योगवाशिष्ठ महारामायण
Yog Vashishta Maha Ramayan
महर्षि वाल्मीकि द्वारा
स्रोत: योगवाशिष्ठ महारामायण (हिन्दी भाषा टीका) · Archive.org (उद्गम)
३०२ ❊ योगवाशिष्ठ ❊
सुख-दुःख देखने भरके होते हैं, उसे स्पर्श नहीं करते । उसमें केवल मत्त समान पद का निश्चय होता है और उसको कोई सङ्ग स्पर्श ना करता । जैसे आकाश को धूल लेप नहीं होता, वैसे ही आत्मा व गुणों का सम्बन्ध नहीं होता । जो पुरुष ऐसा जानता है, उसको ज्ञानी कहते हैं ।
जब जीव निःस्पन्द होता है, तब आत्मा होता है और जब उस वासना का स्पन्दन होता है, तब वह संसारी होता है । जब चित्त जगता है, तब अनेक सृष्टि भासित होती है, और जब चित्त स्फुरण रहित होता है, तब संसार का अत्यन्ताभाव होता है और प्रध्वंसाभाव भी नहीं भासित होता है । तब संसार भी केवल आत्मरूप हो जाता है इससे हे राजन् ! वासना को त्यागकर चित्त को स्थित करो । वासना ही मल है । जब वासना का त्याग होगा, तब केवल आकाश की तरह अपने को स्वच्छ जानोगे ! आत्मा वाणी का विषय नहीं वह केवल आत्मत्वमात्र, अपने रूप में स्थित और सर्वदा उदयरूप है । विश्व भी आत्मा का चमत्कार है; कुछ भिन्न वस्तु नहीं । द्रष्टा, दर्शन, दृश्य की त्रिपुटी अज्ञान से भासित होती है; आत्मा सर्वदा एकरूप और त्रिपुटी से रहित है । चित्त के स्फुरण से आत्मा ही त्रिपुटी रूप होकर स्थित हुआ है, इससे चित्त को स्थिर कर देखो कि आत्मा में भिन्न कुछ वस्तु नहीं । वासना के स्फुरण में संसार है, जब वह मिटती है, तब संसार भी मिट जाता है । उस वासना के स्फुरण की निवृत्ति लिए सात भूमिका कहता हूँ ।
जब प्रथम जिज्ञासु होता है, तब चाहता है कि संतजनों का संग कर ब्रह्मविद्या-शास्त्र को देखे और सुने—यह प्रथम भूमिका है । भूमि चित्त के ठहरने के स्थान को कहते हैं । फिर जब सत्संग और शास्त्र में बुद्धि बढ़ी, तब सन्तों और शास्त्रों के कहने को विचारना कि मैं कौन हूँ और संसार क्या है—यह दूसरी भूमिका है । उसके उपरान्त यह विचार- ना कि मैं आत्मा हूँ; संसार मिथ्या है और मुझमें कोई संसार नहीं बारम्बार ऐसी भावना करना तीसरी भूमिका है । जब आत्मभावना
- निर्वाण प्रकरण * ३०३
दृढ़ता से आत्मा का साक्षात्कार होता है, तब सम्पूर्ण वासनाएँ मिट जाती हैं और जब स्वरूप मे नीचे के स्तर पर उतरकर देखता है, तब संसार भासित होता है, परन्तु उसे वह स्वप्न की नाईं जानता है—इसमें वासना नहीं उठती । ऐसा अवलोकन चौथी भूमिका है । जब अवलोकन होता है, तब आनन्द प्रकट होता है । ऐसे महाआनन्द का प्रकट होना और जब आनन्द प्रकट हो तब उसमें स्थिर होना पञ्चम भूमिका है । तुरीयापद छठी भूमिका है । चित्त की दृढ़ता का नाम तुरीयावस्था है । जब तुरीयातीतपद को प्राप्त होता है, तब परम निर्वाण होता है—उसको सप्तम भूमिका कहते हैं । उस परम निर्वाणपद की जीवन्मुक्त को गति नहीं, क्योंकि तुरीयातीतपद को वाणी मे बता नहीं सकते ।
प्रथम तीन भूमिका जो कही हैं, वे जाग्रत् अवस्था हैं । उनमें मनुष्य श्रवण, मनन और निदिध्यासन करता है और संसार की सत्ता भी दूर नहीं होती । चतुर्थ भूमिका स्वप्नवत् है । उसमें संसार की सत्ता नहीं होती । पञ्चम भूमिका सुषुप्ति अवस्था है; क्योंकि उसमें जीव आनन्दघन में स्थित होता है । छठी भूमिका तुरीयपद है, जो जाग्रत्-स्वप्न और सुषुप्ति, तीनों का साक्षी है । उसमें केवल ब्रह्म ही प्रकाश पाता है और चित्त निर्वाणपद में लय हो जाता है । तुरीयपद में जीवन्मुक्त लोग बिचरते हैं । सप्तम भूमिका तुरीयातीतपद है; वही परम-निर्वाणपद है । तुरीयावस्था में ब्रह्माकारवृत्ति रहती है । जब ब्रह्मा-कारवृत्ति भी लीन हो जाती है, जहाँ वाणी की गति नहीं, वहाँ चित्त नष्ट हो जाता है; तब वह केवल आत्मतत्त्वमात्र रह जाता है । उसमें अहंभाव नहीं होता । शान्त और परमनिर्वाण तेरा स्वरूप है और सब विश्व भी वही रूप है, कुछ भिन्न नहीं जैसे सुवर्ण ही भूषण है और सुवर्ण में भूषण कल्पित है । भूषण भी परिणाम मे होता है, पर आत्मा सदा अच्युतरूप है और कभी परिणाम को नहीं प्राप्त होता । वह केवल एक रस है । उसने चित्त के स्फुरण मे विश्व की कल्पना की है, इससे विकारसंयुक्त भासित होता है । हे राजन ! ऐसा आत्मा तुम्हारा
३०४ ❁ योगवाशिष्ठ ❁
स्वरूप है। उसमें स्थित होकर अपने प्रकृत आचार में निरहंकार होकर विचर। बल्कि अहंकार के त्याग का अभिमान भी त्यागकर केवल आत्मरूप हो रहो।
इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे परमानिर्वाणवर्णनं नामाष्टनवतितमसर्गः ॥ ९८ ॥
मनु बोले, हे राजन् ! आदि-मध्य-अन्त में रहित अनाभास सर्व-चिदाकाश सत्ता ज्यों की त्यों स्थित है और आगे भी वही स्थित रहेगी। इसमें न ऊर्ध्व है, न अधः है, न तम है, न प्रकाश है और न कुछ उससे भिन्न है। वह सबकी सत्ता है, जो चिन्मात्र परम सार है। उसने आप ही संकल्प से चेतना की, तब जगत् हुआ। हे राजन् ! यह विश्व आत्मा से भिन्न नहीं है। जैसे जल में तरङ्ग, मिर्च में तीक्ष्णता, शक्कर में मधुरता, अग्नि में उष्णता, बर्फ में शीतलता, सूर्य में प्रकाश, आकाश में शून्यता और वायु में स्पन्दन है, वैसे ही आत्मा में जो विश्व है, वह आत्मस्वरूप ही है, आत्मा से भिन्न नहीं। हे राजन् ! जो सब आत्मस्वरूप ही है, तो शोक और मोह किसका करता है ? जैसे काष्ठ की पुतली यन्त्र के तागे से अनिच्छित चेष्टा करती है, वैसे ही नीतिरूप तागे से, अभिमान से रहित होकर, तू भी विचर और यह निश्चय रख कि न मैं कुछ करता हूँ, न कराता हूँ। किसी में रागद्वेष न कर। जैसे शिला पर जो मूर्ति लिखी होती है उसको न किसी का राग है और न द्वेष है, वैसे ही तू भी विचर। आत्मा से भिन्न कुछ न देख पड़े, ऐसा निरहंकार हो। चाहे व्यवहारी गृहस्थ हो चाहे संन्यासी, चाहे देहधारी हो चाहे देहत्यागी, चाहे विक्षेपी हो चाहे ध्यानी, तुझे कोई दुःख न होगा, तू ज्यों का त्यों ही रहेगा। वासना का होना ही संसार है और वासना से रहित होना मोक्ष है। जब वासना उठती है, तब संसारी होता है और जब वासना मिट जाती है, तब केवल आकाशरूप भासित होता है।
हे राजन् ! यह सब जगत् आत्मरूप है और आत्मा ही अपने आपमें स्थित है। जब सब आत्मा ही है, तब शोक और मोह किसका
⚛ निर्वाण प्रकरण ⚛ ३०५
कीजिये। हे राजन्! आत्मा सर्वदा एकरस है और विश्व आत्मा का चमत्कार है। जन्म-मरण आदि नाना विकार आत्मा के अज्ञान में प्रतीत होते हैं। जब आत्मा का ज्ञान होगा, तब आत्मरूप ही एकरस भासित होगा और विषमता कुछ न रहेगी। संवेदन में आकार दीखते हैं। अहंकार और वासना के सम्बन्ध को संवेदन कहते हैं। अहंकार और चित्त, दोनों पर्यायवाची हैं। हे राजन्! इसका अहंकार के साथ होना ही दुःखदायी है। केवल चिन्मात्र में अहंभाव मिथ्या है। जब तक संवेदन दृश्य की ओर उठता है, तब तक दृश्य का अन्त नहीं आता और नाना प्रकार के विकार भासित होते हैं। पर जब संवेदन आत्मा अधिष्ठान की ओर आता है, तब आत्मा शुद्ध अपना रूप होकर भासित होता है।
संवेदन भी आत्मा का कल्पित आभास है। आभास के आश्रय में विश्व कल्पित हुआ है। फुरने में भी और न फुरने में भी आत्मा ज्यों का त्यों है। परन्तु फुरने में विषमता भासित होती है, और न फुरने में ज्यों की त्यों आत्मा भासित होता है। जैसे रश्मी के अज्ञान में सर्प दीखता है, जब रश्मी का ज्ञान होता है, तब सर्प की सत्यता जाती रहती है और रश्मी ज्यों की त्यों जान पड़ती है, पर सर्प जान पड़ने के काल में भी रश्मी ज्यों की त्यों ही थी, उसमें कुछ नहीं हुआ था—जानने न जानने में एक समान ही थी, वैसे ही आत्मा स्फुरण के समय में जगतरूप में दीखता है और स्फुरण के निवृत्त होने पर आत्मा ही भासित होता है, पर आत्मा दोनों कालों में एक समान है। जैसे सूर्य की किरणें सूर्य से भिन्न नहीं और अग्नि में उष्णता भिन्न नहीं, वैसे ही आत्मा में विश्व भिन्न नहीं—आत्मस्वरूप ही है।
हे राजन्! अहंकार को त्याग करके अपने सत्ता-महान स्वरूप में स्थित हो, तब तेरे सब दुःख निवृत्त हो जावेंगे। एक कवच तुझको बनाता हूँ, उसको धारण करके विचर तो तुझ पर अनेक शस्त्रों की वर्षा होने पर भी तुझे दुःख न होगा। तू जो कुछ देखता-सुनता है, उसे सब ब्रह्म जान और बारम्बार यही भावना कर कि ब्रह्म से भिन्न कुछ नहीं।
३०६ ❇ योगवासिष्ठ ❇
जब ऐसी भावना दृढ़ करेगा, तब कोई शस्त्र तुझे काट न सकेगा। यह ब्रह्मभावना ही कवच है। जब इसको तू धारण करेगा, तब सुखी होगा।
इतना कह वाल्मीकिजी बोले कि जब वशिष्ठजी ने रामजी को मनु और इक्ष्वाकु का संवाद सुनाया, तब सायंकाल में सूर्य अस्त हुआ और सारी सभा और वशिष्ठजी भी स्नान को उठे। फिर सूर्य की किरणों के निकलते ही सब आ पहुँचे।
इति श्रीयोगवासिष्ठे निर्वाणप्रकरणे मोक्षरूपवर्णनं नाम नवनवतितमसर्गः ॥ ६६ ॥
मनु बोले, हे राजन! जिसका कारण ही मिथ्या है, उसका कार्य कैसे सत हो? यह आभास जो संवेदन है, वही विश्व का कारण है। जब आभास ही मिथ्या है, तब विश्व कैसे सत्य हो और जब विश्व ही असत है, तब भय और शोक किसका करना है? हे राजन! न कोई जन्मता है, न मरता है, न सुख है, न दुःख है, आत्मा ज्यों का त्यों स्थित है। उर्मा में संवेदन ने विश्व की कल्पना की है। इसमें संवेदन का त्याग कर कि 'न मैं हूँ, न यह है'। जब तुझे ऐसा दृढ़ निश्चय होगा, तब आत्मा ही शेष रहेगा और अहंकार निवृत्त हो जावेगा; क्योंकि आत्मा के अज्ञान में वह होता और आत्मज्ञान से ही नष्ट हो जाता है। हे राजन! जो वस्तु भ्रम सिद्ध हो और सत दिखे, उसको प्रथम विचारिये। जो विचार किये से रहे तो उसे सत्य और आत्मा जानिये; और जो विचार किये में नष्ट हो जावे तो उसको अनात्मा तथा मिथ्या जानिये। जैसे हीरा श्वेत होता है और बर्फ का कण भी श्वेत होता है, एक समान दोनों भासित होते हैं, पर उनकी परीक्षा के लिये सूर्य के सम्मुख दोनों को रखिये तो जो धूप में गल जाय उसे झूठा जानिये और जो ज्यों का त्यों रहे उसको सत जानिये, वैसे ही विचाररूपी सूर्य के सम्मुख करिये तो अहंकार बर्फ की नाईं नष्ट हो जाता है, क्योंकि जो अहंकार अनात्म अभिमान में होता है, वह तुच्छ है—सर्वव्यापी नहीं।
जीव इन्द्रियों की क्रिया जो अपने में मानता है और परमधर्म की
❊ निर्वाण प्रकरण ❊ ३०७
अपने में कल्पना करता है, वह भी तुच्छ है। वह अपने को आत्मा से भिन्न जानता है और पदार्थों को अपने से भिन्न जानता है, इस कारण विचार करने पर वरफ के हीरे की नाईं मिथ्या हो जाता है, अतः अविचार में सिद्ध है, विचार करने में नष्ट हो जाता है। पर आत्मा सब का साक्षी ज्यों का त्यों रहता है। वह अहंकार और इन्द्रियों का भी साक्षी और सर्वव्यापी है। हे राजन्! जो सत् वस्तु है, उसकी भावना कर और सम्यक्दर्शी बन। सम्यक्दर्शी को कोई दुःख नहीं होता। जैसे मार्ग में पड़ी रस्सी को रस्सी जानिये तो कोई भय नहीं और सर्प जानिये तो भय होता है। इससे सम्यक्दर्शी हो—असम्यक्दर्शी मत बन। हे राजन्! जो कुछ दृश्य पदार्थ हैं, वे सुखदायी नहीं, दुःखदायी ही हैं। जबतक इनका संयोग है, तबतक सुख जान पड़ता है, पर जब उनका वियोग होता है तब दुःख मिलता है। इससे तू उदासीन हो; किसी दृश्य पदार्थ को सुखदायी न जान और दुःखदायी भी न जान। सुख और दुःख दोनों मिथ्या हैं। इनमें आस्था मत कर अहंकार से रहित जो तेरा स्वरूप है, उसमें स्थित हो। जब अहंकार नष्ट होगा, तब अपने को जन्म-मरण विकारों से रहित आत्मा जानेगा कि मैं निरहंकार ब्रह्म चिन्मात्र हूँ। ऐसे अहंभाव से रहित होने पर अपना होना भी न रहेगा; केवल चिन्मात्र, आनन्द और राग-द्वेष के क्षोभ से रहित शान्त रूप होगा। जब अपने का ऐसा जाना, तब सोच किसका करेगा?
हे राजन्! इस दृश्य का त्यागकर अपने स्वरूप में स्थित हो और इस मेरे उपदेश को विचार कि मैं सत्य कहता हूँ, अथवा असत्य। जो विचार में संसार सत्य हो संसार की भावना कर और जो आत्मा सत्य हो तो आत्मा की भावना कर। हे राजन्! सम्यक्दर्शी होकर सत् को सत् और असत् को असत् जान। जो असम्यक्दर्शी हैं, वे सत्य को असत्य और असत्य को सत्य मानते हैं। यथार्थ न जानने से असत वस्तु स्थिर नहीं रहती, परन्तु अज्ञानी दुःख पाता है। जैसे कोई पुरुष एक कुटी रचकर सोचने लगे कि मैंने आकाश की रक्षा की है और फिर जब कुटी नष्ट हो तब शोक करे कि आकाश नष्ट हो गया, क्योंकि
३०८
❇ योगवाशिष्ठ ❇
वह आकाश को कुटी के आश्रय जानता था, वैसे ही अज्ञानी पुरुष आत्मा को देह के आश्रय जानकर देह के नष्ट होने पर आत्मा का नाश मानता और दुःखी होता है। जैसे सुवर्ण में भूषण कल्पित हैं, भूषणों के नष्ट होने पर मूर्ख सुवर्ण को नष्ट मानता है; वैसे ही देह के नष्ट होने पर अज्ञानी अपने को नष्ट जानता है। पर जिसको सुवर्ण का ज्ञान है, वह भूषणों के रहते भी सुवर्ण को देखता है और भूषण संज्ञा कल्पित जानता है। अतः ज्ञानवान् आत्मा को अविनाशी और देह तथा इन्द्रियों को असत् जानता है।
हे राजन् ! तू देह और इन्द्रियों के अभिमान से रहित हो। जब अभिमान से रहित इन्द्रियों की चेष्टा करेगा, तब शुभ अशुभ कर्म तुझे बाँध न सकेंगे; और जो अभिमान सहित कर्म करेगा तो शुभ अशुभ फल को भोगेगा। हे राजन् ! जो मूर्ख अज्ञानी हैं, वे ऐसे कर्मों का आरम्भ करते हैं, जिनका कल्पपर्यन्त नाश न हो। वे देह-इन्द्रियों के अभिमान का प्रतिबिम्ब आपमें मानते हैं कि मैं करता हूँ, मैं भोगता हूँ; इससे अनेक जन्म पाते हैं, क्योंकि उनके कर्मों का नाश कभी नहीं होता और जो तत्त्ववेत्ता ज्ञानवान् पुरुष हैं, वे अपने को देह और इन्द्रियों के गुणों से रहित जानते हैं और उनके संचित और क्रियमाण कर्म नष्ट हो जाते हैं। संचित कर्म वृक्ष की तरह हैं और क्रियमाण फूल-फल की तरह। जैसे रुई को लपेटकर अग्नि लगाने में वृक्ष, फूल, फल सब तृणवत् जलते हैं, वैसे ही ज्ञानरूपी अग्नि में संचित और क्रियमाण कर्म जल जाते हैं।
इससे हे राजन् ! जो कुछ चेष्टा तू वासना से रहित होकर करेगा, उसमें कोई बन्धन नहीं। जैसे बालक के अङ्ग स्वाभाविक ही भली-बुरी प्रकार हिलते हैं, उसके हृदय में अभिमान नहीं उठता, इससे उसको बन्धन नहीं; वैसे ही तू भी इच्छा से रहित होकर चेष्टा कर तो तुझे कोई बन्धन न होगा। यद्यपि सब चेष्टा तुझमें तब भी दिखेंगी तो भी वासना से रहित होगा, फिर जन्म न पावेगा। जैसे भुना बीज देखने भर को होता है और उगता नहीं, वैसे ही तुझमें सब क्रिया
☸ निर्वाण प्रकरण ☸ ३०६
देख पड़ेंगी, परन्तु जन्म का कारण न होंगी, अर्थात् पुण्यक्रिया का फल सुख न भोगेगा और पापक्रिया मे दुःख न पावेगा, किन्तु पाप-पुण्य का स्पर्श न होगा। जैसे जल में कमल स्थित होता है और उसको जल स्पर्श नहीं करता, वैसे ही पाप-पुण्य का स्पर्श तुझको न होगा। इस-लिए अहं अभिलाषा से रहित होकर जो कुछ अपना प्राकृतिक आचार है, सो कर। हे राजन् ! जैसे आकाश में जल से पूर्ण मेघ दिखते हैं, परन्तु आकाश को लिप्त नहीं करते, वैसे ही तुझको कोई कर्म बन्धन न करेगा। जैसे विष के न जाननेवाले को विष नहीं मार सकता, वैसे ही ज्ञानी को कर्म नहीं बाँध सकता।
ज्ञानवान् कर्म करके भी अपने को अकर्ता जानता है, पर अज्ञानी न करने में भी अभिमान से कर्ता होता है। जो देह और इन्द्रियों में कर्ता है और उसके अभिमान से रहित है, वह अकर्ता है। जो पुरुष इन्द्रियों का संयम करता है, पर मन में विषय के भोग की तृष्णा रखता है, जिसका अन्तःकरण राग-द्वेष से मूढ़ है और बड़े-बड़े कर्मों को करता और दुःखी होता है, वह मिथ्याचारी है। जो पुरुष हृदय में राग-द्वेष से रहित है, पर कर्म इन्द्रियों से चेष्टा करता है, वह विशेष ज्ञानी है, अपनी जान कुछ नहीं करता। वह मोक्ष पाता है। हे राजन् ! अज्ञानरूप वासना से रहित होकर विचर। जो ऐसे होकर विचरेगा सो अपने को ज्यों का त्यों आत्मा जानेगा। अपने को सदा उदयरूप, सबका प्रकाशक जानेगा और जन्म-मरण-बन्धन मुक्ति-विकार से रहित ज्यों का त्यों आत्मा भासित होगा।
हे राजन् ! उस पद को पाकर तू शांति पावेगा। अन्य सब कला विशेष अभ्यास बिना नष्ट होती हैं। जैसे रस बिना वृक्ष चाहे फैलने-वाला हो तो भी उगता नहीं। ज्ञानकला अभ्यास के बिना नहीं उपजती और उपजकर फिर नष्ट नहीं होती। जैसे धान बोते हैं तो वे दिन-प्रतिदिन बढ़ने लगते हैं, वैसे ही ज्ञानकला दिन-प्रतिदिन बढ़ती है। हे राजन् ! ज्ञान उपजने से जीव ऐसे जानता है कि मैं न मरता हूँ, न जन्मता हूँ; निरहंकार, निष्किंचनरूप, सबका प्रकाशक, अजर
३१० ✺ योगवाशिष्ठ ✺
और अमर हूँ। हे राजन! ऐसी ज्ञानकला पाकर जीव मोह को नहीं प्राप्त होता। जैसे दूध मे दही बनकर वह फिर दूध नहीं होता और जैसे दूध को मथकर घृत निकालो तो फिर घृत नहीं मिलता, वैसे ही जिसकी ज्ञानकला उदय हुई है, उसे फिर मोह नहीं स्पर्श करता। हे राजन! अपने स्वरूप में स्थित होकर और को त्याग करने का नाम पुरुषप्रयत्न है। जिस पुरुष को आत्मा की भावना हुई है, वह संसार-समुद्र से पार हुआ है। पर जिसको संसार की भावना है, वह संसारी जरा और मृत्यु के दुख पाता है।
इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे परमार्थोपदेशो नाम शततमसर्गः ॥ १०० ॥
मनु बोले, हे राजन! बड़ा आश्चर्य है कि शुद्ध चिन्मात्र आत्मा में माया से नाना प्रकार के देह, इन्द्रियाँ और दृश्य भासित हुए हैं। हे राजन! दृश्य का कारण अज्ञान है। जिस आत्मा के मोहावरण अज्ञान में दृश्यरूप भासित होता है, उसी के ज्ञान से वह अज्ञान लीन हो जाता है। इस कारण इस संवेदन को त्यागकर आत्मा की भावना कर। यह में हूँ, ये मेरे हैं, ये संकल्प मिथ्या ही उठते हैं। हे राजन! प्रथम कारणरूप में एक जीव उपजा, फिर उस आदि-जीव से अनेक जीवगण हुए। जैसे अग्नि से चिनगारी निकलती है, वैसे ही उससे अनेक रूप धरे हैं। कोई गन्धर्व, कोई विद्याधर, कोई मनुष्य, कोई राक्षस इत्यादिक हुए हैं। फिर जैसे संकल्प होते गये हैं, वैसे ही रूप होते गये। वास्तव में जैसे जल में तरङ्ग स्वरूप के प्रमाद से अनेक भाव को प्राप्त होते हैं, वैसे ही अपने संकल्प अपने ही को बन्धन होते गये हैं। इससे संकल्प नानात्व की कल्पना मिथ्या है। हे राजन! इस भावना को त्यागकर आत्मपद को प्राप्त हो। आत्मा अनन्त है। यह विश्व भान और प्रकार का होता है। जैसे समुद्र सम है, पर उसमें जो कई आवर्त-तरङ्ग और बुलबुले उठते हैं, सो जल से भिन्न नहीं, वैसे ही आत्मा में अनेक प्रकार का विश्व जो दिखता है सो आत्मा से भिन्न नहीं, आत्म-स्वरूप ही है। इससे आत्मा की भावना कर। कहीं ब्रह्म सत् संकल्प
❇ निर्वाण प्रकरण ❇ ३११
होकर स्फुरित होता है तो जानता है कि मैं ब्रह्म, शुद्धरूप और सदा मुक्तरूप हूँ और इस संसारसमुद्र से पार हो गया हूँ। जहाँ चेतनाशक्ति है, वहाँ अपने को जीता मानता है और दुःखी भी जानता है। अन्तः-करण से मिलकर भोग की भावना करना और सदा विषय की तृष्णा करना जीवात्मा का लक्षण है। जहाँ वासना क्षय हुई और शुद्ध आत्मा प्रत्यक्ष हुआ, वहाँ जीवसंज्ञा नष्ट हो जाती है और केवल शुद्ध आत्मा प्रकाश पाता है।
हे राजन्! चेतन जब अन्तःकरण से मिलकर बहिर्मुख होता है, तब संसारी होकर जग-भरण में दुःखी होता है। और जब चेतनाशक्ति अन्तर्मुख होती है; तब जन्म-मरण की भावना को त्यागकर स्वरूप की भावना करता है, जिससे सब दुःखों की निवृत्ति होती है। जब इसकी भावना स्वरूप की ओर लगती है, तब कोई दुःख नहीं रहता और जब इसे स्वरूप का प्रमाद होता है, तब यह दुःख पाता है। स्वरूप के ज्ञान में आनन्दरूप मुक्त होता है। हे राजन्! तू संसाररूपी कूप की गगरी न हो। जब गगरी रस्सी से बँधती है तो कभी ऊपर को जाती है और कभी नीचे। पर जब रस्सी टूट जाती है, तब न ऊपर को जाती है और न नीचे को। कूप क्या है, नीचे क्या है और ऊपर क्या है, यह भी सुन। हे राजन्! यह संसार ही कूप है; स्वर्गलोक ऊपर है और नरक नीचे है। जीव पुण्यकर्म से स्वर्ग को और पापकर्म से नरक को जाता है। इसी प्रकार आशारूपी रस्सी से बँधा हुआ जीव जन्ममरणरूपी चक्र में फिरता है। स्वर्ग और नरक में फिरने का कारण आशा है। जब आशा निवृत्त होती है, तब न कोई नरक है न स्वर्ग। जब तक देह में अभिमान है, तब तक नीच से नीच गति को प्राप्त होता है। जैसे पत्थर की शिला समुद्र में डालो तो नीचे से नीचे चली जाती है, वैसे ही नीच स्थानों को देखकर देहाभिमानी नीचे को चला जाता। जब इन्द्रियाँ-दिक का अभिमान त्याग करता है, तब जैसे क्षीरसमुद्र से निकलकर चन्द्रमा नीचे से ऊपर को चला गया है, वैसे ही ऊपर को जाता है।
हे राजन्! यदि आत्मा की भावना करेगा तो आत्मा ही होगा।
३६२ ❇ योगवाशिष्ठ ❇
इससे आशारूपी फाँसी को तोड़कर शान्तपद को प्राप्त हो। आत्मा चिन्तामणि की तरह है। जैसी भावना कीजिये, वैसी ही सिद्धि होती है। यदि तू आत्मभावना करेगा तो सम्पूर्ण विश्व अपने में देखेगा। जैसे पर्वत शिला और पत्थर को अपने में देखता है, वैसे ही तू भी सब को आत्मा जानेगा। हे राजन ! जो कुछ दृश्य है सो सर्वात्मा के आश्रय है। शास्त्र और शास्त्रदृष्टि सब आत्मा के आश्रय है। राजा भी आत्मा के आश्रय है। वह सर्वसत्य आत्मा चिन्तामणि कल्पवृक्ष है। जैसी कोई भावना करता है, वैसी सिद्धि होती है। हे राजन ! स्फुरण में यह सब दृश्य सत्य है। जब स्फुरण नष्ट होता है, तब न कोई शास्त्र है और न कोई दृष्टि। तब केवल अद्वैत आत्मा है; तब निषेध किसका कीजिये और अङ्गीकार किसको करिये ? जो पुरुष अहंकार से रहित हुआ है वह सर्वशास्त्र-दृष्टि पर विराजता है और सर्व आत्मा होता है। जल उर्मी को जल कहते हैं और कालवादी उर्मी को काल कहते हैं। सब का आश्रय आत्मा है। जो पुरुष देहाभिमानी है, वही मूर्ख है और स्वरूप के अज्ञान से नीचे और ऊपर के लोकों में आना जाना रहता है; पशु, पक्षी आदि की स्थावर-जङ्गम योनियाँ पाता है और आशारूपी फाँसी में बँधा हुआ दुःख को प्राप्त होता है। जो पुरुष सम्यक्दर्शी है और जिसकी शुद्ध चेष्टा है, उसको कोई विकार नहीं देख पड़ता—वह आकाश की तरह सदा निर्मल निर्लेप भासित होता है। उसको सम्पूर्ण विश्व आत्मस्वरूप दिखता है। जो चेष्टा ब्रह्मा, विष्णु और इन्द्रादिक करते हैं उसका कर्त्ता भी वह अपने को जानता है। उसके सब दुःखों का अन्त होता है, वह आत्मपद को प्राप्त होता है। उसको सब सुखों की सीमा प्राप्त होती है।
हे राजन ! जैसे नदी जब तक चलती है तब तक समुद्र को नहीं पाती; जब समुद्र को पहुँच जाती है, तब नहीं चलती, वैसे ही जब तू आत्मपद को प्राप्त होगा, तब कोई इच्छा तुझे न रहेगी। हे राजन ! तू अहंकार का त्याग कर अथवा ऐसा जान कि सब में ही हूँ। जगत्भ्रम आदिक दुःख तब तक हैं, जब तक आत्मबोध नहीं होता। जब
❇ निर्वाण प्रकरण ❇ ३१३
आत्मबोध होता है, तब कोई दुःख नहीं रहता। दोनों ही दुःख भारी हैं, पर ज्ञानी को इन्द्र के वज्रसमान दुःख भी स्पर्श नहीं करता। हे राजन्! जैसे पेड़ से सूखकर फल गिरता है, उसी प्रकार जब ज्ञानरूपी फल प्राप्त होता है, तब मन, बुद्धि, अहंकार पेड़ की तरह गिर पड़ते हैं। जब तक मन की चपलता है, तब तक दुःख पाता है। जब मन की चपलता निवृत्त होती है तब कोई क्षोभ नहीं रहता और शान्तपद को प्राप्त होता है। शान्ति तब होती है, जब प्रकृति का वियोग होता है। प्रकृति के संयोग से संसारी होता है और दुःख पाता है। इससे प्रकृति को त्याग दे अर्थात् अहंकार से रहित होकर चेष्टा कर।
जब तू अहंकार से रहित होगा, तब उस पद को प्राप्त होगा, जो न जड़ है, न चेतन है, न शून्य है, न अशून्य है, न केवल है; न अकेवल है। उसे न आत्मा कह सकते हैं, न अनात्मा। वह न एक है, न दो। जो कुछ नाम हैं सो प्रतियोगी से मिले हुए हैं। प्रतियोगी होकर द्वैत होता है, पर आत्मा अद्वैत है। जिसमें वाणी की गति नहीं, जो अनिर्वचनीयपद है उसको वाणी से कैसे कहिये ? जितनी नाम-संज्ञा है सो उपदेशमात्र है आत्मा अनिर्वाच्य पद है इसमें संकल्प का त्याग करके आत्मा की भावना कर। जब तू आत्मभावना करेगा, तब केवल आत्मा ही प्रकाशित होगा। जैसे फूल का कोई अङ्ग सुगन्ध से रहित नहीं होता, वैसे ही आत्मा से भिन्न कुछ नहीं है। हे राजन्! जब अहंकार का त्याग करेगा, तब अपने आप शोभायमान होगा और आकाश की तरह निर्मल आत्मा में स्थित होगा। अहंकार को त्यागकर उस पद को प्राप्त होगा, जहाँ शास्त्र और शास्त्रों के अर्थ नहीं पहुँचते, जहाँ सम्पूर्ण इन्द्रियों के रस लीन हो जाते हैं और सब दुःख नष्ट हो जाते हैं। तब केवल मोक्षपद को प्राप्त होगा। हे राजन्! मोक्ष किसी देश में नहीं कि वहाँ जाकर पावे; न किसी काल में ही है कि अमुक काल आवेगा तब मुक्त होगा; और मोक्ष न कोई पदार्थ ही है कि उसको ग्रहण करेगा। केवल अहंकार के त्याग से मोक्ष होता है। जब तू अहंकार का त्याग करेगा, तभी मोक्ष है। जब
३१४ * योगवाशिष्ठ *
तू इस अनात्म अभिमान को त्यागेगा, तब अपने आप शोभायमान होगा। जैसे धुवाँ बिना अग्नि प्रकाशमान होती है, वैसे ही अहंकार बिना तू प्रकाशित होगा। जैसे बड़े पर्वत पर निर्मल और गम्भीर तालाब सोहता है, वैसे ही तू मोहेगा। हे राजन्! तू अपने स्वरूप में स्थित हो।
इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे समाधनवर्णनं नामैकाधिकशततमस्सर्गः ॥ १०१ ॥
मनु बोले, हे राजन्! तू शुद्ध और रागद्वेष से रहित आत्माराम नित्य अन्तर्मुख रह। जब तू आत्माराम होगा, तब तेरी व्याकुलता नष्ट हो जायगी और तू शीतल चन्द्रमा सा पूर्ण हो जायगा। ऐसा होकर अपने प्रकृत आचार में विचर और किसी फल की वाञ्छा न कर। जो पुरुष वाञ्छा से रहित होकर कर्म करता है, वह सदा अकर्ता है और महा शोभा पाता है। ऐसी अवस्था में स्थित होकर जो भोजन आवे उसको खा ले और जो अनिच्छित वस्त्र आवे उसको पहन ले। जहाँ नींद आवे, वहाँ सो रह। रागद्वेष से रहित हो। जब तू ऐसा होगा, तब शास्त्र और शास्त्रों के अर्थ का उल्लंघन कर लौकिक व्यवहार करेगा। जो ऐसा पुरुष है, वह परम रस को पाकर मतवाला होता है। उसको संसार की कुछ इच्छा नहीं रहती। हे राजन्! ज्ञानवान् चाहे काशी में देह त्याग अथवा चाण्डाल के गृह में, वह सदा मुक्त है। वह सदा आत्मारूप में स्थित है। वर्तमानकाल में वह देह को नहीं त्यागता; क्योंकि जिस काल में उसको ज्ञान हुआ, उसी काल में देह का अभाव हुआ—ज्ञान से देह की बाधा हट जाती है। हे राजन्! ज्ञानवान् सदा मुक्तरूप है। वह न किसी की स्तुति करता है और न निन्दा; क्योंकि उसके चित्त की कल्पना मिट गई है। यद्यपि रागद्वेष ज्ञानवान् में भी देख पड़ते हैं और वह हँसता-रोता भी देख पड़ता है, पर उसके अन्तर में न राग है न द्वेष। वास्तव में वह न हँसता है, न रोता है—ज्यों का त्यों है। जैसे आकाश शून्यरूप है और उसमें बादल भी देख पड़ते हैं, परन्तु आकाश को वे लिप्त नहीं करते, वैसे ही ज्ञानवान् को
ॐ निर्वाण प्रकरण ॐ ३२५
कर्म बन्धन नहीं करता। पर अज्ञानी जानते हैं कि ज्ञानवान को क्रिया बन्धन करते हैं।
हे राजन् ! ज्ञानवान् सर्वदा नमस्कार करने और पूजने योग्य है। जिस स्थान में ज्ञानवान बैठता है, उस स्थान को भी नमस्कार है। जिससे बोलता है उस जिह्वा को भी नमस्कार है। जिस पर ज्ञानवान् दृष्टि डालता है, उसको भी नमस्कार है। वह सबका आश्रय है। हे राजन् ! जैसा ज्ञानवान् की दृष्टि से आनन्द मिलता है, वैसा आनन्द तप, दान और यज्ञ आदि कर्मों में नहीं मिलता। ऐसी दृष्टि और किसी की नहीं होती, जैसी सन्त की दृष्टि है। वह ऐसे आनन्द को पाता है, जिसमें वाणी की गति नहीं। जो पुरुष सन्त की दृष्टि को पाकर सुखी होता है, उससे लोग दुःख नहीं पाते और लोगों से वह दुखी नहीं होता। वह न किसी का भय करता है; न किसी का हर्ष करता है। हे राजन् ! सिद्धि पाने का सुख अल्प है; क्योंकि उड़ने की सिद्धि पाई तो अनेक पक्षी उड़ते फिरते हैं; इससे आत्मज्ञान तो नहीं मिलता और आत्मज्ञान बिना शान्ति नहीं होती। जब आत्मज्ञान प्राप्त होता है, तब जरा, मृत्यु आदि दुःख से मुक्त होता है और कोई दुःख नहीं रहता। जैसे पिंजड़े से छूटा सिंह फिर पिंजड़े के बन्धन में नहीं पड़ता, वैसे ही वह पुरुष अज्ञानरूपी पिंजड़े में नहीं फँसता।
हे राजन् ! इससे तू आत्मा की भावना कर, जिससे तेरे दुःख नष्ट हो जावें। अज्ञान से तुझे दुःख दिखते हैं-अज्ञान से रहित सदा आनन्द-रूप है। इससे अनुभवरूप आत्मा में स्थित हो। जब तू आत्मा में स्थित होगा तब जैसे शुद्धमणि के निकट श्वेत, रक्त, पीत, श्याम आदि रंग रखिये तो वह उनके प्रतिबिम्ब को ग्रहण करती है, पर कोई रंग उसे स्पर्श नहीं करता वे कल्पित से भासित होते हैं, वैसे ही तू प्रकृत आचार को अङ्गीकार करता रहेगा, पर तुझे पाप-पुण्य का स्पर्श न होगा।
इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे मनुइक्ष्वाकुसंवादसमाप्तिर्नाम द्व्यधिकशततमसर्गः ॥ १०२ ॥
वशिष्ठजी बोले, हे राम ! इस प्रकार उपदेश करके जब मनु चुप हो
३१६ ❇ योगवाशिष्ठ ❇
गये, तब राजा ने भली प्रकार उनका पूजन किया । फिर मनु आकाश को उड़के ब्रह्मलोक गये और राजा इक्ष्वाकु राज्य करने लगा । हे राम ! जैसे राजा इक्ष्वाकु ने जीवन्मुक्त होकर राज्य किया है, वैसे ही तुम भी इस दृष्टि का आश्रय करके विचरो । राम ने पूछा, हे भगवन् ! आपने जो कहा कि जैसे राजा इक्ष्वाकु ज्ञान पाकर राज्य चेष्टा करते रहे, वैसे ही तुम भी करो, उसमें मेरा प्रश्न यह है कि जो अतिशय अपूर्व हो उसका पाना विशेष है और जो पूर्व में किसी ने पाया है उसका पाना अपूर्व और अतिशय नहीं; इसलिए मुझसे कहिये कि सबसे विशेष अपूर्व अतिशय क्या है ? वशिष्ठजी बोले, हे राम ! ज्ञानवान् सदा शान्तरूप और रागद्वेष से रहित है, इससे वह अपूर्व अतिशय को पाता है । जो कुछ और अतिशय है, वह पूर्व अतिशय है, पर ज्ञानवान् अपूर्व अतिशय को पाता है, ज्ञानी के सिवा अन्य कोई नहीं पाता । आत्मज्ञान को ज्ञानी ही पाता है; और वह ज्ञान एक ही है । हे राम ! जो दूसरा नहीं पाता तो अपूर्व अतिशय हुआ । हे राम ! अपूर्व अतिशय को पाकर ज्ञानवान् प्रकृत आचार और सब चेष्टा भी करता है, तो भी निश्चय सर्वदा आत्मा में रमता है । राम ने पूछा, हे भगवन् ! ऐसा ज्ञानवान् जो अज्ञानी की तरह सब चेष्टा करता है, उसको किन लक्षणों से तत्त्ववेत्ता जानिये ?
वशिष्ठजी बोले, हे राम ! एक स्वसंवेद लक्षण है और दूसरा परसंवेद लक्षण है । आप ही अपने को जाने और न जाने, इसमें स्वसंवेद कहते हैं; और जिसको और भी जानते हैं, उसे परसंवेद कहते हैं ।
हे राम ! परसंवेद के लक्षण कहता हूँ, सुनो । तप, दान, यज्ञ, व्रत इत्यादि करना परसंवेद है और दुख-सुख की प्राप्ति में धैर्य के समान रहना साधु के लक्षण हैं । महाकर्ता और महाभोक्ता और महात्यागी होना तथा क्षमा, दया इत्यादि साधु के लक्षण हैं, ज्ञानवान् के नहीं । उड़ना, छिप जाना आदि जो अणिमादिक सिद्धियाँ हैं वे भी समान लक्षण हैं । परन्तु ये स्वाभाविक आकर उपस्थित होती हैं तथा और से भी जानी जाती हैं । पर ज्ञानी के जो लक्षण हैं, वे स्वसंवेद हैं । इनके
# * निर्वाण प्रकरण * ३१७
सिवा उसके सिर में सींग नहीं होते कि उनसे उसे जानिये । जैसे और व्यवहार हैं, वैसे ही उसके भी । ज्ञानी को सिद्धिसमान है । यह भी ज्ञानवान् का लक्षण नहीं । पुण्य पापादिक कर्म परमवेद हैं, सो वे माया के कल्पित हैं, ज्ञानी के नहीं होते । जितने लक्षण देखने में आयेंगे, वे मिथ्या हैं, और माया के कल्पित हैं । ज्ञानी का लक्षण स्वसंवेद है । वह सर्वदा आत्मा में स्थित और अपने आपमें सन्तुष्ट रहता है । उसे न किसी बात का हर्ष है, न शोक है । वह जन्ममरण में समान है और काम, क्रोध, लोभ, मोह सबको जानता है । उसका लक्षण इन्द्रियों का विषय नहीं; क्योंकि वह अनिर्वचनीय पद को प्राप्त हुआ है । हे राम! जिसको ज्ञान प्राप्त होता है, उसका चित्त स्वाभाविक ही विषयों में विरत होता है । वह इन्द्रियजित होता है—उसकी भोगों की इच्छा निवृत्त हो जाती है ।
इति श्रीयोगवाशिष्ठे निर्वाणप्रकरणे ज्ञानलक्षणविचारे नाम त्र्यधिकशततमस्सर्गः ॥ १०३ ॥
वशिष्ठजी बोले, हे राम! मायाजाल को काटना महाकठिन है। यह आदि कलना जीव को हुई है। जो कोई इसमें सत्बुद्धि करता है, वह जैसे पखेरू जाल में फँसा हुआ निकल नहीं सकता, वैसे ही अनात्म अभिमान से निकल नहीं सकता। हे राम! फिर मेरे वचन सुनो; क्योंकि जैसे मेघ का शब्द मोर को प्रिय लगता है, वैसे ही मेरे वचन तुमको प्रिय लगते हैं। मैं भी तुम्हारे हित के निमित्त कहता और उपदेश करता हूँ। रघुकुल का ऐसा गुरु कोई नहीं हुआ, जो शिष्य का संशय निवृत्त न करे। हे राम! मेरा शिष्य भी ऐसा कोई नहीं हुआ, जो मेरे उपदेश से न जगा हो। इस निमित्त मैं तप, ध्यान आदिक को भी त्यागकर तुम्हें जगाऊँगा—इससे मैं तुमको उपदेश करता हूँ। हे राम! शुद्ध आत्मा में जो अहंभाव हुआ है, और जो कुछ अहंकार से भासित होता है वह मिथ्या है, इसमें कुछ मन नहीं। जो इसका साक्षीभूत ज्ञानरूप है, वह सत्य है, उसका कदापि नाश नहीं होता। जो वस्तु वस्तु स्फुरण से उपजी हैं, वे सब नाशवान हैं, यह
३२
- योगवाशिष्ठ *
बात बालक भी जानते हैं । जो सत्य है; वह असत्य नहीं होता और जो वस्तु असत् है, वह सत् नहीं होता । जैसे रेत में घृत निकलना असत् है, अर्थात् कदापि नहीं निकलता । जैसे एक मेढक के लाख कण करिये अथवा शिला पर घिसिये, पर जब उस पर वर्षा होती है, तब सब कण मेढक हो जाते हैं । हे राम ! तो वे मेढक तब उत्पन्न हुए जब उनमें सत्यता थी । इससे सत्य का कदापि नाश नहीं होता और असत्य का सद्भाव कभी नहीं होता ।
हे राम ! सन्ब्रह्म की भावना करो । जो ब्रह्म की भावना करता है, वह ब्रह्म ही होता है । जैसे घृत में घृत, दूध में दूध और जल में जल मिल जाता है, वैसे ही यह जीव भावना करके चिद्घन ब्रह्म के साथ एक हो जाता है, और जीवसंज्ञा निवृत्त हो जाती है । जैसे अमृत के पीने से अमर होता है, वैसे ही ब्रह्म की भावना करने से ब्रह्म होता है । जो अनात्मा की भावना करता है तो पराधीन होकर दुःख पाता है । जैसे विष के पीने से अवश्य मरता है, वैसे ही अनात्मा की भावना से अवश्य दुःख पाता है, और उसका नाश होता है, इससे आत्मभावना करो । हे राम ! जो वस्तु संकल्प से उदय होती है, वह थोड़े काल तक रहती है और जो चल वस्तु है, वह भी अवश्य नष्ट होती है । यह दृश्य आत्मा में भ्रम से सिद्ध है । जैसे मृगतृष्णा में जल, सीपी में चाँदी और आकाश में दूसरा चन्द्रमा भ्रम से सिद्ध है—वास्तव नहीं वैसे ही अहंकार-देह-इन्द्रियों में जो सुख प्रतीति होता है सो सब मिथ्या है । इससे दृश्य की भावना त्याग करके अपने अनुभवस्वरूप में स्थित हो । जब आत्मा में स्थित होगे, तब मोह को न प्राप्त होगे । जैसे पारस के स्पर्श से सुवर्ण हुआ ताँबा फिर ताँबा नहीं होता, वैसे ही तुम भी जब आत्मपद को जानोगे, तब फिर इस मोह को न प्राप्त होगे कि मैं हूँ यह मेरा है । अहं त्वं भाव तुम्हारा निवृत्त हो जावेगा और यह भावना न रहेगी ।
राम ने पूछा, हे भगवन् ! मच्छर और जूँ आदि जो पसीने में उत्पन्न होते हैं, सो सब कर्म से उत्पन्न होते हैं; देवता, मनुष्यादिक सब कर्मों से
⚙ निर्वाण प्रकरण ⚙
३१६
उत्पन्न होते हैं; अथवा कर्मों के बिना भी कुछ होते हैं ? वशिष्ठजी बोले, हे राम ! आदि परमात्मा से जो सब जीव उत्पन्न हुए हैं, वे चार प्रकार के हैं। एक तो कर्मों से उत्पन्न हुए हैं और एक कर्मों के बिना हुए हैं, एक आगे होंगे और एक अब भी उत्पन्न होते हैं। राम बोले, हे संशय-रूपी हृदय के अन्धकार को निवृत्त करनेवाले सूर्य और संदेहरूपी बादलों को निवृत्त करनेवाले पवन ! कृपा करके कहिये कि कर्मों के बिना कैसे जीव उत्पन्न होते हैं और कर्मों से कैसे उत्पन्न होते हैं ? कैसे कैसे हुए हैं, कैसे होते हैं और कैसे आगे होंगे ? वशिष्ठजी बोले, हे राम ! आत्मा चिदाकाश अपने आपमें स्थित है। जैसे अग्नि अपनी उष्णता में स्थित है, वैसे ही आत्मा अपने स्वभाव में स्थित है। वह अनन्त और अविनाशी है—उसमें स्फुरण शक्ति स्वाभाविक स्थित है। जैसे पवन में स्पन्दन शक्ति स्वाभाविक होती है और जैसे फूलों में सुगन्ध स्वाभाविक रहती है, वैसे ही आत्मा में स्फुरण शक्ति है। हे राम ! स्फुरण शक्ति आदि में उपजी तो उस शब्द की अपेक्षा से आकाश हुआ और जब स्पर्श की अपेक्षा की, तब पवन प्रकट हुआ। इसी प्रकार पञ्चतन्मात्रा हुई। शुद्ध संवित् में जो आदि स्फुरण हुआ, उसमें प्रथम अन्तर्वाहक शरीर हुए। उनका निश्चय आत्मा में रहा कि हम आत्मा हैं और सम्पूर्ण विश्व हमारा संकल्प है।
हे राम ! उनमें से कई इस प्रकार उत्पन्न होकर अन्तर्वाहक से फिर विदेह मुक्ति को प्राप्त हुए। जैसे जल से बर्फ होकर सूर्य के तेज से शीघ्र ही फिर जल हो जाती है, वैसे ही फिर वे शीघ्र ही विदेहमुक्त हुए। कई अन्तर्वाहक से आधिभौतिक इस प्रकार हो गये कि जब तक अन्तर्वाहक में स्मरण रहा, तब तक अन्तर्वाहक रहे और जब स्वरूप का प्रमाद हुआ और संकल्प से जो पंचभूत रचे थे, उनमें दृढ़ निश्चय हुआ और जाना कि हम ये हैं, तब आधिभौतिक हो गये, जैसे ब्राह्मण शूद्रों के कर्म करने लगे और उसके निश्चय में हो जाय कि मेरा यही कर्म है। जैसे शीत के कारण जल से बर्फ हो जाती है, वैसे ही संवित् में जब दृढ़ संकल्प हुआ, तब उन्होंने अपने को आधिभौतिक जाना। हे
३२० ❇ योगवाशिष्ठ ❇
राम ! आदि परमात्मा से जो कर्म बिना उत्पन्न हुए हैं, उनका कोई कर्म नहीं; क्योंकि जो अन्तवाहक में रहे, उनकी ईश्वरसंज्ञा हुई । उनके संकल्प में जीव उपजे, उनका कारण ईश्वर हुआ और आगे जीवकल्पना में उनका स्फुरण कर्म हुआ । आगे जैसे-जैसे कर्म संकल्प में करते हैं, वैसे-वैसे शरीर रचते हैं । हे राम ! आत्मा से जो जीव उपजे हैं, वे आदि में अकारण होते हैं । जो आज उपजे हैं वे भी और जो चिरकाल से उपजे हैं वे भी । वे पीछे कर्म-वश कारण भाव प्राप्त हुए हैं ।
हे राम ! जिनका आदि स्फुरण हुआ है और स्वरूप में दृढ़ निश्चय रहा है उनकी संज्ञा पुण्य है । और जो स्वरूप को भूलकर आधिभौतिक में निश्चय करते रहे, उनकी संज्ञा घन है । हे राम ! पुण्य में घन होना सुगम है और घन में पुण्य होना कठिन है । कोई भाग्यवान पुरुष ही यत्न करके घन में पुण्यवान होता है । जैसे पर्वत से पत्थर गिरना सुगम है, वैसे ही पुण्य में घन होना सुगम है, और जैसे पत्थर को पर्वत पर चढ़ना कठिन है, वैसे ही घन में पुण्य होना कठिन है । कितने चिरकाल घन में रहते हैं और कितने यत्न करके शीघ्र ही पुण्यवान् होते हैं । हे राम ! जो सदा अन्तवाहक रहते हैं, उनकी संज्ञा ईश्वर है । जो अन्तवाहक को त्यागकर आधिभौतिक होते हैं, वे जीव कहाते हैं । वे परतन्त्र हैं-जैसे कर्म करते हैं वैसे ही शरीर पाते हैं । जो घन से पुण्य होते हैं, वे ज्ञानवान् हैं और उनका भी जन्म नहीं होता । अब भी जो प्रथम उत्पन्न होते हैं, वे कर्म बिना होते हैं और जब अपने स्वरूप से गिरते हैं, तब जैसा संकल्प करते हैं, वैसे ही शरीर पाते हैं । हे राम ! यह विश्व संकल्पमात्र है; इसमें संकल्प का त्याग करो । इस दृश्य की आस्था न करो । हे राम ! खाना, पीना इत्यादि चेष्टाएँ करो । परन्तु उनमें अहंभाव न करो । अहंकार अज्ञान से सिद्ध हुआ है, अतएव सब दृश्य मिथ्या हैं । अहंभाव के होने से जीव दुःखी होता है । इसमें अहंकार से रहित चेष्टा करो ।
हे राम ! बन्धन और मोक्ष का लक्षण सुनो । विषय और इन्द्रियों के संयोग में इष्ट में राग करना और अनिष्ट में द्वेष करना ही बन्धन
❇ निर्वाण प्रकरण ❇ ३२१
है । जैसे जाल में पक्षी बँध जाता है । ग्राह्य-ग्राहक इन्द्रियों के साथ विषय के सम्बन्ध में इष्ट-अनिष्ट होता है । जिसमें इन्द्रियों का संयोग होता है उसमें समबुद्धि रहे, उनके धर्म अपने में न देखे और उनका जाननेवाला जो अनुभवरूप आत्मा है उसमें साक्षीरूप होकर स्थित रहे । इस प्रकार जो इनका ग्रहण करता है, वह सदा मुक्तरूप है । जो इससे भिन्न है, वह मूर्ख जीव बन्धन में पड़ता है । तुम इस ग्राह्य-ग्राहक सम्बन्ध से सावधान रहो । इनका सम्बन्ध ही बन्धन है, और इनसे रहित होना मुक्ति । राग-द्वेष करनेवाला मन है । इस मन का त्याग करो । मन ही दुःखदायी है । जैसे कुम्हार का चक्र फिरता है और उसमें बर्तन उत्पन्न होते हैं; वैसे ही मनरूप चक्र में पदार्थरूपी बर्तन उत्पन्न होते हैं । मन के स्फुरण में संसार सत्य होता है । जब फुरना निवृत्त होगा, तब कोई दुःख न रहेगा ।
हे राम ! जब फुरने और न फुरने में समान होगे, तब राग-द्वेष से रहित होकर विचारोगे । यह हो और यह न हो; इस भावना से रहित होकर चेष्टा करो । अभिलाषापूर्वक संसार में न वासना रक्खो । हे राम ! पहले जो ज्ञानवान् हुए हैं उनको भूत की चिन्तना न थी और आगे होने की आशा भी न थी । शास्त्र के अनुसार वर्तमानकाल में वे राग-द्वेष से रहित चेष्टा करते थे । इससे तुम भी संकल्प का त्यागकर स्वरूप में स्थित होओ । हे राम ! ब्रह्मा से तृणपर्यन्त किसी पदार्थ में राग हुआ तो बन्धन है । मेरा यही आशीर्वाद है कि ब्रह्मा से तृणपर्यन्त किसी पदार्थ में तुम्हें रुचि न हो, अपने आप ही में रुचि हो । हे राम ! यह संसार मिथ्या है, इसमें कोई पदार्थ सत् नहीं है— सब मन के रचे हुए हैं । इससे मन को स्थिर करो । जैसे धोबी साबुन से वस्त्र का मैल दूर करता है, वैसे ही मन से मन को स्थिर करो । जब मन को स्वरूप में स्थिर करोगे, तब मन अपने को संकल्प का आप ही नाश करेगा । जैसे दुष्ट पुरुष की जब धन से वृद्धि होती है, तब वह अपने भाई आदि के नाश का उपाय करता है, वैसे ही मन जब आत्मपद में स्थित होता है, तब अपने संकल्प को नष्ट करता है । जब तुम्हारा मन स्वरूप में