भक्ति सुधा (स्वामी करपात्री जी महाराज - पराभक्ति, रस-मीमांसा एवं प्रेम-तत्त्व दार्शनिक महाग्रन्थ)
Bhakti Sudha of Swami Karpatri Maharaj
धर्मसम्राट् स्वामी करपात्री जी महाराज द्वारा
१८६ भक्तिसुधा
ये सब सातिशय हैं। इनमें न्यूनाधिकता हो सकती है, परंतु भगवान्में जो सौन्दर्य, माधुर्य एवं आनन्दादि हैं, वे निरतिशय हैं। इसलिये चाहे भगवान्की सगुण मूर्ति हो चाहे निर्गुण, इनमें कोई तारतम्य नहीं हो सकता; क्योंकि जो तत्त्व निरतिशय बृहत् और निरतिशय आनन्दमय है, उसीको तो निर्गुण ब्रह्म कहते हैं। जहाँ बृहत्ता अथवा आनन्दका तारतम्य है, वह तो ब्रह्म ही नहीं हो सकता। जहाँ यह तारतम्य समाप्त हो जाता है, उस अपार संवित्सुखसारहीको तो परब्रह्म कहते हैं। जो तत्त्व देशकालवस्तुकृत् परिच्छेदसे रहित है, वही अनन्त ब्रह्म है; 'सत्यं ज्ञानमनन्तं ब्रह्म।' तथापि यहाँ जो विलक्षणता बतलायी गयी है, वह भगवदभिव्यक्तिके तारतम्यको लेकर भावुक भक्तोंके हृदयकी भावना हो सकती है। तात्पर्य यह है कि तत्त्वज्ञके अन्तःकरणपर अभिव्यक्त परब्रह्मके माधुर्यादिकी अपेक्षा स्वयं उन्हींकी परमाह्लादिनी लीलाशक्तिपर अभिव्यक्त भगवत्स्वरूपके सौन्दर्य-माधुर्यादि अत्यन्त विलक्षण हो सकते हैं, किंतु वास्तवमें तो सगुणोपासकके लिये जैसा सगुण स्वरूप परमानन्दमय है, वैसा ही निर्गुणोपासकके लिये भगवान्का निर्गुण-निर्विशेष स्वरूप भी है। जो लोग निर्विशेष परब्रह्मका अपरोक्ष साक्षात्कार कर चुके हैं, उन्हें कैवल्य तो ज्ञानसे ही प्राप्त होता है; किंतु वे जीवन्मुक्तिकालमें भी भगवान्की अचिन्त्य लीलामयी शक्तिके योगसे दिव्य मंगलमय विग्रहमें आविर्भूत हुए परमात्मा श्रीकृष्णचन्द्रकी सौन्दर्य- माधुर्य-सुधाका समास्वादन किया करते हैं। अचिन्त्यानन्द सुधासिन्धु श्रीभगवान्के जिस माधुर्यका समास्वादन केवल वृत्ति-शून्य अन्तःकरणसे नहीं किया जा सकता, उसे भी तत्त्वज्ञ भावुकगण भगवान्की दिव्य लीलाशक्तिकी सहायतासे अनुभव कर लेते हैं। ऊपर यह कहा जा चुका है कि केवल नेत्रोंसे सूर्यकी वैसी दीप्तिमत्ता अनुभव नहीं होती, जैसी कि स्वच्छ काँच आदिकी सहायतासे होती है। उपाधि-विशुद्धिके तारतम्यसे माधुर्य-विशेषके प्राकट्यका भी तारतम्य रहता है। यद्यपि प्राण और इन्द्रियादिकी अपेक्षा तो शुद्ध निर्वृत्तिक अन्तःकरणकी स्वच्छता विशेष है तथापि भगवान्की जो लीलाशक्ति उनके अशेष विशेषातीत परमानन्दात्मक शुद्ध स्वरूपको ही अचिन्त्य एवं अनन्त आनन्दमय सौन्दर्य-सुधानिधि, परम दिव्य श्रीकृष्णविग्रहमें अभिव्यक्त कर देती है, वह उस निर्वृत्तिक अन्तःकरणकी अपेक्षा भी अनन्तगुण स्वच्छ है; क्योंकि उसमें रजोगुण या तमोगुणका थोड़ा-सा भी संस्पर्श नहीं है। अन्तःकरण चाहे कितना भी स्वच्छ हो, परंतु वह रजोगुण-तमोगुणसे सर्वथा शून्य नहीं हो सकता; क्योंकि वह तमःप्रधाना प्रकृतिके परिणामभूत पंचभूतोंका ही कार्य है और कार्यमें कारणांशकी अनुवृत्ति अनिवार्य है। अतः सिद्ध हुआ कि तत्त्वज्ञगण केवल निर्वृत्तिक अन्तःकरणसे वैसी मधुरताका अनुभव नहीं कर सकते, जैसी कि लीलाशक्तिके योगसे आविर्भूत हुए भगवान्के सगुण स्वरूपका साक्षात्कार करनेपर होती है। इसीसे अमलात्मा तत्त्वज्ञ मुनियोंको उनका भजनीय स्वरूप समर्पणकर भक्तियोगके द्वारा उन्हें अपने सौन्दर्य-माधुर्यका समास्वादन करानेके लिये ही परब्रह्म परमात्मा अवतीर्ण होते हैं। उन्हें यदि सगुण साकार ब्रह्मका साक्षात्कार हो जाय तो भी देहपातके अनन्तर वे कैवल्यपद ही प्राप्त करेंगे। किंतु सगुणोपासक अपने इष्टदेवका नित्यधाम प्राप्त करेंगे; इसीसे भक्ति- रसायनादि ग्रन्थोंमें तत्त्वज्ञको सगुण-दर्शनसे केवल दृष्ट-फल माना है और उपासकको दृष्ट और अदृष्ट दोनों। अतः ऊपर जो बतलाया है, इससे यही निश्चय होता है कि भगवान्के अवतारका प्रधान प्रयोजन अमलात्मा परमहंसोंके लिये भक्तियोगका विधान करना है। इसी उद्देश्यकी पूर्तिके लिये वे अपनी लीलाशक्तिसे दिव्य मंगलमय देह धारण करते हैं। यह लीलाशक्ति भगवान्की परम अन्तरंगा है। जिस प्रकार वृक्षके बीजमें उसके शाखा, पल्लव, पुष्प और फल आदि सभी अंगोंको उत्पन्न करनेकी अनेक शक्तियाँ
श्रीरासलीलारहस्य १८७ रहती हैं, उसी प्रकार महाशक्तिमें ही विश्वविकासकी समस्त शक्तियाँ निहित हैं अर्थात् वह भगवदीय महामायाशक्ति अनन्त शक्तियोंका पुंज है। उसमें जिस प्रकार अनन्तकोटिब्रह्माण्ड और उसके अन्तर्वर्ती विचित्र भोग्य, भोक्ता और उनके नियामक आदि प्रपंचको उत्पन्न करनेकी अनन्त शक्तियाँ हैं, उसी प्रकार उन अनन्तकोटि ब्रह्माण्डोंके अधीश्वर श्रीभगवान्के दिव्य मंगलमय विग्रहमें आविर्भूत होनेके अनुकूल भी एक परम विशुद्धा अन्तरंगा शक्ति है और वह भगवान्की अनिर्वचनीया आत्मयोगभूता महाशक्तिके अन्तर्गत होनेके कारण अनिर्वचनीयतामें अन्य प्रपंचोत्पादनानुकूल शक्तियोंके समान होनेपर भी उनकी अपेक्षा कहीं अधिक स्वच्छ और दिव्य है। इसे दृष्टान्तद्वारा इस प्रकार समझा जा सकता है—जैसे किसी अत्यन्त दिव्य पुष्पके बीजमें अंकुर, स्कन्ध, पत्र और कण्टकादि उत्पन्न करनेकी भी शक्तियाँ रहती हैं तथापि उन सबकी अपेक्षा उसमें जो महामनोहर सुरभित सुमन उत्पन्न करनेकी शक्ति है, वह उन सबकी अपेक्षा उत्कृष्टतर है। यदि एक ही बीजमें अनेकों अतीन्द्रिय शक्तियाँ न होतीं तो उसमें पत्र, पुष्प, कण्टक और शाखा आदि परस्पर अत्यन्त विलक्षण वस्तुएँ उत्पन्न नहीं हो सकतीं। अतः जिस प्रकार कण्टकादि उत्पन्न करनेवाली शक्तियोंकी अपेक्षा सुकोमल एवं सुगन्धित पुष्प उत्पन्न करनेवाली शक्ति अत्यन्त उत्कृष्ट और विशुद्ध होती है, उसी प्रकार प्रपंचोत्पादिनी शक्तियोंकी अपेक्षा भगवान्की दिव्य मंगलमयी मूर्तिका स्फुरण करनेवाली शक्ति परम विलक्षण होनी ही चाहिये। उसीके द्वारा भगवान् अचिन्त्य सौन्दर्य-माधुर्य-सुधामयी मंगलमूर्ति धारण करते हैं, इसीसे प्रपंचातीत प्रत्यगभिन्न परमात्मतत्त्वमें निष्ठा रखनेवाले महामुनीन्द्रोंके मन भी अनायास ही उस भगवन्मूर्तिकी ओर आकृष्ट हो जाते हैं। इसी विलक्षणशक्तिका निर्देश पराशक्ति एवं अन्तरंगा शक्ति आदि शब्दोंसे भी किया है। वह शक्ति भी भगवत्स्वरूपमें अप्रविष्ट रहती हुई ही उसके प्राकट्यका निमित्त होती है। जिस प्रकार उपाधिविरहित, अतएव दाहकत्वप्रकाशकत्वरहित अग्निके दाहकत्व- प्रकाशकत्व-विशिष्ट दीप-शिखादिरूपकी अभिव्यक्तिमें तेल और बत्ती आदि केवल निमित्तमात्र ही हैं, मुख्य अग्नि तो दीपशिखा ही है अथवा जैसे तरंगविरहित नीरनिधिके तरंगयुक्त होनेमें वायु केवल निमित्तमात्र ही है, वास्तवमें तो तरंगयुक्त समुद्र विलक्षणरूपमें प्रतीत होनेपर भी सर्वथा वही है, जो कि निस्तरंगावस्थामें था, ठीक उसी प्रकार विशुद्ध लीलाशक्तिरूप निमित्तसे शुद्ध परब्रह्म ही अनन्त कल्याणगुणगणविशिष्ट सगुण विग्रहमें अभिव्यक्त होते हैं; किंतु वस्तुतः उनका वह विग्रह मूर्तिमान् शुद्ध परमानन्द ही है। उसमें उस दिव्य शक्तिका भी निवेश नहीं है, वह तो तटस्थ रूपसे ही उसकी निमित्त होती है। इसीसे भगवान्की सगुणमूर्तिके विषयमें 'आनन्दमात्रकरपादमुखोदरादि', 'आनन्दैकरसमूर्तयः' इत्यादि उक्तियाँ हैं। इसीसे उसकी मधुरिमा बड़े-बड़े सिद्ध-मुनीश्वरोंके भी मनोंको मोहित कर देती है। जिस समय बालयोगी सनकादि वैकुण्ठ-धाममें भगवान्की सन्निधिमें पहुँचे, उस समय प्रभुके पादारविन्द-मकरन्दके आघ्राणमात्रसे उनका प्रशान्त चित्त क्षुभित हो गया— तस्यारविन्दनयनस्य पदारविन्द- किञ्जल्कमिश्रतुलसीमकरन्दवायुः। अन्तर्गतः स्वविवरेण चकार तेषां सङ्क्षोभमक्षरजुषामपि चित्ततन्वोः॥ (श्रीमद्भा० ३।१५।४३) इसीसे बहुत-से सहृदय महानुभाव निर्विशेष परब्रह्मका साक्षात्कार हो जानेपर भी प्रभुके प्रेम- पथके पथिक होते हैं। श्रीगोसाईंजी उन्हें 'सयाने सन्त' कहते हैं— अस बिचारि हरि भगत सयाने। मुक्ति निरादर भगति लुभाने॥ (रा०च०मा० ७।११९।७) वे भगवान्से भगवत्सेवाके सिवा और कुछ नहीं चाहते; यहाँतक कि मुक्ति और अपुनर्जन्मको भी अस्वीकार कर देते हैं—
१८८ भक्तिसुधा न किञ्चित् साधवो धीरा भक्ता ह्येकान्तिनो मम। वाञ्छन्त्यपि मया दत्तं कैवल्यमपुनर्भवम् ॥ (श्रीमद्भा० ११।२०।३४) वस्तुतः भोग-मोक्षादिकी वासना रहते हुए तो भगवद्भक्तिकी प्राप्ति ही नहीं हो सकती। भुक्तिमुक्तिस्पृहा यावत् पिशाची हृदि वर्तते। तावद् भक्तिसुखस्यात्र कथमभ्युदयो भवेत्॥ अतः जिनका चित्त केवल भगवान्के सौन्दर्य- सुधा-समास्वादनके लिये ही लालायित हो रहा है, उन्हें केवल संकल्पमात्रसे भगवान् सन्तुष्ट नहीं कर सकते; क्योंकि वे तो मोक्षका भी तिरस्कार कर देते हैं— 'दीयमानं न गृह्णन्ति विना मत्सेवनं जनाः ॥' (श्रीमद्भा० ३।२९।१३) भला, जब उनका सन्तोष कैवल्य भी नहीं कर सकता तो भगवान् क्या करें ? उन्हें स्वयं आविर्भूत होना ही पड़ता है। यहाँ गोपांगनाओंको भी भगवद्दर्शनके बिना 'त्रुटिर्युगायते' एक-एक पल युगके समान हो रहा था। उन्हें सन्तुष्ट करनेमें भगवान्का निर्विशेष रूप असमर्थ था। इसलिये ऐसी अवस्थामें भगवान्को मूर्तिमान् होकर अवतीर्ण होना ही पड़ा; क्योंकि उनकी तृप्ति तथा जीवन बिना इसके नहीं हो सकते। भगवान्के अवतीर्ण हुए बिना वे कार्य नहीं हो सकते थे। इसीसे प्रभुका प्रादुर्भाव हुआ। अब, साथ ही यह भी सोचना चाहिये कि— परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्। धर्मसंस्थापनार्थाय सम्भवामि युगे युगे॥ (गीता ४।८) —यह श्लोक भी ठीक ही है। यहाँ 'साधु' शब्दसे गोपांगना-जैसे साधु ही समझने चाहिये, जिनका परित्राण भगवान्के दर्शनोंके बिना हो ही नहीं सकता था तथा दुष्कृती भी साधारण नहीं, बल्कि भगवान्के अन्तरंग जय-विजय-जैसे दुष्कृती समझने चाहिये, जिनका दुष्कृत भगवान्की लीलाविशेषके विकासके ही लिये था; अन्य दुष्कृतियोंको तो उनका दुष्कर्म ही नष्ट कर देगा। इसके सिवा धर्म- संस्थापनसे भी भक्तियोगरूप धर्मकी ही स्थापना समझनी चाहिये, जो कि ऐसे भजनीयके बिना नहीं हो सकती। इस श्लोककी व्याख्या करते हुए भगवान् भाष्यकारादिने भगवान्के अवतारका प्रयोजन सर्वसाधारणके कल्याणोपयुक्त धर्मकी स्थापना ही बतलाया है। इस प्रकार यद्यपि उनके प्रादुर्भावका प्रधान प्रयोजन अमलात्माओंके भक्तियोगका विधान करना ही है तथापि अवान्तर प्रयोजन सन्मार्गस्थ साधुओंकी रक्षा और वैदिक-स्मार्तादि कर्मोंकी स्थापना भी हो सकता है। आगेके कथनानुसार भगवान्में लोक-शिक्षादि भी देखे ही जाते हैं। भगवान् तो सर्वनियन्ता हैं, इसलिये उनका प्रादुर्भाव योगारुरुक्षुओंके लिये भी था और योगारूढ़ोंके लिये भी। योगारुरुक्षुओंको वैदिक-स्मार्त कर्मोंमें प्रवृत्त करना था और योगारूढ़ोंको सर्वकर्मसंन्यासपूर्वक केवल भगवन्निष्ठामें नियुक्त करना था। अतः भगवान्की यह उक्ति उचित ही है— न मे पार्थास्ति कर्तव्यं त्रिषु लोकेषु किञ्चन। नानवाप्तमवाप्तव्यं वर्त एव च कर्मणि॥ यदि ह्यहं न वर्तेयं जातु कर्मण्यतन्द्रितः। मम वर्त्मानुवर्तन्ते मनुष्याः पार्थ सर्वशः॥ (गीता ३।२२-२३) भगवान् विधिनिषेधातीत हैं वस्तुतः भगवान् तो विधि-निषेधातीत हैं। वे केवल लोकशिक्षाके लिये ही शास्त्रीय शृंखलाका अवलम्बन करते हैं; क्योंकि शास्त्रादि लोगोंको मर्यादापालनमें वैसा परिनिष्ठित नहीं कर सकते, जैसा कि उस मर्यादाका पालन करनेवाले महापुरुष कर सकते हैं। अतः शास्त्रके अर्थज्ञानके साथ शास्त्रार्थके अनुष्ठानमें परिनिष्ठित व्यक्तियोंके सहवासकी भी बहुत आवश्यकता है। अतः लोगोंको वैदिक-स्मार्त कर्मोंमें प्रवृत्त करनेके लिये ही भगवान् स्वयं भी उनका यथाविधि अनुष्ठान किया करते थे— अथाप्लुतोऽम्भस्यमले यथाविधि क्रियाकलापं परिधाय वाससी।
श्रीरासलीलारहस्य १८९ चकार सन्ध्योपगमादि सत्तमो हुतानलो ब्रह्म जजाप वाग्यतः ॥ (श्रीमद्भा० १०।७०।६) इस प्रकारके लोकसंग्रहके लिये ही इन सारी वैदिक एवं स्मार्त मर्यादाओंका पालन किया करते थे। जो बन्दर बहुत चंचल होता है, उसे संयत करनेके लिये बहुत लम्बी श्रृंखला बाँधी जाती है। फिर वह जैसे-जैसे शान्त होता जाता है, वैसे-वैसे ही उसकी श्रृंखला छोटी कर दी जाती है। यहाँतक कि अन्तमें उसे खुला छोड़ देनेपर भी वह चुपचाप बैठा रहेगा। इसी प्रकार अत्यन्त चंचल चित्तके निरोधके लिये विधि-निषेधरूप लम्बी श्रृंखलाकी आवश्यकता है। कारण, शास्त्रीय श्रृंखलाशून्य पुरुषके देहेन्द्रियादिकी चेष्टाओंका भी नियमन अशक्य है, फिर उनके मनकी चेष्टाओंका निरोध कैसे हो सकता है? इसीसे मनको सर्वथा निश्चेष्ट करनेके लिये पहले देहादिकी शास्त्रीय श्रृंखलानिबद्ध चेष्टा सम्पादित करनी चाहिये, परंतु पीछे जैसे-जैसे उसकी उच्छृंखलता कम होती जाती है, वैसे-वैसे ही उसकी श्रृंखला भी छोटी होती जाती है। वह पहले तो काम्य कर्मद्वारा स्वाभाविक काम और कर्मका निराकरण करता है, फिर पारलौकिक महत्फलवाले कर्मोंसे क्षुद्रफलदायक काम्य कर्मोंको त्यागता है। तत्पश्चात् निष्काम कर्मद्वारा सभी काम्य कर्मोंको छोड़ देता है और फिर ध्यान-समाधि आदिसे सब प्रकारकी चेष्टाओंका निरोधकर ठीक-ठीक नैष्कर्म्यको प्राप्त होता है। इस प्रकार उत्तरोत्तर सूक्ष्मतम-साधनका अभ्यास करते-करते अन्तमें समाधिस्थ होता है। उस समय कोई आलम्बन न होनेपर भी उसका मन सर्वथा निश्चेष्ट रहता है और फिर उसे किसी प्रकारकी श्रृंखलाकी अपेक्षा ही नहीं रहती। इसका तात्पर्य यह है कि जो लोग आरुरुक्षु हैं, जो संसारसागरसे पार नहीं हुए हैं, उनके उपदेशार्थ तो भगवान् लौकिक-वैदिक मर्यादाओंका पालन करते हैं। इसलिये जिन्हें संसाररूप स्वाभाविक मृत्युको पार करना है, उन्हें तो मर्यादापालनरूप महौषधका सेवन करना चाहिये। उनके लिये तो भगवान् भी मर्यादापालन करते हैं; किंतु जो योगारूढ़ हैं, उनके लिये ऐसी कोई विधि नहीं है; उन्हें एकमात्र भगवन्निष्ठामें ही स्थिर करनेके लिये भगवान् मर्यादाका उल्लंघन कर देते हैं; क्योंकि वे स्वयं तो समस्त विरुद्ध धर्मोंके आश्रय ही हैं। उनके लिये मर्यादापालन और मर्यादातिलंघन दोनों ही समान हैं। जो अमलात्मा परमहंस योगारूढ़ हैं, उनके लिये तो मर्यादापालनकी अपेक्षा भगवान्का मर्यादातिलंघन ही अधिक श्रेयस्कर है; क्योंकि उन्हें तो भगवत्तत्त्वमें स्वारसिकी प्रीति ही अभिलषित है और वह तभी हो सकती है, जब किसी प्रकारकी श्रृंखला न रहे। जहाँ कोई श्रृंखला होती है अर्थात् जहाँ विधिका बन्धन होता है, वहाँ स्वारसिक प्रेम नहीं होता। लोकमें यह देखा जाता है कि वैषयिक सुखके अभिव्यंजक स्त्री- पुत्रादिमें मनुष्योंका जैसा स्वाभाविक राग होता है, वैसा श्रौतस्मार्तादि कर्मोंमें नहीं होता। यही नहीं, जिन्होंने मनोनिरोधपूर्वक अपनी बुद्धिको शुद्ध परब्रह्ममें स्थापित कर दिया है, देखा जाता है कि विषय उन्हें भी आकर्षित कर लेते हैं। दृष्ट दुःख उन्हें भी बना ही रहता है। वस्तुतः सुखी तो वे ही हैं, जो नारायण- परायण हैं। ऐसे नारायण-परायण महानुभाव विरले ही होते हैं। करोड़ोंमें कोई एक-आध ही भाग्यशाली होता है। मुक्तानामपि सिद्धानां नारायणपरायणः । सुदुर्लभः प्रशान्तात्मा कोटिष्वपि महामुने ॥ (श्रीमद्भा० ६।१४।५) तथापि सुखी वे ही हैं, जो नारायण-परायण हैं। वे नारायण कौन हैं ? 'नारो जीवसमूहस्तस्य अयनं प्रवृत्तिर्यस्मात् स नारायणः ।' नार जीव-समूहको कहते हैं, उसकी जिससे प्रवृत्ति होती है, वह नारायण है; अथवा- 'नारो जीवसमूहः अयनं यस्य असौ नारायणः ।' नार यानी जीव-समूह है आश्रयस्थान जिसका
१९० भक्तिसुधा अर्थात् जो अन्तर्यामीरूपसे समस्त जीवोंमें बसा हुआ है, वह नारायण है। 'नारं जीवसमूहमयते साक्षित्वेन विजानातीति नारायणः।' अर्थात् प्रमात्रादि समस्त प्रपंचके साक्षीको नारायण कहते हैं। इस प्रकार शुद्ध परमात्मा ही नारायण है। वही जिसका परायण—आश्रय है अर्थात् जिसके एकमात्र ध्येय श्रीनारायण ही हैं, वह नारायण-परायण कहलाता है। उसे विषय अपनी ओर आकर्षित नहीं कर सकते; क्योंकि उसकी तो एकमात्र श्रीनारायणमें ही स्वारसिकी प्रीति होती है। अतः भगवान्के अवतारका मुख्य प्रयोजन यही है कि जो अमलात्मा मुनि हैं, उनकी श्रीनारायणमें स्वारसिकी प्रीति हो। वस्तुतः ब्रह्मतत्त्वके चिन्तनमें तत्त्वज्ञोंकी भी ऐसी स्वारसिकी प्रवृत्ति नहीं होती, जैसी विषयी पुरुषोंकी विषयोंमें होती है। इस स्वारसिकी प्रवृत्तिके तारतम्यसे ही तत्त्वज्ञोंकी भूमिकाका तारतम्य होता है। चतुर्थ, पंचम, षष्ठ और सप्तम भूमिकावाले तत्त्वज्ञोंमें केवल बाह्य विषयोंसे उपरत रहते हुए तत्त्वोन्मुख रहनेमें ही तारतम्य है। ज्ञान तो सबमें समान ही है। जितनी ही प्रयत्न-शून्य स्वारसिकी भगवदुन्मुखता है, उतनी ही उत्कृष्ट भूमिका होती है। जिनकी मनोवृत्ति, कामुककी कामिनी-विषयक लालसाके समान ब्रह्मके प्रति अत्यन्त स्वारसिकी होती है, वे ही नारायण- परायण हैं। वे उसकी अपेक्षा भिन्न भूमिकावाले जीवन्मुक्तोंसे उत्कृष्टतम हैं। निर्विशेष परब्रह्ममें हमारी जो प्रवृत्ति होती है— वह तो शास्त्रविधिके कारण है, किंतु मनोरमा नारीमें चित्त स्वयं ही आकर्षित हो जाता है। हमें शास्त्रविधिके कारण परब्रह्ममें तो बलपूर्वक चित्तको लगाना पड़ता है और निषेधके भयसे परस्त्रीकी ओरसे उसे बलपूर्वक हटाना पड़ता है। विधि कहाँ होती है?— 'विधिरत्यन्तमप्राप्तौ'—जो वस्तु स्वतः सर्वथा प्राप्त न हो, उसके लिये विधि होती है। अग्निहोत्र स्वतः प्राप्त नहीं है; इसीसे वेदभगवान् 'अग्निहोत्रं जुहुयात्' ऐसा विधान करते हैं। इसी प्रकार आत्मदर्शनके लिये भी विधि की गयी है—'आत्मा वा रे द्रष्टव्यः'। अतः आत्मदर्शनमें स्वारसिकी प्रीति नहीं है और जहाँ स्वारसिकी प्रीति नहीं होती, वहाँ निरतिशय प्रेम भी नहीं हुआ करता। * यद्यपि वेदान्तियोंने आत्मदर्शनमें विधि नहीं मानी; क्योंकि विधि पुरुषाधीन क्रियामें ही हुआ करती है, जिसके कि करने-न-करनेमें पुरुषकी स्वतन्त्रता होती है, जिस प्रकार अमुक पुरुष घोड़ेपर चढ़कर जाता है, पैदल जाता है अथवा नहीं जाता। किंतु वस्तु या प्रमाणाधीन ज्ञानमें विधि नहीं हुआ करती; क्योंकि वह तो विधिकी अपेक्षा न रखकर केवल प्रमाणके अधीन है। यदि प्रमाणको अपने प्रमेयके प्रकाशनमें किसी विधिकी अपेक्षा मानी जाय तो विधिको भी अपने अर्थका बोध करानेके लिये दूसरी विधिकी आवश्यकता होगी। अतः आत्मदर्शन तो प्रमाणसे ही होता है, उसके लिये विधिकी आवश्यकता नहीं है तथापि तत्त्वदर्शनके लिये प्रमाणके व्यापारकी अपेक्षा तो है ही और वह प्रमाण-व्यापार पुरुषाधीन है; इसीलिये केवल उसीकी विधि मानी गयी है। अतएव भगवान् भाष्यकारने बहिर्मुखतादिका व्यावर्तन करनेवाले द्रष्टव्य आदि वचनोंको 'विधिच्छाय' (विधिकी छायामात्र) कहा है।
- यहाँ यह शंका हो सकती है कि आत्मा तो परप्रेमका ही आस्पद बतलाया गया है और इस कथनसे वह ऐसा सिद्ध नहीं होता, परंतु बात ऐसी नहीं है। यहाँ केवल आत्मदर्शनमें ही स्वारसिकी प्रीतिका अभाव बतलाया गया है, आत्मामें नहीं। वस्तुतः अज्ञानी पुरुषोंकी भी जो शब्दादि विषयोंमें स्वारसिकी प्रवृत्ति होती है, वह अज्ञानवश आत्मारूपसे माने हुए देहेन्द्रियादिकी तुष्टिके ही लिये होती है। वे अपने परमार्थस्वरूपसे अनभिज्ञ होते हैं, इसलिये देहेन्द्रियादि मिथ्यात्माके ही परितोषका प्रयत्न करते हैं, परंतु वस्तुतः उस समय वैसा करके भी वे अपने सत्यात्माकी ही प्रीतिका सम्पादन करते हैं; क्योंकि देहेन्द्रियादि मिथ्यात्माकी प्रसन्नताका साक्षी तो शुद्ध चेतन ही है। शास्त्र तो केवल इतना ही करता है कि उन्हें सत्यात्माका ज्ञान करा देता है; इसीसे फिर वे मिथ्यात्माकी प्रसन्नताके लिये उद्विग्न नहीं होते।
श्रीरासलीलारहस्य १९१
वास्तवमें यही कारण है कि प्राणियोंकी मनोवृत्ति शब्द-स्पर्शादिमें समासक्त है, वह शुद्ध परब्रह्मकी ओर जाती ही नहीं। अतः भगवान् उनकी स्वारसिकी प्रवृत्ति-सम्पादनके लिये ही शब्द-स्पर्श-रसादिविरहित होनेपर भी उनके मन और इन्द्रियोंको आकर्षण करनेके लिये दिव्य रूप, दिव्य गन्ध और दिव्य स्पर्शवान् होकर अभिव्यक्त होते हैं; क्योंकि परमपुरुषार्थ तो यही है। जबतक भगवान्के प्रति जीवकी स्वारसिकी प्रवृत्ति नहीं होती, तबतक तो वह अकृतार्थ ही है। जिस प्रकार रसनाके पित्तादि दोषसे दूषित हो जानेपर जब किसी बालकको मधुरातिमधुर पदार्थ भी जो उसकी रोग-निवृत्तिके भी हेतु होते हैं, अरुचिकर प्रतीत होने लगते हैं तो उसकी माता उन्हें उसी वस्तुमें मिलाकर देती है, जो कि उसे रुचिकर होती है। उसी प्रकार जो परब्रह्म परमात्मा मधुरातिमधुर है, जिससे बढ़कर और कोई मधुर नहीं है, उसमें जीवोंको मोह- वश प्रेम नहीं होता; बल्कि विषके समान कटु विषयोंमें आसक्ति हो जाती है। अतः अपने तत्त्वज्ञ भक्तोंको प्रेमानन्द प्रदान करनेके लिये ही वे अशब्द एवं रूपरसादिविरहित होनेपर भी महामनोहर दिव्यमंगलमयी मूर्ति धारणकर अवतीर्ण होते हैं। हाँ, इतना अन्तर अवश्य रहता है कि प्राकृत रूपरसादि वस्तुतः विषरूप ही हैं; किंतु भगवदीय रूपादि स्वरूपसे भी निरतिशय माधुर्यसम्पन्न परमानन्द ही हैं। अतः उनके प्रति अमलात्मा मुनिजन एवं अन्य साधारण प्राणियोंकी भी समान रूपसे स्वारसिकी प्रीति हो जाती है। देवताओंके प्रति स्वाभाविक प्रेम नहीं होता; क्योंकि वे अदृष्ट होते हैं। इसीलिये उनमें प्रेम करनेके लिये शास्त्रको विधान करना पड़ा है। गुरु दृष्ट हैं, इसलिये देवताओंकी अपेक्षा उनके प्रति अनुराग होना अधिक सुगम है, परंतु उनमें आत्मीयताका अभाव है, इसीसे स्वारसिक प्रेम उनमें भी नहीं होता। इसी प्रकार पिता, माता और पत्नीमें उत्तरोत्तर आत्मीयताकी अधिकता होनेके कारण प्रेमकी भी अधिकता होती है; तथापि स्वारसिकी प्रीति उनके प्रति भी नहीं होती; इसीसे उनके प्रति प्रेम करनेके लिये भी विधि है। यहाँतक कि विधिनियन्त्रित सर्वापेक्षया अधिक कामुककी कामिनी-विषयिणी प्रीति भी श्रृंखलाशून्य परकीया कामिनीमें होनेवाली प्रीतिसे न्यून ही है। यह बात प्रायः देखी जाती है कि जहाँ-जहाँ विधि है, वहाँ- वहाँ स्वारसिकी प्रीतिकी न्यूनता होती है। इस दृष्टिसे यदि भगवान्की प्रवृत्ति वैदिक अथवा स्मार्त श्रृंखलाओंसे नियन्त्रित हो तो वह स्वारसिकी प्रीतिको बढ़ानेवाली नहीं होगी और ऐसा न होनेपर उनके अवतारका मुख्य प्रयोजन ही सिद्ध न हो सकेगा। यह ठीक है कि वे मर्यादापालन करते हुए आरुरुक्षुओंको तो मार्गदर्शन कर देंगे, परंतु अमलात्मा परमहंसोंको अपने निरपेक्ष अनन्य प्रेमका पथ न दिखला सकेंगे। व्यवहारमें देखा जाता है कि कितने ही स्थलोंमें चांचल्य ही रसकी अभिव्यक्ति करनेवाला है। जैसे बालककी तो चंचलता ही माता-पिताकी प्रसन्नताको बढ़ानेवाली है। यदि वह समाहित मुनियोंके समान शान्तभावसे बैठा रहे तो यह माता-पिताके मोदमें बाधक ही होगा। अतः जो रसज्ञ हैं, उनसे यह बात छिपी नहीं है कि बहुत स्थानोंमें तो अचांचल्य रसका विघातक ही है। इसलिये यदि भगवान्की चेष्टाएँ वैदिक-स्मार्त श्रृंखलाओंसे बँधी हुई होंगी तो वे अमलात्मा परमहंसोंका परप्रेमसे छादन न कर सकेंगी। उन महात्माओंको मर्यादापालनका आदर्श अपेक्षित ही नहीं है; क्योंकि ऐसा तो वे पहले ही कर चुके होते हैं। उन्हें तो भगवान्में विशुद्ध प्रेम ही अपेक्षित है, किंतु जहाँ भगवान् अपने ऐश्वर्ययोगसे सम्पन्न होंगे, वहाँ उसका आविर्भाव होना प्रायः असम्भव है। जिस प्रकार शिशुका अद्भुत चांचल्य माता-पिताके हृदयको आकर्षित कर लेता है, प्रियतमाके मर्यादातीत रसमय हाव- भाव-कटाक्षादि प्रियतमका मोद बढ़ाते हैं, उसी प्रकार यदि भगवान् परमदिव्य मंगलमय विग्रह धारणकर
रसमयी उच्छृंखल चेष्टाएँ करें तो उन्हींसे उनके प्रति उनकी स्वारसिकी प्रीति होनी सम्भव है। इस दृष्टिसे विचार करें तो यही निश्चय होता है कि भगवान्का शास्त्रातिलंघन दूषण नहीं; प्रत्युत भूषण है। बहुत-से भाव ऐसे होते हैं, जो ऊपरसे तो अन्य प्रकारके जान पड़ते हैं; किंतु भीतरसे उनका और ही रहस्य होता है। यह बात स्पष्ट ही है कि भगवान् प्राकृत नहीं हैं। वे शुद्ध परब्रह्म ही उस रूपसे आविर्भूत हुए हैं तथा ये मुनिजन भी पंचकोशातीत होनेके कारण प्राकृत-प्रपंचसे परे हैं। इस प्रकार घटाकाश और महाकाशके समान स्वरूपसे उनका सम्मिलन है ही। उनका ऐक्य सभीको अभिमत है, किंतु इस समय वह तत्पदार्थ परमात्मा ही दिव्य मंगलमय भगवद्विग्रह-रूपसे आविर्भूत हुए हैं और उसी प्रकार त्वं-पदार्थ अमलात्मा परमहंसोंके रूपमें स्थित है। ऐसी स्थितिमें जैसे अव्यक्त रूपसे उनका तादात्म्य है, उसी प्रकार यदि व्यक्त रूपसे भी तादात्म्य हो तो क्या अभिज्ञोंकी दृष्टिमें वह प्राकृत सम्भोग होगा? स्वरूपसे तो उनका नित्य सम्भोग है ही। ‘सोऽश्नुते सर्वान् कामान् सह ब्रह्मणा विपश्चितेति॥’ (तैत्तिरीय० २।१।१), 'अत्र ब्रह्म समश्नुते' इत्यादि वाक्योंसे यह बात कही गयी है। यहाँ भगवान् श्रीकृष्ण 'तत्' पदार्थ हैं और गोपांगनाएँ 'त्वं' पदार्थ हैं। यदि इन दोनोंका परस्पर संश्लेष हो तो क्या वह कामक्रीड़ा कही जायगी? स्थूल दृष्टिसे तो अवश्य यह कामक्रीड़ा-सी मालूम होती है, परंतु अन्तरंग दृष्टिसे तो यह जीव और ब्रह्मका अद्भुत संयोग ही है। श्रीमद्भागवतमें यह कई स्थानोंमें देखा जाता है कि गोपांगनाएँ श्रीकृष्णचन्द्रके वियोगमें संतप्त रहती थीं और हर समय उनके दर्शनोंके लिये लालायित रहती थीं और इसी प्रकार भगवान् भी व्रजसुन्दरियोंकी विरह-व्यथासे व्याकुल रहते थे। उन दोनोंको ही पारस्परिक संयोग बहुत अभीष्ट था। प्रेमका यह स्वभाव है कि प्रेमी परस्पर गाढालिंगनके लिये उत्सुक रहा करते हैं। माता अपने सुकुमार शिशुको हृदयसे लगानेमें कितना सुख अनुभव करती है। जो जितना अधिक प्रेमास्पद होता है, उसका व्यवधान उतना ही अधिक असह्य होता है, यहाँ ऐसा भी कहा जाता है कि जिस समय व्रजांगनाएँ भगवान्का आलिंगन करती थीं, उस समय उन्हें अपने हार, आभूषण और कंचुकीका व्यवधान तो असह्य था ही, प्रत्युत प्रेमातिरेकके कारण जो रोमांच होता था, वह भी अत्यन्त अप्रिय जान पड़ता था। अतः सिद्धान्त यही है कि प्रेमका पर्यवसान अभेदमें ही होता है, भेदमें नहीं होता। बात क्या है ? भगवान् गोपांगनाओंके आत्मा हैं; आत्माका व्यवधान भला कैसे सह्य हो ? द्वारकामें जो भगवान्की पट्टमहिषी थीं, उनके विषयमें कहा जाता है कि जिस समय भगवान् दीर्घकालीन प्रवासके पश्चात् हस्तिनापुरसे आये, उस समय उन्हें देखकर वे तुरंत आसन और शय्यासे उठीं। किसलिये ?— देशकृत व्यवधानको दूर करनेके लिये, किंतु उस समय उन्हें यह विचार हुआ कि हम तो अन्नमय, प्राणमय, मनोमय, विज्ञानमय और आनन्दमय—इन पाँच कंचुकोंको पहनकर अपने प्रेमास्पदसे मिल रही हैं। अतः हमारा यह सम्मिलन समुचित आनन्दवर्धक नहीं हो सकता। इसलिये वे उन सब कंचुकोंको उतारकर सच्चिदानन्द रूपसे भगवान्को मिलीं। यहाँ गोपांगनाएँ और भगवान्—दोनों ही सच्चिदानन्द-स्वरूप थे। अतः उनकी लीला प्राकृत है ही नहीं। इसलिये इसमें मर्यादातिलंघनका प्रश्न ही नहीं हो सकता। यह तो वह स्थिति है, जिसकी प्राप्तिके लिये सारी मर्यादाओंका पालन किया जाता है। अतः जिस समय भगवान्का प्रादुर्भाव हुआ, उस समय उन्होंने यही विचार किया कि पहले अवतारके प्रधान प्रयोजनकी ही पूर्ति करनी चाहिये। इसीसे पहले उन्होंने अमर्यादित दिव्य लीलाएँ कीं
और पीछे मर्यादित लोक-संग्रहमयी। लोकमें भी यह प्रायः देखा जाता है कि उपनयन-संस्कारसे पूर्व उच्छृंखल प्रवृत्ति रहती है और उसके पीछे मर्यादानुसार आचरण किया जाता है। यही बात भगवान्के विषयमें भी देखी जाती है। इस प्रकार प्रधान प्रयोजनकी पूर्तिके लिये स्वीकार की हुई भगवान्की उच्छृंखलतामें भी एक प्रकारकी सुशृंखलता ही है; इस मर्यादातिलंघनमें भी एक प्रकारका मर्यादापालन ही है। वेद जो कहता है कि 'जायमानो वै ब्राह्मणः त्रिभिर्ऋणैर्ऋणवान् जायते'- उत्पन्न होते ही ब्राह्मण तीन ऋणोंसे ऋणवान् हो जाता है—सो इन तीनों ऋणोंमें स्वाध्यायद्वारा ऋषि-ऋणकी निवृत्ति होती है, प्रजोत्पादनसे पितृ-ऋणका अपाकरण होता है और यज्ञ-यागादिसे देव-ऋणका शोधन होता है। यहाँ यदि 'जायमान' शब्दका अर्थ 'जन्म लेते ही' किया जाय तो बालक प्रत्यवायी सिद्ध होगा; क्योंकि उपनयन होनेसे पूर्व वह इनमेंसे न तो कोई क्रिया करनेमें समर्थ ही है और न इनका अधिकारी ही। इसलिये इसका अर्थ 'गृहस्थः सम्पद्यमानः'- गृहस्थावस्थाको प्राप्त होनेपर ऐसा करना चाहिये। अतएव भगवान्ने संस्कारादिसे पहले अमलात्मा परमहंसोंके प्रेम-रसाभिवर्धनके लिये उच्छृंखल लीलाओंका ही प्रदर्शन किया तथा संस्कारादिके पश्चात् मर्यादित लीलाओंका प्रदर्शन किया। इस प्रकार यद्यपि इस मर्यादातिक्रमणमें भी मर्यादाकी रक्षा ही है तथापि भगवान् तो समस्त विरुद्ध धर्मोंके आश्रय हैं। इसलिये वे एक कालमें भी दोनों प्रकारके कार्य कर सकते हैं। जिस प्रकार सर्वाधिष्ठान होनेके कारण आत्मा एक ही समयमें एक (अपवाद) दृष्टिसे अकर्ता-अभोक्ता है, किंतु दूसरी (अध्यारोप) दृष्टिसे सर्वकर्ता और सर्वभोक्ता भी है, उसी प्रकार भगवान्में एक ही साथ दो विरुद्ध धर्म रहा करते हैं। निर्व्यापार रहते हुए व्यापार करना और व्यापार करते हुए भी निर्व्यापार रहना—ये यद्यपि परस्पर-विरुद्ध धर्म हैं तथापि तत्त्वज्ञ महापुरुषोंकी तो यही दृष्टि है— कर्मण्यकर्म यः पश्येदकर्मणि च कर्म यः। स बुद्धिमान्मनुष्येषु स युक्तः कृत्स्नकर्मकृत्॥ (गीता ४।१८) यहाँ 'पश्येत्'—देखे यह भी क्रिया ही है। ध्यानयोगी जो सम्पूर्ण इन्द्रियोंकी गतिको रोककर निश्चल भावसे अपने निर्विशेष स्वरूपका साक्षात्कार करता है, वह भी तो एक प्रकारकी क्रिया ही है। जो भगवान् अपने भावुक भक्तोंके लिये रसस्वरूप हैं, जिनका 'रसो वै सः। रसꣳ ह्येवायं लब्ध्वानन्दी भवति।' (तैत्तिरीय० २।७)—इस श्रुतिद्वारा प्रतिपादन किया गया है, वे ही अज्ञानियोंके लिये भयके स्थान हैं, 'तत्तेव भयं विदुषोऽमन्वानस्य' जो आत्मज्ञोंके लिये परम सन्निकृष्ट हैं, वे ही अज्ञोंके लिये दूरसे भी दूर हैं। अतः भगवान्में तो स्वभावसे ही सम्पूर्ण विरुद्ध धर्म रहते हैं, इसलिये यदि एक कालमें ही वे विरुद्ध प्रकारके आचरण करें तो कोई आश्चर्यकी बात नहीं है। यही नहीं, जिस प्रकार भगवान्के अवतार मर्यादा-पालनके लिये अपेक्षित होते हैं, उसी प्रकार कर्म-संन्यासके लिये भी उनकी अपेक्षा हुआ करती है। भगवान् रामका अवतार मर्यादापालनके लिये था और ऋषभदेवजीका सर्वकर्म-संन्यासके लिये। यहाँ यह प्रश्न हो सकता है कि एक ही भगवान्ने दो प्रकारकी चेष्टाएँ क्यों कीं ? इस विषयमें यही कथन है कि वे भिन्न-भिन्न चेष्टाएँ भिन्न-भिन्न अधिकारियोंके लिये थीं। जो मर्यादापालनका अधिकारी है, उसके आदर्श श्रीरामचन्द्र हैं और जो सर्वकर्म- संन्यासके अधिकारी हैं, उसके पथप्रदर्शक भगवान् ऋषभदेव हैं। सर्वकर्म-संन्यासी तत्त्वज्ञ महानुभावोंकी भी दो प्रकारकी चर्या देखनेमें आती है। उनमें अधिकांश तो ऐसे हैं, जो कामिनी-कांचनादि भोग्यपदार्थोंका स्वरूपसे त्याग कर देते हैं और सर्वदा अलक्षित गतिसे
१९४ भक्तिसुधा
[स्तम्भ १]
एकान्त-सेवन किया करते हैं, उनमें साधकोंके आदर्श तो बदरिकाश्रमनिवासी भगवान् नर-नारायण हैं और सिद्धोंके भगवान् ऋषभदेव। वे लोग स्वप्नमें भी स्त्री आदि भोग्य विषयोंका संग नहीं करते। उनका नियम होता है— 'सङ्गं न कुर्यात्प्रमदासु जातु योगस्य पारं परमारुरुक्षुः।' (श्रीमद्भा० ३।३१।३९) किंतु कोई-कोई महानुभाव ऐसी विलक्षण धारणावाले होते हैं कि अनेकविध भोग्य सामग्रियोंके सान्निध्यमें रहकर भी वे उनसे अक्षुण्ण रहते हैं। ऐसे सिद्धकोटिक महानुभावोंके लिये ही भगवान् श्रीकृष्णकी लीलाएँ हैं, किंतु वे लीलाएँ अनुकरणीय नहीं हैं, उनके द्वारा तो इस कोटिके महापुरुषोंकी उच्चतम स्थितिका केवल दिग्दर्शनमात्र होता है। यद्यपि साधकोंके लिये स्त्रियोंका चिन्तनमात्र भी महान् अनर्थका हेतु होता है तथापि भगवान्ने तो कामजयके लिये ही यह अद्भुत लीला की थी। टीकाकार श्रीश्रीधरस्वामी लिखते हैं— ब्रह्मादिजयसंरूढदर्पकन्दर्पदर्पहा । जयति श्रीपतिर्गोपीरासमण्डलमण्डनः ॥ अर्थात् ब्रह्मादि लोकपालोंको जीत लेनेके कारण जो अत्यन्त अभिमानी हो गया था, उस कामदेवके दर्पको दलित करनेवाले गोपियोंके रासमण्डलके भूषणस्वरूप श्रीलक्ष्मीपतिकी जय हो। वस्तुतः रासक्रीड़ामें प्रवृत्त होकर भगवान्ने मर्यादाका उल्लंघन नहीं किया, बल्कि उन्होंने तत्त्वज्ञोंकी निष्ठाकी दृढ़ता ही प्रदर्शित की है। अहो! जो साक्षात् शृंगाररसकी अभिवृद्धि करनेवाले हैं, उन अनेकविध दिव्य हाव- भाव कटाक्षोंका सम्प्रयोग होनेपर भी उनका चित्त तनिक भी विचलित नहीं हुआ। भगवान्की इस स्थितिका श्रीशुकदेवजीने भिन्न-भिन्न शब्दोंमें कई जगह वर्णन किया है, जैसे—'साक्षान्मन्मथमन्मथः' (श्रीमद्भा० १०।३२।२), 'आत्मन्यवरुद्धसौरतः', 'आत्मा- रामोऽप्यरीरमत्' (श्रीमद्भा० १०।२९।४२) इत्यादि।
[स्तम्भ २]
भगवान्की रासक्रीड़ा कामजयके लिये भगवान् सर्वेश्वर हैं; उनकी यह लीला कामजयके लिये ही हुई थी। कामने ब्रह्मादिको जीत लिया था। इससे उसका अभिमान बहुत बढ़ गया था और अब उसने उन सबके स्वामी भगवान् श्रीकृष्णसे भी युद्ध करनेका निश्चय किया। भगवान्ने उसका यह निमन्त्रण स्वीकार कर लिया। कन्दर्पने भी श्रीकृष्णके अद्भुत प्रभावको जानकर विजयकी लालसासे श्रीव्रजांगनाओंके अंगरूप कांचनमय कामग दुर्गका आश्रयण किया और वहाँ प्रधान-प्रधान अवयवोंको अपना खास निवासस्थान चुना और अपने मित्र वसन्तकी सहायतासे नाना प्रकारके कुसुमोंका ही धनुष-बाण तथा अस्त्र- शस्त्र लेकर स्वाधीन व्रजांगनाओंके कांचनमय अंगरूप कामग दुर्गमें स्थित होकर युद्धकी पूर्ण तैयारी कर ली। इतनेपर भी श्रीकृष्णने उसे दुर्बल ही देखा। यह नियम है कि बड़े-बड़े योद्धा दुर्बल शत्रुसे युद्ध करना उचित नहीं समझा करते। इसलिये युद्ध करनेसे पूर्व वे उसे सबल कर देते हैं। अपूर्ण चन्द्रपर राहु भी आक्रमण नहीं करता। जब एक राक्षसकी भी ऐसी नीति है तो सर्वेश्वर भगवान् श्रीकृष्ण ही ऐसा कैसे कर सकते थे? अतः भगवान्ने पहले तो श्रीमहादेवजीके कोपानलसे दग्ध हुए कन्दर्पको पुष्ट किया। वह गोपांगनाओंके हृदयमें स्थित था। उसे वेणुनादद्वारा अपनी दिव्य अधर-सुधाका पान कराकर भगवान्ने सबल कर दिया। परंतु गोपांगनाओंके हृदयमें तो मन भी रहता है और वह भगवान् श्रीकृष्णका परम भक्त है तथा कामदेव मनोज होनेके कारण उसका पुत्र है। अतः अपने पिताके विरुद्ध वह कोई चेष्टा कैसे कर सकता था और वृद्ध पिताके सामने उससे कोई धृष्टता भी कैसे बन सकती थी ? इसलिये उसे निःसंकोच करनेके लिये भगवान्ने वेणुनादद्वारा उस मनको अपने पास बुला दिया। अब कामदेव स्वतन्त्र हो गया। गोपांगनाओंके अंग-प्रत्यंगोंने उसके अस्त्र-शस्त्र होकर भी सहायता की तथा चन्द्रमा, वसन्त, यमुनापुलिन, निकुंज और मलय-मारुत भी उसके सहकारी हो
गये। इस प्रकार पहले सर्वसाधन-सम्पन्न करके फिर उसे परास्त करनेके लिये ही भगवान्ने यह ललित लीला की; इसीसे यहाँ उन्हें 'साक्षान्मन्मथमन्मथः' कहा गया है। सृष्टिमात्रका प्रयोजक काम ही है। सृष्टिके आरम्भमें जैसा भाव रहता है, उत्तरकालीन प्रपंच भी उसीका अनुसरण किया करता है। जैसे सृष्टिके आरम्भमें उत्पन्न हुए हिरण्यगर्भको एकाकी रहनेपर रमण नहीं हुआ, वैसे ही अब भी अकेले रहनेपर लोगोंको भय और अरमण हुआ करता है। सर्गारम्भमें परमेश्वर कामप्रयुक्त (संकल्पद्वारा प्रेरित) प्रकृतिसे संयुक्त होकर प्रपंचकी रचना करते हैं; इसीलिये लौकिक पुरुष भी कामप्रयुक्ता प्रकृतिरूपा पत्नीसे संयोग करके प्रजाकी रचना करते हैं। श्रुति भी कहती है—'सोऽकामयत एकोऽहं बहु स्याम्'—भगवान्ने इच्छा की कि मैं अकेला हूँ, अनेक हो जाऊँ। वह भगवदिच्छा ही आदि-काम है। जिस प्रकार एक सत्तत्त्व ही सुख-दुःखादि शुभाशुभ- विशेषणविशिष्ट होकर हेय और उपादेय होता है, उसी प्रकार लौकिक और अलौकिक आलम्बनके कारण काम भी हेय और उपादेय हो जाता है। शुभाशुभविशेषणशून्य सत्तत्त्व तो निर्विशेष ब्रह्म ही है; वह न हेय है, न उपादेय। यह कहनेकी भी आवश्यकता नहीं कि विशेषण भी विशेष्यसे अभिन्न ही होता है। जिस प्रकार मृत्तिकाका परिणाम अतएव उससे अविभिन्न घट मृत्तिकाके विशेषणरूपमें व्यपदिष्ट होता है तथा जैसे घटाकाशका अवच्छेदक और उसका विशेषणभूत घट भी आकाशसे अभिन्न ही है; क्योंकि वायु, तेज और जलादिके क्रमसे आकाश ही घटरूप हो जाता है और कार्य तथा कारणमें अभिन्नता होती है—यह प्रसिद्ध ही है, उसी प्रकार शुभाशुभ विशेषण भी सत्तत्त्वसे अभिन्न ही हैं तथापि व्यवहारमें उसके विशेषण होनेसे उसके भेदक भी हैं। इस प्रकार प्रपंचोत्पादनके लिये प्रकृतिके संसर्गमें प्रवृत्त करनेवाली इच्छा या रस ही काम है। यही साक्षात् काम (साक्षान्मन्मथ) है। इस कामका एक बिन्दु ही अनन्त कोटि ब्रह्माण्डोंमें व्याप्त है। यह साक्षात्काम रसात्मक ब्रह्मका ही औपाधिक या विकृत रूप है। यह कारणब्रह्मके मायावृत्तिरूप मनमें क्षोभ उत्पन्न करता है, फिर जिस प्रकार पुरुष कामक्षुब्ध होकर प्रजोत्पादनके लिये स्त्रीसे संसर्गकर उसमें गर्भाधान करता है, उसी प्रकार इससे क्षुब्ध हुआ कारणब्रह्म प्रकृतिरूप अपनी योनिसे संसृष्ट होकर उसमें गर्भाधान कर देता है। जिस प्रकार स्त्रीका गर्भाशय पुरुषका वीर्य प्राप्त होनेपर ही प्रजोत्पादनमें समर्थ होता है, उसी प्रकार पुरुषके चैतन्य-प्रतिबिम्बरूप वीर्यके प्राप्त होनेपर ही अर्थात् पुरुषके सान्निध्यसे प्राप्त हुए चैतन्य-सामर्थ्यसे ही प्रकृति महदादि प्रजाओंको उत्पन्न कर सकती है। जिनका हृदय पाशविक संस्कारोंसे दूषित है, उन नरपशुओंको जिस चर्मखण्डमें योनिबुद्धि है, वह वस्तुतः योनि नहीं कही जा सकती। योनितत्त्व तो अतीन्द्रिय है। जिस प्रकार इन्द्रियगोलकसे इन्द्रिय-तत्त्व सर्वथा भिन्न और अतीन्द्रिय है, उसी प्रकार योनितत्त्व भी योनिगोलकसे सर्वथा भिन्न है। जो योनितत्त्वका उद्गमस्थल जागतिक सृष्टिका मूल कारण है, वही मूलयोनितत्त्व है और उसीको 'प्रकृति' भी कहते हैं। पुरुषका अंशभूत चैतन्य-प्रतिबिम्ब ही वीर्य है। अतः यह नियम है कि प्रकृति और पुरुषका संसर्ग होनेपर ही सृष्टि हुआ करती है। अस्तु। इस प्रकार प्राथमिक काम साक्षान्मन्मथ है। वह विकृत रस-स्वरूप है। उस विकृत रसका याथात्म्य या अधिष्ठान अविकृत रसात्मक परब्रह्म ही है। विकृत रसमें जो मन्मथत्व या मोहकत्व है, वह अपने अधिष्ठानसे ही आता है। अतः उसका अधिष्ठान- भूत परब्रह्म ही 'साक्षान्मन्मथमन्मथ' है। जिस प्रकार भगवान्को चक्षुका चक्षु, श्रोत्रका श्रोत्र और मनका मन कहा जाता है, उसी प्रकार वे कामके काम अर्थात् मन्मथमन्मथ हैं। वे अव्यक्त मन्मथमन्मथ ही इस समय अत्यन्त मधुमयी मनोहर माधवमूर्तिमें विराजमान
हैं। इसलिये वे 'साक्षान्मन्मथमन्मथ' हैं। भगवान् जो चक्षुके चक्षु, श्रोत्रके श्रोत्र, मनके मन और प्राणके प्राण कहे गये हैं, उसका क्या रहस्य है? श्रोत्र किसे कहते हैं? जो इन्द्रिय शब्द- प्रकाशनमें समर्थ है, उसका नाम 'श्रोत्र' है। भगवान् उसे शब्द-प्रकाशनका सामर्थ्य प्रदान करते हैं, इसलिये वे श्रोत्रके श्रोत्र हैं। इसी प्रकार वे चक्षुके चक्षु, मनके मन और प्राणके प्राण भी हैं तथा वे ही साक्षात् मन्मथमन्मथ हैं। मन्मथ कामको कहते हैं। नायक- नायिकाके पारस्परिक स्नेहविशेषका नाम 'काम' है। वह एक प्रकारका रस है और भगवान् भी रसस्वरूप हैं; 'रसो वै सः'। (तैत्तिरीय० २।७) भगवान् सम्पूर्ण रसोंके अधिष्ठान हैं; वे निर्विशेष रसस्वरूप हैं तथा संसारमें जितने रस हैं, वे उन रसमयके ही विशेष विकास हैं। सिद्धान्त-दृष्टिसे देखा जाय तो शुद्ध सत् अशेषविशेष-निर्मुक्त परब्रह्म ही है। इसी प्रकार शुद्ध चित् भी वही है। सत् और चित्में भी कोई भेद नहीं है। जिसकी सत्ता होगी, उसका भान भी अवश्य होगा और जिसका भान होगा, उसकी सत्ता भी अवश्य होगी। अतः जो सत् है, वही चित् है और जो चित् है, वही सत् है। जिस प्रकार सच्चित् सम्पूर्ण प्रपंचका कारण है, उसी प्रकार आनन्द भी है। 'आनन्दाद्ध्येव खल्विमानि भूतानि जायन्ते। आनन्देन जातानि जीवन्ति। आनन्दं प्रयन्त्यभिसंविशन्ति।' (तैत्तिरीय० ३।६) जिस प्रकार सर्वविशेषणनिर्मुक्त सत् ब्रह्म है, उसी प्रकार निर्विशेष आनन्द भी शुद्ध परब्रह्म ही है। वह हेयोपादेयसे रहित है; पुण्य या अपुण्य विशेषणसे युक्त होनेपर ही वह हेयोपादेय होता है। जो आनन्द किसी उत्तम वस्तुको आलम्बन मानकर अभिव्यक्त होता है, उसे प्रेम कहते हैं और जो बन्धनकारी निःकृष्ट पदार्थोंके आलम्बनसे होता है, उसे काम या मोह कहा जाता है। भगवान् विष्णु, शिव एवं गुरुदेव आदि उत्तम आलम्बन हैं। भगवान् तो स्वयं ही रसस्वरूप हैं; उनमें तन्मय हुआ चित्त भी पूर्णतया रसमय हो जाता है। श्रीमद्मधुसूदन स्वामी कहते हैं— भगवान् परमानन्दस्वरूपः स्वयमेव हि। मनोगतस्तदाकारो रसतामेति पुष्कलाम्॥ प्रेमीके द्रुत चित्तपर अभिव्यक्त जो प्रेमास्पदा- वच्छिन्न चैतन्य है, वही प्रेम कहलाता है। स्नेहादि एक अग्नि है। जिस प्रकार अग्निका ताप पहुँचनेपर जतु (लाक्षा) पिघल जाता है, उसी प्रकार स्नेहादिरूप अग्निसे भी प्रेमीका अन्तःकरण द्रवीभूत हो जाता है। विष्णु आदि आलम्बन सात्त्विक हैं; इसलिये जिस समय तदवच्छिन्न चैतन्यकी द्रुत चित्तपर अभिव्यक्ति होती है, तब उसे 'प्रेम' कहा जाता है और जब नायिकावच्छिन्न चैतन्यकी अभिव्यक्ति होती है तो उसे 'काम' कहते हैं। प्रेम सुख और पुण्य-स्वरूप है तथा काम दुःख और अपुण्यस्वरूप है। इस प्रकार यदि मूलमें देखें तो सत्का ही रूपान्तर सुख और पुण्य है तथा उसीका रूपान्तर दुःख और अपुण्य है एवं इन सब प्रकारके विशेषणोंसे शून्य जो सत् है, वही परब्रह्म है। ठीक इसी प्रकार जो सर्वविशेषणशून्य रस है, वह भी ब्रह्म ही है, वही 'साक्षान्मन्मथमन्मथ' हैं और वही श्रीकृष्ण हैं। इसीसे कामको वासुदेवका अंश कहा है—'कामस्तु वासुदेवांशः'। यह तो हुआ आध्यात्मिक विवेचन। आधिदैविक दृष्टिसे देखें तो भी भगवान्का रूपमाधुर्य ऐसा मोहक था कि जो काम संसारके प्रत्येक प्राणीको मोहित करनेमें समर्थ है, वही जिस समय अपने दल-बल- सहित भगवान्की परम सुन्दर दिव्य मंगलमयी मूर्तिके सामने आया तो उनका लावण्य देखकर मानो धूलिमें मिल गया। इसीसे उन्हें 'साक्षान्मन्मथमन्मथः' कहा गया है। वस्तुतः श्रीकृष्णचन्द्रके पादारविन्दकी नखमणि-चन्द्रिकाकी एक रश्मिके माधुर्यका अनुभव करके कन्दर्पका दर्प प्रशान्त हो गया और उसे ऐसी दृढ़ भावना हुई कि मैं लाखों जन्म कठिन तपस्या करके श्रीव्रजांगनाभावको प्राप्तकर श्रीकृष्णके पादारविन्दकी नखमणिचन्द्रिकाका यथेष्ट सेवन करूँगा,
श्रीरासलीलारहस्य १९७ फिर साक्षात् श्रीकृष्ण-रसमें निमग्न व्रजांगनाओंके सन्निधानमें कामका क्या प्रभाव रह सकता था ? यह भी एक आदर्श है। जिस प्रकार साधकोंके लिये चित्रलिखित स्त्रीको भी न देखना आदर्श है, उसी प्रकार जो बहुत उच्चकोटिके सिद्ध महात्मा हैं, उनके लिये मानो यह चेतावनी है कि भाई, तुम अभिमान मत करना; जबतक तुम ऐसी परिस्थितिमें भी अविचलित न रह सको, तबतक अपनेको सिद्ध मत मान बैठना। अहो ! जिनके नखमणिकी ज्योत्स्नासे भी अनन्तकोटि कन्दर्पोंका दर्प दलित हो जाता था, उन परम सुन्दरी व्रजसुन्दरियोंको भी जिन्होंने रमाया, उन श्रीहरिके दिव्यातिदिव्य योगका माहात्म्य कहाँतक कहा जा सकता है ? साथ ही यह भी ध्यान रखना चाहिये कि कामुकोंके लिये तो नर-नारायणका आदर्श भी अनुपयुक्त है। उन्हें तो मर्यादा-पुरुषोत्तम भगवान् श्रीरामके ही चरणचिह्नोंका अनुसरण करना चाहिये। श्रीनर-नारायणका आदर्श साधकोंके लिये है; उन्हें ऋषभदेवजीके आदर्शका अनुकरण नहीं करना चाहिये; क्योंकि सर्वकर्मसंन्यासका अधिकार सबको नहीं है। उनका आचरण तो परमोत्कृष्ट तत्त्वज्ञोंके लिये ही है। इसी प्रकार भगवान् श्रीकृष्णके दिव्यातिदिव्य आचरणोंका तो यदि कोई मनसे भी अनुकरण करेगा तो पतित हो जायगा, ‘नैतत् समाचरेज्जातु मनसापि ह्यनीश्वरः।’ (श्रीमद्भा० १०।३३।३१); क्योंकि वे तो निरतिशय ऐश्वर्यवान् साक्षात् भगवान्की ही अलौकिक लीलाएँ हैं। कोई भी जीव इस स्थितिपर नहीं पहुँच सकता। भला, भगवान्के सिवा ऐसा कौन है, जिसने सम्पूर्ण जगत्को मोहित करनेवाले कामदेवका मानमर्दन किया हो। मदनमोहन तो एकमात्र भगवान् श्रीकृष्ण ही हैं। करना तो दूर, हर किसीको तो इसे सुनना भी नहीं चाहिये; क्योंकि 'छठी भावना रासकी', इसे सुनने- देखनेका अधिकार तो देहाध्याससे ऊपर उठे बिना प्राप्त ही नहीं होता। भगवान्ने जो कहा है कि— यद्यदाचरति श्रेष्ठस्तत्तदेवेत्तरो जनः। स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्तदनुवर्तते ॥ (गीता ३।२१) इसका तात्पर्य यह नहीं है कि श्रेष्ठ पुरुषोंके सभी आचरणोंका अनुकरण करना चाहिये; बल्कि जो अपनी योग्यताके अनुसार हो, उसीका आचरण करना उचित है। भगवान् शंकर हलाहल विषका पान कर गये थे, इसलिये क्या सभीको विष-पान करना चाहिये ? तैत्तिरीयोपनिषद् (१।११)-में आचार्य अपने शिष्योंसे कहते हैं— 'यान्यस्माकं सुचरितानि। तानि त्वयो- पास्यानि। नो इतराणि।' यह बहुत सम्भव है कि कोई चरित्र महापुरुषोंके लिये उचित हो, किंतु साधारण पुरुषोंके लिये उचित न हो। संन्यासीलोग सन्ध्योपासन नहीं करते, इसलिये क्या गृहस्थोंको भी उसे छोड़ देना चाहिये ? फिर यहाँ तो अलौकिक लीलाकारी भगवान्की बात है, जिसका अनुकरण करना तो दूर रहा, समझना भी महा कठिन है। इस प्रकार भगवान्की यह रासलीला उच्चकोटिके योगारूढ़ोंके लिये ही एक उच्च आदर्श है। इसके श्रवणमात्रसे पुण्य होता है। सो कैसे ?—उत्तरमीमांसामें ब्रह्मकी उपासना कई प्रकारसे बतलायी गयी है। वहाँ कहा है—'सर्ववेदान्तप्रत्ययं चोदनाद्यविशेषात् ॥' (ब्रह्मसूत्र ३।३) इस सूत्रपर ऐसा विचार हुआ है कि ब्रह्म तो एक ही है, फिर किस प्रकारकी उपासनाको किस उपासनामें समन्वित करना चाहिये ? वहाँ बतलाया गया है कि यद्यपि उपास्य ब्रह्म तो एक ही है तथापि गुणगणके भेदसे उसमें भेद हो जाता है और उपासनाका फल तत्तद्गुणविशिष्ट उपास्यके अनुरूप ही मिलता है। जैसे यदि हमारा उपास्य सत्यकामादि- गुणविशिष्ट ब्रह्म होगा तो वह हमें सत्यकामादिरूप फल देगा और यदि वामनीत्वादिगुण-गणविशिष्ट ब्रह्म होगा तो उसमें हमें वामनीत्वादि फल प्राप्त होगा।
१९८ भक्तिसुधा अब यह प्रश्न होता है कि एक ही ब्रह्मकी अनेकविध उपासना क्यों बतलायी गयी है ? इसका उत्तर यही है कि यह उपास्यका भेद उपासककी योग्यता और कामनाके अनुसार है। यहाँ रासलीलामें उपास्य कामविजयी है, इसलिये इसके द्वारा कामविजयरूप फल प्राप्त होगा। इसीसे यहाँ कहा गया है कि— विक्रीडितं व्रजवधूर्भिरिदं च विष्णोः श्रद्धान्वितोऽनुशृणुयादथ वर्णयेद् यः। भक्तिं परां भगवति प्रतिलभ्य कामं हृद्रोगमाश्वपहिनोत्यचिरेण धीरः॥ (श्रीमद्भा० १०।३३।४०) अर्थात् जो पुरुष श्रद्धासम्पन्न होकर व्रजबालिकाओंके साथ की हुई भगवान् विष्णुकी इस क्रीड़ाका श्रवण या कीर्तन करेगा, वह परम धीर भगवान्में पराभक्ति प्राप्त करके शीघ्र ही मानसिक रोगरूप कामसे मुक्त हो जायगा। किंतु यहाँ यह सन्देह हो सकता है कि कामलीलावर्णन या श्रवण करनेसे कामविजय कैसे होगी ? इसका उत्तर यह है कि यह कामलीला नहीं, बल्कि कामविजयलीला है। इसके श्रवण और कीर्तनद्वारा कामविजयी भगवान् ध्येय होंगे; इसलिये उपासकका चित्त कामविजयी हो जायगा। भगवान् पतंजलि कहते हैं—‘वीतरागविषयं वा चित्तम्॥’ (योगदर्शन १।३६) अर्थात् विरक्त पुरुषोंके विरक्त चित्तका चिन्तन करनेवाला चित्त भी स्थिरता प्राप्त करता है। इसका क्या तात्पर्य है ? यही कि विरक्त पुरुषोंका ध्यान करनेवाले पुरुषोंका चित्त भी क्रमशः उनकी आकृति और भावका आलम्बन करता हुआ विरक्त हो जाता है। इसी प्रकार भगवान्की मायाका वर्णन करनेसे उद्धार होना बतलाया गया है; जैसे— मायां वर्णयतोऽमुष्य ईश्वरस्यानुमोदतः। शृण्वतः श्रद्धया नित्यं माययात्मा न मुह्यति॥ (श्रीमद्भा० २।७।५३) इसका कारण यही है कि यहाँ मायाका वर्णन स्वतन्त्र रूपसे नहीं है, अपितु मायाके नियन्तारूपसे ईश्वरका ही वर्णन है। अतः मायाधीश भगवान्का चिन्तन होते रहनेसे हम भी मायासे मोहित न होंगे। इसी प्रकार यद्यपि कामवर्णनसे कामकी वृद्धि ही हुआ करती है तथापि यहाँ काम-वर्णनके व्याजसे काम- विजयी भगवान्का ही वर्णन होनेके कारण काम- विजयरूप फल ही प्राप्त होगा। रासलीलाके श्रवण और कीर्तनके अधिकारीकी योग्यता किंतु इस लीलाके श्रवण और कीर्तनके अधिकारी सभी लोग नहीं हो सकते। उनमें कुछ विलक्षणता होनी चाहिये। उनमें भी वर्णन करनेवाला तो बहुत ही विलक्षण होना चाहिये; क्योंकि भगवान्की जो दिव्यातिदिव्य लीलाएँ हैं, उनके श्रवण-मननसे अधिकारियोंपर प्रभाव पड़ता ही है। जिस प्रकार वीररसपूर्ण काव्य पढ़नेपर चित्तमें वीरताका संचार होता है तथा करुणरसप्रधान ग्रन्थका अनुशीलन करनेपर चित्त करुणार्द्र हो जाता है, उसी प्रकार इस शृंगाररसप्रधान लीलाके श्रवण या कीर्तनसे चित्तमें शृंगाररसका उद्रेक होना भी स्वाभाविक ही है। हम देखते हैं कि यह जानते हुए भी कि भगवान् श्रीराम साक्षात् परब्रह्म परमात्मा हैं, उनपर किसी प्रकारकी सम्पत्ति या विपत्तिका कोई अनुकूल या प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ सकता। जिस समय उनके वनगमन आदि वर्णन सुनते हैं तो हठात् नेत्रोंमें जल आ ही जाता है। अतः भगवान्की इस मधुरातिमधुर लीलाके श्रवण-कीर्तनके मुख्य अधिकारी तो वे ही हैं, जो संसारकी समस्त वासनाओंको जीतकर मनोनिरोधपूर्वक परब्रह्म परमात्माका साक्षात्कार कर चुके हैं। किंतु यहाँ जो ऐसा कहा है कि 'हृद्रोगमाश्व- पहिनोत्यचिरेण धीरः' इससे यह भी सिद्ध होता है कि कामरूप हृद्रोगके रोगी भी इसका श्रवण कर सकते हैं। परंतु वे कम-से-कम उस हृद्रोगसे मुक्त होनेके पूर्ण इच्छुक तो होने ही चाहिये, विषयी होनेपर तो
श्रीरासलीलारहस्य १९९
उनका उद्धार हो नहीं सकेगा। उन्हें भी इसे ऐसे वक्तासे श्रवण करना चाहिये, जो पूर्ण तत्त्वनिष्ठ हो तथा जो श्रोताके कामभावकी निवृत्ति करनेमें सर्वथा समर्थ हो। तब तो अवश्य इसके द्वारा भगवान्के प्रति स्थायी रतिका आविर्भाव होगा और उस भगवद्रतिके कारण कामका कदापि प्रभाव न होगा। पहले यह कहा जा चुका है कि इस प्रकरणके आरम्भमें जो ‘श्रीबादरायणिरुवाच’ है, उसका क्या रहस्य है। किंतु किसी-किसी प्रतिमें इसके स्थानपर ‘श्रीशुक उवाच’ भी है। भगवान् शुककी तत्त्वज्ञता सुप्रसिद्ध है और इधर श्रोता भी सर्वसाधनसम्पन्न कुरुकुल-भूषण महाराज परीक्षित् हैं। यदि ऐसे श्रोता-वक्ता हों तो अवश्य इसका महान् फल हो सकता है। ‘शुक उवाच’ इस वाक्यका एक और भी तात्पर्य हो सकता है। प्रायः शुकतुण्डसे सम्बन्धित होनेपर फलमें और भी अधिक मधुरता आ जाती है। इसीसे कहा है— निगमकल्पतरोर्गलितं फलं शुकमुखादमृतद्रवसंयुतम् । पिबत भागवतं रसमालयं मुहुरहो रसिका भुवि भावुकाः ॥ (श्रीमद्भा० १।१।३) जिस प्रकार श्रीमद्भगवद्गीता उपनिषद्रूप गौओंका अमृतमय दुग्ध होनेसे ही परम आदरणीय है, उसी प्रकार यह भागवतपुराण भी वेदमूलक होनेके कारण ही प्रमाण है। यह साक्षात् कल्पवृक्षका फल है और वह कल्पवृक्ष भी प्राकृत नहीं, बल्कि स्वयं शब्द- ब्रह्मरूप वेद है और यह उससे तोड़ा हुआ भी नहीं है, इसलिये इसके विषयमें कच्चे या अम्ल होनेकी भी आशंका नहीं की जा सकती। यह तो स्वयं पककर गिरा हुआ है। इसलिये इसमें अत्यन्त मधुरता और सुगन्ध आ गयी है। इसपर भी शुकके मुखका संयोग हो जानेसे तो यह और भी अधिक सरस हो गया है। इसीसे कहा है—‘पिबत’, इसे पिओ। यद्यपि फल खाया जाता है; परंतु इसे तो पीनेके लिये कहा है। इसका तात्पर्य यही है कि अन्य फलोंके समान इसमें गुठली या छिलका आदि कोई हेय अंश नहीं है; क्योंकि यह तो एकमात्र सुमधुर रसस्वरूप ही है। इसलिये इसका पान ही करना चाहिये। कबतक पान करें? ‘आलयम्’ अर्थात् मोक्ष पाकर भी। जीवनमुक्त महामुनि जेऊ। हरि गुन सुनहिं निरंतर तेऊ॥ (रा०च०मा० ७।५३।२) इस प्रकार जब शुकतुण्डच्युत श्रीमद्भागवत ही पेय है तो उसके सारातिसारभूत ‘रासपंचाध्यायी’ के विषयमें तो कहना ही क्या है? यही ‘शुक उवाच’ का गूढ़ रहस्य है। इसके सिवा व्रजमें हमने एक और बात भी सुनी थी। वहाँके लोग कहा करते हैं—‘महाराज, महलकी बात माहिलिहि जाने’ अर्थात् महलके भीतर क्या- क्या होता है? इस रहस्यको तो महलके भीतर रहनेवाले ही जान सकते हैं; बाहर जो घास खोदनेवाला है, उसे अन्तःपुरकी बातोंका क्या पता लग सकता है? यह रासक्रीड़ा भगवान्की परम अन्तरंग लीला है। इसका मर्म तो वे ही जान सकते हैं, जो श्रीराधारानी और नन्दनन्दनके अत्यन्त कृपापात्र हैं; अन्य निष्ठावाले इसका रहस्य नहीं समझ सकते। इसका वक्ता भी वही हो सकता है, जो परम अन्तरंग हो। अतः यह देखना चाहिये कि इसका वक्ता कौन है? कोई कितना ही आत्मनिष्ठ हो, किंतु यदि वह इस रससे अनभिज्ञ हो तो कम-से-कम रसिकोंकी प्रवृत्ति तो उसके वाक्य-श्रवणमें हो नहीं सकती। अतः यह देखना चाहिये कि इसके वक्ताका रसमें प्रवेश है या नहीं। इसपर वे कहते हैं—‘श्रीशुक उवाच’ यहाँ जो शुक हैं, वे श्रीवृषभानुनन्दिनीके क्रीड़ाशुक हैं। जिस समय श्रीनन्दनन्दन उनके पाससे चले जाते थे, उस समय श्रीरासेश्वरीजी इन्हें पढ़ाया करती थीं—‘कृष्ण कहु, कृष्ण कहु, राधा मति कहु रे’। वे अपने अमृतमय अधरपटसे इनकी चंचुको
२०० भक्तिसुधा चुम्बनकर इन्हें भगवल्लीलाओंका पाठ पढ़ाया करती थीं। भावुकोंका ऐसा कथन है कि भगवान् श्रीकृष्णकी कृपाका पात्र वही होता है, जिसपर श्रीवृषभानुसुताकी कृपा होती है; उनकी कृपा ललितादि प्रधान यूथेश्वरियोंके कृपापात्रोंपर हुआ करती है और ललितादिकी कृपा अपनी नित्यसहचरियोंके कृपापात्र आचार्योंके कृपाभाजनोंपर होती है। फिर जिनका चंचु स्वयं श्रीवृषभानुनन्दिनीकी अधर-सुधासे चुम्बित होता था, उन श्रीशुकके मुखारविन्दसे निःसृत इस लीलाके माधुर्यका तो कहना ही क्या है। अहो! जिनके अधरामृतका संयोग होनेके कारण उनका किया हुआ वेणुनाद सम्पूर्ण चराचर जीवोंको मन्त्रमुग्ध कर देता था, वे रसराजशिरोमणि श्रीमाधव भी जिसके लिये लालायित रहते थे, उस श्रीवृषभानुनन्दिनीकी अधरसुधाकी माधुरीका वर्णन कौन कर सकता है ? फिर उन श्रीवृषभानुनन्दिनीकी अधरसुधासे पोषित परमहंस- शिरोमणि श्रीशुकदेवजीसे अधिक रसिक और कौन होगा ? श्रीवृषभानुनन्दिनीके कलवाक् नामक शुककी कथा आनन्दवृन्दावनचम्पूमें एक बड़ी सुन्दर कथा है कि श्रीवृषभानुनन्दिनीके सन्निधानमें एक कलवाक् नामक शुक रहता था। श्रीरासेश्वरीजी मणिपंजरसे उस शुकको निकालकर अपने श्रीहस्तारविन्दपर बिठलाकर उसे दाड़िमी-बीज खिलाती थीं। एक दिन शुकको दाड़िमी-बीज खिला रही थीं कि दुष्प्राप्य श्रीकृष्णचन्द्रमें उत्कट प्रीति, भूयसी लज्जा, गुरुक्ति-विषवर्षंणोंसे मतिकी विकलता, अपने वपुकी परवशता और कुलीनवंशमें जन्म आदि सोचते- सोचते श्रीश्रीरासेश्वरीके मुखारविन्दसे यह श्लोक निकल पड़ा— दुरापजनवर्त्तिनी रतिरपत्रपा भूयसी गुरुक्तिविषवर्षंणैर्मतिरतीव दौःस्थ्यं गता। वपुः परवशं जनुः परमिदं कुलीनान्वये न जीवति तथापि किं परमदुर्मरोऽयं जनः ॥ शुकने इस श्लोकको धारण कर लिया और श्रीवृषभानुदुलारीके श्रीहस्तकमलसे उड़कर जहाँ श्रीब्रजेन्द्रनन्दन श्रीकृष्ण खेल रहे थे, वहीं एक वृक्षकी शाखापर बैठकर 'दुरापजनवर्त्तिनी रतिः' इसी श्लोकको पढ़ा। श्रीकृष्णने शुकके मुखसे विनिःसृत श्लोकको श्रवणकर आश्चर्यसे यह किसी 'महानुरागवती' का शुक है, यह जानकर बड़े मधुर शब्दोंमें शुकसे अपने समीप आनेका अनुरोध किया। शुक शाखापरसे उड़कर श्रीकृष्णके श्रीहस्तकमलपर बैठ गया। श्रीश्यामसुन्दरने पुनः श्लोक पढ़नेको कहा, शुकने फिर उसी श्लोकको सुनाया। अपनी प्रेयसी श्रीवृषभानुदुलारीके प्रिय शुकद्वारा उनकी विरह- व्यथासे समन्वित भावमय श्लोकको धारण करके श्रीकृष्ण बड़े प्रसन्न हुए और शुकको धन्यवाद देने लगे। शुकने कहा—श्रीव्रजराजकुमार गाढ़ानुरागके भारसे निर्भरभंगुरा, बड़े स्नेहसे 'श्रीकृष्ण' 'श्रीकृष्ण' इस मधुमय नामको पढ़ाती हुई अपनी स्वामिनीके कराम्बुरुहसे मैं तो चंचलतावश च्युत हो गया हूँ, मुझ अधन्यको आप कैसे धन्य कहते हैं ? गाढानुरागभरनिर्भरभङ्गुरायाः कृष्णोति नाम मधुरं मृदु पाठयन्त्याः। धिङ्मामधन्यमतिचञ्चलजातिदोषा- त्तस्याः कराम्बुरुहकोरकतश्च्युतोऽस्मि ॥ इतनेमें ही श्रीकृष्णका सखा कुसुमासव आ गया। वह भी शुककी वाग्मितापर मुग्ध हुआ। इसी समय वृषभानुनन्दिनीकी सहचरी मधुरिका शुकको ढूँढ़ती हुई वहाँ आयी और कुसुमासवके पूछनेपर कहने लगी कि अपनी स्वामिनीका क्रीड़ाशुक ढूँढ़नेके लिये मैं आयी हूँ। कुसुमासवने झगड़ते हुए कहा कि यह शुक तो हमारे सखा श्रीव्रजराजकुमारका ही है, तुम्हारी स्वामिनीका यह तब समझा जायगा, जब तुम्हारे हाथपर आ जाय। मधुरिकाने हँसते हुए कहा कि कुसुमासव, तुम्हारे सखाके श्रीहस्तकमलके संस्पर्श- सुखका अनुभव करके शुष्क वंशकी वंशी भी संगत्याग नहीं करती, फिर यह चेतन पक्षी श्यामसुन्दरके
श्रीरासलीलारहस्य २०१ श्रीहस्तारविन्दके स्पर्श-सुखको कैसे त्याग सकता है? इसी समय श्रीव्रजेन्द्रगेहिनीने आकर कहा— ललन, भोजनको देर हो रही है; क्यों नहीं आते? कुसुमासव कहने लगा—अम्बा! देखो, यह मधुरिका व्यर्थ ही झगड़ती है। हमारे सखाके शुकको अपनी स्वामिनीका बतलाती है। मधुरिकाने नन्दरानीको अभिवादन किया। यशोदाने स्नेहसे मधुरिकाका स्पर्श करते हुए कहा—क्यों बेटी, क्या है? मधुरिकाने कहा—देवि, कोई बात नहीं। यह शुक मेरी स्वामिनी वृषभानुकुमारीका है। इसके बिना वे व्याकुल हैं। मैं तो यही कह रही थी। श्रीव्रजेश्वरीने कहा—बेटी, तुम जाओ। कुमारके खेलने जानेपर मैं भेज दूँगी। यह सुनकर मधुरिका प्रणामकर चली गयी। श्रीकृष्ण और कुसुमासव दोनोंने ही प्रसन्न होकर शुकको दाड़िमी- बीज आदि दिव्य पदार्थ खिलाये और फिर कुछ भोजनकर खेलने चले गये। इधर श्रीयशूमतिने अपनी दूतीसे शुकको भेजवा दिया। शुकने अपनी स्वामिनीसे उनके प्रियतमका सब समाचार सुनाया था। अतः यहाँ जो 'श्रीशुक' कहा गया है, उसका तात्पर्य 'श्रियः शुकः' श्रीजीका शुक समझना चाहिये। ये वे श्रीजी हैं, जिनके दिव्यातिदिव्य स्वरूपपर मुग्ध होकर सौन्दर्य-माधुर्य आदि गुणगण सर्वदा उनकी सेवामें उपस्थित रहते हैं। 'श्रीयते सर्वैर्गुणैरिति श्रीः' अतः ये शुकदेवजी भगवान् श्रीकृष्ण और श्रीराधिकाजीके अत्यन्त स्नेह-भाजन और परम अन्तरंग हैं। हमने ऐसा सुना है कि श्रीराधिकाजी तो उन्हें श्रीकृष्णनामका ही पाठ पढ़ाती थीं, किंतु जब वे चली जातीं तो श्रीश्यामसुन्दर प्रेमपूर्वक अपने मधुमय अधर-रसामृतसे पोषितकर उन्हें 'राधाकृष्ण राधाकृष्ण' ऐसा युगल नामका पाठ पढ़ाया करते थे। उस समय यदि राधिकाजी आ जातीं तो उन्हें बड़ा संकोच होता और वह फिर यही कहतीं—'कृष्ण कहु, कृष्ण कहु, राधा मति कहु रे'। इससे जान पड़ता है कि वे दोनोंहीके कृपापात्र थे। 'श्री' शब्दका अर्थ भगवान् भी है। 'श्रीयते सर्वैर्गुणैर्या सा श्रीः' अर्थात् जो सम्पूर्ण गुणोंद्वारा आश्रित हैं, वे श्री हैं। अतः वे जैसे श्रीराधिकाजीके लीलाशुक हैं, वैसे ही भगवान्के भी हैं। इसलिये वे इस रहस्यसे खूब अभिज्ञ हैं और उसका वर्णन करनेमें भी पटु हैं; क्योंकि शुककी बोली स्वभावतः ही मधुर होती है। इसीसे किसी प्रतिमें 'श्रीबादरायणिरुवाच' है और किसीमें 'श्रीशुक उवाच' है। जब श्रीशुकदेवजी इस कथाका वर्णन करने लगे तो उन्होंने सोचा कि यह तत्त्व तो परम दुरवगाह्य है; क्योंकि यह भगवत्स्वरूप है, परंतु यह है परम श्रेयस्कर और श्रेयमें बहुत विघ्न हुआ करते हैं, 'श्रेयांसि बहुविघ्नानि'। तिसपर भी यह तो परम श्रेय है, इसलिये इसमें और भी अधिक विघ्नोंकी सम्भावना है। अतः इसके आरम्भमें कोई ऐसा मंगल करना चाहिये, जो सब प्रकारके विघ्नोंकी निवृत्ति करनेवाला हो। भगवान् मंगलोंके भी मंगल और देवोंके भी देव हैं— 'मङ्गलं मङ्गलानां च देवतानां च दैवतम्।' उनके द्वारा मंगलको भी मंगलत्व प्राप्त होता है तथा सारे संसारका मंगल उस मंगलसिन्धुका एक बिन्दु है। मंगलमें देवताका अनुस्मरण किया जाता है, परंतु वे तो देवताओंके भी देवताका स्मरण करते हैं। इसीसे वे मंगलोंका भी मंगल करते हुए इस प्रकार आरम्भ करते हैं— 'भगवान्' शब्दकी व्याख्या भगवानपि ता रात्रीः शरदोत्फुल्लमल्लिकाः । वीक्ष्य रन्तुं मनश्चक्रे योगमायामुपाश्रितः ॥ (श्रीमद्भा० १०।२९।१) यद्यपि 'भगवान्' शब्दका अर्थ आगे किया जाता है तथापि यह श्रवणमात्रसे मंगलकारक है, इसलिये यहाँ मंगलके लिये भी है। जैसे दूसरे प्रयोजनके लिये लाया हुआ भी जलपूर्ण घट अपने दर्शनमात्रसे यात्रीके लिये मंगलप्रद होता है, उसी प्रकार जिसमें नित्य-ऐश्वर्यका योग हो उसे 'भगवान्' कहते हैं। ऐश्वर्य छः हैं—
२०२ भक्तिसुधा ऐश्वर्यस्य समग्रस्य धर्मस्य यशसश्श्रियः । ज्ञानवैराग्ययोश्चैव षण्णां भग इतीरणा ॥ (श्रीविष्णुपुराण ६।५।७४) अर्थात् समग्र ऐश्वर्य, समग्र धर्म, समग्र यश, समग्र श्री, समग्र ज्ञान और समग्र वैराग्य—इन छः गुणोंका नाम 'भग' है। ये छः जिसमें हों, वही भगवान् है। ये सब-के-सब जीवमें तो अल्प मात्रामें हुआ करते हैं, किंतु भगवान्में निरतिशय होते हैं। यहाँ 'भगवान्' शब्दमें जो 'मतुप्' प्रत्यय है, वह नित्ययोग या अतिशयनमें है।* तात्पर्य यह है कि भगवान्में जो भग है, वह आगन्तुक नहीं है, बल्कि उनका नित्ययोग है और वह निरतिशय है। अच्छा, यदि भगवान्में नित्य निरतिशय ऐश्वर्य हो भी तो तुम्हें क्या लाभ ? इसपर हमें यही कहना है कि यह हमारे ही काम तो आयेगा और इसका प्रयोजन ही क्या हो सकता है? वस्तुतः भगवान्को तो इसकी कोई अपेक्षा है नहीं; क्योंकि वे तो आप्तकाम हैं। ऐश्वर्यका काम क्या होता है? यही न कि वह अपने आश्रयमें महत्त्वातिशय या सौख्यातिशयका आधान करे। जितने गुण हैं उनकी सफलता तभी होती है, जब वे अपने आश्रयमें सौख्यातिशय-महत्त्वातिशयका आधान करें; अतः भगवान्का ऐश्वर्य भी यदि उनमें इस प्रकारके किसी अतिशयका आधान नहीं करते तो वे भले ही अप्राकृत हों, व्यर्थ हैं। ये गुणगण शेष हैं और भगवान् उनके शेषी हैं तथा शेष शेषीके लिये हुआ ही करता है। अतः अब यह देखना है कि जिसमें ये गुण हैं, वह निरतिशय है या सातिशय? यदि सातिशय है, तब तो ऐश्वर्यादि गुण उसमें कुछ अतिशयताका आधान कर सकते हैं और यदि निरतिशय ज्ञान और आनन्द ही भगवान्का स्वरूप है तो किसी अतिशयताका आधान करनेमें असमर्थ होनेके कारण इन गुणोंका कोई प्रयोजन ही नहीं हो सकता। वेदान्तप्रक्रियाके अनुसार महत्त्वातिशयका भी आधान ब्रह्ममें नहीं हो सकता; क्योंकि ब्रह्म शब्दकी व्युत्पत्ति है 'बृहत्त्वाद्ब्रह्म'—बड़ा होनेके कारण वह ब्रह्म है। बृहत्, अनल्प, भूमा ये सब एक ही अर्थके वाचक हैं। जहाँ कोई संकोचक प्रमाण होता है, वहाँ तो अनल्पत्व सातिशय होता है। जैसे 'सर्वे ब्राह्मणा भोजयितव्याः' इस वाक्यके अनुसार समस्त ब्राह्मणोंको भोजन कराना सम्भव न होनेके कारण 'सर्व' शब्दका संकोच करके केवल समस्त निमन्त्रित ब्राह्मणोंको भोजन कराना ही समझा जाता है। यहाँ कोई प्रमाण नहीं है, जिससे ब्रह्मका अनल्पत्व सातिशय निश्चय किया जाय। अतः संकोचकप्रमाणका अभाव होनेके कारण यहाँ वही अर्थ करना चाहिये कि जो निरतिशय बृहत् है अर्थात् जिससे बड़ा और कोई नहीं है, वह भूमा ब्रह्म है। जो देश, काल या वस्तुसे परिच्छिन्न हो अर्थात् अन्योन्याभावादि चार प्रकारके अभावोंमेंसे किसीका प्रतियोगी हो, वह अपरिच्छिन्न (निरतिशय) अनल्प नहीं हो सकता। अतः सब प्रकारके परिच्छेदसे रहित सच्चिदानन्द तत्त्व ही ब्रह्म है। ऐसा अपरिच्छिन्न तत्त्व सब प्रकारके बाधका अधिष्ठान होनेके कारण अबाध्य सत् है। यदि वह अबाध्य जड़ हो तो उसके भानके लिये किसी दूसरी वस्तुकी अपेक्षा होगी और ऐसा होनेपर द्वैत होनेके कारण वस्तुपरिच्छेद अनिवार्य होगा। इसके सिवा अभिज्ञोंकी दृष्टिमें जड़ वस्तु निरतिशय बृहत् हो भी नहीं सकती। अतः ब्रह्म सत् और स्वयंप्रकाश है अर्थात् वह अपनेसे भिन्न किसी प्रकाशान्तरकी अपेक्षासे रहित निरपेक्ष प्रकाशस्वरूप है। इस प्रकार अपनेसे भिन्न द्वैतादि उपद्रव-शून्य होनेके कारण वह निरुपद्रुत परमानन्दस्वरूप है और अनन्त भी है। इससे भी ब्रह्मकी निरतिशयता सिद्ध होती है। श्रीमद्भागवतमें ब्रह्म, परमात्मा और भगवान्—ये एक ही तत्त्वके नाम बतलाये हैं। 'ब्रह्मेति परमात्मेति भगवानिति शब्द्यते ॥' (श्रीमद्भा० १।२।११) श्रीश्रीधर स्वामीका भी यही मत है, किंतु कुछ लोगोंका इससे मतभेद है। श्रीजीव
- भूमिनिन्दाप्रशंसासु नित्ययोगेऽतिशायने। सम्बन्धेऽस्ति विवक्षायां भवन्ति मतुबादयः ॥
श्रीरासलीलारहस्य २०३ गोस्वामीने तत्त्वसन्दर्भका आरम्भ इसी श्लोकसे किया है। उन्होंने ब्रह्मसे परमात्माको और परमात्मासे भगवान्को उत्कृष्ट माना है। उनका अभिप्राय कविवर माघके इस श्लोकसे स्फुट होता है— चयस्त्विषामित्यवधारितं पुरा ततः शरीरीति विभाविताकृतिम्। विभुर्विभक्तावयवं पुमानिति क्रमादमुं नारद इत्यबोधि सः॥ अर्थात् दूरसे नारदजी आ रहे थे। पहले तो समझा कि कोई तेजःपुंज आ रहा है; फिर आकृतिका भान होनेपर मालूम हुआ कि कोई शरीरी है। उसके पश्चात् अवयव-विभागकी प्रतीति होनेपर जाना कि कोई पुरुष है और फिर क्रमशः निश्चय हुआ कि नारदजी हैं। अतः श्रीजीव गोस्वामी कहते हैं कि जबतक ब्रह्म दूर रहता है, तबतक लोग उसे निर्गुण निर्विशेष समझते हैं। फिर उसका विशेष अनुभव होनेपर उसे परमात्मरूपसे जाना जाता है; किंतु जो उसकी नित्यसन्निधिमें रहते हैं, उन्हें वह अचिन्त्यानन्त- कल्याणगुणगणोपेत जान पड़ता है। इस प्रकार अनुभवके उत्कर्षके साथ उत्तरोत्तर ब्रह्मके निर्विशेष, सविशेष और साकार स्वरूपका साक्षात्कार होता है। यहाँ अपने सिद्धान्तका पोषण करनेके लिये उन्होंने यह भी कहा है कि ये ब्रह्म, परमात्मा और भगवान् क्रमशः ज्ञानी, योगी और भक्तोंकी अपेक्षासे हैं तथा इनमें उत्तरोत्तर उत्कृष्ट है, परंतु इससे पूर्व तत्त्वका लक्षण करते हुए यह कहा गया है कि 'तत्त्वं यज्ज्ञानमद्वयम्।' अर्थात् जो सजातीय-विजातीय स्वगतभेदशून्य अद्वय ज्ञान है, वही तत्त्व है। अतः यह बतलाना चाहिये कि लोग जो विशेषता दिखलाते हैं, वह तत्त्वमें है या केवल नामोंमें ही। यदि तत्त्वमें कोई भेद न हो तो नामान्तर होनेसे ही उसके लक्षणमें क्या अन्तर आ सकता है ? जिस प्रकार यदि घटका यह लक्षण कर दिया कि 'कम्बुग्रीवादिमान् घटः' तो 'कलश' कहनेसे भी उसमें क्या अन्तर आ सकता है ? अतः यदि तत्त्वका लक्षण 'तत्त्वं यज्ज्ञानमद्वयम्' ऐसा है तो नामके भेदसे उसमें क्या भेद हो सकता है ? कोई लोग 'अद्वय' शब्दका अर्थ उपमारहित करते हैं। अतः उनके मतमें उपमारहित ज्ञान ही अद्वय है, किंतु 'अद्वय' शब्दका ऐसा अर्थ करना किसी प्रकार ठीक नहीं है। अद्वयका अर्थ तो देशकाल- वस्तुपरिच्छेदशून्य ही है 'नेह नानास्ति किञ्चन', (कठ० २।१।११) 'नात्र काचन भिदास्ति' इन वचनोंमें 'नाना' और 'भिदा' के साथ 'किंचन' और 'काचन' शब्दका प्रयोग सर्व प्रकारके नानात्व और भेदका निषेध करता है। अब यदि युक्तिसे विचार किया जाय तो भगवान्को अचिन्त्यानन्तकल्याणगुणगणसम्पन्न माननेपर उन गुणोंके कारण उनके शेषीमें कोई उपकार होना भी अवश्य मानना पड़ेगा। यदि आप शेषीको सातिशय मानते हैं, तब तो सिद्धान्तविरुद्ध होगा—ब्रह्मका सातिशयत्व तो किसी भी आस्तिकको मान्य नहीं हो सकता। आप जो कहते हैं कि उत्तरोत्तर सान्निध्यके बढ़नेपर भगवान्के उत्तरोत्तर विशेष रूपोंका अनुभव होता है, उन विशेषताओंका यही तात्पर्य है; न कि वे अपने आश्रयमें किसी अतिशयका आधान करें, किंतु यदि परब्रह्म स्वरूपसे ही निरतिशय है तो सान्निध्यसे उसमें क्या अन्तर पड़ेगा? यदि सान्निध्यको केवल उसकी विशेषताओंकी अभिव्यक्तिका कारण मानोगे तो यह बतलाओ कि तुम्हारा वह सान्निध्य क्रियाकृत है या ज्ञानकृत। यदि क्रियाकृत है तो ब्रह्ममें परिच्छिन्नता आ जायगी और यदि ज्ञानकृत है तो मायावादका प्रसंग उपस्थित हो जायगा, जो आपको अभीष्ट नहीं है। ब्रह्म निरतिशय बृहत् है। बृहत्ताकी कल्पना करते-करते जहाँ तुम शान्त हो जाओ वह ब्रह्म है और सान्निध्यके द्वारा तुम जिस अतिशयताका आधान करना चाहते हो, उसे तो हम सर्वदेशी मानते हैं। यदि कहो कि जिस प्रकार 'सर्वे ब्राह्मणा भोजयितव्याः'— समस्त ब्रह्मणोंको भोजन कराना चाहिये इत्यादि वाक्योंमें समस्त पदसे केवल निमन्त्रित ब्राह्मण ही
ग्रहण किये जाते हैं, उसी प्रकार यहाँ भी कुछ संकोच कर लिया जायगा तो ऐसा कहना ठीक नहीं; क्योंकि वहाँ संसारके सम्पूर्ण ब्राह्मणोंको भोजन कराना अभिप्रेत ही नहीं है: अतः संकोच तो केवल वहीं किया जाता है, जहाँ कोई संकोचक प्रमाण होता है। जो वस्तु देशपरिच्छिन्न, कालपरिच्छिन्न अथवा वस्तुपरिच्छिन्न होती है, उसीमें संकोच किया जाना सम्भव है। निरतिशय वस्तुमें कोई परिच्छेद नहीं होता, इसलिये उसमें संकोच भी नहीं किया जा सकता- 'यत्र नान्यत्पश्यति नान्यच्छृणोति नान्य- द्विजानाति स भूमाथ यत्रान्यत्पश्यत्यन्यच्छृणोत्य- न्यद्विजानाति तदल्पम्...।' (छान्दोग्य० ७।२४।१) अतः ये 'भग' निरतिशय भगवान्में किसी सौख्यातिशय या महत्त्वातिशयका आधान नहीं कर सकते। भगवान्में किसी प्रकारके अनर्थकी सम्भावना नहीं, अतः अनर्थ-निवृत्तिमें भी गुणोंका उपयोग नहीं हो सकता। भगवान्ने यह ऐश्वर्य भक्तोंके लिये ही धारण किया है। उनकी यह काम-विजयलीला भी भक्तोंके ही लिये थी। इसलिये भगवान् जो अचिन्त्यानन्त-कल्याणगुणगण धारण करते हैं, वे उपासकोंके लिये ही हैं, जिससे कि उनकी उपासनाद्वारा वे उन गुणोंको प्राप्त कर सकें। हमने यह विचार इसीलिये किया है कि जो लोग भगवान्को निरतिशय बृहत् आनन्दस्वरूप नहीं मानते, उनके मतमें वह ब्रह्म भी नहीं हो सकता; क्योंकि ब्रह्म, भूमा इन शब्दोंका एक ही अर्थ है। इनका तात्पर्य एक ही वस्तुमें है। अतः भूमा कौन है? 'यत्र नान्यत्पश्यति नान्यच्छृणोति नान्यद्विजानाति' न कोई और देखता है, न सुनता है और न जानता है, जहाँ कोई अन्य है, वह तो अल्प ही है-'यदल्पं तन्मर्त्यम्।' (छान्दोग्य० ७।२४।१)। इसलिये जहाँ भूमा है, वहाँ द्वैत नहीं; क्योंकि द्वैत तो वस्तुकृत परिच्छेदमें ही हो सकता है। इस प्रकार जहाँ द्वैतका अभाव है, वहीं अद्वैत है, इसीसे कहा है- यत्र त्वस्य सर्वमात्मैवाभूत् तत् केन कं पश्येत् तत्... केन कं विजानीयाद्० (बृहदारण्यक० ४।५।१५) इत्यादि। अब यदि आप ब्रह्मको अनल्प मानते हैं तो गुणगण कैसे? और यदि गुणगण हैं तो गुणगण और उनके आश्रयका तथा गुणोंका स्वगत भेद है या नहीं? यदि उनमें भेद है तो ब्रह्म परिच्छिन्न सिद्ध होगा और इससे उसका ब्रह्मत्व ही बाधित हो जायगा। यदि कहो कि हम ब्रह्म, परमात्मा और भगवान्में भेद मानते हैं; हमारे मतमें भगवान् परम अन्तरंग सात्वतोंके प्राप्य हैं; परमात्मा योगियोंके प्राप्तव्य हैं तथा ब्रह्म अत्यन्त बहिरंग ज्ञानियोंका ध्येय है। इसीसे भगवान्ने भी योगीको ज्ञानियोंसे भी बड़ा माना है-'ज्ञानिभ्योऽपि मतोऽधिकः।' (गीता ६।४६) और भक्तोंको समस्त योगियोंसे उत्कृष्ट माना है। योगिनामपि सर्वेषां मद्गतेनान्तरात्मना। श्रद्धावान्भजते यो मां स मे युक्ततमो मतः॥ (गीता ६।४७) तो ऐसा माननेसे भी उनकी अल्पता सिद्ध होती है; क्योंकि तीन होनेके कारण उनमें वस्तुकृत परिच्छेद तो है ही। इसलिये ऐसा मानना उचित नहीं। हम यह तो पहले कह ही चुके हैं कि लक्ष्यका भेद लक्षण-भेदसे होता है, नामसे नहीं होता। जैसा कम्बुग्रीवादि पृथुबुध्नोदरत्वादि लक्षण एक होनेसे घट, कलश-इन नामोंका भेद होते हुए भी वस्तुका भेद नहीं होता, ठीक वैसे ही जब लक्षणमें भेद नहीं है तो ब्रह्म या भगवान् आदि नामोंके भेदसे लक्ष्यका भेद कैसे होगा? यहाँ तत्त्वका लक्षण 'तत्त्वं यज्ज्ञानमद्वयम्' ऐसा किया है। इसलिये उसमें किसी भी प्रकारका भेद नहीं हो सकता। अतः आश्रय, जो कि तत्त्व है, अनन्त है, निरतिशय है और अद्वय है; गुणगण उसमें किसी प्रकारके अतिशयका आधान नहीं कर सकते। वे तो अपनी सिद्धिके लिये ही
श्रीरासलीलारहस्य २०५ भगवान्का आश्रय लिये हुए हैं। भगवान् कहते हैं— 'मां भजन्ति गुणाः सर्वे निर्गुणं निरपेक्षकम्।' (श्रीमद्भा० ११।१३।४०) इस प्रकार गुणोंने यद्यपि अपनी सिद्धिके लिये ही भगवान्का आश्रय लिया है और भगवान्ने भी उनपर कृपा करके उन्हें स्वीकार कर लिया है तथापि इसका कोई अन्तरंग प्रयोजन भी होना ही चाहिये। वह प्रयोजन यही है कि लोग उन अचिन्त्यगुण- गणविशिष्ट भगवान्की आराधना करेंगे और उन्हें उन गुणोंकी प्राप्ति होगी। इसीसे श्रीशुकदेवजीने इस लीलाके विघ्नोंकी निवृत्तिके लिये 'भगवान्' शब्दसे मंगलोंका भी मंगल किया है। इसके सिवा उन्होंने यह भी सोचा होगा कि यह लीला अत्यन्त दुरवगाह्य है, हम इसका अवगाहन करनेमें समर्थ नहीं हैं; परंतु भगवान्का स्मरण करनेसे हम इस दुरवगाह्यका भी अवगाहन कर सकेंगे। भगवत्स्मरणसे हमें भगवदैश्वर्यकी प्राप्ति होगी और उससे हमें इसके वर्णनका सामर्थ्य प्राप्त होगा तथा लोकमें यह भी देखा जाता है कि वक्ताकी रुक्षताके कारण एक अत्यन्त मधुर-प्रसंग भी रूखा जान पड़ता है और वक्ताके माधुर्यसे ही किसी रूखी बातमें भी सरसता आ जाती है। इसीसे कहा है— 'कवीनां रसविद्धः'। हम पहले कह चुके हैं कि भगवान् शुकदेवजीको स्वयं श्रीवृषभानुदुलारी और भगवान् श्यामसुन्दरने अपनी अधर-सुधाका पान कराकर पढ़ाया था। उस युगलमूर्तिके अधरामृतपानसे उनकी वाणीमें कितना माधुर्य आ गया था, इसका कौन वर्णन कर सकता है? फिर भी प्रसंगको दुरवगाह्य समझकर उन्होंने भगवान्का स्मरण किया। इस प्रकार 'भगवान्' शब्दसे यह तो मंगल और वक्ताका तात्पर्य-सूचन हुआ, परंतु 'भगवान्' शब्दका यह अर्थ तो ऐसा है, जैसे किसी अन्य कार्यके लिये लाये हुए जलके घड़ेको देखकर उसे शुभ शकुनका सूचक मानकर देखनेवालेको आनन्द होता है। इसका मुख्य प्रयोजन तो दूसरा ही है। रासपंचाध्यायीके प्रथम श्लोककी व्याख्या अब हम रासपंचाध्यायीके प्रथम श्लोककी व्याख्या आरम्भ करते हैं— भगवानपि ता रात्रीः शरदोत्फुल्लमल्लिकाः। वीक्ष्य रन्तुं मनश्चक्रे योगमायामुपाश्रितः॥ (श्रीमद्भा० १०।२९।१) अर्थात् उन रात्रियोंमें शरत्कालीन मल्लिकाको विकसित हुई देखकर भगवान्ने भी योगमायाका आश्रय लेकर रमण करनेके लिये मन किया। विचार करनेपर मालूम होता है कि इस श्लोकका तात्पर्य विरोधद्योतनमें है। रमण करनेकी इच्छा तो अनाप्तकामोंको हुआ करती है, किंतु जब भगवान्के चरणारविन्दमकरन्दका रसास्वादन करनेवाले तत्त्वज्ञ भी आत्माराम हुआ करते हैं अर्थात् वे भी रमणके लिये आत्मातिरिक्त साधनकी अपेक्षा नहीं करते तो भगवान्को रमण करनेकी इच्छा होना तो किसी प्रकार सम्भव ही नहीं है। यदि भगवान्ने रमण करनेकी इच्छा की तो अवश्य यह बहुत विरुद्ध बात है। रमणकर्ताकी भगवत्ता और भगवान्का रमण करना— दोनों ही सर्वथा अनुपपन्न हैं। यदि कहो कि स्वरूपसे तो सभी जीव आप्तकाम हैं—वेदान्त-सिद्धान्तानुसार तो जितना भोक्तृ-भोग्य- वर्ग है, वह सब ब्रह्म ही है; परंतु जीव तो रमण करनेकी इच्छा करता ही है। परमात्मासे विमुख होनेके कारण इसका ऐश्वर्य तिरोहित हो रहा है, भगवदुन्मुख होनेपर उसका ऐश्वर्य अभिव्यक्त हो जाता है। ब्रह्मादि भी तो वस्तुतः जीव ही हैं। अतः यदि भगवान्ने भी रमणकी इच्छा की तो क्या आश्चर्य है? तो ऐसा कहना ठीक नहीं; क्योंकि उनमें 'भग' है। उनमें समग्र ऐश्वर्य है, समग्र ज्ञान है, समग्र वैराग्य है, और समग्र श्री है। जिनमें ऐश्वर्य एवं ज्ञानादिकी कमी होती है, उन्हींमें वासना होनी सम्भव है, किंतु जिसमें इनकी पूर्णता है, उसमें किसी प्रकारकी वासनाका प्रादुर्भूत होना सम्भव नहीं मालूम