संक्षिप्त स्कन्द पुराण
Skanda Purana
महर्षि वेदव्यास द्वारा
| ८९४ | * संक्षिप्त स्कन्दपुराण * |
|---|
भी धिक्कार है और सबको ठगनेवाले इस शिवक्षेत्रको भी धिक्कार है। अब मैं ऐसा करूँ जिससे यहाँ किसीकी मुक्ति न हो।' ऐसा विचारकर जब वे काशीको शाप देनेके लिये उद्यत हुए, तब भगवान् शिव जोर-जोरसे हँसने लगे। तत्काल ही वहाँ एक शिवलिंग प्रकट हो गया, जो 'प्रहसितेश्वर' नामसे विख्यात हुआ। उससे साक्षात् भगवान् शंकर दुर्वासाके शापसे पुरीकी रक्षा करनेके लिये प्रकट हुए और इस प्रकार बोले—'महाक्रोधी तापस! मैं प्रसन्न हूँ, वर माँगो।'
शाप देनेके लिये जिनका हाथ उठ चुका था, वे दुर्वासा मुनि भगवान् शंकरका करुणामय वचन सुनकर लज्जित हो गये और बोले—तीनों लोकोंको अभय देनेवाली इस काशीपुरीको शाप देनेके लिये उद्यत होनेवाले मुझको धिक्कार है। जो बुद्धिमान् काशीपुरीकी स्तुति करता है, जो काशीको हृदयमें धारण करता है, उसने बड़ी भारी तपस्या की है और उसीने करोड़ों यज्ञोंका अनुष्ठान किया है। 'काशी' यह दो अक्षरोंका नाम जिसकी जिह्वाके अग्रभागपर स्थित है, उस उत्तम बुद्धिवाले पुरुषको कभी गर्भमें नहीं आना पड़ता। जो 'काशी' इस दो अक्षरके मन्त्रका प्रतिदिन प्रातःकाल जप करता है, वह इहलोक और परलोक—दोनोंको जीतकर लोकातीत पदको प्राप्त होता है।
भगवान् शिव बोले—अनसूयानन्दन! इस समय काशीकी स्तुतिके पुण्यसे तुम्हें जैसा उत्तम ज्ञान प्राप्त हुआ है, वैसा पहले तपस्यासे भी नहीं प्राप्त हुआ था। मुने! काशीकी स्तुतिकी लालसा रखनेवाला मनुष्य मुझे जैसा अतिशय प्रिय प्रतीत होता है, वैसा प्रिय यज्ञकी दीक्षा लेकर निरन्तर मेरा यजन करनेवाला पुरुष भी नहीं लगता।
यह सुनकर दुर्वासाजीने भगवान् शिवका स्तवन किया और प्रसन्न होकर वर माँगते हुए कहा—देवदेव! जगन्नाथ! करुणाकर! शंकर! मृत्युंजय! उग्र! भूतनाथ! पार्वतीपते! त्रिलोचन! नाथ! धूर्जटे! यहाँ प्रकट हुआ यह लिंग 'कामद' नामसे प्रसिद्ध होवे और यह तड़ाग 'कामकुण्ड' कहलाये।
देवदेवने कहा—महातेजस्वी मुने! 'एवमस्तु'। तुमने जो दुर्वासेश्वर-लिंगकी स्थापना की है, वही मनुष्योंकी कामना पूर्ण करनेके कारण कामेश्वर नामसे विख्यात होगा। जो शनिवारयुक्त त्रयोदशीको प्रातःकाल तुम्हारे स्थानपर स्थित कामकुण्डमें स्नान और तुम्हारे द्वारा स्थापित कामेश्वर-लिंगका दर्शन करेगा, वह कामजनित दोषसे यमयातनाको नहीं प्राप्त होगा। अनेक जन्मोंके उपार्जित नाना प्रकारके पाप काम-तीर्थके जलमें स्नान करनेसे क्षण भरमें नष्ट हो जायेंगे। कामेश्वरकी सेवासे समस्त कामनाएँ पूर्ण होंगी।
ऐसा वरदान देकर भगवान् शिव उसी लिंगमें विलीन हो गये। उस शिवलिंगकी आराधनासे दुर्वासा ऋषिने सम्पूर्ण कामनाएँ प्राप्त कर लीं। इसलिये बड़ी-बड़ी अभिलाषा रखनेवाले पुरुषोंको सदा प्रयत्नपूर्वक काशीमें कामेश्वरकी पूजा करनी चाहिये। महापातकोंकी शान्तिके लिये कामकुण्डमें स्नान करके कामेश्वरका दर्शन-पूजन करना चाहिये।
o
श्रीविश्वकर्मेश्वर-लिंगकी महिमा
पार्वतीजी बोलीं—भगवान्! काशीमें परम विख्यात जो विश्वकर्मेश्वर-लिंग है, उसकी उत्पत्तिका वृत्तान्त कहिये।
महादेवजीने कहा—देवि! पूर्वकालमें त्वष्टा प्रजापतिके पुत्र विश्वकर्मा हुए, जो ब्रह्माजीके द्वितीय स्वरूप हैं। उपनयन-संस्कार हो जानेपर वे गुरुकुलमें रहकर भिक्षान्न-भोजन एवं गुरुशुश्रूषा करने लगे। एक दिन वर्षाकाल आनेपर गुरुने उन्हें आज्ञा दी—'वत्स! तुम मेरे लिये एक पर्णशाला बना दो, जहाँ वर्षाका कष्ट न हो, जो कभी नष्ट
* काशीखण्ड-उत्तरार्ध * ८९५
और पुरानी न हो।' तत्पश्चात् गुरुपत्नीने आज्ञा दी—'तुम मेरे लिये चोली बना दो, जो मेरे शरीरके अनुरूप हो, न कसी हुई हो और न ढीली ही हो। वह कपड़ेके बिना केवल वल्कलसे बनी हो, बहुत सुन्दर हो और सदा स्वच्छ रहनेवाली हो।' इसके बाद गुरुके पुत्रने आदेश दिया—'मेरे लिये दो खड़ाऊँ तैयार करो, जिनपर चढ़कर मेरे पैरोंको कभी कीचड़का स्पर्श न हो, उनमें चमड़े आदिका बन्धन न लगा हो, जो दौड़ते समय भी मुझे आराम देनेवाली हों तथा जिनके द्वारा मैं स्थल—भूमिकी भाँति जलके ऊपर भी अच्छी तरह चल सकूँ।' अन्तमें गुरुपुत्री बोली—'मेरे लिये अपने ही हाथसे दो सोनेके कर्णफूल बना दो। साथ ही लड़कियोंके खेलनेयोग्य खिलौने भी दो, जो हाथीदाँतके बने हुए और तुम्हारे ही हाथसे तैयार किये गये हों।'
पार्वती! तब विश्वकर्माने सबके आगे 'बहुत अच्छा, ऐसा ही होगा' इस प्रकार प्रतिज्ञा की और वनके भीतर प्रवेश करके वे चिन्ता करने लगे। कुछ करना तो जानते नहीं थे, परंतु 'मैं सब करूँगा' ऐसी प्रतिज्ञा सबके सामने कर चुके थे। अतः मन-ही-मन इस विचारमें पड़े कि 'क्या करूँ, कहाँ जाऊँ, कौन मुझे बुद्धिकी भी सहायता देगा, मैं किसकी शरणमें जाऊँ। जो मूढ़ मानव गुरु, गुरुपत्नी और गुरु-पुत्रकी आज्ञा स्वीकार करके उसे पूर्ण नहीं करता, वह नरकगामी होता है। ब्रह्मचारियोंका प्रधान धर्म गुरुशुश्रूषा ही है। गुरुजनोंकी आज्ञाका पालन न करनेपर जो दोष लगेगा, उससे मेरा उद्धार कैसे होगा। मैं इस वनमें रहकर उनकी बात कैसे पूरी कर सकूँगा। गुरुजनोंकी तो बात दूर रही, दूसरे छोटे मनुष्योंके भी कार्यको 'हाँ' कहकर स्वीकार कर लेनेपर जो उसे पूरा नहीं करता, वह नरकगामी होता है। मैं अज्ञानी हूँ, असहाय हूँ। इन सब कार्योंको मैं कैसे पूर्ण कर सकूँगा। इन्हें स्वीकार तो मैंने भयके कारण कर लिया है।'
वनके मध्यभागमें बैठे हुए विश्वकर्मा जब इस प्रकार चिन्तामें लगे थे, उसी समय उन्हें अकस्मात् एक तपस्वी महात्मा दिखायी दिये। उनको नमस्कार करके विश्वकर्माने पूछा—'आप कौन हैं, जो मेरे मनको बहुत सुखी कर रहे हैं? आप तापसरूपमें मेरे प्रारब्ध हैं अथवा साक्षात् करुणावरुणालय भगवान् शिव ही प्रकट हो गये हैं। आप जो हों, सो हों, आपको नमस्कार है। मुझे उपदेश दें, मैं गुरुकी, गुरुपत्नीकी तथा गुरुपुत्रोंकी आज्ञाका पालन कैसे कर सकता हूँ, इसके लिये कोई उपाय बताइये।' वनमें उस ब्रह्मचारी बालकके ऐसा कहनेपर तपस्वी बोले—'त्वाष्ट्र! यह कौन-सी अद्भुत बात है? ब्रह्माजी भी भगवान् विश्वनाथकी कृपासे ही सम्पूर्ण विश्वकी सृष्टि करनेमें प्रवीण हुए हैं। यदि तुम काशीमें जाकर सर्वज्ञ विश्वनाथजीकी आराधना करोगे तो तुम्हारा विश्वकर्मा नाम सार्थक होगा। श्रीकाशीपुरीमें विश्वनाथजीकी कृपासे कोई भी मनोरथ दुर्लभ नहीं है। बालक! यदि तुम अपने मनोरथोंको प्राप्त करना चाहते हो तो विश्वनाथजीके स्थान काशीपुरीमें जाओ।'
इस प्रकार तपस्वीका वचन सुनकर विश्वकर्माने पूछा—महात्मन्! भगवान् शिवका वह आनन्दवन-काशी कहाँ है?
तपस्वी बोले—मैं भी वहाँ जानेकी इच्छा रखता हूँ, मेरे साथ चलो, मैं तुम्हें पहुँचा देता हूँ।
तब उन अतिशय कृपालु महर्षिके साथ विश्वकर्मा विश्वनाथजीकी पुरीमें गये। वहाँ जानेसे उनका मन स्वस्थ हो गया। विश्वकर्माको काशीमें पहुँचाकर वे तपस्वी कहीं असम्भावित गतिसे चले गये। विश्वकर्मा सोचने लगे, 'कहाँ तो उस वनमें व्याकुल चित्तवाला मैं और कहाँ वे तापस मुनि, जो मुझे उत्तम उपदेश देकर यहाँ ले आये। यह सब उन्हीं त्रिनेत्रधारी भगवान् शिवकी लीला है, जिनके भक्तको कहीं कुछ भी दुर्लभ नहीं है। मेरी गुरुभक्ति ही भगवान् शिवको प्रसन्न करनेमें कारण हुई है। उसीसे सन्तुष्ट होकर परम दयालु भगवान् विश्वनाथने मुझपर अनुग्रह किया है। यदि मुझपर उनकी कृपा न होती तो तपस्वीका संग कैसे प्राप्त
| ८९६ | * संक्षिप्त स्कन्दपुराण * |
|---|
होता। मनुष्य जब साधु पुरुषोंद्वारा सेवित वेदोक्त मार्गका त्याग नहीं करता, तभी उसपर भगवान् विश्वनाथ अपनी उत्तम दयाका विस्तार करते हैं।'
इस प्रकार अपने ऊपर भगवान् विश्वेश्वरकी कृपाका समर्थन करके विश्वकर्माने पवित्र भावसे एक शिवलिंगको स्थापित किया और स्वस्थचित्त होकर भगवान् विश्वनाथकी आराधना की। वे वनसे ऋतुके अनुकूल बहुत-से पुष्प लाकर स्नान करके नित्य भगवान् शिवकी पूजा करते तथा कन्द, मूल और फलसे जीविका चलाते थे। इस प्रकार शिवलिंगकी आराधनामें मन लगाये हुए विश्वकर्माके जब तीन वर्ष व्यतीत हो गये, तब करुणानिधान भगवान् शिव उनके ऊपर प्रसन्न हो उसी लिंगसे प्रकट होकर बोले—'त्वाष्ट्र! मैं तुम्हारी दृढ़ भक्तिसे बहुत सन्तुष्ट हूँ, तुम कोई वर माँगो। बालक! गुरु-गुरुपत्नी तथा गुरुपुत्रोंने तुमसे जो कुछ माँगा है, वह सब पूर्ण करनेकी शक्ति तुम्हें प्राप्त होगी। धातु, लकड़ी, पत्थर, मणि, रत्न, फूल, वस्त्र, कर्पूर आदि सुगन्धित पदार्थ, जल, कन्दमूल, फल, द्रव्य और वल्कल—इन सब वस्तुओंका काम बनानेकी विद्या तुम्हें प्राप्त होगी। जिस-जिस पुरुषकी, जैसे-जैसे घर या मन्दिर बनवानेकी रुचि होगी, उस-उसके सन्तोषके लिये तुम सब कुछ उसी प्रकार करनेकी कलामें प्रवीण होओगे। सब प्रकारके शृंगार और आभूषणोंकी रचना, सब प्रकारकी रसोईके संस्कार, सभी तरहके शिल्पकर्म, नृत्य, गीत और वाद्यसम्बन्धी सब वस्तुओंको बनानेकी विधि तुम्हें ज्ञात होगी। शिल्पनिर्माणकी कलामें तुम दूसरे ब्रह्मा समझे जाओगे। अनेक प्रकारके यन्त्र (मशीन), भाँति-भाँतिके अस्त्रोंका निर्माण, जलाशय (कूप, तड़ाग, बावली आदि) तथा उत्तम दुर्गकी रचनाका भी तुम्हें ज्ञान होगा। तुम मेरे वरदानसे सम्पूर्ण कलाओंके ज्ञाता हो जाओगे। सारी इन्द्रजाल-विद्या भी तुम्हारे अधीन होगी। सब कर्मोंमें कुशलता, सब बुद्धियोंकी श्रेष्ठता और सबकी मनोवृत्तियोंका ज्ञान तुम्हें स्वतः प्राप्त होगा। सम्पूर्ण विश्वमें अखिल कर्मोंका ज्ञाता होनेके कारण तुम्हारा यह विश्वकर्मा नाम यथार्थ होगा।'
विश्वकर्मा बोले—भगवन्! मैंने अज्ञ होते हुए भी यह जो शिवलिंग स्थापित किया है, इसकी आराधना करके मेरी ही भाँति दूसरे लोग भी सद्बुद्धिके पात्र हों।
महादेवजीने कहा—'एवमस्तु'। तुम्हारे द्वारा स्थापित लिंगकी आराधना करनेवाले सब लोग सद्बुद्धिके पात्र हों और सभी युक्तिकी दीक्षाके अधिकारी बनें। तात! ब्रह्माजीके वरदानसे जब दिवोदास यहाँके राजा होंगे, तब तुम मेरे आदेशसे मेरा मन्दिर निर्माण करोगे। विश्वकर्मन्! अब तुम जाओ और गुरुजीकी आज्ञाके पालनका यत्न करो, क्योंकि जो गुरुके भक्त हैं, वे निःसन्देह मेरे ही भक्त हैं। भक्तोंका अभीष्ट पूर्ण करनेवाला मैं तुम्हारे द्वारा स्थापित उस अर्चाविग्रहमें निरन्तर निवास करूँगा। अंगारेश्वरसे उत्तर भागमें जो तुम्हारे स्थापित किये हुए इस लिंगकी आराधना करेंगे, उन्हें पग-पगपर अभीष्ट मनोरथोंकी प्राप्ति होगी।'
ऐसा कहकर महादेवजी अन्तर्धान हो गये और विश्वकर्मा अपने गुरुके पास आये। गुरुकी अभिलाषा पूर्ण करके वे अपने घर चले गये। घरपर भी अपने सत्कर्मसे उन्होंने माता-पिताको सन्तुष्ट किया और सदा उनकी आज्ञाका पालन किया। तत्पश्चात् वे काशी चले आये और अपने द्वारा स्थापित शिवलिंगकी आराधनामें संलग्न हो गये।
श्रीमहादेवजी कहते हैं—पार्वती! तुमने काशीपुरीमें मुक्ति देनेकी शक्ति रखनेवाले जिन शिवलिंगोंका परिचय पूछा था, उन सबका वर्णन मैंने किया। ॐकारेश्वर, त्रिविष्टपेश्वर, महादेवेश्वर, कृत्तिवासेश्वर, रत्नेश्वर, चन्द्रेश्वर, केदारेश्वर, धर्मेश्वर, वीरेश्वर, कामेश्वर, विश्वकर्मेश्वर तथा मणिकर्णिश्वर, अविमुक्तेश्वर और सम्पूर्ण विश्वको सुख देनेवाले विश्वनाथ नामसे प्रसिद्ध विश्वेश्वर—ये सभी मुक्तिदायक लिंग हैं। अविमुक्तक्षेत्रमें आकर जिसने भगवान् विश्वेश्वरका पूजन कर लिया, उसका
* काशीखण्ड-उत्तरार्ध * । ८९७
सैकड़ों कल्पोंमें भी जन्म नहीं होता। जितेन्द्रिय संन्यासियोंको आठ महीने घूमनेका विधान है और वर्षाके चौमासेमें एक स्थानपर रहनेके लिये शास्त्रकी आज्ञा है। उन्हें किसी एक स्थानपर लगातार एक वर्षतक नहीं रहना चाहिये। परंतु अविमुक्त क्षेत्रमें जिनका प्रवेश हो गया है, ऐसे संन्यासियोंके लिये भ्रमण करनेका आदेश लागू नहीं होता और उन्हें यहाँ मोक्ष भी निःसन्देह प्राप्त हो जाता है। इसलिये कभी काशीपुरीका परित्याग नहीं करना चाहिये। इन चौदह लिंगोंकी माहात्म्य-कथा सुनकर श्रेष्ठ पुरुष चौदहों भुवनोंमें उत्तम सम्मान प्राप्त करेगा।
$\sim\sim\circ\sim\sim$
दक्षेश्वर तथा पार्वतीश्वर लिंगका माहात्म्य
स्कन्दजी कहते हैं—मुने! भगवान् शंकरके गणोंने जब दक्षयज्ञका विध्वंस कर दिया, उस समय ब्रह्माजीने दक्षको यह उपदेश दिया कि 'प्रजापते! भगवान् शंकरकी निन्दासे जो दुस्त्यज पापपंक उत्पन्न हो गया है, उसको धो डालनेकी इच्छा हो तो तुम काशीपुरीमें जाओ। बड़े-बड़े पापोंका नाश करनेवाली पुण्यमयी काशीपुरीमें जाकर तुम वहाँ शिवलिंगकी प्रतिष्ठा करो। इससे भगवान् शंकर सन्तुष्ट होते हैं और उनके सन्तुष्ट होनेपर यह सम्पूर्ण चराचर जगत् सन्तुष्ट हो जाता है। मनीषी महर्षियोंने ब्रह्महत्या आदि पापोंका प्रायश्चित्त तो कहा है, परंतु शिवनिन्दाजनित पापका प्रायश्चित्त नहीं बताया है। उसका प्रायश्चित्त तो केवल काशी ही है। जिन पुण्यात्माओंने काशीमें शिवलिंगकी प्रतिष्ठा की है, उनके द्वारा सब धर्मोंका अनुष्ठान हो गया। इस संसारमें वे ही पुरुषार्थी हैं।'
ब्रह्माजीका यह वचन सुनकर दक्ष प्रजापति शीघ्र ही काशीपुरीमें आये और वहाँ बड़ी भारी तपस्यामें संलग्न हो गये। उन्होंने विधिपूर्वक शिवलिंगकी स्थापना करके उसकी आराधना प्रारम्भ कर दी। उस लिंगसे भिन्न दूसरी किसी वस्तुको इस भूतलपर वे नहीं जानते थे। प्रजापति दक्ष दिन-रात भगवान् महेश्वरकी स्तुति, पूजा, नमस्कार, ध्यान और दर्शन करते थे। एकचित्त होकर उस ईश्वरलिंगकी आराधना करते हुए दक्षके बारह हजार वर्ष व्यतीत हो गये। दक्षकन्या सती अपना शरीर त्यागकर जब हिमाचलकी पतिव्रता पत्नी मेनाके गर्भसे प्रकट हुईं और उमारूपसे अत्यन्त तपस्या करके जब उन्होंने पिनाकपाणि भगवान् शिवको पतिरूपमें प्राप्त कर लिया, तबतक तपस्यामें निश्चलभावसे बैठे हुए दक्ष शिवलिंगकी आराधना करते रहे। तदनन्तर गिरिराजकिशोरी उमा जब अपने पतिके साथ काशी आयीं और दक्षको निश्चलचित्तसे शिवलिंगकी आराधनामें तत्पर देखा, तब देवीने महादेवजीसे निवेदन किया—'प्रभो! ये तपस्या करते-करते अत्यन्त दुर्बल हो गये हैं। कृपासिन्धो! अब तो इन प्रजापतिको वरदान देकर प्रसन्न कीजिये।'
देवी अपर्णाके ऐसा कहनेपर महेश्वरने दक्षसे कहा—महाभाग! वर माँगो।
भगवान् शंकरका ऐसा वचन सुनकर प्रजापतिने उन्हें अनेक बार प्रणाम किया और नाना प्रकारके स्तोत्रोंद्वारा उनकी स्तुति की। तत्पश्चात् उन्हें प्रसन्न देखकर इस प्रकार कहा—'देव! आपके युगल चरणारविन्दोंमें मेरी निर्द्वन्द्व भक्ति बनी रहे और मैंने जो आपके महालिंगकी यहाँ स्थापना की है, इसमें आप सदा निवास करें। कृपानिधे! मैंने जो आपका अपराध किया है, उसे क्षमा कर दें।'
यह सुनकर महादेवजी बहुत प्रसन्न हुए और बोले—तुमने जैसा कहा है, वह सब उसी प्रकार होगा। प्रजापते! तुमने जो दक्षेश्वर नामक शिवलिंगकी स्थापना की है, इसके सेवनसे मैं पुरुषोंके सहस्रों अपराध क्षमा कर दूँगा, इसमें सन्देह नहीं है।
| ८९८ | * संक्षिप्त स्कन्दपुराण * |
|---|
अतः मनुष्योंको इस दक्षेश्वर लिंगकी पूजा अवश्य करनी चाहिये और तुम इस लिंगार्चनके पुण्यसे सर्वमान्य होओगे। दो परार्ध व्यतीत होनेपर तुम मोक्षको प्राप्त हो जाओगे। ऐसा कहकर महादेवजी उसी लिंगमें अन्तर्धान हो गये। प्रजापति दक्ष भी पूर्णमनोरथ होकर अपने घरको लौट गये।
अगस्त्य! इस प्रकार दक्षेश्वरकी उत्पत्ति बतायी गयी।
अगस्त्यजी बोले— पार्वतीनन्दन! अब पार्वतीश्वर लिंगकी उत्पत्तिका वर्णन कीजिये।
स्कन्दजीने कहा— मुने! एक दिन हिमाचलकी पतिव्रता पत्नी मेनाने अपनी पुत्री पार्वतीसे पूछा— 'बेटी! तुम्हारा और भगवान् महेश्वरका कौन-सा स्थान है, कौन घर है और कौन बन्धु है? तुम कुछ जानती हो तो बताओ।'
माताका यह प्रश्न सुनकर पार्वतीजीको बड़ी लज्जा हुई और उन्होंने अवसर पाकर भगवान् शिवको नमस्कार करके कहा— प्राणवल्लभ! अब मुझे निश्चितरूपसे ससुराल चलना चाहिये। यहाँ रहना उचित नहीं है, अतः मुझे अपने घर ले चलें। पार्वतीकी यह बात सुनकर यथार्थ रहस्यको जाननेवाले महादेवजीने हिमालयको छोड़ दिया और अपने परमधाम आनन्दवनमें चले आये। परमानन्दके हेतुभूत आनन्दवनमें आकर आनन्दस्वरूपा पार्वतीदेवी अपने पिताके घरको भूल गयीं।
तदनन्तर एक दिन गौरीदेवीने महेश्वरसे पूछा— भगवन्! इस क्षेत्रमें अविच्छिन्न आनन्दका समुद्र क्यों उमड़ रहा है, यह बतानेकी कृपा करें। | गौरीका यह वचन सुनकर पिनाकधारी शिवने कहा— 'यह पाँच कोसका क्षेत्र मुक्तिधाम है। यहाँ तिलके बराबर भी कोई कहीं ऐसा स्थान नहीं है, जहाँ कोई शिवलिंग न हो। यहाँ बहुत-से परमानन्द-स्वरूप लिंग हैं। चौदहों भुवनोंमें जो पुण्यात्मा निवास करते हैं, उन सबने अपने-अपने नामसे यहाँ लिंग-स्थापना की है और इससे कृतार्थताका अनुभव किया है। पार्वती! यही कारण है कि यह क्षेत्र असीम आनन्दका प्रधान हेतु बन गया है।'
महादेवी बोलीं— नाथ! तब मुझे भी यहाँ शिवलिंग स्थापित करनेकी आज्ञा दीजिये। पतिकी आज्ञा लेकर पतिव्रता नारी जो-जो कल्याणमय कार्य करती है, उसके श्रेयकी हानि कभी प्रलयकालमें भी नहीं होती। इस प्रकार देवेश्वरको प्रसन्न करके उनकी आज्ञा ले गौरीजीने महादेवेश्वरके समीप एक शिवलिंग स्थापित किया, जिसके दर्शनसे मनुष्योंके ब्रह्महत्या आदि पातक नष्ट हो जाते हैं और उन्हें फिर कभी देहबन्धन नहीं प्राप्त होता। मुने! महादेवजीने उस लिंगको जो वरदान दिया है, उसको श्रवण करो। 'जो कोई काशीमें पार्वतीश्वर नामक लिंगका भलीभाँति पूजन करेगा, वह देहावसान होनेपर मुझमें ही प्रवेश करेगा। चैत्र शुक्ला तृतीयाको पार्वतीश्वरकी पूजा करनेसे मनुष्य इस लोकमें सौभाग्य और परलोकमें सद्गति प्राप्त करता है। जो श्रेष्ठ पुरुष पार्वतीश्वरका माहात्म्य सुनेगा, वह परम बुद्धिमान् होकर इहलोक और परलोककी सम्पूर्ण कामनाओंको प्राप्त करेगा।'
~~ o ~~
नर्मदेश्वर तथा सतीश्वर लिंगका माहात्म्य
स्कन्दजी कहते हैं— मुने! अब मैं आपसे नर्मदेश्वरका माहात्म्य कहता हूँ, जिसके स्मरण-मात्रसे बड़े-बड़े पातकोंका नाश हो जाता है। इस वाराहकल्पके प्रारम्भमें बड़े-बड़े महर्षियोंने मार्कण्डेयजीसे पूछा— 'मृकण्डनन्दन! सब नदियोंमें श्रेष्ठ नदी कौन-सी है?' | मार्कण्डेयजी बोले— मुनियो! आप सब लोग सुनें। भारतवर्षमें सैकड़ों नदियाँ हैं। वे सभी पापोंका नाश करनेवाली और पुण्य देनेवाली हैं। उन सबमें श्रेष्ठ वे नदियाँ हैं, जो समुद्रमें मिली हैं। उनमें भी गंगा, यमुना, नर्मदा और सरस्वती— ये चार नदियाँ सर्वश्रेष्ठ हैं। गंगा ऋग्वेदमूर्ति,
- काशीखण्ड-उत्तरार्ध *
८९९
यमुना यजुर्वेदमूर्ति, नर्मदा सामवेदमूर्ति और सरस्वती
अथर्ववेदस्वरूपा हैं। इनमें भी गंगा ही सब नदियोंकी
उत्पत्तिकी कारणभूता हैं, वे ही समुद्रको भी
भरती हैं। इस भूमण्डलमें गंगाजीकी समता करनेवाली
दूसरी कोई श्रेष्ठ नदी नहीं है। परंतु पूर्वकालमें
नर्मदा नदीने बहुत वर्षोंतक तपस्या करके ब्रह्माजीको
प्रसन्न किया। जब ब्रह्माजी वर देनेको उद्यत हुए,
तब नर्मदाने इस प्रकार प्रार्थना की- 'भगवन्!
यदि आप प्रसन्न हैं तो मुझे गंगाजीके समान कर
दीजिये।' तब ब्रह्माजीने मुसकराते हुए कहा-
'यदि दूसरा कोई देवता भगवान् त्रिलोचनकी
समता प्राप्त कर ले, दूसरा कोई पुरुष पुरुषोत्तम
श्रीविष्णुके समान हो जाय, दूसरी कोई नारी
भगवती पार्वतीकी समानता कर ले तथा दूसरी
कोई नगरी काशीपुरीकी बराबरी कर सके तो
दूसरी नदी भी गंगाके समान हो सकती है।'
ब्रह्माजीका यह वचन सुनकर नर्मदा उनके
वरदानका त्याग करके काशीपुरीमें चली गयी।
वहाँ भगवान् त्रिलोचनके समीप पिलपिलातीर्थमें
उसने विधिपूर्वक शिवलिंग स्थापित किया। तब
उस पुण्यात्मा नदीके ऊपर भगवान् शंकर बहुत
प्रसन्न हुए और बोले- 'सौभाग्यशालिनि! तुम
अपनी रुचिके अनुसार वर माँगो।' यह सुनकर
सरिताओंमें श्रेष्ठ नर्मदा बोली- 'देवेश्वर! तुच्छ
वर माँगनेसे क्या लाभ? आपके युगलचरणोंमें
मेरी निर्द्वन्द्व भक्ति बनी रहे।' नर्मदाकी यह बात
सुनकर भगवान् शंकर अत्यन्त प्रसन्न हो बोले-
'नर्मदे! तुम्हारे तटपर जितने भी प्रस्तरखण्ड हैं,
वे सब मेरे वरसे शिवलिंगस्वरूप हो जायँगे।
गंगामें स्नान करनेपर शीघ्र ही पापका नाश होता
है, यमुना सात दिनके स्नानसे और सरस्वती तीन
दिनके स्नानसे सब पापोंका नाश करती है, परंतु
तुम दर्शनमात्रसे सम्पूर्ण पापोंका निवारण करनेवाली
होओगी। तुमने जो यहाँ नर्मदेश्वर नामक शिवलिंगकी
स्थापना की है, वह लिंग परम पुण्यमय तथा
शाश्वत मोक्ष देनेवाला होगा।'
ऐसा कहकर देवदेवेश्वर भगवान् शिव उसी
लिंगमें लीन हो गये। अद्भुत पवित्रता पाकर
नर्मदा भी बहुत सन्तुष्ट हुई। वह दर्शनमात्रसे
पापहारिणी बनकर अपने देशको चली गयी।
इस प्रकार मार्कण्डेय मुनिका वचन सुनकर
वे सब मुनीश्वर प्रसन्नचित्त हो गये और उन्होंने
अपने-अपने हितका कार्य किया। नर्मदेश्वरके
इस माहात्म्यको सुनकर भक्तियुक्त मनुष्य पापरूपी
केंचुलका त्याग करके उत्तम ज्ञान प्राप्त करेगा।
स्कन्दजी कहते हैं- महादेवीजी जब रुद्र-भावको
प्राप्त हुए, तब महादेवी जगदम्बा दक्षकन्या सतीके
रूपमें प्रकट हुईं। उन्होंने भी काशीमें तीव्र तपस्या
की। उनकी तपस्याका उद्देश्य था, अपने अनुरूप
श्रेष्ठ वरको प्राप्त करना। तपस्या करते-करते उन्होंने
देखा, सामने भगवान् शंकर लिंगरूपमें प्रकट हुए
हैं और स्पष्ट बोल रहे हैं- 'महादेवि! अब तपस्याकी
आवश्यकता नहीं, यह सतीश्वर लिंग तुम्हारे नामसे
विख्यात होगा। दक्षकुमारी! यहाँ आकर जैसे तुम्हारा
मनोरथ सफल हुआ है, उसी प्रकार इस लिंगकी
आराधना करके दूसरोंका मनोरथ भी सफल होगा।
कुमारी कन्या इस शिवलिंगकी पूजासे उत्तम पति
प्राप्त करेगी और कुवाँरा पुरुष इसकी आराधनासे
सुन्दर स्त्री प्राप्त करेगा। सतीश्वरकी भलीभाँति
पूजा करके जो जिस फलको चाहेगा, उसे वह
मनोवांछित फल शीघ्र ही प्राप्त होगा। आजसे आठवें
दिन तुम्हारे पिता दक्ष प्रजापति तुम्हारा विवाह मेरे
साथ करेंगे। तुम्हारा मनोरथ सफल हुआ।'
ऐसा कहकर देवदेवेश्वर शिव वहीं (उस
लिंगमें) अन्तर्धान हो गये। दाक्षायणी भी प्रसन्नतापूर्वक
अपने घरको लौट गयीं। फिर आठवें दिन उनके
पिताने भगवान् शंकरके साथ उनका विवाह कर
दिया।
स्कन्दजी कहते हैं- इस प्रकार काशीमें सतीश्वर
लिंग प्रकट हुआ। रत्नेश्वरके पूर्वभागमें सतीश्वरका
दर्शन करके मनुष्य तत्काल सब पापोंसे मुक्त
होता और क्रमशः ज्ञान प्राप्त कर लेता है।
oIn Public Domain. Digitzed by Sarvagya Sharda Peeth
९०० * संक्षिप्त स्कन्दपुराण *
अमृतेश्वर लिंगकी महिमा तथा व्यासोक्त व्रत एवं धर्मोंका निरूपण
स्कन्दजी कहते हैं—मुने! पूर्वकालकी बात है। यहाँ काशीपुरीमें सनारु नामवाले एक मुनि थे, जो गृहस्थ-आश्रमके धर्मका पालन करनेवाले, ब्रह्मयज्ञपरायण, अतिथिपूजक, शिवलिंग-पूजनमें तत्पर रहनेवाले और तीर्थमें दान नहीं लेनेवाले थे। उन सनारु मुनिके एक पुत्र हुआ, जिसका नाम उपजंघनि था। वह किसी दिन वनमें गया और वहाँ उसको एक साँपने डस लिया। तदनन्तर उसके समवयस्क मित्र उसे उठाकर आश्रममें ले आये। सनारुने लंबी साँस खींचकर उपजंघनिको स्वर्गद्वारके समीप महाश्मशानभूमिमें पहुँचाया। वहाँ श्रीफलके समान आकारवाला एक अत्यन्त गुप्त शिवलिंग था। वहीं उस शवको रखकर वे विचार करने लगे कि सर्पसे डसे हुए मनुष्यका दाह-संस्कार कैसे किया जाता है। इतनेमें ही उपजंघनि सोकर उठे हुएके समान जी उठा। उसे जीवित देख सनारु मुनिको बड़ा आश्चर्य हुआ। इसी समय एक चींटी कहीं मरे हुए एक चींटेको खींचकर वहाँ ले आयी। उस स्थानपर आते ही वह चींटा भी जी उठा और रेंगता हुआ अन्यत्र चला गया। यह देखकर मुनिने सोचा ‘यहाँ कोई ऐसा तत्त्व अवश्य है, जिसमें मरे हुएको जीवित कर देनेकी शक्ति विद्यमान है।' ऐसा अनुमान करके मुनि अपने कोमल हाथसे धीरे-धीरे वहाँकी जमीन खोदने लगे। इतनेमें ही उन्हें श्रीफलके बराबर एक शिवलिंग दिखायी दिया। तब सनारुने वहाँ उसका पूजन किया और उस प्राचीन लिंगका नाम अमृतेश्वर रखा, जो अत्यन्त सार्थक था। वे बोले—'आनन्दवनमें यह अमृतेश्वर लिंग है। इसके स्पर्शसे निश्चय ही अमृतत्वकी प्राप्ति हो सकती है।' जिनका मरा हुआ पुत्र जी उठा था, वे सनारु मुनि अमृतेश्वरकी पूजा करके अपने घरको गये। तभीसे अमृतेश्वर लिंग काशीमें प्रसिद्ध हुआ, जो मनुष्योंको सिद्धि देनेवाला है। कलियुगमें वह पुनः गुप्त हो जायगा। अमृतेश्वरके संस्पर्शसे मरे हुए व्यक्ति तत्काल जी उठते हैं और जीवित मानव उसके स्पर्शसे जीवन्मुक्त हो जाते हैं। अमृतेश्वरके समान शिवलिंग इस भूतलमें कहीं भी नहीं है। भगवान् शिवने इसे यत्नपूर्वक गुप्त कर रखा है।
अगस्त्यजी बोले—स्कन्दजी! श्रीवेदव्यास इन्द्रिय-शुद्धिके लिये जिन कृच्छ्र-चान्द्रायण व्रतोंका निरूपण करेंगे, उनके स्वरूपका आप मुझसे वर्णन कीजिये।
स्कन्दजी बोले—महाबुद्धे! दिनमें एक बार भोजन करना, दूसरे दिन केवल रातमें एक बार भोजन करना, तीसरे दिन बिना माँगे जो कुछ मिल जाय उसीका एक बार आहार करना और चौथे दिन अखण्ड उपवास करना—इस प्रकार किया जानेवाला व्रत ‘पादकृच्छ्र’ कहलाता है। बरगद, गूलर, कमल, बिल्वपत्र और कुश—इनके पत्तोंसे क्रमशः एक-एक दिन जल पीकर रहना ‘पर्णकृच्छ्र’ कहा गया है। तिलकी खली, घी, मट्ठा, जल और सत्तू—इनको क्रमशः एक-एक दिन एक-एक बार खाकर रहना और अन्तमें एक दिन उपवास करना यह ‘सौम्यकृच्छ्र’ कहा गया है। तीन दिन प्रातःकाल हविष्य भोजन करना, तीन दिन सायंकाल भी हविष्य ग्रहण करना, फिर तीन दिन बिना माँगे प्राप्त होनेवाले हविष्यका आहार करना और अन्तमें तीन दिन अखण्ड उपवास करना—यह ‘कृच्छ्र’ व्रत है। ‘अतिकृच्छ्र’ व्रतका पालन करनेवाला द्विज प्रतिदिन एक-एक ग्रास करके तीन दिन प्रातःकाल, फिर तीन दिनतक सायंकाल भोजन करे और तीन दिन अयाचित आहार ग्रहण करके अन्तमें तीन दिनतक उपवास करे। केवल दूधसे इक्कीस दिनतक निर्वाह करना ‘कृच्छ्रातिकृच्छ्र’ व्रत है। बारह दिन अखण्ड उपवास करनेसे ‘पराकव्रत’ होता है। ‘प्राजापत्य’ व्रतका अनुष्ठान करनेवाला द्विज तीन दिन प्रातःकाल, तीन दिन सायंकाल
- काशीखण्ड-उत्तरार्ध * ९०१
और तीन दिन अयाचित अन्न ग्रहण करे, फिर अन्तमें तीन दिनतक उपवास करे। एक दिन गोमूत्र, गोबर, दही, दूध, घी और कुशोदक—इन सबको मिलाकर पी ले और दूसरे दिन पूरे एक दिन-रातका उपवास करे तो यह 'कृच्छ्रसान्तपन' माना गया है। सान्तपनके छः द्रव्योंका पृथक्-पृथक् छः दिनोंमें उपयोग करके एक दिन उपवास करे अर्थात् एक दिन गोमूत्र पीकर, दूसरे दिन गोबर खाकर, तीसरे दिन दूध पीकर, चौथे दिन दही खाकर, पाँचवें दिन घृत पीकर, छठे दिन कुशका जल पीकर और सातवें दिन एक रातका उपवास करके एक सप्ताहमें किया हुआ यह कृच्छ्रव्रत 'महासान्तपन' कहा गया है। 'तप्तकृच्छ्र' व्रतका आचरण करनेवाला ब्राह्मण प्रतिदिन एक बार स्नान करके एकाग्रचित्त हो गरम जल, दूध, घी और वायु—इन चारोंको तीन-तीन दिनतक पान करे अर्थात् तीन दिन गरम जल पीये, तीन दिन गरम दूध पीये, तीन दिन गरम घी खाय और तीन दिन केवल वायु पीकर रहे। एक भर दूध, दो भर घी और एक भर जल ग्रहण करना—इसीको 'तप्तकृच्छ्र' कहा गया है। जो गोमूत्रके साथ यवान्न भोजन करता है, उसके शरीरकी शुद्धि करनेवाला यह व्रत 'एकाह्निक कृच्छ्र' कहा गया है। दोनों हाथोंको उत्तान करके दिनमें वायुका पान करे तथा रातमें तबतक पानीमें खड़ा रहे जबतक कि प्रातःकाल न हो जाय। यह प्राजापत्य व्रतके समान माना गया है। कृष्णपक्षमें एक-एक ग्रास भोजन घटावे और शुक्लपक्षमें एक-एक ग्रास बढ़ावे और प्रतिदिन तीनों समय स्नान करे, यह 'चान्द्रायण व्रत' कहा गया है। अथवा पहले शुक्लपक्षमें प्रतिदिन एक-एक ग्रास बढ़ावे और कृष्णपक्षमें नित्य एक-एक ग्रास घटावे। अमावास्याको बिलकुल भोजन न करे, यह चान्द्रायणकी विधि है। ब्राह्मण एकाग्रचित्त हो चार ग्रास अन्न सबेरे और चार ग्रास अन्न सूर्यास्त होनेके बाद ग्रहण करे। प्रतिदिन इसी प्रकार आठ ग्रास अन्न लेते हुए एक मासतक जो व्रत किया जाता है, उसे 'शिशु-चान्द्रायण' कहते हैं। प्रतिदिन मन और इन्द्रियोंको संयममें रखते हुए मध्याह्नकालमें केवल हविष्यके आठ ग्रास अन्न भोजन करे और एक मासतक इसी नियमसे रहे, तो इसे 'यति चान्द्रायण' कहते हैं। मनुष्य एकाग्रचित्त हो जिस किसी तरह भी एक मासमें हविष्यके दो सौ चालीस ग्रास ग्रहण करे, तो वह चन्द्रलोकको प्राप्त होता है। शरीरकी शुद्धि जलसे होती है, मनकी शुद्धि सत्यसे होती है, जीवात्माकी शुद्धि विद्या और तपसे होती है। और बुद्धि ज्ञानसे शुद्ध होती है। वह ज्ञान मनुष्योंको काशीसेवनसे प्राप्त होता है। काशीसेवनसे भगवान् विश्वनाथकी करुणाका उदय होता है, और उससे महान् अभ्युदयकी प्राप्ति होती है, जो कर्मबन्धनका उन्मूलन करनेमें समर्थ है। अतः काशीमें प्रयत्नपूर्वक स्नान, दान, तप, जप, व्रत, पुराण-श्रवण तथा धर्मशास्त्रोक्त मार्गका सेवन करना चाहिये। प्रतिदिन और प्रतिक्षण विश्वनाथजीके चरणोंका चिन्तन, तीनों समय शिवलिंगका पूजन, शिवलिंगकी स्थापना साधुपुरुषोंके साथ वार्तालाप, सम्भाषण, 'शिव'-'शिव' इस मन्त्रका जप, अतिथिसत्कार, तीर्थनिवासियोंसे मैत्री, आस्तिक्य बुद्धि, विनय, मान-अपमानमें समान बुद्धि, किसी वस्तुकी इच्छाका न होना, उद्दण्डताका अभाव, राग-द्वेषशून्यता, अहिंसा, अप्रतिग्रह और दयापूर्ण बुद्धि, दम्भ और ईर्ष्याका अभाव, बिना माँगे प्राप्त हुए धनका अंगीकार करना, लोभ और आलस्यका अभाव, कठोरताका त्याग तथा कभी दैन्यभावका आश्रय न लेना इत्यादि उत्तम प्रवृत्तियोंको काशीक्षेत्रमें रहनेवाले लोग अपनावें और उनका पालन करें। इस प्रकार वेदव्यास अपने शिष्योंको प्रतिदिन धर्मका उपदेश करते थे।
$\sim\sim\circ\sim\sim$
९०२ * संक्षिप्त स्कन्दपुराण *
काशीके तीर्थोंका संक्षिप्त वर्णन
पार्वतीजी बोलीं—प्रभो! काशीमें जहाँ-जहाँ जो-जो तीर्थ हैं, उन-उनको बतानेकी कृपा करें।
महादेवजी बोले—देवि! काशीमें महादेवेश्वर प्रथम तीर्थ कहे जाते हैं। उसके उत्तरमें सारस्वत महाकूप है, जो सरस्वतीकी प्राप्ति करानेवाला है। क्षेत्रके पूर्वोत्तर भागमें जीवोंके अज्ञानका नाश करनेवाला यह तीर्थ है। उसके पश्चिम भागमें मूर्तिमती काशीपुरी है, जो मनुष्योंके द्वारा पूजनीय है। महादेवके स्थानसे पूर्वभागमें गोप्रेक्षेश्वर नामक उत्तम लिंग है। वहाँ पूर्वकालमें स्वयं भगवान् शंकरने गोलोकसे गौओंको भेजा था। गोप्रेक्षेश्वरसे दक्षिण भागमें दधीचीश्वर और दधीचीश्वरसे पूर्वमें अत्रीश्वर हैं। अत्रीश्वर लिंगका यत्नपूर्वक दर्शन करनेवाला मनुष्य विष्णुलोकको जाता है। गोप्रेक्षेश्वरसे पूर्वभागमें विज्ज्वर नामक लिंग भी है। विज्ज्वरके पूर्वभागमें वेदेश्वर लिंग है, वेदेश्वरसे उत्तरमें क्षेत्रज्ञ आदिकेशव हैं। उससे पूर्वमें संगमेश्वर, संगमेश्वरसे पूर्वमें ब्रह्माजीद्वारा स्थापित चतुर्मुख लिंग है। उसीका दूसरा नाम प्रयाग लिंग भी है, जो पूजित होनेपर ब्रह्मलोक देनेवाला है। वहीं शान्तिकरी गौरीका स्थान है, जो आराधित होनेपर शान्तिकारक होती हैं। वरणाके पूर्वतटपर कुन्तीश्वर लिंग है। उससे उत्तरमें कपिल कुण्ड है। गोप्रेक्षेश्वरसे उत्तर भागमें आनुसूयेश्वर लिंग है। उससे पूर्वमें सिद्धिविनायक हैं और उसके पश्चिममें हिरण्यकशिपुद्वारा स्थापित शिवलिंग है। उससे पश्चिम मुण्डासुरेश्वर लिंग है। गोप्रेक्षेश्वरसे नैर्ऋत्य कोणमें वृषभेश्वर लिंग है। महादेवेश्वरके पश्चिममें स्कन्देश्वर लिंग है। उसके पास ही शाखेश्वर और विशाखेश्वर लिंग हैं। वहीं नैगमेयेश्वर लिंग और नन्दी आदि गणोंद्वारा स्थापित सहस्रों लिंग हैं। नन्दीश्वरसे पश्चिम शिलादेश्वर हैं और वहीं हिरण्याक्षेश्वर भी हैं। उससे दक्षिण अट्टहास लिंग है। उसके उत्तरमें प्रसन्नवदनेश्वर हैं। उनसे उत्तर भागमें प्रसन्नोद कुण्ड है। अट्टहासेश्वरसे पश्चिम भागमें मित्रेश्वर और वरुणेश्वर हैं। अट्टहासेश्वरसे नैर्ऋत्य कोणमें वृद्धवासिष्ठ लिंग है। वसिष्ठेश्वरके समीप कृष्णेश्वर हैं। उनसे दक्षिणमें याज्ञवल्क्येश्वर हैं। उनसे पश्चिम प्रह्लादेश्वर हैं। जहाँ भक्तोंपर दया करनेके लिये साक्षात् भगवान् शिव लीन हुए हैं, वह स्वलीनेश्वर नामक लिंग प्रह्लादेश्वरसे पूर्वभागमें है। स्वलीनेश्वरके समीपमें शरीर त्याग करनेवालोंकी मुक्ति होती है। स्वलीनेश्वरसे पूर्व वैरोचनेश्वर लिंग है। उससे उत्तरमें वलीश्वर और वहीं बाणेश्वर लिंग है। चन्द्रेश्वरसे पूर्व विघ्नेश्वर नामक लिंग है। उसके दक्षिण भागमें वीरेश्वर हैं। वहीं सब दुःखोंसे मुक्त करनेवाली विकटादेवी विद्यमान हैं। वहाँ जपे हुए महामन्त्र शीघ्र सिद्ध होते हैं। उस पीठके वायव्य कोणमें सगरेश्वर हैं। उनसे ईशान कोणमें वालीश्वर हैं और वालीश्वरसे उत्तर सुग्रीवेश्वरजी विद्यमान हैं। वहीं जाम्बवदीश्वर हैं। गंगाके पश्चिम तटपर आश्विनेयेश्वर नामक दो लिंग हैं। उनसे उत्तरमें गोदुग्धसे भरा हुआ भद्रकुण्ड है। सहस्रों कपिलाओंका दान करनेसे जो फल प्राप्त होता है, वही भद्रकुण्डमें स्नान करनेसे प्राप्त होता है। भद्रकुण्डके पश्चिम किनारे भद्रेश्वरके दर्शनजनित पुण्यसे मनुष्य गोलोकको प्राप्त होता है। भद्रेश्वरसे नैर्ऋत्य कोणमें उपशान्त्येश्वर शिव हैं, उनसे उत्तरमें चक्रेश्वर हैं। चक्रेश्वरके उत्तरमें चक्रकुण्ड है, उसके नैर्ऋत्य कोणमें शूलेश्वर हैं। शूलेश्वरसे पूर्वमें नारदजीने बड़ी भारी तपस्या की, शिवलिंग स्थापित किया और एक श्रेष्ठ कुण्डका भी निर्माण कराया है। नारदेश्वरके पूर्वभागमें अवभ्रातकेश्वर हैं। उसके आगे ताम्रकुण्ड है। उसके वायव्य कोणमें विघ्नहर्ता गणेश हैं, वहीं विघ्नहर कुण्ड भी है। उससे उत्तर उत्तम अनारकेश्वर लिंग है। उसके उत्तरमें वरणा नदीके मनोहर तटपर वरणेश्वर हैं। वरणेश्वरसे पश्चिममें शैलेश्वर हैं। शैलेश्वरसे दक्षिण कोटीश्वर लिंग है। कोटीश्वरसे अग्निकोणमें स्तम्भ है, जो कि कुलस्तम्भ नामसे
- काशीखण्ड-उत्तरार्ध * ९०३
प्रसिद्ध है। वहीं कपालेश्वरके समीप कपालमोचन तीर्थ है। उससे उत्तर दिशामें ऋणमोचन तीर्थ है। वहीं अंगारक-कुण्ड है। उससे उत्तरमें ज्ञानदाता विश्वकर्मेश्वर लिंग है। उसके दक्षिणमें महामुण्डेश्वर हैं। वहीं शुभोदक नामक कूप भी है। वहाँ खट्वांग धारण करनेसे खट्वांगेश्वर लिंगका प्रादुर्भाव हुआ है। उससे दक्षिणमें भुवनेश्वर लिंग और भुवनेश्वर कुण्ड हैं। उनके दक्षिण भागमें विमलेश्वर लिंग और विमलोदक कुण्ड हैं। उनके पश्चिममें भृगुका मन्दिर है और उससे दक्षिणमें शुभेश्वर तीर्थ है।
अगस्त्य ! इस प्रकार संक्षेपसे कुछ शिवलिंगोंका वर्णन किया गया है। कुछ लिंग ऐसे हैं, जो भक्तिपूर्वक दो-तीन बार स्थापित किये गये हैं। अतः उनको पुनरुक्त न मानकर श्रद्धापूर्वक उनकी पूजा करनी चाहिये। ये जो शिवलिंग, कुण्ड, कूप और वापी आदि बताये गये हैं, इन सबपर मनीषी पुरुषोंको श्रद्धा करनी चाहिये। इन सबके दर्शन और स्नानसे अधिकाधिक फल होता है। यहाँके शिवलिंग, कूप, सरोवर, बावड़ी तथा मूर्तियोंकी गणना करनेमें कौन समर्थ हो सकता है? क्योंकि आनन्दवनमें स्थित तृण भी बहुत श्रेष्ठ हैं। काशीपुरी दर्शन करनेपर तथा देहावसानतक सेवित होनेपर स्वर्ग और अपवर्गको देनेवाली है।
महादेवजी कहते हैं—देवी ! तुम तो तपोबलसे मेरी प्रियतमा हुई हो, परंतु काशीपुरी स्वभावसे ही मेरे लिये सुख और विश्रामकी भूमि है। जो काशीका नाम लेते हैं और जो उसे सुनकर प्रसन्न होते हैं, वे मेरे लिये शाख, विशाख, स्कन्द, नन्दी और गणेशके समान प्रिय हैं। वे ही मेरे भक्त, वे ही मेरे सेवक और वे ही मुमुक्षु हैं, जो आनन्दवनमें निवास करते हैं। जो काशीमें निवास करते हैं, उन्होंने ही भारी तपस्या की है, बड़े-बड़े व्रत किये हैं और महादान किये हैं। वे ही सब तीर्थोंमें स्नानके पुण्यसे युक्त हैं और उन्होंने ही हिंसारहित यज्ञोंकी दीक्षा ली है। जिन्हें काशीका निवास प्राप्त है, उन्हींके द्वारा सब धर्मोंका अनुष्ठान हुआ है। जो विद्वान् पुरुष इस सर्वलिंगमय अध्यायका जप करता है, उसे यम और यमदूतोंकी बाधा नहीं होती। जो पवित्र और तद्गत चित्त होकर इस अध्यायका पाठ करता है, उस पुण्यात्माको ब्रह्मयज्ञका फल प्राप्त होता है। जो मेरे द्रोही, नास्तिक और वेदोंकी निन्दामें तत्पर हैं, ऐसे लोगोंको इसका उपदेश नहीं देना चाहिये।
इस प्रकार महादेवजी पार्वतीदेवीके आगे यह सब कथा सुना रहे थे, इतनेमें ही नन्दीने आकर प्रणामपूर्वक सूचित किया—भगवन् ! विशाल-मन्दिर-निर्माणका कार्य अब पूरा हो गया। रथ सुसज्जित होकर तैयार है और ब्रह्मा आदि देवता भी एकत्र हो गये हैं। भगवान् विष्णु गरुड़पर आरूढ़ होकर अपने पार्षदोंसहित द्वारपर खड़े हैं और महामुनीश्वरोंको आगे करके अवसरकी प्रतीक्षा करते हैं। चौदहों भुवनोंमें जो-जो उत्तम व्रतवाले पुरुष हैं, वे आज मन्दिरप्रवेशके महोत्सवका समाचार सुनकर यहाँ एकत्र हो गये हैं।
स्कन्दजी कहते हैं—नन्दीका यह वचन सुनकर महादेवजी पार्वतीजीके साथ दिव्य रथपर बैठकर त्रिविष्टप क्षेत्रसे निकले।
~~ ० ~~
भगवान् शिवके मुखसे विश्वेश्वर लिंगकी महिमाका वर्णन
स्कन्दजी कहते हैं—मुने ! मोक्षलक्ष्मीविलास नामक प्रासाद बन जानेपर महादेवजीने विरजपीठसे चलकर अन्तर्गृहमें प्रवेश किया। कार्तिक शुक्ला प्रतिपदाको अनुराधानक्षत्रसे युक्त बुधवारके दिन जब चन्द्रमा सप्तम राशिपर थे और शेष ग्रह भी उच्च स्थानोंमें स्थित थे, उस समय भगवान् शंकरने नूतन प्रासादमें प्रवेश किया। प्रवेशकालमें नाना प्रकारके बाजे बज रहे थे, सम्पूर्ण दिशाएँ प्रसन्न थीं, ब्राह्मणोंके वेदमन्त्रोच्चारणकी ध्वनिसे अन्य प्रकारके शब्द दब गये थे। भूलोकसे लेकर भुवर्लोकके बीचका मार्ग उसकी प्रतिध्वनिसे गूँज रहा था। भगवान् शिवके उस प्रवेशकालिक महोत्सवमें
९०४ * संक्षिप्त स्कन्दपुराण *
सम्पूर्ण जगत् आनन्दमग्न हो रहा था। गन्धर्व गाते थे, अप्सराएँ नृत्य करती थीं, चारण स्तुति करते थे और देवता हर्ष मना रहे थे। सुगन्धित वायु चल रही थी और बादल फूलोंकी वर्षा करते थे। सब लोग मांगलिक वेष-भूषासे विभूषित थे, सभी मांगलिक वचन बोलते थे, स्थावर और जंगम सभी प्रकारके जीव आनन्दमें मग्न थे।
तदनन्तर ब्रह्माजीने महर्षियोंके साथ आकर पार्वतीके साथ शुभ सिंहासनपर बैठे हुए तथा कुमारवृन्दसे घिरे हुए देवाधिदेव महादेवजीका अभिषेक किया। देवताओं और बड़े-बड़े नागराजोंने असंख्य रत्नों, नाना प्रकारके दुकूलों तथा विचित्र-विचित्र सुगन्धित पुष्पहारोंसे महेश्वरका पूजन किया। मातृगणोंने आरती उतारी। तत्पश्चात् अखिल देववृन्दके द्वारा वन्दनीय भगवान् शिवने सबसे पहले मुनीश्वरोंको चिरवांछित मनोरथ देकर सन्तुष्ट किया। फिर ब्रह्माजीसे बातचीत करके भगवान् विष्णुसे कहा—‘देव! तुम यहाँ आकर बैठो, मेरी समस्त प्रभुताके एकमात्र हेतु तुम्हीं हो। तुम दूर रहकर भी मेरे निकट हो, तुमसे बढ़कर मेरा कार्य करनेवाला कोई नहीं है। तुम्हींने अपने सदुपदेशोंसे राजाओंमें श्रेष्ठ दिवोदासको ऐसी शिक्षा दी, जिससे वे परम सिद्धिको प्राप्त हुए और मेरा भी मनोवांछित कार्य सिद्ध हो गया। आज मुझको जो यह आनन्दवन प्राप्त हुआ है, इसमें तुम और गणेश ये ही दो कारण हैं। जहाँ मरे हुए जन्तुओंका फिर जन्म नहीं होता, वह ब्रह्मरसायनकी खान काशीपुरी मेरे लिये जैसी उत्तम सुखकी भूमि है, वैसी प्रिय तीनों लोकोंमें कोई भी वस्तु नहीं है।’
विष्णुजी बोले—पिनाकपाणे! मैं आपके चरणारविन्दोंसे दूर न होऊँ।
मधुसूदनका यह वचन सुनकर महादेवजी बहुत प्रसन्न और सन्तुष्ट होकर बोले—मुरारे! मोक्षलक्ष्मीके आश्रयभूत इस स्थानपर तुम सदा मेरे समीप रहो। भक्तियुक्त होकर भी जो पहले तुम्हारी आराधना किये बिना मेरी सेवा-पूजा करेगा, उसकी मनोवांछा कदापि सिद्ध न होगी। अच्युत! इस मुक्तिमण्डपमें रहकर जो मुझे सब ओरसे सुख प्राप्त होता है, वह अत्यन्त निर्मल कैलास पर्वतपर भी नहीं मिलता और निश्चल शोभावाले भक्त-हृदयमें भी वैसे सुखकी प्राप्ति नहीं होती। जिनकी चित्तवृत्तियाँ स्थिर हैं, जो मेरे अनन्य भक्त तथा दृढ़ हृदयवाले हैं, वे यदि इस दक्षिण मण्डपमें पलभर भी स्थित होते हैं तो उन्हें पुनः गर्भावस्थामें नहीं आना पड़ता।
वहाँ पूर्वाभिमुख बैठे हुए महेश्वरके दक्षिण भागमें ब्रह्माजी और वामपार्श्वमें विष्णु स्थित हुए। देवराज इन्द्र उन्हें चवँर डुलाते थे, ऋषि उनको सब ओरसे घेरकर खड़े थे, पार्षदगण भगवान्के पृष्ठ भागमें चुपचाप आदरपूर्वक खड़े हुए थे और बहुत सम्मानवाले तथा हाथोंमें आयुध उठाये रहनेवाले अनेक सेवक उनकी सेवामें उपस्थित थे। उस समय महादेवजीने अपना दाहिना हाथ उठाकर भगवान् ब्रह्मा और विष्णुको एक शिवलिंग दिखलाया और कहा—‘सब लोग देखो, यही परम ज्योति है, यही परात्पर ब्रह्म है और यही अत्यन्त सिद्धिदायक मेरा स्थावर रूप है। यहाँ जो ये मेरे भक्त रहते हैं, ये सिद्ध हैं, आबाल ब्रह्मचारी हैं, जितेन्द्रिय, तपस्वी, पंचाक्षर मन्त्रके ज्ञानसे निर्मल, भस्मसमूहपर शयन करनेवाले, इन्द्रियसंयमी, सुशील, ऊर्ध्वरेता, लिंगार्चनपरायण, मन और इन्द्रियोंको मेरे सिवा अन्यत्र न ले जानेवाले, जल और भस्मद्वारा स्नान करके अत्यन्त पवित्र, कन्द, मूल और फल भोजन करनेवाले, परम-तत्त्व सदाशिवकी ओर सदैव दृष्टि रखनेवाले, क्रोधको जीतनेवाले, मोहरहित, परिग्रहशून्य, निष्काम, निष्प्रपंच, निर्भय, नीरोग, धन-ऐश्वर्यसे रहित, निःसंग, निर्मल अन्तःकरणवाले, भयंकर संसारसागरके पार पहुँचे हुए, निर्विकल्प, निष्पाप, निर्द्वन्द्व, सिद्धान्तभूत अर्थको ग्रहण करनेवाले, अहंकारकी वृत्तियोंसे रहित, सदा ही मेरे परम प्रिय, मेरे पुत्रतुल्य तथा मेरे ही स्वरूप हैं। मेरी सेवामें संलग्न रहनेवाले मनुष्योंको चाहिये कि वे मेरे इन भक्तोंको सदा ही मेरा स्वरूप समझकर
- काशीखण्ड-उत्तरार्ध * ९०५
इनका पूजन और नमस्कार करें। इनका पूजन करनेपर मैं बहुत प्रसन्न होऊँगा। मैं कभी किसीको प्रत्यक्ष दर्शन देता हूँ और कभी अदृश्य होता हूँ। देवताओ! सर्वदा सब भक्तोंपर अनुग्रह करनेके लिये मैं इस आनन्दवनमें सदा स्वेच्छासे निवास करता हूँ और भक्तोंको मनोवांछित फल देनेवाला मैं यहाँ लिंगरूपसे सदैव निवास करता रहूँगा। इस तीर्थमें स्वयम्भू और अस्वयम्भू जितने भी लिंग हैं, वे सब सदा इस लिंगका दर्शन करनेके लिये आते हैं, इसमें सन्देह नहीं कि मैं सम्पूर्ण लिंगोंमें समान रूपसे स्थित हूँ तथापि यह तो लिंगस्वरूपा मेरी परा मूर्ति है। जिसने श्रद्धा और शुद्धदृष्टिसे मेरे इस लिंगका दर्शन किया है, उसने मानो मेरा प्रत्यक्ष दर्शन कर लिया है। ऋषियोंके साथ सम्पूर्ण देवता सुन लें—इस श्रेष्ठ लिंगका नाम श्रवण करनेसे भी जन्मभरका पातक क्षणभरमें नष्ट हो जाता है और इसके स्मरणसे दो जन्मोंका पाप दूर होता है। इस उत्तम लिंगके दर्शनके उद्देश्यसे अपने घरसे निकलते समय ही तीन जन्मोंका संचित किया हुआ महापाप भी लीन हो जाता है। देवताओ! मुझ विश्वेश्वरके इस स्वयम्भू लिंगका स्पर्श करनेमात्रसे सहस्रों राजसूय-यज्ञोंका फल प्राप्त होता है। इस लिंगराजकी भक्तिपूर्वक पूजामात्र करनेसे सहस्रों सुवर्णकमलोंद्वारा पूजन करनेका फल प्राप्त होता है। जो पंचामृत आदिके साथ इस शिवलिंगकी महापूजा करता है, उसे चारों पुरुषार्थोंकी प्राप्ति होती है। देवताओ! वस्त्रसे छाने हुए जलके द्वारा इस लिंगको स्नान कराकर श्रेष्ठ पुरुष एक लाख अश्वमेध-यज्ञोंका फल प्राप्त करता है। जो इस विश्वेश्वर लिंगका दर्शन करके अन्यत्र भी मृत्युको प्राप्त होता है, उसकी भी जन्मान्तरमें मुक्ति हो जाती है। जिसकी जिह्वाके अग्रभागमें 'विश्वनाथ' यह नाम विराज रहा है, कानोंमें विश्वनाथकी कथा सुनायी पड़ती है और चित्तमें भगवान् विश्वनाथका चिन्तन हो रहा है, उसका इस संसारमें जन्म कैसे हो सकता है। जो मुझ विश्वनाथके लिंगमय विग्रहका दर्शन करके मन-ही-मन प्रसन्न होता है, वह अपने महान् पुण्यके बलसे मेरे गणोंमें गिना जाता है। जो प्रतिदिन तीनों सन्ध्याओंके समय 'विश्वनाथ, विश्वनाथ, विश्वनाथ' का जप करता है, उस पुण्यात्माका नाम मैं भी निश्चय ही जपता रहता हूँ। देवताओ! यह महालिंग मेरे द्वारा भी सदैव पूजन करने योग्य है। इसलिये देवताओं, ऋषियों तथा मनुष्योंको तो सर्वथा प्रयत्न करके इसकी पूजा करनी चाहिये। जिन्होंने इस लिंगको प्रणाम किया है, वे देवताओं और दैत्योंसे भी वन्दित होते हैं। 'मैं अपनी भुजा उठाकर बारंबार इस बातको दोहराता हूँ कि इस त्रिगुणमय जगत्में तीन ही सार वस्तु हैं—विश्वनाथ लिंग, मणिकर्णिकाका जल और काशीपुरी।'
तदनन्तर महादेवजीने पार्वतीजीके साथ उठकर उस शुभ लिंगका स्वयं सुन्दर पूजन किया और फिर उसीमें लीन हो गये। तब उन देवताओंने जय-जयकारपूर्वक महेश्वरका स्तवन किया। अगस्त्य! इस प्रकार इस अविमुक्त क्षेत्रके प्रभावका एक अंशमात्र बताया गया, जो सब पापोंका नाश करनेवाला है। तुम थोड़े ही समयमें पुनः उत्तम काशीपुरीको प्राप्त होओगे। देखो, ये भगवान् सूर्य अस्ताचलके शिखरपर जा चुके हैं। इसलिये अब तुम्हारे और मेरे लिये भी मौन धारण करनेका समय आया है।
व्यासजी कहते हैं—सूत! इस प्रकार काशीकी महिमा सुनकर लोपामुद्रासहित मुनिवर अगस्त्य पार्वतीजीके पुत्र स्कन्दको बार-बार प्रणाम करके सन्ध्योपासनाके लिये चले गये। चन्द्रशेखर भगवान् शिवके क्षेत्र काशीधामका रहस्य जानकर अगस्त्यजी स्थिरचित्त हो शिवके ध्यानमें तत्पर हो गये। सूत! इस आनन्दवनकी बड़ी भारी महिमा है। कौन ऐसा मनुष्य है, जो सैकड़ों वर्षोंमें भी इसकी महिमाका वर्णन कर सकता है? परमात्मा शिवने पार्वतीजीसे काशीका जैसा माहात्म्य कहा था, वैसा ही स्कन्दने भी महर्षि अगस्त्यको सुनाया था। फिर उसी प्रसंगको मैंने तुम्हारे और शुकदेव आदिके आगे भलीभाँति कहा है।
~~ ० ~~
९०६ * संक्षिप्त स्कन्दपुराण *
पंचतीर्थी, चतुर्दश आयतन, अष्ट आयतन, शैलेशादि और एकादश आयतनोंकी यात्रा, गौरीयात्रा, गणेशयात्रा, अन्तर्गृहयात्रा तथा विश्वनाथयात्राका वर्णन
सूतजी बोले—सत्यवतीनन्दन ! सिद्धिकी इच्छा रखनेवाले मनुष्योंके हितके लिये आप काशी-यात्राके क्रमका वर्णन कीजिये।
व्यासजीने कहा—महाप्राज्ञ सूत ! ध्यान देकर सुनो। यात्रियोंको सबसे पहले (१) चक्रपुष्करिणी (मणिकर्णिका)-के जलमें वस्त्रसहित स्नान करना चाहिये। फिर देवताओं, ऋषियों, पितरों तथा ब्राह्मणों एवं याचकोंको तृप्त करके (२) आदित्य, द्रौपदी, विष्णु, दण्डपाणि और महेश्वरको नमस्कार करे। तत्पश्चात् (३) ढुण्ढिराज गणेशका दर्शन करनेके लिये जाय। (४) उसके बाद ज्ञानवापीमें आचमन करके नन्दिकेश्वरका पूजन करे, साथ ही तारकेश्वरकी पूजा करके महाकालेश्वरका भी पूजन करे। (५) तदनन्तर पुनः दण्डपाणिका दर्शन, पूजन करे। यह पंचतीर्थी यात्रा कहलाती है। महान् फलकी इच्छा रखनेवाले पुरुषोंको प्रतिदिन यह यात्रा करनी चाहिये। इसके बाद विश्वनाथकी यात्रा करे, जो समस्त प्रयोजनोंकी सिद्धि करनेवाली है। कृष्णपक्षकी प्रतिपदासे लेकर चतुर्दशीपर्यन्त विधिपूर्वक चौदह आयतनोंकी भी प्रयत्नपूर्वक यात्रा करनी चाहिये। अथवा क्षेत्रसिद्धिकी इच्छा रखनेवाले पुरुषोंको प्रत्येक चतुर्दशीमें यात्रा करनी चाहिये। भिन्न-भिन्न तीर्थोंमें स्नान और वहाँके शिवलिंगोंकी पूजा करके मौनपूर्वक यात्रा करनेवाला यात्री मनोवांछित फलको पाता है। पहले मत्स्योदरीमें स्नान और तर्पण आदि करके ॐकारेश्वरका दर्शन करे। तत्पश्चात् क्रमशः त्रिविष्टप, महादेव, कृत्तिवासा, रत्नेश्वर, चन्द्रेश्वर, केदार, धर्मेश्वर, वीरेश्वर, कामेश्वर, विश्वकर्मेश्वर, मणिकर्णीश्वर और अविमुक्तेश्वरका दर्शन करके अन्तमें विश्वनाथजीका दर्शन-पूजन करना चाहिये। काशीक्षेत्रमें निवास करनेवाले पुरुषको यह यात्रा प्रयत्नपूर्वक करनी चाहिये। जो काशी-क्षेत्रमें रहकर इस यात्राको नहीं करता, उसे उस क्षेत्रसे मनको उचाट देनेवाले विघ्न प्राप्त होते हैं। इन विघ्नोंकी शान्तिके लिये अन्य आठ स्थानोंकी यात्रा करनी चाहिये। जिनके नाम इस प्रकार हैं—दक्षेश्वर, पार्वतीश्वर, पशुपतीश्वर, गंगेश्वर, नर्मदेश्वर, गभस्तीश्वर, सतीश्वर और आठवें तारकेश्वर। प्रत्येक अष्टमीको विशेषरूपसे इन लिंगोंका दर्शन करना चाहिये। यह दर्शन बड़े-बड़े पापोंकी शान्ति करनेवाला होता है। एक दूसरी भी शुभ यात्रा है, जो सदा योग और क्षेमकी सिद्धि करनेवाली है। वह सम्पूर्ण विघ्नोंका निवारण करनेवाली भी है। काशीक्षेत्रके निवासियोंको वह यात्रा अवश्य करनी चाहिये। प्रथम वरणामें स्नान करके शैलेश्वरका दर्शन करे, फिर संगममें स्नान करके संगमेश्वरका दर्शन-पूजन करे। तत्पश्चात् स्वलीनतीर्थमें भलीभाँति स्नान करके स्वलीनेश्वरका दर्शन करे। उसके बाद मन्दाकिनी-तीर्थमें स्नान करके मध्यमेश्वरका दर्शन करे। हिरण्यगर्भ-तीर्थमें स्नान-तर्पणादि जलक्रिया करके हिरण्यगर्भेश्वरका दर्शन करे। तदनन्तर मणिकर्णिकामें स्नान करके ईशानेश्वरका, कूपमें स्पर्श एवं आचमन करके गोप्रेक्षेश्वरका, कापिलेय-कुण्डमें स्नान करके वृषभध्वजका, उपशान्तकूपमें जलक्रिया करके उपशान्त्येश्वरका तथा पंचचूडाकुण्डमें स्नान करके ज्येष्ठ स्थानका दर्शन एवं पूजन करे। फिर चतुःसमुद्रमें स्नान करके महादेवका पूजन करे, महादेवके आगे जो बावड़ी है, उसमें स्नान करके फिर शुक्रेश्वरका दर्शन करना चाहिये और वहीं कूपमें स्नान और तर्पण आदि कार्य भी पूरा करना चाहिये। तदनन्तर दण्डखात-तीर्थमें स्नान करके व्याघ्रेश्वरका पूजन करे। फिर शौनकेश्वर कुण्डमें स्नान करके जम्बुकेश्वर
- काशीखण्ड-उत्तरार्ध * ९०७
महालिङ्गकी आराधना करे। इस यात्राको पूर्ण करके मनुष्य संसाररूपी दुःखसागरमें फिर कभी जन्म नहीं लेता। यह यात्रा कृष्णाप्रतिपदासे आरम्भ करके चतुर्दशीतक क्रमसे करनी चाहिये। इसे कर लेनेपर पुनः संसारमें जन्म नहीं होता।
इसके सिवा ग्यारह मन्दिरोंकी एक यात्रा और है, जो करने ही योग्य है। आग्नीध्रकुण्डमें भलीभाँति स्नान करके आग्नीध्रेश्वरका दर्शन करे। उसके बाद उर्वशीश्वरतीर्थमें जाय। फिर वहाँसे नकुलीश्वरका दर्शन करके आषाढीश्वरका दर्शन करे। तत्पश्चात् भारभूतेश्वर, लांगलीश्वर तथा त्रिपुरान्तकका दर्शन करके मनःप्रकामेश्वर और प्रीतिकेश्वर-तीर्थमें जाय। वहाँसे क्रमशः मदालसेश्वर तथा तिलपर्णेश्वरकी यात्रा करे। इस प्रकार इन ग्यारह लिंगोंकी प्रयत्नपूर्वक यात्रा करनी चाहिये। इस यात्राको करनेवाला पुरुष रुद्रत्वको प्राप्त होता है।
इसके बाद मैं परम उत्तम गौरीयात्राका वर्णन करता हूँ। शुक्लपक्षकी तृतीयाको की हुई यह यात्रा सब ओरसे समृद्धि देनेवाली होती है। गोप्रेक्षतीर्थमें स्नान करके मुखनिर्मालिका गौरीके समीप जाय। फिर ज्येष्ठवापीमें स्नान करके मनुष्य ज्येष्ठा गौरीकी आराधना करे। तत्पश्चात् ज्ञानवापीमें स्नान और तर्पण आदि करके सौभाग्यगौरीकी पूजा करे, फिर वहीं जलसम्बन्धी कार्य करके शृंगारगौरीकी अर्चना करे। उसके बाद विशालगंगामें स्नान करके विशालाक्षीदेवीका दर्शन करनेके लिये जाय। तदनन्तर ललितातीर्थमें भलीभाँति स्नान करके ललितादेवीकी पूजा करे। तत्पश्चात् भवानीतीर्थमें स्नान करके भवानीका पूजन करे। फिर विन्दु-तीर्थमें स्नान आदि करके मंगलागौरीकी पूजा करनी चाहिये। वहाँसे स्थिर लक्ष्मीकी वृद्धिके लिये महालक्ष्मीके समीप जाय। इस मुक्तिदायक क्षेत्रमें यह गौरीयात्रा करके मनुष्य इहलोक या परलोकमें कहीं भी दुःखोंसे पीड़ित नहीं होता।
काशीमें प्रत्येक चतुर्थीको विघ्नराज गणेशके समीप यात्रा करे और गणेशजीकी प्रीतिके उद्देश्यसे ब्राह्मणोंको मोदक दान करे। मंगलवारको कालभैरवके दर्शनकी यात्रा करे। यह यात्रा सब पातकोंका नाश करनेवाली है। रविवारको अथवा रविवारयुक्त षष्ठी एवं सप्तमीको सूर्यदेवके दर्शनकी यात्रा करनी चाहिये। यह यात्रा सब विघ्नोंकी शान्ति करनेवाली है। नवमी अथवा अष्टमी तिथिको चण्डी देवीकी यात्रा शुभ मानी गयी है।
काशीके अन्तर्गृहकी यात्रा प्रतिदिन करनी चाहिये। पहले प्रातःकाल स्नान करके पाँचों विनायकोंको नमस्कार करे। फिर विश्वनाथजीको नमस्कार करके मुक्तिमण्डपमें स्थित हो 'मैं अपनी पापराशिके निवारणके लिये अन्तर्गृहकी यात्रा करूँगा'—इस प्रकार नियम लेकर पहले मणिकर्णिका तीर्थमें जाय। वहाँ स्नान करके मौनभावसे आकर मणिकर्णिकेश्वरकी पूजा करे। फिर कम्बल और अश्वतरको नमस्कार करके वासुकीश्वरको प्रणाम करे। तत्पश्चात् पर्वतेश्वरका दर्शन करके गंगाकेशवका दर्शन करे। फिर ललितादेवीका दर्शन करके जरासन्ध्येश्वरको नमस्कार करे। वहाँसे सोमनाथ और वाराहेश्वरका दर्शन करनेके लिये जाय। तत्पश्चात् क्रमशः ब्रह्मेश्वर, अगस्तीश्वर, कश्यपेश्वर और हरिकेशवको नमस्कार करके वैद्यनाथका दर्शन करे। तत्पश्चात् ध्रुवेश्वरका दर्शन करके गोकर्णेश्वरका पूजन करते हुए हाटकेश्वरके समीप जाय। वहाँसे अस्थिक्षेप तड़ागपर जाकर कीकशेश्वरका दर्शन करे। वहाँसे आगे जाकर क्रमशः भारभूतेश्वर, चित्रगुप्तश्वर, चित्रघण्टादेवी तथा पशुपतीश्वरको नमस्कार करके पितामहेश्वरके समीप जाय। तत्पश्चात् कलशेश्वरका दर्शन करके क्रमशः चन्द्रेश्वर, वीरेश्वर, विघ्नेश्वर, अग्नीश्वर, नागेश्वर, हरिश्चन्द्रेश्वर, चिन्तामणि विनायक और सब विघ्नोंको हरनेवाले सेनाविनायकका दर्शन करे। तदनन्तर वसिष्ठ और वामदेव दोनों मूर्तिमान् महर्षियोंका काशीमें यत्नपूर्वक दर्शन करना चाहिये। ये दोनों बड़े-बड़े विघ्नोंका नाश करनेवाले हैं। तदनन्तर सीमाविनायक, करुणेश्वर, त्रिसन्ध्येश्वर, विशालाक्षी, धर्मेश्वर, विश्वभुजा, आशाविनायक, वृद्धादित्य, चतुर्वक्त्रेश्वर, ब्राह्मीश्वर, मनःप्रकामेश्वर,
९०८ * संक्षिप्त स्कन्दपुराण *
ईशानेश्वर, चण्डी, चण्डीश्वर, भवानी, शंकर तथा ढुण्ढिराज गणेशका दर्शन एवं उन्हें प्रणाम करे। तदनन्तर राजराजेश्वरकी पूजा करे। उसके बाद लांगलीश्वर, नकुलीश्वर, पटान्नेश्वर, परद्रव्येश्वर, प्रतिग्रहेश्वर, निष्कलंककेश्वर और मार्कण्डेयेश्वरकी पूजा करके, अप्सरसेश्वर तथा गंगेश्वरका पूजन करे। तदनन्तर ज्ञानवापीमें स्नान करना चाहिये। स्नानके पश्चात् नन्दिकेश्वर, तारकेश्वर, महाकालेश्वर, दण्डपाणि, महेश्वर, मोक्षेश्वर, वीरभद्रेश्वर, अविमुक्तेश्वर तथा पाँचों विनायकोंको नमस्कार करके विश्वनाथजीका दर्शन करनेके लिये जाय। उसके बाद मौनव्रतका त्याग करके इस मन्त्रका उच्चारण करे—
अन्तर्गृहस्य यात्रेयं यथावद् या मया कृता।
न्यूनातिरिक्तया शम्भुः प्रीयतामनया विभुः ॥
'मैंने जो यह अन्तर्गृहकी यथावत् यात्रा की है, इसमें न्यूनातिरिक्तताका दोष आ गया हो तो भी इसके द्वारा भगवान् विश्वनाथजी प्रसन्न हों।'
इस मन्त्रका उच्चारण करके क्षणभर मुक्तिमण्डपमें विश्राम करे। तत्पश्चात् निष्पाप एवं पुण्यवान् हुआ मनुष्य अपने घरको जाय। एकादशी तिथि आनेपर महान् पुण्यकी वृद्धिके लिये प्रयत्नपूर्वक काशीके सभी वैष्णव तीर्थोंकी यात्रा करे। भाद्रपदकी पूर्णिमाको कुलस्तम्भका पूजन करना चाहिये। उसकी पूजासे दुःख एवं रुद्रपिशाचताकी प्राप्ति नहीं होती। काशीक्षेत्रमें निवास करनेवाले मनुष्योंको चाहिये कि वे श्रद्धापूर्वक इन सभी यात्राओंको करें। पर्वके दिन भी ये सभी यात्राएँ करनेयोग्य हैं। पुण्यात्मा एवं विद्वान् पुरुष यात्राके बिना कोई भी दिन व्यर्थ न बीतने दे। प्रतिदिन प्रयत्नपूर्वक दो यात्राएँ तो अवश्य करनी चाहिये। पहली गंगाकी, दूसरी विश्वनाथजीकी। काशीमें निवास करते हुए भी जिसका दिन यात्राके बिना व्यर्थ बीत जाता है, उसी दिन उसके पितर निराश हो जाते हैं। जिसने काशीमें रहकर भी जिस दिन विश्वनाथजीका दर्शन नहीं किया, उस दिन उस मनुष्यको मानो कालसर्पने डस लिया, मृत्युने देख लिया अथवा किसीने उसका सर्वस्व लूट लिया। जिसने मणिकर्णिकामें स्नान करके विश्वनाथजीका दर्शन कर लिया, उसने सब तीर्थोंमें नहा लिया और सब यात्राएँ पूरी कर लीं। यह सत्य है, सत्य है, सत्य है और बार-बार सत्य है। प्रतिदिन मणिकर्णिकामें स्नान और विश्वनाथजीका दर्शन अवश्य करना चाहिये।
व्यासजी कहते हैं—सूत! सहस्रों पाप किये होनेपर भी मनुष्य स्कन्दपुराणके इस उत्तम काशी-माहात्म्यका श्रवण करके नरकमें नहीं जाता। सब तीर्थोंमें स्नान करके मनुष्य जिस श्रेयका उपार्जन करता है, वह सब काशीखण्डके श्रवणसे अवश्य प्राप्त होता है। सम्पूर्ण काशीखण्डका श्रद्धापूर्वक पाठ अथवा श्रवण करे—यही सबसे बड़ी देवाराधना बतायी गयी है। जो काशीखण्डकी एक कथा भी सुन लेता है, उसने सम्पूर्ण धर्मशास्त्रोंका श्रवण कर लिया। इसमें संशय नहीं है। यह काशीखण्ड महान् धर्मका उत्पादक, महान् अर्थकी प्राप्ति करानेवाला तथा सम्पूर्ण कामनाओंकी प्राप्तिका हेतु बताया गया है। इसके श्रवणसे मनुष्योंके लिये मोक्षकी प्राप्ति दूर नहीं रह जाती। इस उत्तम खण्डको सुनकर सब पितर तृप्त होते हैं। ब्रह्मा, विष्णु और शिव आदि सब देवता प्रसन्न होते हैं, मुनि आनन्दमग्न होते हैं और सनकादि मुनीश्वर भी अत्यन्त सन्तुष्ट होते हैं। जो विद्वान् इस काशीखण्डको पूरा, आधा, एक चौथाई अथवा एक अष्टमांश भी सुनाता है, वह यत्नपूर्वक प्रणाम करनेयोग्य तथा इष्टदेवकी भाँति पूजनीय है। भगवान् विश्वनाथकी प्रीतिके लिये उसको सदा अन्न, धन आदिका दान करना चाहिये, क्योंकि वाचकके सन्तुष्ट होनेपर निःसन्देह भगवान् विश्वनाथ ही सन्तुष्ट होते हैं। जहाँ परमानन्दके आश्रयभूत इस काशीखण्डका पाठ किया जाता है, वहाँ कोई अमंगलजनक विघ्न अपना प्रभाव नहीं डालता है।
काशीखण्ड (उत्तरार्ध) समाप्त।
ॐ श्रीपरमात्मने नमः श्रीउमामहेश्वराभ्यां नमः
संक्षिप्त श्रीस्कन्दमहापुराण
~~ ० ~~
आवन्त्यखण्ड
~~ ० ~~
अवन्तीक्षेत्र-माहात्म्य
~~ ० ~~
सनत्कुमारजीके द्वारा महाकालतीर्थकी श्रेष्ठताका निरूपण
स्रष्टारोऽपि प्रजानां प्रबलभवभयाद्यं नमस्यन्ति देवा यश्चित्ते सम्प्रविष्टोऽप्यवहितमनसां ध्यानयुक्तात्मनां च। लोकानामादिदेवः स जयतु भगवाञ्छ्रीमहाकालनामा विभ्राणः सोमलेखामहिवलययुतं व्यक्तलिङ्गं कपालम्॥
'प्रजाकी सृष्टि करनेवाले प्रजापति देव भी प्रबल संसार-भयसे मुक्त होनेके लिये जिन्हें नमस्कार करते हैं, जो सावधान चित्तवाले ध्यानपरायण महात्माओंके हृदय-मन्दिरमें सुखपूर्वक विराजमान होते हैं और चन्द्रमाकी कला, सर्पोंके कंकण तथा व्यक्त चिह्नवाले कपालको धारण करते हैं, सम्पूर्ण लोकोंके आदिदेव उन भगवान् श्रीमहाकालकी जय हो।'
पार्वतीजी बोलीं—भगवन्! पृथ्वीपर जो-जो पुण्यतीर्थ और पवित्र नदियाँ हैं, जिनमें श्राद्ध किया जाता है, उन सबका यत्नपूर्वक वर्णन कीजिये।
महादेवजीने कहा—देवि! त्रिपथगा गंगा सम्पूर्ण लोकोंमें विख्यात हैं। समस्त जगत्को पवित्र करनेवाली सूर्यपुत्री यमुना भी बड़े-बड़े पातकोंका नाश करनेवाली हैं। चन्द्रभागा (चनाब), वितस्ता (झेलम), नर्मदा, अमरकण्टक, कुरुक्षेत्र, गया, प्रभास क्षेत्र, नैमिषारण्य, केदार, पुष्कर, कायावरोहण तथा उत्तम महाकालवन अत्यन्त पवित्र तीर्थ हैं। पापोंको जलानेके लिये अग्निके समान श्रीमहाकाल यहाँ विराज रहे हैं, वह चार कोसतक फैला हुआ क्षेत्र ब्रह्महत्या आदि पातकोंका नाश करनेवाला है।
पार्वतीजी बोलीं—महेश्वर! आप इस महाकालक्षेत्रका माहात्म्य कहिये।
महादेवजीने कहा—देवि! महाकालक्षेत्र समस्त पातकोंका नाश करनेवाला आदिक्षेत्र है। श्रीमेरु पर्वतके समीप जो परमात्मा ब्रह्माजीका वैराज नामक भवन है, वहाँ कान्तिमती नामवाली सभा देवताओंको हर्ष प्रदान करनेवाली है। एक समय ब्रह्माजीके मानसपुत्र वागीश्वर सनत्कुमारजी उस सभामें बैठकर भगवान् शंकरकी आराधनामें लगे हुए थे। उसी समय पराशरनन्दन श्रीकृष्णद्वैपायन (व्यास) उन्हें प्रणाम करके उनसे महाकालका माहात्म्य पूछते हुए बोले—'भगवन्! महाकालवन सबसे श्रेष्ठ क्यों कहा जाता है और उसे गुह्यवन, पीठस्थान तथा ऊसर भूमि क्यों कहा गया है?'
सनत्कुमारजी बोले—यहाँ सब पातक क्षीण हो जाता है, इसलिये इसे क्षेत्र कहा जाता है। यह मातृकाओंका निवासस्थान होनेके कारण पीठ कहलाता है। इस भूमिमें मरे हुए जीव फिर जन्म नहीं लेते, इसीलिये इसे ऊसर नाम दिया गया है। अतः यह परमात्मा शंकरका गुह्य, प्रिय एवं नित्य क्षेत्र है और इसीलिये सम्पूर्ण भूतोंको बहुत प्रिय है। भगवान् शिवके इस अतिशय प्रिय क्षेत्रको श्मशान, महाकाल वन और विमुक्ति क्षेत्र भी कहते हैं। एकाग्रक, भद्रकाल, करवीर वन, कोलागिरि, काशी, प्रयाग, अमरेश्वर, भरत, केदार, दिव्यरुद्रमहालय—ये सब तीर्थ दिव्य श्मशान हैं, जो शिवजीको सदा ही अत्यन्त प्रिय हैं। इन सिद्ध क्षेत्रोंमें सर्वदा भगवान् शिव क्रीड़ा करते हैं। पृथ्वीपर नैमिषारण्य और पुष्करतीर्थ उत्तम हैं। कुरुक्षेत्र तीनों लोकोंमें उत्तम कहा जाता है। कुरुक्षेत्रसे दसगुनी पुण्यमयी काशीपुरी मानी गयी है और काशीसे भी दसगुना महाकाल वन है।
~~ ० ~~
९१० * संक्षिप्त स्कन्दपुराण *
महाकाल वनमें भगवान् शिवका प्रवेश, कपाल-मोचन, देवताओंद्वारा स्तवन तथा महापाशुपत व्रतकी महिमा
सनत्कुमारजी कहते हैं—व्यास! प्राचीन कालकी बात है। ब्रह्माजीने उत्तम कुशों और समिधाओंद्वारा अग्निहोत्र किया। अतः उस पुण्य स्थानका नाम ‘कुशस्थली’ हुआ। भगवान् विष्णुने नर-नारायण ऋषिके रूपसे बदरिकाश्रममें रहकर सम्पूर्ण जीवोंके लिये बड़ी भारी तपस्या की। (अतः उस पुण्यक्षेत्रको नर-नारायणाश्रम कहते हैं।) देवेश्वर भगवान् शिव हाथमें कपाल लेकर इस सम्पूर्ण पृथ्वीपर विचरण कर रहे थे। घूमते-घूमते वे कुशस्थलीमें जा पहुँचे और वहाँके उत्तम वनमें उन्होंने प्रवेश किया। वह वन अनेक प्रकारके वृक्षों और लताओंसे हरा-भरा और भाँति-भाँतिके पुष्पोंसे सुशोभित था। नाना भाँतिके पक्षी उसमें सब ओर कलरव करते थे तथा बहुत-से मृग वहाँ सब ओर फैले हुए थे। वह वन नन्दनकाननके समान मनोहर था। भगवान् शिवने उसकी ओर सौम्यदृष्टिसे देखा। भगवान् रुद्रको वहाँ पधारे हुए देख सब वृक्षोंने बड़ी भक्तिके साथ अपनी पुष्पसम्पदा उन्हें समर्पित करके उनके चरणोंमें फूलोंकी वर्षा की। वृक्षोंका वह पुष्पोपहार ग्रहण करके महेश्वरने उनसे कहा—‘तुम्हारा कल्याण हो, तुम सब मुझसे वर माँगो।’
भगवान् शिवके ऐसा कहनेपर सब वृक्ष हाथ जोड़ उन्हें नमस्कार करके बोले—देवेश्वर! शरणागतवत्सल! आप यहीं इस वनमें सदा निवास करें।
महादेवजी बोले—बहुत अच्छा, इस उत्तम वनमें मेरा सदा मनसे निवास होगा। तुम्हें मैं दूसरा वरदान यह देता हूँ कि अग्नि, वायु, जल, सूर्य-किरणोंका ताप, बिजली, वज्रपात और सर्दी—इनमेंसे कुछ भी तुम्हारे लिये रोग नहीं उत्पन्न कर सकेगा।
इस प्रकार भगवान् शिवने वहाँके वृक्षोंको अनुगृहीत किया और एक वर्षतक वहीं रहकर कपालको पृथ्वीपर फेंक दिया। यह जानकर भगवान् ब्रह्माजी देवता और दैत्योंके साथ उस वनस्थलीको गये, जहाँ भगवान् वृषध्वज शिव विराजमान थे। उस वनकी अन्तिम सीमातक महादेवजीको ढूँढ़ते हुए देवताओंने कहीं भी उनको नहीं देखा। तब ब्रह्माजी देवताओंसे बोले—‘भगवान् शिवके दर्शनके लिये सदा तीन उपाय हैं—श्रद्धापूर्वक ज्ञान, तपस्या और योग। इन्हीं तीनोंसे उनकी प्राप्ति बतायी जाती है। योगी महादेवजीके कलासहित और कलारहित दोनों स्वरूपोंका दर्शन करते हैं। तपस्वी केवल कलायुक्त रूपका और ज्ञानी केवल निष्कल रूपका दर्शन पाते हैं। ज्ञान प्रकट होनेपर भी जिसकी श्रद्धा मन्द है, वह भगवान्का दर्शन नहीं पाता। पराभक्तिसे युक्त योगी पुरुष उन परमात्माका साक्षात्कार करते हैं। अतः मन, वाणी और क्रियाद्वारा भगवान् महेश्वरकी आराधनामें निरन्तर संलग्न हो तुम सब लोग तपस्या करो।’
देवता बोले—ब्रह्मन्! आप हम सब लोगोंको ऐसी दीक्षा दीजिये, जो भगवान् शिवको सन्तुष्ट करनेवाली हो।
ब्रह्माजीने कहा—देवताओ! तुम शिवयज्ञके लिये यहाँ पर्याप्त सामग्री ले आओ और इस स्थानपर यज्ञकी वेदी बनाओ। उसीपर अष्टमूर्ति शिवका यजन (पूजन) किया जायगा।
ब्रह्माजीका यह वचन सुनकर देवताओंने सब कुछ उनके कथनानुसार किया। उन्होंने विनययुक्त वेषमें आकर ब्रह्माजीके चरणोंमें प्रणाम किया और वे निष्पाप देवता उनका अनुसरण—उनकी आज्ञाका पालन करने लगे। भगवान् शिवका प्रसाद प्राप्त करनेके लिये ब्रह्माजीने विधिपूर्वक चन्द्रार्धशेखर शिवका यजन किया। फिर अनुग्रहपूर्वक सम्पूर्ण देवताओंको व्रतोंमें श्रेष्ठ दिव्य पाशुपत व्रतका उपदेश किया। विरोधभावको भुला देनेवाले भगवान् ब्रह्माजीने स्वयं ही देवताओंको वह दीक्षा दी।
- आवन्त्यखण्ड-अवन्तीक्षेत्र-माहात्म्य * ९९१
महापाशुपत व्रतका वर्णन शिवशाखामें जैसा किया गया है, शास्त्रोंमें उसकी जैसी विधि बतायी गयी है और जैसे आचार-व्यवहारकी शिक्षा दी गयी है, उसके सहित वह शैव-व्रत देवताओंको बताया। वह व्रत पापों और दुःखोंका नाश करनेवाला, पुष्टि और बलको बढ़ानेवाला, सिद्धिदायक, सुयश बढ़ानेवाला, मनको प्रिय लगनेवाला तथा कलियुगके समस्त पापोंसे छुटकारा दिलानेवाला है। इस व्रतको धारण करनेवाले मनुष्योंको भस्म-स्नान करते हुए एकाग्रचित्त, जितेन्द्रिय, शान्त और दान्त (दमनशील) भावसे रहना चाहिये। तथा कमण्डलु धारण करना, रुद्राक्ष पहनना तथा अशुभदर्शन, असत् आलाप और आसक्ति आदिसे रहित होकर रहना चाहिये। ब्रह्माजीकी आज्ञासे सब देवताओंने इसी प्रकार व्रत धारण करके उस वनमें उमापति महादेवजीकी आराधना की। वे सभी पराभक्तिसे युक्त हो उत्तम विधिका पालन करते हुए दीर्घकालतक भगवान्का ध्यान करते रहे। रुद्रके ध्यानकी अग्निसे उनके समस्त पाप दग्ध हो गये और वे अपूर्व शोभा एवं दीप्तिसे सम्पन्न हो गये। तब भगवान् शंकरने देवताओंके पास जाकर उन्हें प्रत्यक्ष दर्शन दिया। भगवान् सदाशिवको प्रत्यक्ष देखकर देवताओंने सृष्टि, पालन और संहार करनेवाले उन महेश्वरका इस प्रकार स्तवन किया।
देवता बोले—गणों तथा नन्दीसहित शान्तस्वरूप भगवान् शिवको नमस्कार है। जो धर्मस्वरूप वृषकी पीठपर आरूढ़ होनेवाले, सौम्यस्वरूप तथा शक्ति एवं शूल धारण करनेवाले हैं, उन्हें नमस्कार है। दिशाएँ तथा व्याघ्रचर्म आदि ही जिनके वस्त्र हैं, जिनका चित्त परम विशुद्ध और तेज अत्यन्त दुःसह है, जो ब्रह्मस्वरूप हैं, ब्रह्मा जिनका शरीर हैं तथा जो ब्रह्माजीके द्वारा भक्तानुग्रहके कार्यमें लगाये जाते हैं, उन भगवान् शिवको नमस्कार है। अन्धकासुरका नाश करनेवाले रुद्रको नमस्कार है। सम्पूर्ण देवताओंके स्वामी भगवान् शिवको बार-बार नमस्कार है। सब प्रकारके रोगोंका अपहरण करनेवाले पंचमुख रुद्रको नमस्कार है। कैलास पर्वतपर शयन करनेवाले देवताओंके स्वामी ईशानदेवको बारम्बार नमस्कार है। भीम, उग्रस्वरूप तथा विजयरूप शंकरको नमस्कार है, नमस्कार है। देवताओं, दैत्यों तथा यतियोंके भी अधिपति भगवान् शंकरको प्रणाम है। जो चण्ड (दैत्योंपर अत्यन्त क्रोध करनेवाले), चण्ड-दण्ड (भयंकर दण्ड देनेवाले) तथा श्रेष्ठ खट्वांग धारण करनेवाले हैं, उन रुद्रदेवको नमस्कार है। विरूपाक्ष (भयंकर नेत्रवाले), शुभाख्य (कल्याणकारी नामवाले) तथा विश्वरूपको बार-बार नमस्कार है। शान्त एवं ज्ञानस्वरूप त्रिनेत्रधारी शिवको बार-बार नमस्कार है। वेधा (ब्रह्मा), विश्वरूप (विष्णु) तथा विश्वसंहारकारी (रुद्र) को नमस्कार है। भक्तोंपर अत्यन्त कृपा करनेवाले तथा रुद्रज्ञानपरायण शिवको नमस्कार है। कुरूप, सुरूप तथा सैकड़ों रूप धारण करनेवाले भगवान् शंकरको नमस्कार है। पंचमुख, शुभमुख तथा चन्द्रमुख धारण करनेवाले शिवको नमस्कार है। वर देनेवाले, वरण करनेयोग्य तथा उत्तम कर्म करनेवाले शिवको नमस्कार है। त्रिपुरासुरका नाश करनेवाले त्रिलोचन! महेश्वर! हम मन, वाणी, शरीर और भावोंसे आपकी शरणमें आये हैं। आप हमारी रक्षा कीजिये।
सनत्कुमारजी कहते हैं—ब्रह्मा आदि देवताओंके द्वारा इस प्रकार स्तवन किये जानेपर महादेवजीने कहा—'महाभागगण! तुम सबने मेरे दर्शनकी इच्छासे बहुत ही श्रद्धापूर्वक मेरा आराधन किया है; अतः मैं तुम्हें उत्तम वरदान दूँगा। देवताओ! तुम्हारे हितके लिये उज्जयिनीपुरीमें आकर मैंने कपालको फेंक दिया है। अब तुम और क्या चाहते हो?'
देवताओंने पूछा—देव! आपने यहाँ कपाल फेंककर हमारा कौन-सा हित किया है, आपका यह कार्य निरर्थक नहीं हो सकता। अतः इस विषयमें जो यथार्थ कारण हो, उसे बताइये।
महादेवजीने कहा—तुमलोगोंके हितके लिये मैंने तुम्हारे ऊपर आनेवाले एक महान् भयको टाला है। हय नामक दैत्य, जो बहुत ही बलवान्,
| ९१२ | * संक्षिप्त स्कन्दपुराण * |
|---|
योगमायाका जाननेवाला तथा असुरोंका स्वामी था, बलके घमण्डमें आकर रसातल लोकको अपने वशमें करके वहीं रहता था। उस दैत्यके बलवान् सेवक तुम सब लोगोंको तपस्यामें स्थित जानकर यहाँ मारनेके लिये आये थे। उन्होंने मायासे अपने शरीरको छिपा रखा था। यहाँ कपालके गिरानेसे जो अत्यन्त भयानक शब्द हुआ है, उससे और पृथ्वी काँपनेसे उन सब दैत्योंके प्राण निकल गये हैं। उन दैत्योंने सम्पूर्ण लोकोंकी सत्ताका विनाश करनेके लिये उद्योग किया था। वे राज्य और ऐश्वर्यके दर्पसे उन्मत्त हो उठे थे। इसीलिये मैंने उनका वध किया है।
देवता बोले—प्रभो! आप देवताओंके ऊपर बड़ी भारी कृपा करनेवाले हैं।
महादेवजी बोले—देवताओ! तुम्हारे इस तपसे तथा दुःसह कष्टसे तुम्हारा तेज सब ओरसे बढ़े और अधिक उत्कर्षको प्राप्त हो।
देवाधिदेव महादेवजीके ऐसा कहनेपर ब्रह्मा आदि देवता पृथ्वीपर घुटने टेककर, ऊपरकी ओर मुँह करके बोले—देवेश्वर! आप हमारे प्राणदाता हैं, कारण हैं। देव! तपस्यासे ही आपका दर्शन होता है। आपके ध्यानमें लगे हुए हम भक्तोंकी रक्षा कीजिये।
महादेवजी बोले—देवताओ! मैंने यत्नपूर्वक तुम्हें प्रत्यक्ष दर्शन दिया है। अब तुम वर माँगो, मैं तुम्हें बहुतसे वर दूँगा।
भगवान् शिवके ऐसा कहनेपर ब्रह्माजीने कहा—भगवन्! हमें उत्तम ऐश्वर्य और उन राक्षसोंको अक्षय धाम दीजिये।
भगवान् शिव बोले—देवताओ! इस लोकमें जो मेरे भक्त हैं अथवा जो मेरे हाथसे मारे गये हैं, वे दुर्गति को नहीं प्राप्त होते। उन्हें परम उत्तम गतिकी प्राप्ति होती है। वे देवद्रोही असुर जटाजूटधारी एवं शूलपाणि होकर मेरे वाम पार्श्वमें विराजमान होते हैं। इन दैत्योंके निग्रह और आप लोगोंके बोधके लिये मैंने इस भूतलपर कपालको फेंका है। मेरी भक्तिकी इच्छा रखनेवाले भक्तोंपर इस प्रकार मैंने अनुग्रह किया है। वृक्षोंके प्रार्थना करनेपर मैंने इस वनमें नित्य निवास स्वीकार किया है। देवताओ! इस वनमें आये हुए मेरे और यहाँ तपस्या करनेवाले तुम्हारे सामीप्यसे यह महाकाल वन दो नामोंसे लोकमें विख्यात होगा—गुह्य वन और श्मशान। यह तीर्थ सब क्षेत्रोंमें श्रेष्ठ एवं महान् है।
मैंने कपाल-व्रतचर्याका वर्णन इस प्रकार किया है—कपालपात्रमें भोजन करे, कपाल-व्रतको ही आभूषणकी भाँति धारण करे, हाथमें कपाल लिये रहे, सदा सन्तोषपूर्वक रहे और नियमपूर्वक भिक्षान्नका आहार करे। श्मशानमें निवास करे, समस्त प्राणियोंके प्रति प्रसन्न रहे, प्रिय और अप्रियकी प्राप्तिमें समभाव रखे, सब अंगोंको भस्मसे विभूषित करे, विशेषतः ज्ञानवान् और जितेन्द्रिय हो, सब प्रकारकी आसक्तियोंको त्याग दे, मिट्टी, भस्म और जलमात्रका संग्रह करे, सदा योगयुक्त रहे, नित्य-निरन्तर जप करे। श्रेष्ठ आसनको जीते, पवित्र तीर्थमें आश्रम बनाकर रहे, धीरे-धीरे इष्टदेवमें चित्तको एकाग्र करे। यही लोकातीत उत्तम ज्ञान एवं महापाशुपत-व्रत है। पूर्वकालमें कपाल-व्रतका आश्रय लेकर मैंने स्वयं इसका पालन किया है। कपाल-व्रत परम गोपनीय, पवित्र एवं पापनाशक है। कपाल-व्रत कठिनतासे धारण करनेयोग्य और परम अद्भुत है। महापाशुपत-व्रत धारण करनेवाले एक महात्माको जो श्रद्धापूर्वक भोजन कराता है, उसे करोड़ों वेदवेत्ता ब्राह्मणोंको भोजन करानेका फल प्राप्त होता है। जो यतियोंको कपालपूरणी (नारियलके खप्परको भरकर) भिक्षा देता है, वह सब पापोंसे मुक्त होकर कभी दुर्गति को नहीं प्राप्त होता है। यह लोक और वेदमें वन्दित तथा देवताओं और दानवोंद्वारा पूजित व्रत है। सम्पूर्ण भूतोंको मोहनेवाले इस कपाल-व्रतको जो धारण करते हैं, वे मेरे समान होकर इस पृथ्वीपर विचरते हैं तथा इस दीक्षा और योगसे समस्त प्राणियोंको तारते हैं। पितामह! जैसे मैं सम्पूर्ण देवताओंका पूजनीय हूँ, उसी प्रकार यह महाव्रत सम्पूर्ण योगोंसे
- आवन्त्यखण्ड-अवन्तीक्षेत्र-माहात्म्य * १९३
पूजनीय है। संसारके बन्धनसे छुटकारा दिलानेके लिये यह कल्याणमय व्रत परम पवित्र है, क्योंकि यह सम्पूर्ण धर्मके द्वारा मोक्षका कारण है। जो अजितेन्द्रिय पुरुष इस कपालव्रत (संन्यास)-को ग्रहण करके फिर छोड़ देता है, वह यमदूतोंद्वारा शीघ्र ही रौरव नरकमें डाला जाता है। जो भावसे इस व्रतकी बात तो करता है, किंतु तदनुकूल कर्म नहीं करता है, वह रागयुक्त चित्तवाला शृंगारी (शृंगाररसमें डूबा हुआ) पुरुष धर्मका प्रिय नहीं है। जो इस व्रतको लेकर भी किसी एक स्थानपर ही भोजन करता है, मिठाइयाँ उड़ाता है, निष्कपट बातें जिसे अच्छी नहीं लगतीं, जो बुरे गाँव और नगरोंमें रहता है, खेती और वाणिज्य-व्यवसायका सेवन करता है—इत्यादि दोषोंसे दूषित उस मिथ्याचारीके साथ वार्तालाप करनेसे भी मनुष्य नरकगामी होता है, क्योंकि वह मेरे व्रतको कलंकित करनेवाला है।
सनत्कुमारजी कहते हैं—ऐसा कहकर भगवान् सदाशिवने ब्रह्मा आदि देवताओंके साथ उस क्षेत्रको बसाया। श्रेष्ठ मुनिगण इस आदिक्षेत्रको श्मशान कहते हैं। जहाँ भगवान् शिवका निवास है, वह स्थान महाकाल वन कहलाता है। वह भूभाग भगवान् शंकरके अनुग्रहका घर है, इसमें संशय नहीं है। मरणशील प्राणियोंपर अनुग्रह करनेके लिये ही इस क्षेत्रका प्रादुर्भाव हुआ है। वहाँ सुवर्ण और मणिसे निर्मित वेदिका बनायी गयी, जो सब ओरसे परम सुन्दर थी। चौंतीस सुन्दर कलश स्थापित किये गये, जो भरे हुए थे। वहाँ वेदीके चारों ओर चार दरवाजे थे, जो होमाग्निसे तप रहे थे। उस स्थानपर रखे हुए घट नवोदित सूर्यकी भाँति दिखायी देते थे। ऐसे उत्तम महाकाल वनमें भगवान् शिव क्रीड़ा करते हैं। यह सब कुछ सत्ययुगमें सबको प्रत्यक्ष दिखायी देता है, त्रेतामें धर्मपरायण तपस्वी ब्रह्मचारी ही भगवान्को प्रत्यक्ष देखते हैं, द्वापरमें धर्मात्मा और वैदिक ज्ञानसे सम्पन्न पुरुष ही उन्हें देख पाते हैं, परंतु कलियुगमें विशुद्ध विज्ञानसे सुशोभित अधिक तपस्यावाले पुरुष ही महाकाल वनमें शूलपट्टिशधारी उन देवाधिदेव भगवान् महेश्वरका दर्शन करते हैं, जो सम्पूर्ण लोकोंपर अनुग्रह करनेवाले हैं। व्यास ! मैंने तुम्हें यह सब यथार्थ वृत्तान्त बतलाया है। भगवान् शिवका यह स्थान विश्वविख्यात गुणगणोंसे पूजित है और सब दोषोंका नाश करनेवाला है। जो कल्याणमयी बुद्धिसे युक्त मानव इहलोकमें एकाग्रचित्त होकर इस स्थानके माहात्म्यको पढ़ता अथवा सुनता है, वह देवताओंसे अभिषिक्त एवं पूजित होकर भगवान् शंकरके धामको जाता है।
o
रुद्रभक्तिका निरूपण तथा महाकाल क्षेत्रमें निवास करनेवाले मनुष्योंके नियम
व्यासजीने पूछा— भगवन् ! महाकाल वनमें रुद्रलोककी इच्छा रखनेवाले उस क्षेत्रके निवासियोंको किस विधिसे रहना चाहिये ?
सनत्कुमारजीने कहा— व्यास ! भगवान् शंकरकी भक्ति तीन प्रकारकी बतायी गयी है—मानसिक, वाचिक और कायिक। लौकिकी, वैदिकी और आध्यात्मिकी—ये तीन भेद और भी हैं। ध्यान, धारणा एवं बुद्धिके द्वारा जो भगवान् रुद्रके स्वरूपोंका स्मरण किया जाता है, वह रुद्रके प्रति भक्ति-भावको बढ़ानेवाली मानसी भक्ति कहलाती है। स्तुति और कीर्तन आदि वाचिकी भक्तिके अन्तर्गत हैं। इन्द्रियोंको रोककर संयममें रखनेवाले पुरुषोंद्वारा जो व्रत, उपवास और नियम आदिका पालन किया जाता है—ज्ञान और ध्यानमें स्थित धर्मात्मा पुरुषोंकी वह भक्ति कायिक कही गयी है। गोघृत, गोदुग्ध, गोदधि, चन्दन, कुंकुम, कुशोदक, गन्ध,