भारतकोश
संग्रह पर लौटें

अभिज्ञानशाकुन्तलम् (सन्दर्भदीपिका टीका व हिन्दी अनुवाद सहित)

Abhijnanashakuntalam of Kalidasa Hindi

महाकवि कालिदास द्वारा

स्रोत: Abhijnanashakuntalam with Sandarbhadipika Tika & Hindi Translation (उद्गम)

DevanagariHindipublished262 पृष्ठ

50 चन्द्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

हुए “अथवा” निपात का जो प्रयोग किया है उसका स्वारस्य समझ लेने से ऐसे संक्षेपों को पहचाना जाता है। एवमेव, बंगाली वाचना का जो पाठ लम्बा होते हुए भी मौलिकता के नजदीक है। उसमें भी कुत्रचित् प्रक्षेप होने के कारण वह भी मौलिकता से दूर हटता जा रहा है। ऐसी स्थिति में, “अपि च” जैसे निपातों के प्रयोग का स्वारस्य ढूँढने से / सोचने से ऐसे प्रक्षेपों की पहचान की जा सकती है।

2-1-1 बंगाली पाठानुसारी द्वितीयाङ्क के एक प्रासंगिक एवं बहुत सुन्दर श्लोक का संक्षेप देवनागरी में किया गया है: राजा के साथ आया विदूषक मृगयाविहार से सन्त्रस्त है और घर वापस जाने के लिए बड़ा उत्सुक है। उसे शकुन्तला विषयक बातचीत में कोई दिलचस्पी नहीं है। अतः वह राजा की प्रेमाविष्ट दशा पर रोक लगाना चाहता है। वह राजा को कहता है कि-चूँकि वह (शकुन्तला) एक तपस्वी की (अर्थात् ब्राह्मण की) कन्या है, इस लिए आपके लिए तो अभ्यर्थनीय नहीं हो सकती है। तो फिर उसे देखने से क्या फायदा? अब उसके प्रत्युत्तर में राजा ने जो कहा है वह बहुत सतर्क है एवं नायक की सौन्दर्यनिष्ठ दृष्टि का परिचायक है। इस प्रसंग से सम्बद्ध बंगाली वाचना का पाठ निम्नोक्त है:

विदूषकः- (स्वगतम्) भोदु। ण से पसरं वड्डाइस्सं। (प्रकाशम्) भो जदो सा तावस-कण्णआ अणब्भत्थणीआ, तदो ताए किं दिट्ठाए। (भवतु, नास्य प्रसरं वर्धयिष्यामि। भोः यतः सा तापसकन्यका अनभ्यर्थनीया, ततः तया किं दृष्ट्या।)

राजा- मूर्ख, निराकृतनिमेषाभिर्नेत्रपङ्क्तिभिरुन्मुखः । नवामिन्दुकलां लोकः केन भावेन पश्यति।। 2-8

न च परिहार्ये वस्तुनि दुःषन्तस्य मनः प्रवर्तते। विदूषकः- ता कधेहि। (तत्कथय।) राजा- ललिताप्सरोभवं किल मुनेरपत्यं तदुज्झिताधिगतम्। अर्कस्योपरि शिथिलं च्युतमिव नवमालिकाकुसुमम्।। 2-9

यहाँ राजा ने शकुन्तला तापसकन्या होने से अभ्यर्थनीय न हो तो भी, वह सौन्दर्यशालिनी होने से भी द्रष्टव्य तो है ही उसका बहुत प्रतीतिकर तर्क श्लोक 2-8 में प्रस्तुत किया है। नवीन इन्दुकला भी कदापि प्राप्य नहीं होती है, फिर भी संसार के सभी लोग उसे अति स्पृहणीय समझ कर ही निरन्तर देखते रहते हैं। उसी तरह से शकुन्तला भी तापसकन्या होने

अभिज्ञानशकुन्तलम्प्रस्तावना51

के कारण यदि अभ्यर्थनीय न हो तो भी निश्चित रूप से द्रष्टव्य तो है ही। दुष्यन्त ने एक दृष्टान्त के माध्यम से सिद्ध कर दिया कि सौन्दर्यशालिनी होने मात्र से स्पृहणीय एवं अभ्यर्थनीय है। किन्तु दृष्टान्त में इन्दुकला रूप एक चीज ऐसी है जिसकी स्पृहा करना सब के लिये मान्य है, लेकिन दार्ष्टान्तिक के रूप में रही शकुन्तला तो ऐसी कोई चीज नहीं है कि जिसकी स्पृहा कोई भी कर सकता है। शकुन्तला जैसी मनुलता को प्राप्त करने के लिये धर्म की अनुज्ञा भी होनी अनिवार्य है। इस लिए राजा ने “ललिताप्सरसंभवम्०” इत्यादि शब्दों से वह शकुन्तला दुष्यन्त जैसे क्षत्रिय से विवाह के योग्य भी है यह स्पष्ट किया है।। अर्थात् बंगाली वाचना का पूरा पाठ्यांश शकुन्तला की अभ्यर्थनीयता को उभयथा सिद्ध करता है, अतः मौलिक प्रतीत होता है। लेकिन देवनागरी (और दाक्षिणात्य) पाण्डुलिपियों की परम्परा में” निराकृतनिमेषाभिः०” (श्लोक-8) हटाया गया है। तथा इस प्रसंग के पाठ्यांश का नवीन संस्कार करके इस तरह से अवतारित किया गया हैः

(राघवभट्टानुसारी देवनागरी पाठ)

विदूषकः- (स्वगतम्) होदु, से अवसरं ण दइस्सं। (प्रकाशम्) भो वअस्स, ते तावसकण्णआ अब्भत्थणीआ दीसदि। (भवतु, अस्यावसरं न दास्ये। भो वयस्य, ते तापसकन्याभ्यर्थनीया³² दृश्यते।)

राजा- सखे, न परिहार्ये वस्तुनि पौरवाणां मनः प्रवर्तते।
सुरयुवतिसंभवं³³ किल मुनेरपत्यं तदुज्झिताधिगतम्।
अर्कस्योपरि शिथिलं च्युतमिव नवमालिकाकुसुमम्।। (2-8)

यहाँ पर निराकृतनिमेषाभिः० वाला श्लोक हटा कर, मूल पाठ का संक्षेपीकरण किया गया है। किन्तु ऐसा पाठ बनाने से राजा ने विदूषक को शकुन्तला की जो अभ्यर्थनीयता सिद्ध करने के लिए कहा है, वह अपर्याप्त दिखता है। क्योंकि दर्शकों को याद होगा कि राजा ने पहले विदूषक को ऐसा कहा था कि यदि तुम ने शकुन्तला को नहीं देखा है तो तुम्हें आँखें होने का कोई फल मिला ही नहीं है। अर्थात् “आश्रमललामभूता” शकुन्तला तो एक नवीन इन्दुकला समान है। जो न केवल विदूषक को, लेकिन सब को अवश्य देखनी चाहिए। अतः राजा के मूल प्रस्ताव को याद किया जायेगा तो देवनागरी पाठ की अपूर्णता साफ दिखायी देगी।


  1. बंगाली पाठ में “अनभ्यर्थनीया” शब्द था, उसके स्थान पर देवनागरी में “अभ्यर्थनीया” ऐसा पाठभेद किया गया है।
  2. बंगाली पाठ में “ललिताप्सरसंभवम्” शब्द के द्वारा ललित अप्सरा (मेनका) में पैदा हुई मुनि (विश्वामित्र) की पुत्री के रूप में शकुन्तला की पहचान दी गयी है। लेकिन देवनागरी में “सुरयुवतिसंभवम्” शब्द के द्वारा देवों की वाराङ्गना (मेनका) में पैदा हुई-ऐसा कहा जाता है, जिसमें सुरुचि का भङ्ग हो रहा है। इससे भी देवनागरी पाठ विकृति का परिणाम है ऐसा सिद्ध होता है।

52 चन्द्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

3-1-0 अभिज्ञानशाकुन्तल की विभिन्न वाचनाओं में तृतीयांक का पाठ ही सब से अधिक विवादास्पद है। लघुपाठ परम्परा में, अर्थात् देवनागरी एवं दाक्षिणात्य वाचना के पाठ में तीसरे अङ्क का कलेवर 21 से 23 या 24 श्लोक पर्यन्त सीमित है। बृहत्पाठ परम्परा में, अर्थात् बंगाली वाचना के पाठ में तीसरे अङ्क का कलेवर 40 से 41 श्लोक पर्यन्त सुविकसित स्वरूप वाला है। अतः यह गवेषणीय बनता है कि कालिदास-प्रणीत मूल पाठ में सूत्रधारों के द्वारा कुछ नये श्लोकों का प्रक्षेप किया गया होगा, या मूलतः पाठ प्रलम्ब ही था और अज्ञात सूत्रधारों ने मंचन के दौरान उसमें संक्षेप करके लघुपाठ बनाया है, जो देवनागरी पाण्डुलिपियों में संचरित हुआ है?

यद्यपि डॉ० दिलीपकुमार काञ्जीलाल ने बंगाली वाचना का पाठ ही प्राचीनतर (10वीं शती का) है ऐसा सिद्ध किया है और इसी कारण से वही पाठ अधिक श्रद्धेय मानना उपयुक्त समझा है,³⁴ किन्तु पाण्डुलिपियों में संचरित हुआ कोई भी पाठ अन्यान्य प्रमाणों से प्राचीनतर सिद्ध होने मात्र से उसको ही सब से अधिक श्रद्धेय मान लेना सर्वथा उचित नहीं है। बंगाली वाचना के समीक्षित पाठ में भी, उच्चतर समीक्षा करने से अनेक प्रक्षेप मिल सकते हैं और कुत्रचित् उसमें संक्षेप भी दिखते हैं जिसकी चर्चा निम्नोक्त पृष्ठों में की जाती है।

3-1-1 तृतीयाङ्क के बंगाली वाचनानुसारी पाठ में जो जो प्रक्षेप हैं इनका क्रमशः निरूपण किया जाता है: अङ्क के आरम्भ में दुष्यन्त का प्रवेश होता है। नायक मदनावस्था में है ऐसा कहा गया है, इस स्थिति में वह कुल मिला कर नव श्लोकों से भरा संवाद प्रस्तुत करता है। इनमें से दो श्लोक प्रक्षिप्त हैं ऐसा कृति के आन्तरिक प्रमाणों से सिद्ध होता है। जैसे-

दुष्यन्तः- भगवन् मन्मथ, कुतस्ते कुसुमायुधस्य सतस्तैक्ष्ण्यमेतत्। (स्मृत्वा) आं ज्ञातम्।

अद्यापि नूनं हरकोपवह्निस्त्वयि ज्वलत्यौर्व इवाम्बुराशौ।
त्वमन्यथा मन्मथ मद्विधानां भस्मावशेषः कथमेवमुष्णः।। (3-3)

इस श्लोक में शङ्कर के कोप से मन्मथ (कामदेव) भस्मावशेष हुआ था ऐसा कुमारसम्भवोक्त सन्दर्भ अनुस्यूत है। अतः यह श्लोक कालिदास-प्रणीत होने की सम्भावना दिखती है। किन्तु इसी अङ्क में हम जैसे जैसे आगे बढ़ते हैं तो इसी तरह का एक दूसरा श्लोक भी दृष्टिगोचर होता है:


  1. One must not think in terms of what is truly Kalidasian or non-Kalidasian, but what the anthologists, poeticists, & literature of India cite from the text of Kalidasa. If evidences testify to the existence of the alleged enlarged version before the 10th century, it would be proper for us to in the 20th cent. to accept the same as more authentic than any interpretative reconstruction. D.K. Kanjilal, Introductory chapter 3, page 132.

अभिज्ञानशकुन्तलम् प्रस्तावना 53

दुःषन्तः–(शकुन्तलाया हस्तमादाय) अहो स्पर्शः।
हरकोपाग्निदग्धस्य दैवेनामृतवर्षिणा।
प्ररोहः संभृतो भूयः किंस्वित् कामतरोरयम्।। (3-34)

शकुन्तला–(स्पर्शं रूपयित्वा) तुवरदु, तुवरदु अज्जउत्तो।।
इन दोनों श्लोकों में “हरकोपवह्निः” एवं “हरकोपाग्निः” शब्दों में स्पष्ट पुनरुक्ति है। अतः दोनों में से कोई एक प्रक्षिप्त होगा ही। तीसरे अङ्क के मध्य भाग में आये हुए 3-34 श्लोक का सन्दर्भ यदि देखा जाय तो दुष्यन्त ने शकुन्तला का हाथ अपने हाथों में लिया है और वह शकुन्तला को (कङ्कण के रूप में) मृणालतन्तु का वलय पहनाने जा रहा है। तब शकुन्तला के हाथ का रोमांचकारी प्रथम स्पर्शानुभव करता हुआ 34 वाँ श्लोक बोलता है। उसको लगता है कि हरकोपाग्नि से भस्मीभूत हुए कामतरु का मानों एक प्ररोह (अङ्कुर) ही शकुन्तला के हाथ के रूप में प्रस्फुटित हुआ है। यह श्लोक इस प्रसंग में सर्वथा सुसंगत है। लेकिन जो 3-3 श्लोक है वह भले ही मदनावस्था में प्रविष्ट हो रहे नायक के मुख में रखा गया है इस लिए प्रथम दृष्टि में उचित लगता हो, फिर भी इसी श्लोक के नीचे श्लोक 4 के वर्णन को देखते हैं तब उसी विचार की पुनरुक्ति सुनायी जा रही है। अर्थात् श्लोक 3-3 के हरकोपवह्नि शब्दों की पुनरुक्ति 3-34 में हो रही है, तथा कामदेव को कोसने की प्रवृत्ति 3-3 से करने के बाद 3-4 में भी पुनरावृत्त की जा रही है। अतः 3-3 का प्रक्षिप्त होना सिद्ध हो जाता है। यहाँ किसी के मन में ऐसा प्रश्न उठ सकता है कि 3-3 में प्रस्तुत हुए विचार की यदि 3-4 में पुनरावृत्ति होती है, तो क्यों 3-4 को ही प्रक्षिप्त न मान लिया जाय? इस शङ्का का समाधान यह है कि श्लोक 3-4 को जो 3-5 के साथ “अथवा” निपात से बाँधा गया है, वह एकदम उचित है। 3-4 में नायक अपनी मदनावस्था के उपलक्ष्य में चन्द्रमा और कामदेव को एक साथ में उलाहना देता है कि तुम दोनों का शीतरश्मित्व और कुसुमशरत्व होना बेकार है। क्योंकि चन्द्रमा शीतकिरणों से भी अग्नि-वमन कर रहा है, और कामदेव कुसुमबाणों को वज्र बना रहे हैं। किन्तु इतना कहने के बाद नायक को तुरन्त अपने कहने में दोष भी प्रतीत होता है। चन्द्रमा की किरणों से एवं कामदेव के बाणों से मिलनेवाला कष्ट तो वाञ्छनीय है, यदि वह कष्ट मदिरायतनयना शकुन्तला को लेकर मिल रहा हो तो। कवि कालिदास की यह शैली रही है कि वे एक विचार की प्रस्तुति करने के बाद, उस उक्ति में रहे वाग्दोष को दूर करने के लिए, पक्षान्तर में रहे अदोष, एवं यथार्थ विचार की प्रस्तुति करने लिए “अथवा” निपात का प्रयोग करते हैं। मतलब कि 3-4 और 3-5 के बीच में जो “अथवा” निपात का उपयोग हुआ है वह श्लोक 3-4 की मौलिकता को सिद्ध करता है। अतः 3-3 को ही प्रक्षिप्त कहना उचित होगा।
यहाँ कहने का तात्पर्य यही है कि तृतीयांक के आरम्भ में नायक के मुख में रखे गये उपर्युक्त इन तीन श्लोकों को, जो “अपि च” एवं “अथवा” निपातों से बाँधे गये हैं, उनकी

54 चन्द्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

विचारसातत्य तथा पुनरुक्ति आदि के मानदण्ड से परीक्षा की जाय तो 3-3 का प्रक्षिप्त होना दिखायी दे रहा है। एक सिद्धान्त के रूप में कहा जाय तो बंगाली वाचना में “अपि च” का प्रयोग प्रक्षेप का प्रसव-स्थान हो सकता है, और “अथवा” का प्रयोग होने पर वह देवनागरी वाचना के पाठ में संक्षेप करने का अनुकूल स्थान बन गया है। राघवभट्ट के द्वारा मान्य किये गये पाठ में “अद्यापि नूनं हरकोपवह्निः०” (3-3) श्लोक नहीं दिया गया है। तथा “अनिशमपि मकरकेतुर्मनसो०” (3-5) श्लोक को भी हटाया गया है³⁵।।

3-1-2 बंगाली पाठ के तृतीयाङ्क में श्लोक-7 भी प्रक्षिप्त सिद्ध होता है। जैसे कि-दुःषन्त मदनावस्था में शकुन्तला के पास पहुँचने के लिए उसे ढूँढता है और अनुमान लगाता है कि इस बालपादपों वाली वीथी से गुजरकर वह सुतनु अभी अभी गयी होगी। वह कैसे? तो

संमीलन्ति न तावद् बन्धनकोशास्तयावचितपुष्पाः।
क्षीरस्निग्धाश्चामी दृश्यन्ते किसलयच्छेदाः।।
3-7

इस श्लोक में कहा गया है कि-शकुन्तला ने जिस पौधे से पुष्पचयन किया है उसके बन्धनकोश अभी बंद नहीं हुए हैं। तथा किसलय के छेदों में से अभी भी दूध निकलने से वे स्निग्ध दिख रहे है। इससे नायक को लगता है कि शकुन्तला थोड़ी देर पहले ही यहाँ से गयी है। लेकिन यह श्लोक आन्तरिक सम्भावना की दृष्टि से देखा जायेगा तो मौलिक नहीं है क्योंकि कवि ने शकुन्तला का वनस्पति-प्रेम वर्णित करते हुए कहा है कि उसको सभी वृक्ष एवं लताओं के प्रति सहोदर जैसा स्नेह है। और, उसको मण्डन करना प्रिय होते हुए भी वह कभी भी वृक्षों से एक पल्लव भी नहीं तोड़ती थी।³⁶ इसी कृति में शकुन्तला का जो प्रकृति-प्रेम प्रदर्शित किया गया है उसके अनुसार तो वह रास्ते में आते-जाते पुष्पों और किसलयों को तोड़ती हुई नहीं जा सकती है। इससे प्रमाणित होता है कि उपर्वनिर्दिष्ट 3-7 श्लोक प्रक्षिप्त ही है।

3-1-3 आन्तरिक सम्भावना के मानदण्ड से सोचा जाय तो इस अङ्क का श्लोक 11 भी प्रक्षिप्त कहना पड़ेगा। अनसूया शकुन्तला की मदनावस्था को देख कर बोलती है कि शकुन्तला को जो अङ्गसंताप हो रहा है वह बलवान् है। अतः शकुन्तला को कुछ पूछना चाहती है। यह सुन कर दुष्यन्त को भी मन में होता है कि शकुन्तला को पूछ लेना ही चाहिए। क्योंकि


  1. श्री पी.एन. पाटणकर के द्वारा सम्पादित किये गये देवनागरी के शुद्धतर पाठ में 3-3 एवं 3-5 श्लोकों को मान्य किया गया है। अर्थात् वे पुनरुक्तियुक्त प्रक्षिप्त श्लोक को नहीं पहचान पाये हैं।
  2. नादत्ते प्रियमण्डनापि भवतां स्नेहेन या पल्लवम्। चतुर्थाङ्क, श्लोक 11

अभिज्ञानशकुन्तलम् प्रस्तावना 55

शशिकरविशदान्यस्यास्तथा हि दुःसहनिदाघशंसीनि।
भिन्नानि श्यामिकया मृणालनिर्माणवलयानि।।

<div align="right">3-11</div>

“शकुन्तला ने अपने हाथों में मृणालतन्तुओं से बनाये वलय पहने हैं वह चन्द्रकिरण जैसे शुभ्र होते हुए भी श्याम हो गये हैं, जो शकुन्तला के अङ्गसंताप को कह रहे हैं।” इस श्लोक में “मृणालनिर्माणवलयानि” शब्द बहुवचन में है, वह पूर्व श्लोक (3-10) के “प्रशिथिलितमृणालैकवलयम्” के साथ असम्बद्ध सिद्ध होता है। पहले जब कहा जाता है कि शकुन्तला के हाथ में मृणाल का एक वलय प्रशिथिल है, तब तुरन्त ही अनुगामी श्लोक में कहा जाय कि शकुन्तला ने मृणाल से बने अनेक वलय पहने हैं, तो वह वदतोव्याघात है। अतः 3-11 श्लोक को प्रक्षिप्त मानना ही उचित होगा। इस नाट्यकृति के प्रत्येक शब्द, वाक्य को स्मृतिपट पर रखते हुए पुनरुक्ति या परस्पर विसंगतता है या नहीं, इसका यदि विचार किया जायेगा तो अनेक प्रक्षिप्त स्थानों को पहचाना जा सकेगा।

3-1-4 तृतीयांक में श्लोक 16 एवं 17 को अवतारित करने के लिए “अपि च” निपात का विनियोग किया गया है। अतः इन दोनों की भी समालोचना करणीय है।

राजा-

अयं स ते तिष्ठति संगमोत्सुको
विशङ्कसे भीरु यतोऽवधीरणाम्।
लभेत वा प्रार्थयिता न वा श्रियं
श्रियो दुरापः कथमीप्सितो भवेत् ।।

<div align="right">3-16</div>

अपि च-

अयं स यस्मात्प्रणयावधीरणाम्
अशङ्कनीयां करभोरु शङ्कसे।
उपस्थितस्वां प्रणयोत्सुको जनो
न रत्नमन्विष्यति, मृग्यते हि तत् ।।

<div align="right">3-17</div>

इन दोनों श्लोकों में “अवधीरणा” शब्द की पुनरुक्ति ही विचार करने को प्रेरित करती है कि इन में से कोई एक श्लोक मौलिक नहीं होगा। काव्यशास्त्रियों ने (और इनका अनुसरण करनेवाले टीकाकारों ने) श्लोक 3-16 में उद्देश्य-प्रतिनिर्देश्य का प्रक्रमभङ्ग³⁷


³⁷. यहाँ (त्वं श्रीः) विशङ्कसे-यह उद्देश्य दल है, किन्तु तृतीय चरण में प्रतिनिधैर्य के रूप में प्रार्थयिता (नरः) है। इसको प्रक्रमभङ्ग दोष कहते हैं जिसके कारण इसका अर्थ समझना थोड़ा विलम्बित हो जाता है।

56 चन्द्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

हो रहा है, जो एक काव्यदोष है ऐसा कहा है। तथा पूर्वापर चरणों का व्यत्यय करके पाठ प्रस्तुत करने का सुझाव दिया है। और “कथं न लभ्येत नरः श्रियार्थितः” ऐसा नया पाठ भी सूचित किया है, जिससे पर्यायप्रक्रमभङ्ग का दोष नहीं आयेगा। इस तरह काव्यदोष के परिहार करने के दो दो सुझाव प्रस्तुत करने के बाद भी किसी काव्यरसिक व्यक्ति ने तीसरे उपायान्तर के रूप में एक नया श्लोक ही लिख कर उसे मूल पाठ में “अपि च” के द्वारा प्रक्षिप्त कर देने की चेष्टा की है। “अवधीरणा” शब्द की पुनरुक्ति के साथ जो दूसरा श्लोक हमारे सामने आ रहा है उसका राज्ञ सम्भवतः उपर्युक्त काव्यदोष है। इस दूसरे श्लोक की मौलिकता की आशङ्का को दृढ करनेवाला “प्रणय” शब्द है, जो दो बार इसमें प्रयुक्त हुआ है। पूर्व श्लोक में संगम की उत्सुकता व्यक्त करने के बाद प्रणय की उत्सुकता दिखाना वह भी एक तरह का क्रमभङ्ग ही है। “अपि च” निपात से बाँधे गये श्लोक से ऐसी अपेक्षा रहती है कि वह कुछ नये अर्थ, नये दृश्य का समुच्चय प्रस्तुत करे। प्रणय एक लम्बी राह है, जिसमें संगम अन्तिम लक्ष्य है। अतः संगमोत्सुक बोल देने के बाद नायक अपने को प्रणयोत्सुक कहे वह अनुचित लगता है। सारभूत बात यही निकलती है कि “अपि च” से प्रस्तुत हुआ दूसरा श्लोक प्रक्षिप्त है।

3-1-5 बंगाली वाचना के तृतीयांक का नाम “शृङ्गारभोग” रखा गया है, जिसमें दुःषन्त-शकुन्तला का गान्धर्वविवाह वर्णित है। इसमें दुष्यन्त ने शकुन्तला को अपने कुल की प्रतिष्ठा के रूप में घोषित किया है। इस सन्दर्भ में जो संवादशृङ्खला मिलती है वह निम्नोक्त हैः

प्रियंवदा- (जनान्तिकम्) अणूसूए, पेक्ख पेक्ख, मेहवादाहदं विअ गिम्हे मोरिं खणे खणे पच्चाअदजीविदं पिअसहिं। (अनसूये, प्रेक्षस्व प्रेक्षस्व मेघवाताहतामिव ग्रीष्मे मयूरीं क्षणे क्षणे प्रत्यागतजीवितां प्रियसखीम्।)

शकुन्तला-हला, मरिसावेध लोअवालं जं अम्हेहिं बीसद्धपलाविणीहिं उवआरादिक्कमेण भणिदं। (सख्यौ, मर्षयतं लोकपालं यदस्माभिः विस्रब्धप्रलापिनीभिः उपचारातिक्रमेण भणितम्।)

सख्यौ- (सस्मितम्) जेण तं मन्तिदं सो ज्जेव मरिसावेदु। अणस्स को अच्चओ। (येन तत् मन्त्रितं सः एव मर्षयतु। अन्यस्य कः अत्ययः।)

शकुन्तला-अरिहदि क्खु महाराओ इमं पच्चक्खवअणं विसोढुं। परोक्खं वा किं ण मन्तीअदि। (अर्हति खलु महाराजः इदं प्रत्यक्षवचनं विषोढुं, परोक्षं वा किं न मन्त्रयते।)

राजा- (सस्मितम्)

अपराधमिमं ततः सहिष्ये यदि रम्भोरु तवाङ्गसङ्गसृष्टे।
कुसुमास्तरणे क्लमापहं मे सुजनत्वादनुमन्यसेऽवकाशम्॥
3-24

अभिज्ञानशकुन्तलम् प्रस्तावना 57

प्रियंवदा - ण एत्तिकेण उण तुट्टी भविस्सदि। (नैतावता तुष्टिः भविष्यति।)

शकुन्तला - (सरोषमिव) विरम दुल्ललिदे। एदावत्थं गदाए वि मए कीळसि। (विरम दुर्ललिते। एतदवस्थां गतयापि मया क्रीडसि।)

यहाँ दुष्यन्त ने शकुन्तला को अपनी कुलप्रतिष्ठा के रूप में प्रतिज्ञात किया तब उसकी दोनों सहेलियाँ पूर्ण रूप से आश्वस्त हो जाती हैं और शकुन्तला भी बहुत हर्षित होती है। अब वह अपनी सहेलियों को लोकपाल से क्षमायाचना करने को कहती है क्योंकि अनसूया ने राजा को कहा था कि-महाराज, बहुवल्लभा खलु राजानः श्रूयन्ते। तत यथा इयं नः प्रियसखी बन्धुजनशोचनीया न भवति, तथा करिष्यसि। इन शब्दों के द्वारा अनसूया ने राजा के प्रति अन्यत्र प्रेमासक्त होने की जो सूक्ष्म आशङ्का व्यक्त की थी वह शकुन्तला की दृष्टि में उचित नहीं थी। अतः वह राजा से क्षमा माँगने को कहती है। किन्तु सहेलियाँ शकुन्तला को ही क्षमा माँगने को कहती हैं क्योंकि "हला, अलं वाम् अन्तःपुरविरहपर्युत्सुकेन राजर्षिणा उपरोधेन।" ऐसा कहकर शकुन्तला ने ही पहले राजा के प्रति उपचार का अतिक्रमण किया था। अतः जिसने उपचार का भङ्ग किया हो वही क्षमा माँगे। तब शकुन्तला महाराज दुष्यन्त को कहती है कि जो प्रत्यक्ष वचन (मुँह पर) कहा गया है उसे नजरअंदाज कर लीजिए क्योंकि लोग परोक्ष में तो ऐसी कई बातें बोलते रहते हैं। इस संवाद की पङ्क्तियाँ उपरि भाग में दी गयी हैं। किन्तु वह शकुन्तला के उदात्त चरित से बिलकुल विपरीत है। किसी भी व्यक्ति की पीठ के पीछे कुछ भी बोला जा सकता है ऐसा कहनेवाली शकुन्तला उच्च कोटि की नायिका सिद्ध नहीं हो सकती है। साथ में, राजा ने इस प्रसंग में जो श्लोकबद्ध प्रतिभाव दिया है वह किसी भी अभिरूपभूयिष्ठा परिषत् की सुरुचि का भङ्ग करनेवाला है। कोई भी नायक रंगमंच पर ही नायिका के साथ सहशयन की माँग करे वह सर्वथा अश्लील है। इस नाट्यकृति के आरम्भ में ही कवि ने अपने नायक का परिचय देते हुए कहा है कि "साक्षात् पश्यामीव पिनाकिनम्" अर्थात् दुष्यन्त भगवान् शङ्कर जैसा धीरोदात्त नायक है। वह जाहिर में और प्रकट शब्दों में शकुन्तला से सहशयन की माँग नहीं कर सकता है। अतः मानना होगा कि किसी सूत्रधार ने ही अपने स्थल-काल के दर्शकों की रुचि के अनुसार ऐसा अश्लील श्लोक नायक के मुख में रख दिया होगा।

तथैव, नायक की उक्ति के पीछे प्रियंवदा की जो उक्ति है (नैतावता तुष्टिर्भविष्यति।) वह तो नितान्त ग्राम्य है। रंगभूमि पर ऐसी अश्लील बातें कहलाने वाले कवि कालिदास नहीं हो सकते हैं। प्रकृत संवाद नायिका, नायक और प्रियंवदा के लिए कथमपि शोभास्पद नहीं होने से आन्तरिक सम्भावना के विरुद्ध है। अतः इस पूरे संवाद को प्रक्षिप्त मानना ही होगा।

3-1-6 तीसरे अङ्क का एक उदाहरण द्रष्टव्य है, जिसमें भी नायक के उदात्त चरित से विपरीत एवं गलत सोचवाली श्लोकरचना प्रस्तुत हुई है।

58 चंद्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

राजा- (स्वागतम्)

अप्यौत्सुक्ये महति दयितप्रार्थनासु प्रतीपाः काङ्क्ष्यन्त्योऽपि व्यतिकरसुखं कातराः स्वाङ्गदाने। आबाध्यन्ते न खलु मदनेनैव लब्धान्तरत्वाद् आबाधन्ते मनसिजमपि क्षिप्तकालाः कुमार्यः।।³⁸ 3-27

(शकुन्तला गच्छत्येव)

इस श्लोक में नायक दुष्यन्त कुमारिका स्त्रियों की मानसिकता को विशद करता हुआ जो बोल रहा है उसमें भी उसकी ही भोगेच्छा खुल कर बाहर आ रही है। किन्तु प्रासंगिक दृष्टि से सोचा जाय तो रंगमंच से सहेलियों के चले जाने के बाद कुछ ज्यादा समय तो बीता नहीं है और शकुन्तला के साथ कोई प्रेमगोष्ठियाँ भी अभी हुई नहीं हैं, उससे पहले दुष्यन्त की उपर्युक्त श्लोकोक्ति नायक की अधीरता प्रकट करनेवाली है। प्रेमकथाओं में प्रणयि-युगल के बीच जो स्वाभाविक रूप से संवनन प्रक्रिया क्रमशः विकसित होती है और जो इस अङ्क में आगे आनेवाले मृणाल-वलय प्रसंग में दृश्यमान होनेवाली है, उसकी प्रस्तुति होने से पहले दुष्यन्त का यह आत्मगत चिन्तन सामयिक नहीं है। अतः यह उपर्युक्त श्लोक भी प्रक्षिप्त लगता है।

3-1-7 तृतीयांक में प्रियंवदा और अनसूया मृगबाल को उनकी माता के पास पहुँचाने का बहाना बना कर लतामण्डप से दूर चली जाती हैं। अब रंगमंच पर दुष्यन्त और शकुन्तला अकेले हैं। सखीजनों की भूमिका पर अब दुष्यन्त खड़ा है। मध्याह्न का समय होने से वह शकुन्तला को नलिनीदल से आर्द्र वायु का संचार करने का इच्छुक है, और शकुन्तला कहे तो उसके चरणों का संवाहन करने को भी तैयार है। किन्तु शकुन्तला माननीय व्यक्ति से ऐसी सेवा लेना उचित नहीं समझती है। अतः वहाँ से उठ कर चली जाती है। दुष्यन्त उसके पीछे चल पड़ता है और उसका पल्लू पकड़ कर रोकने की चेष्टा करता है। शकुन्तला कहती है-पौरव, रक्ष विनयम्। इतस्ततः ऋषयः संचरन्ति। इस संवाद के बाद राजा की जो उक्ति है, उसकी मौलिकता संदेहास्पद है:

राजा- सुन्दरि, अलं गुरुजनाद् भयेन। न ते विदितधर्मा तत्रभवान् कण्वः खेदमुपयास्यति।


  1. अनुवाद: राजा-(स्वगत) ये कुमारिकायें अतिशय इच्छा रखती हुई भी अपने प्रियतम के प्रतिकूल बर्ताव करती हैं। यद्यपि मिलन-सुख की अभिलाषा रखती हैं, फिर भी अपना अंग समर्पित करने में कातरता दिखाती हैं। अतएव मालूम होता है कि समय पाकर केवल कामदेव ही उनको पीड़ित नहीं करता, बल्कि व्यर्थ में समय बिता कर ये कामदेव को भी बाधा पहुँचाती हैं।

अभिज्ञानशकुन्तलम् प्रस्तावना 59

गान्धर्वेण विवाहेन बह्व्योऽथ मुनिकन्यकाः।
श्रूयन्ते परिणीतास्ताः पितृभिश्चाभिनन्दिताः॥
3-28

(दिशोऽवलोक्य) कथं प्रकाशं निर्गतोऽस्मि। (शकुन्तलां हित्वा पुनस्तैरेव पदैः प्रतिनिवर्तते।)

शकुन्तला- (पदान्तरे प्रतिनिवृत्य साङ्गभङ्गम्) पौरव, अणिच्छापूरओ वि संभासणमेत्तएण परिचिदो अअं जणो ण विसुमरिदव्वो।।

यहाँ, लतामण्डप से बाहर निकल कर जा रही शकुन्तला के पीछे दुष्यन्त भी चल पड़ता है तब उसको सावधान करने के लिए शकुन्तला ने “यहाँ वहाँ ऋषिमुनि लोग घूम रहे होंगे” ऐसा कहा है। इस सन्दर्भ में दुष्यन्त कहता है कि गुरुजनों से भय रखने की आवश्यकता नहीं है, कण्व भी (तुझे प्रेमासक्त या विवाहित जान कर) खेद का अनुभव नहीं करेंगे। अर्थात् तुझ पर नाराज नहीं होंगे। दुष्यन्त यहाँ विशेष में यह भी कहता है कि गान्धर्व-विवाह से विवाहित हुई बहुत सी मुनिकन्यायें हैं, जो (बाद में) पिताओं के द्वारा अभिनन्दित भी की गयी हैं। इस श्लोक पर किसी विद्वान् ने नुकताचीनी शायद नहीं की है। लेकिन सम्भव है कि किसी साहित्यरसिक की दृष्टि में, दुष्यन्त ने ही यहाँ शकुन्तला को गान्धर्व-विवाह के लिये उकसाया है-ऐसा भाव उठ सकता है। ऐसी संवित्ति मुखर हो कर सामने आये या न आये, लेकिन शकुन्तला जब कह रही है कि आसपास में ऋषि-मुनि घूम रहे होंगे, तब जो विनीत बर्ताव की अपेक्षा है, उससे विपरीत दुष्यन्त गुरुजनों से डरने की कोई जरूरत नहीं है ऐसा समझाने का उपक्रम शुरू करे वह दुष्यन्त के चरित के अनुरूप नहीं है। किन्तु दुष्यन्त के मुख में रखा गया प्रथम वाक्य एवं “गान्धर्वेण विवाहेन”० वाला श्लोक बीच में से हटाया जाय तो, जो रंगसूचना-पुरस्सर का अनुगामी वाक्य है- “(दिशोऽवलोक्य) कथं प्रकाशं निर्गतोऽस्मि। (शकुन्तलां हित्वा पुनस्तैरेव पदैः प्रतिनिवर्तते।)”, वह बिलकुल सही सिद्ध होता है। इसमें विचार-सातत्य भी है, और दुष्यन्त का लतामण्डप में वापस चला जाना भी शकुन्तला की उक्ति से सुसम्बद्ध है। महाभारत के शकुन्तलोपाख्यान में दुष्यन्त गान्धर्व-विवाह के लिए बहुत उतावला हो गया है। उस मूल कथा में सुधार के लिये उद्यत हुए महाकवि के लिए प्रेम का उदात्त चित्र खींचना मुनासिब है तो उसको अपनी कलम से गान्धर्व-विवाह का प्रस्ताव कराकर किसी मुग्धा मुनिकन्या को उकसाने की जरूरत नहीं थी। इसे, अर्थात् गान्धर्वेण विवाहेन० वाले श्लोक को प्रक्षिप्त मानकर हटा देने से दुष्यन्त के उदात्त चरित की भी रक्षा होती है और शकुन्तला की उक्ति के साथ “कथं प्रकाशं निर्गतोऽस्मि” जैसा दुष्यन्त का प्रतिभाव भी सुसंगत ठहरता है। यहाँ एक अन्य हकीकत की ओर ध्यान-आकृष्ट करना अनिवार्य है कि एकमात्र काश्मीर-प्रान्तीय शारदालिपि में लिखित पाण्डुलिपियों³⁹ में यह (गान्धर्वेण विवाहेन०


  1. ऑक्सफोर्ड की पाण्डुलिपि क्रमांक-1247 एवं 159

60 चन्द्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

वाला) श्लोक नहीं है। कहने का तात्पर्य यही है कि शकुन्तला को लतामण्डप से बाहर चले जाने के बाद, दुष्यन्त भी जब वहाँ से बाहर आ जाता है तब “यहाँ वहाँ ऋषिमुनि लोग घूम रहे होंगे” ऐसी शकुन्तला की उक्ति के साथ तो, “(दिशोऽवलोक्य) कथं प्रकाशं निर्गतोऽस्मि।” का सन्धान ही मौलिक प्रतीत होता है। यद्यपि यह श्लोक बंगाली, मैथिली, देवनागरी एवं दाक्षिणात्य-इन चारो वाचनाओं में संचरित हुआ है, तथापि शारदा पाण्डुलिपिओं में उसका न होना अनुपेक्ष्य होने के साथ पुनर्विचारणीय भी है⁴⁰।

तीसरा ध्यातव्य बिन्दु यह है कि इस श्लोक के बाद जो दृश्यावली प्रस्तुत होती है उसमें नायक-नायिका के बीच मृणालवलय पहनाने का प्रेमभरा जो सहचार है वही सही स्वरूप में मदनलेखादि के पूर्वप्रसंगों के अनुसन्धान में समुचित लगता है, जिसके आधार पर ही (बिना किसी तरह से उकसाये) दोनों का प्रेममिलन नैसर्गिक प्रतीत होता है।

3-1-8 (क) बंगाली वाचना के तृतीयाङ्क में 41 श्लोकों का विस्तार है, उसके सामने देवनागरी वाचना के तृतीयाङ्क में 23 या 24 श्लोक सम्मिलित हैं। अर्थात् देवनागरी की अपेक्षा से बंगाली में 17 श्लोक अधिक हैं। अभी तक हमने उनमें से 7 श्लोकों के प्रक्षिप्त होने की चर्चा की है। किन्तु इनके अलावा जो 10 श्लोक अवशिष्ट रहते हैं और इनके आगे-पीछे आये हुए गद्य संवाद हैं-इतने अंश में जो प्रसंग, जो दृश्य रखा गया है वह प्रक्षिप्त है या मौलिक, उसकी भी चर्चा करना यहाँ नितान्त आवश्यक है।। इस सन्दर्भ में सब से पहले तो पुण्यश्लोक डॉ० श्री एस. के. बेलवलकर जी का ही नाम स्मरण करना होगा। क्योंकि भारतीय पाठालोचना के धुरन्धर विद्वान् के रूप में वे अग्रगण्य हैं, और अविस्मरणीय भी। उन्होंने विश्व के रसिकों को यह दिखाया है कि अभिज्ञानशाकुन्तल के तृतीयांक के प्रचलित (देवनागरी एवं दाक्षिणात्य) पाठ में समय की विसंगति है। जैसे कि-दोनों सहेलियों के चले जाने के बाद, दुष्यन्त शकुन्तला को नलिनीदल से पवन झलने की एवं उसके पद्मताम्र चरणों का संवाहन करने की तत्परता दिखाता है। लेकिन शकुन्तला माननीय व्यक्ति से ऐसी सेवा लेकर अपने आपको अपराधी बनाना नहीं चाहती है, इस लिए वो वहाँ से उठ कर चली जाना चाहती है। तब दुष्यन्त ने कहा है कि-सुन्दरि, अपरिनिर्वाणो दिवसः। इयं च ते शरीरावस्था। ...... कथमातपे गमिष्यसि परिबाधा पेलवैरङ्गैः।। (3-19)। अर्थात् अभी तो मध्याह्न का समय है, दिवस पूर्ण होने की काफी देर है। ऐसा कहने के बाद, देवनागरी पाठ में केवल पाँच संवाद के बाद ही नेपथ्योक्ति आती है कि-चक्रवाकवधूके, आमन्त्रयस्व प्रियसहचरम्। उपस्थिता रजनी। (गौतमी आ जाती है और शकुन्तला को लेकर रंगभूमि से निकल जाती है।) अर्थात् पाँच-छह संवाद के बाद ही “रात्रि उपस्थित हो


  1. डॉ० दिलीप कुमार काञ्जीलाल ने इस गान्धर्वेण विवाहेन श्लोक के सन्दर्भ में उच्चतर समीक्षा के नाम पर कुछ भी निर्देश नहीं किया है। (द्रष्टव्य-A Reconstruction of the Śakuntalam, Introductory Chapter 2, page 68)
अभिज्ञानशाकुन्तलम्प्रस्तावना61

गयी है" ऐसी समय की सूचना जिसमें आती है वह पाठ निश्चित रूप से ऐसा है जिसमें बीच में कटौती की गयी है। यहाँ किसी अज्ञात सूत्रधार के द्वारा कुछ श्लोकों में एवं उनसे जुड़े गद्य-संवादों में संक्षेप किया गया है। राघवभट्टादि जैसे मूर्धन्य टीकाकारों के द्वारा उसी संक्षिप्त किये गये पाठ का समादर होने के कारण उसे ही मौलिक मान लिया गया। परन्तु डॉ० श्री एस. के. बेलवलकरजी जैसे सूक्ष्मेक्षिका से पाठ-परीक्षण करनेवाले विद्वान् ने मध्याह्न और रात्रि के बीच में जो अपेक्षित काल-व्यवधानकी विसंगति है उसकी ओर हमारा ध्यान आकृष्ट किया है।$^{41}$ इसी लिए यह न केवल अपेक्षित ही, बल्कि अनिवार्य भी है कि हम देवनागरी पाठ की संक्षिप्तता समझने के लिए बंगाली पाठ से उसकी तुलना करें। तथा पूर्वग्रह से जिस बंगाली पाठ को प्रक्षेपों से भरा मान लिया गया है उसकी मौलिकता को पहचानें, अथवा बिना परीक्षा किये उसकी उपेक्षा न करें।।

बंगाली वाचना के तृतीयाङ्क में, जिन दो प्रसंगों का प्रक्षेप माना गया है वह हैं: 1. शकुन्तला को मृणाल-वलय पहनाने का, एवं 2. कर्णोत्पलरेणु से शकुन्तला की दृष्टि कलुषित होने पर दुष्यन्त द्वारा अपने वदनमारुत से उसे विशद कर देने का। इन दोनों प्रसंगों की मौलिकता जांचने के लिए तृतीयाङ्क का 39वाँ श्लोक कृतिनिष्ठ “आन्तरिक प्रमाण” के रूप में विश्लेषणीय है।

तस्याः पुष्पमयी शरीरलुलिता शय्या शिलायामियं
कान्तो मन्मथलेख एष नलिनीपत्रे नखैरर्पितः।
हस्ताद् भ्रष्टमिदं बिसाभरणमित्यासज्यमानेक्षणो
निर्गन्तुं सहसा न वेतसगृहादीशोडस्मि शून्यादपि।।

<p align="right">3-39</p>

यह श्लोक, शकुन्तला को लेकर गौतमी के चले जाने के बाद वेतसगृह में अकेला खड़ा, दुष्यन्त बोलता है। वह शकुन्तला की तीन चीजों का परिगणन करता है, 1. शकुन्तला की पुष्पशय्या, 2. उसका लिखा हुआ मदनलेख तथा 3. उसके हाथ से गिरा हुआ बिसाभरण अर्थात् मृणालवलय। यह श्लोक शाकुन्तल की पाँचों वाचनाओं में सर्वसम्मति से ग्राह्य रहा है। तथापि केवल बृहत्पाठ परम्परावाली बंगाली, मैथिली एवं काश्मीरी वाचना की पाण्डुलिपियों में ही यह प्रसंग आता है जिसमें दुष्यन्त शकुन्तला के हाथ से गिरा मृणालवलय उठा लेता है और शकुन्तला के हाथ में पुनः पहनाता है। शाकुन्तल की लघुपाठ परम्परावाली देवनागरी तथा दाक्षिणात्य वाचनाओं में यह मृणाल-वलय पहनाने का प्रसंग आता ही नहीं है। तो फिर उपर्युक्त श्लोक में जिस बिसाभरण अर्थात् मृणालवलय का परिगणन करवाया


  1. The most cogent objection against its shorter version is the fact that it plays fast and loose with the time-indications of the scene—see: Sringaric elaboration in Śakuntala, Act 3, pub. in "Indian Studies in Honor of C.R. Lanman", Harvard Univ. Press, 1929, pp. 187-192.

62 चन्द्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

है, उसकी प्रस्तुतता कैसे सिद्ध हो पायेगी? अतः हम यह मानने को बाध्य हो जाते हैं कि उपर्युक्त विशेष प्रसंग मूल शाकुन्तल के पाठ में थे, और मंचन के दौरान किसी अज्ञात सूत्रधार ने उसे हटा दिया होगा। ऐसे संक्षिप्त किये गये पाठ में से शाकुन्तल की लघुपाठ परम्परा शुरू हुई होगी। यहाँ मृणाल-वलय गिर जाने का प्रसंग मूल पाठ में होना आवश्यक इस लिए भी लगता है कि तीसरे अङ्क के आरम्भ में ही “स्तनन्यस्तोशीरं प्रशिथिल-मृणालैक-वलयम्” (श्लोक 3-10) शब्दशः से कहा गया है कि शकुन्तला ने अपने हाथ में जो मृणालवलय पहना था वह शुरू से ही प्रकृष्टतया शिथिल था।⁴² और नाटक मात्र का यह नियम होता है कि उसमें जो भी कहा जाता है वह सप्रयोजन होता है। अतः अङ्क के आरम्भ में यदि दर्शकों को कहा जाता है कि शकुन्तला के हाथ में पहना मृणाल वलय प्रशिथिल है तो ऐसी अपेक्षा रहती है कि अङ्क में मृणाल-वलय गिर जाने का प्रसंग आकारित हो। यह प्रसंग बंगाली आदि बृहत्पाठवाली वाचनाओं में है, किन्तु लघुपाठवाली देवनागरी में नहीं है। किन्तु जैसा उपरि निर्दिष्ट प्रमाणों से सिद्ध होता है कि यह प्रसंग मौलिक ही होगा, तो मानना पड़ेगा कि देवनागरी वाचना के पाठ में संक्षिप्तीकरण के दौरान उसे मूल पाठ में से हटाया गया है।

3-1-8 (ख) इस मृणाल-वलय का प्रसंग मूलगामी पाठ में होना एक अन्य आन्तरिक सम्भावना से भी समर्थित होता है। उसकी ओर भी सत्यान्वेषी साहित्यरसिकों का ध्यान आकृष्ट करना आवश्यक है: जिस लतामण्डप में दुष्यन्त-शकुन्तला का एकान्त मिलन होता है वहाँ आरम्भ में शकुन्तला लतामण्डप से बाहर चली जाती है। तब दुष्यन्त शकुन्तला के मणिबन्धन से गलित हुए मृणालवलय को देखता है, जिसको वह “हृदयस्य निगडम् इव” कहता है⁴³, फिर उसको उठा लेता है और अपने गले लगाता है। तब उस वलय को वापस लेने के बहाने शकुन्तला लतामण्डप में पुनः प्रविष्ट होती है। यहाँ प्रिया शकुन्तला को देखते ही दुष्यन्त सहर्ष बोलता है:- “अये, जीवितेश्वरी मे प्राप्ता।” इसके बाद, दुष्यन्त मृणाल-वलय को वापस लौटाने के लिये एक अभिसन्धि (शर्त) रखता है कि वह स्वयं उसके हाथ में पहनाएगा। शकुन्तला इस अभिसन्धि को मंजूर करती है। दुष्यन्त ने जब शकुन्तला के हाथ में उसे पहनाया तब शकुन्तला के मुख से “त्वरताम् त्वरताम् आर्यपुत्रः।” ऐसा सम्बोधन निकल जाता है। कङ्कण-स्वरूप मृणाल-वलय पहनाने के अवसर पर शकुन्तला के मन में दुष्यन्त के लिये पतिभाव प्रकट हुआ हो यह अत्यन्त स्वाभाविक है। इस दृष्टि से, मृणाल-वलय प्रसंग में नायक-नायिका ने परस्पर जो


  1. यहाँ श्री शरद रंजन राय (1908 में) ने ऐसा प्रश्न उठाया था कि गिरा हुआ मृणालवलय यदि दुष्यन्त ने पहनाया था, तो अङ्क के अन्त में वह फिर से गिरा कैसे? इसका समाधान देते हुए डॉ० एस. के. बेलवलकरजी ने कहा है कि शकुन्तला ने दोनों हाथ में मृणालवलय पहने होंगे, अतः दूसरे हाथ का वलय गिर गया होगा।
  2. इस श्लोक को वर्द्धमान ने गणरत्नमहोदधि (12वीं शती) में उद्धृत किया है।

अभिज्ञानशाकुन्तलम् प्रस्तावना 63

“जीवितेश्वरी” और “आर्यपुत्रः” कहा है, वह क्षण दाम्पत्य भाव का अनुभव प्रदर्शित करने के लिए अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है। आगे चल कर जब षष्ठाङ्क में (दुष्यन्त-नामधेयाङ्किता मुद्रिका मिल जाने के बाद) अन्तःपुर की अन्य स्त्रियों के सामने दुष्यन्त के मुख से कदाचित् “गोत्र-स्खलन” हो जाता है, ऐसा निरूपण आता है⁴⁴, तो वह बिलकुल निराधार नहीं लगता।

किन्तु देवनागरी एवं दाक्षिणात्य वाचना के पाठ में तो यह मृणाल-वलय का प्रसंग नहीं है। अतः वहाँ षष्ठाङ्क में गोत्र-स्खलन का जब निर्देश आता है तब उसका कोई पूर्व-निर्दिष्ट आधार नहीं मिलता। कहने का तात्पर्य यही है कि बंगाली वाचना में मृणाल-वलय का प्रसंग है और उस प्रसंग के निमित्त से दोनों के चित्त में जो सहज दाम्पत्यभाव प्रकट हुआ था उससे ही षष्ठाङ्क में दुष्यन्त से अनजान में होनेवाले गोत्र-स्खलन की स्वाभाविकता प्रतीतिकर बनती है। इस तरह षष्ठाङ्क में आनेवाले गोत्र-स्खलन का निर्देश हमारे लिये मृणाल-वलय के प्रसंग का समर्थक प्रमाण बनता है।

3-1-8 (ग) बंगाली वाचना के तृतीयाङ्क में प्रक्षिप्त माने गये दूसरे प्रसंग की, अर्थात् शकुन्तला की दृष्टि पुष्परज से कलुषित होने पर दुष्यन्त द्वारा अपने वदन-मारुत से निर्मल करने के प्रसंग की मौलिकता भी कृति-निष्ठ अन्तःसाक्ष्य से समर्थित होती है। यहाँ प्रथमतः यही बात विचारणीय है कि शकुन्तला की दृष्टि कलुषित होने जैसे किसी प्रसंग की हम अपेक्षा रख सकते हैं या नहीं? प्रथमाङ्क में वृक्षसेचन के दौरान परिश्रान्त हुई शकुन्तला का वर्णन करते हुए दुष्यन्त ने कहा है, स्रस्तं कर्णाशिरीषरोधि वदने घर्माम्भसां जालकं, बन्धे स्रंसिनि चैकहस्तयमिताः पर्याकुला मूर्धजाः (शाकु. 1-26, राघवभट्ट, पृ. 47) अर्थात् शकुन्तला अपने कर्णों में शिरीष पुष्पों को लगाती थी। इसीलिये षष्ठाङ्क में शकुन्तला का चित्र अंकित करते हुए दुष्यन्त ने फिर कहा है, कृतं न कर्णापितबन्धनं सखे, शिरीषमागण्डविलम्बिकेसरम्। न वा शरच्चन्द्रमरीचिकोमलं मृणालसूत्रं रचितं स्तनान्तरे।। (शाकु. 6-18, राघवभट्ट, पृ. 213) इस तरह शकुन्तला अपने कानों में प्रसाधन के रूप में पुष्प लगाती थी, और इसी लिये कदाचित् उसके नेत्र में पुष्परेणु गिरने की सम्भावना (एवं नाटकीय अपेक्षा) थी। लेकिन यहाँ ऐसा प्रश्न उठाया जा सकता है कि क्या ऐसा कोई प्रसंग महाकवि ने ही अपने हाथों से लिखा होगा? इस प्रश्न का उत्तर देने के लिये उच्च स्तरीय समीक्षा को मान्य हो ऐसा कोई प्रमाण देना आवश्यक है।

महाकवि कालिदास ने इस नाट्यकृति की दृश्यावली में सर्वत्र एक रूप के सामने दूसरा प्रतिरूप खड़ा करने की जिस कलात्मक सर्जनविधा का साद्यन्त विनियोग किया है उसकी ओर सब का ध्यान आकृष्ट करने की जरूरत है। उदाहरण के रूप में-प्रथमाङ्क में


  1. दाक्षिण्येन ददाति वाचमुचिताम् अन्तःपुरेभ्यो यदा, गोत्रेषु स्खलितस्तदा भवति च व्रीडाविलक्षश्चिरम्।
    शाकु. 6-5 (राघवभट्ट, पृ० 195)

64 चन्द्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

मृगया-विहारी दुष्यन्त का कण्वमुनि के आश्रम में प्रवेश होते ही-न खलु न खलु बाणः सन्निपात्योऽयमस्मिन्... शब्द सुनायी पड़ते हैं, वैसे ही सप्तमाङ्क के आरम्भ में दुष्यन्त मारीच के आश्रम में प्रवेश करता है और वहाँ “मा चापलम् कुरु। कथं गत एवात्मनः प्रकृतिम्,” ऐसे शब्द नेपथ्य से आते हैं। यहाँ प्रथमाङ्क में शिकारी दुष्यन्त का जो एक रूप प्रस्तुत किया था, उसका ही दूसरा प्रतिरूप सिंहबाल के साथ खेल रहे सर्वदमन का खड़ा किया गया है। इस तरह महाकवि ने सम्पूर्ण कृति में एक रूप के सामने दूसरा प्रतिरूप (एक दृश्य के सामने दूसरा प्रतिदृश्य) खड़ा करने की स्पृहणीय नाट्य-शैली का मार्ग अपनाया है। यह नाट्य-शैली भी हमारे लिये कृति-निष्ठ अन्तःसाक्ष्य बन सकती है और उसके आधार पर बंगाली (मैथिली और काश्मीरी) वाचना के तृतीयाङ्क में शकुन्तला की दृष्टि कर्णोत्पल रेणु से कलुषित होने का जो प्रसंग वर्णित किया गया है उसका समर्थन किया जा सकता है। जैसे तृतीयाङ्क में दुष्यन्त ने अपने वदन-मारुत से शकुन्तला की दृष्टि निर्मल कर दी थी, उसी एक दृश्य के सामने, षष्ठाङ्क में कवि ने दूसरा प्रतिदृश्य भी खड़ा किया है। धीवर के पास से जब मुद्रिका मिल जाती है और दुष्यन्त को शकुन्तला का पुनःस्मरण हो जाता है तब शकुन्तला का चित्रांकन करते हुए वह एक श्लोक बोलता हैः

कार्या सैकतलीनहंसमिथुना स्रोतोवहा मालिनी,
पादास्तामभितो निषण्णचमरा गौरीगुरोः पावनाः।
शाखालम्बितवल्कलस्य च तरोर्निर्मातुमिच्छाम्यधः,
शृङ्गे कृष्णमृगस्य वामनयनं कण्डूयमानां मृगीम्।।

<p align="right">6-17</p>

इसमें कहा गया है कि मुझे (दुःषन्त को) इस चित्र में बह रही मालिनी नदी की बालुका में बैठा एक हंस-मिथुन आकारित करना है। हिमालय की उपत्यका में बैठे चमरों के समूह को बनाना है। वृक्ष की डालियों पर कुछ वल्कल वस्त्र टँगे हों एवं उस वृक्ष के अधो भाग में कृष्णमृग के शृङ्ग पर अपना वाम-नेत्र खुजलाती हुई एक हरिणी भी चित्रित करने की चाहत हो रही है। यहाँ “कण्डूयमानां मृगीम्” का जो चित्र बनाने की इच्छा प्रकट की गयी है वह निरतिशय व्यञ्जनापूर्ण है। षष्ठाङ्क में वर्णित इस प्रसंग का सम्बन्ध स्पष्ट रूप से तृतीयाङ्क में निरूपित शकुन्तला के नेत्र कलुषित होने के प्रसंग के साथ ही है। वहाँ पर दुष्यन्त ने जब अपने वदन-मारुत से शकुन्तला की दृष्टि को निर्मल कर देने का प्रस्ताव रखा था, तब शकुन्तला ने कहा था कि मेरे मन में तुम्हारे लिये विश्वास नहीं है। किन्तु अब दुष्यन्त इस चित्र से व्यंजित करना चाहता है कि वह अब शिकारी के रूप में शकुन्तला को प्राप्त करना नहीं चाहता अपितु हरिणीस्वरूपा शकुन्तला का सगन्ध और विश्वसनीय हरिण बनके, शकुन्तला का जीवनाधार बनना चाहता है। दुष्यन्त ने तृतीयाङ्क के उसी प्रसंग को स्मरण-पट पर रख कर एक प्रतिदृश्य के रूप में, यह “कण्डूयमानां मृगीम्” का चित्र बनाने

अभिज्ञानशकुन्तलम् प्रस्तावना 65

की इच्छा प्रकट की है। इस तरह एक दृश्य के सामने दूसरा परिदृश्य खड़ा करने की जो निरूपण-शैली समग्र कृति में बार बार दिखायी देती है उसको तार्किक रूप से ही आन्तरिक सम्भावना के रूप में स्वीकारना चाहिए। इस आधार पर पुष्परज से शकुन्तला के नेत्र कलुषित होने का जो प्रसंग है वह प्रक्षिप्त नहीं है, बल्कि सर्वथा मौलिक है ऐसा मानना ही चाहिए।

3-1-9 तृतीयांक के अन्त भाग में भी एक उपान्त्य श्लोक का प्रक्षेप दिख रहा है। शकुन्तला को ले कर गौतमी चली गयी। दुष्यन्त प्रियापरिभुक्त लतावलयाच्छादित वेतसगृह में खड़ा खड़ा उसके मन्मथलेख इत्यादि पर सानुराग दृष्टि से झाँक रहा है और कहता है कि मुझसे इस वेतसगृह से बाहर निकलना आसान नहीं है। ऐसी प्रेमासक्त दशा में फँसे नायक को रंगमंच से निकालने के लिए नाट्यकार कालिदास उसके वीरत्व को ही टटोलते हैं। अतः नेपथ्योक्ति है “भो भो राजन्, सायन्तने सवनकर्मणि संप्रवृत्ते०” (श्लोक-41) अर्थात् सायंकाल होते ही यज्ञकर्म में बाधा डालने के लिए काले-पीले वर्ण के राक्षसों की छायायें आकाश में मंडराने लगी हैं। इसको सुनते ही दुष्यन्त के वीरत्व को चुनौती मिलती है और वह रंग से बाहर दौड़ जाता है। कालिदासीय नाटकों में अन्यत्र भी दिखनेवाली यह पद्धति पूर्ण रूप से नाटकीय है। किन्तु बंगाली वाचना में दुष्यन्त की उक्ति और नेपथ्योक्ति में व्यवधान बननेवाला श्लोक-40 अस्वाभाविक लगता है। जिसमें दुष्यन्त कहता है कि-

रहः प्रत्यासत्तिं यदि सुवदना यास्यति पुन-
र्न कालं हास्यामि प्रकृतिदुरवापा हि विषयाः।
इति क्लिष्टं विघ्नैर्गणयति च मे मूढहृदयं
प्रियायाः प्रत्यक्षं किमपि च तथा कातरमिव॥
3-40

धीरोदात्त चरितवाले नायक के मुख में विषयोपभोग की लालसा प्रकट (या अप्रकट) शब्दों में प्रस्तुत होना दो दृष्टियों से अनुचित है। 1. मूल महाभारत के दुष्यन्त में जो विषयोपभोग के प्रति उतावलापन दिखता है, उसका परिमार्जन करते हुए कालिदास ने हमारे सामने एक धीरोदात्त नायक, जिसको वह नाटक के आरम्भ में ही साक्षात् पिनाकी की उपमा देते हैं, रेखांकित करना चाहता है। उसके मुँह में उपर्युक्त श्लोक के शब्द संगत नहीं बैठते हैं। तथा 2. नाटकीयता की दृष्टि से सोचा जाय तो प्रियासम्बद्ध तीन तीन चीजों को वेतसगृह में ही छोड़कर बाहर निकलना मुश्किल है ऐसा बोल बोले जाने पर ही परिस्थितिवशात् नायक को (प्रेमासक्त दशा को तत्क्षण छोड़ कर) अपनी क्षत्रियता को ललकारने वाली परिस्थिति के सामने लड़ने के लिए रंगभूमि से बाहर निकलने में ही नाटकीयता है। अतः प्रेमासक्त दशा का अनुरणन करनेवाला उपर्युक्त दूसरा श्लोक प्रक्षिप्त ही मानना होगा।

66 चन्द्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

बंगाली वाचनावाले तृतीयांक के 3, 7, 11, 17, 24, 28 एवं 40 क्रमांक के श्लोक प्रक्षिप्त हो सकते हैं ऐसा अनेक कारणों से अनुमित हो रहा है। इस तरह से, कुल 41 श्लोकों में से प्रक्षिप्त 7 श्लोकों को निकाला जाय तो 34 श्लोकवाला परिमाण अवशिष्ट रहेगा, जो काश्मीरी वाचना के (और पाटण की 349/16630 एवं 169/6654 पाण्डुलिपियों⁴⁵ में संचरित हुए 11वीं शती के 33 या 34 श्लोकवाले) पाठ के साथ मिलता जुलता सिद्ध होगा।

3-2-1 देवनागरी वाचनावाले तृतीयांक के पाठ में संक्षेप हुआ है उसके दो-तीन प्रमाण हमारे सम्मुख पड़े ही हैं, उसे केवल आँख खोलकर देखने की जरूरत है। जैसे, 1. डॉ० एस. के. बेलवलकरजी ने बताया है कि दोनों सहेलियों के चले जाने के बाद दुष्यन्त ने कहा है कि अभी दिवस पूरा नहीं हुआ है, और लतामण्डप के बाहर तो कड़ी धूप है अर्थात् मध्याह्न का समय है। इस उक्ति के नीचे पाँच-छह संवाद के बाद तुरन्त नेपथ्य से आवाज आती है कि “चक्रवाकवधुके, आमन्त्रयस्व प्रियसहचरम्, उपस्थिता रजनी।” तो इस तरह की योजना में, अर्थात् मध्याह्न से लेकर रात्रि का प्रारम्भ होने तक का काल केवल पाँच-छह संवाद में ही दिखाना तर्कसंगत नहीं है। यह विसंगति किसी भी दर्शक को खटकनी ही चाहिए। सारभूत बात यही है कि, “अपरिनिर्वाणो दिवसः” और “रजनी उपस्थिता” के बीच में कुछ पाठ्यांश की कटौती हुई होगी ऐसा मानने के लिए हम बाध्य हो जाते हैं। 2. अब इस बात का भी कोई सबूत मिलना आवश्यक है कि यदि कटौती हुई है तो दो कटे हुए भागों को कहाँ, कैसे जोड़ा गया है तथा उसका भी कोई निशान (पदचिह्न) देवनागरी वाचना में कहीं पर है या नहीं?। इस प्रश्न का उत्तर ढूँढने के लिए तृतीयांक का निम्नोक्त श्लोक की ओर, जो केवल देवनागरी एवं दाक्षिणात्य वाचना में ही मिलता है, ध्यान आकृष्ट करने की आवश्यकता है:

राजा-

अपरिक्षतकोमलस्य यावत् कुसुमस्येव नवस्य षट्पदेन।
अधरस्य पिपासता मया ते सदयं सुन्दरि गृह्यते रसोऽस्य॥

<div align="right">3-21</div>

देवनागरी वाचना का प्रत्येक श्लोक सामान्यतया बंगाली आदि (बृहत्पाठ परम्परा) में मिलता है, लेकिन उपर्युक्त श्लोक तृतीयांक के इस मोड़ पर खड़ा है कि जो मूल पाठ में कटौती का स्थान है। अतः काटे हुए दो स्थानों को जोड़ने के लिए जिस श्लोक की नवीन रचना हुई है वह स्वाभाविक है कि बंगाली आदि वाचनाओं में नहीं होगा क्योंकि उसकी


  1. श्रीहेमचन्द्राचार्य ज्ञान-मन्दिर एवं वाडी पार्श्वनाथ का जैन भण्डार, जिला-पाटण, गुजरात में ये पाण्डुलिपियाँ संगृहीत हैं। उसकी ही वंशज पाण्डुलिपि एल.डी. इन्स्टीट्यूट ऑफ इन्डोलॉजी, अहमदाबाद में 1948 क्रमांक पर है।

अभिज्ञानशकुन्तलम् प्रस्तावना 67

रचना विशेष प्रयोजन से की गयी है। तथा यह श्लोक जिस छन्द में लिखा गया है वह भी हेमचन्द्राचार्य के द्वारा “मालभारिणी” के नाम से 12वीं शती में प्रथम बार अभिज्ञात किया गया है। (उससे पहले भी यह छन्द कालिदास के साहित्य में प्रयुक्त हुआ है, लेकिन वहाँ उसका अभिज्ञान “औपच्छन्दसिक” के नाम से किया जाता था।) अर्थात् शाकुन्तल के मूल पाठ में कटौती करने के बाद, दो भागों को जोड़ने के लिए जो नया श्लोक लिखा गया है, उसका छन्द भी ध्यानास्पद बनता है, क्योंकि राघवभट्ट जब उसकी मालभारिणी जैसे नये नाम से पहचान दे रहे हैं तब वह भी “यह श्लोक उत्तरवर्ती काल में लिखा गया होगा” इसका प्रमाण बन सकता है। 3. बंगाली वाचना में नायक–नायिका का जो प्रेमभरा सहचार वर्णित है उसमें मुख्य रूप से दो प्रसंग हैं। (क) दुष्यन्त ने शकुन्तला के हाथ में मृणालवलय रूप कंकण पहनाया है, तथा (ख) पुष्परज से कलुषित हुई उसकी दृष्टि को वदनमारुत से निर्मल कर दिया है। एवमेव, इन दोनों प्रसंगों के प्रवर्तन में दुष्यन्त ने शकुन्तला को “जीवितेश्वरी” के रूप में उल्लिखित किया है, तथा शकुन्तला ने दुष्यन्त को “आर्यपुत्र” शब्द से सम्बोधित किया है। इससे दोनों के बीच में स्वाभाविक रूप से ही अपनेपन का भाव उदित हुआ है, और इससे सहज प्रेम का एक चित्र प्रस्तुत होता है। लेकिन देवनागरी तथा दाक्षिणात्य वाचनाओं में उपर्युक्त दोनों प्रसंगों को संक्षेपीकरण के आशय से हटाया गया है। अतः उस संक्षिप्त पाठ्यांश में से स्वाभाविक प्रेम का चित्र प्रस्तुत करनेवाले दोनों प्रसंग अदृश्य हो गये हैं। अब इन दृश्यों को हटाकर किसको स्थानापन्न किया गया है? इसकी भी जिज्ञासा होगी। तो यहाँ पर महाभारत के आदिपर्व में आये हुए शकुन्तलोपाख्यान (सम्भवपर्व, अध्याय–67) का अनुकरण करते हुए दुष्यन्त के द्वारा गान्धर्व–विवाह का प्रस्ताव, बल्कि कण्व के आने की प्रतीक्षा किये बिना ही शकुन्तला को गान्धर्व–विवाह का रास्ता बताते हुए उसको उकसाने जैसे प्रसंगों का सन्निवेश किया गया है। महाभारत के शब्द इस तरह के हैं:—

दुःषन्त उवाच— गान्धर्वेण च मां भीरु विवाहेनैहि सुन्दरि।
विवाहानां हि रम्भोरु गान्धर्वः श्रेष्ठ उच्यते॥4॥

शकु० उवाच— फलाहारो गतो राजन् पिता मे इत आश्रमात्।
तं मुहूर्तं प्रतीक्षस्व, स मां तुभ्यं प्रदास्यति॥5॥

दुःषन्त उवाच— इच्छामि त्वां वरारोहे भजमानामनिन्दिते।
त्वदर्थं मां स्थितं विद्धि, त्वद्–गतं हि मनो मम॥6॥

68 चन्द्रशेखरचक्रवर्तिकृतसन्दर्भदीपिकया समलङ्कृतम्

आत्मनो बन्धुरात्मैव गतिरात्मैव चात्मनः।
आत्मनैवात्मनो दानं कर्तुमर्हसि धर्मतः।।7।।⁴⁶

इसमें दुष्यन्त की भोगेच्छा इतनी प्रबल है कि कण्व मुनि नजदीक में ही फलाहार ढूँढने गये हैं ऐसा शकुन्तला के द्वारा कहे जाने पर भी वह उनकी प्रतीक्षा नहीं कर सकता है। गान्धर्व-विवाह करने में धर्म का लोप नहीं होता है इत्यादि कह कर जैसे महाभारत में दुष्यन्त ने शकुन्तला को उकसाया है वैसे ही देवनागरी के परिवर्तित किये गये पाठ में भी गान्धर्व-विवाह वाले श्लोक का नवीन प्रक्षेप करके, शकुन्तला को उकसाया जाता है। नाटक में दुष्यन्त शकुन्तला को सहेलियों से भी सलाह-मशविरा करने के लिए अवकाश नहीं देता है। तथा अपरिक्षतकोमलस्य यावत्० इत्यादि शब्दों से (उपर्युक्त नवीन श्लोक में) दुष्यन्त रंगमंच पर शकुन्तला के अधरोष्ठ का रसपान करने की प्रकट शब्दों में माँग करता है, जो उसके महाभारत-वर्णित स्वरूप के साथ सुसंगत बैठता है। किन्तु वह कालिदास के द्वारा संकल्पित साक्षात् पिनाकिन् जैसे धीरोदात्त चरितवाले नायक से विरुद्ध लगता है। महाकवि कालिदास ने इस नाटक में जो उदात्त चरितवाला नायक निरूपित करने का उपक्रम रखा था उसको संक्षेपीकरण के सिलसिले में दुर्भाग्य से भुला दिया गया, और फिर से महाभारत का भोगेच्छुक और उतावलापन दिखानेवाला दुष्यन्त देवनागरी शाकुन्तल में हाजिर हो गया। साथ में दूसरा दुर्भाग्य यह भी प्रकट हुआ कि यह गान्धर्वेण विवाहेन०वाला देवनागरी वाचना का श्लोक बंगाली एवं मैथिली परम्परा में भी चुपके से प्रविष्ट हो गया। (क्योंकि वह मूल महाभारत में था।) अतः बंगाली पाठ में स्वाभाविक और निर्मल प्रेम का चित्र होने के साथ साथ, उक्त प्रक्षेप के कारण, अधीर दुष्यन्त भी दृश्यमान होने लगा। निष्कर्षतः 1. देवनागरी वाचना के पाठ में से (संक्षिप्तीकरण के कारण) स्वाभाविक प्रेम का चित्र गायब हो गया और महाभारत के भोगेच्छुक दुष्यन्त का पुनरागमन हुआ तथा 2. बंगाली वाचना में स्वाभाविक चित्र यथावत् रहते हुए भी महाभारत का उतावलापन दिखाता हुआ, गान्धर्व-विवाह का रास्ता जताता हुआ, भोगेच्छा को मुखरित करता हुआ दुष्यन्त भी आकारित किया गया। पहले में संक्षेपजनित क्षति है, तो दूसरे में प्रक्षेपजनित विकृति है। किन्तु दोनों परम्पराओं की उच्च स्तरीय पाठालोचना करने से इन दोनों को, याने संक्षेप और प्रक्षेप को पहचाना जा सकता है। यदि उसे नहीं पहचानेंगे तो कालिदास के अभिमत नायक को हम नहीं देख सकेंगे। (आज पाण्डुलिपियों में संचरित हुए देवनागरी पाठ में महाभारत का दुष्यन्त है और उपलब्ध बंगाली पाण्डुलिपियों के पाठ में दो रूपवाला दुष्यन्त दिखायी दे रहा है।)

3-2-2 देवनागरी वाचना में संक्षेप का दूसरा प्रमाण भी सरलता से देखा जा सकता


  1. महाभारते आदिपर्वणि, सम्भवपर्वणि अध्यायः 67 (श्लोकाः 4, 5, 6 एवं 7) भण्डारकर ओरिएण्टल रिसर्च इन्स्टीट्यूट, पुणे, 1933

अभिज्ञानशकुन्तलम् प्रस्तावना 69

है। यहाँ तृतीयांक का जो उपान्त्य श्लोक है उसमें, “हस्ताद् भ्रष्टं बिसाभरणम्” शब्दों के होते हुए भी शकुन्तला के हाथ से गिरते हुए किसी मृणाल-वलय का निर्देश नहीं है। दूसरी ओर अङ्क के आरम्भ में तो कहा गया था कि शकुन्तला ने अपने हाथ में जो मृणालवलय पहना है वह प्रशिथिल है लेकिन उसके गिरने का प्रसंग देवनागरी पाठ में कहीं है ही नहीं, जो संक्षिप्त किये गये पाठ का सबल प्रमाण बनता है।

3-2-3 देवनागरी पाठ में प्रक्षेप के उदाहरण भी कुत्रचित् मिलते हैं। जैसे कि तृतीयांक में जब शकुन्तला ने कहा कि उसे उस राजर्षि की अनुकम्पा का भाजन बनाया जाय तब दोनों सहेलियों ने उसे अभिनन्दन देने का विचार किया। क्योंकि शकुन्तला जिसमें आसक्त हुई थी वह पौरवों में ललामभूत था। प्रियंवदा की उक्ति है-सखि, दिष्ट्या अनुरूपस्ते अभिनिवेशः। सागरम् उज्झित्वा कुत्र वा महानदी अवतरति। क इदानीं सहकारम् अन्तरेणातिमुक्तलतां पल्लवितां सहते। यहाँ दो उपमानों से शकुन्तला का अभिनन्दन किया जा रहा है। परन्तु उसमें एक ही विचार की पुनरुक्ति भी हो रही है। इसके सामने बंगाली वाचनानुसारी पाठ में दूसरा वाक्य है ही नहीं। अब इससे भी सिद्ध होता है कि देवनागरी के पाठ में पुनरुक्ति रूप दूसरा वाक्य प्रक्षिप्त है।

4-0-1 बंगाली वाचना और देवनागरी-दाक्षिणात्य वाचनाओं के पाठ में, चतुर्थाङ्क के प्रारम्भ में ही एक महत्त्वपूर्ण भेद यह मिलता है कि अन्यमनस्का शकुन्तला को दुर्वासा मुनि शाप देकर चल पड़े तब उनसे शापमुक्ति की याचना करने के लिए कौन जाता है, अनसूया या प्रियंवदा?। प्रथम वाचना के मुताबिक अनसूया जाती है और द्वितीय वाचनानुसार प्रियंवदा जाती है। दोनों सहेलियाँ पुष्पावचयन कर रही थीं तब उन्होंने सुना कि आश्रम के द्वार पर कोई अतिथि आकर खड़े थे और उन्होंने शकुन्तला को शाप दे दिया है। बंगाली वाचना में, इस प्रसंग के जो संवाद अनसूया के मुख में रखे गये थे वे सब देवनागरी वाचना में पलट कर प्रियंवदा के मुख में रखे गये हैं। जैसे (बंगाली वाचना में)-

प्रियंवदा—को अण्णो हुदवहादो दहिदुं पहवदि। ता गच्छ। पादेसुं पडिअ णिअत्तावेहि जाव से अहं पि अग्घोदअं उवकप्पेमि। (कोऽन्यः हुतवहाद् दग्धुम् प्रभवति। तद्गच्छ। पादयोः पतित्वा निवर्तय यावद् अस्याहमर्घ्योदकं उपकल्पयामि।)

अनसूया—तधा। (तथा।) (इति निष्क्रान्ता)

प्रियंवदा—(पदान्तरे स्खलितं रूपयन्ती) अम्मो, आवेअक्खलिदाए पब्भट्ठं मे अग्गहत्थादो पुप्फभाअणं। (अम्मो, आवेगस्खलितायाः प्रभ्रष्टं मे अग्रहस्तात् पुष्पभाजनम्।) (नाट्येन पुष्पावचयं विधत्ते।)

अनसूया—(प्रविश्य) सहि, सरीरी विअ कोवो कस्स सो अणुणअं गेण्हदि। किं चि उण साणुकम्पो किदो। (सखि, शरीरी इव कोपः, कस्य सः अनुनयं गृह्णाति। किंचित् पुनः सानुकम्पः कृतः।)