योगवाशिष्ठ महारामायण
Yog Vashishta Maha Ramayan
महर्षि वाल्मीकि द्वारा
स्रोत: योगवाशिष्ठ महारामायण (हिन्दी भाषा टीका) · Archive.org (उद्गम)
☸ निर्वाण प्रकरण ☸ ७४६
सतशास्त्रों के विचार बिना शान्ति नहीं होती, पर यह संशय मुझको होता है कि तुम जाग्रत् जगत् को स्वप्नवत् कैसे कहते हो ? कई पदार्थ सत्य लगते हैं और कई असत्य लगते हैं। मुनीश्वर बोले, हे बधिक ! यह सब जगत् पृथ्वी आदिक पदार्थ सत्य दिखते हैं और शश के सींग आदि असत्य दिखते हैं, सो सब मिथ्या हैं। जैसे स्वप्न में जो सत्य-असत्य पदार्थ दिखते हैं, सो सब असत्य हैं, वैसे ही यह जगत् असत्य है, पर उसमें अल्प और चिरकाल की प्रतीति का भेद है। जाग्रत् चिरकाल की प्रतीति है, उसमें पदार्थ सत्य भासते हैं और स्वप्न अल्पकाल की प्रतीति है। इससे स्वप्न के पदार्थ असत्य दिखते हैं। परन्तु दोनों भ्रमरूप और असत्य हैं, इस कारण मैं तुल्य कहता हूँ। असत्य पदार्थ ही भ्रम से सत्य की नाईं दिखते हैं। यह सब जगत् स्वप्नमात्र है। उसमें सत्य और असत्य किसे कहूँ। जैसे स्वप्न में कई पदार्थ सत्य और कई असत्य भासित होते हैं, पर सभी असत्य हैं, वैसे ही जाग्रत् में कई पदार्थ सत्य और कई असत्य भासित होते हैं, परन्तु दोनों भ्रममात्र हैं, इसी से असत्य हैं। हे बधिक ! प्रतीति का भेद है, पदार्थ में कुछ भेद नहीं। जिसमें प्रतीति दृढ़ हो रही है, उसको सत्य कहते हैं, और जिसमें प्रतीति दृढ़ नहीं, उसको असत्य कहते हैं। एक ऐसे पदार्थ हैं कि स्वप्न में उनकी भावना दृढ़ हो गई है। वे जाग्रत् में भी प्रत्यक्ष दिखते हैं। मनोराज्य की दृढ़ता जो जाग्रतरूप हो जाती है, वह भावना ही की दृढ़ता है, और भेद नहीं। जिसमें भावना दृढ़ हो गई है, वह सत्य भासने लगा है। जो ज्ञानवान् पुरुष हैं, उनको जगत् संकल्पमात्र ही भासता है। संकल्प से भिन्न जगत् का कुछ रूप नहीं, तो उसमें सत्य और असत्य किसे कहूँ ?
सब जगत् भ्रममात्र है। जो ज्ञानवान् हैं, उनको सत्य-असत्य कुछ नहीं। सब ज्ञानरूप ही दिखता है। जैसे जिसको स्वप्न में जाग्रत की स्मृति आई है, उसको फिर स्वप्न नहीं आता है, वैसे ही जिसको स्वप्न में भी स्वरूप का बोध हुआ है, उसका फिर जन्म नहीं होता। इससे न कोई जाग्रत् है, न कोई स्वप्न है और न कोई नीति है, क्योंकि नीति
७५०
❊ योगवाशिष्ठ ❊
भी कुछ और वस्तु नहीं। जैसे स्वप्न में नाना प्रकार के पदार्थ दिखते हैं और उनकी मर्यादा नीति भी भासित होती है तो वह नीति किससे है ? सब ज्ञानरूप होती है। वैसे ही जाग्रत् में भी सब ज्ञानरूप है और संवित् के फुरने से नाना प्रकार के पदार्थ दिखते हैं। उसमें नीति भी भासित होती है। इससे न कोई जगत् है और न कोई नीति । इसका कारण कोई नहीं । कारण बिना ही जगत् अकस्मात् उपजता और मिट भी जाता है। संवेदन के जगने से जगत् प्रकट होता है और संवेदन के मिटने से मिट जाता है—इससे जगत् संवेदनरूप है। जैसे वायु स्पन्दनरूप होती है, वैसे ही संवेदन ही जगत्रूप होकर दिखता है। जैसे वायु स्पन्दनरूप होती है, तब स्फुरणरूप होकर भासित होती है और निस्पन्द को कोई नहीं जानता, परन्तु वायु को दोनों तुल्य हैं; वैसे ही चित्तसंवेदन के फुरने में जगत् दिखता है और ठहरने में जगत् किञ्चन मिट जाता है—फुरना और ठहरना दोनों उसके किञ्चन हैं, और वह आप दोनों में तुल्य है।
हे वधिक ! नीति भी अज्ञानी को समझाने के लिए कही है। स्वप्न भी असत्य है, यह सब जानते हैं, पर स्वप्न का वृत्तान्त जाग्रत् में सिद्ध होता दिखता है। कोई कहता है कि रात्रि में मुझको स्वप्न हुआ है कि अमुक कार्य इस प्रकार होगा, और जाग्रत् में वैसा ही होता दिखता है। पिता पुत्र से कह जाता है कि मेरी गति करना और अमुक स्थान से द्रव्य गड़ा है, उसे तुम निकाल लो । सो यह उसी प्रकार होता देखा गया है। जो नीति होती तो कोई कार्य सिद्ध न होता, पर वह तो होता है, इससे नीति भी कुछ वस्तु नहीं । आत्मा से भिन्न कुछ वस्तु नहीं । जाग्रत् उसका नाम है, जिसे आत्मा कहते हैं। जिसको तुम जाग्रत् कहते हो वह कुछ वस्तु नहीं । जाग्रत् मन-सहित षट्इन्द्रियों का संवेदन होता है। वह स्वप्न में भी मनसहित षट्इन्द्रियों का संवेदन होता है और उनसे विषयों का ग्रहण होता है। इससे जाग्रत् कुछ वस्तु नहीं। जो अर्थ जाग्रत् में सिद्ध होता है, वह स्वप्न में भी सिद्ध हो तो जाग्रत् कुछ वस्तु न हुई। और जो तू कहे
☸ निर्वाण प्रकरण ☸
७५१
कि स्वप्न कुछ वस्तु है तो स्वप्न भी कुछ वस्तु नहीं; क्योंकि स्वप्न वहाँ होता है, जहाँ निद्राभ्रम होता है । जगत् केवल शुद्ध चिन्मात्रसत्ता का किञ्चन है । जैसे रत्नों की चमक स्थिर होती है, सो रत्नों से भिन्न कुछ वस्तु नहीं, रत्न ही उसमें व्यापा है, वैसे ही जाग्रत् व स्वप्न का जगत् आत्मा का चमत्कार है । बोधसत्ता केवल अपने आपमें स्थित है । वह अनन्त है । उसमें जगत् कुछ बना नहीं । जो आत्मा से भिन्न जगत् दिखता है, वह नाशवान् है । आत्मा सदा अविनाशी है । हे बधिक ! जब यह पुरुष शरीर को छोड़ता है, तब परलोक में सुख-दुःख ऐसे भोगता है, जैसे जल में तरङ्ग उठकर मिट जाता है और दूसरी जगह और प्रकार से उठता है, सो जल ही जल है । पहले भी जल था, पीछे भी जल है, तरङ्ग भी जल है और जल ही का विलास इस प्रकार फुरता है । वैसे ही यह शरीर भी अनुभवरूप है—अनुभव से भिन्न कुछ नहीं ।
जैसे मनुष्य एक स्वप्न को छोड़कर दूसरा स्वप्न देखता है तो क्या है; अपना ही रूप है, वैसे ही यह जगत् भी आत्मरूप है । हे बधिक ! जाग्रत्, स्वप्न, सुषुप्ति और तुरीय ये ही चारों वपु हैं जाग्रत् सृष्टि की समष्टिता है, उसका नाम विराट् है । स्वप्न लिङ्ग शरीर की समष्टिता है, उसका नाम हिरण्यगर्भ है । सुषुप्ति शरीर की समष्टिता अव्याकृत माया है और तुरीय सब शरीरों की समष्टिता है । यह चैतन्यरूप आत्मा है । तुरीय साक्षीभूत के जानने को कहते हैं । उसकी समष्टितारूप चैतन्य वपु है । चारों शरीर उसके हैं । वह सदा निराकार अचेत चिन्मात्र है । हे बधिक ! ये चारों परमात्मा के शरीर हैं । वह परमात्मा निराकार है । आकार जो उसमें दिखता है, वह भी वही रूप है । आकार कल्पनामात्र है और आत्मा सब कल्पना से रहित है—इससे सब जगत् चिदाकाशरूप है । जैसे पत्थर की शिला में कमल के फूल नहीं लगते--उनका होना असंभव है, वैसे ही आत्मा में जगत् का होना असंभव है । हे बधिक ! आत्मसत्ता अपने आपमें स्थित है । तू जागकर देख कि सब पदार्थ संकल्पमात्र हैं और जिसमें कल्पित हैं, वह नामरूप से
७५२ ☸ योगवाशिष्ठ ☸
रहित है। जब तू उसको देखेगा तब सब जगत् आत्मरूप प्रतीत होगा।
इति श्रीयोगवाशिष्टे निर्वाणप्रकरणे स्वप्ननिर्णयो नाम द्विशताधिकषट्त्रिंशत्तमस्सर्गः॥२३६॥
बधिक बोला, हे मुनीश्वर ! उस पुरुष के हृदय में जो सृष्टि देखी थी, उसमें तुम किस प्रकार विचरते थे और क्या देखा था, सो कहो। मुनीश्वर बोले, हे बधिक ! जब मैंने उसके हृदय में नाना प्रकार का जगत् देखा, तब मैं अपने कुटुम्ब में रहने लगा। पहले की स्मृति भूलकर सोलह वर्ष तक उसी को सत्य जानकर चेष्टा करता रहा। तब मेरे गृह में माननीय उग्रतपा नाम के एक ऋषीश्वर आये। उनका मैंने बहुत आदर किया। उनके चरण धोकर मैंने सिंहासन पर बिठाया और नाना प्रकार के भोज्य पदार्थों से उनको तृप्त किया। जब उन ऋषि ने भोजन करके विश्राम किया, तब मैंने कहा, हे ऋषीश्वर ! यह मैं जानता हूँ कि तुम परमज्ञानी हो, क्योंकि अपने रूप आत्मतत्त्व को आप ही जानते हो। जब तुम आये थे, तब थके हुए थे, परन्तु तुममें क्रोध न देख पड़ा, और जब तुमने नाना प्रकार के भोजन किये, तब तुम हर्षित भी नहीं हुए। इस कारण मैंने जाना कि तुम परम बोधवान् हो और तुममें राग-द्वेष कुछ नहीं है। इससे मैं संशययुक्त होकर एक प्रश्न करता हूँ, कृपा करके उसका उत्तर देकर मेरे संशय को दूर कीजिये। हे भगवन् ! इस जगत् में जो दुर्भिक्ष पड़ता है और सब इकट्ठे मर जाते और कष्ट पाते हैं, इसका क्या कारण है ? यह तो मैं जानता हूँ कि जैसे शुभ अथवा अशुभ कर्म जीव करता है, उनका फल पाता है। जैसे धान को बोता है तो समय पाकर फल भी अवश्य आता है; वैसे ही कर्म का फल भी अवश्य प्राप्त होता है। और जिसने कर्म किया है, वही फल भी भोगता है, पर दुर्भिक्ष में इकट्ठा कष्ट क्योंकर प्राप्त होता है ? उग्रतपा बोले, हे साधो ! प्रथम यह सुनो कि जगत् क्या वस्तु है। यह जगत् कारण बिना उत्पन्न हुआ है और जो कारण बिना देख पड़े, उसे भ्रममात्र जानिये। इससे तुम विचारकर देखो कि 'यह जगत् क्या है' तुम 'कौन हो' 'इसमें क्या हैं' और 'इसका अन्त कहाँ तक है' ?
☸ निर्वाण प्रकरण ☸ ७५३
हे वधिक ! यह जगत् स्वप्नमात्र है और यह शरीर भी स्वप्न ही है। तू मेरा स्वप्ननर है; मैं तेरा स्वप्ननर हूँ और सब जगत् स्वप्नरूप है। कारण-कार्य कोई नहीं, सब आभासमात्र है। आभास में कुछ और वस्तु नहीं होती। इससे सब जगत् आत्मस्वरूप है। जैसे रस्सी में सर्प भ्रममात्र होता है, वह सर्प नहीं, रस्सी ही है, वैसे ही सब जगत् चिन्मात्र-रूप है। उसमें जगत् कुछ बना नहीं। केवल आत्मसत्ता अपने आपमें स्थित है, और उसमें अहँ होकर इस प्रकार चेतनता संवेदन फुरता है, तब जगत् आकार का स्मरण होता है, और जैसा-जैसा संकल्प फुरता है, वैसा ही वैसा जगत् दिखता है। जैसे स्वप्न की सृष्टि और संकल्पनगर नाना प्रकार के दिखते हैं, पर अनुभव से भिन्न नहीं, वैसे ही यह जगत् दिखता है। जिस संवित् में अपना स्वरूप विस्मृत होता है, उसको जगत् कारण कार्यरूप दिखता है—वही जीव है। और जिस संवित् को कर्म की कल्पना स्पर्श करती है, उसको उन कर्मों का फल लगता है। ज्ञानवान् कर्तव्य करता भी दिखता है, परन्तु उसके हृदय में कर्तव्य का अभिमान नहीं स्पर्श करता। जिसके हृदय में कर्तव्य का अभिमान होता है, उसको फल भी होता है।
हे साधो ! यह जो सृष्टि है, उसका एक विराट् पुरुष है। उसी का यह शरीर है। यह विराट् भी अन्य विराट् के संकल्प में है। यह विराट उस विराट् का रोमाञ्च है। जब विराट्पुरुष के अंग में क्षोभ होता है और जीव की पापवासना उदय होती है, तब वासना और अंग का क्षोभ इकट्ठा होने से उस स्थान में उपद्रव और कष्ट होता है। जैसे वन में बहुत वृक्ष होते हैं और उन पर गाज गिरती है तो उससे सब चूर्ण हो जाते हैं, वैसे ही इकट्ठे पाप से सब इकट्ठे ही मर जाते हैं और इकट्ठे दुर्भिक्ष से कष्ट पाते हैं। जैसे किसी पुरुष के अंग पर मक्खी काटे तो उससे वह अंग काँपता है और उस अंग के काँपने से रोम भी काँपने लग जाते हैं, और जो सर्पादिक जीव कहीं डसते हैं तो सारा शरीर दुखता है और सब रोम कष्ट पाते हैं, वैसे ही यह जगत् विराट् पुरुष का शरीर है जब किसी नगर में पाप उदय होता है, तब एक रोमरूपी नगर जीव कष्ट
७५४ ❁ योगवाशिष्ठ ❁
पाते हैं। और जो सारे अङ्गरूपी देश में पाप उदय होता है, तो सर्प के काटने के समान विराट् का सारे शरीर में क्षोभ होता है और उसके शरीर पर रोमरूपी सब जीव कष्ट पाते हैं, आत्मसत्ता केवल अनुभव-रूप है। उसके प्रमाद से यह आपदा दृष्टि होती है। यह जगत् कारण से उपजा होता तो सत्य होता। कारण से तो उपजा नहीं, सत्य कैसे हो ? इस जगत् में सत्य प्रतीति करना ही अज्ञान है। हे साधो ! इस आकाश का कारण कोई नहीं, पृथ्वी का कारण कोई नहीं, और अविद्या का कारण भी कोई नहीं। स्वयंभू अकारण है। स्वयंभू उसका नाम है, जो अपने आपसे प्रकट है तो उसका कारण कौन हो ? अग्नि, जल, वायु का कारण भी कहीं नहीं। जो तुम कहो कि सबका कारण आत्मा है तो आत्मा को निमित्तकारण कहोगे या समवायकारण कहोगे ? यदि प्रथम पक्ष निमित्तकारण कहिये तो नहीं बनता; क्योंकि आत्मा अद्वैत है, दूसरी वस्तु कोई नहीं, तब निमित्तकारण कैसे हो ? यदि समवाय-कारण कहिये तो भी नहीं बनता; क्योंकि समवायकारण आप परिणाम करके कार्य होता है। पर आत्मा अच्युत है और अपने स्वरूप को नहीं त्यागता। वह समवायकारण कैसे हो ? इससे यदि आत्मा में कारण कार्य भाव नहीं तो फिर जगत् किसका कार्य हो ?
हे अङ्ग ! जो कारण से रहित देख पड़े, उसको जानिये कि भ्रममात्र भासित होता है, और जो तू कहे कि कारण बिना पिण्डाकार नहीं होते, कहीं कारण भी होगा, तो हे अङ्ग ! जैसे मनुष्य देह को त्यागता है और परलोक जाकर देखता है तो कर्म के अनुसार सुख-दुःख भोगता है। पर उस शरीर का कारण किसे कहिये ? वह तो कारण से नहीं उपजा, भ्रममात्र है। वैसे यह भी भ्रममात्र जानो। जैसे स्वप्न में जो नाना प्रकार के आकार प्रकट होते हैं, वे किसी कारण से नहीं उप-जते, और जैसे आकाश में तरुवर और शृङ्ग जो दिखते हैं, वे भ्रममात्र हैं, वैसे ही यह जगत् भी भ्रममात्र है। जैसे बालक को अनहोता वेताल दिखता है और उससे वह भयभीत होता है, वैसे ही यह जगत् भी अनहोता स्वरूप के प्रमाद से दिखता है। वास्तव में परमात्मसत्ता ज्यों
✽ निर्वाण प्रकरण ✽ ७५५
की त्यों है, वही संवेदन से जगतरूप होकर दिखती है—उसमें वही रूप है जैसे वायु चलने और ठहरने में एक ही रूप है, परन्तु चलने से प्रतीत होती है और ठहरने से नहीं प्रतीत होती, वैसे ही चित्तसंवित् फुरने से जगत् के आकार से दिखती है और उसमें नाना प्रकार के शब्द-अर्थ दृष्टिगत होते हैं, और जब फुरने से रहित होती है, तब अपने स्वभाव को देखती है। जब संकल्प की दृढ़ता होती है, तब कारणकार्य भासित होने लगते हैं। जिसको कारणकार्य भासित होता है, उसको जगत् सत्य जान पड़ता है, और जिसको कारणकार्य से रहित दिखता है, उसको जगत् आत्मरूप है। जिसको कारणकार्य बुद्धि है, उसको वही सत्य है। वह पुण्य करेगा तो स्वर्ग में सुख पावेगा और पाप करेगा तो नरक के दुःख भोगेगा—इससे उसको पुण्य ही करना भला है। जब जीव के पाप इकट्ठे होते हैं, तब दुर्भिक्ष पड़ता और मृत्यु आती है। जैसे पत्थर की वर्षा हो, वैसे ही वे कष्ट पाते हैं। और जो मेरा निश्चय पूछो तो न पाप है, न पुण्य है, न दुःख है, न सुख है, और न जगत् है। जब स्वरूप के प्रमाद से अहं उदय होता है, तब नाना प्रकार के विकार भासित होते हैं, और जब प्रमाद निवृत्त होता है, तब सब आत्मरूप दिखता है—इससे तुम सब कल्पना त्यागकर अपने स्व-रूप में स्थित हो। तब सब संशय मिट जावेंगे।
इति श्रीयोगवाशिष्टे निर्वाणप्रकरणे स्वप्नविचारो नाम द्विशताधिकसप्तत्रिंशत्तमस्सर्गः ॥ २३७ ॥
मुनीश्वर बोले, हे वधिक ! इस प्रकार उग्रतपा ऋषीश्वर ने उपदेश किया। उससे मैं अपने स्वभाव में स्थित होकर अकृत्रिमपद को प्राप्त हुआ। उग्रतपा के साथ मानो विष्णु भगवान् उपदेश करने आकर बैठे थे, उन्हीं के उपदेश से मैं जागा। जैसे कोई धूल से सना हुआ स्नान से निर्मल हो, वैसे ही मैं शुद्ध हुआ, अपनी पूर्वस्मृति और अवस्था को स्मरणकर और समाधिवाले शरीर और आत्मवपु को भी जानकर यह उग्रतपा तुम्हारे पास बैठा है। अग्नि बोले, हे राजन् ! जब इस प्रकार मुनीश्वर ने कहा, तब वधिक को विस्मय हुआ। वह
७५६ ❊ योगवाशिष्ठ ❊
बोला, हे मुनीश्वर ! बड़ा आश्चर्य है, जो तुम कहते हो कि स्वप्न में मुझको उमत्तपा ने उपदेश किया था और फिर जाग्रत में कहते हो कि यह बैठा है । यह तुम्हारी बात कैसे मानिये ? जैसे बालक अपनी परछाहीं में वैताल की कल्पना करे और कहे कि यह प्रत्यक्ष बैठा है, तो जैसे वह स्पष्ट नहीं दिखता, वैसे ही यह तुम्हारा कहना स्पष्ट समझ में नहीं आता । यह अपूर्व बात सुनकर मुझे संशय हुआ है, उसे तुम दूर करो । मुनीश्वर बोले, हे बधिक ! यह बात अवश्य ही आश्चर्य उपजानेवाली है । परन्तु जैसे यह वृत्तान्त हुआ है, वह संक्षेप से तुमसे कहता हूँ, सुनो ! जब उमत्तपा ने मुझको उपदेश किया, तब मैंने कहा, हे भगवन् ! तुम यहाँ विश्राम करो और जिस प्रकार मैं रहता हूँ, वैसे ही तुम भी रहो । तब मैं वहाँ रहने लगा । उनका उपदेश पाकर मैंने विचारा कि यह जगत् मिथ्या है, मेरा शरीर भी मिथ्या है तो इसके सुख के लिए मैं क्यों यत्न करता हूँ ? इन्द्रियाँ तो ऐसी हैं, जैसे सर्प होते हैं । इनको सेवनेवाला संसाररूप बन्धन से कभी मुक्त नहीं होता । मेरे जीने को धिक्कार है । जो इन इन्द्रियों के सुख की कामना करते हैं वे मूर्ख हैं । वे मृग की नाईं मरुस्थल में जल-पान करने के लिए दौड़ते और थक जाते हैं, पर तृप्ति कभी न होंगे । मैं अविद्या के कारण सुख के निमित्त यत्न करता था, पर इनसे तृप्ति कभी नहीं होती ।
हे बधिक ! ममता के रूप बान्धव ही पैरों की जंजीर और अन्धकूप में गिरने का कारण है । इनसे बँधा हुआ मैं इन्द्रियों के विषयरूपी कूप में गिरा था । अब मैंने विचार किया है कि बन्धन का कारण कुटुम्ब है, उसको मैं त्याग दूँ । फिर विचार किया कि जब तक अविद्या को नष्ट न करूँ, इनके त्याग में भी सुख नहीं प्राप्त होगा । हे बधिक ! ऐसे विचारकर मैं गुरु के पास गया । मन में विचारा कि जगत् भ्रममात्र है और गुरु भी स्वप्नमात्र है, इनसे क्या प्राप्त होगा ? फिर विचारा कि नहीं ये ज्ञानवान् पुरुष हैं और इनको 'अहंभ्रम' का निश्चय है, इससे ये ब्रह्मस्वरूप और कल्याणमूर्ति हैं । इनसे जाकर प्रश्न करूँ । तब
❇ निर्वाण प्रकरण ❇ ७५७
मैंने जाकर उनको प्रणाम किया और कहा, हे भगवन् ! उस अपने शरीर को देख आऊँ और इसके शरीर को भी देखूँ कि कहाँ है। इस जगत् का विराट्पुरुष है। हे वधिक ! जब इस प्रकार मैंने कहा, तब ऋषि ने हँसकर मुझसे कहा, हे ब्राह्मण ! अब वह तेरा शरीर कहाँ है ? वह शरीर तो दूर गया । अब उसे कहाँ देखेगा ? यह तू आपही जानेगा । तब मैंने हाथ जोड़कर ऋषि से कहा, हे ऋषीश्वर ! अब मैं जाता हूँ । मेरे लौटकर आने तक तुम यहीं बैठे रहना । हे वधिक ! ऐसे कहकर मैं आधिभौतिक देह के अभिमान को त्यागकर अन्त-वाहक शरीर से उड़ा । आकाशमार्ग उड़ता-उड़ता थक गया, परन्तु वह शरीर कहीं न पाया। तब मैं फिर ऋषि के पास आया और कहा, हे पूर्वापर और भूत-अविष्य के जाननेवाले ! वे दोनों शरीर कहाँ गये ? न इस सृष्टि के विराट् का शरीर दिखता है, जिसके मार्ग से मैं आया था और न अपना ही शरीर दिखता है ? हे संशयरूपी अन्धकार के नाशकर्ता सूर्य ! आप इसका कारण बताइये ।
उग्रतपा बोले, हे कमलनयन, तपरूपी कमल वन के सूर्य ज्ञानरूपी कमल के धारण करनेवाले विष्णु की नाभि और आनन्दरूपी कमल की खान ! तुम सब कुछ जानते हो और आत्मपद में जागे हो ! तुम तो योगी-श्वर हो । ध्यान करके देखो, जिसमें सब वृत्तान्त तुमको देख पड़े । हे मुनीश्वर ! यह जगत् असत्यरूप है। इसमें कोई वस्तु स्थिर नहीं। विचार कर देखो, जिसमें शरीर की अवस्था तुमको देख पड़े । और जो मुझसे पूछते हो तो मैं कहता हूँ । हे मुनीश्वर ! जिस वन में तुम रहते थे और जहाँ तुम्हारे शरीर थे, उस वन में एक समय अग्नि लगी और सब प्रकार के वृक्ष और बेलें जल गईं । जल भी अग्नि से खौलने लगा और वनचारी पशु-पक्षी सब जल गये और महाकष्ट को प्राप्त हुए । उन्हीं के साथ तुम्हारा शरीर भी जल गया और कुटी भी जल गई । मुनी-श्वर बोले, हे भगवन् ! उस अग्नि से जो सम्पूर्ण वन जल गया तो उसका कारण कौन था ? उग्रतपा बोले हे मुनीश्वर ! यह जगत्, जिसमें हम और तुम बैठे हैं, इसी का विराट् है । जिसके शरीर में तुमने
७५८ ✻ योगवाशिष्ठ ✻
प्रवेश किया था और जिसमें उसका और तुम्हारा समाधिवाला शरीर है, उसका विराट् और है—वह सृष्टि उस विराट् का शरीर है । हे मुनीश्वर ! उस विराट् के शरीर में क्षोभ होने के कारण अग्नि उत्पन्न हुई और शरीर, वृक्ष इत्यादि सब जल गये । इस सृष्टि के विराट् का नाम ब्रह्मा है । उस ब्रह्मा का विराट् और है । उसका विराट् आत्मा है, जो सदा अपने आपमें स्थित है । उसमें कुछ और नहीं बना । जिस पुरुष को उसका प्रमाद है, उसको उपद्रव और कारण-कार्यरूप पदार्थ भासित होते हैं । उससे वह कर्मों के अनुसार दुःख-सुख भोगता है । और जिसको स्वरूप का साक्षात्कार हुआ है, उसको जगत् आत्मा दिखता है, अर्थात् सब ओर से ब्रह्म भासित होता है ।
हे मुनीश्वर ! जब इस प्रकार वन के सब पशु-पक्षी जले, तब तुम्हारी कुटी में भी आग लगी । इससे वह कुटी और तुम्हारा शरीर अग्नि से जल गया । जिसके शरीर में तुमने प्रवेश किया था, वह भी जल गया । तुम्हारा शिष्य और उसका ओज भी जल गया । तुम दोनों की संवित् आकाशरूप हो गई । वह अग्नि भी वन को जलाकर अन्तर्धान हो गई । जैसे अगस्त्य मुनि समुद्र का आचमन करके अन्तर्धान हो गये थे, वैसे ही वह अग्नि भी वन को जलाकर अन्तर्धान हो गई । अब तुम्हारे शरीर की राख भी नहीं रही । जैसे स्वप्नसृष्टि जाग्रत् में नहीं दिखाई देती, वैसे ही तुम्हारे शरीर अदृष्ट हो गये । हे मुनीश्वर ! यह सब जगत् स्वप्नमात्र है । मैं तुम्हारे स्वप्न में हूँ और सब जगत् का अधिष्ठान ब्रह्मसत्ता है । वह सबका अपना रूप है, जगत् उसी का आभास है । जैसे संकल्पसृष्टि, स्वप्ननगर और गन्धर्वनगर असत् होता है, वैसे ही यह जगत् भी है । हे मुनीश्वर ! यह जगत् तुम्हारे स्वप्न में स्थित है । तुमको चिरकाल की प्रतीति से नाना प्रकार का जाग्रतरूप कारण-कार्य सत्य होकर भासित होता है । मुनीश्वर बोले, हे भगवन् ! जो यह स्वप्ननगर सत्य हो गया है, तो सभी स्वप्ननगर सत्य होंगे ? उग्रतपा बोले, हे मुनीश्वर ! प्रथम तुम सत्य को जानो कि सत्य क्या वस्तु है । यह जगत् जो
❇ निर्वाण प्रकरण ❇ ७५६
तुमको भासित होता है, वह सभी स्वप्ननगर है। इसमें कोई पदार्थ सत्य नहीं। इस जगत् को तुम समाधिवाले शरीर की अपेक्षा असत्य कहते हो, पर जिसको तुम जाग्रत् शरीर कहते हो उसे किसकी अपेक्षा असत्य कहोगे ? यह तो अदृष्टरूप है, इससे इसको स्वप्न जानो। जिस सत्ता में यह समाधिवाला शरीर भी स्वप्न है, उस सत्ता को जानो, तब तुमको सत्यपद की प्राप्ति होगी। जैसे यह जगत् आत्मसत्ता में आभास जगा है, वैसे ही वह भी है।
तुम जागकर देखो तो इसमें और उसमें कुछ भेद नहीं है। सब जगत् जो दिखता है, वह सब आत्मरूप रत्न का प्रकाश या चमत्कार है। जैसे सूर्य की किरणों में अनहोता ही जल भासित होता है, वैसे ही सब जगत् आत्मा में अनहोता दिखता है, और आत्मा के प्रमाद से सत्य प्रतीत होता है। तुम अपने स्वभाव में स्थित होकर देखो।
मुनीश्वर बोले, हे बधिक ! उग्रतपा ऋषीश्वर रात्रि के समय इस प्रकार कहते हुए शय्या पर सो गये। जब कुछ काल में जागे, तब मैंने कहा कि हे भगवन् ! और वृत्तान्त मैं फिर पूछूँगा, प्रथम यह संशय दूर करो कि व्याध का गुरु तुमने मुझको किस निमित्त कहा। मैं तो व्याध को जानता भी नहीं ? उग्रतपा बोले, हे दीर्घतपस्वी ! ध्यान करके देखो, तुम तो सब कुछ जानते हो। जैसा वृत्तान्त है, उसको जानोगे। जो मुझसे पूछते हो तो मैं भी कहता हूँ। यह वृत्तान्त तो बड़ा है, पर मैं तुमको संक्षेप से बताता हूँ। हे मुनीश्वर ! तुम्हारे देश में राजा के बान्धव और सब लोग अपना धर्म जब छोड़ देंगे, तब दुर्भिक्ष पड़ेगा और वर्षा न होगी। इससे लोग दुःख पावेंगे और मर-मर जावेंगे। तुम्हारे कुटुम्बी भी मरेंगे और कुटी भी नष्ट हो जायगी। वृक्ष सब फल, फूल से रहित होंगे। केवल तुम और मैं, दोनों वन में रह जावेंगे; क्योंकि हमको सुखदुःख की वासना नहीं है, हम विदितवेद हैं—विदित-वेद को दुःख कैसे हो ? हे मुनीश्वर ! कुछ समय तो इस प्रकार चेष्टा होगी। फिर कुटी के चौफेर फूल, फल, तमालवृक्ष, कल्पतरु, कमल-सरोवर आदि नाना प्रकार का सामग्री होगी। बड़ी सुगन्ध फैलेगी।
७६० ✼ योगवाशिष्ठ ✼
मोर और कोकिला विराजेंगे और भौंरे कमल पर गुञ्जार करेंगे । निदान ऐसा विलास प्रकट होगा, मानो इन्द्र का नन्दनवन आकर लगा है । ऐसी बहार फिर होगी ।
इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे रात्रिसंवादो नाम द्विशताधिकाष्टत्रिंशत्तमस्सर्गः ॥ २३८ ॥
मुनीश्वर बोले, हे वधिक ! उम्रतपा ऋषीश्वर ने मुझसे फिर कहा कि हे मुनीश्वर ? इस प्रकार वह वन होगा । तब तुम और मैं एक समय तप करने को उठेंगे । वहाँ एक व्याध मृग के पीछे दौड़ता तुम्हारी कुटी के निकट आवेगा । उसको तुम सुन्दर और पवित्र कथा उपदेश करोगे । उसमें स्वप्न का प्रसंग चलेगा ! उस प्रसंग में वह स्वप्न और जाग्रत् का वृत्तान्त पूछेगा । उससे तुम स्वप्न का प्रसंग कहोगे और उस स्वप्न के प्रसंग में परमार्थ का उपदेश करोगे, क्योंकि संत का स्वभाव यही है । तुम मेरे समागम का उपदेश करोगे । तुम्हारे वचनों को सुनकर वह पुरुष विरक्तचित्त होकर तप करेगा । उससे उसका अन्तःकरण निर्मल होगा और वह सत्यपद को प्राप्त होगा । हे मुनीश्वर ! इस प्रकार होगा, यह मैंने तुमसे संक्षेप से कहा है । तुम भी ध्यान करके देखो । इसी कारण मैंने तुमको व्याध का गुरु कहा है । हे व्याध ! इस प्रकार जब उम्रतपा ने मुझसे कहा, तब मैं सुनकर विस्मित हुआ कि इन्होंने क्या कहा ? बड़ा आश्चर्य है, ईश्वर की नीति जानी नहीं जाती कि क्या होना है । हे वधिक ! इस प्रकार मेरी और उनकी चर्चा हुई । तब रात्रि व्यतीत हो गई और मैंने स्नान करके प्रीति बढ़ाने के निमित्त भली प्रकार उनकी सेवा की, तब वह वहाँ रहने लगे । फिर मैं विचार करने लगा कि यह जगत् क्या है, इसका कारण कौन है और मैं क्या हूँ । तब मैंने विचार किया कि यह जगत् अकारण है, किसी का बनाया नहीं । यह स्वप्नमात्र है । आत्मरूपी चन्द्रमा की जगतरूपी चाँदनी है; उसी का यह चमत्कार है । वही आत्मसत्ता घट, पट आदि आकार होकर भासित होती है, वास्तव में न कोई कर्म है, न क्रिया है, न कर्ता है, न मैं हूँ और न जगत् है । जो तू कहे कि
❇ निर्वाण प्रकरण ❇ ७६१
क्यों नहीं, सब अर्थ और ग्रहण-त्याग तो सिद्ध होते हैं, तो ग्रहण और त्याग पिण्ड से होता है और पिण्ड तत्त्वों से होता है। सो यह पिण्ड तो न किसी तत्त्व से बना है और न किसी माता-पिता से है। यह तो स्वप्न में प्रकट हुआ है तो इसका कारण किसे कहिये ?
और जो कहिये कि भ्रममात्र है, तो भ्रम का कारण कौन है ? और भ्रान्ति का द्रष्टा कौन है ? जिस शरीर से दिखता था, उसका द्रष्टारूप मैं तो भस्म हो गया। इससे जगत् और कुछ वस्तु नहीं; केवल आदि-अन्त से रहित आत्मसत्ता अपने आपमें स्थित है। वही मेरा स्वरूप है। वहाँ यह जगतरूप होकर भासित होता है, पर केवल ब्रह्मसत्ता स्थिर है। पृथ्वी, जल, तेज, वायु, आकाश आदि सब पदार्थ आत्मरूप है। जैसे समुद्र तरङ्गरूप होकर दिखता है, परन्तु कुछ और नहीं होता, वैसे ही आत्मा नाना प्रकार का होकर भासित होता है पर कुछ और नहीं होता, ब्रह्मसत्ता ही निराभास है। आभास भी कुछ हुआ नहीं, केवल चैतन्यसत्ता ऐसे रूप होकर दिखती है। हे वधिक ! इस प्रकार विचारकर मैं विगतज्वर होकर मुनीश्वर के वचनों से पर्वत की नाईं अपने स्वभाव में अटल स्थित हुआ। जो कुछ इष्ट-अनिष्ट पदार्थ प्राप्त होता, उसमें सम रहता था। अभिलाषा से रहित सब अपनी चेष्टाएँ करता था। अपने स्वभाव में स्थित रहता था। हे वधिक ! सुख भोगने के लिए न मुझको जीने की इच्छा है और न मरने की इच्छा है। न जीने में हर्ष है और न मरने में शोक है। मैं सदा आत्मपद में स्थित हूँ। मुझको कुछ संशय नहीं है। सम्पूर्ण संशय स्फुरण में है, सो स्फुरण मुझमें नहीं रहा, इसलिए संसार भी नहीं है।
इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे द्विशताधिकैकोनचत्वारिंशत्तमस्सर्गः ॥ २३६ ॥
मुनीश्वर बोले, हे व्याध ! इस प्रकार जब मैंने निर्णय किया, तब मेरे तीनों ताप नष्ट हो गये। मैं वीतराग होकर निःशङ्क हुआ। तब मुझको किसी पदार्थ की तृष्णा नहीं रही। मैं निरहंकार हुआ। अनात्मा में जो आत्मअभिमान था, वह निवृत्त होकर निर्वाण, निरा-
७६२ योगवाशिष्ठ
धार और निराधेय हुआ। अपने स्वभाव में आत्मत्व स्थित होकर मैं सर्वात्मा हुआ। हे बधिक ! जो कुछ शरीर का प्रारब्ध है, उसमें मैं यथाशास्त्र विचरता हूँ; परन्तु कर्तृत्व का अभिमान नहीं है। जगत् मुझको आत्मरूप दिखता है। और तृष्णा करनेवाली मिथ्याबुद्धि का अभाव है। मैं जानता हूँ कि आभास कुछ वस्तु नहीं—चिदाकाश आत्मसत्ता अपने रूप में स्थित है। हे बधिक ! मुनीश्वर का कहा वृत्तान्त सत्य होता गया। तुम मेरे पास आये हो इसलिए जो कुछ उपदेश मैंने किया है; वह परम पावन और सबका सार है। जिस प्रकार जगत् के पदार्थ, तुम और मैं का जो वृत्तान्त है, वह मैंने तुमसे कहा। व्याध ने पूछा, हे मुनीश्वर ! यदि इस प्रकार है तो तुम, मैं और ब्रह्मादिक भी सब स्वप्न के हुए। और असत्य ही सत्य की नाईं भासित होते हैं। मुनीश्वर बोले, हे व्याध ! तुम, मैं और ब्रह्मा से लेकर तृण तक सब स्वप्न के पदार्थ हैं। यह जगत् का सत्य है, न असत्य और न सत्यासत्य के मध्य है, न अनिर्वचनीय है, क्योंकि अनुभवरूप है। हे व्याध ! जो अनुभव से देखिये तो वही रूप है, और जो अनुभव से भिन्न कहिये तो है ही नहीं। जैसे स्वप्न की सृष्टि अनुभव में स्फुरती है, और जो अधिष्ठान की ओर देखिये तो वही रूप है। उससे भिन्न कहने में नहीं आता।
हे बधिक ! जैसे कोई नगर देखता है और वह दूर है, तो यदि याद करके देखिये तो दिखता है, परन्तु कुछ बना नहीं, स्मृतिमात्र है। वैसे ही सब पदार्थ संकल्पमात्र हैं, कुछ बने नहीं। अपने स्वभाव में स्थित होकर देख। तू तो बोधवान् है, मिथ्याभ्रम में पड़ा है ? हे व्याध ! मेरे उपदेश से तुझे विश्राम हुआ कि नहीं हुआ ? मैं जानता हूँ कि परमपद सत्ता में तुमने क्षणभर भी विश्राम नहीं पाया, क्योंकि दृढ़ भावना नहीं हुई। हे बधिक ! परमपद पाने का मार्ग यही है सन्तों की संगति और सत्शास्त्रों का विचार ही न करे, किन्तु उसमें दृढ़ अभ्यास करे। इस मार्ग के बिना शान्ति नहीं होती। जब दृढ़ अभ्यास हो तब शान्ति हो और चित्त का निर्वाण हो, तब द्वैत-अद्वैत की कल्पना मिटे। इसी
☸ निर्वाण प्रकरण ☸ ७६३
को निर्वाण कहते हैं। जब तक चित्त का निर्वाण नहीं होता, तब तक राग-द्वेष नहीं मिटता, और जब अभ्यास के बल से चित्त का निर्वाण हो जाता है, तब अविद्या नष्ट हो जाती है और आत्मपद, शान्त शिवपद प्राप्त होता है, जो मान और मोह से रहित है, जिसने कुसंग को त्यागा है और किसी के संग से नहीं बँधता, जो अध्यात्मविचार नित्य करता है, जिसकी सब कामनाएँ निवृत्त हुई हैं, जो इष्ट के रागद्वेषरूपी द्वन्द्वों से मुक्त है, जो सुख दुःख में सम है, ऐसा ज्ञानवान् पुरुष अविनाशी आत्मपद को पाता है।
इति श्रीयोगवासिष्ठे निर्वाणप्रकरणे यथार्थोपदेशो नाम द्विशताधिकचत्वारिंशत्तमस्सर्गः ॥ २४० ॥
अग्नि बोले, हे राजा विपश्चित् ! जब इस प्रकार मुनीश्वर ने कहा तब बधिक को बड़ा आश्चर्य हुआ ! मुनीश्वर के वचन सुनकर वह मूर्तिवत् निश्चल हो गया। जैसे कागज पर मूर्ति लिखी होती है, वैसे ही वह आश्चर्य-चकित हुआ। वह संशय के समुद्र में डूब गया। जैसे चाक पर चढ़ा बर्तन घूमता है, वैसे ही वह संशय में चक्कर खाने लगा। उसने मुनीश्वर का उपदेश सुना, परन्तु अभ्यास के बिना आत्मपद में विश्रान्ति न पाई। हे राजन् ! मुनि के परम वचनों को उसने अङ्गीकार नहीं किया। जैसे राख में डाली आहुति निरर्थक होती है, वैसे ही मूर्ख को उपदेश करना निरर्थक होता है। मूर्खता से ही वह संशय में रहा और विचारने लगा कि यह संसार अविद्यक है तो मैं इसका अन्त लूँ, जिससे मुझको आत्मपद दिखे। इसलिए तप करूँ। हे राजा विपश्चित् ! इस प्रकार विचारकर वह उठा और तप करने लगा। पवित्र चेष्टा अङ्गीकार करके उसने व्याध का धर्म त्याग दिया। निदान सहस्र वर्ष तक बड़ा तप किया, परन्तु मन में कामना यही रक्खी कि मेरा शरीर बड़ा हो और दिन-दिन बहुत भोजन बढ़े; मैं अविद्यक संसार का अन्त लूँ कि कहाँ तक चला जाता है; क्योंकि जब अविद्या का अन्त आवेगा, तब आत्मा का दर्शन होगा। सहस्र वर्ष के उपरान्त जब समाधि से उठा तो गुरु के निकट जाकर प्रणाम किया और बोला,
७६४ ❇ योगवाशिष्ठ ❇
हे भगवन् ! मैंने इतने समय तक तप किया है, परन्तु मुझको शान्ति नहीं हुई। मुनीश्वर बोले, हे वधिक ! तुझको जो मैंने उपदेश दिया था, उसका तूने भली भाँति अभ्यास नहीं किया, इस कारण तुझको शान्ति नहीं हुई।
हे वधिक ! मैंने तेरे हृदय में ज्ञानरूपी अग्नि की चिनगारी डाली थी, परन्तु तूने अभ्यासरूपी पवन से उसे प्रज्वलित न किया, इससे वह ढक गई—जैसे बड़े काष्ठ के नीचे रञ्चक चिनगारी ढक जाती है। हे वधिक ! तू न मूर्ख है और न पण्डित, क्योंकि जो तू पण्डित होता तो आत्मपद में स्थित पाता। जब अविद्या नष्ट होगी और अभ्यास की दृढ़ता होगी, तब ज्ञान और शान्ति का उदय होगा। जो तेरा भविष्य है, वह मैं तुझसे कहता हूँ। हे व्याध ! यही तूने भली प्रकार विचारा है कि संसार अविद्यक है और इसका अन्त लूँ कि कहाँ तक चला जाता है। अब तेरे चित्त में यही निश्चय है और आगे तू यही करेगा कि सौ युग तक उग्र तप करेगा। तब तुझपर परमेष्ठी ब्रह्मा प्रसन्न होंगे और देवताओं सहित तेरे समीप आकर तुझसे कहेंगे कि कुछ वर माँग। तब तू कहेगा, हे देव ! जगत् अविद्यक है; यह अविद्या किसी और अणु में है। जैसे दर्पण में किसी जगह मलीनता होती है तो उसका नाश होने पर ही दर्पण शुद्ध होता है, वैसे ही आत्मा के किसी कोण में अविद्यारूपी मलीनता है; उसका नाश होने पर चिदात्मा का साक्षात्कार होगा। इसलिए जब अविद्यारूपी जगत् का अन्त देखूँगा, तब मुझको आत्मा भासित होगा। मेरा शरीर घड़ी-घड़ी में योजन तक बढ़ता जावे। जैसे गरुड़ का वेग होता है, वैसे ही मेरा शरीर बढ़ता जाय और मृत्यु भी मेरे वश में हो। शरीर भी आरोग्य रहे और ब्रह्माण्ड खप्पर को मैं नाँघ जाऊँ। जहाँ मेरी इच्छा हो, वहाँ चला जाऊँ और मुझको कोई न रोके। जब मैं संसार का अन्त देखूँगा, तब आत्मा को प्राप्त होऊँगा। हे देव ! इतने वर दो कि मेरा मनोरथ पूर्ण हो; और कुछ नहीं चाहिए।
हे वधिक ! जब इस प्रकार तू वर माँगेगा, तब ब्रह्माजी कहेंगे कि
❇ निर्वाण प्रकरण ❇
७६५
ऐसा ही हो । तब तेरा तप से दुर्बल हुआ शरीर फिर चन्द्रमा और सूर्य की नाईं प्रकाशमान होगा और घड़ी-घड़ी में योजनपर्यन्त बढ़ता जावेगा । जैसे गरुड़ तीक्ष्ण वेग मे चलता है, वैसे ही तेरा शरीर वेग से बढ़ता जावेगा । जैसे प्रातःकाल का सूर्य उदय होता है और प्रकाश बढ़ता जाता है, वैसे ही तेरा शरीर बढ़ता जावेगा और चन्द्रमा-सूर्य और अग्नि की नाईं प्रकाशमान होगा । ब्रह्माजी वर देकर अन्तर्धान हो जावेंगे और अपनी ब्रह्मपुरी में पहुँचेंगे । तेरा शरीर प्रलयकाल के समुद्र की नाईं बढ़ता जावेगा । जैसे वायु से सूखे तृण उड़ते हैं, वैसे ही तुझको ब्रह्माण्ड उड़ते दिखेंगे । तब तेरा शरीर बढ़ता-बढ़ता ब्रह्माण्ड खप्पर को भी नाँघ जावेगा । उसके आगे आकाश दिखेगा, फिर ब्रह्माण्ड दिखेगा । आगे फिर ब्रह्माण्ड दिखेगा । इसी प्रकार तू कई ब्रह्माण्ड नाँघता जावेगा, परन्तु तुझको खेद कुछ न होगा । निदान महाआकाश को भी तू ढक लेगा । जहाँ किसी तत्त्व का आवरण आवेगा, उसको तू वर प्राप्त देह से सूक्ष्मता सहित नाँघता जावेगा । हे बधिक ! इसी प्रकार तू कई सृष्टियाँ नाँघ जावेगा, जो इन्द्रजाल सदृश होंगी । जो दीर्घदर्शी हैं, वे इनको असत्य जानते हैं, और जो प्राकृत-जन हैं, उनको जगत् सत्य लगता है । ज्ञानवान् को जगत् मिथ्या भासित होता है । उस मिथ्या जगत् को तू नाँघता जावेगा और वहाँ जा पहुँचेगा, जहाँ अनन्तसृष्टि फुरती दिखेंगी । जैसे समुद्र में अनेक तरङ्ग उठते हैं, वैसे ही तुझको सृष्टियाँ उपजती देख पड़ेंगी, परन्तु जिसमें सृष्टि जगती है, उस अधिष्ठान का तुझको ज्ञान न होगा । वहाँ तू देखेगा कि मैं बड़ा उत्कृष्ट हुआ हूँ । जब तुझको ऐसा अभिमान होगा तब उसके साथ ही तप का फल वैराग्य भी उदय होगा । उसी के साथ यह संस्कार तेरे हृदय में जगेगा, जिससे तू उस शरीर का निरादर करेगा और कहेगा कि हा कष्ट ! हा कष्ट ! हे देव ! क्या शरीर तुमने मुझको दिया है ।
जगत् का अन्त लेने को मैंने शरीर बढ़ाया था, पर उसका तो अन्त कहीं न आया, क्योंकि अविद्या नष्ट नहीं हुई । अविद्या तब नष्ट होती
७६६ ☸ योगवाशिष्ठ ☸
है, जब ज्ञान होता है और आत्मज्ञान तब होता है, जब सतशास्त्रों का विचार और सन्तों का सङ्ग होता है। जब संग और सतशास्त्र मुझको प्राप्त हों, तब ज्ञान उपजेगा। यह तो मुझको ऐसा शरीर प्राप्त हुआ है, जिसका बड़ा भार उठाये फिरता हूँ। अनेक सुमेरु पर्वत भी इसके आगे तृण से हल्के हैं। ऐसा भारी मेरा शरीर है। इस शरीर से मैं किसकी संगति करूँ और किस प्रकार शास्त्र श्रवण करूँ? यह शरीर मुझको दुःखदायी है, इससे इस शरीर का त्याग करूँगा। हे बधिक! ऐसे विचारकर तू प्राणायाम करेगा और उसकी धारणा से शरीर त्याग देगा। जैसे पक्षी फल को खाकर गुठली को त्याग देता है और जैसे इन्द्र के वज्र से खण्डित हुए पर्वत गिरते हैं, वैसे ही एक सृष्टि-भ्रम में तेरा शरीर गिरेगा। उसके नीचे कई पर्वत, नदियाँ और जीव चूर्ण होंगे। वहाँ बड़ा खेद होगा। तब सब देवता चण्डिका की आराधना करेंगे। तब वह चण्डिका भगवती तेरे शरीर को भक्षण कर जावेगी। तब सृष्टि में फिर कल्याण होगा। इस वन में जो तमाल वृक्ष हैं, उनके नीचे तू तप करेगा। यह मैंने तेरा भविष्य कहा। अब जैसी तेरी इच्छा हो, वैसा कर।
व्याध बोला, हे भगवन्! बड़ा कष्ट है कि मैं इतने खेद को प्राप्त होऊँगा। इससे कोई ऐसा उपाय करो, जिससे यह भावना निवृत्त हो जावे।
मुनीश्वर बोले, हे बधिक! जो कुछ होना है, वह कभी अन्यथा नहीं होता—जो कुछ शरीर की प्रारब्ध है, वह अवश्य होती है। जैसे चिल्ले से छूटा बाण तब तक चला जाता है जब तक उसमें वेग होता है, और जब वेग समाप्त हो जाता है, तब वह पृथ्वी पर गिर पड़ता है, अन्यथा नहीं गिरता, वैसे ही जैसा प्रारब्ध का वेग है, वैसा ही होगा। भावी टलने की नहीं। अतः जीव उसमें बायाँ चरण दाहिने और दाहिना बायें नहीं कर सकता—जो होना है, वही होगा। ज्योतिषशास्त्रवाले जो भविष्य दशा पहले कहते हैं, वैसा ही होता है, क्योंकि होनी होती है—जो न हो तो क्यों कहें। इससे भावी मिटती नहीं। हे बधिक! मैंने तुझको दो मार्ग बताये हैं। जब तक कर्म की कल्पना स्पर्श करती है, तब तक जीव कर्म के बन्धन से नहीं छूटता। और जो कर्म की कल्पना
❊ निर्वाण प्रकरण ❊ ७६७
आत्मा को स्पर्श न करे तो कोई कर्म बन्धन नहीं करता, क्योंकि उसको अद्वैत आत्मा का अनुभव होता है और द्वैतरूप कर्म नहीं दिखाई देते । सब सुख-दुःख आत्मरूप हो जाते हैं। कर्म तब तक बन्धन करते हैं, जब तक आत्मबोध नहीं हुआ । जब आत्मबोध होता है, तब सब कर्म भस्म हो जाते हैं ।
इति श्रीयोगवासिष्ठे निर्वाणप्रकरणे भविष्यत्कथावर्णनं नाम द्विशताधिकैकचत्वारिंशत्तमस्सर्गः ॥ २४१ ॥
व्याध बोला, हे भगवन् ! यह जो तुमने मुझसे कहा वह सुनकर मुझे आश्चर्य हुआ । शरीर गिरने के उपरान्त मेरी क्या दशा होगी ? मुनीश्वर बोले, हे बधिक ! जब तेरा शरीर गिरेगा, तब तेरी संवित् प्राण-वासना सहित आकाशरूप महासूक्ष्म अणु के समान हो जावेगी । उस संवित् में तुझको फिर नाना प्रकार का जगत् दिखेगा । पृथ्वी, देश, काल, पदार्थ सब भासित होंगे । जैसे सूक्ष्म संवित् में स्वप्न का जगत् भासित होता है, वैसे ही तुझको जगत् भासित होगा । वहाँ तेरी संवित् में यह फुरेगा कि मैं अष्टवसुओं के समान राजा हूँ । मेरे पिता का नाम इन्द्र और माता का नाम प्रद्युम्न की पुत्री बधलेखा है । मेरे पिता मुझको राज्य देकर वन को गये हैं और तप करने लगे हैं । चारों ओर समुद्रपर्यन्त मेरा राज्य है । हे बधिक ! वहाँ तेरा नाम विदूरथ होगा । कई सौ वर्ष तक तू राज्य करेगा और नाना प्रकार के विषयों को भोगेगा । हे बधिक ! विदूरथ नाम का एक राजा पृथ्वी पर होगा । वह तेरे साथ शत्रुता करेगा । तेरी पृथ्वी और सीमा लेने का यत्न करेगा । तब तू मन में विचार करेगा कि मैं बड़ा सिद्ध हूँ, और कई सौ वर्ष मैंने निर्विघ्न भोग भोगे हैं। अब इस विदूरथ नाम के शत्रु का नाश करूँ । हे बधिक ! उसको मारने के लिए तू सेना लेकर चढ़ाई करेगा । वह तेरी चारों प्रकार की सेना नाश को प्राप्त होगी । इस प्रकार हाथी, घोड़े, रथ और प्यादेवाली दोनों ओर की सेना नष्ट होगी । तुम दोनों रथ से उतरकर परस्पर युद्ध करोगे । तुम्हारे भी बहुत शस्त्र लगेंगे और शरीर घायल होगा । तो भी तू शत्रु के सम्मुख
७६८ ✵ योगवाशिष्ठ ✵
जाकर युद्ध करेगा। अंत में उसकी टाँग काटकर कुल्हाड़े से उसको मारकर अपने घर लौटेगा। सब दिक्पाल तुझसे डरने लगेंगे। तू बड़ा तेजस्वी होगा।
बड़ा आश्चर्य है कि विदूरथ को जीतकर जब तू यमपुरी भेजेगा, तब कहेगा कि हे मन्त्रियो ! इसमें क्या आश्चर्य है ? मेरे भय से तो दिक्पाल भी काँपते हैं। प्रलयकाल के समुद्र और मेघ के समान मेरी सेना है, जिसका ओरछोर नहीं है। मेरे विदूरथ को जीतने में क्या आश्चर्य है ? तब मन्त्री कहेगा, हे राजन् ! इतनी सेना तुम्हारे साथ है तो क्या हुआ, उस विदूरथ की स्त्री लीला को तुम नहीं जानते। उसने तप करके एक देवी को प्रसन्न किया है, जिसके क्रोध करने से सम्पूर्ण विश्व का नाश हो सकता है। वह माता सरस्वती ज्ञानशक्ति और सब भूतों के हृदय में स्थित है। जैसा उसमें कोई अभ्यास करता है, उसे सरस्वती सिद्ध करती है। हे राजन् ! वह राजा और उसकी स्त्री लीला सरस्वती से मोक्ष माँगते थे कि किसी प्रकार हम संसारबन्धन से मुक्त हों, इस कारण वे मुक्त हुए और तुम्हारी जय हुई। राजा पूछेगा, हे अज्ञ ! जो सरस्वती मेरे हृदय में स्थित है, तो मुझको मुक्त क्यों नहीं करती ? मैं भी तो सदा सरस्वती की उपासना करता हूँ। मन्त्री कहेगा, हे राजन् ! सरस्वती ही चित्संवित् है। उसमें जैसा निश्चय होता है, वही सिद्ध होता है। हे राजन् ! तुम सदा अपनी जय ही माँगते थे, इससे तुम्हारी जय हुई और वह मुक्ति माँगता था, इससे उसकी मुक्ति हुई। उसका पिछला संस्कार उज्ज्वल था, इससे मुक्त हुआ, और तुम्हारा पिछले जन्म का संस्कार तामसी था, इस कारण तुमको मोक्ष की इच्छा न हुई और शान्ति भी न प्राप्त हुई। आदि परमात्मसत्ता से सब पदार्थ प्रकट हुए हैं। केवल आत्मसत्ता, जो निष्किञ्चन पद है, सदा अपने स्वभाव में स्थित है। उसी में चेतनता (संवेदन) फुरती है। 'अहं अस्मि' अर्थात् 'मैं हूँ' इस भावना का नाम चित्त है। इसी चेतनता ने देह, इन्द्रियाँ, प्राण, मन, बुद्धि आदि दृश्य जगत् की कल्पना की है। उस कल्पना से विश्व चित्त में स्थित है और चित्त ने आत्मा से फुरा