भारतकोश
संग्रह पर लौटें

भक्ति सुधा (स्वामी करपात्री जी महाराज - पराभक्ति, रस-मीमांसा एवं प्रेम-तत्त्व दार्शनिक महाग्रन्थ)

Bhakti Sudha of Swami Karpatri Maharaj

धर्मसम्राट् स्वामी करपात्री जी महाराज द्वारा

DevanagariHindipublished778 पृष्ठ

१४४ भक्तिसुधा श्रीकृष्ण-लीलाके लिये साधक भावको प्राप्त हुई थीं। श्रुतियाँ ही व्रजकुमारियाँ बनीं इनके अतिरिक्त श्रुतियोंकी अधिष्ठात्री महाशक्तियोंने जब परमतत्त्वका अन्वेषण करते-करते महा-महा तपस्याके पश्चात् श्रीकृष्णका दर्शन पाया, तब उन्होंने उनके साथ रमण (तादात्म्येन सम्मिलन)- की इच्छा प्रकट की। श्रीकृष्णने कहा कि 'तुम मेरी आराधनाद्वारा व्रजकुमारिका बनो, तब वहाँ तुम्हारा मनोरथ पूर्ण होगा।' इस तरह कृष्णका वर प्राप्त करके वे भी नन्दव्रजकुमारिका हुई हैं। उनमें आगे चलकर साक्षात् परब्रह्मपर्यवसायिनी 'सत्यं ज्ञानमनन्तं ब्रह्म' इत्यादि श्रुतियाँ अनन्यपूर्विका या स्वकीया हुई हैं, एवं कर्मकाण्ड या अन्यान्य देवतातत्त्व पर्यवसायिनी श्रुतियाँ परकीया हुई हैं, जैसे 'सर्वे वेदा यत् पदमामनन्ति।' (कठ० १।२।१५) 'वेदैश्च सर्वैरहमेव वेद्यः॥' (गीता १५।१५) इत्यादि श्रुति- स्मृतिके अनुसार समस्त वेदोंका महातात्पर्य परब्रह्ममें ही है। वैसे ही यहाँ भी श्रुतिरूपा गोपांगनाओंका, अन्य सम्बन्ध केवल काल्पनिक है, मुख्य सम्बन्ध तो उनका भगवान्‌से ही है। उनमें भी श्रुतिरूपा गोपांगना वाच्य-वाचकके अभेदरूपसे ब्रह्मरूपा ही हैं, ओंकार मूलवाचक है, उसका वाच्य परब्रह्म है। समस्त वाङ्मय ओंकारका विकार है और सारा प्रपंच ब्रह्मका कार्य है। अतः ओंकारका विकारभूत समस्त वाङ्मय ब्रह्मके कार्यभूत सम्पूर्ण प्रपंचका वाचक है। वाच्य और वाचकका अभेद हुआ करता है, इसीलिये समस्त वाङ्मय भी वस्तुतः ब्रह्मरूप ही है। इसके सिवा श्रुतियोंके अवान्तर तात्पर्य अन्य- अन्य होनेपर भी उनका प्रधान तात्पर्य तो ब्रह्ममें ही है। शब्दसे दो बातोंका बोध हुआ करता है—जाति और व्यक्ति। त्वतलादिप्रत्ययवेद्य जाति भावरूप ही होती है। 'तस्य भावस्त्वतलौ' इस पाणिनिसूत्रके अनुसार घटकी भावरूप जाति ही घटत्व है, वह वस्तुतः एक भावविशेषमें स्थित मृत्तिका ही है। इस प्रकार घटका वाचक 'घट' शब्द भी मूलतः उसके कारण मृत्तिकाका ही बोधन करता है। इसी प्रकार जितने शब्द हैं, वे सब अपने अभिधेय विभिन्न पदार्थोंके मूल कारण परब्रह्मके ही वाचक हैं। अतः अवान्तर श्रुतियोंका भी मुख्य तात्पर्य तो परब्रह्ममें ही है। विचार किया जाय तो वस्तुतः वाच्य-वाचकका भेद भी नहीं है। ये दोनों एक ही चेतनके विवर्त हैं। अभिधेयप्रपंचजननानुकूल शक्त्यवच्छिन्न चेतनका विवर्त अभिधेय है और अभिधानात्मकप्रपञ्च जननानुकूल- शक्त्यवच्छिन्न चेतनका विवर्त अभिधान है। जिस प्रकार एक ही परब्रह्ममें अभिधान-अभिधेयरूप अनन्त तरंगें प्रादुर्भूत हो गयी हैं, किंतु 'तदभिन्नाभिन्नस्य तद्भिन्नत्वनानियमात्' इस न्यायके अनुसार तरंगाभिन्न समुद्रके साथ तरंगोंका अभेद होनेके कारण उनका आपसमें भी अभेद है। यह बात तो तरंगसे तरङ्गान्तरके अभेदकी रही, किंतु मूल दृष्टिसे तो अभिधानात्मक तरंग जिस समुद्रमें है, लक्षणावृत्तिसे वह उस समुद्रका ही बोधन करती है, हाँ, अभिधेयात्मक तरङ्गान्तरको वह अभिधावृत्तिसे बोधित करती है; क्योंकि किसीकी भी शक्ति अपने शक्यमें ही सफल हुआ करती है, अपने कारणमें नहीं होती। दाहकत्व, प्रकाशकत्व आदि शक्तियोंवाला अग्नि अपने दाह्य काष्ठादिको ही दग्ध कर सकता है, अपने स्वरूपभूत अग्निका दहन नहीं कर सकता। मूल रूपसे तो तरंगें समुद्रसे भिन्न नहीं हैं, यह दूसरी बात है कि 'अकारो वै सर्वा वाक्' इस श्रुतिके अनुसार सम्पूर्ण वाङ्मय-प्रपंचका अकारमें, अकारका उकारमें और उकारका मकारमें तथा उसके पश्चात् सम्पूर्ण प्रपंचका तुरीयमें लय होता है। तात्पर्य यह है कि अभिधानात्मिका श्रुतियाँ अनन्त चैतन्यान्दसुधासिन्धुकी तरंगोंके समान हैं और वे उसकी अभिधेयरूप अन्य तरंगोंके साथ वृद्धिको प्राप्त होकर प्रकाशित होती हैं; क्योंकि अभिधेय अर्थ उनके शक्य हैं। श्रुतियाँ अपने उद्गमस्थलभूत परमतत्त्वका तो लक्षणासे ही बोध

कराती हैं। यद्यपि किसी दृष्टिसे 'घट' का वाच्य घटाकारमें परिणत मृत्तिका भी हो सकती है तथापि लोकमें 'घट' पदका वाच्य घट व्यक्ति ही समझा जाता है। इस प्रकार अभिधानात्मक ब्रह्म तरंगका वाच्य अभिधेयात्मक ब्रह्म तरंग तो है, परंतु लक्षणासे ही है। फिर मीमांसकोंने तो जातिमें ही शक्ति मानी है। जाति घटत्वादिको कहते हैं, जिसे घटभाव भी कहा जा सकता है, घट कार्य है, कार्यका भाव कारणसे व्यतिरिक्त नहीं हुआ करता। समस्त कार्योंका भाव कारणमें ही पर्यवसित होता है, अतः समस्त शब्दोंकी वाच्यताका पर्यवसान-कारण परम्परा-क्रमसे सन्मात्रमें ही होता है। इसलिये सारे शब्दोंका वाच्य परमात्मा ही है। इस प्रकार वाच्य-वाचकका अभेद है और समस्त श्रुतियाँ तत्पदार्थसे अभिन्न ही हैं। श्रुतियोंके दो भेद श्रुतियाँ दो प्रकारकी हैं, अन्यपरा और अनन्यपरा। अनन्यपरा श्रुतियाँ वे हैं, जो साक्षात् रूपसे परब्रह्ममें पर्यवसित होती हैं, जैसे—'सत्यं ज्ञानमनन्तं ब्रह्म।' (तैत्तिरीय० २।१) तथा अन्यपरा श्रुतियाँ वे हैं, जिनका साक्षात् तात्पर्य तो अन्य देवतादिमें है, किंतु परम्परासे उनका महातात्पर्य परब्रह्ममें ही होता है। जैसे—'इन्द्रोयातोऽवसि तस्य राजा' इत्यादि। इन्हें ही ऊढ़ा और अनूढ़ा अथवा अनन्यपूर्विका भी कह सकते हैं अर्थात् एक वे गोपियाँ, जो केवल कृष्णपरायण हैं और दूसरी वे जो श्रीकृष्णके अतिरिक्त अन्य पुरुषोंके साथ विवाही गयी हैं। इनके ये दो भेद भी प्रतीतिमात्रके लिये हैं, वास्तविक नहीं। वरुणादि देवताओंमें श्रुतियोंका तात्पर्य तभीतक जान पड़ता है, जबतक 'सर्वे वेदा यत् पदमामनन्ति' (कठ० १।२।१५) इस वाक्यके अनुसार उनका महातात्पर्य एकमात्र परब्रह्ममें ही नहीं जान पड़ता है। वास्तवमें तो जिस प्रकार तरंग समुद्रसे भिन्न नहीं है और घटादि मृत्तिकासे भिन्न नहीं हैं, उसी प्रकार उपक्रम, उपसंहारादि षड्विध लिंगसे समस्त श्रुतियोंका तात्पर्य ब्रह्ममें ही है, किंतु फिर भी लीलाविशेषके विकासार्थ वस्तुतः अनन्यपरा श्रुतियोंमें भी अन्यपरातत्त्वकी प्रतीति होती है। यहाँ सन्देह होता है कि श्रीराधिकाप्रभृति व्रजांगनाएँ परमात्मा समझी जाती हैं। इतना ही नहीं, बल्कि श्रीव्रजांगनाओंको ही श्रीकृष्ण-प्रेयसी कहा गया है—'यद्वाञ्छया श्रीर्ललनाऽऽचरत्तपः।' (श्रीमद्भा० १०।१६।३६) जिन श्रीकृष्णके पाद-पंकज-रजकी कामनासे श्रीललना तपस्या करती हैं— नायं श्रियोऽङ्ग उ नितान्तरतेः प्रसादः स्वर्योषितां नलिनगन्धरुचां कुतोऽन्याः। रासोत्सवेऽस्य भुजदण्डगृहीतकण्ठ................॥ (श्रीमद्भा० १०।४७।६०) जो प्रसाद श्रीव्रजसीमन्तिनियोंको प्राप्त हुआ है, वह लक्ष्मीको भी नहीं मिल सकता, फिर देवांगनाओंकी तो बात ही क्या ? श्रीदामोदरकी अधरसुधा गोपिकाओंकी ही है। 'दामोदराधरसुधामपि गोपिकानाम्' इत्यादि वचनोंसे यही विदित होता है कि श्रीव्रजांगनाएँ अन्योंसे असंस्पृष्ट भगवान्‌की ही शुद्ध प्रेयसी थीं, फिर 'यद्धामार्थसुहृत्प्रियात्मतनयप्राणाशयास्त्वत्कृते॥' (श्रीमद्भा० १०।१४।३५) जिनका धाम, अर्थ, सुहृत्, प्राण, अन्तरात्मा सब कुछ श्रीकृष्णहीके लिये था, वे श्रीकृष्णसे भिन्नको पतिरूपसे स्वीकार कैसे कर सकती थीं ? वह रुक्मिणीकी तरह यह दृढ़ प्रतिज्ञा कर सकती थीं कि—'जह्यामसून् व्रतकृशाञ्छत- जन्मभिः स्यात्॥' (श्रीमद्भा० १०।५२।४३) अर्थात् 'हे नाथ ! व्रतसे कृश प्राणोंको मैं छोड़ दूँगी', फिर उनका अन्य सम्बन्ध कैसे सम्भव है? परंतु यहाँ यह समाधान समझना चाहिये कि श्रुतार्थापत्ति प्रमाणद्वारा अर्थात् श्रुत तत्तत् प्रमाण-वचनोंके अर्थका उपपादन करनेके लिये यह मानना चाहिये कि भगवान्‌की दिव्य लीलाशक्तिसे ही सबको वैसी प्रतीतिमात्र हुई है। श्रीकृष्णसम्मिलनकी आशासे ही ऐसी प्रतीति होनेपर भी व्रजांगनाओंने जीवनकी रक्षा की। उनका अन्य पुरुषोंके साथ सम्बन्ध नहीं हुआ, किंतु उन्हींके समान मायामयी अन्य अंगनाओंसे ही

१४६ भक्तिसुधा उन पतियोंका सम्बन्ध होता था। श्रीकृष्णप्रेयसी ब्रजांगना सदा ही असंस्पृष्ट रही थीं। जैसा कि कहा गया है— नासूयन् खलु कृष्णाय मोहितास्तस्य मायया। मन्यमानाः स्वपार्श्वस्थान् स्वान् स्वान् दारान् व्रजौकसः॥ (श्रीमद्भा० १०।३३।३८) यह भी उनकी उत्कण्ठा बढ़ानेके लिये एक लीला थी। जैसे निर्धन प्राणी धन पाकर बड़ा प्रसन्न होता है, उसके नष्ट होनेपर उसकी चिन्तामें इतना तल्लीन होता है कि अन्य समस्त प्रपंचको भूल ही जाता है, वैसे ही इसमें वैचित्र्यसम्पादनार्थ ही व्यूढ़ा और कुमारीभेद थे। दण्डकारण्यनिवासी मुनिगण भी गोपकुमारियोंके रूपमें प्रकट हुए उनके सिवा दण्डकारण्यनिवासी मुनिगण भी गोपकुमारीके रूपमें प्रकट हैं। वे भी भगवान् रामचन्द्रको देखकर मोहित हो गये थे। अहो! खरदूषण-जैसे मांसरुधिराशी क्रूरकर्मा हिंस्र राक्षस भी जिनकी सरसता, मनोहरतापर मुग्ध हो जाते हैं और कहते हैं—‘जद्यपि भगिनी कीन्हि कुरूपा। बध लायक नहिं पुरुष अनूपा॥’ (रा०च०मा० ३।१९।५), वीतराग अरण्यवासी मुनिगण उनपर मुग्ध हो जायें तो क्या आश्चर्य? यहाँ तो रामचन्द्र मर्यादापुरुषोत्तम थे, उन्होंने यही वरदान दिया कि लीलापुरुषोत्तमरूपसे आपलोग व्रजकुमारिका होकर मिलें। वे भी व्रजकुमारिका बनकर कात्यायनीकी अर्चनामें लगे। इसी तरह कुछ देवांगनाएँ भी भगवत्कृपासे सिद्धि प्राप्तकर भगवान्‌को प्राप्त हुई थीं। ऐसे ही कोई भौमवैकुण्ठमें रहनेवाली भौमी थीं, कोई अभौम वैकुण्ठकी अभौमी थीं। युग- युगान्तरों, कल्प-कल्पान्तरोंसे, यह सब पूर्णतम पुरुषोत्तम सर्वप्राणियोंके पर-प्रेमास्पद श्रीकृष्णके सम्मिलनके लिये व्यग्र हो घोर तपस्या कर रही थीं, अब उन्हें व्रजवास, व्रजकुमारिका-जन्म प्राप्त हो गया है। उन्हें यद्यपि श्रीकृष्णदर्शन होता है, परंतु अभी इन्हें श्रीकृष्ण अति दुर्लभ प्रतीत होते हैं। दुर्लभ वस्तु प्राप्त करनेके लिये भगवतीका आश्रयण करना ही चाहिये। पूर्णतम पुरुषोत्तम परब्रह्म श्रीकृष्णकी प्राप्तिके लिये तो ब्रह्मविद्यारूपा कात्यायनीका अवलम्बन युक्त ही है— मोक्षार्थिभिर्मुनिभिरस्तसमस्तदोषै- र्विद्यासि सा भगवती परमा हि देवि॥ (श्रीदुर्गासप्तशती ४।९) गोपकुमारिकाओंद्वारा उत्तम वरकी प्राप्तिके लिये देवी कात्यायनीका आराधन अस्तु, समस्त दोष-मोक्षार्थी मुनि अम्बाको श्रीविद्यारूपसे सेवते हैं। इसलिये श्रीमन्नन्दव्रजकुमारिका कृष्णप्राप्तिके लिये कात्यायनीके शरण गयीं। लौकिकी दृष्टिसे भी यह अत्यन्त पवित्र भाव है। कुलीन कुमारिकाएँ सुन्दर वरप्राप्तिके लिये श्रीदेवीकी आराधना करती हैं। श्रीकृष्णका लोकोत्तर सौन्दर्य-माधुर्यादि गुणगण भुवनविख्यात था। ऐसे सुन्दर सर्वगुणसम्पन्न सत्कुलोत्पन्न श्रीकृष्णके प्रति कुमारिकाओंको अपने वरणके लिये स्पृहा होना स्वाभाविक है। अतः उस मनोरथपूर्तिके लिये उनका कात्यायनी अर्चन-व्रत ठीक ही था। जैसे दुर्लभ पदार्थकी प्राप्तिके लिये लोकमें देवताका आराधन किया जाता है, वैसे ही दुर्लभ श्रीकृष्णकी प्राप्तिके लिये नन्दव्रजकुमारिकाएँ भी कात्यायनीके आराधनमें लगीं। भिन्न-भिन्न फलोंके लिये श्रीकृष्णकी आराधनामें कृष्ण-प्रेम गौण रहता है, फल-प्रेम मुख्य होता है। श्रीकृष्णके ही लिये श्रीकृष्णकी आराधनामें श्रीकृष्ण ही फल होते हैं और वे ही साधन भी होते हैं, परंतु श्रीकृष्णप्राप्त्यर्थ कात्यायनीकी आराधनामें श्रीकृष्ण फल ही हैं, उनमें साधनताका निवेश नहीं है। केवल शुद्ध फल श्रीकृष्णके लिये श्रीकुमारिकाओंका कात्यायनी-व्रत अद्भुत कृष्णप्रेमका साधन है। वे अरुणोदयके समय ही कालिन्दीके निर्मल जलमें स्नान करके जलके समीपमें ही देवीकी सिकता (बालुका)-मयी मूर्ति बनाकर पूजा करती थीं। यौवन-संचारके पहले ही श्रीकृष्ण-प्रेममें मोहित होकर वे उन्हें पति चाहने लगी थीं। महानुभावोंने

चीरहरण १४७ कहा है कि व्रजकुमारिकाओंके अंगोंमें अनंगका संचार तो अवस्थाक्रमसे ही हुआ, परंतु सांग श्रीश्यामसुन्दर तो बहुत पहले ही उनके अंग ही क्या, अन्तरात्मा, अन्तःकरण, प्राण, इन्द्रियों एवं रोम-रोममें प्रविष्ट हो गये थे। वे सुगन्धित पुष्पों, बलियों, धूप, दीप एवं प्रवाल, फल, तण्डुल आदि नाना प्रकारके उच्चावच उपहारोंसे श्रीकात्यायनीका पूजन करती थीं। कभी-कभी प्रेममें पूजाका क्रम विस्मृत हो जाता था। श्रीकात्यायनीकी प्रार्थना करती हुई कहती थीं— ‘हे कात्यायनी! आप कात्यायनमुनिवंशप्रकाशक होनेसे परम धर्मदात्री हो। हे महायोगिनी! आप अघटितघटना- पटीयसी हो, अतः हमारे लिये दुर्घट श्रीकृष्ण वर- सम्मिलन भी आपकी कृपासे संगत होगा। हे अम्ब! आप ही अधीश्वरी सर्वोत्कृष्ट स्वामिनी हो। आपको छोड़कर हम सब किसकी शरण जायँ। हे देवि! श्रीमन्नन्दगोप राजकुमारको ही हमारा पति बनाओ। उनकी आराधनासे भी यह सिद्ध हो सकता है, किंतु उनके लिये उन्हींसे प्रार्थना करना रसानुकूल नहीं है। आपकी प्रसन्नताके लिये हम आपको नमस्कार करती हैं।’— कात्यायनि महामाये महायोगिन्यधीश्वरि। नन्दगोपसुतं देवि पतिं मे कुरु ते नमः। (श्रीमद्भा० १०।२२।४) परम प्रेमोल्लासवश श्रीव्रजकुमारिकाएँ श्रीदेवीकी पूजामें प्रवृत्त हुई हैं, इसमें अनन्यताका व्याघात नहीं होता। भगवत्-प्रेम गन्धके सम्बन्धी गन्धवाह वायुको भी प्रेमी स्पर्श करते हैं। शुद्ध प्रेम ही परम पुरुषार्थ है, अन्यान्य देवतोपासना आदि तो साधनमात्र है। परम साध्यस्वरूप प्रेमके प्रसंगमें वह गौण हो जाता है। प्रेममें माधुर्यभावकी ही प्रधानता रहती है। वहाँ ऐश्वर्यकी स्फूर्ति नहीं होती। अनन्य भक्ति बिना ऐश्वर्यस्फूर्ति नहीं होती। माधुर्यानुभवकालमें ऐश्वर्यका अनुभव होनेपर आश्चर्य होता है। अहो! प्रेमसे ही व्रजांगनाओंने भगवान्‌को वशमें कर लिया, जिसे कि ब्रह्मा आदि न पा सके, परंतु अपनी स्वाभाविकी दृष्टिसे व्रजांगना केवल शुद्ध-माधुर्यका ही आदर करती थीं। यह कात्यायनी-अर्चन-व्रत शुद्ध मधुर प्रेमका ही विलास है। अतएव वे उनसे 'भगवान् पति दो' ऐसा न कहकर नन्दगोपराजकुमार पति माँगती हैं। ऋषिरूपा होनेके कारण उन्हें इस मन्त्रका प्रत्यक्ष हुआ। यहाँ कात्यायनी आधिदैविकी संहारिणी शक्ति हैं। अतः भगवान्‌की अप्राप्तिके हेतुभूत प्रतिबन्धको वे ही दूर कर सकती हैं। भगवत्प्राप्ति-प्रतिबन्धक दुरदृष्ट मिटानेका साधन तप भी है, परंतु वह तो ऋषिरूपा कुमारिकाओंमें पहलेसे ही सिद्ध है। अतः आधिदैविक प्रतिबन्धक मिटानेके लिये आधिदैविकी महाशक्ति कात्यायनी ही समर्थ हैं। कहा जा सकता है कि यदि आधिदैविक प्रतिबन्धक है, तब तो वह भगवान्‌की इच्छासे ही होगा, फिर इसकी निवृत्ति कैसे होगी? परंतु वह महाशक्ति महाभागा है। अल्पभागा होनेसे उन्हें भगवान्‌की आज्ञा न होती, श्रीयशोदाके यहाँ जन्म न होता। अतः महाभागा भगवती कात्यायनीकी प्रार्थनासे प्रभु अपनी इच्छाको भी भगवतीके इच्छानुगुण कर देंगे। हे देवि! आप प्रभुकी ज्येष्ठा भगिनी हैं। सब तरहसे आप हमारे मनोरथको पूरा कर सकती हैं। यदि आप यह कहें कि यह प्रतिबन्ध हमसे नहीं दूर हो सकता तो ठीक नहीं; क्योंकि आप महायोगिनी हैं। यदि आप देवकीके उदरसे बलरामको रोहिणीके उदरमें पहुँचा सकती हैं तो मेरे भगवत्प्राप्ति-प्रतिबन्धक आधिदैविक दुरदृष्टको क्यों नहीं मिटा सकतीं? यदि कहें कि यह आधिदैविकी प्रतिबन्धक शक्ति अत्यन्त बलवती है तो भी देवि! आप अधीश्वरी हैं। भगवान्‌की आप अन्तरंग शक्ति हैं। सर्वप्रकारसे आप व्रजराजकुमारको हमारा पति बना सकती हैं। यदि यह कहो कि भगवान् किसीके पति नहीं हो सकते तो यह भी ठीक नहीं; क्योंकि जब श्रीव्रजराजके कुमार हो गये तो हमारे पति बननेमें क्या आपत्ति है? फिर आप देवी हो, किसी अलौकिक रीतिसे भी आप यह कार्य कर सकती हो। हम इसके

१४८ भक्तिसुधा बदलेमें आपका केवल नमन कर सकती हैं। इस तरह नन्दव्रजकुमारिका श्रीकृष्णमें आसक्त- मन होकर भद्रकाली भगवतीकी अर्चना किया करती थीं। उषाकालमें ही उठकर अपने-अपने वर्गोंसे आहूत होकर अन्योऽन्याबद्धबाहु होकर उच्च स्वरसे श्रीकृष्णका ही गायन करती हुई प्रतिदिन कालिन्दी नहाने जाती थीं। थोड़े ही कालके आराधनसे उनका मन श्रीकृष्णमें आकर्षित हो गया। व्रतका फल यह भी है, परंतु अभी महाफल अवशिष्ट ही है। अस्तु, पूर्णमासीके दिन नित्य प्रतिके समान ही तीरपर आकर पूर्ववत् वस्त्रोंको खोलकर श्रीकृष्णके मंगलमय यशका गायन करती हुई प्रसन्नतासे जल-विहार करने लगीं। व्रतकी पूर्तिका दिन था, प्रसन्नतासे देहानुसन्धानशून्य होकर मानस, वाचिक, कायिक तन्मयतासे श्रीकृष्ण- यश गाती हुई विहार करने लगीं। कुछ भावुकोंका कहना है कि रास-क्रीड़ाके समान अन्योऽन्य- बाहुबद्ध होकर गोपांगनागण परिवेष्टित श्रीकृष्णका यश गाती हुई कालिन्दीमें विहार करने लगीं। कालिन्दीके अवगाहनसे सब प्रकारके दोष दूर होते हैं। ‘कलिं द्यति खण्डयति इति कलिन्दः, तस्यापत्यं कन्या कालिन्दी’। इस व्युत्पत्तिके अनुसार कलिन्दपर्वत ही कलिदोषको दूर करनेवाला है। उसकी कन्यामें भी वे ही सब गुण हैं। अतः कालिन्दी-श्रीयमुनाजीका सेवन करनेसे उन गोप-कुमारिकाओंका परस्पर कलह, भगवान्‌के साथ कलह और कलिकालके दोष दूर होंगे। पुनः अत्यन्त शुद्ध होनेपर श्रीकृष्णप्राप्तिकी योग्यता सम्पन्न होगी। यमुनास्नानका माहात्म्य भावुकोंका कहना है कि श्रीयमुनामें स्नान करते ही प्राणीको श्रीकृष्ण-सम्मिलनकी योग्यता हो जाती है। प्राकृत स्त्रीत्व-पुंस्त्वभाव वर्जित होकर शुद्ध गोपांगना-भावकी प्राप्ति ही रसोपासनाका मूल है। वेदान्तियोंके समान ही रसिकोंके यहाँ भी पहले ‘त्वं’ पदार्थका शोधन अपेक्षित होता है। स्वरूपनिष्ठाके अनन्तर ही निखिल रसामृतमूर्ति श्रीकृष्णकी रसोपासनाका अधिकार प्राप्त होता है। यह सब भाव बहुकालके परिश्रमसे सिद्ध होता है, परंतु श्रीकालिन्दीके सेवनसे सहजहीमें यह भाव मिल जाता है। योगेश्वरेश्वर भगवान् श्रीकृष्ण व्रजांगनाओंके व्रतका अभिप्राय जानकर, उस कर्मकी सिद्धिके लिये ही अपने दाम, सुदाम, वसुदाम, किंकिणी, गन्ध-पुष्पकादि परम अन्तरंग सखाओंसे परिवृत होकर वहाँ गये। ये सखा श्रीकृष्णके साक्षात् अन्तःकरण ही हैं। भगवान्स्तदभिप्रेत्य कृष्णो योगेश्वरेश्वरः। वयस्यैरावृतस्तत्र गतस्तत्कर्मसिद्धये॥ (श्रीमद्भा० १०।२२।८) यह लीला अलौकिक एवं अप्राकृत है, यही बात प्रदर्शित करनेके लिये इस श्लोकमें श्रीकृष्णके लिये भगवान् और योगेश्वरेश्वर इत्यादि विशेषण आये हैं अर्थात् भगवान् व्रजकुमारिकाओंकी शुद्धभावनासे की गयी आराधनासे सन्तुष्ट होकर उनकी कर्मसिद्धिके लिये पधारे हैं, गोपियोंके नग्न अंग देखनेके लिये नहीं। योगसिद्ध प्राणी भी प्रत्याहारद्वारा इन्द्रियोंपर विजय प्राप्त कर लेता है, फिर योगेश्वर तो सर्वज्ञता, सत्य-संकल्पता आदिके स्वामी होते हैं, उनके मनमें ऐसी वासनाओंका जाग्रत् होना नितान्त असम्भव है। फिर महा-महायोगेश्वर, जिनके पादपंकजका सेवन करते हैं, वे योगेश्वरेश्वर भगवान् श्रीकृष्ण अजातयौवन उन कुमारिकाओंका नग्न अंग देखनेकी ही रुचिसे वहाँ गये, ऐसी दुर्भावना जिनके मनमें उठे, उनसे अधिक हतभाग्य कौन हो सकता है? नन्ददासजीने श्रीकृष्ण और व्रजांगनाओंके सम्बन्धको इसी रूपमें दिखलाया है। ‘तरंगन वारि ज्यों’। जैसे तरंगके प्रत्यंशमें वारि भरपूर है, वैसे ही व्रजांगनाओंके अन्तरात्मा-अन्तःकरण किं बहुना रोम-रोममें श्रीकृष्णरस भरपूर है। परमानन्दरसामृतसिन्धुकी तरंगस्थानीया व्रजांगनाओंकी अपेक्षा भी परमानन्द रसामृतसारसर्वस्व श्रीकृष्णकी माधुर्याधिष्ठात्री महालक्ष्मी अधिक अन्तरंग हैं। जैसे अमृत स्वयं अभेद- सम्बन्धसे अपनी मधुरिमाका अनुभव करे, उसी तरह

चीरहरण १४९ निखिल रसामृतमूर्ति श्रीकृष्ण अपनी माधुर्याधिष्ठात्री महालक्ष्मी श्रीवृषभानुनन्दिनीका अनुभव करते हैं। नायिका-नायकके रूपकसे जीवात्मा-परमात्माके सम्मिलनका वर्णन किया जाता है। अत्यन्त अभिन्न सदा सम्मिलितस्वरूपमें भी वियोग एवं तज्जन्य व्याकुलता आदिकी प्रतीति होती है। सो तैं ताहि तोहि नहिं भेदा। बारि बीचि इव गावहिं बेदा॥ (रा०च०मा० ७।१११।६) कर्मयोग और भक्तियोगकी विलक्षणता कुछ महानुभावोंका कहना है कि नन्द- व्रजकुमारिकाओंके कात्यायनी-अर्चन-व्रतमें चार दोष आ गये। भले ही वे भक्तिमार्गके गुण हों, परंतु कर्ममार्गमें तो दोष ही हैं। कालिन्दी-स्नानमें मौन और सवस्त्र होना आवश्यक था, परंतु ये वस्त्रनिक्षेपपूर्वक कृष्णयशगान करती हुई स्नानमें प्रवृत्त हुईं। अतः मौनका त्याग और वस्त्रका त्याग—ये दो दोष हुए और व्रत-नियममें रहकर क्रीड़ा और देहविस्मरण भी दोष ही हैं। कर्ममें किसी प्रकारकी व्यंगता न आये, सम्यक् रूपसे उसका अनुष्ठान हो, इसलिये ही कर्म फलनिरपेक्ष एवं असक्त होकर कर्मोंके अनुष्ठानका आदेश किया जाता है। क्योंकि ऐसा होनेसे कर्तव्यबुद्ध्या तत्परतासे कर्मोंका ही अनुष्ठान किया जाता है, फलापेक्षया उसमें गौणता बुद्धि या असावधानी नहीं आने पाती। कर्मफलकी चिन्ता और आसक्तिसे साधकको कर्मानुष्ठानमें उचित सावधानी नहीं रह जाती। ऐसी स्थितिमें कर्मकी व्यंगता अवश्य हो जाती है। लीलावती, कलावतीको सत्यनारायण-व्रत-कथामें प्रीति एवं विश्वास था, परंतु जब उन्होंने पति और जामाताका आगमन सुना, तब लीलावती पति- सम्मिलनकी उत्सुकतावश पुत्रीको पूजामें लगाकर, स्वयं पूजा छोड़कर पतिसे मिलने चली गयी। पुत्री भी उसी उत्सुकताके कारण पूजा समाप्तकर, बिना प्रसाद-ग्रहण किये ही चली गयी। बस, व्रतमें व्यंगता आ गयी, अन्ततोगत्वा फिर विघ्न भी खड़ा हो गया। इधर व्रजकुमारिकाओंको भी व्रत-फल, श्रीकृष्ण- प्राप्तिकी उत्सुकतासे व्रतके नियमोंका स्मरण नहीं रहा। जन्मजन्मान्तरों, कल्पकल्पान्तरोंकी श्रीकृष्ण- सम्मिलन-वाञ्छाका प्रवाह कैसे रोका जाय? श्रीकृष्ण- प्रेमोन्मादमें उन्हें कर्म और उसके नियम भूल गये। वे विभोर होकर वस्त्र और मौन—दोनोंको त्यागकर श्रीकृष्णका यशगान करने लगी थीं। प्रेमोन्मादमें ही जल-क्रीड़ा करती-करती देह, दैहिक समस्त प्रपंचको भूल गयी थीं। ये सब कर्ममार्गमें अवश्य दोष हैं, परंतु प्रेममार्गमें तो ये ही सब गुण हैं, प्रेमी तो उसी पूजाको सफल और सांग मानते हैं, जिसमें आराध्य- देवकी स्मृति एवं तन्मयतामें पूजा और उसकी सामग्री विस्मृत हो जाय। हाँ तो भक्ति-सिद्धान्तके गुणोंसे प्रसन्न होकर भगवान् कर्ममार्गके दोषोंसे उत्पन्न हुई व्यंगताको दूर करनेके लिये प्रकट हुए। याज्ञिक लोग उनकी स्मृति और नामोक्तिसे ही कर्मच्छिद्र दूर किया करते हैं— यस्य स्मृत्या च नामोक्त्या तपोयज्ञक्रियादिषु। न्यूनं सम्पूर्णतां याति सद्यो वन्दे तमच्युतम्॥ श्रीकृष्ण उनके हितकारी परमानन्दरस स्वरूप हैं और योगेश्वरेश्वर हैं। अतः अन्तःस्थित सब प्रकारके दोषोंके निकालनेमें समर्थ हैं। योगेश्वर लोग योगबलसे अन्तःप्रविष्ट होकर दोषको दूर करते हैं, फिर योगेश्वरेश्वरकी तो बात ही क्या है? कुछ महानुभावोंने 'योगेश्वरेश्वर' इस शब्दमेंसे यह अभिप्राय निकाला है कि भगवान् योगेश्वरोंके भी ईश्वर हैं, अतएव उन अपरिगणित व्रजकुमारिकाओंमें प्रत्येकका मनोरथ पूर्ण कर सके और व्रजकुमारिकाओंके नेत्रोंके सामने रखे हुए सभी वस्त्रोंके चुरानेमें समर्थ हुए। प्राणत्यागसे भी अधिक दुष्कर जिनका लज्जात्याग था, उन कुल-कुमारियोंको जलसे निकालकर निरावरण- रूपसे नमन करानेका सामर्थ्य भी उन्हींमें था, फिर निर्जन प्रदेशमें उनके निरावरण सर्वांगका दर्शन करनेपर भी, अत्यन्त स्वाधीन परम सुन्दरियोंका सम्भोग आदि न करना भी योगेश्वरेश्वर श्रीभगवान्का ही कार्य है।

१५० भक्तिसुधा ऐश्वर्यस्य समग्रस्य धर्मस्य यशसश्श्रियः । ज्ञानवैराग्ययोश्चैव षण्णां भग इतीरणा ॥ (श्रीविष्णुपुराण ६।५।७४) समग्र ऐश्वर्य, सम्पूर्ण धर्म, सम्पूर्ण यश, सम्पूर्ण श्री एवं सम्पूर्ण ज्ञान, वैराग्य जिनमें विद्यमान हों, उन्हें भगवान् कहा जाता है। भिन्न-भिन्न साधकोंमें भगवान्‌की कृपासे भगवान्‌का ही कुछ (असमग्र या असम्पूर्ण) ऐश्वर्य एवं धर्म प्राप्त होता है। यही स्थिति ज्ञान-वैराग्यकी भी है। साधारण धर्मात्मा पुरुष भी नग्न कुमारीको या परस्त्रीको देखनेके लिये उत्सुक नहीं होते। सम्पूर्ण रूपसे धर्म जिसमें विराजमान है, उनकी ऐसी उत्सुकता क्यों होगी? कोई भी वैराग्यवान् एवं ज्ञानवान् मायामय विषयोंके प्रलोभनमें नहीं फँसता, फिर सम्पूर्ण वैराग्य, ज्ञानसम्पन्न भगवान् व्रजकुमारिकाओंके सुन्दर निरावरण अंगमात्र देखनेके लिये ऐसा कैसे कर सकते थे? भगवान्‌का व्रजकुमारिकाओंके साथ परिहास अतएव भावुकोंका कहना है कि यह उन व्रजकुमारिकाओंकी विशेषता है। भगवान्‌ने अपने अद्भुत माधुर्यादि लोकोत्तर चमत्कारसे समग्र ज्ञान- वैराग्यवान् सनकादि, शुकादि मुनीन्द्रोंके मनको खींच लिया है। अतएव अत्यन्त निःस्पृह, निष्काम होनेपर भी भगवान्‌में उन सबका आकर्षण हुआ, परंतु ये व्रजांगनाएँ भगवान्‌से भी अधिक गुणवती हैं, अतः अपने लोकोत्तर प्रेमसे समस्त ज्ञान-वैराग्यवान्‌के मनको भी खींच लिया। इसीलिये कहा है कि समस्त जीव तो भगवान्‌के साथ रमण करनेके लिये सदा लालायित रहते ही हैं; किंतु अहोभाग्य उन लोगोंका है, जिनके साथ रमण करनेके लिये भगवान् उत्सुक हैं। यह केवल विशुद्ध प्रेमकी ही महिमा है कि उनके कर्म सिद्ध करनेके लिये वयस्योंसे समावृत भगवान् पधारे। बड़ी शीघ्रतासे उनके वस्त्रोंको लेकर कदम्बपर चढ़ गये और हँसते हुए बालकोंके साथ उनसे इस तरह परिहास करने लगे—क्यों शीतल जलमें कम्पित हो रही हो? निकलकर शुष्क वस्त्र धारण करो अथवा हे व्रज-बालिकाओ! इस कदम्बकी शाखामें इतने वस्त्रोंको किसने लाकर बाँधा है? क्या आप सब जानती हैं? मैं तो गौ चराते हुए दूरसे यह देखकर कि मेरे कदम्बमें आज विचित्र वस्त्रोंके ही फल-फूल लगे हैं, अभी इसपर चढ़ा हूँ। यदि आपलोग यह कहें कि ये हमारे वस्त्र हैं तो यह तो सम्भव नहीं। तुम्हारे वस्त्र इतने ऊँचे कैसे चढ़ सकते थे? यदि कहो कि तुम्हींने चुराकर इतने ऊँचे रख दिया है तो ठीक है। क्या यह भी कहनेका साहस करोगी? क्या नन्दरायका पुत्र मैं चोर हूँ? क्या तुमलोग मथुरास्थ कंसके पास जाना चाहती हो? यदि कहो कि वस्त्र ही देखो-पहचानो, यह पुरुषके वस्त्र हैं या स्त्रीके हैं? परंतु क्या इस संसारमें तुम्हीं स्त्री हो और कोई स्त्री नहीं है? यदि कहो कि यह ठीक है, परंतु इस निर्जन वनमें हम व्रजबालाओंको छोड़कर और कौन स्त्री आ सकती है? अये! रहःसंचारिणी व्रजबालाओ! क्या आप ही लोग रहस्य क्रीड़ा करती हैं? यदि कहो कि हमलोग यहाँ खेलने नहीं आतीं, अपितु कदम्बदेवता श्रीदुर्गाकी पूजा करने आती हैं तो भी क्या तुम्हीं दुर्गाकी पूजा करती हो? अये मुग्धाओ! यहाँ तो प्रत्येक अर्धरात्रमें वैमानिकी देवियाँ आकर दुर्गाकी पूजा करती हैं। यदि कहो कि ठीक है, परंतु वे वस्त्र छोड़कर क्यों जातीं? परंतु बालाओ, तुम इस तत्त्वको नहीं जानतीं। आज पुनः पूजाके लिये वे वस्त्र छोड़ गयी हैं। व्रजबालाएँ कहती हैं—हे कृष्ण! आप ही इस रहस्यको नहीं जानते, ये वस्त्र हमारे ही हैं।' श्रीकृष्णने कहा—व्रजबालाओ! यदि सचमुच ये तुम्हारे ही वस्त्र हों तो आओ, अपना-अपना वस्त्र पहचानकर विश्वासके लिये शपथ करके ले लो। चाहे सब लोग साथ ही आओ, चाहे दो-तीन मिलकर अथवा एक-एक ही आओ। मिलकर आनेमें भीड़में कोई लोभवती अधिक वस्त्र भी ले सकती है। यदि न आओगी तो वस्त्र नहीं मिलेंगे। यदि समझती हो कि मैं कपटी हूँ, मुझपर विश्वास नहीं है तो मैं

चीरहरण १५१ शपथपूर्वक सत्य कहता हूँ, आपलोग व्रतोंसे कर्षित (दुर्बल) हैं। मैं परिहास नहीं करता हूँ, आप तपस्विनियोंपर दया, भक्ति एवं धर्मका भी भय है, यदि मुझे मिथ्यावादी समझकर अविश्वास करती हो तो भी ठीक नहीं, क्योंकि मैंने कभी भी इस जन्ममें इतनी अवस्थातक झूठ जाना ही नहीं। इस बातको यह सब बालक जानते हैं। यदि कहो कि दूरसे ही इस जलमें वस्त्रोंको फेंक दो या बालकोंद्वारा भेज दो, सो भी ठीक नहीं, क्योंकि ये वस्त्र तुम्हारे हैं या अन्यके, यह नहीं जाने जाते। धार्मिक लोग दूसरोंकी वस्तुओंको नखाग्रसे भी नहीं छूते। अतः तुम्हीं लोग आकर अपने-अपने वस्त्रोंको पहचानकर ले लो। हम दूसरोंकी वस्तुको न लेते हैं, न देते हैं, न छूते हैं। यदि यह समझती हो कि हम लोग कुलकुमारी हैं, तुम्हारे पास आनेमें डरती हैं तो पहले तुममेंसे कोई एक साधारण बाला आये, फिर देख लेना यदि उसके साथ कोई विडम्बना हो तो न आना। अथवा तुम सब मिलकर आओगी तब तो कोई डर ही नहीं है। अये सुमध्यमाओ! तुम्हें आनेमें क्यों संकोच होता है? व्रजांगनाओ! आपलोग जो कहती हैं कि हम राजासे जाकर कहेंगी तो यह सब निरर्थक है; क्योंकि अभी तो आपलोग नग्न हैं, ऐसी अवस्थामें न कंसके पास जा सकती हो, न श्रीनन्दरायके पास ही जा सकती हो। दूसरा कोई तुम्हारे पास है भी नहीं, तब आपलोग राजाके पास कैसे जा सकेंगी? यदि आपलोग अपनेको मेरी दासी कहती हैं और हमारी आज्ञा मानती हैं तो यहाँ आकर अपना वस्त्र लो। प्रेममयी कुमारिकाओंद्वारा अपने वस्त्रोंकी याचना भगवान्के ऐसे परिहास-वचनोंको सुनकर कृष्णाकृष्टचेता होकर शीतल जलमें आकण्ठमग्ना होकर प्रेमर्तिपुरःसर 'हे अंग' ऐसा सम्बोधन करती हुई बोलीं— मानयं भोः कृथास्त्वं नो नन्दगोपसुतं प्रियम्। जानीमोऽङ्ग व्रजश्लाघ्यं देहि वासांसि वेपिताः ॥ (श्रीमद्भा० १०।२२।१४) ऐसा अन्याय मत करो, हम तो आपको व्रजशिरोमणि, प्रियतम, श्रीनन्दरायका पुत्र समझती हैं, हम काँप रही हैं, वस्त्र दे दो। ऐसा कहकर सब प्रेमसागरमें निमग्न हो गयीं। प्रियतमके प्रेमालापमें मनोलोप हो गया, बाह्य दृष्टिसे परस्पर एक-दूसरीको देखती हुई कहती हैं—'अयि कमलेक्षणे ! श्यामसुन्दर तुम्हें बुलाते हैं।' दूसरी कहती हैं—'अयि सुधामुखी ! तुम्हीं जाओ, इन्हें सुधा पान करा दो।' इस तरह परस्पर परिहास करती रहीं, निकलीं नहीं। श्रीकृष्णके रसमय रहस्य वचनोंको सुनकर कुमारिकाएँ रसाविष्ट हो गयीं। उसी स्थितिमें उन्हें आन्तर दृष्टिसे ही श्रीकृष्ण-सम्बन्ध प्राप्त हुआ। बाह्य ज्ञान होनेपर, लज्जित होकर, प्रत्यक्षके समान श्रीकृष्ण-सम्बन्ध मानकर, संवादार्थ अन्योऽन्यका वीक्षण करने लगीं। अन्योऽन्यका ज्ञान न होनेसे कौतुकमय रसका आस्वादन करती हुई हँसने लगीं, और कहने लगीं—'अये सखि ! जब प्रियतम श्रीकृष्णके बिना रह सकना असम्भव ही है, तब फिर मनमोहनकी ही रुचिका पालन करो। लज्जाको जलांजलि दो', बस हाथोंसे अंगोंका आच्छादन करके निकलीं। प्रीतिकी यही विशेषता है कि प्रियतमके सम्बन्धसे तीव्रातितीव्र दुःख भी परमानन्दमय होकर प्रतीत हो। वेश्याको नहीं, किंतु एक साध्वी सती पतिव्रताके लिये सर्वाधिक कष्ट लज्जात्यागमें ही होता है। प्राणोंका परित्याग उनके लिये सरल है, परंतु लज्जात्याग अतिदुष्कर है, किंतु श्रीकृष्णप्रेममें श्रीकृष्ण-सम्बन्धसे उसको भी वे सहन कर सकीं। महानुभावोंने इस सम्बन्धमें भी उनका महत्त्व गाया है। दुस्त्यज्य त्यागके कारण व्रजांगनाओंकी दिव्य महिमा आसामहो चरणरेणुजुषामहं स्यां वृन्दावने किमपि गुल्मलतौषधीनाम्। या दुस्त्यजं स्वजनमार्यपथं च हित्वा भेजुर्मुकुन्दपदवीं श्रुतिभिर्विमृग्याम्॥ (श्रीमद्भा० १०।४७।६१)

१५२ भक्तिसुधा श्रीउद्धवजीका कहना है—'अहो! इन श्रीव्रजांगनाओंके पाद-पंकज-रज-सेवन करनेवाले वृन्दावनके गुल्म, लता, औषधियोंमें कुछ मैं भी हो जाऊँ; क्योंकि इन्होंने दुस्त्यज स्वजन एवं आर्यपथको छोड़कर श्रुतिविमृग्य मुकुन्दपदवीका सेवन किया।' यहाँ साफ विदित होता है कि स्वैरिणी वेश्याओंके समान इनके लिये लज्जा या आर्यधर्मका त्याग सुगम नहीं था; किंतु जैसे दुर्व्यसनीको दुर्व्यसन दुस्त्यज होता है, माता, पिता, गुरुजनों एवं शास्त्रोंके उपदेश और अपने चाहनेपर भी नहीं छूटता, वैसे ही सुदृढ़ व्रजांगनाओंकी आर्य-धर्मनिष्ठा थी। स्वैरिणियोंको आर्यधर्मसे सम्बन्ध ही नहीं होता, तब वह उन्हें दुस्त्यज क्यों होगा? परंतु यहाँ तो आर्यधर्म अत्यन्त दुस्त्यज था। तभी उसको त्यागकर श्रीकृष्णके भजनेका लोकोत्तर माहात्म्य है। आर्यपथको सुरक्षित रखकर श्रीकृष्णको भजनेवालोंसे भी इनका माहात्म्य अधिक है। अतएव यद्यपि स्वकर्मसे भगवान्‌का आराधन करना प्रथम कोटि है— 'स्वकर्मणा तमभ्यर्च्य सिद्धिं विन्दति मानवः॥' (गीता १८।४६) तथापि उससे भी ऊँची एक कोटि और है, जहाँ सर्वकर्म-संन्यास करके एकमात्र भगवत्परायण हुआ जाता है— 'नैष्कर्म्यसिद्धिं परमां संन्यासेनाधिगच्छति॥' (गीता १८।४९) आज्ञायैवं गुणान् दोषान् मयादिष्टानपि स्वकान्। धर्मान् सन्त्यज्य यः सर्वान् मां भजेत स सत्तमः॥ (श्रीमद्भा० ११।११।३२) यहाँ ध्यान देनेकी बात है कि दुस्त्यज त्यागके कारण ही श्रीव्रजांगनाओंकी दिव्य महिमा है। विशेषता यह है कि किसीको दुराचार, दुर्विचार एवं तद्भावनाजन्य दुर्व्यसन दुस्त्यज होता है, परंतु यहाँ तो आर्यपथ ही दुस्त्यज है। आर्यपथपर चलकर उच्छृंखल पथका त्याग किया जाता है, यह धर्मनिष्ठाकी अद्भुत महिमा है कि आर्यपथ दुस्त्यज हो जाय। वेश्याओंके लिये क्या आर्यमार्ग दुस्त्यज है? जिसने जिसका संस्पर्शतक न किया, वह उसके लिये दुस्त्यज कैसे हो सकता है? इसीलिये वेदोंने पहले पहल श्रौतस्मार्त-कर्मानुष्ठान- रूप आर्यमार्गके आश्रयद्वारा उच्छृंखल पथरूप स्वाभाविक कामकर्मज्ञानके त्यागका आदेश किया है। जैसे किसी दुराचारीको दुराचारका दुर्व्यसन हो जाता है, फिर माता-पिता, गुरुजनों एवं शास्त्रोंके शतशः निषेधसे भी उन दुर्व्यसनोंसे निवृत्ति कठिन हो जाती है। जो प्राणी माता-पिता, गुरुजनोंके आदेशानुसार वेदादि सच्छास्त्रोक्त धर्मोंका सेवन करने लगता है, फिर शनैः-शनैः उसके उच्छृंखलता-सम्बन्धी समस्त संस्कार छूट जाते हैं और सद्धर्मके संस्कार सुस्थिर हो जाते हैं। यहाँतक कि फिर उसे सद्धर्मका ही सद्व्यसन हो जाता है और उसका भी छूटना कठिन हो जाता है। पहले-पहल जब पाशविक कर्मोंकी प्रधानता रहती है, तबतक सत्कर्मोंमें प्रवृत्ति दुष्कर होती है। अतएव कर्मोंका प्रशंसन करके उनका विधान किया जाता है, परंतु सत्कर्मानुष्ठानद्वारा दुष्कर्मोंका त्यागकर जब सत्कर्मनिष्ठाके संस्कार दृढ़ हो जाते हैं, तब नैष्कर्म्यप्राप्तिके लिये या निदिध्यासनादि तत्परता-सम्पादनके लिये उनका त्याग करना अभीष्ट है। एतदर्थ उनका त्याग अभीष्ट होता है। त्यागके लिये ही कहीं-कहीं कर्मोंकी निन्दा भी की गयी होती है—'प्लवा ह्येतेऽदृढा यज्ञरूपाः'। यह एक सर्वसम्मत नियम है कि किसी पदार्थकी स्तुति उसके ग्रहणके लिये और निन्दा उसके त्यागके लिये की जाती है। उच्छृंखलता और पाशविकता स्वाभाविकी है। श्रौतस्मार्तशृङ्खलानिबद्ध चेष्टा दुर्लभ है। रागप्राप्त द्रव्य-क्रियादिकी निन्दाद्वारा निषेध करके स्वतः अप्राप्त धर्मका प्रशंसा-पुरस्सर विधान किया जाता है। श्रीव्रजांगनाएँ पूर्ण स्वधर्मनिष्ठाद्वारा पाशविकी भावनाओंसे अत्यन्त असंस्पृष्ट रहीं। स्वधर्मनिष्ठा उनकी इतनी दृढ़ थी कि जैसे दुर्व्यसनीको दुर्व्यसन दुस्त्यज होता है, वैसे ही उनकी धर्मनिष्ठा आर्यधर्म दुस्त्यज था। जिस समय श्रीकृष्णने अपने अमृतमय

चीरहरण १५३ मुखचन्द्रपर वेणुको धारण करके उसे सुमधुर अधरसुधासे पूरितकर बजाया; उस समय व्रजांगनाएँ अपने जातिधर्म, वर्णधर्म, आश्रमधर्म एवं कुलधर्ममें लगी थीं। कोई गोदोहन कर रही थीं, कोई पति-शुश्रूषामें लगी थीं तो कोई शिशुओंको पयःपान करा रही थीं। व्रजांगनाओंने अपनी रुचिसे कर्मोंका त्याग नहीं किया, किंतु श्रीकृष्णमुखचन्द्र-निर्गत वेणुगीतपीयूषके सम्पर्कसे श्रीव्रजांगनाओंके हृदयस्थ प्रेममहार्णवके उद्वेलित हो जानेपर वे अपनेको सम्भाल न सकीं। जैसे गंगाके तीव्र प्रवाहमें पड़कर शतधा बचनेका प्रयत्न करनेपर भी प्राणीको बहना ही पड़ता है, वैसे ही वेणुगीत- समुद्बुद्ध प्रेमप्रवाहमें व्रजांगनाएँ बह चलीं। शतधा बचनेका प्रयत्न करनेपर भी वे श्रीमद्वृन्दारण्यधामवर्ती व्रजचन्द्र श्रीकृष्णके पास पहुँच गयीं। जैसे ग्रहगृहीत प्राणी अपने वशमें नहीं होता, वैसे ही श्रीकृष्ण- ग्रहगृहीतात्मा होकर वे अस्वतन्त्र हो गयीं— निशम्य गीतं तदनङ्गवर्धनं व्रजस्त्रियः कृष्णगृहीतमानसाः। (श्रीमद्भा० १०।२९।४) इससे विदित होता है कि व्रजांगनाओंकी आर्यधर्मनिष्ठा कितनी अविचल थी। पाशविकी चेष्टा उनको वशमें तो क्या, स्पर्शतक नहीं कर सकती थी, किंतु लोकोत्तर श्रीकृष्णप्रेमने ही उन्हें स्वजन और आर्यधर्मत्यागद्वारा संन्यासके लिये बाध्य किया। जैसे कोई कर्मनिष्ठ कर्मोंके महाफलभूत भगवत्-साक्षात्कारके लिये ही सर्वकर्मोंका संन्यास करता है, वैसे ही सर्व धर्मोंके महाफल श्रीकृष्णप्रेमके लिये ही व्रजांगनाओंने सर्वधर्मोंका संन्यास किया। कोई त्याग पतनका मूल और कोई परम कल्याणका मूल होता है। किसी व्यभिचारी (जीव)- के लिये स्त्रीका आर्यधर्म त्याग करना महापाप है, परंतु परमात्मा श्रीकृष्णके लिये आर्यधर्मका भी संन्यास युक्त ही है। साध्यप्राप्ति होनेपर साधनका संन्यास स्वाभाविक ही है। काम, क्रोध और लोभ आदिसे अपने कर्मोंका संन्यास पाप है, परंतु सर्वचेष्टा- विवर्जित निर्विकल्पसमाधिद्वारा ब्रह्मसाक्षात्कारके लिये सर्वकर्मोंका संन्यास युक्त ही है। विवेकियोंने कर्मोंको ही कर्मसंन्यासद्वारा नैष्कर्म्यका मूल बतलाया है। वेदोक्तमेव कुर्वाणो निःसङ्गोऽर्पितमीश्वरे। नैष्कर्म्यां लभते सिद्धिं रोचनार्था फलश्रुतिः॥ (श्रीमद्भा० ११।३।४६) धर्म, राष्ट्र एवं शरणागतकी रक्षाके लिये प्राणोंका त्याग बड़े महत्त्वका है, किंतु कंचन-कामिनीके लिये चोरी-व्यभिचारादिद्वारा प्राणत्यागका महत्त्व नहीं है, अपितु महापापका मूल है। ठीक ऐसे ही सर्वकर्म- समर्पणीय भगवान्के लिये सर्वकर्मोंका त्याग संन्यास शब्दसे आदरणीय होता है। अन्य लौकिक पदार्थोंके लिये आर्यधर्मका त्याग महापाप है। दुस्त्यज दुर्व्यसन एवं पाशविकी चेष्टाओंको दूर करनेके लिये दुस्त्यज धर्मनिष्ठाकी अपेक्षा होती है और फिर उस दुस्त्यज धर्मनिष्ठाके त्यागके लिये दुस्त्यज ब्रह्मनिष्ठा या भगवदनुरागकी अपेक्षा होती है। श्रीव्रजांगनाओंका श्रीकृष्णप्रेम दुस्त्यज था। सर्वत्यागका मूल यही था, परंतु इसके त्यागका कोई भी और कहीं भी साधन ही नहीं था। जैसे योगी- मुनि विषयोंसे मनको हटाकर श्रीकृष्णमें लगाना चाहते हैं, वैसे ही व्रजांगनाएँ श्रीकृष्णसे मन हटाना चाहती हैं। जैसे ग्रह-गृहीतात्मा ग्रहसे अपनेको मुक्त करना चाहता है, वैसे ही कृष्णग्रहगृहीतात्मा व्रजांगनाएँ श्रीकृष्णसे अपने-आपको मुक्त करना चाहती हैं। जैसे मुमुक्षु विषयोंमें दोषानुसन्धान करते हैं, वैसे ही वे श्रीकृष्णमें दोषानुसन्धान करती हैं। दोषानुसन्धान करनेपर भी गोपांगनाएँ मनमोहन श्रीकृष्णको भूल नहीं पातीं मृगयुरिव कपीन्द्रं विव्यधे लुब्धधर्मा स्त्रियमकृत विरूपां स्त्रीजितः कामयानाम्। बलिमपि बलिमत्त्वावेष्टयद् ध्वाङ्क्षवद् य- स्तदलमसितसख्यैर्दुस्त्यजस्तत्कथार्थः ॥ (श्रीमद्भा० १०।४७।१७) हे सखि! श्रीकृष्ण अन्यान्य जन्मोंके भी कपटी

ही हैं, इन्होंने सीताके प्रेमार्थ रामावतारमें व्याधकी तरह छिपकर कपीन्द्र बालीको मारा। कामानुरागिणी शूर्पणखाका नाक-कान काटकर विरूप कर दिया। वामनावतारमें राजा बलिकी पूजा ग्रहणकर उन्हें बाँधकर पाताल भेज दिया। जैसे काक जिस पत्रावली (पत्तल)-में खाता है, उसीमें छिद्र कर देता है, सखि! इनकी भी वही स्थिति है। सखि! जैसे श्यामल पीतपंख मधुरभाषी बिम्बोष्ठ भ्रमर सरस पुष्पोंके परागोंका रसास्वादन करके फिर उसे त्याग देता है, वैसे ही पीतपटधारी बिम्बाधरोष्ठ मधुरालापी श्यामसुन्दरने भी यावत्प्रयोजन प्रेम करके हमलोगोंको त्याग दिया है। हे सखि! असितों (कालों)-का संग कदापि नहीं करना चाहिये। लो, हम भी महेन्द्रमणिकी मालाओं, चूड़ियों, मृगमद एवं नीलाम्बरका त्याग करेंगी। केशोंकी भी श्यामलता मिटानेके लिये उनपर धूलि धारण करेंगी, परंतु सखि! इतना दोषानुसन्धान करनेपर भी मनमोहन श्रीकृष्णकी वह मधुर मूर्ति एक क्षणके लिये भूलती नहीं। उनकी लीलाएँ, हास-विलास और क्रीड़ाएँ विस्मृत नहीं होतीं। एक बार एक गोपांगना, श्रीकृष्णप्रेममें मूर्च्छित थी। एक सखी इत्र, गुलाब-जल और व्यजनसे उपचार कर रही थी कि इतनेहीमें एक तीसरी सखी आकर कुछ श्रीकृष्णलीलाका गायन करने लगी। श्रीकृष्ण नाम सुनते ही प्रथमने कहा— संत्यज सखि तदुदन्तं यदि सुखलवमपि समीहसे सख्याः । स्मारय किमपि तदितरद् विस्मारय हन्त मोहनं मनसः ॥ 'हे सखि! यदि इसको तू थोड़ी-सी भी शान्ति लेने देना चाहती है तो श्रीकृष्णका उदन्त (कथा) मत चला। किसी दूसरी वस्तुका स्मरण करा। सखि! उस मनमोहन श्यामसुन्दरको किसी तरह भुला दे।' अहो! योगीन्द्रगण बाह्य विषयोंसे मनको प्रत्यावर्तित करके जिन श्रीकृष्णमें लगाना चाहते हैं, यह बाला उन्हीं श्रीकृष्णसे मन हटाकर विषयोंमें लगाना चाहती है। योगीन्द्रगण एक क्षणके लिये अपने मनमें जिसकी स्फूर्ति चाहते हैं, यह मुग्धा उन्हीं श्रीकृष्णचन्द्र परमानन्दकन्दको अपने मनसे निकालना चाहती है। प्रत्याहृत्य मुनिः क्षणं विषयतो यस्मिन्मनो धित्सति । बालाऽसौ विषयेषु धित्सति मनः प्रत्याहरन्ती ततः ॥ यस्य स्फूर्तिलवाय हन्त हृदयं योगी समुत्कण्ठते । मुग्धेयं किल पश्य तस्य हृदयान्निष्कान्तिमाकाङ्क्षति ॥ जो ब्रह्मनिष्ठा औरोंको दुष्प्राप्य है, वही इनके लिये दुस्त्याज्य है। अन्यान्य दुस्त्यजोंका भी त्याग हो सकता है, परंतु यह अन्तिम दुस्त्यज है। श्रीभगवान्‌से अधिक माधुर्य कहाँ सम्भव है कि जिससे उसका त्याग सम्भव होगा? जैसे लोकैषणा, पुत्रैषणा और वित्तैषणा-विनिर्मुक्त ब्रह्मनिष्ठ सर्वकर्मसंन्यासीका कर्मत्याग भूषण है, दूषण नहीं है, वैसे ही श्रीकृष्ण- प्रेमोन्मादमें लोक-वेदातीत श्रीव्रजांगनाओंका लज्जा एवं आर्यधर्मत्याग भूषण ही है, दूषण नहीं है। जैसे मुख्य पतिकी प्राप्तिमें पतिकी प्रतिमाके पूजनका त्याग, किंवा मुख्य विष्णुकी प्राप्तिमें विष्णु-प्रतिमाका पूजनत्याग दोष नहीं है, वैसे ही परमाराध्य परम पति भगवान् श्रीकृष्णकी प्राप्तिमें व्रजांगनाओंका आर्यधर्मत्याग भूषण ही है। कर्म और उपासनाओंसे मलविक्षेपकी निवृत्ति- द्वारा ज्ञानसे ब्रह्मका स्फुरण होता है। ब्रह्मस्फुरण होनेपर फिर सर्वचेष्टाओंसे विवर्जित होकर ब्रह्मनिष्ठा ही सम्पादन करनी होती है। उस समय कर्म और उपासना किसी प्रकारका भी प्रयत्न उस निष्ठामें प्रतिबन्धक होनेसे त्याज्य ही है। इसीलिये कहा है— 'आत्मसंस्थं मनः कृत्वा न किञ्चिदपि चिन्तयेत् ॥' (गीता ६।२५) भगवान्‌के अनुभव और सेवनमें जिसका जबतक उपयोग है, वह तबतक ही ग्राह्य है। जब वही भगवदनुभवका प्रतिबन्धक हो, तब तो वह निःसंकोच रूपसे त्याज्य है। भगवत्प्राप्त्यर्थ या धर्म और राष्ट्र आदिके रक्षार्थ प्राणत्याग 'त्याग' है और पर स्त्री, पर धनके लिये प्राणत्याग भी 'त्याग' है, परंतु एककी पुण्यरूपता तथा दूसरेकी पापरूपता स्पष्ट ही है, यथा—

चीरहरण १५५ तजिये ताहि कोटि बैरी सम, जद्यपि परम सनेही॥ x अंजन कहा आँख जेहि फूटै, बहुतक कहौं कहाँ लौं॥ x जासों होय सनेह राम-पद, एतो मतो हमारो॥ (विनय-पत्रिका १७४) सो सुखु करमु धरमु जरि जाऊ। जहँ न राम पद पंकज भाऊ॥ जोगु कुजोगु ग्यानु अग्यानू। जहँ नहिं राम पेम परधानू॥ (रा०च०मा० २।२९१।१-२) सारांश यही कि पति-शुश्रूषा, पतिव्रत और लज्जा आदि सभी आर्यधर्मोंका परम फल यही है कि समस्त प्राणियोंके निरतिशय, निरूपाधिक, परमप्रेमास्पद सर्वाराध्य और सर्वपति भगवान् श्रीकृष्णकी प्राप्ति हो। जबतक जो इसके अनुकूल है, तबतक ही वह आदरणीय है, परंतु जब वही उस चरमध्येयकी प्राप्तिमें प्रतिबन्धक होने लगा, तब तो उसका त्याग ही श्रेष्ठ है— 'बलि गुरु तज्यो कंत ब्रज-बनितन्हि, भये मुद-मंगलकारी॥' (विनय-पत्रिका १७४) सर्वव्यवधानशून्य निरावरण हुए बिना जीवकी कृतकृत्यता नहीं होती अतः श्रीनन्दव्रजकुमारिकाएँ भी श्रीकृष्णप्रेमके विपरीत लज्जा त्यागकर श्रीकृष्णके सामने निकल आयीं। उन्होंने परस्पर विचार किया कि 'हे सखि! श्रीकृष्ण-सम्मिलनकी आशा ऐसी दुश्छेद्य है कि मरणजन्य पीड़ासे भी शतगुणित अधिक लज्जात्यागके कष्टको सहकर भी प्राण-वियोग नहीं होने देती। सखि! प्रियतम हठीले हैं। ये अपने हठको नहीं छोड़ेंगे। इतनेहीमें यदि कोई आ जायगा तो हम सब और बिडम्बनाम्बुधिमें निमग्न हो जायँगी। अतः प्रियतमके हठको रखो, लज्जाको तिलांजलि दो, सखि आँख मूँदकर सर्वतः प्राप्त गाढ़ान्धकारसे ही अपने अंगोंको छिपाकर श्रीकृष्णके सामने चलो।' यह विचारकर वे अंगोंको हाथोंसे ढँककर श्रीकृष्णके सम्मुख आयीं। श्रीकृष्ण भी उनकी दृढ़ भक्ति, दिव्यत्यागको देखकर उनके शुद्ध भावसे प्रसन्न हो उठे और सोचा कि अहो! इन्होंने दुष्कर त्याग किया और-तो-और कुलांगनाजनोंके स्वभावसिद्ध दुस्त्यज लज्जाको भी इन्होंने तृणके समान त्याग दिया। अच्छा, अब इनकी एक परीक्षा और लेनी चाहिये। यदि ये उसमें उत्तीर्ण हो गयीं, तब तो उनके वस्त्र ही नहीं, वस्त्रोंके साथ अपने-आपको भी समर्पित करना होगा। बस, यह ठानकर श्रीकृष्ण बोले— 'स्कन्धे निधाय वासांसि प्रीतः प्रोवाच सस्मितम् ॥' (श्रीमद्भा० १०।२२।१८) उनके वस्त्रोंको अपने स्कन्धपर धारण करके (उनके अधोवस्त्रोंको अपने उत्तमांगपर धारण करके भक्तवश्यता दिखलायी) बोले—'आपलोगोंने जो विवस्त्र होकर जलमें स्नान किया, इससे देवताका अपमान हुआ, आपलोगोंका व्रत खण्डित हो जायगा। हन्त! आपलोगोंने कितना कष्ट करके व्रत किया, फिर भी यदि वह भंग हो जाय तो कितनी विडम्बनाकी बात है। अस्तु, अब आपलोग उस अपराधकी शान्तिके लिये सिरपर अंजलि बाँधकर प्रणाम करके अपना अधोवस्त्र लें।' श्रीकृष्णकी ऐसी उक्ति सुनकर सरल स्वभावकी व्रजबालाओंने नग्न-स्नानसे व्रतभंग मानकर उसकी पूर्तिकी कामनासे श्रीकृष्णको प्रणाम किया। समस्त कर्मोंकी व्यंगताको दूर करनेवाले श्रीकृष्ण हैं। यस्य स्मृत्या च नामोक्त्या तपोयज्ञक्रियादिषु। न्यूनं सम्पूर्णतां याति सद्यो वन्दे तमच्युतम्॥ जिसके स्मरण तथा नामोच्चारणसे तप और यज्ञक्रियादिकी न्यूनता मिटकर उनकी पूर्ति हो जाती है, उन अच्युत भगवान्‌की वन्दना अवश्य ही कर्मोंकी व्यंगताको मिटा देती है। यहाँ भी स्पष्ट है कि शुद्धभावसे किये गये श्रीकृष्ण-प्राप्त्यर्थ व्रतकी व्यंगतावारणार्थ ही व्रजांगनाओंने श्रीकृष्णकी आज्ञा मानी। महा-महात्यागकर और कठोरातिकठोर कष्ट सहन करके भी व्रजकुमारिकाएँ अपने व्रतकी सांगता चाहती हैं।

जब श्रीकृष्णने अंजलि-बन्धनके लिये कहा तो व्रजांगनाओंने नीचे ही अंजलि-बन्धन किया। श्रीकृष्णने कहा कि मूर्धापर अंजलि बन्धन ही प्रणाम है। जब उन्होंने एक हाथसे आच्छादनीय अंगको आच्छादित करके एक हाथद्वारा सिरसे प्रणाम किया, तब भी श्रीकृष्णने कहा—एक हाथका प्रणाम भी अशास्त्रीय है। फिर उन्होंने निश्चल एवं निष्कपट भावसे श्रीकृष्णको सर्वान्तरात्मा और सर्वेश्वर समझकर व्रतपूर्त्यर्थ प्रणाम किया। वस्तुतः जीव भगवान्‌के सन्मुख निरावरण एवं निष्कपट होनेमें अनेक तरहसे आनाकानी करता है, परंतु जब भगवान् जिसपर अनुकम्पा करते हैं, तब किसी-न-किसी तरह उसे अपने सामने कर ही लेते हैं। यह प्रभुकी विचित्र लीला है, बड़े-बड़े मुनीन्द्रगण इसलिये लालायित रहते हैं कि प्रभु मुझे अपने सन्मुख करें, उनमें मेरा मन आसक्त हो, परंतु जिसपर प्रभुकी कृपा होती है, उसकी चाहे इच्छा न हो तो भी उसके शतधा आनाकानी करनेपर भी भगवान् उसको खींच लेते हैं। तभी प्रेमी लोगोंने कृष्णावेशको ग्राहावेश कहा है। बलिने भी कहा है कि 'नाथ! आप हम सबके परोक्ष गुरु हैं, हमलोगोंकी इच्छा न होनेपर भी बलात् सन्मुख कर लेते हैं; क्योंकि बिना सर्वव्यवधानशून्य निरावरण हुए जीवकी कृतकृत्यता नहीं होती।' परमानन्दरसामृतसिन्धु भगवान्‌की तरंगस्थानीया उनकी चिदानन्दमयी शक्तियाँ ही जीव हैं। वही भगवान्‌की अन्तरंगा एवं परा प्रकृति या शक्ति पदसे कही जाती हैं। 'प्रकृतिं विद्धि मे पराम्।', 'जीवभूतां महाबाहो ययेदं धार्यते जगत्॥' (गीता ७।५) जब तरंगके भीतर-बाहर-मध्यमें या अंश-अंशमें जल भरपूर रहता है, तब महासमुद्रमें तरंगका क्या व्यवधान (परदा)? वैसे ही जब चिदानन्दमयी जीव- शक्तियोंके अन्तर-बाह्य सर्वत्र परमानन्दरसामृतमूर्ति श्रीभगवान् व्याप्त हैं, तब उन भगवान्‌से जीवका क्या छिपाव? विश्वके स्थूल, सूक्ष्म और कारण त्रिविध शरीरोंकी समस्त हलचलोंका जो कारण एवं भासक साक्षी है, उससे क्या छिप सकता है? प्राणियोंके मन, बुद्धि और अहंकारकी सभी सद्भावनाओं और दुर्भावनाओंका जो साक्षी है, पिपीलिकाओंकी भी समस्त मनोवृत्तियोंका जो सर्वथा ज्ञाता है, उससे क्या छिपाव? फिर भी अनादि अनिर्वचनीय मोहिनी शक्तिके प्रभावसे मोहित वे शक्तियाँ भगवान्‌से अपने अंगोंको आवृत रखना चाहती हैं और उनसे लज्जा करती हैं। वे ही व्रजांगना हैं और सर्वान्तरात्मा सर्वसाक्षी ही श्रीकृष्ण हैं। 'चैतन्याभासोपेतबुद्धिवृत्तियाँ' भी व्रजांगना कही जा सकती हैं। उनके प्रकाश साक्षी श्रीकृष्ण हैं। यद्यपि साक्षीकी अन्तरंगता न समझनेसे उनसे छिपनेकी चेष्टा होती है। साभास मनोमयी वृत्तिरूपा श्रुतियाँ भी व्रजांगना हैं, उनका तात्पर्य या हृदय जिस परम तत्त्वमें निहित है, उन परमानन्दरसामृतमूर्ति भगवान्‌से उनका क्या अन्तर? जैसे जलमें शीतलता, अमृतमें मधुरता वैसे ही श्रीकृष्णचन्द्रमें श्रीवृषभानुनन्दिनी राधिका हैं। परमानन्दरसामृतमूर्ति श्रीकृष्णचन्द्रकी माधुर्याधिष्ठात्री महालक्ष्मी ही श्रीराधा हैं। वेदान्तियोंने गुण-गुणीका तादात्म्य माना है। अतएव गन्धात्मिका ही पृथिवी है। कर्पूर और उसकी गन्धका तादात्म्य स्पष्ट ही है। इस दृष्टिसे अमृत और उसके माधुर्यका परमानन्दरसामृतसिन्धु और उसकी माधुर्याधिष्ठात्री महाशक्तिका अभेद ही है। तभी भावुकोंने श्रीकृष्णहृदयवर्ती महाभावस्वरूपा श्रीराधाको और उनके हृदयवर्ती मूर्तिमान् शृंगारस्वरूप श्रीकृष्णको माना है। अतएव महाभावपरिवेष्टित मूर्तिमान् शृंगार- रसके ही रूपमें भावुकजन राधाकृष्णका दर्शन करते हैं। श्रीकृष्णांगवर्ती पीताम्बर एवं विविध भूषण श्रीराधा और व्रजदेवियाँ ही हैं (श्रीराधाके अंगमें कस्तूरिका, महेन्द्र नीलमणि, हार एवं नीलाम्बररूपमें श्रीकृष्ण ही हैं)। श्रवसोः कुवलयमक्षणोरञ्जनमुरसो महेन्द्रमणिदाम। वृन्दावनतरुणीनां मण्डनमखिलं हरिर्जयति॥ वृन्दावनतरुणी व्रजदेवियोंके कानोंमें कुवलय

(कमलविशेष), नेत्रोंमें अंजन, उर (हृदय)-में महेन्द्र नीलमणिकी माला, किं बहुना समस्त मण्डन (भूषणालंकार) श्रीकृष्ण ही हैं। इस तरह विचार करनेपर सभी प्राणियोंके निरतिशय निरुपाधिक परप्रेमके आस्पद प्रत्यक्चैतन्याभिन्न भगवान्‌से छिपावकी बात ही नहीं बनती। मोटी दृष्टिसे देखें तो भी चाहे कितनी भी असूर्यमपश्या साध्वी सती पतिव्रता क्यों न हो, परंतु क्या वह अपने अंगोंको वायुसे असंस्पृष्ट रख सकती है? जलसे क्या उसके गुह्यातिगुह्यका स्पर्श नहीं होता? तेज, वायु किंवा आकाशसे कौन स्त्री अपने अंगोंको अदृष्ट एवं असंस्पृष्ट रख सकती है? तस्मात् यही कहना होगा कि स्वपतिसे भिन्न अन्य पुरुषसे ही आवरण किया जाता है। जब यह स्थिति है, तब तो फिर आकाशका भी कारण अहंतत्त्व, उसका भी कारण महत्तत्त्व, महत्तत्त्वका कारण अव्यक्त तत्त्व और उसका भी कारण या अधिष्ठान सत्तत्त्व सबसे अन्तरंग है। फिर सर्वान्तरंग सर्वान्तरात्मा उस स्वप्रकाश सर्वभासक सत्तत्त्वसे व्यवहित, अदृष्ट कौन वस्तु हो सकती है? विश्वमें कोई भी अणु या परमाणु ऐसा नहीं, जो सत्ता और स्फूर्तिसे अनालिंगित हो, फिर व्रजांगना या कोई साध्वी स्त्री या कोई चिदानन्दमयी जीव शक्ति, किं बहुना कोई भी तत्त्व स्वप्रकाश सदानन्दघन श्रीकृष्णसे अनालिंगित असंयुक्त कैसे हो सकता है? जब कोई जल, तेज, वायु और आकाशसे भी अपने-आपको अस्पृष्ट नहीं रख सकता, तब वह उन सबके परम कारण अधिष्ठान या प्रकाशकसे कैसे अपनेको असंस्पृष्ट रख सकता है? भोक्ताके साथ भोग्यका तादात्म्य ही भोग है। 'सविता गोभी रसं भुङ्क्ते' सूर्य अपनी रश्मियोंसे रसका सम्भोग करते हैं। यहाँ भी रश्मिद्वारा रसकी सूर्यके साथ अभेदापत्ति ही भोग है। भोक्ता भोग्यका अपने साथ तादात्म्य कर लेता है। अनुकूल-प्रतिकूल विषयोंके एवं तज्जन्य सुख-दुःखोंके साक्षात्कारको ही भोग कहा जाता है। साक्षात्कार जड़ मन, बुद्धि और अहंकार आदिसे असम्भव है। अतः स्वप्रकाश चेतनसे ही समस्त विषयोंका साक्षात्कार या भोग सम्पन्न होता है। अतएव बौद्ध बोधसे भिन्न एक पौरुषेय बोध माननेकी अपेक्षा पड़ती है। जैसे जपाकुसुमादिद्वारा लोहित स्फटिकपर प्रतिबिम्बित पुरुषमें भी उसी लौहित्यका भान होता है, उसी तरह श्रोत्रादि इन्द्रियप्रत्युपस्थापित शब्द-स्पर्शादि विषयोंके आकारसे आकारित- वृत्तिमदन्तःकरणके आरोपित सम्बन्धसे चिदात्मामें भी विषयाकारता बन जाती है। जैसे जपाकुसुमोपाधिसे लोहित स्फटिक स्वप्रतिबिम्बित पुरुषमें भी अपने लौहित्य आकारका समर्पण कर देता है, वैसे ही इन्द्रियोंद्वारा विषयाकाराकारित वृत्तिमदन्तःकरण भी स्वप्रतिबिम्बित चैतन्यमें अपनी विषयाकारताका समर्पण करता है। बस, इस तरह असंगमें परम्परया विषय- सम्बन्ध, प्रकाशकता या भोक्तृता बनती है। सभी विषयोंका मुख्य भोक्तृत्व चिदात्मामें ही बनता है तथा सभी कान्तास्पर्शादि सुखका भी मुख्यभोक्ता अन्तरात्मा श्रीकृष्ण ही हैं। इन्द्रिय, मन और बुद्धि आदि तथा समष्टि मनका अभिमानी चन्द्रमा—सभी भोगोंके साधन हैं। इतनेपर भी सर्वदर्शन, सर्वस्पर्शमें साधक बनकर भी वे व्यष्टि-अभिमानशून्य होनेसे अप्रत्यवायी हैं। उसी तरह समष्टिके अन्तरात्मा भगवान् श्रीकृष्ण सर्वभोक्ता होनेपर भी अप्रत्यवायी ही हैं। जैसे सब मनोंका अभिमानी होनेसे चन्द्रके स्पर्शसे किसी भी साध्वीका पतिव्रत नहीं बिगड़ता, वैसे ही सर्वान्तरात्मा श्रीकृष्णका संस्पर्श किसीके भी पतिव्रतका व्यापादक नहीं है— गोपीनां तत्पतीनां च सर्वेषामेव देहिनाम्। योऽन्तश्चरति सोऽध्यक्षः क्रीडनेनेह देहभाक् ॥ ( श्रीमद्भा० १०।३३।३६) जो गोपियों और उनके पतियों एवं सभीका अन्तरात्मा है, वह सर्वाध्यक्ष सर्वथा निर्लेप एवं निर्दोष ही रहता है। भोक्तासे भोग्यके अत्यन्त अव्यवधानको भोग

१५८ भक्तिसुधा कहा गया है। चिदात्मा भोक्ताका विषयोंके साथ इन्द्रिय, मन और बुद्धिके द्वारा अव्यवधान होता है। भगवान्‌की चिदानन्दमयी जीवशक्तियोंका उनके साथ स्वाभाविक आत्यन्तिक अव्यवधान है। भ्रमर पुष्प- परागका रसास्वादन करता है, परंतु यह सम्बन्ध या अव्यवधान कृत्रिम है। हाँ, यदि पुष्पमें ही अपने सौगन्ध्य या परागरसास्वादनकी शक्ति हो, तब ही पूर्ण भोग या रसास्वादन बन सकता है, परंतु यहाँ तो परमानन्दरसामृतमूर्ति भगवान् श्रीकृष्ण ही अपने माधुर्य (माधुर्याधिष्ठात्री श्रीवृषभानुकिशोरी)-का आस्वादन करते हैं। सभी जीव भगवान्‌के परतन्त्र होते हैं श्रीराधाकी अंशभूत या चिदानन्दमयी जीव- शक्तियोंका तादात्म्येन सम्मिलन, सम्भोग आदि सम्पन्न होता है। जैसे महासमुद्रमें तरंगें होती हैं, वैसे ही भगवान्‌में जीवोंका भाव है। अतएव जैसे एक तरंगका सम्बन्ध दूसरे तरंगसे होता है, उसी तरह एक जीवका सम्बन्ध दूसरे जीवोंसे होता है। यह सम्बन्ध आगन्तुक और स्थायी होता है, परंतु तरंगका महासमुद्रके साथ सम्बन्ध स्वाभाविक होता है, (जबतक तरंग है, तबतक उसके साथ समुद्रका सम्बन्ध भी अनिवार्य है) वैसे ही जीवका भगवान्‌के साथ सम्बन्ध ही अकृत्रिम एवं स्वाभाविक है। इसीलिये भावुकोंका कहना है कि किसी भी स्त्रीके मुख्य पति भगवान् ही हैं। कोई भी जीव हो, उसके साथ जीवका सम्बन्ध अस्थायी ही है। सभी तरंग जैसे समुद्रके परतन्त्र होते हैं, वैसे ही सभी जीव भगवान्‌के परतन्त्र होते हैं। भगवान् ही सबके मुख्य पति हैं इस तरह पारतन्त्र्यरूप स्त्रीत्व सभी जीवोंमें है। जीवभाव मिटकर परमात्मभावप्राप्तिमें ही पूर्ण स्वातन्त्र्य एवं पुंस्त्व प्राप्त होता है तथा किसी भी स्त्रीका अखण्ड सौभाग्य एवं पातिव्रत्य तभी रह सकता है, जब वह अनन्त अखण्ड भगवान्‌को ही अपना पति बनाये। जीवोंका कर्मानुसार सम्बन्ध-विच्छेद होता ही है। अतः अखण्ड सम्बन्ध न रहनेसे सौभाग्य एवं पातिव्रत्य अखण्ड नहीं रह सकता। अतएव अनन्त, अखण्ड, नित्य, सहज-सम्बन्धी भगवान् ही सबके मुख्य पति हैं, उन्हींसे सम्बन्ध जोड़ना मुख्य है। दूसरे पति तो उसी मुख्य पतिकी प्रतिमा हैं, मुख्य परम पतिकी प्राप्तिमें प्रतिमाकी गौणता होना स्वाभाविक है। जैसे शालग्रामप्रतिमापूजन मुख्य-विष्णुप्राप्तिका साधन है, उसी तरह लौकिक पतिका पूजन मुख्य पति भगवान्‌की प्राप्तिका साधन है। तभी कन्यादानका संकल्प इस भावसे होता है कि 'विष्णुरूपाय वराय लक्ष्मीरूपामिमां कन्यामहं सम्प्रददे।' इसीलिये बड़ी श्रद्धासे साधनका आदर करना ही चाहिये। अज्ञानियोंकी दृष्टिसे व्यभिचारिणी, किंतु परम पतिव्रता व्रजांगनाओंकी मुख्य परम पति भगवान्‌में अद्भुत निष्ठा देखकर ही अरुन्धतीप्रभृति सतीवृन्द उनके लिये श्रद्धासे सिर झुका देती हैं। 'श्रद्धाराज्यदरुन्धतीमुखसतीवृन्देन वन्द्ये हि ताः।' किसी समय रासक्रीड़ा करते-करते श्रीकृष्ण लीलाविशेषार्थ किसी निकुंजमें छिप गये। जब अन्वेषण करती हुई व्रजांगनाएँ वहाँ पहुँचीं तो छिपनेके ही भावसे श्रीकृष्णने श्रीमन्नारायणका रूप धारण कर लिया, परंतु श्रीमन्नारायणके अद्भुत ऐश्वर्य- सौन्दर्य और माधुर्यपूर्ण रूपपर व्रजांगनाओंका आकर्षण नहीं हुआ। वे श्रद्धा-भक्तिसे भगवान्‌को प्रणामकर कहने लगीं- 'हे भगवन्! आप कृपाकर हमारे मनमोहन श्यामसुन्दर श्रीव्रजेन्द्रनन्दनसे हमको मिला दो।' कोई जीव चाहे कितना ही पतिव्रतधर्मसम्पन्न हो, किंतु ईश्वरीय ऐश्वर्य-माधुर्यमें उसका आकर्षण होना स्वाभाविक है, परंतु व्रजांगनाओंकी अद्भुत, अखण्ड, अनन्य निष्ठा सचमुच अरुन्धतीप्रभृति सतियोंके भी मनको चकित कर देती है। अस्तु, इस तरह अवनत व्रजांगनाओंको देखकर परम करुण भगवान्‌ने उनके शुद्ध भावसे प्रसन्न होकर उन्हें वस्त्र दे दिये। वस्त्रके साथ अद्भुत ब्राह्म संस्पर्श प्रदान किया या अपने-आपको ही समर्पण कर दिया। अहो! उनका कितना दृढ़ प्रलम्भ किया गया, उन्हें लज्जाविहीन किया गया, उन्हें क्रीड़नक (खिलौना)-सा बनाया

चीरहरण १५९ गया, उनका वस्त्र अपहरण किया गया, फिर भी उन्होंने श्रीकृष्णमें दोषबुद्धि नहीं की; किंतु वे प्रियतम मनमोहनके संगसे परम प्रसन्न हुईं। अपने वस्त्रोंको पहनकर प्रेष्ठ-संगमके लिये सज्जित होकर श्रीकृष्णाकर्षितचित्त होनेके कारण अचल और चित्रलिखित-सी रह गयीं। राग, तृष्णा, मोह आदि निन्द्यभाव भी भगवत्सम्बन्धसे अतिमूल्यवान् हो जाते हैं प्रथम तो व्रजांगनाओंसे त्यक्त होकर लज्जा श्रीकृष्णकी शरण गयी, अन्तमें श्रीकृष्णका बल पाकर, फिर वह नेत्रोंके ही मार्गसे श्रीव्रजांगनाओंमें आयी। कोई भी पदार्थ अहंता और ममतापूर्वक ही सेवन करनेसे बन्धक होता है, भगवान्‌में समर्पित कर देनेसे फिर वही भगवान्‌का प्रसाद होकर निर्गुण हो जाता है—'मत्प्रसादान्ते निर्गुणम्'। यहाँतक कि यद्यपि राग, तृष्णा, मोह आदि राजस-तामस भाव अत्यन्त त्याज्य एवं निन्द्य होते हैं, परंतु भगवान्‌के सम्बन्धसे उनका भी सर्वाधिक मूल्य हो जाता है— तावद् रागादयः स्तेनास्तावत् कारागृहं गृहम्। तावन्मोहोऽङ्‌घ्रिनिगडो यावत् कृष्ण न ते जनाः॥ (श्रीमद्भा० १०।१४।३६) रागादि तभीतक स्वरूप-सुखअपहारी होनेसे चोर हैं, गृह तभीतक कारागार है, मोह तभीतक सम्बन्धक है, जबतक प्राणी भगवान्‌का भक्त नहीं होता। श्रीकृष्णानुरागीको तो राग भी होगा तो श्रीकृष्णमें ही, मोह होगा तो श्रीकृष्णमें ही, भक्तका गृह भी भगवदालय होनेसे निर्गुण ही है। विषयसे ही वैराग्य है, जैसे वैराग्यसे वैराग्य इष्ट नहीं है, वैसे ही ज्ञान-वैराग्यके भी फलभूत भगवान्‌से भी वैराग्य इष्ट नहीं है। इसीलिये सनकादि, शुकादि- जैसे अमलात्मा परमहंस महामुनीन्द्रगण सहस्रों ज्ञान- वैराग्योंका समर्पण करके भगवान्‌के श्रीचरणोंमें राग या तृष्णाकी प्रार्थना करते हैं— कामं भवः स्ववृजिनैर्निरयेषु नः स्ता- च्चेतोऽलिवद्यदि नु ते पदयो रमेत। वाचश्च नस्तुलसिवद्यदि तेऽङ्‌घ्रिशोभाः पूर्येत ते गुणगणैर्यदि कर्णरन्ध्रः॥ (श्रीमद्भा० ३।१५।४९) श्रीसनकादिका कहना है कि 'हे नाथ! यदि आपके श्रीचरणोंमें अलि (भौरे)-के समान मन आसक्त हो और आपके गुणगणोंसे यदि कर्णरन्ध्र निरन्तर पूरित होता रहे, तब तो भले ही अपने कर्मोंके अनुसार नरकोंमें जन्म हो तो भी कोई चिन्ता नहीं।' अतः भगवान्‌के सम्बन्धसे तृष्णा और रागका भी अद्भुत महत्त्व हो जाता है। भगवान्‌में मोह, भगवान्‌में राग, उनके सम्मिलनकी तृष्णा किसी परम सौभाग्यशालीको ही प्राप्त हो सकती है। किसी भावुकने कहा है— कृष्णाभावरसभाविता मतिः क्रीयतां यदि कुतोऽपि लभ्यते। तत्र मूल्यमपि लौल्यमेकलं जन्मकोटिसुकृतैर्नु लभ्यते॥ श्रीकृष्णप्रेमरसभक्तिभावित मति दुर्लभ है। यदि वह मिल सके तो उसे खरीदना ही जीवनका साफल्य है, परंतु उसका मूल्य भी केवल लौल्य (व्याकुलता) है। वह भी करोड़ों जन्मोंके संकल्पोंसे किसी सौभाग्यशालीको प्राप्त होता है। प्राणीको भगवान्‌की प्राप्तिमें अविद्या, लज्जा और अहंकार आदि ही व्यवधान हैं। अपनेको भगवान्‌से भिन्न समझकर उनसे अपनेको छिपाने और आवृत रखनेका प्रयास किया जाता है। वस्त्ररूप अविद्याके छिन जानेपर व्रजांगनाएँ अहंकार और लज्जासे अपनेको छिपाना चाहती थीं, परंतु सर्वव्यापक, सर्वप्रकाशक, सर्वसाक्षी, सर्वान्तरात्मा भगवान्‌ने यह भी अनुचित समझा और सर्वथा निरावरण, निश्छल होनेका अनुरोध किया। भगवान्‌के संकल्पसे व्रजांगनाओंने वैसा ही किया। अत्यन्त निरावरण होकर शुद्धभावसे दोनों हाथोंसे मूर्धाञ्जलिबन्धनपुरःसर प्रणाम किया। भगवान्‌ने शुद्धभावसे प्रसन्न होकर अपना प्रसाद करके लज्जा आदि सभी आवरणोंको लौटा दिया, परंतु अब वे सब भगवत्प्रसाद

१६० भक्तिसुधा हो गये। जीवके लिये मोहिनी अविद्या भी भगवत्प्रसाद होकर वैष्णवी माया हो जाती है। भगवल्लीलामें उपयोगी भेदका समर्थक होनेसे भक्तोंमें भगवान् वैष्णवी मायाका संचार करते हैं। जब श्रीनन्दरानीको अपने ललन श्रीकृष्णके मुखमें निखिल विश्व देखकर यह बोध हुआ कि 'अरे! ये तो पूर्ण परब्रह्म परमात्मा हैं, मैं तो मोहमें इन्हें पुत्र मान रही हूँ', बस, वहीं भगवान्ने देखा कि यह ऐश्वर्य-ज्ञान तो लीलामें बाधक होगा। वात्सल्यभावका माधुर्य विलक्षण है। ऐश्वर्यका बोध रहनेसे प्रत्येक प्रवृत्तिमें भय और संकोच रहेगा। निःसंकोच, निर्भर, ममत्वपुरःसर वात्सल्य रसमें ऐश्वर्य बाधक ही होगा। अतएव 'व्यतनोद्वैष्णवीं मायां पुत्रस्नेहमयीं विभुः।' उस पुत्रस्नेहमयी वैष्णवी मायाका विस्तार किया, जिससे शुद्ध वात्सल्यरसकी वृद्धि हो। पहले तो भगवान् भजनेवालोंको भक्ति दे देते हैं, मुक्ति नहीं देते हैं; क्योंकि मुक्तिमें तो भक्त भगवत्स्वरूप हो जाता है, परंतु भक्तिमें तो भगवान्को अपने वशमें कर लेता है। भक्तिकी ही महिमासे भगवान् यशोदाकी छड़ीसे एवं उलूखल-बन्धनसे भयभीत होकर रोते हैं। 'माँ मैंने मिट्टी नहीं खायी' ऐसा झूठ भी बोलते हैं- 'अस्त्वेवमङ्ग भगवान् भजतां मुकुन्दो मुक्तिं ददाति कर्हिचित्स्म न भक्तियोगम्।' तथापि जब भगवान् भक्ति दे देते हैं, तब फिर अपनी लीलामें बाधा नहीं डालना चाहते। ऐश्वर्य- बोध होनेपर वैष्णवी मायासे पुनः उसे छिपाकर लीला-सुखका आस्वादन करते और कराते हैं। गोप्याददे त्वयि कृतागसि दाम तावद् या ते दशाश्रुकलिलाञ्जनसम्भ्रमाक्षम्। वक्त्रं निनीय भयभावनया स्थितस्य सा मां विमोहयति भीरपि यद्विभेति॥ (श्रीमद्भा० १।८।३१) माधुर्याधिष्ठात्री महाशक्तिकी यही तो महिमा है कि यहाँ ऐश्वर्य छिप जाता है, यहाँ स्वतन्त्र भगवान् भी भक्त-परतन्त्र होते हैं। परम निर्भय कालके भी कालरूप भगवान् भी भयभीत होते हैं। अनन्त जीवोंको मुक्ति देनेवाले भगवान् भी प्रणयपाशमें बँध जाते हैं, यहाँ पूज्यता और समाधि अनादरणीय होती है, सेतुधारक ही यहाँ भिन्न सेतु हो जाता है। वस्तुतः प्रकृति, प्राकृत प्रपंचके विधि-निषेधोंका प्रपंचातीत रसमय भगवान्में न होना स्वाभाविक ही है, फिर भी जिन्हें स्वाभाविक काम, कर्म, ज्ञानरूप मृत्युसे तरना है, उनके लिये तो भगवान्का मर्यादामय, सेतुधारक स्वरूप ही अपेक्षित है। जैसे भगवदवतारभूत नर-नारायण एवं ऋषभदेवके चरित्र ब्रह्मचारियों, गृहस्थोंके अनुकरणीय हैं, वैसे ही संसारतितीर्षुके लिये श्रीकृष्णचरित्र भी अनुकरणीय है। यह तो केवल चिन्तनसे पापनाशक है। अद्वैतसे सुन्दर द्वैत इसीलिये भावुकगण तत्त्वबोधके अनन्तर भी भक्तिके लिये द्वैत प्रतीतिको स्वीकार करते हैं। अतः पूर्ण निरावरण होकर रसमय आवरण भगवान् और भक्त दोनोंको अभीष्ट होता है- द्वैतं मोहाय बोधात्प्राक् जाते बोधे मनीषया। भक्त्यर्थं कल्पितं द्वैतमद्वैतादपि सुन्दरम्॥ निरावरणरूपसे प्रत्यक् चैतन्याभिन्न परब्रह्मके साक्षात्कारके पहले द्वैत केवल मोहके ही लिये है, परंतु भक्तिके लिये भावित द्वैत तो अद्वैतसे भी सुन्दर है। पारमार्थिकमद्वैतं द्वैतं भजनहेतवे। तादृशी यदि भक्तिः स्यात् सा तु मुक्तिशताधिका॥ पारमार्थिक अद्वैत और भजनके लिये द्वैत, बस इस तरहकी जो भक्ति है, वह तो सैकड़ों मुक्तियोंसे श्रेष्ठ है। इस तरह प्रेमतत्त्वज्ञ भगवान्के साथ आत्माका अभेद जानकर भी आहार्य भेदभावसे भगवान्को भजता है-

चीरहरण १६१ प्रियतमहृदये वा खेलतु प्रेमरीत्या पदयुगपरिचर्यां प्रेयसी वा विधत्ताम्। विहरतु विदितार्थो निर्विकल्पे समाधौ ननु भजनविधौ वा तुल्यमेतद्द्वयं स्यात्॥ प्रियतमा चाहे प्रेमोद्रेकमें अपने प्रियतमके वक्षःस्थलपर क्रीड़ा करे, चाहे सावधानीसे प्रियतमके पाद-पद्मकी सपर्या (सेवा) करे, उसके लिये सभी ठीक है। वैसे ही तत्त्वनिष्ठ चाहे अभेदभावसे समाधिमें निरत रहे, चाहे भेदभावसे भजनभावमें निरत रहे, उसके लिये दोनों ही शोभा देते हैं। फिर भी रसिकोंका कहना है— विश्वेश्वरोऽपि सुधिया गलितेऽपि भेदे भावेन भक्तिसहितेन समर्चनीयः। प्राणेश्वरश्चतुरया मिलितेऽपि चित्ते चैलाञ्चलव्यवहितेन निरीक्षणीयः॥ भगवान्‌के साथ भक्तका भेदभाव मिट जानेपर भी सुधीजनोंको भेदभावसे ही व्यवहारमें भगवान

१६२ भक्तिसुधा

श्रीकृष्ण आत्मरति हैं, अतः जबतक व्रजांगना रसात्मक श्रीकृष्णमय न हो जायँ, तबतक वे श्रीकृष्णरमणार्ह नहीं हो सकतीं, श्रीकृष्णांगसंस्पृष्ट वस्त्रोंके संसर्गसे व्रजांगनाओंके प्राकृतभावकी निवृत्ति एवं श्रीकृष्णभावकी प्राप्ति होती है। जैसे अभिव्यक्त अग्निके सम्बन्धसे अनभिव्यक्त अग्निवाले काष्ठमें भी अग्निकी व्यक्ति हो जाती है। अग्नि सर्वत्र व्यापक है, केवल प्राकट्यकी ही विशेषता होती है, उसी भाँति 'रसो वै सः', 'सर्वं खल्विदं ब्रह्म' इत्यादि श्रुतिवचनोंके आधारपर यह प्रसिद्ध है कि रसात्मक ब्रह्मस्वरूप ही सब कुछ है। केवल अनाद्यनिर्वचनीयाविद्यामय नामरूपोंद्वारा वह तत्त्व आवृत रहता है। निरावरण रसात्मक ब्रह्म श्रीकृष्णके सम्बन्धसे सभी वस्तुएँ निरावरण रसात्मक श्रीकृष्णमय हो जाती हैं। बस, इस तरह श्रीकृष्णके स्पर्शसे व्रजांगनाओंके वस्त्र नियवरणस्वरूप हो गये, फिर उनके धारणसे व्रजांगनाओंमें भी रसात्मकता आ गयी। लोकमें भी प्रियसंसृष्ट पुष्पमाला, वस्त्र आदिको प्रेमी बड़े अनुरागसे हृदय एवं नयनोंमें लगाते हैं। श्रीकृष्ण-संसृष्ट वस्त्रको धारणकर व्रजांगनाएँ रसाक्रान्त हो उठीं। श्रीकृष्णबल पाकर लज्जा नेत्रोंद्वारा पुनः उनमें प्रविष्ट हुई। श्रीकृष्णने वस्त्र और अपने- आपको तो दे दिया, परंतु उनके मनको चुरा लिया। अतः प्रेष्ठ-संगमके लिये लालायित होकर वे व्रज न जा सकीं। परमानन्द रसात्मक श्रीकृष्णके सम्मिलन, संस्पर्श, सम्भोग तादात्म्यापत्तिके लिये जो न लालायित हो, उसका जीवन सचमुच व्यर्थ है। अस्तु, श्रीकृष्णने उन व्रजकुमारिकाओंके संकल्पको जान लिया कि इन्होंने मेरे ही पादस्पर्शकी कामनासे यह व्रत धारण किया है, फिर तो श्रीकृष्ण भक्त-परतन्त्र होकर गोपीकी प्रेम-रज्जुसे बँधकर दामोदर हो गये। प्रेम- पाशगृहीत होकर बोले—साध्वियो! आपलोगोंके संकल्पको मैंने जान लिया और मैंने उसका अनुमोदन किया, वह सफल होनेयोग्य है। मुझमें जिनके मन और बुद्धि निविष्ट हैं, उनकी कामनाएँ कामना न होकर केवल रसरूप ही होती हैं। जैसे भर्जित एवं क्वथित धानसे अंकुरकी उत्पत्ति नहीं होती, वैसे ही मद्विषयक काम संसारका हेतु नहीं बनता। हाँ! जैसे भर्जित वा क्वथित बीज विशिष्ट स्वादयुक्त होनेसे आस्वादनीय होता है, वैसे ही मद्विषयक काम रसात्मक होनेसे रसिकोंके लिये आस्वादनीय होता है। अस्तु, अब आपलोग व्रज जायें। जिस उद्देश्यसे आपलोगोंने आर्याकी अर्चना की है, वह इन रात्रियोंमें सफल होगी। 'मयेमा रंस्यथ क्षपाः।' यद्यपि कहा जाता है कि उसी क्षण श्रीव्रजांगनाओंका मनोरथ पूर्ण करना चाहिये था, परंतु गम्भीरतासे विचार करें तो विदित होगा कि पूर्वकथनानुसार आत्मरति भगवान्‌का रमण आत्मामें ही होता है। अतः व्रजांगनाओंमें जबतक पूर्ण रसात्मकता न होगी, तबतक उनमें रमण असम्भव है। भगवत्सम्मिलनकी उत्कट उत्कण्ठा ही भक्ति है जबसे प्राणी भगवान्‌का अर्चन-स्मरण आरम्भ करता है, तभीसे प्राणीका प्राकृतभाव नष्ट होने लगता है और भगवत्स्वरूपभूत अप्राकृत रसात्मकता आ जाती है। व्रजकुमारिकाएँ युगोंसे श्रीकृष्णप्राप्तिके लिये तप, जप, ध्यान कर रही थीं। बहुत अंशोंमें उनका प्राकृतत्व नष्ट हो चुका था, अप्राकृत रसरूपता भी उनमें बहुत अंशोंमें आ गयी थी। तथापि अभी वह सब अपूर्ण ही था। भगवत्सम्मिलनकी उत्कट उत्कण्ठा और ध्यानमय सम्मिलन-परिरम्भणादिजन्य रसके आस्वादनसे रसमय देहेन्द्रिय, मन और बुद्धिकी पुष्टि होती है। वियोगजन्य दुःखके तीव्र तापसे देहेन्द्रिय, मन और बुद्धि आदिका दाह होता है, परंतु उत्कण्ठा और वियोग भी उस वस्तुमें नहीं होता, जिसका मिलना ही असम्भव है। अति सुलभ पदार्थमें भी उत्कण्ठा नहीं होती और अति दुर्लभमें भी असम्भव बुद्धिसे प्रीतिकी कमी होती है। जिन्हें साम्राज्य आदिका मिलना असम्भव

प्रतीत होता है, उनकी उधर उत्कण्ठा या प्रयत्न कुछ नहीं होता। एक दीन-हीन भिक्षुकीको सम्राट्का सम्मिलन असम्भव है, अतः उसे उसकी उत्कण्ठा भी नहीं होती। जीव भी अपनेको कर्ता, भोक्ता, सुखी, दुःखी और महापापी समझकर तथा भगवान्‌को अनन्त- ब्रह्माण्डनायक समझकर उनसे अपना मिलना असम्भव समझे तो न उसे सम्मिलनकी उत्कण्ठा होती है और न वह उत्कट प्रयत्न ही करता है। इसीलिये भगवत्सम्मिलनसे वंचित रहता है। भगवत्सम्मिलनकी उत्कट उत्कण्ठा ही भक्ति है। भक्ति हुई कि भगवान्‌का सम्मिलन हुआ। इसीलिये भगवती श्रुति भगवान्‌की चिदानन्द रसमयी जीव शक्तियोंको भगवत्सम्मिलनकी सुलभता दिखलाती है—‘द्वा सुपर्णा सयुजा सखाया समानं वृक्षं परिषस्वजाते।’ (श्वेताश्वत० ४।६) तुम दोनों सुपर्ण हो, तुम दोनोंका स्वाभाविक सख्य है, तुम दोनों सदा सम्बन्धित और एक ही स्थानमें रहते हो। तुम भगवान्‌के हो, भगवान् तुम्हारे हैं। भगवान् तुम्हारे सम्मिलनकी प्रतीक्षामें हैं। तुम श्रद्धा- भक्तिसे एक बार भगवान्‌के मंगलमय नामका उच्चारण करो, समस्त पाप-तापसे मुक्त होकर भगवत्प्राप्तिके योग्य हो जाओगे। इस तरह चिदानन्दमयी जीव-शक्तियोंको प्रभुमिलनकी सम्भावना, उत्कण्ठा, उत्सुकता होती है। जब कभी सुलभ समझकर असावधानी होने लगती है, तब ‘दूरात्सुदूरे’ कहकर उसकी दुर्लभता भी बतायी जाती है। जप, तप और देवाराधनादिद्वारा जीवशक्तिको शुद्ध जिज्ञासा तथा प्रेप्सा होती है। श्रीव्रजांगनाओंको भी कात्यायनीसमर्चनद्वारा वर प्राप्त करके भगवत्सम्मिलनकी सम्भावना और उत्कट उत्कण्ठा हुई, परंतु फिर भी अभी उत्सुकता और उत्कण्ठाकी अपेक्षा है। इसीलिये भगवान् अभी कुछ अवधिका निर्देश कर रहे हैं। परम बुभुक्षुके सन्मुख जिस समय मधुर मनोहर पक्वान्न उपस्थित हो और उसके सम्मिलनकी सम्भावना हो गयी हो तो फिर उत्सुकताका ठिकाना नहीं रहता। व्रजांगनाओंको श्रीकृष्णांगसंसृष्ट-वस्त्रद्वारा श्रीकृष्णांग-संस्पर्शका रसास्वाद होनेसे अधिकाधिक आकर्षण हुआ। किसी भी रसका जबतक अनुभव न हो, तबतक उधर आकर्षण नहीं होता। यही स्थिति ब्रह्मरसकी है। श्रीनारदजीको भी जब एक क्षणके लिये भगवत्स्वरूपके माधुर्यका अनुभव हुआ, तब उन्हें एक विचित्र लालसा हुई। ध्यायस्तच्चरणाम्भोजं भावनिर्जितचेतसा। औत्कण्ठ्याश्रुकलाक्षस्य हृद्यासीन्मे शनैर्हरिः॥ (श्रीमद्भा० १।६।१७) फिर अनेकशः प्रार्थना करनेपर भी भगवान्‌ने यही कहा कि—‘सकृद् यद् दर्शितं रूपमेतत्कामाय तेऽनघ।’ (श्रीमद्भा० १।६।२३) एक बार तुम्हें स्वरूप-माधुर्यका अनुभव कराया। यह केवल उत्कट कामनाके लिये। उत्कट कामनासे ही प्राणी समस्त पाप-तापोंको नष्ट कर देता है। इसीलिये भावुकोंने कहा है— न वै जनो जातु कथंचनाव्रजे- न्मुकुन्दसेव्यन्वयदङ्ग संसृतिम्। स्मरन्मुकुन्दाङ्घ्र्युपगूहनं पुन- र्विहातुमिच्छेन्न रसग्रहो यतः॥ (श्रीमद्भा० १।५।१९) मुकुन्दसेवी औरोंके समान कभी संसृतिमें नहीं पड़ता, किंतु वह मुकुन्दके श्रीचरणका उपगूहन (आलिंगन) करता हुआ, उसके सुस्पर्श सौगन्ध्यामृत रसका आस्वादन करता हुआ उसे कभी छोड़ना नहीं चाहता। अस्तु, श्रीव्रजांगनाओंको श्रीकृष्णके श्रीअंग एवं अमृतमय मुखचन्द्रिकाका दर्शन हुआ। उनके वचनामृत, हास-परिहासका आस्वादन हुआ एवं वस्त्रद्वारा परम्परया श्रीकृष्णांगका संस्पर्श भी हुआ, अतः सर्वात्मना श्रीकृष्णकी ओर उनका आकर्षण हुआ और वरप्राप्तिसे श्रीकृष्णका पूर्ण संस्पर्श हो सकेगा, यह भी सम्भव हो गया।