श्रीमद्भगवद्गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र (लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक)
Srimad Bhagavad Gita Rahasya by Bal Gangadhar Tilak
लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक द्वारा
श्रीगणेशाय नमः । ॐ तत्सत् । श्रीमद्भगवद्गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र ▭ ▭ पहला प्रकरण विषयप्रवेश नारायणं नमस्कृत्य नरं चैव नरोत्तमम् । देवीं सरस्वतीं व्यासं ततो जयमुदीरयेत् ॥ *
- महाभारत, आदिम श्लोक । श्रीमद्भगवद्गीता हमारे धर्मग्रंथोंका एक अत्यंत तेजस्वी और निर्मल हीरा है । पिंड-ब्रह्मांड-ज्ञानसहित आत्मविद्याके गूढ़ और पवित्र तत्त्वोंको थोड़ेमें और स्पष्ट रीतिसे समझा देनेवाला, उन्हीं तत्त्वोंके आधारपर मनुष्यमात्रके पुरुषार्थ- की - अर्थात् आध्यात्मिक पूर्णावस्थाकी - पहचान करा देनेवाला, भक्ति, और ज्ञानका मेल कराके इन दोनोंका शास्त्रोक्त व्यवहारके साथ संयोग करा देनेवाला और इसके द्वारा संसारसे त्रस्त मनुष्यको शांति देकर उसे निष्काम कर्तव्यके आचरणमें लगानेवाला गीताके समान बालबोध ग्रंथ, संस्कृतकी कौन कहे, समस्त संसारके साहित्यमेंभी नहीं मिल सकता । केवल काव्यकीही दृष्टिसे यदि इसकी परीक्षा की जाय तोभी यह ग्रंथ उत्तम काव्योंमें गिना जा सकता है; क्योंकि इसमें आत्मज्ञानके अनेक गूढ़ सिद्धान्त ऐसी प्रासादिक भाषामें लिखे गये हैं, कि वे बूढ़ों और बच्चोंको एकसमान सुगम हैं; और इसमें ज्ञानयुक्त भक्तिरसभी भरा पड़ा है । जिस ग्रंथमें समस्त वैदिक धर्मका सार स्वयं श्रीकृष्ण भगवानकी वाणीसे संगृहित
- नारायणको, मनुष्योंमें जो श्रेष्ठ नर है उसको, सरस्वती देवीको और व्यासजीको नमस्कार करके फिर 'जय' अर्थात् महाभारतको पढ़ना चाहिये - यह
२ गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र किया है, उसकी योग्यताका वर्णन कैसे किया जाय ? महाभारतकी लड़ाई समाप्त होनेपर एक दिन श्रीकृष्ण और अर्जुन प्रेमपूर्वक बातचीत कर रहे थे । उस समय अर्जुनके मन इच्छा हुई कि श्रीकृष्णसे एक बार फिर गीता सुने । तुरंत अर्जुनने विनती की, " महाराज ! आपने जो उपदेश मुझे युद्धके आरंभमें दिया था उसे मैं भूल गया हूँ । कृपा करके फिर एक बार उसे बतलाइये ।" तब श्रीकृष्ण भगवानने उत्तर दिया कि — उसे " उस समय मैंने अत्यंत योगयुक्त अंतःकरणसे उपदेश किया था । अब संभव नही कि मैं वैसेही उपदेश फिर कर सकूँ ।" यह बात अनुगीताके प्रारंभ (महाभारत अश्वमेध अध्याय १६, श्लोक १० से १३) में दी हुई है । सच पूछें तो भगवान् श्रीकृष्णचंद्रके लिये कुछभी असंभव नहीं है; परंतु उनके उक्त कथनसे यह बात अच्छी तरह मालूम हो सकती है, कि गीताका महत्त्व कितना अधिक है । यह ग्रंथ, वैदिक धर्मके भिन्न भिन्न संप्रदायोंमें, वेदके समान, आज क़रीब ढाई हजार वर्षोंसे सर्वमान्य तथा प्रमाणस्वरूप हो गया है; इसका कारणभी उक्त ग्रंथका महत्त्वही है । इसी लिये गीता-ध्यानमें इस स्मृतिकालीन ग्रंथका अलंकार- युक्त, परंतु यथार्थ वर्णन इस प्रकार किया गया है :- सर्वोपनिषदो गावो दोग्धा गोपालनन्दनः । पार्थो वत्सः सुधीर्भोक्ता दुग्धं गीतामृतं महत् ॥ अर्थात् जितने उपनिषद् हैं वे मानों गौएँ हैं, श्रीकृष्ण स्वयं दूध दुहनेवाले (ग्वाला) हैं, बुद्धिमान् अर्जुन (उन गौओंको पन्हानेवाला) भोक्ता बछड़ा (वत्स) हैं, और जो दूध दुहा गया वही मधुर गीतामृत है । इसमें कुछ आश्चर्य नहीं, कि हिंदु- स्थानकी सब भाषाओंमें इसके अनेक अनुवाद, टीकाएँ और विवेचन हो चुके हैं; परंतु जबसे पश्चिमी विद्वानोंको संस्कृत भाषाका ज्ञान होने लगा है, तबसे ग्रीक, लेटिन, जर्मन, फ्रेंच, अंग्रेजी आदि यूरोपकी भाषाओंमेंभी इसके अनेक अनुवाद प्रकाशित हुए हैं । तात्पर्य यह है, कि इस समय यह अद्वितीय ग्रंथ समस्त संसारमें प्रसिद्ध है । श्लोकका अर्थ है । महाभारत (उ. ४८. ७-९ और २०-२२; तथा वन. १२. ४४- ४६) में लिखा है, कि नर और नारायण ये दोनों ऋषि दो स्वरूपोंमें विभक्त - साक्षात् परमात्मा - ही हैं, और इन्हीं दोनोंने आगे चलकर अर्जुन तथा श्रीकृष्णका अवतार लिया । सब भागवतधर्मीय ग्रंथोंके आरंभमे इन्हींको प्रथम इसलिये नमस्कार करते हैं, कि निष्काम कर्म-युक्त नारायणीय तथा भागवत-धर्मको इन्होंने- ही पहलेपहल जारी किया था । इस श्लोकमे कहीं कहीं 'व्यास' के बदले 'चैव' पाठभी है; परंतु हमें यह युक्तिसंगत नहीं मालूम होता; क्योंकि, जैसे भागवत-धर्मके प्रचारक नर-नारायणको प्रणाम करना सर्वथा उचित है, वैसेही इस धर्मके दो मुख्य ग्रंथों (महाभारत और गीता) के कर्ता व्यासजीकोभी नमस्कार करना उचित है । महाभारतका प्राचीन नाम 'जय' है (महा. आ. ६२. २०) ।
विषयप्रवेश ३ इस ग्रंथमे सब उपनिषदोंका सार आ गया है; इसीसे इसका पूरा नाम ‘श्रीमद्भगवद्गीता-उपनिषत्’ है। गीताके प्रत्येक अध्यायके अंतमे जो अध्याय- समाप्ति-दर्शक संकल्प है, उसमें “इति श्रीमद्भगवद्गीतोपनिषत्सु ब्रह्मविद्यायां योगशास्त्रे श्रीकृष्णार्जुनसंवादे” इत्यादि शब्द है। यह संकल्प यद्यपि मूलग्रंथ (महा- भारत) में नहीं है, तथापि यह गीताकी सभी प्रतियोंमे पाया जाता है। इससे अनुमान होता है, कि गीताकी किसीभी प्रकारकी टीका हो जानेके पहलेही, जब महाभारतसे गीता नित्यपाठके लिये अलग निकाल ली गयी तभीसे उक्त संकल्पका प्रचार हुआ होगा। इस दृष्टिसे, गीताके तात्पर्यका निर्णय करनेके कार्यमें उसका महत्त्व कितना है, यह आगे चलकर बताया जायगा। यहाँ इस संकल्पके केवल दो पद (भगवद्गीतासु उपनिषत्सु) विचारणीय है। ‘उपनिषत्’ शब्द हिंदीमें पुल्लिंग माना जाता है; परंतु वह संस्कृतमें स्त्रीलिंग है। इसलिये “श्रीभगवान्ने गाया गया अर्थात् कहा गया उपनिषद्” यह अर्थ प्रकट करनेके लिये संस्कृतमे “श्रीमद्- भगवद्गीता उपनिषत्” ये दो विशेषण-विशेष्यरूप स्त्रीलिंग शब्द प्रयुक्त हुए हैं, और यद्यपि ग्रंथ एकही है, तथापि सम्मानके लिये ‘श्रीमद्भगवद्गीतासूपनिषत्सु’ ऐसा सप्तमीके बहुवचनका प्रयोग किया गया है। शंकराचार्यके भाष्यमेंभी इस ग्रंथको लक्ष्य करके ‘इति गीतासु’ यह बहुवचनांत प्रयोग पाया जाता है। परंतु नामको संक्षिप्त करनेके समय आदरसूचक प्रत्यय, पद तथा अंतिम सामान्य जाति- वाचक ‘उपनिषत्’ शब्दभी उड़ा दिया गया; जिससे ‘श्रीमद्भगवद्गीता उपनिषद्’ इन प्रथमाके एकवचनान्त शब्दोंके बदले पहले ‘भगवद्गीता’ और फिर केवल ‘गीता’- ही संक्षिप्त नाम प्रचलित हो गया। ऐसे बहुत-से संक्षिप्त नाम प्रचलित हैं। जैसे— कठ, छांदोग्य, केन इत्यादि। यदि ‘उपनिषद्’ शब्द मूल नाममे न होता तो ‘भागवतम्’, ‘भारतम्’, ‘गोपीगीतम्’ इत्यादि शब्दोंके समान इस ग्रंथका नामभी ‘भगवद्गीतम्’ या केवल ‘गीतम्’ बन जाता; जैसा कि नपुंसकलिंगके शब्दोंका स्वरूप होता है। परंतु जब कि ऐसा हुआ नहीं है और ‘भगवद्गीता’ या ‘गीता’ यही स्त्रीलिंग शब्द अबतक बना रहा है, तब उसके सामने ‘उपनिषत्’ शब्दको नित्य अध्याहृत समझना- ही चाहिये। अनुगीताकी अर्जुनमिश्रकृत टीकामे ‘अनुगीता’ शब्दका अर्थभी इसी रीतिसे किया गया है। परंतु सात सौ श्लोकोंकी भगवद्गीताकोही गीता नहीं कहते। अनेक ज्ञान- विषयक ग्रंथभी गीता कहलाते हैं। उदाहरणार्थ, महाभारतके शांतिपर्वान्तर्गत मोक्ष- पर्वके कुछ फुटकर प्रकरणोंको पिंगलगीता, शंपाकगीता, मंकिगीता, बोध्यगीता, विचख्युगीता, हारितगीता, वृत्रगीता, पराशरगीता और हंसगीता कहते हैं। अश्वमेध पर्वकी अनुगीताके एक भागका विशेषनाम ‘ब्राह्मणगीता’ है। इनके सिवा अवधूत- गीता, अष्टावक्रगीता, ईश्वरगीता, उत्तरगीता, कपिलगीता, गणेशगीता, देवीगीता, पाण्डवगीता, ब्रह्मगीता, भिक्षुगीता, यमगीता, रामगीता, व्यासगीता, शिवगीता,
४ गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र सूतगीता, सूर्यगीता इत्यादि अनेक गीताएँ प्रसिद्ध हैं। इनमेंसे कुछ तो, स्वतंत्र रीतिसे निर्माण की गयी हैं और शेष भिन्न भिन्न पुराणोंमें हैं। जैसे, गणेशपुराणके अंतिम क्रीडाखंडके १३८ से १४८ अध्यायोंमें गणेशगीता कही गयी हैं। इसे यदि थोड़े हेर- फेरके साथ भगवद्गीताकी नक़ल कहें तो कोई हानि नहीं। कूर्मपुराणके उत्तरभागके पहले ग्यारह अध्यायोंमें ईश्वरगीता है। इसके बाद व्यासगीताका आरंभ हुआ है। स्कंदपुराणांतर्गत सूतसंहिताके चौथे अर्थात् यज्ञवैभवखंड के उपरिभागके आरंभ (१ से १२ अध्यायतक) में ब्रह्मगीता है और इसके बादके अध्यायोंमें सूतगीता, हैं। यह तो हुई आठ स्कंदपुराणकी ब्रह्मगीता; दूसरी एक और ब्रह्मगीता है, जो योगवासिष्ठके निर्वाण प्रकरणके उत्तरार्ध (सर्ग १७३ से १८१ तक) में आ गयी है। यमगीताएँ तीन प्रकारकी हैं। पहली विष्णुपुराणके तीसरे अंशके सातवें अध्यायमें; दूसरी, अग्निपुराणके तीसरे खंडके ३८१ वें अध्यायमें; और तीसरी, नृसिंहपुराणके आठवें अध्यायमें है। यही हाल रामगीताका है। महाराष्ट्रमें जो रामगीता प्रचलित है वह अध्यात्मरामायणके उत्तरकांडके पाँचवें सर्गमें है; और यह अध्यात्मरामायण ब्रह्मांडपुराणका एक भाग माना जाता हैं; परंतु इसके सिवा एक दूसरी रामगीता 'गुरुज्ञान-वासिष्ठ-तत्त्वसारायण' नामक ग्रंथमें है, जो मद्रासकी ओर प्रसिद्ध है। यह ग्रंथ वेदान्तविषयपर लिखा गया है। इसमें ज्ञान, उपासना और कर्म-संबंधी तीन कांड हैं। इसके उपासनाकांडके द्वितीय पादके पहले अठारह अध्यायोंमें रामगीता है और कर्मकांडके तृतीय पादके पहले पाँच अध्यायोंमें सूर्यगीता है। कहते हैं कि शिवगीता पद्मपुराणके पातालखंडमें है। पर इस पुराणकी जो प्रति पूणेके आनंदाश्रममें छपी है उसमें शिवगीता नहीं है। पंडित ज्वालाप्रसादने अपने 'अष्टादशपुराणदर्शन' ग्रंथमें लिखा है कि शिवगीता गौड़ीय पद्मोत्तरपुराणमें है। नारदपुराणमें अन्य पुराणोंके साथ साथ, पद्मपुराणकीभी जो विषयानुक्रमणिका दी गयी है, उसमें शिवगीताका उल्लेख पाया जाता है। श्रीमद्- भागवतपुराणके ग्यारहवें स्कंधके तेरहवें अध्यायमें हंसगीता और तेईसवें अध्यायमें भिक्षुगीता कही गयी है। तीसरे स्कंधके कपिलोपाख्यान (अ. २३-३३) को कई लोग 'कपिलगीता' कहते हैं; परंतु 'कपिलगीता' नामक एक छपी हुई स्वतंत्र पुस्तक हमारे देखनेमें आई है, जिनमें हठयोगका प्रधानतः वर्णन किया गया है; और लिखा है, कि यह कपिलगीता पद्मपुराणसे ली गयी है; परंतु यह गीता पद्मपुराणमें हैही नहीं। इसमें एक स्थान (४. ७) पर जैन, जंगम और सूफ़ीका उल्लेख किया गया है, जिससे कहना पडता है, कि यह गीता मुसलमानी शासनकालके बादकी होगी। भागवतपुराणहीके समान देवीभागवतमेंभी, सातवें स्कंधके ३१ से ४० अध्यायतक एक गीता है, और देवीसे कही जानेके कारण उसे देवीगीता कहते हैं। केवल भगवद्गीताहीका सार अग्निपुराणके तीसरे खंडके ३८० वें अध्यायमें, तथा गरुडपुराणके पूर्वखंडके २४२ वें अध्यायमें दिया हुआ है। इसी तरह कहा
विषयप्रवेश ५ जाता है, कि रामावतारमें वसिष्ठजीने जो उपदेश रामचंद्रजीको दिया, उसीको योगवासिष्ठ कहते हैं; परंतु इस ग्रंथके अंतिम (अर्थात् निर्वाण) प्रकरणमें 'अर्जुनोपाख्यान' भी शामिल है; जिसमें उस भगवद्गीताका सारांश दिया गया है, कि जिसे कृष्णावतारमें भगवान् श्रीकृष्णने अर्जुनसे कहा था। इस उपाख्यानमें भगवद्गीताके अनेक श्लोक ज्यों-कि-त्यों पाये जाते हैं (योग. ६ पू. सर्ग ५२-५८)। ऊपर कहा जा चुका है कि पूणेमें छपे हुए पद्मपुराणमें शिवगीता नहीं मिलती; परंतु उसके न मिलनेपरभी इस प्रतिके उत्तरखंडके १३१ से १४८ अध्यायतक भगवद्गीताके महात्म्यका वर्णन है, और भगवद्गीताके प्रत्येक अध्यायके लिये महात्म्यवर्णनका एक एक अध्याय है; और इसके संबंधमें कथाभी कही गयी है। इसके सिवा वराहपुराणमें एक गीतामाहात्म्य है और शिवपुराणमें तथा वायुपुराणमेभी गीता- महात्म्यका होना बतलाया जाता है; परंतु कलकत्तेके छपे हुए वायुपुराणमें वह हमें नहीं मिला। भगवद्गीताकी छपी हुई पुस्तकोंके आरंभमें 'गीता-ध्यान' नामक नौ श्लोकोंका एक प्रकरण पाया जाता है। नहीं जान पड़ता, कि यह कहांसे लिया गया है; परंतु इसका “भीष्मद्रोणतटा जयद्रथजला०” श्लोक, थोड़े हेरफेरके साथ, हालहीमें प्रकाशित 'ऊरुभंग' नामक भास कविकृत नाटकके आरंभमें दिया हुआ है। इससे ज्ञात होता है, कि उक्त 'ध्यान' भास कविके समयके अनंतर प्रचार- में आया होगा। क्योंकि यह माननेकी अपेक्षा कि भाससरीखे प्रसिद्ध कविने इस श्लोकको गीता-ध्यानसे लिया है; यही कहना अधिक युक्तिसंगत होगा, कि गीता-ध्यानकी रचना भिन्न भिन्न स्थानोंमे लिये हुए, और कुछ नये बनाये हुए श्लोकों- मे की गयी है। भास कवि कालिदाससे पहिले हो गया है। इसलिये उसका समय कम-से-कम संवत् ४३५ (शक तीन सौ) से अधिक अर्वाचीन नहीं हो सकता। * ऊपर कही गयी बातोंसे यह बात अच्छी तरह ध्यानमें आ सकती है, कि भगवद्- गीताके कौन-से और कितने अनुवाद तथा कुछ हेरफेरके साथ कितनी नकलें, तात्पर्य और महात्म्य-पुराणोंमें मिलतें हैं। इस बातका पता नहीं चलता, कि अवधूत और अष्टावक्र आदि दो-चार गीताओँको कब और किसने स्वतंत्र रीतिसे रचा; अथवा वे किस पुराणसे ली गयी हैं। तथापि इन सब गीताओकी रचना तथा विषय-विवेचन- को देखनेसे यही मालूम होता है, कि ये सब ग्रंथ, भगवद्गीताके जगप्रसिद्ध होनेके बादही, बनाये गये हैं। इन गीताओके संबंधमें यह कहनेसेभी कोई हानि नहीं कि वे इसी लिये रची गयी हैं, कि किसी विशिष्ट पंथ या विशिष्ट पुराणमें भगवद्गीताके समान एक-आध गीताके रहे बिना उस पंथ या पुराणकी पूर्णता नहीं हो सकती थी। जिस तरह श्रीभगवानने भगवद्गीतामें अर्जुनको विश्वरूप दिखाकर
- उपर्युक्त अनेक गीताओँ तथा भगवद्गीताको श्री. हरि रघुनाथ भागवतने पुणेसे प्रकाशित किया।
६ गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र ज्ञान बतलाया है, उसी तरह शिवगीता, देवीगीता और गणेशगीतामेंभी वर्णन है। शिवगीता, ईश्वरगीता आदिमें तो भगवद्गीताके अनेक श्लोक अक्षरशः पाये जाते हैं। यदि ज्ञानकी दृष्टिसे देखा जाय तो इन सब गीताओंमें भगवद्गीताकी अपेक्षा कुछ अधिक विशेषता नहीं है; और भगवद्गीतामें अध्यात्मज्ञान और कर्मका मेल कर देनेकी जो अपूर्व शैली है वह इनमेंसे किसीभी गीतामें नहीं है। भगवद्गीतामें पातंजलयोग अथवा हठयोग और कर्मत्यागरूप संन्यासका यथोचित वर्णन न देखकर, उसकी पूर्तिके लिये कृष्णार्जुन-संवादके रूपमें, किसीने उत्तरगीता बादमें लिख डाली है। अवधूत और अष्टावक्र आदि गीताएँ बिलकुल एकदेशीय हैं। क्योंकि इनमें केवल संन्यासमार्गकाही प्रतिपादन किया गया है। यमगीता और पांडवगीता तो केवल भक्तिविषयक संक्षिप्त स्तोत्रोंके समान हैं। शिवगीता, गणेशगीता और सूर्यगीता ऐसी नहीं हैं। यद्यपि इनमें ज्ञान और कर्मके समुच्चयका युक्तियुक्त समर्थन अवश्य किया गया है, तथापि इनमें नवीनता कुछभी नहीं है; क्योंकि यह विषय प्रायः भगवद्गीतासेही लिया गया है। इन कारणोंसे भगवद्गीताके प्रगल्भ तथा व्यापक तेजके सामने बादकी बनी हुई कोईभी पौराणिक गीता ठहर नहीं सकी, और इन नकली गीताओंसे उलटे भगवद्गीताकाही महत्त्व अधिक बढ़ गया है। यही कारण है, कि 'भगवद्गीता'का 'गीता'नाम प्रचलित हो गया है। अध्यात्म- रामायण और योगवासिष्ठ यद्यपि विस्तृत ग्रंथ हैं तोभी वे बादमें बने हैं। और यह बात उनकी रचनासेही स्पष्ट मालूम हो जाती है। मद्रासका 'गुरुज्ञानवासिष्ठ तत्त्वसारायण' नामक ग्रंथ कइयोंके मतानुसार बहुत प्राचीन है; परंतु हम ऐसा नहीं मानते; क्यों कि उसमें १०८ उपनिषदोंका उल्लेख है, जिनकी प्राचीनता सिद्ध नहीं हो सकती। सूर्यगीतामें विशिष्टाद्वैत मतका उल्लेख पाया जाता है (३.३०); और कई स्थानोंमें भगवद्गीताहीका युक्तिवाद लिया हुआ-सा जान पड़ता है (१.६८)। इसलिये यह ग्रंथभी बहुत पीछेसे - श्रीशंकराचार्यकेभी बाद - बनाया गया होगा। अनेक गीताओंके होनेपरभी भगवद्गीताकी श्रेष्ठता निर्विवाद सिद्ध है। इसी कारण उत्तरकालीन वैदिकधर्मीय पंडितोंने, अन्य गीताओंपर अधिक ध्यान नहीं दिया, और भगवद्गीताहीकी परीक्षा करने और उसीका तात्पर्य अपने बंधुओंको समझा देनेमें, अपनी कृतकृत्यता मानने लगे। ग्रंथकी दो प्रकारसे परीक्षा की जाती है। एक अंतरंग-परीक्षा और दूसरी बहिरंग-परीक्षा कहलाती है। पूरे ग्रंथको देखकर उसके मर्म, रहस्य, मथितार्थ और प्रमेय ढूँढ़ निकालना 'अंतरंग-परीक्षा' है। ग्रंथको किसने और कब बनाया, उसकी भाषा सरस है या नीरस, काव्य-दृष्टिसे उसमें माधुर्य और प्रसाद गुण हैं या नही, शब्दोंकी रचनामें व्याकरणपर ध्यान दिया गया है या उस ग्रंथमें अनेक आर्ष प्रयोग हैं, उसमें किनकिन मतों-स्थलों और व्यक्तियोंका उल्लेख है; इन बातोंसे ग्रंथके कालनिर्णय और तत्कालीन समाज-
विषयप्रवेश ७ स्थितिका कुछ पता चलता है या नहीं; ग्रंथके विचार स्वतंत्र हैं अथवा चुराये हुए हैं; यदि उसमें दूसरोंके विचार भरे हैं, तो वे कौनसे हैं और कहाँसे लिये गये हैं; इत्यादि बातोंके विवेचनको 'बहिरंग-परीक्षा' कहते हैं। जिन प्राचीन पंडितोंने गीतापर टीका और भाष्य लिखे हैं उन्होंने उक्त बाहरी बातोंपर अधिक ध्यान नहीं दिया। इसका कारण यही है, कि वे लोग भगवद्गीतासरीखे अलौकिक ग्रंथकी परीक्षा करते समय उक्त बाहरी बातोंपर ध्यान देनेको ऐसाही समझते थे, जैसे- कि कोई मनुष्य एक-आध उत्तम सुगंधयुक्त फूलको पाकर उसके रंग, सौंदर्य, सुवास आदिके विषयमें कुछभी विचार न करे, और केवल उसकी पँखुरियाँ गिनता रहे अथवा जैसे कोई मनुष्य मधुमक्खीका मधुयुक्त छत्ता पाकर केवल उसके छिद्रोंको गिननेमेंही समय नष्ट कर दे ! परंतु अब पश्चिमी विद्वानोंके अनुकरणसे हमारे आधुनिक विद्वान् लोग गीताकी बाह्य-परीक्षाभी बहुत कुछ करने लगे हैं। गीताके आर्ष प्रयोगोंको देखकर एकने यह निश्चित किया है कि यह ग्रंथ ईसासे कई शतक पहलेही बन गया होगा। इससे यह शंका बिलकुलही निर्मूल हो जाती है, कि गीताका भक्तिमार्ग उस ईसाई धर्मसे लिया गया होगा, कि जो गीताके बहुत पीछेसे प्रचलित हुआ है। गीताके सोलहवें अध्यायमें जिस नास्तिक मतका उल्लेख है उसे बौद्धमत समझकर दूसरेने गीताका रचना-काल बुद्धके बाद माना है। तीसरे विद्वान्का कथन है कि तेरहवें अध्यायमें 'ब्रह्मसूत्रपदैश्चैव ०' श्लोकमें ब्रह्मसूत्रका उल्लेख होनेके कारण गीता ब्रह्मसूत्रके बाद बनी होगी। इसके विरुद्ध कई लोग कहते हैं, कि ब्रह्मसूत्रमें अनेक स्थानोंपर गीताहीका आधार लिया गया है; जिससे गीताका उसके बाद बनना सिद्ध नहीं होता। कोई कोई ऐसाभी कहते हैं कि भारतीय युद्धमें रणभूमिपर अर्जुनको सात सौ श्लोकोंकी गीता सुनानेका समय मिलना संभव नहीं है। हाँ, यह संभव है कि श्रीकृष्णने अर्जुनको लड़ाईकी जल्दीमें दस- बीस श्लोक या उनका भावार्थ सुना दिया हो, और उन्हीं श्लोकोंके विस्तारकी संजयने धृतराष्ट्रसे, व्यासने शुकसे, वैशंपायनने जनमेजयसे और सूतने शौनकसे कहा हो; अथवा महाभारतकारनेभी उसको विस्तृत रीतिसे लिख दिया हो। गीताकी रचनाके संबंधमें मनकी ऐसी प्रवृत्ति होनेपर गीता-सागरमें डुबकियाँ लगाकर किसीने सात,* किसीने अठाईस, किसीने छत्तीस और किसीने सौ, इस तरह गीताके मूल श्लोक खोज निकाले हैं। कोई कोई तो यहाँतक कहते हैं कि अर्जुनको
- आजकल एक सप्तश्लोकी गीता प्रकाशित हुई है, उसमें केवल येही सात श्लोक हैं:- ॐ इत्येकाक्षरं ब्रह्म इ० (गीता ८.१३); (२) स्थाने हृषीकेश तव प्रकीर्त्या इ० (गीता ११. ३६); (३) सर्वतः पाणिपादं तत् इ० (गीता १३. १३); (४) कवि पुराणमनुशासितारं इ० (गीता ८. ९); (५) ऊर्ध्वमूलमधःशाखं इ० (गी. १५.१) (६) सर्वस्य चाहं हृदि सन्निविष्टो इ० (१५. १५); (७) मन्मना भव मद्भक्तो इ० (गीता १८. ६५) इसी तरह औरभी अनेक संक्षिप्त गीताएं बनी हैं।
[Page Header] ८ गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र
रणभूमिपर गीताका ब्रह्मज्ञान बतलानेकी कोई आवश्यकताही नहीं थी और वेदान्त विषयका यह उत्तम ग्रंथ पीछेसे महाभारतमें जोड दिया गया है। यह नहीं कि बहिरंग-परीक्षाकी ये सब बातें सर्वथा निरर्थक हों। उदाहरणार्थ, ऊपर कही गयी फूलकी पँखुरियों तथा मधुके छत्तेके छिद्रोंकी बातकोही लीजिये। वनस्पतियोंके वर्गीकरणके समय फूलोंकी पँखुरियोंकाभी विचार अवश्य करना पडता है। इसी तरह गणितकी सहायतासे यह सिद्ध किया गया है, कि मधुमक्खियोंके छत्तेमें जो छेद होते हैं उनका आकार ऐसा होता है, कि मधुरसका घनफल तो कम होने नहीं पाता; और बाहरके आवरणका पृष्ठफल बहुत कम हो जाता है; जिससे मोमकी पैदाइश घट जाती है। इससे मधुमक्खियोंका जन्मजात चातुर्य व्यक्त होता है। इसी प्रकारके उपयोगोंपर दृष्टि देते हुए हमनेभी गीताकी बहिरंग-परीक्षा की है, और उसके कुछ महत्त्वके सिद्धान्तोंका विचार इस ग्रंथके अंतमें, परिशिष्टमें किया है; परंतु जिनको ग्रंथका रहस्यही जानना है, उनके लिये बहिरंग-परीक्षाके झगडेमें पडना अनावश्यक है। वाग्देवीके रहस्यको जाननेवालों तथा उसकी ऊपरी और बाहरी बातोंके जिज्ञासुओंमें जो भेद हैं उसे मुरारि कविने बड़ीही सरसताके साथ दरशाया है :- अब्धिर्लङ्घित एव वानरभटैः किं त्वस्य गम्भीरताम् । आपातालनिमग्नपीवरतनुर्जानाति मन्थाचलः ॥ अर्थात्, समुद्रकी अगाध गहराई जाननेकी यदि इच्छा हो तो किससे पूछा जाय ? इसमें संदेह नहीं, कि राम-रावण-युद्धके समय सैंकड़ों वानरवीर घड़ाघड़ समुद्रके ऊपरसे कूदते हुए लंकामें चले गये थे; परंतु उनमेंसे कितनोंको समुद्रकी गहराईका ज्ञान था ? समुद्र-मंथनके समय देवताओंने मंथनदंड बनाकर जिस बड़े भारी पर्वतको नीचे छोड़ दिया था और जो सचमुच समुद्रके नीचे पातालतक पहुँच गया था, वही मंदराचल पर्वत समुद्रकी गहराईको जान सकता है। मुरारि कविके इस न्यायानुसार, गीताके रहस्यको जाननेके लिये, अब हमें उन पंडितों और आचार्योंके ग्रंथोंकी ओर ध्यान देना चाहिये, जिन्होंने गीता-सागरका मंथन किया है। इन पंडितोंमें महा- भारतके कर्ताही अग्रगण्य हैं। अधिक क्या कहे, आजकल जो गीता प्रसिद्ध है, उसके येही एक प्रकारसे कर्ताभी कहे जा सकते हैं। इसलिये प्रथम उन्हींके मतानुसार संक्षेपमें गीताका तात्पर्य दिया जाएगा। 'भगवद्गीता' अर्थात् 'भगवानसे गाया गया उपनिषत् ' इस नामहीसे बोध होता है, कि गीतामें अर्जुनको उपदेश किया गया है वह प्रधान रूपसे भागवतधर्म- भगवान्के चलाये हुए धर्म-के विषयमें होगा। क्योंकि श्रीकृष्णको 'श्रीभगवान्'का नाम प्रायः भागवतधर्ममेंही दिया जाता है। यह उपदेश कुछ नया नहीं है। पूर्व कालमें यही उपदेश भगवानने विवस्वानको, विवस्वानने मनुको और मनुने इक्ष्वाकुको किया था। यह बात गीताके चौथे अध्यायके आरंभ (गीता ४.१)
विषयप्रवेश ९ में दी हुई है। महाभारतके, शांतिपर्वके अंतमें नारायणीय अथवा भागवत धर्मका विस्तृत निरूपण है, जिसमें ब्रह्मदेवके अनेक जन्मोंमें अर्थात् कल्पांतरोंमें भागवत- धर्मकी परंपराका वर्णन किया गया है। और अंतमें यह कहा गया है :- त्रेतायुगादौ च ततो विवस्वान् मनवे ददौ । मनुश्च लोकभृत्यर्थं सुतायेक्ष्वाकवे ददौ । इक्ष्वाकुणा च कथितो व्याप्य लोकानवस्थितः ॥ अर्थात् ब्रह्मदेवके वर्तमान जन्मके त्रेतायुगमें इस भागवत-धर्मने विवस्वान्-मनु- इक्ष्वाकुकी परंपरासे विस्तार पाया है (मभा. शां. ३४८. ५१, ५२)। यह परंपरा गीतामें दी हुई उक्त परंपरासे मिलती है (गीता ४. १ पर हमारी टीका देखो)। दो भिन्न धर्मोंकी परंपराका एक होना संभव नहीं है, इसलिये परंपराकी एकताके कारण यह अनुमान सहजही किया जा सकता है कि गीताधर्म और भागवतधर्म ये दोनों एकही हैं। इन धर्मोंकी यह एकता केवल अनुमानही पर अवलंबित नहीं है। क्योंकि नारायणीय या भागवत-धर्मके निरूपणमें वैशंपायन जनमेजयसे कहते हैं :- एवमेष महान् धर्मः स ते पूर्वं नृपोत्तम । कथितो हरिगीतासु समासविधिकल्पितः ॥ अर्थात् हे नृपश्रेष्ठ जनमेजय ! यही उत्तम भागवत-धर्म, विधियुक्त और संक्षिप्त रीतिसे हरिगीता अर्थात् भगवद्गीतामें, तुझे पहलेही बतलाया गया है (मभा. शां. ३४६.१०)। इसके बाद एक अध्याय छोड़ कर दूसरे अध्याय (मभा. शां. ३४८. ८) में नारायणीय धर्मके संबंधमें फिरभी स्पष्ट रीतिसे कहा गया है कि :- समुपोढेष्वनीकेषु कुरुपाण्डवयोधर्मृधे । अर्जुने विमनस्के च गीता भगवता स्वयम् ॥ अर्थात् कौरव-पांडव-युद्धके समय जब अर्जुन उद्विग्न हो गया था तब स्वयं भगवानने उसे यह उपदेश किया था। इसमें यह स्पष्ट है, कि ‘हरिगीता' से भगवद्गीताहीका मतलब है। गुरुपरंपराकी एकताके अतिरिक्त यहभी ध्यानमें रखने योग्य है, कि जिस भागवत-धर्म या नारायणीय धर्मके विषयमें दो-बार कहा गया है, कि वही गीताका प्रतिपाद्य विषय है; उसीको 'सात्वत' या 'एकांतिक' धर्मभी कहा है। इसका विवेचन करते समय (शां. ३४७. ८०, ८१) दो लक्षण कहे गये हैं :- नारायणपरो धर्मः पुनरावृत्तिदुर्लभः । प्रवृत्तिलक्षणश्चैव धर्मो नारायणात्मकः ॥ अर्थात् यह नारायणीय धर्म प्रवृत्तिमार्गका होकरभी पुनर्जन्मको टालनेवाला अर्थात् पूर्ण मोक्षका दाता है। फिर इस बातका वर्णन किया गया है, कि यह धर्म प्रवृत्तिमार्ग- का कैसे है। प्रवृत्तिका यह अर्थ प्रसिद्धही है, कि संन्यास न लेकर मरणपर्यंत चातुर्वर्ण्य
१० गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र विहित निष्काम कर्मही करता रहे। इसलिये यह स्पष्ट है, कि गीतामें जो उपदेश अर्जुनको किया गया है, वह भागवतधर्मका है; और उसको महाभारतकार प्रवृत्ति- विषयकही मानते हैं, क्योंकि उपर्युक्त धर्मभी प्रवृत्ति-विषयक है। साथ साथ यदि ऐसा कहा जाय, कि गीतामें केवल प्रवृत्तिमार्गकाही भागवतधर्म, है, तो यहभी ठीक नहीं। क्योंकि वैशंपायनने जनमेजयसे फिर कहा है (महा. शां. ३४८. ५३) । यतीनां चापि यो धर्मः स ते पूर्व नृपोत्तम । कथितो हरिगीतासु समासविधिकल्पितः ॥ अर्थात् हे राजा ! यतियों - अर्थात् संन्यासियों - के निवृत्तिमार्गका धर्मभी तुझे पहले भगवद्गीतामें संक्षिप्त रीतिसे भागवतधर्मके साथ बतला दिया गया है; परंतु यद्यपि गीतामें प्रवृत्तिधर्मके साथही यतियोंका निवृत्तिधर्मभी बतलाया गया है, तथापि मनु-इक्ष्वाकु इत्यादि गीताधर्मकी जो परंपरा गीतामें दी गयी है, वह यतिधर्मको लागू नहीं हो सकती। वह केवल भागवत-धर्महीकी परंपरासे मिलती है। सारांश यह है, कि उपर्युक्त वचनोंसे महाभारतकारका यही अभिप्राय जान पड़ता है, कि गीतामें अर्जुनको जो उपदेश किया गया है, वह विशेषकरके मनु- इक्ष्वाकु इत्यादि परंपरासे चले आये प्रवृत्ति-विषयक भागवतधर्महीका है; और उसमें निवृत्ति-विषयक यतिधर्मका जो निरूपण पाया जाता है वह केवल आनुषंगिक है। पृथु, प्रियव्रत और प्रल्हाद आदि भक्तोंकी कथाओंसे, तथा भागवतमें दिये गये निष्काम कर्मके वर्णनोंसे (भागवत ४. २२. ५१, ५२; ७. १०. २३ और ११. ४. ६) यह भली भाँति मालूम हो जाता है, कि महाभारतका प्रवृत्ति-विषयक नारायणीय धर्म और भागवत-पुराणका भागवतधर्म, ये दोनों मूलतः एक ही हैं। परंतु भागवतपुराणका मुख्य उद्देश्य यह नहीं है, कि वह भागवतधर्मके कर्मयुक्त- प्रवृत्तितत्त्वका समर्थन करे। यह समर्थन, महाभारतमें और विशेषकरके गीतामें किया गया है, परंतु इस समर्थनके समय भागवतधर्मीय भक्तिका यथोचित रहस्य दिखलाना व्यासजी भूल गये थे। इसलिये भागवतके आरंभके अध्यायोंमें लिखा है, कि (भागवत १. ५. १२) बिना भक्तिके केवल निष्काम कर्म व्यर्थ है यह सोच- कर, और महाभारतकी उक्त न्यूनताको पूर्ण करनेके लियेही, भागवत-पुराणकी रचना बादमें की गयी। इससे भागवतपुराणका मुख्य उद्देश्य स्पष्ट रीतिसे मालूम हो सकता है। यही कारण है कि भागवतमें अनेक प्रकारकी हरिकथाएँ कहकर भागवतधर्मकी भगवद्भक्तिके महात्म्यका जैसा विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया है, वैसा भागवतधर्मके कर्मविषयक अंगोंका विवेचन उसमें नहीं किया है। अधिक क्या कहें, भागवतकारका यहाँतक कहना है, कि बिना भक्तिके सब कर्मयोग वृथा हैं (भाग: १. ५. ३४) । अतएव गीताके तात्पर्यका निश्चय करनेमें जिस महाभारतमें गीता कही गयी है, उसी नारायणीयोपाख्यानका जैसा उपयोग हो सकता है, वैसा भागवतधर्मीय होनेपरभी, भागवत-पुराणका उपयोग नहीं हो सकता; क्योंकि वह
विषयप्रवेश ११
केवल भक्तिप्रधान है । यदि उसका कुछ उपयोग कियाभी जाय, तो इस बातपरभी ध्यान देना पड़ेगा, कि महाभारत और भागवतपुराणके उद्देश्य और रचना-काल भिन्न भिन्न हैं। निवृत्ति-विषयक यतिधर्म और प्रवृत्तिविषयक भागवतधर्मका मूल स्वरूप क्या है ? इन दोनोंमें भेद क्यों हैं ? मूल भागवतधर्म इस समय किस रूपांतरसे प्रचलित है ? इत्यादि प्रश्नोंका विचार आगे चलकर किया जायगा। यह मालूम हो गया, कि स्वयं महाभारतकारके मतानुसार गीताका क्या तात्पर्य है। अब देखना चाहिये कि गीताके भाष्यकारों और टीकाकारोंने गीताका क्या तात्पर्य निश्चित किया है। इन भाष्यों तथा टीकाओंमें आजकल श्रीशंकराचार्य- कृत गीता-भाष्य अतिप्राचीन ग्रंथ माना जाता है। यद्यपि इसकेभी पूर्व गीतापर अनेक भाष्य और टीकाएँ लिखीं जा चुकीं थीं, तथापि वे अब उपलब्ध नहीं हैं; और इसी लिये जान नहीं सकते, कि महाभारतके रचना-कालसे शंकराचार्यके समय- तक गीताका अर्थ किस प्रकार किया जाता था । तथापि शांकरभाष्यहीमें इन प्राचीन टीकाकारोंके मतोंका जो उल्लेख है ( गीता शांभा. अ. २ और ३ का उपोद्घात ) उससे साफ़ साफ़ मालूम होता है, कि शंकराचार्यके पूर्वकालीन टीकाकार, गीताका अर्थ, महाभारत-कर्ताके अनुसारही ज्ञानकर्म समुच्चयात्मक किया करते थे । अर्थात् उसका यह प्रवृत्ति-विषयक अर्थ लगाया जाता था, कि ज्ञानी मनुष्यको ज्ञानके साथ साथ मृत्युपर्यंत स्वधर्मविहित कर्म करना चाहिये। परंतु वैदिक कर्मयोगका यह सिद्धान्त शंकराचार्यको मान्य नहीं था । इसलिये उसका खंडन करने और अपने मतके अनुसार गीताका तात्पर्य बनानेहीके लिये उन्होंने गीता-भाष्यकी रचना की है। यह बात उक्त भाष्यके आरंभके उपोद्घात- में स्पष्ट रीतिसे कही गई है। 'भाष्य' शब्दका अर्थभी यही है। 'भाष्य' और 'टीका' - का बहुतकरके समानार्थी उपयोग होता है; परंतु सामान्यतः 'टीका' मूलग्रंथके सरल अन्वय और उसके सुगम अर्थ करनेहीको कहते हैं। भाष्यकार इतनीही बातोंसे संतुष्ट नहीं रहता, वह उस ग्रंथकी न्याययुक्त समालोचना करता है; अपने मतानुसार उसका तात्पर्य बतलाता है; और उसीके अनुसार वह यहभी बतलाता है, कि ग्रंथका अर्थ कैसे लगाना चाहिये । गीताके शांकरभाष्यका यही स्वरूप है । परंतु गीताके तात्पर्यके विवेचनमें शंकराचार्यने जो भेद किया है उसका कारण जाननेके पहले थोड़ासा पूर्वकालीन इतिहासभी यहीपर जान लेना चाहिये । वैदिक धर्म केवल तांत्रिक धर्म नहीं है। उसमे जो गूढ़ तत्त्व हैं, उनका सूक्ष्म विवेचन प्राचीन समयहीमें उपनिषदोंमें हो चुका है; परंतु ये उपनिषद् भिन्न भिन्न ऋषियों- के द्वारा भिन्न भिन्न समयमें बनाए गये हैं। इसलिये उनमें कहीं कहीं विचार- विभिन्नता और परस्परविरुद्धताभी आगयी है। इस विचार-विरोधको मिटानेके लियेही बादरायणाचार्यने अपने वेदान्तसूत्रोंमें सब उपनिषदोंकी विचारैक्यता कर दी है; और इसी कारणसे वेदान्तसूत्रभी उपनिषदोंके समानही प्रमाण माने जाते
१२ गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र हैं। इन्हीं वेदान्तसूत्रोंके दूसरे नाम 'ब्रह्मसूत्र' अथवा 'शारीरकसूत्र' हैं। तथापि वैदिकधर्मके तत्त्वज्ञानका पूर्ण विचार इतनेसेही नहीं हो सकता। क्योंकि उपनिषदोंका ज्ञान प्रायः वैराग्यविषयक अर्थात् निवृत्तिविषयक है; और वेदान्तसूत्र तो सिर्फ उपनिषदोंका मतैक्य करनेहीके उद्देश्यसे बनाए गये हैं। इसलिये उनमेंभी वैदिक प्रवृत्तिमार्गका विस्तृत तात्त्विक विवेचन कहींभी नहीं किया है। इसीलिये उपर्युक्त कथनानुसार जब प्रवृत्तिमार्ग-प्रतिपादक भगवद्गीताने वैदिक धर्मकी तत्त्वज्ञान- संबंधी इस न्यूनताकी पूर्ति पहले पहल की, तब उपनिषदों और वेदान्तसूत्रोंके मार्मिक तत्त्वज्ञानकी पूर्णता करनेवाला यह भगवद्गीता ग्रंथभी, उन्हीके समान सर्वमान्य और प्रमाणभूत हो गया। और, अंतमें उपनिषदों, वेदान्तसूत्रों और भगवद्गीताका 'प्रस्थानत्रयी' नाम पड़ा। 'प्रस्थानत्रयी'का यह अर्थ है कि उसमें वैदिकधर्मके आधारभूत तीन मुख्य ग्रंथ हैं, जिनमें प्रवृत्ति और निवृत्ति दोनों मार्गोंका नियमानुसार तथा तात्त्विक विवेचन किया है। इस तरह प्रस्थानत्रयीमें गीताके गिने जानेपर और प्रस्थानत्रयीका दिनोंदिन अधिकाधिक प्रचार होनेपर वैदिक धर्मके लोग उन मतों और संप्रदायोंको गौण अथवा अग्राह्य मानने लगे, जिनका समावेश उक्त तीन ग्रंथोंमें नहीं किया जा सकता था। परिणाम यह हुआ कि बौद्धधर्मके पतनके बाद वैदिकधर्मके जो जो संप्रदाय (अद्वैत, विशिष्टाद्वैत, द्वैत, शुद्धाद्वैत आदि) हिंदुस्थानमें प्रचलित हुये, उनमेंसे प्रत्येक संप्रदायके प्रवर्तक आचार्यको, प्रस्थानत्रयीके तीनों भागोंपर (अर्थात् भगवद्गीतापरभी) भाष्य लिखकर, यह सिद्धकर दिखानेकी आवश्यकता हुई, कि इन सब संप्रदायोंके जारी होनेके पहलेही जो तीन 'धर्मग्रंथ' प्रमाण समझे जाते थे, उन्हींके आधारपर हमारा संप्रदाय स्थापित हुआ है और अन्य संप्रदाय इन धर्मग्रंथोंके अनुसार नहीं हैं। ऐसा करनेका कारण यही है, कि यदि कोई आचार्य यह स्वीकार कर लेते कि अन्य संप्र- दायभी प्रमाणभूत धर्मग्रंथोंके आधारपर स्थापित हुये हैं, तो उनके संप्रदायका महत्त्व घट जाता - और, ऐसा करना किसीभी संप्रदायको इष्ट नहीं था। सांप्रदायिक दृष्टिसे प्रस्थानत्रयीपर भाष्य लिखनेकी यह रीति जब चल पड़ी, तब भिन्न भिन्न पंडित अनेक संप्रदायोंके भाष्योंके आधारपर टीकाएँ लिखने लगे। और गीतार्थ प्रतिपादन करने लगे। यह टीका उसी संप्रदायके लोगोंको अधिक मान्य हुआ करती थी जिसके भाष्यके अनुसार वह लिखी जाती थी। इस समय गीतापर जितने भाष्य और जितनी टीकाएं उपलब्ध हैं, उनमेंसे प्रायः सब इसी सांप्रदायिक रीतिसे लिखी गयी हैं। उसका परिणाम यह हुआ, कि यद्यपि मूल गीतामें एकही अर्थ सुबोध रीतिसे प्रतिपादित हुआ है तथापि गीता भिन्न भिन्न संप्रदायोंकी समर्थक समझी जाने लगी। इन सब संप्रदायोंमें शंकराचार्यका संप्रदाय अतिप्राचीन है और तत्त्व- ज्ञानकी दृष्टिसे वही हिंदुस्थानमें सबसे अधिक मान्यभी हुआ है। श्रीमदाद्य- शंकराचार्यका जन्म संवत् ८८५ (शक ७१०) में हुआ था। बत्तीसवें वर्षमें उन्होंने
विषयप्रवेश १३ गृहा-प्रवेश किया (संवत् ८४५ से ८७७) ।* श्रीशंकराचार्य बड़े भारी अलौकिक विद्वान् तथा ज्ञानी थे । उन्होंने अपनी दिव्य अलौकिक शक्तिसे उस समय चारों ओर फैले हुए जैन और बौद्धमतोंका खंडन करके अपना अद्वैत मत स्थापित किया; श्रुतिस्मृति-विहित वैदिक धर्मकी रक्षाके लिये, भरतखंडकी चारों दिशाओंमें चार मठ बनवाकर, वैदिक संन्यास-धर्म या संप्रदायको कलियुगमें पुनर्जन्म दिया, यह कथा किसीसे छिपी नहीं है । आप किसीभी धार्मिक संप्रदाय- को लीजिये, उसके दो स्वाभाविक विभाग अवश्य होंगे । पहला तत्त्वज्ञानका और दूसरा आचरणका । पहलेमें पिंड-ब्रह्मांडके विचारोंसे परमेश्वरके स्वरूपका निर्णय करके मोक्षकाभी शास्त्रीत्यानुसार निर्णय किया जाता है । दूसरेमें इस बातका विवेचन किया जाता है, कि मोक्षकी प्राप्तिके साधन या उपायकी दृष्टिसे इस संसारमें मनुष्यको किस तरह बर्ताव करना चाहिए । इनमेंसे पहली अर्थात् तात्त्विक दृष्टिसे देखनेपर शंकराचार्यका कथन यह है कि :- (१) मैं, तू अथवा मनुष्यकी आँखसे दिखनेवाला सारा जगत् अर्थात् सृष्टिके पदार्थोंकी अनेकता सत्य नहीं है। इन सबमें एकही शुद्ध और नित्य परब्रह्म भरा हुआ है और उसीकी मायासे मनुष्यकी इंद्रियोंको भिन्नताका भास हुआ करता हैं; (२) मनुष्यकी आत्माभी मूलतः परब्रह्मरूपही है; और (३) आत्मा और परब्रह्मकी एकताका पूर्ण ज्ञान अर्थात् अनुभवसिद्ध पहचान हुए बिना कोईभी मोक्ष नहीं पा सकता । इसीको 'अद्वैतवाद' कहते हैं। क्योंकि एक शुद्ध, बुद्ध, नित्य और मुक्त परब्रह्मके सिवा दूसरी कोईभी स्वतंत्र और सत्य वस्तु नहीं है; दृष्टिगोचर भिन्नता मानवी दृष्टिका भ्रम, या मायाकी उपाधिसे होनेवाला आभास है; माया कुछ सत्य या स्वतंत्र वस्तु नहीं है - वह मिथ्या है। यही उक्त सिद्धान्त का तात्पर्य है । केवल तत्त्वज्ञान- काही यदि विचार करना हो तो शांकर मतकी इससे अधिक चर्चा करनेकी आव- श्यकता नहीं है । परंतु शांकर-संप्रदाय इतनेसेही पूरा नहीं हो जाता । अद्वैत तत्त्व- ज्ञानके साथही शांकर-संप्रदायका औरभी एक सिद्धान्त है जो आचार-दृष्टिसे पहलेके समान महत्त्व का है । उसका तात्पर्य यह है, कि यद्यपि चित्तशुद्धिके द्वारा ब्रह्मात्मैक्य-ज्ञान प्राप्त करनेकी योग्यता पानेके लिये स्मृति ग्रंथोंमें कहे गये गृहस्था- श्रमके कर्म अत्यंत आवश्यक हैं, तथापि इन कर्मोंका आचरण सदैव नहीं करते रहना चाहिये; क्योंकि उन सब कर्मोंका त्याग करके अंतमें संन्यास लिये बिना मोक्ष नहीं मिल सकता । इसका कारण यह है कि कर्म और ज्ञान, अंधकार और प्रकाशके समान परस्परविरोधी हैं। इसलिये सब वासनाओं और कर्मोंके छूटे बिना ब्रह्म- ज्ञानकी पूर्णताही नहीं हो सकती । इसी दूसरे सिद्धान्तको 'निवृत्तिमार्ग' कहते * यह बात आजकल निश्चित हो चुकी है; परंतु हमारे मतसे श्रीमदाद्य- शंकराचार्यका समय इसके औरभी सौ वर्षपूर्व समझना चाहिये । इस आधारके लिये परिशिष्ट प्रकरण देखो ।
प्रकरण १-३: कर्मजिज्ञासा, कर्मयोगशास्त्र व कर्म-संन्यास
१४ गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र हैं; और सब कर्मोंका संन्यास करके ज्ञानहीमें निमग्न रहते हैं, इसलिये 'संन्यास- निष्ठा' या 'ज्ञाननिष्ठा' भी कहते हैं। गीतापर श्रीशंकराचार्यका जो भाष्य है उसमें यह प्रतिपादन किया है कि उपनिषद् और ब्रह्मसूत्रमें केवल अद्वैत ज्ञानही नहीं है, किंतु उनमें संन्यासमार्गका, अर्थात् शांकर-संप्रदायके उपर्युक्त दोनों भागोंका- भी उपदेश है (गीता शांभा. उपोद्घात और ब्रह्म. सू. शांभा. २. १. १४ ) इसके प्रमाण-स्वरूप गीताके कुछ वाक्यभी दिये गये हैं; जैसे "ज्ञानाग्निः सर्व- कर्माणि भस्मसात्कुरुते" अर्थात् ज्ञानरूपी अग्निमेंही सब कर्म जलकर भस्म हो जाते हैं (गीता ४. ३७) और "सर्वं कर्माखिलं पार्थ ज्ञाने परिसमाप्यते" - अर्थात् सब कर्मोंका अंत ज्ञानहीमें होता है (गीता ४. ३३)। सारांश यह है, कि बौद्ध धर्मकी हार होनेपर प्राचीन वैदिक धर्मके जिस विशिष्ट मार्गको श्रेष्ठ ठहराकर श्रीशंकराचार्यने स्थापित किया, उसीके अनुकूल गीताकाभी अर्थ है। गीतामे ज्ञान और कर्मके समुच्चयका प्रतिपादन नहीं किया गया है, जैसे कि पहलेके टीकाकारोंने कहा है; किंतु उसमें शांकर-संप्रदायके उसी सिद्धान्तका उपदेश भगवानने अर्जुनको दिया गया है, कि कर्म ज्ञान-प्राप्तिका गौण साधन है और सर्व- कर्म-संन्यासपूर्वक ज्ञानहीसे मोक्षकी प्राप्ति होती है - येही बातें बतलानेके लिये शांकरभाष्य लिखा गया है। श्रीशंकराचार्यके पूर्व यदि एक-आध और भी संन्यास- विषयक टीका लिखी गयी हो तो वह इस समय उपलब्ध नहीं है। इसलिये यही कहना पड़ता है कि गीताके प्रवृत्ति-विषयक स्वरूपको बदल करके उसे निवृत्ति- मार्गका सांप्रदायिक रूप शांकरभाष्यके द्वाराही मिला है। श्रीशंकराचार्यके बाद उनके संप्रदायके अनुयायी मधुसूदन आदि जो अनेक टीकाकारहो गये हैं, उन्होंने इस विषयमे मुख्यतः शंकराचार्यहीका अनुकरण किया है। इसके बाद एक और अद्भुत विचार उत्पन्न हुआ, कि अद्वैत मतके मूलभूत महावाक्योंमें से 'तत्त्वमसि' नामक जो महावाक्य छांदोग्योपनिषद्में है, उसीका विवरण गीताके अठारह अध्यायोंमें किया गया है। परंतु इस महावाक्यके क्रमको बदलकर, पहले 'त्वं' फिर 'तत्' और फिर 'असि' इन पदोंको लेकर, इस नये क्रमानुसार प्रत्येक पदके लिये गीताके आरंभमें छः छः अध्याय श्रीभगवानने निष्पक्षपात बुद्धिसे बाँट दिये हैं। कयी लोग समझते हैं, कि गीतापर जो पैशाच भाष्य है वह किसीभी संप्रदाय- का नहीं है - बिल्कुल स्वतंत्र है, और हनुमानजी (पवनसुत) कृत है। परंतु यथार्थ बात ऐसी नहीं है। भागवतके टीकाकार हनुमान पंडितनेही इस भाष्यको बनाया है और यह संन्यासमार्गका है। इसमें कुछ स्थानोंपर शांकरभाष्यकाही अर्थ शब्दशः दिया गया है। मराठीमें पहले और आजतक गीताके जो अनुवाद या निरूपण हुए हैं, वेभी प्रायः शांकरभाष्यके अनुसार हुए हैं। प्रोफेसर मेक्समूलर- की प्रकाशित 'प्राच्यधर्म-पुस्तकमाला'में स्वर्गवासी काशीनाथपंत तेलंगकृत भगवद्गीताका अंग्रेजी अनुवादभी है। इसकी प्रस्तावनामें लिखा है कि इस
विषयप्रवेश १५
अनुवादमें श्रीशंकराचार्य और शांकर-संप्रदायी टीकाकारोंका, जितना हो सका उतना, अनुकरण किया गया है। गीता और प्रस्थानत्रयीके अन्य ग्रंथोंपर जब इस भाँति सांप्रदायिक भाष्य लिखनेकी रीति प्रचलित हो गयी, तब दूसरे संप्रदायभी इस बातका अनुकरण करने लगे। मायावाद, अद्वैत और संन्यासका प्रतिपादन करनेवाले शांकरसंप्रदायके लगभग ढाई सौ वर्ष बाद, श्रीरामानुजाचार्य (जन्म संवत् १०७३) ने विशिष्टाद्वैत संप्रदाय चलाया। अपने संप्रदायको पुष्ट करनेके लिये उन्होंनेभी, शंकराचार्यहीके समान, प्रस्थानत्रयीपर (और गीतापरभी) स्वतंत्र भाष्य लिखे हैं। इस संप्रदाय का मत यह है, कि शंकराचार्यका माया-मिथ्यात्व-वाद और अद्वैत सिद्धान्त दोनों झूठे हैं। जीव, जगत् और ईश्वर ये तीन तत्त्व यद्यपि भिन्न हैं, तथापि जीव (चित्) और जगत् (अचित्) ये दोनों एकही ईश्वरके शरीर हैं। इसलिये चिदचिद्विशिष्ट ईश्वर एकही है, और ईश्वर शरीरके इस सूक्ष्म चित्-अचित्सेही फिर स्थूल चित् और स्थूल अचित् अर्थात् अनेक जीव और जगत्की उत्पत्ति हुई है। तत्त्व- ज्ञान-दृष्टिसे रामानुजाचार्यका कथन है (गीता रा. भा. २.१२, १३.२) कि इसी मतका (जिसका उल्लेख ऊपर किया गया है) उपनिषदों, ब्रह्मसूत्रों और गीतामेंभी प्रतिपादन हुआ है। अब यदि कहा जाय कि इन्हींके ग्रंथोंके कारण भागवतधर्ममें विशिष्टाद्वैत मत संमिलित हो गया है तो कुछ अतिशयोक्ति नहीं होगी; क्योंकि इनके पहले महाभारत और गीतामें भागवतधर्मका जो निरूपण पाया जाता है उसमें केवल अद्वैत मतहीका स्वीकार किया गया है। रामानुजाचार्य भागवतधर्मी थे। इसलिये यथार्थमें उनका ध्यान इस बातकी ओर जाना चाहिये था, कि गीतामें प्रवृत्ति-विषयक कर्मयोगका प्रतिपादन किया गया है। परंतु उनके समयमें मूल भागवतधर्मका कर्मयोग प्रायः लुप्त हो गया था; और उसको तत्त्वज्ञानकी दृष्टिसे विशिष्टाद्वैत स्वरूप तथा आचरणकी दृष्टिसे मुख्यतः भक्तिका स्वरूप प्राप्त हो चुका था। इन्हीं कारणोंसे रामानुजाचार्यने (गीता रा. भा. १८.१ और ३.१) यह निर्णय किया है, कि गीतामें यद्यपि ज्ञान, कर्म और भक्तिका वर्णन है तथापि तत्त्वज्ञान-दृष्टिसे विशिष्टाद्वैत और आचार-दृष्टिसे वासुदेवभक्तिही गीताका सारांश है और कर्मनिष्ठा कोई स्वतंत्र वस्तु नहीं है – वह केवल ज्ञाननिष्ठाकी उत्पादक है। शांकर-संप्रदायके अद्वैतज्ञानके बदले विशिष्टाद्वैत और संन्यासके बदले भक्तिको स्थापित करके रामानुजाचार्यने भेद तो किया, परंतु उन्होंने आचार-दृष्टिसे भक्तिहीको अंतिम कर्तव्य माना है। इससे वर्णाश्रम-विहित स्वधर्मोक्त सांसारिक कर्मोंका मरणपर्यंत किया जाना गौण हो जाता है; और यह कहा जा सकता है, कि गीताका रामानुजीय तात्पर्यभी एक प्रकारसे कर्मसंन्यासविषयकही है। कारण यह है कि कर्माचरणसे चित्तशुद्धि होनेके बाद ज्ञानकी प्राप्ति होनेपर चतुर्थाश्रमका स्वीकार करके ब्रह्मचिंतनमें निमग्न रहना, या प्रेमपूर्वक निस्सीम
१६ गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र वासुदेव-भक्तिमें तत्पर रहना, कर्मयोगकी दृष्टिसे एकही बात है। दोनों मार्ग निवृत्ति-विषयक हैं। यही आक्षेप, रामानुजके बाद प्रचलित हुए संप्रदायोंपरभी हो सकता है। मायाको मिथ्या कहनेवाले संप्रदायको झूठा मानकर वासुदेव-भक्तिकोही सच्चा मोक्ष-साधन बतलानेवाले रामानुज संप्रदायके बाद तीसरा संप्रदाय निकला। उसका मत है कि परब्रह्म और जीवको कुछ अंशोंमें एक, और कुछ अंशोंमें भिन्न मानना परस्पर-विरुद्ध और असंबद्ध बात है। इसलिए दोनोंको सदैव भिन्न मानना चाहिए; क्योंकि इन दोनोंमें पूर्ण अथवा अपूर्ण रीतिसेभी एकता नहीं हो सकती। इस तीसरे संप्रदायको 'द्वैत संप्रदाय' कहते हैं। इस संप्रदायके लोगोंका कहना है, कि इसके प्रवर्तक श्रीमध्वाचार्य (श्रीमदानंदतीर्थ) थे, जो संवत् १२५५में समाधिस्थ हुए और उस समय उनकी अवस्था ७९ वर्षकी थी। परंतु डॉक्टर भांडारकरने जो एक अंग्रेजी ग्रंथ- "वैष्णव, शैव, और अन्य पंथ" नामका हालहीमें प्रकाशित किया है उसके पृष्ठ ५६ में शिलालेख आदि प्रमाणोंसे यह सिद्ध किया गया है, कि मध्वाचार्यका समय संवत् १२५४ से १३३३ तक था। प्रस्थानत्रयी पर (अर्थात् गीतापरभी) श्रीमध्वाचार्यके जो भाष्य हैं, उनमें प्रस्थानत्रयीके सब ग्रंथोंका द्वैतमत-प्रतिपादक होनाही बतलाया गया है। गीताके अपने भाष्यमें मध्वाचार्य कहते हैं, कि यद्यपि गीतामें निष्काम कर्मके महत्त्वका वर्णन है, तथापि वह केवल साधन है, और भक्तिही अंतिम निष्ठा है। भक्तिकी सिद्धि हो जानेपर कर्म करना या न करना एकही बात है। "ध्यानात् कर्म- फलत्यागः" - परमेश्वरके ध्यान अथवा भक्तिकी अपेक्षा कर्मफलत्याग अर्थात् निष्काम कर्म करना श्रेष्ठ है इत्यादि गीताके कुछ वचन इस सिद्धान्तके विरुद्ध हैं; परंतु गीताके माध्वभाष्य (गीता मा. भा. १२.१३) में लिखा है, कि इन वचनोंको अक्षरशः सत्य न समझकर अर्थवादात्मक ही समझना चाहिये। चौथा संप्रदाय श्रीवल्लभाचार्य (जन्म संवत् १५३६) का है। रामानुजीय और माध्वसंप्रदायोंके समानही यह संप्रदाय वैष्णवपंथी है। परंतु जीव, जगत् और ईश्वरके संबंधमें. इस संप्रदायका मत, विशिष्टाद्वैत और द्वैत मतोंसे भिन्न है। यह पंथ इस मतको मानता है, कि मायारहित अर्थात् शुद्ध जीव और परब्रह्म एकही वस्तु है; दो नहीं। इसलिये इसको 'शुद्धाद्वैती' संप्रदाय कहते हैं। तथापि वह श्रीशंकराचार्यके समान इस बातको नहीं मानता, कि जीव और ब्रह्म एकही हं; और इसके सिद्धान्त कुछ ऐसे हैं- जैसे जीव अग्निकी चिनगारीके समान ईश्वरके अंश हैं; मायात्मक जगत् मिथ्या नहीं है; माया परमेश्वरकी इच्छासे उससे विभक्त हुई एक शक्ति है; मायाधीन जीवको बिना ईश्वरकी कृपाके मोक्षज्ञान नही हो सकता; इसलिये मोक्षका मुख्य साधन भगवद्भक्तिही है जिससे यह संप्रदाय शांकर-संप्रदायसेभी भिन्न हो गया है। इस मार्गवाले परमेश्वरके अनुग्रहको 'पुष्टि' और 'पोषण'भी कहते हैं, जिससे यह पंथ 'पुष्टिमार्ग'भी कहलाता है। इस संप्रदायके तत्त्वदीपिका आदि
जितने गीतासंबंधी ग्रंथ हैं, उनमें यह निर्णय किया गया है, कि भगवान्ने अर्जुन- को पहले सांख्यज्ञान और कर्मयोग बतलाया है; एवं अंतमें उसको भक्त्यमृत पिला- कर कृतकृत्य किया है। इसलिये भगवद्भक्ति और विशेषतः निवृत्ति-विषयक पुष्टिमार्गीय भक्तिही गीताका प्रधान तात्पर्य है। यही कारण है कि भगवान्ने गीतामें यह उपदेश दिया है, कि "सर्वधर्मान् परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज"- सब धर्मोंको छोड़कर केवल मेरीही शरण ले (गीता १८. ६६)। उपर्युक्त संप्रदायोके अतिरिक्त निंबार्कका चलाया हुआ एक और वैष्णव संप्रदाय है, जिसमें राधाकृष्णकी भक्ति कही गयी है। डाक्टर भांडारकरने निश्चित किया है, कि ये आचार्य रामानुजके बाद और मध्वाचार्यके पहले करीब संवत् १२१६ में हुए थे। जीव, जगत् और ईश्वरके संबंधमें निंबार्काचार्यका यह मत है, कि यद्यपि ये तीनों भिन्न हैं, तथापि जीव और जगतका व्यापार तथा अस्तित्व ईश्वरकी इच्छापर अवलंबित है स्वतंत्र नहीं है और परमेश्वरमही जीव और जगतके सूक्ष्म तत्त्व रहते हैं। इस मतको सिद्ध करनेके लिये निंबार्काचार्यने वेदान्तसूत्रोंपर एक स्वतंत्र भाष्य लिखा है। इसी संप्रदायके केशव काश्मीरिभट्टाचार्यने गीतापर 'तत्त्वप्रकाशिका' नामक टीका लिखी है; और उसमें यह बतलाया है, कि गीताका वास्तविक अर्थ इसी संप्रदायके अनुकूल है। रामानुजाचार्यके विशिष्टाद्वैत पंथसे इस संप्रदायको अलग करनेके लिये इसे 'द्वैताद्वैत' संप्रदाय कह सकेंगे। यह बात स्पष्ट है, कि ये सब भिन्न भिन्न भक्तिपर संप्रदाय शांकर-संप्रदायके मायावादको स्वीकृत न करकेही पैदा हुए हैं; क्योंकि इनकी यह समझ थी, कि आँखसे दिखनेवाली वस्तुको सच्ची माने बिना व्यक्त की उपासना अर्थात् भक्ति निराधार या कुछ अंशोंमें मिथ्याभी हो जाती है। परंतु यह कोई आवश्यक बात नहीं है, कि भक्तिकी उपपत्तिकाके लिये अद्वैत और मायावादको बिलकुल छोड़ देनाही चाहिये। क्योंकि महाराष्ट्रके और अन्य साधु-संतोंने, मायावाद और अद्वैतका स्वीकार करकेभी भक्तिका समर्थन किया है; और मालूम होता है, कि यह पंथ श्रीशंकरा- चार्यके पहलेहीसे चला आ रहा है। इस पंथमें शांकर-संप्रदायके कुछ सिद्धान्त अद्वैत, मायाका मिथ्या होना, और कर्मत्यागकी आवश्यकता ग्राह्य और मान्य हैं। परंतु इस पंथका यहभी मत है, कि ब्रह्मात्मैक्यरूप मोक्षकी प्राप्तिका सबसे सुगम साधन भक्ति है। गीतामें भगवानने पहले यही कारण बतलाया है, कि "क्लेशोऽधिकतरस्तेषामव्यक्तासक्तचेतसाम्" (गीता १२. ५) अर्थात् अव्यक्त ब्रह्ममें चित्त लगाना अधिक क्लेशमय है; और फिर अर्जुनको यही उपदेश दिया है, कि "भक्तास्तेऽतीव मे प्रियाः" (गीता १२. २०) अर्थात् मेरे भक्तही मुझको अतिशय प्रिय हैं। अतएव यह बात है कि अद्वैतपर्यवसायी भक्तिमार्गही गीताका मुख्य प्रतिपाद्य विषय है। श्रीधरस्वामीनेभी गीताकी अपनी टीका (गीता १८. ७८) में गीताका ऐसाही तात्पर्य निकाला है। मराठी भाषामें इस संप्रदायका
१८ गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र गीतासंबंधी सर्वोत्तम ग्रंथ 'ज्ञानेश्वरी' है। इसमें कहा है कि गीताके अठारह अध्या- योंमेंसे प्रथम चार अध्यायोंमें कर्म, बीचके सात अध्यायोंमें भक्ति और अंतिम सात अध्यायोंमें ज्ञानका प्रतिपादन किया गया है; और स्वयं ज्ञानेश्वरमहाराजने अपने ग्रंथके अंतमें कहा है, कि मैंने गीताकी यह टीका शंकराचार्यके भाष्यानुसार की है। परंतु ज्ञानेश्वरीको इस कारणसे बिलकुल स्वतंत्र ग्रंथही मानना चाहिये, कि इसमें गीताका मूल अर्थ बहुत बढ़ाकर अनेक सरस दृष्टान्तोंसे समझाया गया है; और इसमें विशेष करके भक्तिमार्गका तथा कुछ अंगमें निष्काम-कर्मका श्री शंकराचार्यसेभी उत्तम विवेचन किया गया है। ज्ञानेश्वरमहाराज स्वयं योगी थे, इसलिये गीताके छठवें अध्यायके जिस श्लोकमें पातंजल योगाभ्यासका विषय आया है, उसकी उन्होंने विस्तृत टीका की है। उनका कहना है, कि श्रीकृष्ण भगवानने इस अध्यायके अंत (गीता ६. ४६) में अर्जुनको यह उपदेश करके कि "तस्माद्योगी भवार्जुन" - इसलिये हे अर्जुन ! तू योगी हो अर्थात् योगाभ्यासमें प्रवीण हो - अपना यह अभिप्राय प्रकट किया है, कि सब मोक्षपंथोंमें पातंजल योग- ही सर्वोत्तम है; और इसलिये आपने उसे 'पंथराज' कहा है। सारांश यह है, कि भिन्न भिन्न सांप्रदायिक भाष्यकारोंने तथा टीकाकारोंने गीताका अर्थ अपने मतोंके अनुकूलही निश्चितकर लिया है। प्रत्येक संप्रदायका यही कथन है, कि गीताका प्रवृत्तिविषयक कर्ममार्ग अप्रधान (गौण) है अर्थात् केवल ज्ञानका साधन है। गीता- में वही तत्त्वज्ञान पाया जाता है, जो उनके संप्रदायमें स्वीकृत हुआ है। उनके संप्रदायमें मोक्षकी दृष्टिसे जो आचार अंतिम कर्तव्य माने गये हैं, उन्हींका वर्णन गीतामें किया गया है - अर्थात् मायावादात्मक अद्वैत और कर्मसंन्यास, मायासत्यत्व- प्रतिपादक विशिष्टाद्वैत और वासुदेव-भक्ति, द्वैत आणि विष्णुभक्ति, शुद्धाद्वैत और भक्ति, शांकराद्वैत और भक्ति, पातंजल योग आणि भक्ति, केवल भक्ति, केवल योग या केवल ब्रह्मज्ञान (अनेक प्रकारके निवृत्तिविषयक मोक्षमार्ग) ही गीताके प्रधान तथा प्रतिपाद्य विषय है। * भगवद्गीतामें कर्मयोग प्रधान माना गया है, इस प्रकार कोईभी नहीं कहता। हमाराही नहीं किंतु प्रसिद्ध महाराष्ट्र-कवि वामन पंडितकाभी मत ऐसाही है। गीतापर आपने 'यथार्थदीपिका' नामक विस्तृत मराठी टीका लिखी है। उसके उपोद्घातमें वे पहले लिखते हैं :- " हे भगवन् ! इस कलियुगमें जिसके मतमें जैसा जँचता है, उसी प्रकार हरएक आदमी गीताका अर्थ लिख देता है" और फिर शिकायतके तौरपर लिखते हैं :-
- भिन्न भिन्न सांप्रदायिक आचार्योंके गीताके भाष्य और मुख्य मुख्य पंद्रह टीकाग्रंथ बंबईके गुजराती प्रिंटिंग प्रेसके मालिकने, हालहीमें एकत्र प्रकाशित किये हैं। भिन्न भिन्न टीकाकारोंके अभिप्रायको एकस्थ जाननेके लिये यह ग्रंथ बहुत उपयोगी है।
विषयप्रवेश १९ " हे परमात्मन् ! सब लोगोंने किसी-न-किसी बहानेसे गीताका मनमाना अर्थ किया है, परंतु इन लोगोंका मनमाना अर्थ मुझे पसंद नहीं। भगवन् ! मैं क्या करूं ?" अनेक सांप्रदायिक टीकाकारोंके मतोंकी इस भिन्नताको देखकर कुछ लोग कहते हैं, कि जब कि ये सब मोक्ष-संप्रदाय परस्परविरोधी हैं; और जब कि इस बातका निश्चय नहीं किया जा सकता, कि इनमेंसे कोई एकही संप्रदाय गीतामें प्रतिपादित किया गया है, तब तो यही मानना उचित है, कि इन सब मोक्ष- साधनोंका - विशेषतः कर्म, भक्ति और ज्ञानका-वर्णन स्वतंत्र रीतिसे संक्षेपमें और पृथक् पृथक् करके भगवान्ने गीतामें अर्जुनका समाधान किया है। कुछ लोग कहते हैं, कि मोक्षके अनेक उपायोंका यह सब वर्णन पृथक् पृथक् नहीं है; किंतु इन सबकी एकताही गीतामें सिद्ध की गयी है। और, अंतमें, कुछ लोग तो यहभी कहते हैं, कि गीतामें प्रतिपादित ब्रह्मविद्या ऊपर ऊपरपर देखनेसे यद्यपि सुलभ मालूम होती है, तथापि उसका वास्तविक मर्म अत्यंत गूढ है, जो बिना गुरुके किसीकीभी समझ- में नहीं आ सकता (गीता ४. ३४) गीतापर भलेही अनेक टीकाएँ हो जायें, परंतु उसका गूढार्थ जाननेके लिये गुरुदीक्षाके सिवा और कोई उपाय नहीं है। अब यह बात स्पष्ट है, कि गीताके अनेक प्रकारके तात्पर्य कहे गये हैं। पहले तो स्वयं महाभारतकारने भागवत-धर्मानुसार अर्थात् प्रवृत्तिविषयक तात्पर्य बतलाया है। इसके बाद अनेक पंडित, आचार्य, कवि, योगी और भक्तजनोंने अपने अपने संप्रदायोंके अनुसार शुद्ध निवृत्तिविषयक तात्पर्य बतलाया है। इन भिन्न भिन्न तात्पयोंको देखकर कोईभी मनुष्य घबड़ाकर सहजही यह प्रश्न कर सकता है ! - क्या, ऐसे परस्पर-विरोधी अनेक तात्पर्य एकही गीताग्रंथसे निकल सकते हैं ? और, यदि निकल सकते हैं, तो इस भिन्नताका हेतु क्या है ? इसमें संदेह नहीं, कि भिन्न भिन्न भाष्योंके आचार्य बड़े विद्वान्, धार्मिक और सुशील थे। यदि कहा जाय, कि शंकराचार्यके समान महातत्त्वज्ञानी आजतक संसारमें कोईभी नहीं हुआ है, तोभी अतिशयोक्ति न होगी। तब फिर इनमें और इनके बादके आचार्योंमें इतना मतभेद क्यों हुआ ? गीता कोई इंद्रजाल नहीं है, कि जिससे मनमाना अर्थ निकाल लिया जावे । उपर्युक्त संप्रदायके जन्मके पहलेही गीता बन चुकी थी और भगवान्ने अर्जुनको गीताका उपदेश इसलिये दिया था कि उसका भ्रम दूर हो; कुछ इसलिये नहीं कि उसका भ्रम औरभी बढ़ जाय । गीतामें एक- ही विशेष और निश्चित अर्थका उपदेश किया गया है (गीता ५. १, २) और अर्जुनपर उस उपदेशका अपेक्षित परिणामभी हुआ है। इतना सब कुछ होनेपरभी गीताके तात्पर्यार्थके विषयमें इतनी गड़बड़ क्यों हो रही है ? यह प्रश्न कठिन है सही; परंतु इसका उत्तर उतना कठिन नहीं है, जितना पहले पहल मालूम पड़ता है। उदाहरणार्थ, एक मीठे और सुरस पक्वान्न (मिठाई) को देखकर अपनी अपनी रुचिके अनुसार किसीने उसे गेहूँका, किसीने घीका और किसीने शक्करका
२० गीतारहस्य अथवा कर्मयोगशास्त्र बना हुआ बतलाया, तो हम उनमेंसे किसको झूठ समझें ? अपने अपने मता- नुसार तीनोंका कहना ठीक है। इतना होनेपरभी इस प्रश्नका निर्णय नहीं हुआ कि वह पक्वान्न ( मिठाई ) बना किस चीजसे है। गेहूँ, घी और शक्करसे अनेक प्रकारके पक्वान्न ( मिठाई ) बन सकते हैं। परंतु प्रस्तुत पक्वान्नका निश्चय केवल इतना कहनेसेही नहीं हो सकता कि वह गोधूमप्रधान, घृतप्रधान, या शर्कराप्रधान है। समुद्र-मंथनके समय किसीको अमृत, किसीको विष, किसीको लक्ष्मी, ऐरावत, कौस्तुभ, पारिजात आदि भिन्न भिन्न पदार्थ मिले; परंतु इतनेहीसे समुद्रके यथार्थ स्वरूपका कुछ निर्णय नहीं हो गया । ठीक इसी तरह सांप्रदायिक रीतिसे गीतासागरको मथने- वाले टीकाकारोंकी अवस्था हो गई है। दूसरा उदाहरण लीजिये । कंसवधके समय भगवान् श्रीकृष्ण जब रंग-मंडपमें आये तब वे प्रेक्षकोंको भिन्न भिन्न स्वरूपके - जैसे योद्धाको वज्र-सदृश, स्त्रियोंको कामदेव-सदृश, माता-पिताको पुत्र-सदृश - दिखने लगे थे । (भाग. १०, पू. ४३. १७) । इसी तरह गीताके एक होनेपरभी वह भिन्न भिन्न संप्रदायवालोंको भिन्न भिन्न स्वरूपोंमें दिखने लगे है। आप किसीभी संप्रदायको लें; यह बात स्पष्ट मालूम हो जायगी, कि उसको सामान्यतः प्रमाणभूत धर्मग्रंथोंका अनुसरणही करना पड़ता है; क्योंकि ऐसा न करनेसे वह संप्रदाय सब लोगोंकी दृष्टिमें सर्वथा अप्रमाणित एवम् अमान्य हो जायगा ! इसलिये वैदिक धर्ममें अनेक संप्रदायोंके होनेपरभी कुछ विशेष बातोंको छोड़कर - जैसे ईश्वर, जीव और जगतका परस्पर संबंध - शेष सब बातें सब संप्रदायोंमें प्रायः एकही-सी होती हैं। इसका परिणाम यह देख पड़ता है, कि हमारे धर्मके प्रमाणभूत ग्रंथोंपर जो सांप्र- दायिक भाष्य या टीकाएँ हैं, उनमें मूलग्रंथोंके फी - सदी नब्बेसेभी अधिक वचनों या श्लोकोंका भावार्थ, एकही-सा है। जो कुछ भेद है, वह शेष वचनों या श्लोकोंके विषयहीमें है। यदि इन वचनोंका सरल अर्थ लिया जाय तो वह सभी संप्रदायोंके लिये समान अनुकूल नहीं हो सकता । इसलिये भिन्न भिन्न सांप्रदायिक टीकाकार इन वचनोंमेंसे जो अपने संप्रदायके लिये अनुकूल हों, उन्हींको प्रधान मानकर और अन्य सब वचनोंको गौण समझकर, अथवा प्रतिकूल वचनोंके अर्थको किसी युक्तिसे बदलकर, या सुबोध तथा सरल वचनोंमेंसे अपने अनुकूल श्लेषार्थ या अनुमान निकालकर, यह प्रतिपादन किया करते हैं, कि हमाराही संप्रदाय उक्त प्रमाणोंसे सिद्ध होता है। उदाहरणार्थ, गीता २. १२ और १६; ३. १९; ६. ३; और १८. २ श्लोकोंपर हमारी टीका देखो। परंतु यह बात सहजही किसीकीभी समझमें आ सकती है, कि उक्त सांप्रदायिक रीतिसे ग्रंथका तात्पर्य निश्चित करना; और इस बातका अभिमान न करके, कि गीतामें अपनाही संप्रदाय प्रतिपादित हुआ है; अथवा अन्य किसीभी प्रकारका अभिमान न करके समग्र ग्रंथकी स्वतंत्र रीतिसे परीक्षा करना; और उस परीक्षाहीके आधारपर ग्रंथका मथितार्थ निश्चित करना, ये दोनों बातें स्वभावतः अत्यंत भिन्न हैं।