सामग्री पर जाएँ
भारतकोश
संग्रह पर लौटें

योगवाशिष्ठ महारामायण

Yog Vashishta Maha Ramayan

महर्षि वाल्मीकि द्वारा

स्रोत: योगवाशिष्ठ महारामायण (हिन्दी भाषा टीका) · Archive.org (उद्गम)

DevanagariHindipublished1,734 पृष्ठ

❇ निर्वाण प्रकरण ❇ ६६

के नष्ट होने पर आत्मा का नाश नहीं होता । शरीर चेतन होकर प्राणों से चेतता है; जब प्राण निकल जाते हैं, तब शरीर मूक जड़रूप हो जाता है । चलाने और पवित्र करनेवाली जो संवित्शक्ति है, वह आकाश से भी सूक्ष्म है । वह शरीर का नाश होने पर नष्ट नहीं होती और जब नाश नहीं होती तब नाश का भ्रम कैसे हो ? हे मुनीश्वर ! आत्मतत्त्व ब्रह्मसत्ता सर्वत्र है, परन्तु वहीं भासित होती है जहाँ सात्त्विक गुण का अंश मन और प्राण होते हैं । मन और प्राणों सहित देह भासित होती है । जैसे निर्मल दर्पण में जब मुख का प्रतिबिम्ब दिखता है और आदर्श मलिन होता है, तब मुख विद्यमान भी होता है, परन्तु नहीं भासित होता, वैसे ही मन और प्राण जब देह में होते हैं, तब आत्मा भासित होती है और जब मन और प्राण निकल जाते हैं तब मलिन शरीर में आत्मसत्ता नहीं भासित होती । हे मुनीश्वर ! आत्मसत्ता सब जगह पूर्ण है, परन्तु भासित नहीं होती । जब उसका अभ्यास होता है, तब सर्वात्मरूप होकर भासित होती है । वही सर्वकलना से रहित शुद्ध शिवरूप सबकी सत्तरूप है । विष्णु, शिव, ब्रह्मा, देवता, अग्नि, वायु, चन्द्रमा, सूर्यादिक सब जगत् का आदि-शरीर वही है । वह एक देव शुद्ध चैतन्यरूप सब देवों का देव है । सब उसके दास और उसके चित्त का उल्लास हैं ।

हे मुनीश्वर ! इस जगत् में ब्रह्मा, विष्णु और रुद्र जो बड़े देवता हैं, वे उसी तत्त्व से प्रकट हुए हैं । जैसे अग्नि से चिनगारी उपजती है और समुद्र से तरङ्गं प्रकट होती हैं, वैसे ही हम उससे प्रकट हुए हैं । यह अविद्या भी उसी से प्रकट है और अनेक शाखाएँ उसकी हुई हैं । देव, अदेव, वेद और वेद के अर्थ और जीव सब उस अविद्या की जटा है । ये अनन्त हैं, फिर-फिर उपजती और मिटती हैं । देश, काल, पृथिवी आदिक भी सब उसी से उत्पन्न हैं । वही सर्वसत्तारूप आत्मदेव है । हम ब्रह्मा, विष्णु, रुद्र का परमपिता आत्मा ही है । सबका मूल बीज वही देव है, सब उससे उपजे हैं । जैसे वृक्ष से पत्ते उपजते हैं, वैसे ही सब उसी महादेव से उपजते हैं । सबका अनुभवकर्ता, सबको सत्ता देनेवाला

१०० ❊ योगवाशिष्ठ ❊

और सब प्रकाशों में प्रकाशक वही है। वह तत्त्ववेत्ताओं का पूज्य है, सबमें प्रत्यक्ष है और सर्वदा सब प्रकार सबमें उदित आकार चैतन्य अनुभवरूप है। उसके आवाहन में मन्त्र, आसन आदि सामग्री न चाहिए, क्योंकि वह सर्वदा अनुभवरूप से प्रत्यक्ष है और सब प्रकार सब जगह विद्यमान है। जहाँ-जहाँ उसके पाने का यत्न करिये, वहाँ-वहाँ पहले से ही विद्यमान है। वह शिवतत्त्व आदि से ही सिद्ध है और मन वाणी में तीनों रूपों में वही भासित होता है। वह सबका आदि पूज्य, नमस्कार करने और जानने योग्य है। हे मुनीश्वर ! जरा, मृत्यु, शोक और भय को मिटानेवाला ऐसा जो आत्मतत्त्व है, उसको जीव आपसे आप ही देखता है और उसका साक्षात्कार होने पर चित्त भुने बीज की नाईं हो जाता है, फिर उसमें कोई कर्मवासना नहीं उगती। वह शिवतत्त्व जीव का भी बीज है। सब पदों का पद वही है। अनुभवरूप आत्मा ही परम-पद है। भिन्नदृष्टि का त्याग करो।

इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे ईश्वरोपाख्याने देवनिर्णयो नाम चतुस्त्रिंशत्तमस्सर्गः ॥ ३४ ॥

ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! वह चितरूप तत्त्व सबके भीतर स्थित है। अनुभवरूप शुद्ध देव ईश्वर और सब बीजों का बीज वही है। सब सारों का सार, कर्मों का कर्म और धर्मों का धर्म, चैतन्यतत्त्व, निर्मल-रूप, सब कारणों का कारण और आप अपना कारण वही है। वह सब भाव और अभाव का प्रकाशक और परम प्रकाशरूप सब चेतनों की चैतन्यसत्ता है। वह भौतिक प्रकाश से रहित अलौकिक प्रकाश सब जीवों का जीव है। चैतन्य घन निर्मल आत्मा अस्ति-तन्मयरूप, सत्-असत् से रहित महामतरूप है। सब सत्ताओं की सत्ता वही है। वही चिन्मात्रतत्त्व नानारूप हो रहा है। जैसे एक ही आत्मसत्ता स्वप्न में आकाश, स्कन्ध, पहाड़ आदि होकर भासित होती है। वैसे ही नाना रङ्ग-रूप से वही भासित होता है। जैसे सूर्य की किरणों में मरुस्थल की नदी अनेक कोटि किरणों से अनेक तरङ्ग संयुक्त जान पड़ती है, वैसे ही यह जगत् उसमें भासित होता है।

❇ निर्वाण प्रकरण ❇ १०१

हे मुनीश्वर ! उसी आत्मतत्त्व का आभास यह प्रकाश है, उससे भिन्न कुछ नहीं। जैसे अग्नि से उष्णता भिन्न नहीं—वही है, वैसे ही आत्मा से जगत् भिन्न नहीं, वही है। सुमेरु भी उसके आगे परमाणुरूप है। सम्पूर्ण काल उसका एक निमेषरूप है। कल्प भी उसकी पलकों के निमेष और उन्मेष की तरह उदय और लय होते हैं। सप्त-समुद्र-संयुक्त पृथ्वी उसके रोम के अग्र भाग की तरह तुच्छ है। ऐसा वह देव है। वह संसार की रचना नहीं करता और कर्तृत्व को प्राप्त होता है। बड़े कर्मों को करता प्रतीत होता है, तो भी कुछ नहीं करता। द्रव्यरूप देख पड़ता है तो भी द्रव्य से रहित है। निर्द्रव्य होकर भी द्रव्यवान् है। देह-धारी नहीं, तो भी देहधारी है और बड़ा देहधारी होकर भी अदेह है। सबकी सत्तारूप वही देव है। ठंढी, भोलि, घले, मत्तचुल, पिंडली, माँगले, वेल, बिलिमिला, लोबलाग, युगल, सभम इत्यादि वाक्य निरर्थक हैं, इनका अर्थ कुछ नहीं, तो भी उस देव से सिद्ध होते हैं। ऐसा कुछ नहीं, जो उस देव में असत् नहीं, और ऐसा भी कुछ नहीं, जो उस देव से सत् नहीं। हे मुनीश्वर ! जिससे यह सब है, जो यह सब है और सबमें नित्य है, उस सर्वात्मा को मेरा नमस्कार है।

इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे महेश्वरवर्णनन्नाम पञ्चत्रिंशत्तमस्सर्गः ॥ ३५ ॥

ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! शब्द की सत्ता वही है। सर्वसत्ता रत्नों का संपुट वही है। वही तत्त्व चमत्कार करके प्रकट होता है। जैसे जल ही तरङ्ग, फेन बुलबुले आदि के आकार में देख पड़ता है, वैसे ही वह देव नाना प्रकार के आकार रखकर प्रकट होता है। वही फल और गुच्छे के रूप में स्थित होता है और वही उनमें सुगन्ध है। घ्राण इन्द्रिय में स्थित होकर आप ही उसे सूँघता है। आप ही त्वचा इन्द्रिय होता है। आप ही पवन होकर चलता है। आप ही ग्रहण करता है। आप ही जलरूप होता है। आप ही वायु होकर सुखाता है। आप ही श्रवणेन्द्रिय और आप ही शब्द होकर ग्रहण करता है। इसी प्रकार जिह्वा, त्वचा, नासिका कर्ण और नेत्र होकर आप ही स्पर्श, रूप, रस,

१०९ 卐 योगवासिष्ठ 卐

गन्ध और शब्द को ग्रहण करता है। उसी ने सब पदार्थ रचे हैं। उसी ने नीति रची है। ब्रह्मा, विष्णु, रुद्र, शिव और पञ्चम ईश्वर सदाशिव तक वही देव इस प्रकार हुआ है। आप ही साक्षी की तरह स्थित होता है। जैसे दीपक के प्रकाश से मन्दिर की सब क्रियाएँ होती हैं, वैसे ही संसाररूपी मण्डप की सब क्रियाएँ उसी साक्षी से होती हैं। उसमें उसकी शक्ति नृत्य करती है और वह आप साक्षिरूप होकर देखता है।

वशिष्ठजी बोले कि फिर मैंने पूछा, हे जगत् के नाथ ! शिव की शक्ति क्या है, कैसे स्थित है ? देव को साक्षात् कैसे करते हैं और उसका नृत्य कैसे होता है ? ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! आत्मतत्त्व स्वभाव से अचल और शान्तरूप है। शिव परमात्मा निर्मल चिन्मात्ररूप और निराकार है। उसकी शक्ति इच्छा और काल, नीति, मोह, ज्ञान, क्रिया कर्तृत्व आदि शक्तियाँ हैं। उन शक्तियों का अन्त नहीं। वह अनन्त रूप चिन्मात्रदेव है। यह जो मैंने तुमसे शक्ति कही, वह भी शिवरूप है, भिन्न नहीं। शिव और शक्ति एकरूप हैं, और बहुत भासित होते हैं। जैसे पदार्थों में अर्थ-शक्ति और आत्मा में साक्षी-शक्ति कल्पित है, वैसे ही कालशक्ति नर्तक की नाईं ब्रह्माण्डरूपी नृत्यमण्डल में नृत्य करती है। क्रिया-शक्ति भी कर्तृत्व से नृत्य करती है। वही शक्ति कहलाती है। जैसे आदि नीति हुई है, ब्रह्मा से लेकर तृण तक वैसे ही स्थित है—अन्यथा नहीं होती। हे मुनीश्वर ! यह सम्पूर्ण जगत् नृत्य करता है। संसाररूपी नाटिनी की प्रेरणा करनेवाली नीति है और परमेश्वर परमात्मा साक्षिरूप है। वह सदा उदित प्रकाशरूप और एकरस स्थित है। नीति आदिक शक्तियाँ भी उससे भिन्न नहीं। वे उसी का रूप हैं—इससे सब कुछ देव ही जानो, द्वैत नहीं।

इति श्रीयोगवासिष्ठे निर्वाणप्रकरणे ईश्वरोपाख्याने नीति-नृत्यवर्णनन्नाम षट्त्रिंशत्तमस्सर्गः ॥ ३६ ॥

ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! उसी एक देव परमात्मा की साधु-सन्त-भक्त-पूजा करते हैं। वह चिन्मात्र अनुभव आत्मा घटपटादिक सबसे स्थित है, ब्रह्मा, इन्द्रादिक देवता और जीव, सबके भीतर-बाहर भी

  • निर्वाण प्रकरण * १०३

वही स्थित है। उस सर्वात्मा शान्तरूप देव का पूजन दो प्रकार से होता है। उस इष्टदेव का पूजन ध्यान है, और ध्यान ही पूजन है। जहाँ-जहाँ मन जाय, वहाँ-वहाँ लक्ष्यरूप आत्मा का ध्यान करे। सबका प्रकाशक आत्मा ही है। वह चिद्रूप अनुभव से हृदय के भीतर स्थित और अहंता में सिद्ध है। वही सबका सार और सबका आश्रयरूप है। उसका जो विराट्-रूप है, अब सुनो। वह अनन्त है। परमाकाश उसकी ग्रीवा है। अनेक पाताल उसके चरण हैं। अनेक दिशाएँ उसकी भुजा हैं। सब प्रकाश उसके शास्त्र हैं। हृदयकोश कोण में स्थित है। ब्रह्माण्ड समूह को परंपरा में वह प्रकाशित करता है। परमाकाश अपाररूप है। ब्रह्मा, विष्णु, रुद्रादि देवता और जीव उसकी रोमावली है। त्रिलोकी में जो देहरूपी यन्त्र हैं, उनमें इच्छादिक शक्तिरूप सूत्र व्याप्त है, जिसमें सब चेष्टा करते हैं। वह देव एक भी है और अनन्त भी। सत्तामात्र उसका स्वरूप है, सब जगज्जाल उसका विवर्त है, काल उसका द्वारपाल है और पर्वतादिक ब्रह्माण्ड जगत् उसकी देह के किसी कोण में स्थित है। उस देव का चिन्तन करो। उसके सहस्र चरण, सहस्र नेत्र, शीश, भुजा और भुजाओं के विभूषण हैं। सर्वत्र उसकी नासिका इन्द्रिय है, सर्वत्र रसना इन्द्रिय है, सर्वत्र त्वचा इन्द्रिय है, सब ओर मन है, पर वह सब मननकला से अतीत है। सब ओर वही शिवरूप सर्वदा और सबका कर्त्ता है, सब संकल्पों के अर्थ का फलदायक है और सर्वभूत के भीतर स्थित और सब साधनों को सिद्ध करता है। ऐसा देव सबमें सब प्रकार और सर्वदा स्थित है। उसी देव का चिन्तन करो और उसी देव के ध्यान में सावधान रहो। सदा उसी के आश्रय रहना उस देव का बाहरी पूजन है। अब भीतर का पूजन सुनो।

हे ब्रह्मवेत्ताओं में श्रेष्ठ! संवित्मात्र जो देव है, वह सदा अनुभव में प्रकाशित होता है। उसका पूजन दीपक से नहीं होता; न धूप, पुष्प, चंदन-लेप और केसर से होता है। अर्घ्य, पाद्यादिक पूजा की सामग्रियों से भी उस देव का पूजन नहीं होता। उसका पूजन तो अनायास नित्य ही होता है। हे मुनीश्वर! एक अमृतरूपी जो बोध है, उससे उस देव

१०४ योगवाशिष्ठ

का सजातीय प्रत्यय ध्यान करना ही उसका परम पूजन है । हे मुनीश्वर ! शुद्ध चिन्मात्र देव अनुभवरूप है । उसका सर्वदा और सब प्रकार पूजन करो; अर्थात् देखना, स्पर्श करना, सूँघना, सुनना, बोलना, देना, लेना, चलना, बैठना इत्यादि जो कुछ क्रियाएँ हैं, सब चैतन्य साक्षी में अर्पण करो और उसी के परायण बनो । इस प्रकार आत्मदेव का पूजन करो । हे मुनीश्वर ! आत्मदेव का ध्यान करना ही धूप-दीप है और पूजन की सब सामग्री यही है । ध्यान ही उस देव को प्रसन्न करता है और उससे परमानन्द प्राप्त होता है । और किसी प्रकार से वह देव नहीं प्राप्त होता । हे मुनीश्वर, मूढ़ भी इस प्रकार ध्यान से उस ईश्वर की पूजा करे तो त्रयोदश निमेष में जगत्-दान के फल को पाता है । सत्रह निमेष के ध्यान से प्रभु को पूजे तो अश्वमेधयज्ञ के फल को पाता है । और केवल ध्यान से आत्मा का एक घड़ी पर्यन्त पूजन करे तो राजसूययज्ञ के फल को पाता है । जो दो प्रहर पर्यन्त ध्यान करे तो लक्ष राजसूययज्ञ के फल को पाता है और जो दिन भर ध्यान करे तो असंख्य अमित फल पाता है । हे मुनीश्वर ! यह परम योग है यही परम क्रिया है और यही परम प्रयोजन है । हे मुनीश्वर ! दोनों पूजाएँ मैंने तुमसे कहीं । जो यह परमपूजा करता है, वह परमपद को पाता है । उसको सब देवता नमस्कार करते हैं और वह पुरुष सबका पूजनीय होता है ।

इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे ईश्वरोपाख्याने अन्तर्बाह्य-
पूजावर्णनंनाम सप्तत्रिंशत्तमसर्गः ॥ ३७ ॥

ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! अब तुम अभ्यन्तर का पूजन सुनो । वह सर्वत्र पवित्र करनेवाले को भी पवित्र करता है और सब तम और अज्ञान का नाश करता है । मैं वह आत्मपूजन तुमसे कहता हूँ, जो सब प्रकार से सर्वदा होता है और व्यवधान कभी नहीं पड़ता; चलते, बैठते, जागते, सोते सब व्यवहारों में नित्य ध्यान में रहता है। हे मुनीश्वर ! इस संसार में संवितरूप चिन्मात्र नित्य स्थित है । उसका पूजन करो । जो सब प्रत्ययों का कर्त्ता और सदा अनुभव मे प्रकाशित

❇ निर्वाण प्रकरण ❇ १०५

होता है, उसका अपने में आप पूजन करो। उठते, चलते, खाते, पीते जो कुछ बाहर के लिए त्याग, ग्रहण और भोग हैं, सबको करते रहते भी उस देव की पूजा करो। हे मुनीश्वर! शरीर में शिवलिङ्ग चिह्न से रहित बोधरूप देव है। यथाप्राप्त में सम रहना उस देव का पूजन है। यथाप्राप्ति के समभाव में स्नान करके शुद्ध होकर बोधरूप लिङ्ग का पूजन करो। जो कुछ प्राप्त हो, उसमें रागद्वेष से रहित होना और सर्वदा साक्षीरूप अनुभव में स्थित रहना ही उसका पूजन है। हे मुनीश्वर! सूर्य के भुवन आकाश में वही सूर्य होकर प्रकाश करता है और चन्द्रमा के भुवन में चन्द्रमा होकर स्थित होता है। इनसे लेकर और भी जो पदार्थ समूह हैं, उनमें जैसी-जैसी भावना से स्फुरण हुआ है, वही रूप होकर वह देव स्थित है। हे मुनीश्वर! जो नित्य, शुद्ध, बोधरूप और अद्वैत है, उसको देखना और किसी में वृत्ति न लगाना ही उस देव का पूजन है। प्राण अपानरूपी रथ पर आरूढ़ जो हृदय में स्थित है, उसका ज्ञान ही पूजन है। वही सब कर्म करता है। सब भोगों का भोक्ता, सब शब्दों को श्रवण करनेवाला, भागवतरूप और सबकी भावना करनेवाला वही परम प्रकाशरूप है। ऐसा जो संवित्तत्त्व है, उसको सर्वज्ञ जानकर उसका चिन्तन करना ही उसका पूजन है।

वह देव सब देहों में स्थित है तो भी आकाश सा निर्लिप्त निर्मल है। वह जाता भी है और नहीं जाता। प्राणरूपी आलय में प्रकाशित है; हृदय, कण्ठ, तालु, जिह्वा, नासिका और पीठ में व्यापक है, शब्द आदि विषयों को करता और मन का प्रेरक है। जैसे तिल के आश्रय तेल है, वैसे ही आत्मा सबका आश्रय है। वह कलनारूपी कलङ्क से रहित और कल्पनाओं से संयुक्त भी है। सम्पूर्ण देहों में वही एक देव व्याप रहा है। हृदय में जो प्रत्यक्ष होता है, वही निर्मल चिन्मात्र प्रकाशरूप और कलनारूपी कलङ्क से रहित सदा प्रत्यक्ष है और अपने में आप ही उसका अनुभव किया जाता है। सर्वदा सब पदार्थों का प्रकाशक, प्रत्यक चैतन्य जो आत्मतत्त्व अपने हृदय में स्थित है, वही अपने फुरने से शीघ्र ही द्वैत की तरह हो जाता है। हे मुनीश्वर! जो

१०६ ❊ योगवाशिष्ठ ❊

कुछ साकाररूप जगत् देख पड़ता है, सो सब विराट् आत्मा है। इससे अपने में इस प्रकार विराट् की भावना करो कि यह सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड मेरी देह है; हाथ, पाँव, नख, केश है। मैं ही प्रकाशरूप एक देव हूँ। नीति इच्छादिक मेरी शक्ति हैं। सब मेरी ही उपासना करते हैं। जैसे स्त्री श्रेष्ठ भर्ता की सेवा करती है, वैसे ही शक्ति मेरी उपासना करती है। मन मेरा द्वारपाल है, जो त्रिलोकी का निवेदन करनेवाला है। चिन्तन मेरा आने-जानेवाला प्रतिहारी है। नाना प्रकार के ज्ञान मेरे अङ्ग के भूषण हैं। कर्म-इन्द्रियाँ मेरे द्वार और ज्ञान-इन्द्रियाँ मेरे गण हैं। ऐसा मैं एक अनन्त आत्मा, अखण्डरूप, भेद से रहित, अपने आपमें स्थित परिपूर्ण हूँ।

हे मुनीश्वर ! इसी भावना से जो एक देव की पूजा करता है, वह परमात्मदेव को प्राप्त होता है। दीनता आदि उसके सब क्लेश नष्ट हो जाते हैं। उसे अनिष्ट की प्राप्ति में शोक और इष्ट की प्राप्ति में हर्ष नहीं उपजता। न तोष होता है और न कोप होता है। विषय की प्राप्ति से वह तृप्ति नहीं मानता और न इसके वियोग से खेद मानता है। न अप्राप्त की वाञ्छा करता है, न प्राप्त के त्याग की इच्छा करता है। सब पदार्थों में उसका समभाव रहता है। ऐसा पुरुष उस देव का परम उपासक है। ग्रहण-त्याग न करना, सबमें तुल्य रहना और भेदभाव को प्राप्त न होना ही उस देव का उत्तम अर्चन है। हे मुनीश्वर ! मैंने चैतन्यतत्त्व देव तुमसे यह कहा। वह सब देहों में स्थित है। जो वस्तु प्राप्त हो, उसका अर्चन करके उसी के आगे रखना, सबके साक्षी आत्मा को देखना, किसी से खिन्न न होना, उसमें अहंप्रतीत रखकर भिन्न दृश्य की भावना न करना ही उस देव की अर्चना है। हे मुनीश्वर ! जो कुछ प्राप्त हो, उसमें यत्न बिना समदर्शी रहना और भक्ष्य, भोज्य, लेह्य, चोष्य, भोजन जो प्राप्त हो, उसे देव के आगे रखके उसमें ग्रहण-त्याग की बुद्धि न करना, यही उस देव का पूजन है। सब पदार्थों की प्राप्ति में देव की पूजा करने से अनिष्ट भी इष्ट हो जाता है। मृत्यु आवे तो वह देव की पूजा, जन्म हो तो

❋ निर्वाण प्रकरण ❋ १०७

वह देव की पूजा, दरिद्र आवे तो वह देव की पूजा, राग प्राप्त हो तो वह देव की पूजा। नाना प्रकार की विचित्र चेष्टाएँ सब देव के आगे पुष्पांजलि बढ़ाना है। रागद्वेष में सम रहना ही उस देव की पूजा है। मन्तों के हृदय में रहनेवाली मैत्री, अर्थात सम्पूर्ण विश्व का मित्र होना भी उस देव का पूजन है। भोग त्याग, राग में जो कुछ प्राप्त हो, उससे भी उस देव का पूजन करो। जो नष्ट हुआ सो हुआ और जो प्राप्त हुआ सो हुआ। दोनों में निर्विकार रहकर उसमें उस देव का अर्चन करो। ये भोग आपात रमणीय हैं, होते भी हैं और नष्ट भी हो जाते हैं। इनकी इच्छा न करना, सदा सन्तुष्ट रहना। जैसे जो आकार प्राप्त हो, उसमें राग-द्वेष से रहित होना भी उस देव का अर्चन है।

हे मुनीश्वर! जो कुछ प्रारब्ध में प्राप्त हो, उसमें आत्मा का अर्चन करो। इच्छा-अनिच्छा को त्यागकर जो प्राप्त हो, उसमें उस देव का अर्चन करो। हे मुनीश्वर! ज्ञानवान् न किर्मी की इच्छा करता है और न त्याग करता है। जो अनिच्छित अनायास प्राप्त हो, उसको भोगता है जैसे समुद्र में नदी जा मिलती है पर वह उसमें न कुछ हर्ष मानता है, न शोक करता है, वैसा ही ज्ञानवान् इष्ट-अनिष्ट की प्राप्ति में राग-द्वेष से रहित यथाप्राप्त को भोगता है। वह भी उस देव का पूजन है। देश, काल, क्रिया, शुभ अथवा अशुभ जो प्राप्त हो, उसमें संरक्षण विकार को प्राप्त न होना उस देव की अर्चना है। यदि द्रव्य अनर्थरूप हो तो भी ममत्व रस मिला होने से वह अमृत हो जाता है। जैसे षट्रसों के स्वाद शक्कर में मिलकर मधुर हो जाते हैं, वैसे ही अनर्थरूपी रस ममत्व रस से मिलकर अमृत हो जाते हैं। समदर्शी को उसमें खेद नहीं होता। वे अनन्त रूप हो जाते हैं। चन्द्रमा की नाईं सब भावना अमृतमय हो जाती है। जैसे आकाश निर्लेप है, वैसे ही समत्व भाव पाकर चित्त राग-द्वेष से रहित निर्मल हो जाता है। द्रष्टा को दृश्य में मिला न देखना, साक्षीरूप रहना ही देव की अर्चना है। जैसे पत्थर की शिला निष्पन्द होती है, वैसे ही विकल्प से रहित चित्त अचल होता है। वही देव की अर्चना है।

१०८ ☀ योगवाशिष्ठ ☀

हे मुनीश्वर ! भीतर में आकाश सा असंग रहना और बाहर में प्रकृति आचार में रहना; किसी के संग का हृदय में स्पर्श न होने देना और सदा समभाव विज्ञान से पूर्ण रहना ही उस देव की उपासना है । जिसके हृदयरूपी आकाश में अज्ञानरूपी मेघ नष्ट हो गया है, उसको स्वप्न में भी विकार नहीं होता । जिसके हृदयरूपी आकाश में अहंता-रूपी कुष्टिग मिट गया है, वह शरत्काल के आकाश सा उज्ज्वल होता है । हे मुनीश्वर ! जिसको समभाव प्राप्त हुआ है, और उसमें उसने देव को पाया है, वह पुरुष ऐसा हो जाता है जैसा छोटा बालक राग-द्वेष से रहित होता है । जीवरूपी चेतना को उलंघ कर परम चैतन्य-तत्त्व जो प्राप्त होता है और सकल की इच्छा और सुख-दुःख-भ्रम में शरीर की मुक्ति होती है, वही देव की अर्चना है ।

इति श्रीयोगवाशिष्टे निर्वाणप्रकरणे देवार्चनाविधान-नामाष्टत्रिंशत्तमस्सर्गः ॥ ३८ ॥

ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! जैसी कामना हो और जो कुछ आरम्भ करे अथवा न करे, उसमे अपने में चिन्मात्र संवित्तत्त्व की अर्चना करे । इससे वह देव प्रसन्न होता है, और जब प्रसन्न हुआ, तब वह प्रकट होता है। जब उसको पाया और स्थित हुआ तब रागद्वेषादिक शब्दों का कुछ अर्थ नहीं रह जाता । जैसे अग्नि में बर्फ का कण नहीं पाया जाता, वैसे ही फिर उसमें रागद्वेषादिक नहीं पाये जाते । इससे उस देव की अर्चना करनी चाहिए । यदि राज्य अथवा दारिद्र्य व सुख-दुःख प्राप्त हो तो उसमें सम रहना ही देव की अर्चना है । हे मुनीश्वर ! शुद्ध चिन्मात्र में प्रमादी न होने का नाम ही अर्चना है । जो कुछ घटपट आदिक जगत् भासित होता है, सो सब आत्मरूप है, उसमे भिन्न कुछ नहीं । वह आत्मा शिव शान्तिरूप, अनाभास, एक, प्रकाशरूप है । सम्पूर्ण जगत् प्रतीतिमात्र है; आत्मा से भिन्न किसी द्वैत वस्तु का आभास नहीं है । सर्वात्मरूप अद्वैततत्त्व जब भासित होता है, तब उसमें प्राप्त होकर बड़ा आश्चर्य होता है। घटपटा-दिक रूप सब वही है, और कुछ नहीं । हे मुनीश्वर ! यह सब सर्वात्मा

❊ निर्वाण प्रकरण ❊ १०६

अनन्त शिवतत्त्व है, ऐसा निश्चय जिसको हुआ है, उसने देव की पूजा जानी है। घटपट आदि पदार्थ और पूज्य-पूजा-पूजकभाव, सब ब्रह्मरूप है। निर्मलदेव आत्मा में कुछ भेद-भाव नहीं है।

हे मुनीश्वर ! आत्मदेव सर्वशक्तिमान् और अनन्तरूप है। जगत में उससे भिन्न कुछ नहीं। निर्मल प्रकाश संवितरूप आत्मा स्थित है। हमको तो ईश्वरदेव से भिन्न कुछ नहीं भासित होता। सर्वत्र, सब प्रकार वही सर्वात्मा सम्पूर्ण देख पड़ता है। जिनको देश-काल के परिच्छेद सहित ईश्वर भासित होता है, वे हमारे उपदेश के पात्र नहीं, वे ज्ञानबन्धु नीच हैं। उनकी दृष्टि को त्यागकर मेरी दृष्टि का आश्रय जो ले तो स्वस्थ, वीतराग और निरामय होकर प्रारब्ध के अनुसार जो कुछ सुख-दुःख आकर प्राप्त हो उसे खेद से रहित होकर भोगे और उस देव का अर्चन करे, तब शान्ति प्राप्त हो। हे मुनीश्वर ! सब प्रकार सर्वात्मारूप से उस देव की भावना करो—यही उसका पूजन है। वृत्ति का सदा अनुभवरूप में स्थित रहना और यथाप्राप्त में खेद से रहित विचरना ही उस देव की अर्चना है। जैसे स्फटिक के मन्दिर में जो प्रतिविम्ब झलकते हैं, वे और कुछ नहीं, निष्कलङ्क स्फटिक ही है, वैसे ही सब ओर से शुद्ध और जन्मादिक दुःख से रहित निष्कलङ्क आत्मा की प्राप्ति से तुम में जन्मादिक कलङ्क या दुःख कुछ न रहेगा।

इति श्रीयोगवाशिष्टे निर्वाणप्रकरणे ईश्वरोपाख्याने देवपूजाविचारो नामैकोनचत्वारिंशत्तमस्सर्गः ॥ ३६ ॥

वशिष्ठजी बोले, हे देव ! शिव किसे कहते हैं और ब्रह्म, आत्मा, परमात्मा, तत्सत्, निष्किञ्चन, शून्य, विज्ञान इत्यादिक किसे कहते हैं ? ये भेदसंज्ञाएँ किस निमित्त हुई हैं ? कृपा करके कहो। ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! जब सबका अभाव होता है, तब अनादि, अनन्त, अनाभास सत्तामात्र शेष रहता है। जो इन्द्रियों का विषय नहीं, उसे निष्किञ्चन कहते हैं। फिर मैंने पूछा, हे ईश्वर ! जो इन्द्रियाँ, बुद्धि आदि का विषय नहीं, उसे क्योंकर पा सकते हैं ? ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! जो मुमुक्षु हैं और जिनको वेद के आश्रयसंयुक्त सात्त्विकी

११० ❊ योगवाशिष्ठ ❊

वृत्ति प्राप्त हुई है, उनको सात्त्विकीरूप जो गुह्य शास्त्रनाम की विद्या प्राप्त होती है, उसमें अविद्या नष्ट हो जाती है और आत्मतत्त्व का प्रकाश होता है, जैसे साबुन से धोबी वस्त्र का मैल उतारता है, वैसे ही गुरु और शास्त्र अविद्या को दूर करते हैं। जब कुछ काल में अविद्या नष्ट होती है, तब अपना रूप आप ही दिखता है। हे मुनीश्वर ! जब गुरु और शास्त्रों का विचार मिलकर प्राप्त होता है, तब स्वरूप की प्राप्ति होती है, द्वैतभ्रम मिट जाता है और सर्वत्र आत्मा ही झलकती है। और जब विचार द्वारा आत्मतत्त्व का निश्चय हुआ कि सर्वत्र सब कुछ आत्मा ही है, उसमें कुछ भिन्न नहीं, तब अविद्या जाती रहती है।

हे मुनीश्वर ! आत्मा की प्राप्ति में गुरु और शास्त्र प्रत्यक्ष कारण नहीं; क्योंकि जिनके क्षय होने मे वस्तु को पाइये, उनके विद्यमान होते वह वस्तु कैसे मिल सकती है ? देह इन्द्रियों सहित गुरु होता है और ब्रह्म सब इन्द्रियों से अतीत है; इनमे कैसे उसे पाइये ? ज्ञान अकारण है, परन्तु उसके कारण भी हैं, क्योंकि गुरु और शास्त्र के क्रम में ज्ञान की सिद्धि होती है और गुरु और शास्त्र के बिना बोध की सिद्धि नहीं होती। आत्मा निर्देश और अदृश्य होकर भी गुरु और शास्त्र में मिलता है, और गुरु और शास्त्र में भी नहीं मिलता, आप ही में आत्म-तत्त्व की प्राप्ति होती है। जैसे अन्धकार में पदार्थ हो और दीपक के प्रकाश से दीखे तो दीपक से उसे नहीं पाया, अपने आपमें पाया है, वैसे ही गुरु और शास्त्र भी हैं। यदि दीपक हो और नेत्र न हों, तब कैसे वस्तु को पाइये और नेत्र हों और दीपक न हो तो भी नहीं पाया जाता। जब दोनों हों, तब पदार्थ पाया जाता है। वैसे ही गुरु और शास्त्र भी हों और अपना पुरुषार्थ और तीक्ष्णबुद्धि हो, तब आत्मतत्त्व मिलता है, अन्यथा नहीं पाया जाता। जब गुरु, शास्त्र और शिष्य की शुद्ध बुद्धि, तीनों इकट्ठे मिलते हैं, तब संसार के सुख-दुःख दूर होते हैं और आत्मपद की प्राप्ति होती है। जब गुरु और शास्त्र आवरण को दूर कर देते हैं, अपने आप ही आत्मपद मिलता है, वैसे ही जैसे जब वायु बादल को दूर करती है, तब नेत्रों से सूर्य देख पड़ता है। अब

निर्वाण प्रकरण

१११

नाम के भेद सुनो। जब बोध के प्रभाव से कर्म-इन्द्रियों और ज्ञान-इन्द्रियों का क्षय हो जाता है, तब उनके पीछे जो शेष रहता है, उनके नाम संवित्तत्त्व, आत्मसत्ता आदिक हैं। जहाँ ये सम्पूर्ण नहीं और इनकी वृत्ति भी नहीं, उनके पीछे जो सत्ता शेष रहती है, वह आकाश से भी सूक्ष्म और निर्मल अनन्त परम शून्यरूप है—वहाँ शून्य का भी अभाव है। हे मुनीश्वर ! जो शान्तरूप मुमुक्षु मनन-कल्पना से संयुक्त हैं, उनको जीवन्मुक्तपद के बोध के निमित्त मोक्ष उपाय ब्रह्मा, विष्णु, रुद्र, इन्द्र, लोकपाल, पण्डित, पुराण, वेद, शास्त्र और सिद्धान्त रचे गये हैं और उनमें शास्त्रों ने चैतन्य ब्रह्म, शिव, आत्मा, परमात्मा, ईश्वर, सत्, चित्, आनन्द आदि भिन्न-भिन्न अनेक संज्ञाएँ कही हैं, पर ज्ञानी को यह कुछ भेद नहीं।

हे मुनीश्वर ! ऐसा जो देव है, उसका ज्ञानवान् इस प्रकार अर्चन करते हैं और जिस पद के हम सब दास या कर्मचारी हैं, उस परमपद को वे प्राप्त होते हैं। फिर मैंने पूछा, हे भगवन् ! यह सब जगत् अविद्यमान है और विद्यमान की तरह स्थित है, सो यह कैसे हुआ ? यह तुम्हीं कह सकते हो। ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! जो ब्रह्म आदिक नाम से कहा जाता है, वह केवल शुद्ध संवित्मात्र और आकाश से भी सूक्ष्म है। उसके आगे आकाश भी ऐसा स्थूल है, जैसा अणु के आगे सुमेरु स्थूल। उसमें जब वेदनाशक्ति आभास होकर चेतती है, तब उसका नाम चेतन होता है। फिर वह अहंताभाव को प्राप्त हुआ, जैसे स्वप्न में पुरुष अपने को हाथी देखने लगे, वैसे अपने को अहं मानने लगा। फिर देश, काल, आकाश आदि देखने लगा। तब चेतनकला जीव अवस्था को प्राप्त हुई और वासना करनेवाली हुई। जब जीवभाव हुआ, तब बुद्धि निश्चयात्मक होकर स्थित हुई और शब्द और क्रियाज्ञान से संयुक्त हुई। जब इनमे मिलकर कल्पना हुई, तब मन हुआ, जो संकल्प का बीज है। तब अन्नवाहक शरीर में अहं-रूप होकर ब्रह्मसत्ता स्थित हुई। इस प्रकार यह उत्पन्न हुई है। फिर वायुसत्ता स्पंदित हुई, जिससे स्पर्शसत्ता त्वचा प्रकट हुई। फिर तेज-

११२ ❇ योगवाशिष्ठ ❇

मत्ता हुई, जिसमे प्रकाशमत्ता प्रकट हुई । आकाश से नेत्रमत्ता प्रकट हुई । फिर जलमत्ता हुई, जिसमे स्वादरूप—रसमत्ता हुई । उसमे जिह्वा प्रकट हुई । फिर गन्धमत्ता मे भूमि, भूमि मे घ्राणमत्ता और उसमे पिण्डमत्ता प्रकट हुई । फिर देशमत्ता, कालमत्ता और सर्वगत्ता हुई, जिनको इकट्ठा करके अहम्मत्ता प्रकट हुई । जैसे बीज, पत्र, फूल, फल आदिक का आश्रय होता है, वैसे ही पुर्यष्टका को जानो । यही अन्तर्वाहक देह है । इन सबका आशय ब्रह्ममत्ता है । वास्तव में कुछ उपजा नहीं, केवल परमात्ममत्ता अपने आप में स्थित है । जैसे तरङ्गादि में जल स्थित है, वैसे ही आत्ममत्ता अपने आप में स्थित है ।

हे मुनीश्वर ! संवित् में जो संवेदन पृथक्रूप होकर स्फुरित और उसे निःस्पन्दन करके जब स्वरूप को जाने, तब वह नष्ट हो जाता है । जैसे संकल्प का रचा नगर संकल्प के अभाव में अभाव हो जाता है, वैसे ही आत्मा के ज्ञान में संवेदन का अभाव हो जाता है । हे मुनीश्वर ! संवेदन तब तक भासित होता है, जब तक उसको जाना नहीं, जब जान लिया, तब संवेदन का अभाव हो जाता है और वह संवित् में लीन हो जाता है, भिन्न सत्ता इसकी नहीं रहती । हे मुनीश्वर ! जो प्रथम अणु तन्मात्र था, वह भावना-वश स्थूल देह को प्राप्त हुई और स्थूल देह होकर भासित होने लगा । आगे जैसे-जैसे देश-काल-पदार्थ की भावना होती गई, वैसे-वैसे भासित होने लगा । जैसे स्वप्न में गन्धर्वनगर और स्वप्नपुर देख पड़ता है, वैसे ही भावना के कारण ये पदार्थ भासित होने लगे हैं । मैंने पूछा, हे भगवन् ! गन्धर्वनगर और स्वप्नपुर के समान इसको कैसे कहते हो ? यह जगत तो प्रत्यक्ष देख पड़ता है ?

ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! संसार का दुःख वासना-वश दीखता है । अविद्यमान में स्वरूप के प्रमाद से विद्यमान बुद्धि हुई है । जगत् के पदार्थों को सत् मानकर जो वासना जागती है, उसमें दुःख होता है । हे मुनीश्वर ! यह जगत् अविद्यमान है । जैसे मृगतृष्णा का जल असत्य होता है, वैसे ही यह जगत् असत्य है । उसमें वासना, बाधक

❋ निर्वाण प्रकरण ❋ १२३

और वास्य तीनों मिथ्या हैं। जैसे मृगतृष्णा का जल पान करके कोई तृप्त नहीं होता, क्योंकि जल ही असत् है, वैसे ही यह जगत् स्वयं ही असत् है, अतः इसके पदार्थों की वासना करना वृथा है। ब्रह्मा से तृणपर्यन्त सब जगत् मिथ्या है। वासना, वासक और वास्य पदार्थों का अभाव होने पर केवल आत्मतत्त्व रहता है और सब भ्रम शान्त हो जाता है।

हे मुनीश्वर ! यह जगत् भ्रममात्र है—वास्तव में कुछ नहीं। जैसे बालक को अज्ञान से अपनी परछाईं में वेताल देख पड़ता है और जब विचार करके देखे तब वेताल का अभाव हो जाता है, वैसे ही अज्ञान से यह जगत् भासित होता है और आत्मविचार से इसका अभाव हो जाता है। जैसे मृगतृष्णा की नदी और आकाश में नीलता और दूसरा चन्द्रमा भासित होता है, वैसे ही आत्मा में अज्ञान से देह भासित होती है। जिसकी बुद्धि देहादिक में स्थिर है, वह हमारे उपदेश के योग्य नहीं है। जो विचारवान् है, उसको उपदेश करना उचित है। जो मूर्ख भ्रांत असत्वादी और सत्कर्म से रहित अनार्य है, उसको ज्ञानवान् कभी उपदेश न करे। जिनमें विचार, वैराग्य, कोमलता और शुभ आचार हों, उनको उपदेश करना चाहिए। जो इन गुणों से रहित हों उनको उपदेश करना ऐसे होता है, जैसे कोई महासुन्दर और सुवर्ण सदृश कान्तिवाली कन्या को नपुंसकपुरुष के साथ ब्याह देने की इच्छा करे।

इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे जगन्मिथ्यात्वप्रतिपादनं नाम चत्वारिंशत्तमस्सर्गः ॥ ४० ॥

वशिष्ठजी बोले, हे भगवन् ! वह जीव, जो आदि में उत्पन्न हुआ और अपने साथ देहभ्रम देखने लगा, उसके अनन्तर वह कैसे स्थित हुआ ? ईश्वर बोले, हे मुनीश्वर ! उस जीव ने स्वप्न की तरह सर्वगत चिद्घन आत्मा के आश्रय से उपजकर अपने शरीर को देखा। हे मुनीश्वर ! जो आदि जीव प्रकट होकर प्रमाद को नहीं प्राप्त हुआ और अपने स्वरूप ही में अहंप्रत्यय रहा, वह इस कारण ईश्वर होकर स्थित हुआ।

११४ ✻ योगवाशिष्ठ ✻

उसका यह निश्चय रहा कि मैं सनातन, नित्य, शुद्ध, परमानन्द और अनन्तकला परमपुरुष हूँ। आत्मा की अपेक्षा से उसको जीव कहा है और सृष्टि जगत् की अपेक्षा करके उसको ईश्वर कहा। हे मुनीश्वर! वह जो आदि जीव है सो कर्त्ता विष्णुरूप होकर ब्रह्मा को नाभिकमल से उत्पन्न करता है। वह किसी सृष्टि में प्रथम ब्रह्मा हुआ है और विष्णु और रुद्र उससे उत्पन्न हुए हैं। किसी सृष्टि में वह प्रथम रुद्र हुआ, उससे विष्णु और ब्रह्मा हुए। चैतन्य आकाश में जैसा-जैसा संकल्प प्रकट हुआ है, वैसा ही वैसा होकर वह स्थित हुआ है। आदि जीव ने उपजकर जिस-जिस प्रकार का संकल्प किया, वैसा-वैसा होकर स्थित हुआ। वास्तव में सब असतरूप है और अज्ञानरूप भ्रम से भासित हुआ है। जैसे पाषाण में वेताल होता है, वैसे ही अज्ञान से यह सद्रूप भासित होता है। आदि-पुरुष से लेकर सारी सृष्टि परमाकाश के एक निमेष में हुई है और उन्मेष में लय भी हो जाती है। एक निमेष के प्रमाद से कल्प के समूह व्यतीत हो जाते हैं और परमाणु परमाणु में सृष्टियाँ प्रकट होती हैं। उनमें कल्प और महाकल्प भासित होते हैं। कुछ सृष्टियाँ परस्पर दिखती हैं और कुछ अन्योन्य अदृश्यरूप हैं। इसी प्रकार सृष्टियाँ उसकी स्पन्दनकला में उपजी हैं और चमत्कार हुआ है। जब स्पन्दनकला स्वरूप की ओर आती है, तब उसमें लीन हो जाती है। जैसे स्वप्न का देखा पर्वत जागने पर लीन हो जाता है, वैसे ही जाग्रत की सृष्टि लीन हो जाती है।

हे मुनीश्वर! जीव-जीव प्रति अपनी-अपनी सृष्टियाँ हैं। उन सृष्टियों को कोई देश या काल रोक नहीं सकता; क्योंकि वे अपने-अपने संकल्प में स्थित हैं और यह सब आत्मा का चमत्कार है। जैसा स्फुरण स्फुरित होता है, वैसा चमत्कार भासित होता है। हे मुनीश्वर! न कुछ उपजा है, न कुछ नष्ट होता है; स्वतः चैतन्यतत्त्व अपने आपमें चमकता है। जैसे स्वप्ननगर उपजकर नष्ट हो जाता है और संकल्प का पहाड़ उपजकर मिट जाता है, वैसे ही जगत् उपजकर नष्ट हो जाता है। जैसे स्वप्न और संकल्प के पहाड़ को कोई रोक नहीं सकता, वैसे ही अपनी-

❇ निर्वाण प्रकरण ❇ ११५

अपनी सृष्टि को देश या काल रोक नहीं सकता। क्योंकि और जगह इनका सद्भाव नहीं है, इससे यह जगत् अपने-अपने काल में सन्रूप है। आत्मा में सद्भाव नहीं, वह संकल्परूप है। हे मुनीश्वर ! जैसे आदि तत्त्व से जीव ईश्वर निकले हैं, वैसे ही कर्म भी रुद्र से लेकर वृक्ष तक सब एक क्षण में उर्मी तत्त्व मे निकल आये हैं। सुमेरु आदि भी अपनी स्थिति में अपने को रोकते हैं, अन्य अणु को भी नहीं रोक सकते; क्योंकि वहाँ अस्तित्व है ही नहीं। इस कारण आत्मा में सृष्टि आभास-रूप है। हे मुनीश्वर ! इस प्रकार सब जगत् मायामात्र है और भावना से भासित होता है। जब आत्मा का अभ्यास होता है, तब भेदकल्पना मिट जाती है और केवल उपशमरूप शिवतत्त्व भासित होता है।

हे मुनीश्वर ! निमेष का जो शत भाग है उसका अर्द्धभाग प्रमाद होने मे नाना प्रकार का जगत् प्रकट भासित होता है। सत्-अमतरूप जगत् मनरूपी विश्वकर्मा बनाता है। आत्मतत्त्व न दूर है, न निकट है, न नीचे है, न ऊपर है, न पूर्व में है और न पश्चिम में है। सत्-असत् के मध्य वह अनुभवरूप सर्वज्ञ है। उसको प्रत्यक्ष आदिक प्रमाण अपना विषय नहीं बना सकते—जैसे जल मे अग्नि नहीं निकलती। हे मुनीश्वर ! जो कुछ तुमने पूछा था सो मैंने कहा। उसमें चित्त लगाने मे तुम्हारा कल्याण न होगा। इतना कह सदाशिव बोले कि अब हम अपने वाञ्छित स्थान को जाते हैं। चलो पार्वती, अपने स्थान को चलें।

इतना कहकर वशिष्ठजी बोले, हे राम ! जब इस प्रकार ईश्वर ने कहा, तब मैंने अर्ध्य-पाद्य से पूजन किया और ईश्वर भी पार्वती और गणों को लेकर आकाशमार्ग को चले। जब तक मुझको देख पड़ते रहे, तब तक मैं उनकी ओर देखता रहा। फिर अपने स्थान में कुशासन पर आकर बैठा और जो कुछ ईश्वर ने उपदेश किया था, वह मैं अपने मन में विचारने लगा।

इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे परमार्थविचारो नामैकचत्वारिंशत्तमस्सर्गः ॥ ४१ ॥

११६ 🞹 योगवाशिष्ठ 🞹

वशिष्ठजी बोले, हे राम! जो कुछ ईश्वर ने मुझसे कहा सो में आप भी जानता था और तुम भी जानते हो। यह जगत् भी असत् है और देखनेवाला भी असत् है। इस मायारूप जगत् में में तुमसे सत क्या कहूँ और असत् क्या कहूँ? जैसे जल में द्रवता है, वैसे ही आत्मा में जगत् है। जैसे पवन में स्पन्दन और आकाश में शून्यता है, वैसे ही आत्मा में जगत् है। हे राम! जो कुछ पतित प्रवाह से प्राप्त होता है, उर्मी में से देवअर्चन करना है। इस क्रम से मैं निर्यामानिक हूँ और जगत् की क्रिया से में दुःख-हीन होकर चेष्टा करता हूँ। व्यवहार करता देख पड़ता हूँ, तो भी शान्तरूप हूँ और यथाप्राप्त आचाररूपी फूल से आत्म-देव की अर्चना करता हूँ, मुझको खेद-भेद कोई नहीं होता। हे राम! विषयों और इन्द्रियों का सम्बन्ध सब जीवों को बराबर है, पर जो ज्ञान-वान् हैं, वे सावधान रहते हैं और जो कुछ देखते, सुनते, बोलते, खाते, सूँघते और स्पर्श करते हैं, उसमें आत्मतत्त्व का अर्चन करते हैं और अपने को आत्मा से भिन्न नहीं जानते। अज्ञानियों को कर्तृत्व-भोक्तृत्व का अभिमान होता है और उससे वे दुःखी होते हैं।

हे राम! तुम भी ऐसी दृष्टि का आश्रय लेकर संसाररूपी वन में निःसंग होकर विचरो तो तुमको कुछ खेद न होगा। जिसकी वृत्ति इस प्रकार समान हो गई है, उसको चाहे बड़ा कष्ट प्राप्त हो, चाहे धन और बान्धवों का वियोग हो, तो भी उसको खेद नहीं होता। यह जो दृष्टि मैंने तुमसे कही है, उसका जब आश्रय ग्रहण करोगे, तब तुमको कोई दुःख न होगा। हे राम! सुख, दुःख, धन और बान्धवों का वियोग, ये सब पदार्थ अनित्य हैं। ये आते भी हैं और जाते भी हैं। इनको 'आगमापायी' जानकर विचरो। यह संसार विषमरूप है, एकरस कभी नहीं रहता। इसको स्थिर या सत् जानकर दुःखी न होना। हे राम! पदार्थ और काल जैसे जाय तैसे जाय और जैसे सुख-दुःख आवें तैसे आवें ये सब आगमापायी पदार्थ हैं, अर्थात् आते भी हैं और जाते भी हैं। इष्ट की प्राप्ति और अनिष्ट की निवृत्ति में हर्षित न होना अनिष्ट की प्राप्ति और इष्ट के वियोग में खिन्न न होना। जैसे जो आपे-

॥ निर्वाण प्रकरण ॥

११७

उसे निर्लिप्त रहकर भोग करो। जिसका आना है वह आवेगा और जिसको जाना है वह जावेगा। ये सुख-दुख प्रवाहरूप हैं। इनमें आस्था करके संतप्त न होना। हे राम! यह सब जगत् तुम्हीं हो और तुम्हीं जगतरूप हो। चिन्मात्र विस्तृत आकार भी तुम्हीं हो। जब सब तुम्हीं हो, तब हर्ष या शोक किस लिए करते हो? इसी दृष्टि का आश्रय करके जगत् में सुषुप्त होकर विचरो तो तुर्यातीत अवस्था को प्राप्त होगे, जो सब प्रकाशरूप है। हे राम! जो कुछ मुझे तुमसे कहना था सो कहा है, आगे जो तुम्हारी इच्छा हो सो करो। पीछे तुमने पूछा था कि अनन्तरूप ब्रह्म में कलङ्क कैसे प्राप्त हुआ है? सो अब फिर प्रश्न करो कि मैं उत्तर दूँ।

रामजी ने कहा, हे ब्रह्मन्! अब मुझको कुछ संशय नहीं रहा; मेरे सब संशय नष्ट हो गये हैं और जो कुछ जानना था सो मैंने जान लिया। अब मैं परम अकृत्रिम तृप्ति को प्राप्त हुआ हूँ। हे मुनीश्वर! आत्मा में न मेल है, न द्वैत है और न एक दो आदि की कोई कल्पना है। पहिले मुझमें अज्ञान था तब मैंने पूछा था; अब तुम्हारे वचनों से मेरा अज्ञान नष्ट हो गया है, इसमें कुछ दोष नहीं भासित होता। आत्मा को न जन्म है, न मरण है। सब ब्रह्म ही है। हे मुनीश्वर! प्रश्न संशय से उपजता है, सो मेरा संशय नष्ट हो गया है। जैसे यन्त्री की कठपुतली न हिलाने से अचल होती है, वैसे ही संशय से रहित मेरा मन स्थिर निश्चल हो गया है। सब मार्गों का सार मुझको प्राप्त हुआ है। जैसे सुमेरु अचल है, वैसे ही मैं अचल हूँ। मुझको कोई क्षोभ नहीं। ऐसा कोई पदार्थ नहीं, जो मेरे लिए त्यागने योग्य हो और ऐसा भी कोई पदार्थ नहीं, जो ग्रहण करने योग्य हो। किसी पदार्थ की मुझको न इच्छा है, न अनिच्छा। मैं शान्तरूप स्थित हूँ। न स्वर्ग की मुझको इच्छा है, न नरक से द्वेष है। सब ब्रह्मरूप मुझको भासित होता है। मन्दराचल पर्वत की तरह मैं आत्मतत्त्व में स्थित हूँ।

हे मुनीश्वर! जिसको अवस्तु में वस्तु-बुद्धि होती है और हृदय में कल्पना स्थित होती है, वह किसी को ग्रहण करता है; किसी का

११८ ॐ योगवाशिष्ट ॐ

त्याग करता है और दीनता को प्राप्त होता है । हे मुनीश्वर ! यह संसार महासमुद्ररूप है । उसमें राग द्वेषरूपी लहरें हैं और शुभ-अशुभ-रूपी मच्छ रहते हैं । ऐसे भयानक संसारसमुद्र में अब मैं आपके प्रसाद से तर गया हूँ और परम-परम सम्पदा को प्राप्त होकर मेरे दुःख नष्ट हो गये हैं । सबके सार को प्राप्त होकर में पूर्ण आत्मा हूँ । अदीन पद और परम शान्त अभेदसत्ता मुझे मिल गई है । आशारूपी हाथी को मैंने सिंह बनकर मारा है । अब मुझको आत्मा से भिन्न कुछ नहीं देख पड़ता । मेरे सब विकल्प-जाल कट गये हैं, इच्छादिक विकार नष्ट हो गये हैं और दीनता जाती रही है । तीनों जगत में मेरी जय है और में सदा उदितरूप हूँ ।

इति श्रीयोगवाशिष्टे निर्वाणप्रकरणे विश्रान्ति आगमनं नाम द्विचत्वारिंशत्तमस्सर्गः ॥ ४२ ॥

वशिष्ठजी बोले, हे राम ! जो केवल देह और इन्द्रियों से करता है और मन से नहीं करता, वह जो कुछ करता है सो कुछ नहीं करता । जो कुछ इन्द्रियों से दृष्ट मान होता है, उससे अणुमात्र सुख प्राप्त होता है । उस अणुमात्र की प्रसन्नता में जो बँध जाता है, वह बालबुद्धि मूर्ख है । जो ज्ञानवान् है, वह उसमें कभी नहीं बँधता । हे राम ! वाञ्छा ही इसको दुःखी करती है । सुन्दर विषयों की वाञ्छा होने पर जब जीव यत्न से उनको प्राप्त करता है, तब क्षणभर सुख होता है और जब उनका वियोग होता है, तब दुःखी होता है । इस कारण इन विषयों की वाञ्छा त्यागना ही उचित है । इनकी वाञ्छा तब होती है, जब स्वरूप का ज्ञान नहीं होता और देहादिक में अहंभाव होता है । जब देहादिक में अहंभाव होता है, तब अनेक अनर्थ उपस्थित होते हैं । इससे हे राम ! ज्ञानरूपी पर्वत पर चढ़ रहना और अहंतारूपी गढ़े में न गिरना । हे राम ! आत्मज्ञानरूपी सुमेरु पर्वत पर चढ़कर फिर अहंता ( अभिमान ) के गढ़े में गिरना बड़ी मूर्खता है । जब दृश्यभाव को त्यागोगे, तब अपनी स्वभावसत्ता को प्राप्त होगे । यह राम और