगा, विश्व का अभाव हो जावेगा । अपने-अपने संकल्प से आकाश में अनेक सृष्टि भासित होती हैं । जैसा

❊ निर्वाण प्रकरण ❊ ४७३

किसी का संकल्प होता है, वैसी ही सृष्टि उसको देख पड़ती है । जैसे चिन्तामणि और कल्पवृक्ष में दृढ़ संकल्प होता है तो उनसे यथेच्छित पदार्थ निकल आते हैं, पर वे कुछ बने नहीं, और चिन्तामणि भी परिणाम को प्राप्त नहीं हुई, ज्यों की त्यों पड़ी है, केवल संकल्प की दृढ़ता से वे पदार्थ भासित होते हैं, वैसे ही यह प्रपञ्च भी आकाश-रूप है । जैसे आकाश में शून्यता है, वैसे ही आत्मा में जगत् है ।

हे राम ! सिद्ध के जो वचन स्फुरते हैं, वही संकल्प की तीव्रता होती है । जो चित्त शुद्ध होता है तो दूसरी सृष्टि को भी जानता है । जो पुरुष वचन सिद्ध होने के निमित्त वासना को सूक्ष्म करता है, अर्थात् रोकता है तो उससे वचन सिद्ध पाता है, और जैसा संकल्प करता है, वैसा ही सिद्ध होता है । हे राम ! जितना यह दृश्य की ओर से उपरत होकर अन्तर्मुख होता है, उतने ही वचन सिद्ध होते जाते हैं—चाहे वर दे, चाहे शाप दे, वह पूरा होता है । हे राम ! एक प्रमाण ज्ञान है कि यह पदार्थ इस प्रकार है । उसका जो नामरूप है, वह सब आकाश-रूप भ्रममात्र है—आत्मा में और कुछ नहीं । आत्मरूपी समुद्र में जगत्-रूपी तरङ्ग उठते हैं । वे आत्मरूप ही हैं । जिनको ऐसा ज्ञान हुआ है, उनको इच्छा और अनिच्छा का ज्ञान नहीं रहता और सब आकाश-रूप भासित होता है । हे राम ! आत्मरूपी फूल में यह जगत् सुगन्ध रूप है । जैसे पवन और स्पन्दन में भेद नहीं, वैसे ही आत्मा और जगत् में भेद नहीं है । पत्थर पर लकीर खींचिये तो वह पत्थर से भिन्न नहीं होती, वैसे ही ब्रह्म से जगत् भिन्न नहीं है । हे राम ! देश, काल, पृथ्वी, आदिक तत्त्व और मैं, मेरा सब आत्मरूप और अविनाशी है । जिनको ऐसा निश्चय हुआ है, उनको रागद्वेष नहीं रहता । उन्हें सब आत्मरूप ही प्रतीत होता है ।

इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे जगदुपदेशो नाम शताधिकसप्तपञ्चाशत्तमस्सर्गः ॥ १५७ ॥

वशिष्ठजी बोले, हे राम ! शुद्ध आत्मतत्त्व में जो संवेदन हुआ है, उससे आगे जगत् भासित हुआ है । जैसे किसी के नेत्र में एक अञ्जन

४७४

✵ योगवाशिष्ट ✵

डालकर आकाश में पर्वत उड़ते दिखाते हैं, वैसे ही अस्तित्वहीन जगत संकल्प के स्फुरण से भासित होता है। हे राम! ब्रह्मसर्ग और चित्तसर्ग में कुछ भेद नहीं। परमार्थ दृष्टि से दोनों एक ही हैं। दृष्टि, सृष्टि पर्याय हैं, और नानात्व भी इसकी भावना से भासित होते हैं। आत्मा में दूसरा कुछ नहीं बना। चित्त और चैत्य आत्मा से भिन्न नहीं। चित्त ही चैत्य होकर भासित होता है। ज्ञान से इनकी एकता होती है—इसी से दृश्य भी द्रष्टारूप है, जैसे स्वप्न में शुद्ध संवित् ही दृश्यरूप होकर स्थित होती है, और जागने से एक हो जाती है। एकता भी तब होती है, जब वही रूप हो। इससे तुम अब भी वही जानो। दृश्य, दर्शन और द्रष्टा की त्रिपुटी भी सब वही रूप है। हे राम! जो सजाति है उसकी एकता होती है, विजाति की एकता नहीं होती। जैसे जल में जल की एकता होती है, वैसे ही बोध से सब की एकता होती है। दृश्य भी वही रूप है, जिससे एकता हो जाती है। जो दृश्य आत्मा से भिन्न होता तो एकता न होती। हे राम! आकाश आदिक तत्त्व भी आत्मरूप हैं। जिससे ये सब हैं, जो यह सब है और जो सर्वव्यापी सर्वगत सबको धारण कर रहा है, सब वही है। ऐसे सर्वात्मा को मेरा नमस्कार है। जो भासित होता है, सब वही है। जैसे जल में गलाने की शक्ति है और काष्ठ में नहीं वैसे ही ब्रह्म में भावना स्वभाव है, और में नहीं। ब्रह्मभावना से सब ब्रह्म ही भासित होता है।

हे राम! जड़ पदार्थ भी भ्रम ही हैं; क्योंकि जो दिखता है, वह ब्रह्म ही है; जड़ हो तो दिखे नहीं। जड़ चेतना शुद्ध संवित् में है, उसमें चेतन से भिन्न कुछ नहीं है। जैसे शुद्ध संवित् में स्वप्न आता है और उसमें जड़ और चेतन भी दिखते हैं, परन्तु जो जड़ दिखते हैं, वे भी उस संवित् में चेतन हैं; क्योंकि चेतन हैं, तब दिखते हैं। जिनको शुद्ध संवित् में अहं प्रत्यय नहीं, वह अज्ञानी है जान नहीं सकता। परन्तु सब ब्रह्म है। जैसे समुद्र में जो जल होता है, वह ऊँचे आवे तो भी जल है और नीचे को जावे तो भी जल है, वैसे ही जो कुछ दीखता या भासित होता है, सो सब ब्रह्मस्वरूप है, भिन्न नहीं। वह ब्रह्म इन्द्रियों का भी

✻ निर्वाण प्रकरण ✻

४७५

आत्मा है। पृथ्वी आदिक तत्त्व जो प्रकट हुए हैं, उनमें प्रथम आकाश है, फिर वायु, फिर अग्नि, फिर जल और फिर पृथ्वी प्रकट हुई है। ये सब अनिच्छित चमत्कार प्रकट हुए हैं—इससे सब आत्मरूप हैं। जैसे वट-बीज में वृक्ष होता है वैसे ही आत्मरूपी बीज में जगत् होता है और नाना प्रकार भासित होते हैं। हे राम ! जैसे एक बीज ही नाना प्रकार के रूप रखता है, परन्तु बीज से भिन्न कुछ नहीं, वैसे ही आत्मसत्ता नाना प्रकार से भासित होती है, परन्तु बीज की तरह परिणामी नहीं है। विश्व आत्मा का चमत्कार है, इससे उसी का रूप है। जैसे सुवर्ण में अनेक आभूषण होते हैं, सो वे सुवर्ण भिन्न नहीं होते वैसे ही विश्व आत्मस्वरूप है, द्वैत नहीं। जो आत्मा से इतर हो तो भासित न हो; इससे जो भासित होता है, वह चैतन्यरूप है। दृश्य और द्रष्टा एक ही रूप है; द्रष्टा ही दृश्य की तरह होकर भासित होता है।

हे राम ! जैसे कोई पुरुष तुम्हारे निकट सोया हो और उसको स्वप्न आवे कि मेघ गर्जते हैं और नाना प्रकार की चेष्टा होती है तो वह सब उसी को दिखता है, तुमको नहीं दिखता, वैसे ही यह दृश्य तुम्हारी भावना में स्थित है और हमको आकाशरूप है। हे राम ! चैतन्य आकाश शान्त-रूप है; उसमें सृष्टि नहीं बनी और जब कुछ उपजा नहीं तो नष्ट भी नहीं होता। वह केवल शान्तरूप है, पर भ्रम से जगत् दिखता है। कोई जैसे बालक मनोराज्य से आकाश में पुतलियाँ रचे तो आकाश में कुछ नहीं बना, परन्तु उसके संकल्प में है, वैसे ही यह विश्व मनरूपी बालक ने रचा है। उसके रचे हुए में ज्ञानवान् को शून्यता भासित होती है। हे राम ! संकल्पमात्र से ही सृष्टि हुई है। जब इसका संकल्प नष्ट होता है, तब शान्तपद शेष रहता है। निरहंकार सत्तामात्र असत् की तरह स्थित है। फिर उस चिन्मात्र अद्वैत में अहन्ता करके जगत् भासित होता है। जब अहं भाव उठता है, तब जगत् भासित होता है, और जब स्वरूप का साक्षात्कार होता है, तब अहन्तारूप भ्रम मिट जाता है, जब अहन्ता-रूप भ्रम मिट जाता है, तब जगत् और इच्छा का भी अभाव हो जाता है। इससे ज्ञानी को इच्छा और वासना कोई नहीं रहती। जब परिच्छिन्न

४७६ ☸ योगवाशिष्ट ☸

रूप अहन्ता नष्ट होता है, तब जीव उस पद को प्राप्त होता है, जिसमें अणिमा आदिक सिद्धियाँ भी सूखे तृण की तरह तुच्छ लगती हैं। वह ऐसा आनन्दरूप है जिसमें ब्रह्मादिक का सुख भी तृण समान लगता है। हे राम ! जिसको ऐसा ब्रह्मानन्द पद प्राप्त हुआ है, उसको फिर किसी की इच्छा नहीं रहती। मारनेवाले विष आदिक पदार्थ उसको मृतक नहीं करते और जिलानेवाले पदार्थ अमृत आदिक नहीं जिलाते, केवल निर्वाणपद में उसकी स्थिति है।

हे राम ! जिस पुरुष को संपूर्ण संसार से वैराग्य हुआ है, उसको संसार के पदार्थ सुखदायक नहीं लगते, मिथ्या जान पड़ते हैं। वह संसारसमुद्र के पार हो गया है। जिनकी संसार की वासना और अहंता नष्ट हुई है, उनकी मूर्ति देखने भर को भासित होती है। वे वासनाहीन ज्ञानवान् शान्तरूप हैं। हे राम ! इच्छा ही बन्धन है। जब इच्छा का अभाव हो, तब आनन्द हो। इच्छा भी तब उठती है, जब जीव संसार का सत्य जानता है और संसार की सत्यता अहंता से प्रतीत होती है। जब अहंतारूपी बीज नष्ट हो, तब निर्वाणपद की प्राप्ति हो। हे राम ! संसार कुछ बना नहीं, भ्रम से सिद्ध हुआ है। सब ही ब्रह्म है; उस परमात्मा में जो परिच्छिन्न अहंता उत्पन्न हुई, वही उपाधि है। हे राम ! बुद्धि आदि जितने दृश्य हैं, ये जिसको अपने में स्वाद नहीं देते और जो आकाश की तरह निसंग रहता है, उसको सन्त मुक्तरूप कहते हैं। हे राम ! यह अहंता अविचार से उपजती है और विचार करने में असत्य हो जाती है। वास्तव में अहंता दुःख देती है; इससे तुम निरहंकार होकर चेष्टा करो। जैसे यन्त्र की पुतली अहं अभिमान से रहित चेष्टा करती है, वैसे ही तुम निरहंकार होकर चेष्टा करो और अपने स्वरूप में स्थित होओ, तब व्यवहार और अव्यवहार तुमको तुल्य हो जावेगा। जैसे पवन को स्पन्दन-निःस्पन्द, दोनों तुल्य होते हैं, वैसे ही तुमको तुल्य हो जावेगा और अहंकार से रहित तुम्हारी चेष्टा होगी। अहंता ही दुःख है; जब अहंता का नाश होगा, तब तुम शान्त, निर्मल और अनामय पद को प्राप्त होगे, जो सब पदार्थों का अधिष्ठान है और सबका अपना

❊ निर्वाण प्रकरण ❊ ४७७

रूप है । उसमें न कोई सुख है, न दुःख है न कोई इन्द्रियों का विषय है, वह परमशान्तरूप है ।

इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे परमनिर्वाणयोगोपदेशो नाम शताधिकाष्टपञ्चाशत्तमस्सर्गः ॥ १५८ ॥

वशिष्ठजी बोले, हे राम ! जो ज्ञानवान् पुरुष है, वह निरावरण अर्थात् दोनों आवरणों से रहित है । एक असत्त्वापादक आवरण है और दूसरा अभानापादक आवरण । जब आत्मब्रह्म की सत्यता हृदय में न भासित हो वह असत्त्वापादक है, और जब आत्मा की सत्यता हृदय में भासित हो; परन्तु दृढ़ प्रत्यक्ष न भासित हो, वह अभानापादकआवरण है । असत्त्वापादक आवरण अज्ञानी को होता है और अभानापादक आवरणजिज्ञासु को । पर ज्ञानवान् को ये दोनों आवरण नहीं रहते । इस से वह निरावरण, शान्तरूप आकाशवत् निर्मल और निरालम्ब होता है । किसी गुणत्व के आश्रित नहीं होता । उसका एक-द्वैत भ्रम नष्ट हो जाता है क्योंकि उसने आत्मरूपी तीर्थ में स्नान किया है, जो अपवित्र को भी पवित्र कर देता है । जिस पुरुष ने शरीर में आत्मा का दर्शन किया है, उसका शरीर भी पवित्र हो जाता है । ऐसे पुरुष को शरीर की सत्यता नहीं रहती और संसार भी नहीं रहता । आत्मा का साक्षात्कार होने से सब इच्छाएँ नष्ट हो जाती हैं, और सब ब्रह्म ही देख पड़ता है, द्वैत कुछ नहीं रहता । सब आत्मस्वरूप है, पर उसमें संकल्प से नाना प्रकार की सृष्टि भासित होती है ।

हे राम ! तुम संकल्प की ओर मत जाओ; क्योंकि चित्त की वृत्ति क्षण-क्षण में बदलती है और अनन्त योजनपर्यन्त चली जाती है । जो उसका अनुभव करनेवाली सत्ता मध्य में है और जिसके आश्रय मे वह जाती है, वह चिन्मात्र तुम्हारा स्वरूप है । जब तुम उसमें स्थित होकर देखोगे तब अहं या इच्छा फुरने में भी ब्रह्मसत्ता भासित होगी । हे राम ! यह संवित् सदा प्रकाशरूप, चित्त के क्षोभ से रहित और द्वैत-रूप विकार से रहित शुद्ध है । जितने प्रकाश हैं, उनके विरोधी भी हैं । जैसे दीपक का विरोधी पवन है, जो निर्वाण करता है । सूर्य का